26 या 27 अगस्त कब से शुरू होगा गणेश उत्सव का पर्व

26 या 27 अगस्त कब से शुरू होगा गणेश उत्सव का पर्व
हर साल भाद्रपद महीने की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को भक्त गणेश उत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाते हैं। इस दौरान भक्त गणपति बप्पा को अपने घर लाते हैं। उनकी दस दिनों सेवा करते हैं। इस दौरान उनकी विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है।

पूरे देश में भगवान गणेश के पंडाल सजते हैं। भक्त भजन-कीर्तन करते हैं। श्रद्धा से गणेश जी की आराधना की जाती है।

इस साल कब है गणेश चतुर्थी?
पंचांग के अनुसार 2025 में भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी तिथि 26 अगस्त को दोपहर 01 बजकर 54 मिनट पर शुरू हो रही है। यह 27 अगस्त को सुबह 03 बजकर 44 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार गणेश चतुर्थी का पर्व 27 अगस्त 2025 बुधवार को मनाया जाएगा। इस दिन भक्त गणपति की मूर्ति को घर, कार्यालय या पंडाल में स्थापित कर उनकी पूजा अर्चना करते हैं।

मूर्ति स्थापना का शुभ मुहूर्त
गणेश पूजा और मूर्ति स्थापना के लिए 27 अगस्त को मध्याह्न काल का शुभ समय माना गया है। इस दिन पूजा का शुभ समय सुबह 11 बजकर 05 मिनट बजे से दोपहर 01 बजकर 40 मिनट बजे तक रहेगा। इस दौरान विधि-विधान से गणेश जी की प्रतिमा को स्थापित कर पूजा करना शुभ रहेगा।
कब होगा गणेश विसर्जन?

गणेश चतुर्थी के दस दिन बाद अनंत चतुर्दशी को गणेश विसर्जन किया जाता है। इस बार अनंत चतुर्दशी 6 सितंबर 2025 को शनिवार को पड़ रही है। इस दिन भक्त आंखों में आंसू के साथ ‘पुन्हा येनारे बाप्पा’ कहकर गणेश प्रतिमा का जल में विसर्जन करते हैं।

‘दल हित में मत भले न मिले, पर देश हित में मन जरूर मिले’ प्रधानमंत्री मोदी

‘दल हित में मत भले न मिले, पर देश हित में मन जरूर मिले’ प्रधानमंत्री मोदी
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन के बाहर मीडिया से बात की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की स्थिति से रू-बरू कराने के लिए दुनिया के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने वाले बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों की सराहना की। इन प्रतिनिधिमंडलों ने आतंकवादियों के आका पाकिस्तान को बेनकाब करने में अहम योगदान दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘देश ने एकता की ताकत देखी है। इसलिए सदन के सभी सांसदगण इसे ताकत दें, इसे आगे बढ़ाएं और मैं निश्चित तौर पर कहूंगा कि हर राजनीतिक दल का अपना एजेंडा होता है, अपनी भूमिका होती है, लेकिन मैं इस सच्चाई को स्वीकार करता हूं कि दल हित में मत भले न मिले, लेकिन देश हित में मन जरूर मिले…’

‘ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सैन्य शक्ति और क्षमता का प्रदर्शन’
इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि मानसून सत्र एक ‘विजय उत्सव’ है, क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सैन्य शक्ति और क्षमता का प्रदर्शन हुआ। पीएम मोदी ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल किया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत सशस्त्र बलों ने 22 मिनट के भीतर आतंकवाद के आकाओं को उनके घरों में घुसकर मारा, उनके ठिकानों को मलबे में तब्दील कर दिया।

‘मेड इन इंडिया रक्षा क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा’
उन्होंने कहा कि मैंने बिहार में पहलगाम आतंकी हमले के गुनहगारों को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी और हमारी सेना ने हमारी सैन्य शक्ति बहुत कम समय में ही साबित कर दी। दुनिया भी ‘मेड इन इंडिया’ की सैन्य क्षमता की ओर आकर्षित हुई है। पीएम मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि सत्र के दौरान सांसद एक स्वर में और विजयी भावना के साथ इन भावनाओं को व्यक्त करेंगे, जिससे भारत की सैन्य क्षमता मजबूत होगी, लोगों को प्रेरणा मिलेगी और मेड इन इंडिया रक्षा क्षमताओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की निर्णायक कार्रवाई की भी सराहना की
उन्होंने यह भी कहा कि पहलगाम में हुए क्रूर नरसंहार ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया। हमले ने आतंकवाद और उसकी जड़ों की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित किया। पीएम मोदी ने नक्सलवाद के खिलाफ अपनी सरकार की निर्णायक कार्रवाई की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि लाल गलियारे अब हरित विकास क्षेत्रों में बदल रहे हैं। देश शुरू से ही हिंसक घटनाओं से जूझ रहा है, चाहे वह आतंकवाद हो या नक्सलवाद। आज नक्सलवाद और माओवाद काफी कम हो रहे हैं। नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के उद्देश्य से सुरक्षा बल नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि देश के कई जिले नक्सलवाद की गिरफ्त से बाहर आ गए हैं। वे आजादी की सांस ले रहे हैं। हमारा संविधान जीत रहा है।’

मैनचेस्टर टेस्ट के दो दिन पहले भारत को दो बड़े झटके

मैनचेस्टर टेस्ट के दो दिन पहले भारत को दो बड़े झटके
भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा टेस्ट खेला जाना है। इससे दो दिन पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके लगे हैं। ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी पूरी सीरीज और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सिर्फ अगले टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को टीम से जोड़ा गया है।

बीसीसीआई ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया, ‘ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी बाएं घुटने की चोट के कारण बाकी दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं। नीतीश स्वदेश लौट जाएंगे और टीम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। अर्शदीप सिंह इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। बेकेनहैम में एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान नेट्स पर गेंदबाजी करते समय उनके बाएं अंगूठे में चोट लग गई थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है। पुरुष चयन समिति ने अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया है। कंबोज मैनचेस्टर में टीम से जुड़ गए हैं। चौथा टेस्ट 23 जुलाई, 2025 से शुरू होगा।’

चौथे टेस्ट के लिए भारत की अपडेटेड टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज।

अर्शदीप इस सीरीज में अभी तक नहीं एक भी मैच नहीं खेल सके हैं, जबकि नीतीश लॉर्ड्स और एजबेस्टन, दो टेस्ट में खेले थे। उनका प्रदर्शन गेंद से अच्छा रहा था, लेकिन बल्ले से वह जूझते दिखाई पड़े। इसके अलावा तेज गेंदबाज आकाश दीप भी ग्रोइन की चोट से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता पर भी संशय है, लेकिन बीसीसीआई की ओर से इस पर कोई बयान नहीं आया है।

अंशुल ने टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो मैचों में भारत ए के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने नॉर्थम्पटन और कैंटरबरी में चार पारियों में पांच विकेट लिए थे। उन्होंने पिछले साल केरल के खिलाफ लाहली में रणजी ट्रॉफी मैच में हरियाणा के लिये एक पारी के दस विकेट चटकाए थे। वह बंगाल के प्रेमांग्शु चटर्जी (1956-57) और राजस्थान के प्रदीप सोमासुंदरम (1985-86) के बाद यह कारनामा करने वाले तीसरे गेंदबाज बने थे। उन्होंने पिछले सत्र में छह रणजी मैचों में 34 विकेट लिए थे।

क्यों बरी किए गए मुंबई लोकल ट्रेन विस्फोट के आरोपी

क्यों बरी किए गए मुंबई लोकल ट्रेन विस्फोट के आरोपी
बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को 2006 के मुंबई ट्रेन विस्फोट मामले में 12 आरोपियों को निर्दोष करार देते हुए बरी कर दिया। बॉम्बे हाईकोर्ट ने मामले की जांच कर रहे महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की निष्क्रियता पर नाराजगी जाहिर की। कोर्ट ने साफतौर पर कहा कि भियोजन पक्ष मामले को साबित करने में पूरी तरह विफल रहा। इसलिए यह विश्वास करना कठिन है कि उन्होंने अपराध किया है।

जस्टिस अनिल किलोर और जस्टिस श्याम चांडक की पीठ ने कहा कि अभियोजन पक्ष अपराध में इस्तेमाल हुए बमों को रिकॉर्ड पर पेश नहीं कर सका। साथ ही जिन सबूतों के आधार पर आरोपियों पर आरोप लगाए गए हैं, उसके आधार पर उनको दोषी नहीं ठहराया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि गवाहों के बयान और आरोपियों से की गई कथित बरामदगी का कोई साक्ष्य मूल्य नहीं है। कोर्ट ने कहा कह अभियोजन पक्ष के साक्ष्य, गवाहों के बयान और आरोपियों से की गई कथित बरामदगी का कोई मेल नहीं है। इसलिए साक्ष्यों और बयानों को दोषसिद्धि के लिए निर्णायक नहीं माना जा सकता।

अन्य मामले में वांछित नहीं हैं, तो तुरंत रिहा कर दिया जाएगा
पीठ ने कहा कि वह पांच दोषियों को दी गई मृत्युदंड और शेष सात को आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखने से इनकार करती है और उन्हें बरी करती है। कोर्ट ने कहा कि अगर आरोपी किसी अन्य मामले में वांछित नहीं हैं, तो उन्हें तुरंत जेल से रिहा कर दिया जाएगा।

ठीक से नहीं रखे गए सबूत, गवाहों से पूछताछ करने में फेल रहा अभियोजन पक्ष
कोर्ट ने अभियोजन पक्ष को मामले में महत्वपूर्ण गवाहों से पूछताछ करने में फेल रहने और बरामद वस्तुओं की घटिया और खराब सीलिंग और रखरखाव करने पर फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष अपराध में इस्तेमाल हुए बमों को रिकॉर्ड में लाने में विफल रहा। इसलिए बरामदगी के सबूत आरोपी के खिलाफ अपराध साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।

ऐसा लग रहा आरोपियों को यातना देने के बाद उनके बयान लिए गए
हाईकोर्ट ने मामले के कुछ आरोपियों के बयानों को भी खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि उन्हें यातना देने के बाद ये बयान लिए गए। बयान अधूरे और असत्य पाए गए हैं क्योंकि कुछ हिस्से एक-दूसरे की नकल हैं। आरोपियों ने यह साबित कर दिया है कि उस समय उन्हें यातना दी गई थी अदालत ने अभियुक्त की पहचान परेड को भी खारिज कर दिया और कहा कि संबंधित पुलिस को ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं था।

गवाहों के बयान भी भरोसेमंद नहीं
उच्च न्यायालय ने गवाहों के बयानों को भी खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि गवाहों के बयान विश्वसनीय या भरोसेमंद नहीं हैं और अभियुक्तों को दोषी ठहराने के लिए निर्णायक नहीं हैं। सबूतों पर भरोसा करना सुरक्षित नहीं है और बचाव पक्ष उन्हें खारिज करने में सफल रहा है। गवाहों ने घटना के चार महीने बाद पहचान परेड के दौरान पुलिस के सामने और चार साल बाद अदालत में आरोपियों की पहचान की थी। कोर्ट ने कहा कि गवाहों को घटना वाले दिन आरोपियों को देखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला ताकि वे बाद में उनकी सही पहचान कर सकें। हमें ऐसा कोई कारण नहीं मिला जिससे उनकी स्मृति जागृत हो और चेहरे याद आ सकें।

हमने अपना कर्तव्य निभाया
हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अनिल किलोर और श्याम चांडक की पीठ ने कहा कि उन्होंने अपना कर्तव्य निभाया। यह जिम्मेदारी हम पर डाली गई है। कोर्ट के फैसले के बाद आरोपियों के वकील युग चौधरी ने कहा कि यह फैसला मानवता और न्यायपालिका में विश्वास बहाल करता है, क्योंकि 12 आरोपी 19 साल से उस अपराध के लिए जेल में सड़ रहे हैं, जो उन्होंने किया ही नहीं।

वकील एस. मुरलीधर ने भी धैर्यपूर्वक सुनवाई करने और आरोपियों को बरी करने के लिए उच्च न्यायालय को धन्यवाद दिया। हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मुरलीधर ने कहा कि आरोपियों ने निर्दोष होने के बावजूद अपने जीवन का अधिकांश हिस्सा जेल में बिताया। जांच एजेंसियां आतंकवाद से संबंधित मामलों की जांच करते समय सांप्रदायिक पूर्वाग्रह दिखाती हैं।

राहुल गांधी ने सरकार पर लगाया पक्षपात का आरोप

राहुल गांधी ने सरकार पर लगाया पक्षपात का आरोप
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन हंगामे और स्थगन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष का नेता होने के बावजूद उन्हें लोकसभा में बोलने नहीं दिया गया। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राहुल ने संसद भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘रक्षा मंत्री और सरकार के अन्य लोगों को बोलने की इजाजत है, लेकिन विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं दिया जा रहा। मैं विपक्ष का नेता हूं, बोलना मेरा अधिकार है, मुद्दे उठाना मेरा काम है, लेकिन वे मुझे बोलने नहीं दे रहे।’

‘सरकार एक नया तरीका अपना रही’
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक नया तरीका अपना रही है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन से चले गए। अगर वे अनुमति दें तो चर्चा हो सकती है, लेकिन मुद्दा यह है कि परंपरा कहती है कि अगर सरकार के नेताओं को बोलने की अनुमति है, तो हमें भी जगह दी जानी चाहिए। हम बोलना चाहते थे, लेकिन हमें अनुमति नहीं दी गई।’

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग पर हंगामा
इससे पहले लोकसभा में कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सदस्य ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करते हुए खड़े हो गए। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि वह प्रश्नकाल के बाद सदस्यों को ऑपरेशन सिंदूर सहित सभी मुद्दे उठाने की अनुमति देने के लिए तैयार हैं। प्रश्नकाल दिन का पहला घंटा होता है, जिसमें सदस्य विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से संबंधित प्रश्न उठाते हैं।

‘प्रश्नकाल के बाद सभी मुद्दे उठाने की अनुमति दूंगा’
उन्होंने कहा, ‘मैं आपको प्रश्नकाल के बाद सभी मुद्दे उठाने की अनुमति दूंगा। सदन केवल नियमों के अनुसार ही चलेगा। इसमें नारेबाजी और तख्तियां लहराने की अनुमति नहीं दी जा सकती।’ बिरला ने कहा कि यदि सदस्य नोटिस देते हैं, तो वह उन्हें सभी मुद्दे उठाने की अनुमति देंगे और प्रत्येक सांसद को पर्याप्त समय देंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने ईडी पर की तीखी टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट की ईडी को लताड़ लगाई
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को जमकर लताड़ लगाई और ईडी के कथित राजनीतिक रूप से इस्तेमाल होने को लेकर तीखी टिप्पणी की। सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक सीएम की पत्नी के खिलाफ दायर ईडी की याचिका को खारिज कर दिया और कर्नाटक उच्च न्यायालय के आदेश को बरकरार रखा। इस पर खुशी जताते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि आखिरकार न्याय हुआ और मुडा मामले का भी अंत हो गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने ईडी पर की तीखी टिप्पणी
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने ईडी की याचिका पर सुनवाई की। ईडी ने कर्नाटक उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें उच्च न्यायालय ने कर्नाटक सीएम की पत्नी पार्वती के खिलाफ MUDA घोटाले में कार्रवाई करने पर रोक लगा दी थी। ईडी की तरफ से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि ‘श्रीमान राजू, कृप्या हमें अपना मुंह खोलने के लिए मजबूर न करें। वर्ना हमें ईडी के खिलाफ कुछ कड़े शब्दों का इस्तेमाल करना पड़ेगा। दुर्भाग्य से, मुझे महाराष्ट्र में इसे लेकर कुछ अनुभव है। इसे पूरे देश में मत फैलाइए। राजनीतिक लड़ाई को मतदाताओं के सामने लड़ने देना चाहिए, उसमें आप क्यों इस्तेमाल हो रहे हैं।’ अदालत ने ईडी की याचिका खारिज कर दी और कर्नाटक उच्च न्यायालय के आदेश को बरकरार रखा।

कर्नाटक सीएम ने जताई फैसले पर खुशी
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जताई और एक बयान जारी कर कहा कि आखिरकार न्याय हुआ। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि ‘सुप्रीम कोर्ट ने उच्च न्यायालय का आदेश बरकरार रखा और ईडी की याचिका को खारिज कर दिया। अदालत ने ईडी के खिलाफ टिप्पणी करने में सावधानी बरती और उन्होंने कहा कि मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट को उच्च न्यायालय के फैसले में कोई गलती नहीं लगी। न्याय हुआ और मुडा घोटाले में ईडी का दखल अब बंद हो जाएगा।’

MUDA (मैसूर अर्बन डेवलेपमेंट अथॉरिटी) मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती सिद्धारमैया को जमीन आवंटन में अनियमितता के आरोप लगे थे। आरोप है कि सीएम की पत्नी को मुडा ने एक जमीन अधिग्रहण के बदले में मैसूर में पॉश इलाके में ज्यादा महंगी जमीन आवंटित की। इस मामले में करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोप लगे।

फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को रिलीज से पहले फिल्म में करने होंगे कई अहम बदलाव

फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को रिलीज से पहले फिल्म में करने होंगे कई अहम बदलाव
फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को लेकर चल रहे विवाद पर बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद बनी एक केंद्रीय समिति ने फिल्म के कंटेंट को लेकर कई अहम सुझाव दिए हैं और निर्माता-निर्देशकों से कहा है कि इन बदलावों को रिलीज से पहले अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। फिल्म मे कुछ बदलाव करने के लिए कहा गया है, जिसके बाद ही फिल्म को रिलीज के लिए हरी झंड़ी मिल पाएगी।

समिति ने बताए कुल 6 बदलाव
समिति ने फिल्म में कुल छह बड़े बदलाव सुझाए हैं। सबसे पहले तो फिल्म के डिस्क्लेमर को लेकर आपत्ति जताई गई है। समिति ने फिल्म के मौजूदा डिस्क्लेमर में बदलाव करने के लिए कहा है। इसके अलावा, फिल्म में कुछ विशेष व्यक्तियों को धन्यवाद देने वाले क्रेडिट फ्रेम्स को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

एआई सीन को लेकर भी आपत्ति
फिल्म में एक एआई जनरेटेड सीन को लेकर भी आपत्ति जताई गई है, जो कथित रूप से सऊदी अरब जैसे देशों की सजा दिए जाने की शैली को दिखाता है। समिति ने इस सीन को पूरी तरह से हटाने या जरूरत के मुताबिक बदलाव करने का सुझाव दिया है। समिति का मानना है कि ऐसे सीन ना सिर्फ संवेदनशीलता को आहत कर सकते हैं बल्कि दर्शकों के बीच गलत संदेश भी फैला सकते हैं।

नूतन शर्मा के डायलॉग्स को हटाने का निर्देश
इसके साथ ही, फिल्म में ‘नूतन शर्मा’ नाम के किरदार को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। समिति ने साफ कहा है कि इस किरदार का नाम बदला जाए और उससे संबंधित सभी डायलॉग्स को हटाया जाए। खासतौर से वो वाला डायलॉग जिसमें धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख किया गया है। समिति ने उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं। समिति के मुताबिक ये डायलॉग न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है बल्कि सामाजिक तनाव भी पैदा कर सकता है।

बलोच समुदाय से जुड़े डायलॉग्स को भी हटाने का सुझाव
इसके अलावा, समिति ने फिल्म में बलोच समुदाय से जुड़े कुछ डायलॉग्स को भी हटाने की सिफारिश की है। उनका कहना है कि इन डायलॉग्स से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवेदनशीलता का उल्लंघन हो सकता है और इससे भारत की कूटनीतिक छवि को भी नुकसान पहुंच सकता है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इन सभी सिफारिशों को गंभीरता से लिया है और निर्माताओं को साफ निर्देश दिए हैं कि फिल्म को तब तक पबल्कि या व्यावसायिक रूप से जारी नहीं किया जा सकता जब तक ये सभी परिवर्तन नहीं किए जाते।

क्या है ‘उदयपुर फाइल्स’ को लेकर विवाद?
‘उदयपुर फाइल्स’ फिल्म जून 2022 में हुए दर्जी कन्हैयालाल की निर्मम हत्या पर बेस्ड है, जिसे उदयपुर में धार्मिक कट्टरता के चलते जान से मार दिया गया था। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद ये विवादों में घिर गई, क्योंकि इसमें दिखाए गए कुछ सीन और डायलॉग्स को लेकर आरोप लगे कि ये मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली है। इस फिल्म को 10 जुलाई को रिलीज किया जाना था लेकिन दिल्ली हाई कोर्ट ने 10 जुलाई को निर्देश जारी कर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाई और एक केंद्रीय समिति गठित की।

बांग्लादेश वायुसेना का प्रशिक्षण विमान कॉलेज परिसर में गिरा

बांग्लादेश वायुसेना का प्रशिक्षण विमान कॉलेज परिसर में गिरा
बांग्लादेशी वायुसेना का एक एफ-7 प्रशिक्षण विमान सोमवार को कॉलेज परिसर में हादसे का शिकार हो गया। विमान कॉलेज की बिल्डिंग से जा टकराया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के वक्त माइलस्टोन कॉलेज में बच्चे मौजूद थे। प्लेन क्रैश होने के बाद स्कूल-कॉलेज में अफरातफरी मच गई। मौके पर अग्निशमन और बचाव दलों ने पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

उत्तरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उप निदेशक डॉ. बजलुर रहमान ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद लगभग 60 घायलों को बर्न इंस्टीट्यूट रेफर कर दिया गया, जबकि मामूली रूप से घायल 25 लोगों का यहां इलाज चल रहा है। हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी घटना की पुष्टि की है। सूचना मिलने पर बांग्लादेशी सेना के सदस्य, अग्निशमन सेवा और नागरिक सुरक्षा की आठ गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में गिरा विमान
बांग्लादेश सेना के जनसंपर्क कार्यालय ने बताया कि वायुसेना का प्रशिक्षण विमान F-7 BGI ढाका के उत्तरा क्षेत्र के दियाबारी इलाके में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में गिर गया। अग्निशमन अधिकारी लीमा खान ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण विमान ने दोपहर लगभग 1:06 बजे उड़ान भरी थी और उड़ान भरने के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई। आग बुझाने के लिए अग्निशमन दल की आठ दमकल मौके पर पहुंच गईं। माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज के प्रवक्ता ने कहा कि विमान स्कूल के गेट के पास गिरा। स्कूल परिसर में जहां विमान हादसा हुआ, वहां कक्षा चल रही थी। घायलों को एक-एक करके बाहर निकाला जा रहा है।

स्कूल की इमारत ने टकराया विमान
बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक एक प्रत्यक्षदर्शी सादमान रुहसिन ने बताया कि विमान स्कूल की इमारत से टकराया। सेना और अग्निशमन सेवा के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और छात्रों तथा अभिभावकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सेना के जवान घायल छात्रों को बाहों में बाहर लाते देखे गए।

कई घटकों में बटे वैश्य समाज को फिर से करना है मजबूत – डॉ अशोक अग्रवाल

कई घटकों में बटे वैश्य समाज को फिर से करना है मजबूत – डॉ अशोक अग्रवाल

 

अंतर्राष्ट्रीय पोरवाल वैश्य फेडरेशन की मध्य प्रदेश इकाई का हुआ गठन

 

भोपाल।

 

अंतर्राष्ट्रीय पोरवाल वैश्य फेडरेशन दिल्ली( IPVF delhi) द्वारा राज्य स्तरीय पोरवाल वैश्य फेडरेशन मध्य प्रदेश इकाई का गठन किया गया है। इसका शपथ ग्रहण समारोह रविवार को भोपाल में संपन्न हुआ। इसमें विकास बोंद्रिया जी ने प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके साथ बोंद्रिया को अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन का प्रदेश उपाध्यक्ष भी बनाया गया है।

 

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (IVF) के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल जी एवं विशेष अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद गोयल जी उपस्थित थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय पोरवाल वैश्य महासम्मेलन (IPVF) के संस्थापक राकेश पोरवाल एवं अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर गोपाल दास गंगराड़े ने की। आयोजन में पद्मावती पोरवाल गंगराड़े, पोरवाल गुप्ता, लाड़, पुरवार समाज के बंधु उपस्थित थे।

 

इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अशोक अग्रवाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन का उद्देश्य संपूर्ण वैश्य समाज को जोड़कर उन्हें सामाजिक, आर्थिक ,राजनीतिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज किसी समय बहुत मजबूत होता था , लेकिन बाद के समय में वह कई घटकों में बट गया है। ऐसे सभी घटकों को अब आईपीवीएफ फेडरेशन के माध्यम से संगठित किया जा रहा है। इसके माध्यम से समुचित समाज के विकास की बात की जाएगी।

 

संस्थापक राकेश पोरवाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय पोरवाल वैश्य महासम्मेलन बनाने का उद्देश्य समाज को एकजुट कर अधिक से अधिक सामाजिक बंधुओं का भला करने का उद्देश्य है। इसके माध्यम से समाज के सभी घटकों को एक प्लेटफार्म पर लाना है, जिससे वैश्य समाज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काम कर सके। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद गोयल ने कहा कि समाज का काम करने से उसकी सेवा करने से भगवान की कृपा होती है। वैश्य समाज ने अब संगठित होने का जो संकल्प लिया है, वह प्रयास अवश्य सफल होगा। अब पोरवाल संगठन दुनिया में एक बड़ा संगठन बनेगा।

 

इंजीनियर गोपाल दास गंगराड़े ने कहा कि इस फेडरेशन के सभी घटक एक साथ है इसका विस्तार तत्काल प्रभाव से तहसील स्तर तक किया जाएगा। कार्यक्रम में भोपाल के अध्यक्ष ई नरेंद्र गंगराडे द्वारा सभी का आभार प्रकट करते हुए सभी सामाजिक घटकों से निवेदन किया कि भविष्य में हम सब मिलकर होली मिलन , दशहरा मिलन, दीपावली मिलन अन्य कार्यक्रम भोपाल में मनायेंगे

पीएम मोदी अगले हफ्ते यूके और मालदीव की यात्रा करेंगे

पीएम मोदी अगले हफ्ते यूके और मालदीव की यात्रा करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर चार दिवसीय विदेश यात्रा पर जाएंगे। वे अगले सप्ताह ब्रिटेन और मालदीव की यात्रा करेंगे। इस दौरान व्यापार समझौते और रिश्तों को बढ़ावा देने पर फोकस किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का पहला चरण 23-24 जुलाई को यूनाइटेड किंगडम होगा, जहां वे ऐतिहासिक भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर करेंगे। यह समझौता टैरिफ में कमी करके ब्रिटेन को होने वाले 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात पर असर पड़ेगा। इससे भारत को भी फायदा होगा और व्हिस्की और कारों जैसे ब्रिटिश निर्यात सुगम होंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 25-26 जुलाई को मालदीव की यात्रा करेंगे, जहां वे 60वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मोहम्मद मुइज्जू सरकार के कार्यकाल में यह यात्रा इसलिए भी अहम है, क्योंकि यह मालदीव में कुछ नेताओं की ओर से भारत विरोधी बयानबाजी और अभियानों के कारण हाल ही में दोनों देशों के संबंधों में आए तनाव के बाद पहली बार हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी की पिछली मालदीव यात्रा जून 2019 में हुई थी।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...