क्या मैनचेस्टर में भारत का 89 साल का जीत का सूखा होगा खत्म

क्या मैनचेस्टर में भारत का 89 साल का जीत का सूखा होगा खत्म
भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में पांच मैचों की सीरीज का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से खेला जाएगा। इंग्लिश टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है। हेडिंग्ले और लॉर्ड्स में मैच जीतने के बाद बेन स्टोक्स एंड कंपनी का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। वहीं, शुभमन गिल के नेतृत्व में युवा टीम इंडिया की नजर वापसी करने पर होगी। हालांकि, भारतीय टीम के लिए वापसी आसान नहीं होगी, क्योंकि उसका सामना इंग्लैंड से एक ऐसे मैदान पर है, जहां हमने कभी कोई टेस्ट नहीं जीता। एक से एक बड़े कप्तानों के नेतृत्व में भारत ने मैनचेस्टर में टेस्ट खेला, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। अब गिल के पास इतिहास रचने का मौका है। उनके पास सुनील गावस्कर और महेंद्र सिंह धोनी जैसे कप्तानों को पीछे छोड़ने का मौका है।

भारत ने अब तक मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में कुल नौ टेस्ट खेले हैं। इसमें से चार टेस्ट इंग्लैंड जीतने में कामयाब रहा है, जबकि पांच टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। टीम इंडिया के पास हार और ड्रॉ के इस सिलसिले को तोड़ने का बेहतरीन मौका है और एक जीत सीरीज को दिलचस्प बना देगी। भारत अगर मैनचेस्टर में 2-2 से बराबरी करने में कामयाब रहता है तो इंग्लैंड के ऊपर दबाव आ जाएगा। फिर सबकुछ 31 जुलाई से केनिंग्टन ओवल में होने वाले पांचवें टेस्ट से तय होगा। टीम इंडिया का कुछ ऐसा ही रिकॉर्ड बर्मिंघम के एजबेस्टन में भी था, लेकिन गिल की टीम इतिहास रचने में कामयाब रही थी। अब मैनचेस्टर में एक बार फिर भारतीय टीम पूरा दमखम लगाने की कोशिश करेगी।

गिल के नेतृत्व में एक युवा टीम इंग्लैंड का दौरा कर रही है। किसी भी क्रिकेट पंडित ने भारत को इस सीरीज के लिए पसंदीदा नहीं बताया था। हालांकि, टीम इंडिया ने अब तक तीनों टेस्ट में चौंकाया है। उसने खुद से अनुभवी इंग्लिश टीम को कड़ी टक्कर दी है। हेडिंग्ले में एक सत्र की गलती की वजह से हार मिली, जबकि लॉर्ड्स में चौथी पारी में बल्लेबाजों की विफलता का नुकसान हुआ। टीम इंडिया में कुछ एक विभाग में कमी दिखी है और टीम मैनेजमेंट चौथे टेस्ट से पहले इसे सही करना चाहेगा। भारत ने अब तक मैनचेस्टर में विजियानग्राम (1936), नवाब पटौदी सीनियर (1946), विजय हजारे (1952), दत्ता गायकवाड़ (1959), अजीत वाडेकर (1971 और 1974), सुनील गावस्कर (1982), मोहम्मद अजहरुद्दीन (1990) और महेंद्र सिंह धोनी (2014) के नेतृत्व में खेला है। गिल इस मैदान पर कप्तानी करने वाले नौवें कप्तान होंगे। भारत ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 1936, 1946, 1971, 1982 और 1990 में टेस्ट ड्रॉ कराया था। वबीं, 1952, 1959, 1974 और 2014 में इंग्लैंड की टीम जीतने में कामयाब रही

थी।

 

नया सप्ताह लाएगा इन तीन राशियों के लिए आर्थिक प्रगति

नया सप्ताह लाएगा इन तीन राशियों के लिए आर्थिक प्रगति
नया सप्ताह कई बड़े ग्रहों के गोचर और राशि परिवर्तन का प्रभाव लेकर आ रहा है, जो सभी राशियों के जीवन में नए अवसर और चुनौतियां लेकर आएंगे। 16 जुलाई को सूर्य का कर्क राशि में प्रवेश, 19 जुलाई को बुध का सिंह राशि में प्रवेश और सप्ताह के आखिरी दिन मंगल का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश इस सप्ताह के महत्वपूर्ण ग्रह परिवर्तन हैं। इन बदलावों के कारण कुछ राशियों को बड़ी सफलता और पदोन्नति के मौके मिल सकते हैं, तो वहीं कई राशियों के लिए धन वर्षा का समय भी है। 21 जुलाई से 27 जुलाई तक तुला से मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह खास रहेगा। आइए, जानते हैं आपके सितारे इस सप्ताह क्या संदेश दे रहे हैं और आपका भविष्य कैसा रहेगा।

मेष राशि
तत्व: अग्नि
स्वामी ग्रह: मंगल
स्वभाव: ऊर्जा से भरपूर, साहसी, पहल करने वाला, कभी-कभी आवेगी।

साप्ताहिक राशिफल
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत किसी बड़े खर्च के साथ होगी, जिसके चलते आपका वित्तीय प्रबंधन गड़बड़ा सकता है। इस दौरान आपको भूमि-भवन से जुड़े सौदे या फिर निर्णय बहुत सोच-समझकर लेने की आवश्यकता रहेगी।
सप्ताह के मध्य में परिवार के किसी बुजुर्ग व्यक्ति की खराब सेहत आपकी चिंता का विषय बन सकती है। तमाम तरह की कठिनाइयों के बीच सीनियर का साथ मिलने से नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी।
सप्ताह के उत्तरार्ध में व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में बड़े उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ेगा। लाभ के मुकाबले खर्च बढ़ सकते हैं। इस दौरान मार्केट में अपनी साख बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे।
छात्र वर्ग का मन पढ़ाई से उचट सकता है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह औसत फलदायी रहने वाला है। इस सप्ताह आपको स्वजनों के साथ बहुत विनम्रता के साथ पेश आते हुए भावनात्मक फैसले लेने से बचना होगा। लव पार्टनर से मेल-मुलाकात में दिक्कतें आ सकती हैं।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा को लाल पुष्प चढ़ाकर चालीसा का पाठ करें।

वृषभ राशि
तत्व: पृथ्वी
स्वामी ग्रह: शुक्र
स्वभाव: स्थिर, धैर्यवान, मेहनती, व्यावहारिक।

साप्ताहिक राशिफल
वृषभ राशि के जातकों को इस सप्ताह उनके द्वारा किए गए परिश्रम और प्रयास का फल थोड़ी देर से और अपेक्षा से कम मिल सकता है। आप जिस कार्य की सफलता के लिए प्रयास करेंगे, उसमें आपको अनचाही दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, जिसके चलते आपके मन में हर समय असंतोष बना रहेगा।
नौकरीपेशा लोगों के कामकाज में अप्रत्याशित बदलाव आ सकता है। अनचाहे स्थान पर तबादले के कारण आपको स्थायी निवास से कहीं दूर जाना पड़ सकता है।
सप्ताह के मध्य का समय आर्थिक दृष्टि से कुछ परेशानी लिए रहने वाला है। इस दौरान अचानक से बेवजह के खर्चे बने रहेंगे। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में अपने विरोधियों से सावधान रहने की जरूरत रहेगी। विरोधी आपके खिलाफ षड्यंत्र रच सकते हैं।
पारिवारिक सुख की दृष्टि से यह सप्ताह मिलाजुला रहने वाला है। इस हफ्ते स्वजनों के साथ कुछेक बातों को लेकर मतभेद हो सकता है। किसी भी सूरत में मतभेद को मनभेद में न बदलने दें और क्रोध में निर्णय लेने से बचें। मौसमी बीमारी से बचें।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग पर सफेद चंदन लगाकर पूजा करें।

कर्क राशि
तत्व: जल
स्वामी ग्रह: चंद्र
स्वभाव: भावुक, संवेदनशील, परिवारप्रिय, सुरक्षात्मक।

साप्ताहिक राशिफल
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सकारात्मक रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में अचानक कहीं से धन लाभ के योग बनेंगे। आप अपनी वाणी और व्यवहार की बदौलत कठिन से कठिन कार्य को भी बड़ी आसानी से मनचाहे तरीके से पूरा कर लेंगे।
करियर-कारोबार की दृष्टि से समय श्रेष्ठ बना हुआ है। यदि आप अपने कारोबार का दायरा बढ़ाने की सोच रहे हैं तो इसमें कोई बुजुर्ग व्यक्ति आपके लिए काफी मददगार साबित होगा।
सप्ताह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों को सीनियर की तरफ से कोई सुखद समाचार मिल सकता है। मनचाहे तबादले और प्रमोशन की कामना पूरी हो सकती है। भूमि-भवन के क्रय-विक्रय से लाभ की प्राप्ति होगी।
सप्ताह के अंत में किसी तीर्थ स्थान की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हो सकता है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। पारिवारिक सुख उत्तम रहेगा। इस सप्ताह विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। जीवनसाथी के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। संतानपक्ष से सुखद समाचार की प्राप्ति होगी। सेहत सामान्य रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा एवं शिव चालीसा का पाठ करें।

सिंह राशि
तत्व: अग्नि
स्वामी ग्रह: सूर्य
स्वभाव: आत्मविश्वासी, नेतृत्वकर्ता, ऊर्जावान, उदार।

साप्ताहिक राशिफल
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सुख और सौभाग्य लेकर आने वाला है। इस सप्ताह आपके लंबे समय से अटके हुए कार्य मनचाहे तरीके से पूरे हो जाएंगे। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों से नजदीकियां बढ़ेंगी और आपको उनकी मदद से लाभ की योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
इस सप्ताह योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर कारोबार में विशेष लाभ होगा। उच्च शिक्षा की प्राप्ति में आ रही अड़चनें दूर होने पर आप राहत की सांस लेंगे। विद्यार्थियों का पढ़ाई-लिखाई के प्रति सकारात्मक रुझान बना रहेगा। भूमि-भवन, संपत्ति से जुड़े कार्यों में इच्छा के अनुसार सफलता प्राप्त होगी।
सिंह राशि के जातकों को स्वजनों के साथ संबंधों को बेहतर बनाए रखने के लिए अपनी प्रिय चीजों से समझौता करना पड़ सकता है। पारिवारिक मसलों को हल करते समय बुजुर्ग और अनुभवी व्यक्तियों की सलाह को इग्नोर करने से बचें। प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें तथा गुरुवार के दिन चने की दाल और गुड़ का दान करें।

पटना के अस्पताल में हत्या मामले में कार्रवाई, बंगाल के न्यू टाउन से पांच गिरफ्तार

पटना के अस्पताल में हत्या मामले में कार्रवाई, बंगाल के न्यू टाउन से पांच गिरफ्तार
बिहार की राजधानी पटना के एक अस्पताल में गैंगस्टर की हत्या के सिलसिले में कोलकाता के पास न्यू टाउन से कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि पटना पुलिस और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की ओर से शनिवार तड़के संयुक्त रूप से की गई छापेमारी के बाद आरोपियों को महानगर के सैटेलाइट टाउनशिप स्थित एक आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के हाथ कुछ तस्वीरें लगी थीं
इससे पहले बिहार की राजधानी पटना स्थित पारस अस्पताल में उपचाराधीन कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस के हाथ कुछ तस्वीरें लगी थीं। अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज से कुछ तस्वीरें सामने आई थीं। तस्वीरों में अपराधी बाइक पर सवार होकर हाथ में बंदूक लहराते नजर आ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, यह तस्वीर शायद वारदात को अंजाम देने के बाद की है।

मुख्य अपराधी की पहचान तौसीफ बादशाह के रूप में हुई
घटना में संलिप्त मुख्य अपराधी की पहचान तौसीफ बादशाह के रूप में हुई, जो फुलवारी शरीफ का रहने वाला है। वह पेशे से कॉन्ट्रैक्ट किलर है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तौसीफ ने अपनी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया या किसी ने उसे ऐसा करने के लिए सुपारी दी थी। इसके अलावा तौसीफ पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं।

सभी हत्यारोपियों की पहचान कर ली गई थी
वारदात में शामिल सभी हत्यारोपियों की पहचान कर ली गई थी। तौसीफ के अलावा आकिब मलिक, सोनू, कालू उर्फ मुस्तकीम और भिंडी उर्फ बलवंत सिंह भी वारदात में शामिल थे। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने खुद जानकारी दी थी।

मर्काबार्ना का समग्र मॉडल मध्यप्रदेश के लिये प्रेरणादायक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मर्काबार्ना का समग्र मॉडल मध्यप्रदेश के लिये प्रेरणादायक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बार्सिलोना स्थित मर्काबार्ना का समग्र मॉडल मध्यप्रदेश के लिए उपयोगी हो सकता है। मध्यप्रदेश में बढ़ते कृषि उत्पादन को देखते हुए बेहतर ‘पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट’ और निर्यात प्रणाली की आवश्यकता है।स्पेन प्रवास के तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मर्काबार्ना के भ्रमण के दौरान यह बात कही। यह संस्थान 250 एकड़ में फैला हुआ यूरोप का प्रमुख फूड लॉजिस्टिक्स हब है, जहाँ उत्पादन, भंडारण, प्रोसेसिंग और वितरण की व्यवस्थाएं एकीकृत रूप से संचालित होती हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज मध्यप्रदेश को सिर्फ उत्पादन की नहीं, बल्कि कटाई के बाद मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, भंडारण, और वैश्विक बाज़ारों तक पहुँच की भी चुनौती है। इस दिशा में मर्काबार्ना का अनुभव एक मॉडल के रूप में सामने आता है, जिससे प्रेरणा लेकर प्रदेश के खाद्य उत्पादकों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सकता है।

मर्काबार्ना के सीईओ ने मध्यप्रदेश के प्रति रूचि जताई। मर्काबार्ना के सीईओ पाब्लो विल्लानोवा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिवादन करते हुए कहा कि भारत और स्पेन के बीच कृषि लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग और मार्केट इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में मजबूत सहयोग की संभावनाएं हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के प्रति विशेष रुचि और भविष्य में द्विपक्षीय ज्ञान साझेदारी पर सहमति जताई।

फार्म-टू-फोर्क जैसे मॉडल होंगे लागू
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘फार्म-टू-फोर्क’ मॉडल, कोल्ड चेन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, ट्रेसेबिलिटी और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में मर्काबार्ना द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम प्रक्रियाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में विकसित किए जा रहे मेगा फूड पार्क, एग्रीबिजनेस क्लस्टर और ग्रामीण उद्योग केंद्रों में इन नवाचारों को समाहित किया जाएगा।

खाद्य अपशिष्ट नियंत्रण और नवाचार के क्षेत्र में भी प्रेरणा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मर्काबार्ना में संचालित फूड बैंक, जीरो वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली और फूड-टेक स्टार्टअप्स के लिए तैयार किए गए इनक्यूबेशन मॉडल का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्थाएं मध्यप्रदेश में नवाचार-आधारित कृषि नीति को मजबूती देंगी।

निर्यात और वैश्विक पहुंच के लिए ठोस रणनीति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में गेहूं, चावल, फल, सब्जियों और प्रोसेस्ड फूड के निर्यात की असीम संभावनाएं हैं। मर्काबार्ना जैसे केंद्रों से प्रेरणा लेकर मध्यप्रदेश में पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस को कम करते हुए अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के अनुरूप उत्पादों का निर्माण किया जाएगा।

निवेश और साझेदारी के लिए खुला निमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मर्काबार्ना प्रबंधन को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए मध्यप्रदेश वैश्विक साझेदारियों के लिए तैयार है। राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में प्राइवेट सेक्टर की भागीदारी और तकनीकी निवेश को बढ़ावा भी दे रही है।

कृषि आधारित औद्योगिक प्रगति का नया चरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यह यात्रा कृषि आधारित विकास के एक नए चरण की भूमिका तय कर रही है। अब मध्यप्रदेश केवल उत्पादन आधारित राज्य नहीं, बल्कि वैश्विक खाद्य आपूर्ति श्रृंखला में एक मजबूत भागीदार के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का नेतृत्व कृषि, नवाचार और निर्यात के समन्वय से ‘एडवांटेज एमपी’ के विजन को साकार कर रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर के युवा ग्रेजुएट पंच का बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर के युवा ग्रेजुएट पंच का बढ़ाया हौसला
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज यहां छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत राजधानी रायपुर के भ्रमण पर आए बीजापुर जिले युवाओं से मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय इन युवाओं से बहुत आत्मीयता से मिले और उनसे राजधानी रायपुर भ्रमण के अनुभवों को जाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर का हर गांव आपका अच्छा गांव बनेगा। बस्तर के विकास को अब कोई नहीं रोक सकता। बस्तर का युवा आज आत्मविश्वास से भरा है।

मुख्यमंत्री साय ने बीजापुर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आये युवाओं से उनका हाल-चाल जाना और आत्मीय चर्चा की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से पूछा कि वे विगत डेढ़ वर्षों में क्या परिवर्तन महसूस कर रहे हैं ? युवाओं ने बताया कि बहुत परिवर्तन है। अब हमारे क्षेत्र में सड़कें बन रही हैं, बिजली की व्यवस्था हुई है और आंगनबाड़ी केंद्र भी खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई और गतिविधियों के विषय में जानकारी ली। बीजापुर के एक युवा ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि वह जूलॉजी विषय से बीएससी कर चुका है और वर्तमान में वह अपने गांव का पंच है। उसका एक साथी भी पंच निर्वाचित हुआ है। मुख्यमंत्री ने इन युवाओं के जज्बे की सराहना की और उनका हौसला बढ़ाया।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बच्चों से पूछा- कितने बच्चे इंस्टाग्राम चलाते हैं ? जब इस प्रश्न पर कई बच्चों ने हाथ उठाया तो मुख्यमंत्री ने आश्चर्यमिश्रित मुस्कान के साथ कहा- अब बस्तर के हमारे बच्चे भी समय के साथ हाईटेक हो रहे हैं। ये सुनकर ठहाके गूंज उठे। मुख्यमंत्री ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि युवा अपडेट हैं और तकनीक को समझ रहे हैं। युवाओं ने बताया कि उनके गांव में अब मोबाइल टावर भी लग रहे हैं।

युवाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे कल राजधानी रायपुर आये हैं। उन्होंने मुक्तांगन, जंगल सफारी सहित अन्य जगहें देखी हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने युवाओं से कहा कि वे राजधानी रायपुर के भ्रमण के अनुभव का पूरा लाभ उठाएं।

उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत बीजापुर जिले के नियद नेल्लानार ग्राम पंचायतों के 100 युवा राजधानी रायपुर के भ्रमण पर आये हैं। जिसके अंतर्गत आज ये युवा छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचे। इस अवसर पर वनमंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, संपत अग्रवाल, ईश्वर साहू सहित गणमान्यजन उपस्थित थे।

अचानक इंग्लैंड दौरे से बाहर हुआ भारतीय क्रिकेटर

अचानक इंग्लैंड दौरे से बाहर हुआ भारतीय क्रिकेटर
भारत की अलग-अलग टीम मौजूदा वक्त में इंग्लैंड दौरे पर है। एक तरह जहां शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टेस्ट टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त है, वहीं दूसरी तरफ हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी-20 सीरीज जीतने के बाद अब इंग्लैंड से वनडे सीरीज खेल रही है। इन सबके बीच मुंबई एमर्जिंग की टीम भी इंग्लैंड दौर पर है, जो कि स्थानीय घरेलू टीमों से अलग-अलग मुकाबले खेलने में व्यस्त है। मुंबई एमर्जिंग की टीम का हिस्सा अंगकृष रघुवंशी हैं, लेकिन अब उनको लेकर एक खबर सामने आ रही है।

दरअसल, मुंबई एमर्जिंग की टीम तरफ से खेल रहे अंगकृष रघुवंशी को अंगूठे की चोट के चलते इंग्लैंड दौरे से बाहर होना पड़ा है। सूर्यांश शेडगे की कप्तानी में मुंबई एमर्जिंग 28 जून से एक महीने के इंग्लैंड दौरे पर है। युवा खिलाड़ियों को अपने खेल में सुधार और विदेशी सरजमीं पर खेलने के अनुभव दिलाने के उद्देश्य से मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) इस दौरे का आयोजन किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने अंगकृष रघुवंशी के रिप्लेसमेंट का अब तक ऐलान नहीं किया है। अंगूठे की चोट के चलते वह खेलने में असमर्थ हैं, हालांकि उन्हें मामूली फ्रैक्चर लगना बताया गया।

सरकार ला रही है नया फ्यूल एफिशिएंसी नियम CAFE 3

सरकार ला रही है नया फ्यूल एफिशिएंसी नियम CAFE 3
सरकार जल्द ही फ्यूल एफिशिएंसी से जुड़े नए नियम CAFE 3 (कॉर्पोरेट एवरेज फ्यूल एफिशिएंसी) लागू करने जा रही है। इन नए नियमों का मकसद सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना नहीं है। बल्कि उन फ्लेक्स फ्यूल कारों को भी प्रोत्साहित करना है जो इथेनॉल मिलाकर चलती हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश की कच्चे तेल पर निर्भरता को कम करना, वाहनों से होने वाले प्रदूषण को घटाना और घरेलू स्तर पर बनने वाले इथेनॉल के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी।

क्या हैं CAFE नॉर्म्स?
CAFE यानी कॉर्पोरेट एवरेज फ्यूल एफिशिएंसी नियमों के तहत, कार कंपनियों के पूरे साल में बेचे गए यात्री वाहनों का एवरेज कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन तय सीमा में रहना जरूरी होता है। ये नियम कंपनियों को ज्यादा फ्यूल एफिशिएंट गाड़ियां बनाने के लिए मजबूर करते हैं। फिलहाल CAFE 2 नियम लागू हैं, जो मार्च 2027 तक मान्य रहेंगे। इसके बाद अप्रैल 2027 से नए CAFE 3 नियम लागू होंगे।

इलेक्ट्रिक और फ्लेक्स फ्यूल दोनों को बराबरी मिलेगी
अब तक लागू CAFE नियम इलेक्ट्रिक वाहनों के पक्ष में झुके हुए थे। लेकिन गडकरी ने साफ किया कि नए CAFE 3 नियम इलेक्ट्रिक और फ्लेक्स फ्यूल इंजन दोनों को समान रूप से बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा, “पुराने नियम इलेक्ट्रिक वाहन को केंद्र में रखते थे, लेकिन नए नियम संतुलन बनाएंगे।” बता दें कि फ्लेक्स फ्यूल का मतलब होता है – पेट्रोल और इथेनॉल के मिश्रण से बना ईंधन। भारत में फिलहाल E20 ईंधन (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण) उपलब्ध है।

जरूरी बैठकों का दौर जारी
CAFE 3 ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय, बिजली मंत्रालय और प्रधानमंत्री के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार के बीच उच्च स्तरीय बैठक बुधवार को हो चुकी है। इसके अलावा, इस महीने की शुरुआत में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की गई थी।

एक अहम मुद्दा यह है कि क्या बड़ी और छोटी कारों के लिए अलग-अलग नियम बनाए जाएं या नहीं, इस पर भी विचार चल रहा है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, गडकरी ने यह स्पष्ट कर दिया कि देशहित को किसी लॉबी के दबाव में नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “प्रदूषण, लागत, आयात और कृषि के फायदे को ध्यान में रखते हुए हमें देश के हित में ही फैसला लेना है।”

CAFE 2 नियम और इनका महत्व
मौजूदा CAFE 2 नियमों के तहत, 3,500 किलोग्राम से कम वजन वाले सभी यात्री वाहनों, चाहे वो पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक हों, का एवरेज CO2 उत्सर्जन 113 ग्राम प्रति किलोमीटर से ज्यादा नहीं होना चाहिए। यह औसत किसी एक मॉडल पर नहीं बल्कि कंपनी की पूरी गाड़ियों की बिक्री पर लागू होता है।

इथेनॉल की चुनौती और समाधान
इथेनॉल की कैलोरी वैल्यू पेट्रोल से कम होती है, यानी बराबर दूरी तय करने में ज्यादा ईंधन खर्च होता है, जिससे CO2 उत्सर्जन बढ़ सकता है। हालांकि इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार रूस की उस तकनीक का परीक्षण कर रही है जिससे इथेनॉल की ऊर्जा क्षमता बढ़ाई जा सके और वह पेट्रोल जितना असरदार बन सके। सरकार का दीर्घकालिक लक्ष्य है कि 100 प्रतिशत इथेनॉल से चलने वाली कारें हकीकत बनें।

यूरो VII मानक और पुराने वाहनों का सवाल
गडकरी ने बताया कि भारत अब यूरो VII स्तर के उत्सर्जन मानकों की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2020 में बीएस-VI मानक लागू करने में भी शुरू में विरोध हुआ था। लेकिन भारत अब विश्व के सबसे कड़े उत्सर्जन मानक वाले देशों में शामिल हो चुका है।

पुराने पेट्रोल-डीजल वाहनों पर प्रतिबंध
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में पुराने पेट्रोल और डीजल वाहनों पर लगे प्रतिबंध को लेकर गडकरी ने कहा कि यह मुद्दा कानूनी रूप से सुलझाया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पुराने वाहनों को सीएनजी में बदलना आर्थिक रूप से बेहतर विकल्प हो सकता है। गडकरी ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार को कानून के तहत यह अधिकार है कि वह सार्वजनिक स्वास्थ्य को देखते हुए प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर रोक लगाए।

फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरकरार रखे गए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 15 साल से ज्यादा पुराने पेट्रोल वाहन और 10 साल से ज्यादा पुराने डीजल वाहन चलाना प्रतिबंधित है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य गिरफ्तार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया है। भिलाई वाले घर पर शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापा मारा था। ईडी ने ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कथित शराब घोटाले से जुड़े एक मामले में की है।

कार्रवाई के बीच भूपेश बघेल विधानसभा के लिए हुए थे रवाना
घर में चल रही ईडी की कार्रवाई के बीच पूर्व सीएम भूपेश बघेल विधानसभा के लिए रवाना हो गए थे। जिसके बाद ईडी ने यह बड़ी कार्रवाई की है। वहीं कार्रवाई के दौरान नाराज समर्थकों ने बैरिकेडिंग को हटाने की मांग की। साथ ही समर्थकों ने बैरिकेडिंग को गिरा दिया था।

ईडी की कार्रवाई के बीच भूपेश बघेल का पोस्ट
ईडी के घर पहुंचने पर भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट साझा कर जानकारी देते हुए लिखा था कि ईडी आ गई है। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अदाणी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। भिलाई निवास में ‘साहेब’ ने ईडी भेज दी है।

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में 22 अफसर निलंबित
बीती 11 जुलाई को छत्तीसगढ़ सरकार ने आबकारी विभाग से जुड़े एक बहुचर्चित मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की। कुल 22 अधिकारियों को निलंबित किया। यह कार्रवाई पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के दौरान हुए 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच के आधार पर की गई है। वर्ष 2019 से 2023 के बीच हुए इस घोटाले में आबकारी विभाग के इन अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई थी, जिन्होंने अवैध रूप से अर्जित धन से संपत्तियां बनाई थी।

टीआरएफ को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित किए जाने पर जयशंकर ने जताई खुशी

टीआरएफ को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित किए जाने पर जयशंकर ने जताई खुशी
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अमेरिका द्वारा पहलगाम आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार टीआरएफ को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित किए जाने की सराहना की। विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘भारत-अमेरिका की आतंकवाद के खिलाफ सहयोग की एक मजबूत पुष्टि। लश्कर ए तैयबा के मुखौटा संगठन टीआरएफ को विदेशी आतंकवादी संगठन (एफटीओ) और वैश्विक आतंकवादी संगठन (एसडीजीटी) घोषित करने के लिए विदेश मंत्री मार्को रुबियो और अमेरिकी विदेश विभाग की सराहना करता हूं। इसी संगठन ने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी। आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहिष्णुता।’

अमेरिका ने गुरुवार को किया एलान
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को टीआरएफ को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित करते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमला 2008 के मुंबई हमलों के बाद भारत में नागरिकों पर हुआ सबसे बड़ा आतंकी हमला था। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्रवाई अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, और भारत के साथ सहयोग का सबूत है। गौरतलब है कि ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने ही पहलगाम आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी। टीआरएफ के प्रमुख शेख सज्जाद गुल को भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड बताया है। टीआरएफ पाकिस्तान के आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-तैयबा’ की प्रॉक्सी विंग (मुखौटा शाखा) है। कई वर्षों से टीआरएफ, जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों को अंजाम दे रहा है। खासतौर पर, जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों पर हमले और टारगेट किलिंग, ये टीआरएफ की रणनीति का हिस्सा रहा है। गैर-कश्मीरी नागरिक खासतौर पर टीआरएफ के निशाने पर रहते हैं।

टीआरएफ के वित्तपोषण पर लगेगी रोक
अमेरिका का विदेश विभाग किसी संगठन की गतिविधियों को देखते हुए उसे विदेशी आतंकी संगठन (एफटीओ) घोषित करता है। एफटीओ के जरिए आतंकी संगठन के वित्तपोषण पर रोक लगाई जाती है। इसके अलावा अब कोई भी व्यक्ति इस संगठन को चंदा या किसी भी तरह की मदद नहीं दे पाएगा। साथ ही अमेरिका द्वारा अन्य देशों से भी उस संगठन के खिलाफ कार्रवाई की अपील की जाती है। जिस संगठन को विदेशी आतंकी संगठन घोषित किया गया है, वह 30 दिनों के भीतर अमेरिका की अदालत में अपील कर सकता है। हर दो साल बाद अमेरिकी सरकार एफटीओ की समीक्षा करती है।

दिल्ली के बाद अब बंगलूरू के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

दिल्ली के बाद अब बंगलूरू के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
राजधानी दिल्ली के बाद भारत का सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बंगलूरू के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद बंगलूरू प्रशासन सतर्क हो गया है। बंगलूरू पुलिस ने बताया कि आरआर नगर और केंगेरी सहित बेंगलुरु शहर के 40 निजी स्कूलों को आज बम की धमकी भरे ईमेल मिले हैं। जिसके बाद शहर के सभी स्कूलों में तलाशी और जांच शुरू कर दी गई है। बाद में पुलिस ने यह भी बताया कि जांच में कुछ नहीं मिला है।

पुलिस ने बताया कि इन स्कूलों को सुबह 7.24 बजे ईमेल मिला था। जिसमें भेजने वाले ने दावा किया था कि उसने स्कूलों की कक्षाओं में कई विस्फोटक उपकरण रखे हैं।

ईमेल में क्या लिखा था?
स्कूलों को मिले धमकी वाले ईमेल में भेजने वाले लिखा था कि मैंने स्कूल की कक्षाओं में कई विस्फोटक उपकरण (ट्रिनाइट्रोटोल्यूइन) रखे हैं। विस्फोटकों को बड़ी कुशलता से काले प्लास्टिक बैग में छिपाया गया है। इसके बाद, स्कूल अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी बम निरोधक दस्तों और अन्य जांच दलों के साथ वहां पहुंचे और छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत परिसर से बाहर निकाल कर जांच शुरू की। हालांकि जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

इससे पहले, राजधानी दिल्ली में सुबह-सुबह एक दो नहीं बल्कि 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। शुक्रवार तड़के पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल में बम होने की सूचना मिली। सूचना ई-मेल के जरिए तड़के 4.55 बजे मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ साथ बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...