PM मोदी के हस्तक्षेप से हल हो सकता है कच्चातिवु विवाद – स्टालिन

PM मोदी के हस्तक्षेप से हल हो सकता है कच्चातिवु विवाद – स्टालिन
कच्चातिवु द्वीप का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। इसकी वजह है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की पीएम मोदी से की गई एक अपील और उस पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का पलटवार। समुद्र तटीय राज्य के सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि वे लंबे समय से चले आ रहे कच्चातीवु द्वीप विवाद को हल करने के लिए सीधा हस्तक्षेप करें। उनके ऐसा करने से ये विवाद हल हो सकता है। इसके अलावा स्टालिन ने श्रीलंका की जेल में बंद भारतीय मछुआरों और जब्त नावों की रिहाई कराने के लिए भी पीएम मोदी से आह्वान किया है।

केंद्र पर तंज कसते हुए पीएम से स्टालिन ने की अपील
तमिलनाडु के सीएम ने भारतीय जनता पार्टी पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पिछले 10 वर्षों में तमिलनाडु के मछुआरों की रक्षा करने में विफल रही है। इतना ही नहीं वह बिना कोई ठोस कार्रवाई किए कच्चातीवु मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस दिशा में केंद्र को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। केवल प्रधानमंत्री का सीधा हस्तक्षेप ही तमिल मछुआरों के लिए एक स्थायी समाधान ला सकता है।

जयशंकर ने क्यों नहीं किया श्रीलंका के हालिया दावों का खंडन ?
इस दौरान स्टालिन ने बड़ा सवाल भी किया। उन्होंने पूछा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस मुद्दे पर श्रीलंका के हालिया दावों का खंडन क्यों नहीं किया है। दरअसल हाल ही में श्रीलंका के मत्स्य पालन मंत्री डगलस देवानंद ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि तमिलनाडु के मछुआरे अक्सर अतिक्रमण करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा था कि कोलंबो कच्चातीवु द्वीप वापस नहीं करेगा।

भाजपा ने किया पलटवार
भाजपा ने उनके इस बयान पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता नारायण तिरुपति ने उन्हें पुरानी बातें याद दिलाते हुए कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस और तमिलनाडु में डीएमके की सरकार थी तभी 1974 में कच्चातीवु श्रीलंका को सौंप दिया गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डीएमके ने 14 साल तक केंद्र में सत्ता साझा की,लेकिन तब इस मुद्दे पर कुछ नहीं किया। उल्टा हमने अपनी सरकार में यह सुनिश्चित किया है कि श्रीलंकाई नौसेना कोई गोलीबारी न करे, जबकि कांग्रेस के शासन में लगभग 1,000 मछुआरे मारे गए थे।

श्रीलंका द्वारा जब्त की गई भारतीय मछुआरों की नौकाओं की नीलामी और भारतीय मछुआरों की आजीविका को नुकसान पहुंचाने के सवाल पर नारायण तिरुपति ने कहा कि वार्ता जारी है। हमने प्रभावित श्रीलंकाई तमिल मछुआरों और भारतीय तमिल मछुआरों के बीच कई दौर की बातचीत की है। लेकिन जब तक आप उनसे बात करके कोई समाधान नहीं निकालेंगे, यह समस्या समाप्त नहीं होगी।

रसेल के संन्यास ने चौंकाया, नौवें नंबर पर बल्लेबाजी कर बनाया ऐसा रिकॉर्ड जिसे तोड़ना मुश्किल

रसेल के संन्यास ने चौंकाया, नौवें नंबर पर बल्लेबाजी कर बनाया ऐसा रिकॉर्ड जिसे तोड़ना मुश्किल
वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। 37 साल का यह ऑलराउंडर करियर के आखिरी दो मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा, जो कि एक टी20 मैच होगा। रसेल का चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टी20 सीरीज में हुआ है। इस सीरीज के शुरुआती दो मैच जमैका के सबीना पार्क में खेले जाएंगे, जो कि रसेल का घरेलू मैदान है। इन्हीं दो मैच के बाद रसेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। वेस्टइंडीज क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्हें ट्रिब्यूट दिया। इसमें रसेल का भी बयान है। वैसे तो रसेल के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ज्यादा बड़े रिकॉर्ड्स नहीं हैं, लेकिन वनडे में उनके द्वारा भारत के खिलाफ साल 2011 में बनाया गया एक रिकॉर्ड आज भी कायम है।

रसेल का रिकॉर्ड जो टूटना मुश्किल
दरअसल, साल 2011 में भारत ने वेस्टइंडीज का दौरा किया था। तब नॉर्थ साउंड में हुए वनडे में आंद्रे रसेल ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी और नाबाद 92 रन की पारी खेली थी। 64 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और पांच छक्के लगाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 143.75 का रहा था। नाबाद 92 रन वनडे क्रिकेट में नौवें या इससे निचले नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर है। उनके बाद वेस्टइंडीज के ही रवि रामपॉल का नंबर आता है, जिन्होंने 2011 में ही विशाखापत्तनम में वनडे में 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 75 गेंद पर नाबाद 86 रन बनाए थे। रसेल द्वारा वनडे में बनाया गया यह रिकॉर्ड शायद ही कोई नौवें या इससे नीचे बैटिंग करने वाला खिलाड़ी तोड़ पाए।

रसेल ने 2019 में आखिरी वनडे खेला था। इसके बाद से वह वेस्टइंडीज के लिए सिर्फ टी20 ही खेल रहे हैं। भले ही वह वनडे न खेल रहे हों, लेकिन इस प्रारूप में उनका स्ट्राइक रेट बाकी सभी से बेहतर है। वनडे में रसेल का करियर स्ट्राइक रेट 130.22 का है, जो कि सर्वश्रेष्ठ है। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल का नंबर आता है। उन्होंने 126.70 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस लिस्ट में भारत के शीर्ष खिलाड़ी यूसुफ पठान हैं। उन्होंने 113.60 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

इसके अलावा टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 2024 में पर्थ में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंद में चार चौके और सात छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 71 रन बनाए थे। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी कर चुके खिलाड़ियों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इस लिस्ट में शीर्ष पर अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी हैं। उन्होंने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंद में छह चौके और नौ छक्कों की मदद से 89 रन बनाए थे।

सावन शिवरात्रि कब है? जलाभिषेक मुहूर्त और व्रत विधि जाने

सावन शिवरात्रि कब है? जलाभिषेक मुहूर्त और व्रत विधि जाने
सावन शिवरात्रि हिंदू धर्म में एक अत्यंत पावन और शुभ पर्व माना जाता है। यह दिन संपूर्ण रूप से भगवान शिव को समर्पित होता है और सावन मास की खास शिवरात्रि होने के कारण इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। इस दिन देशभर में भक्त बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ व्रत रखते हैं और रात्रि जागरण कर शिव-पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सावन शिवरात्रि पर व्रत करने और शिवलिंग पर जलाभिषेक करने से जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और इच्छित फल की प्राप्ति होती है।

सावन शिवरात्रि के दिन भक्तजन भगवान शिव का रुद्राभिषेक करते हैं, जिसमें जल, दूध, दही, शहद, घी और गंगाजल से अभिषेक किया जाता है। यह पूजा रात्रि के चार प्रहरों में की जाती है और विशेष मंत्रों का जाप कर महादेव को प्रसन्न किया जाता है। इस वर्ष सावन शिवरात्रि 23 जुलाई 2025, बुधवार के दिन मनाई जाएगी।

सावन शिवरात्रि की तिथि
सावन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि आरंभ: 23 जुलाई, प्रातः 04:39 मिनट पर
सावन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि समाप्त:24 जुलाई, देर रात 02:28 मिनट पर
इस तरह 23 जुलाई को सावन माह की शिवरात्रि मनाई जाएगी।

न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने बने मप्र हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश

न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने बने मप्र हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश
न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने गुरुवार को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति सचदेवा मई माह से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें राज्य के उच्च न्यायालय का 29वां मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी वह अधिसूचना पढ़कर सुनाई, जिसमें न्यायमूर्ति सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई थी।

दिल्ली में 26 दिसंबर 1964 को जन्मे न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने 1985 में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, दिल्ली से वाणिज्य (ऑनर्स) में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से 1988 में विधि स्नातक (एलएलबी) की डिग्री ली। वह 1 अगस्त 1988 को दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए और उसी वर्ष से वकालत शुरू की।

सुरेश कैत के रिटायरमेंट के बाद संभाली जिम्मेदारी
जस्टिस संजीव सचदेवा को 24 मई 2025 को एक्टिंग चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया था। वे तत्कालीन चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत के रिटायरमेंट के बाद से चीफ जस्टिस का दायित्व संभाल रहे थे। इससे पहले भी वे 9 जुलाई 2024 से 24 सितंबर 2024 तक प्रदेश के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का दायित्व संभाल चुके हैं। 30 मई 2024 को जस्टिस संजीव सचदेवा का दिल्ली हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में ट्रांसफर हुआ था।

इंदौर लगातार 8वीं बार भारत का सबसे स्वच्छ शहर

इंदौर लगातार 8वीं बार भारत का सबसे स्वच्छ शहर
केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर को लगातार आठवीं बार भारत के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब मिला। ऐसे ही सूरत को दूसरा स्थान मिला। इससे पहले मध्य प्रदेश का इंदौर लगातार सात बार देश के सबसे स्वच्छ शहर बनने का खिताब हासिल कर चुका है। इस बार इंदौर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 की सुपर लीग में शामिल किया गया। सुपर लीग में सिर्फ उन्हीं 23 शहरों को शामिल किया गया, जो अब तक हुए सर्वेक्षणों में पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर रहे हैं। इंदौर ने सुपर लीग 2024-25 में भी बाजी मार ली है।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 पुरस्कार प्रदान किए
सर्वेक्षण के नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित विज्ञान भवन में आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय (एमओएचयूए) की ओर से आयोजित एक समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 पुरस्कार प्रदान किए। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल और अन्य लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

4,500 से अधिक शहरों को कवर किया गया
सरकार के मुताबिक, ‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ मिशन का मकसद बड़े पैमाने पर नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही इससे समाज के सभी वर्गों के बीच कस्बों और शहरों को रहने के लिए बेहतर स्थान बनाने के लिए मिलकर काम करने के लिए जागरूक करने का प्रयास किया जाता है। नौवें वर्ष में प्रवेश करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण ने स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और सेवा वितरण का मूल्यांकन किया। इसमें 10 मापदंडों और 54 संकेतकों का इस्तेमाल करते हुए 4,500 से अधिक शहरों को कवर किया गया।

इंदौर-खंडवा रेल परियोजना को मिली हरी झंडी

इंदौर-खंडवा रेल परियोजना को मिली हरी झंडी
इंदौर-खंडवा रेल परियोजना को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इस महत्वपूर्ण रेल लाइन के लिए वन विभाग ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है, जिससे परियोजना की सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। अब इस रेल मार्ग के निर्माण को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा। यह रेल लाइन उत्तर भारत को दक्षिण भारत से जोड़ने वाला सबसे छोटा और सीधा मार्ग होगी, जो न केवल इंदौर के व्यापारिक और औद्योगिक विकास को नई गति देगी, बल्कि यात्रियों के लिए समय और दूरी की बचत भी करेगी। यह परियोजना मालवांचल के लिए एक नया युग शुरू करने वाली है, जो क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देगी।

सांसद शंकर लालवानी के प्रयास लाए रंग
इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने इस परियोजना में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने रेलवे अधिकारियों और वन विभाग के बीच संयुक्त बैठक करवाई, जिससे तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल हुईं। हाल ही में सांसद लालवानी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर इस परियोजना की प्राथमिकता पर जोर दिया और वन विभाग से अनुमति दिलवाने का अनुरोध किया। उनके इन प्रयासों के परिणामस्वरूप परियोजना को गति मिली है।

दक्षिण भारत से सीधी कनेक्टिविटी का सपना होगा साकार
इंदौर-खंडवा रेल लाइन के पूरा होने के बाद इंदौर का सीधा संपर्क खंडवा, भुसावल, नासिक और मुंबई के साथ-साथ तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों से हो जाएगा। यह रेल कॉरिडोर मालवांचल के व्यापारियों, किसानों और यात्रियों के लिए तेज, किफायती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगा। सांसद लालवानी ने बताया कि यह रेल मार्ग मालवांचल और दक्षिण भारत के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

80 किमी होगी इंदौर-खंडवा की नई दूरी
पहले मीटरगेज लाइन पर इंदौर से खंडवा की दूरी 48 किमी थी, लेकिन ब्रॉडगेज ट्रैक के निर्माण के लिए पातालपानी के पहले घूमकर ट्रेन बलवाड़ा पहुंचेगी, जिससे दूरी बढ़कर 80 किमी हो जाएगी। हालांकि, इस नए ट्रैक से इंदौर को बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई जैसे दक्षिण भारतीय शहरों और जयपुर, अजमेर जैसे उत्तर भारतीय शहरों तक सीधी पहुंच मिलेगी। अभी इन शहरों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। यह नया रेल मार्ग उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाला सबसे छोटा रूट होगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और रेलवे का मुनाफा भी बढ़ेगा।

एक दशक से बंद थी रेल कनेक्टिविटी
पिछले एक दशक से इंदौर और खंडवा के बीच रेल कनेक्टिविटी बंद थी। पहले यहां मीटरगेज लाइन थी, जो महू से पातालपानी, कालाकुंड, बलवाड़ा और चौरल होते हुए खंडवा तक जाती थी। अब ब्रॉडगेज लाइन के लिए महू से पातालपानी के पहले घूमकर बलवाड़ा तक ट्रैक बनाया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण 32 किमी का घुमाव है, जिसमें 454 हेक्टेयर वन विभाग की जमीन शामिल है। रेलवे लंबे समय से इस जमीन पर ट्रैक बिछाने की अनुमति मांग रहा था, जो अब मिल गई है।

छत्तीसगढ़ में ऊर्जा सुधारों को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़ में ऊर्जा सुधारों को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग द्वारा वर्ष 2025-26 हेतु घोषित बिजली टैरिफ में मात्र 1.89 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जो कि विगत वर्षों में न्यूनतम वृद्धि में से एक है। यह निर्णय जनसुनवाई की प्रक्रिया के बाद पारदर्शी ढंग से लिया गया है और इसे घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर स्टील और रोलिंग मिल उद्योगों तक ने सराहा है।

आम उपभोक्ताओं को राहत, किसानों पर कोई अतिरिक्त भार नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू विद्युत दरों में केवल 10 से 20 पैसे तक की मामूली वृद्धि की गई है, जबकि कृषि पंप उपभोक्ताओं के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है — जिसका सीधा असर किसानों पर नहीं पड़ेगा क्योंकि यह राशि शासन द्वारा सब्सिडी के रूप में पहले से अग्रिम भुगतान की जा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के कृषक वर्ग पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े। सरकार किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा कर रही है।

उद्योगों को बढ़ावा — स्टील इंडस्ट्री की दरों में कटौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों को प्रतिस्पर्धात्मक बनाए रखने हेतु मिनी स्टील, रोलिंग मिल और फेरो एलॉय जैसे ऊर्जा-गहन उद्योगों की दरों में कटौती की है। यह निर्णय उद्योगों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बेहतर आपूर्ति और घटती हानियाँ: गुणवत्तापूर्ण वितरण प्रणाली की दिशा में अग्रसर छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में औसतन 23.85 घंटे/दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 23.45 घंटे/दिन बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। विशेष रूप से कृषि फीडरों में 18 घंटे प्रतिदिन की आपूर्ति दी जा रही है, जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक आंकड़ों में शामिल है। तकनीकी और वाणिज्यिक हानि (AT&C Loss) को 2020-21 में 23.14% से घटाकर 2024-25 में 13.79% किया गया है। यह उपलब्धि दक्ष संचालन, पारदर्शी व्यवस्था और तकनीकी सुधारों का प्रमाण है।

अधोसंरचना विकास के लिए बड़ा निवेश, कोरबा में 1320 मेगावॉट का नया प्लांट
वर्तमान टैरिफ में केपिटल इन्वेस्टमेंट प्लान का भी समावेश है जिसके अंतर्गत ट्रांसमिशन कंपनी के लिए ₹2433 करोड़, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए ₹3977 करोड़ और जनरेशन कंपनी के लिए ₹2992 करोड़ का प्रावधान है। कोरबा में 1320 मेगावॉट के प्लांट की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिसकी लागत ₹15,800 करोड़ है। इससे छत्तीसगढ़ भविष्य में ऊर्जा-सरप्लस राज्य बनेगा और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

सौर ऊर्जा की ओर एक कदम: घरेलू उपभोक्ताओं के लिए डबल अनुदान योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के संयंत्रों पर ₹78,000 तक केंद्र सरकार से अतिरिक्त 2 किलोवाट तक के संयंत्रों पर ₹30,000 तक राज्य शासन से अनुदान दिया जाएगा। यह योजना छत्तीसगढ़ के घरेलू उपभोक्ताओं को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में क्रांतिकारी पहल है।

ऊर्जा के क्षेत्र में 3 लाख करोड़ रुपये के करार, आएगी रोजगार क्रांति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पॉवर कंपनी/शासन द्वारा 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के करार किए गए हैं, जिससे आने वाले समय में ऊर्जा उत्पादन और रोजगार दोनों के क्षेत्र में क्रांति आएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारी प्राथमिकता है कि बिजली उपभोक्ताओं को न केवल निर्बाध आपूर्ति मिले, बल्कि वह गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और टिकाऊ हो। वर्तमान और भावी योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ ऊर्जा के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानक स्थापित करेगा।

शेयर बाजार की सपाट शुरुआत

शेयर बाजार की सपाट शुरुआत
अमेरिकी मुद्रास्फीति में तेजी के बीच वैश्विक शेयर बाजारों में नरम रुख देखा जा रहा है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार के सूचकांक- सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी टैरिफ नीति को लेकर अनिश्चितता के माहौल में निवेशक एहतियात बरत रहे हैं। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 103.16 अंक गिरकर 82,467.75 अंक पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 56.75 अंक गिरकर 25,139.05 अंक पर आ गया। सेंसेक्स की जिन कंपनियों में सर्वाधिक गिरावट दिखी उनमें- महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, इटरनल, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व प्रमुख हैं। ट्रेंट, टेक महिंद्रा, अदानी पोर्ट्स और एचडीएफसी बैंकों के शेयरों में बढ़त देखी गई।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने बताया कि पिछले दो महीनों से बाजार एक सीमित दायरे में ही उतार-चढ़ाव कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से निफ्टी 25,500 के पार जा सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि ट्रेड डील निवेशकों के बीच सकारात्मक संकेत और ट्रिगर का काम कर सकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत आय समर्थन और आय वृद्धि की संभावना के कोई संकेत नहीं हैं।

एक्सचेंज ने जो आंकड़े साझा किए इसके अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 120.47 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। आर्थिक मामलों के जानकार और मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (अनुसंधान) प्रशांत तापसे ने बताया कि निफ्टी में निवेशक सतर्क रहेंगे। व्यापारी अमेरिकी मुद्रास्फीति के स्थिर आंकड़ों और जारी टैरिफ खतरों को समझ रहे हैं। बुधवार को वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.20 प्रतिशत बढ़कर 68.85 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

इससे पहले मंगलवार को पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 317.45 अंक या 0.39 प्रतिशत चढ़कर 82,570.91 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 113.50 अंक या 0.45 प्रतिशत बढ़कर 25,195.80 पर बंद हुआ था।

दिल्ली में पांच स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

दिल्ली में पांच स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
दिल्ली के द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल और वसंत वैली स्कूल में ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली है। वहीं अब तक पांच स्कूलों को आज धमकी भरे ई-मेल आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस जांच कर रही है। अभी तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।

सबसे पहले द्वारका के सेंट थॉमस और वसंत कुंज इलाके के वसंत वैली स्कूल को धमकी मिली थी। जिसके बाद मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, रिचमंड ग्लोबल स्कूल और सरदार पटेल विद्यालय को भी धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, बॉम्ब स्क्वायड, डॉग स्क्वाड और साइबर एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। दोनों स्कूलों को सुरक्षा के मद्देनजर खाली कराया गया है।

तीन दिन में 10 स्कूलों और कॉलेज को मिली धमकी
बम की खबर को लेकर दिल्ली पुलिस ने बयान जारी करते हुए कहा कि द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल, वसंत कुंज स्थित वसंत वैली स्कूल, हौज खास स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय को आज सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पिछले तीन दिनों में लगभग 10 स्कूलों और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की ऐसी धमकियां मिली हैं।

स्टीफन कॉलेज व सेंट थॉमस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
इससे पहले, नेवी चिल्ड्रन स्कूल और सीआरपीएफ स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी की जांच चल ही रही थी कि मंगलवार को डीयू के सेंट स्टीफन कॉलेज और छावला के सेंट थॉमस स्कूल के लिए ईमेल आ गए। किसी ने ईमेल कर स्कूल में आरडीएक्स और आईईडी रखे होने की जानकारी दी।

बोकारो में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर

बोकारो में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर
बोकारो जिले के बिरहोरडेरा जंगली क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई जब पुलिस और सुरक्षाबल इलाके में नक्सल विरोधी छापेमारी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो नक्सलियों को मार गिराया। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

मुठभेड़ में भाकपा माओवादी के नक्सलियों से लोहा लेते हुए कोबरा-209 बटालियन का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ उसी लुगू पहाड़ क्षेत्र में हुई है, जहां इसी साल अप्रैल महीने में एक करोड़ के इनामी सहित आठ नक्सली सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पुलिस की गोलीबारी में कई नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है। फिलहाल क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...