महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी

महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी
राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी कर दी है। महिला और बाल विकास विभाग की ओर से प्रदेश की 69.23 लाख से अधिक महिलाओं को 647.66 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि बैंक खाते में अंतरित की गई है। जून से इस माह योजना से लगभग सात हजार महिलाएं कम हो गई हैं। उन्हें सूची से बाहर कर दिया गया।

बता दें कि जून में 69,30,041 महिलाओं को राशि जारी की गई थी। जबकि इस महीने 69,23,167 को राशि जारी की गई है। योजना की शुरूआत से अब तक योजना से करीब 90 हजार महिलाओं के नाम हटाए गए हैं। इसमें करीब 48 हजार के नाम मृत्यु की जानकारी मिलने के बाद सूची से बाहर किया गया है।

हर महीने 28 तारीख को अपडेट होता है लिस्ट
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों, परियोजना अधिकारी और हितग्राहियों के स्वजन की ओर से मृत्यु होने की जानकारी दी जाती है। हर महीने 28 तारीख तक हुए मृत्यु की जानकारी पोर्टल के माध्यम से संकलित करने के बाद सूची से हटाया जाता है। योजना की शरुआत में कुछ महिलाओं ने ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन किया था। इसके अलावा कुछ के आधार कार्ड 10 साल से अधिक पुराने होने के कारण निष्क्रिय थे, जिसकी वजह से नाम हटाए गए हैं।

साथ ही कुछ शासकीय सेवा में होने के बाद भी योजना का लाभ ले रही थीं। शिकायत मिलने पर उनके नाम हटाकर राशि वसूली की जा रही है। संदेहास्पद हितग्राहियों को चिन्हांकित कर होल्ड फार इन्क्वायरी में डालकर भुगतान रोका गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से महतारी वंदन योजना की शुरुआत की थी। 70 लाख 12 हजार 417 महिलाओं के खाते में 1000-1000 रुपये की पहली किस्त जारी हुई थी। 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा व परित्यक्ता को प्रतिमाह एक हजार रुपये दी जाती है।

शुभमन गिल के पास इस सीरीज में युवराज-गंभीर समेत कई दिग्‍गजों को छोड़ने का मौका

शुभमन गिल के पास इस सीरीज में युवराज-गंभीर समेत कई दिग्‍गजों को छोड़ने का मौका
इंग्‍लैंड के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज में कप्‍तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। लीड्स टेस्‍ट में जहां उनके बल्‍ले से शतक आया था तो वहीं गिल ने एजबेस्‍टन टेस्‍ट में भी शतक जड़ा है। ये क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में उनका 16वां शतक है। उनके शतक की बदौलत ही भारतीय टीम का स्‍कोर पांच विकेट के नुकसान पर 310 रन है। इस शतक के साथ ही उन्‍होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए हैं, अगर वह इस सीरीज में कुछ और शतक लगाने में सफल रहे तो युवराज सिंह जैसे कई दिग्‍गजों के सभी फॉर्मेट में सबसे ज्‍यादा शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। आइये आपको बताते हैं कि कौन कौन से दिग्‍गजों के रिकॉर्ड पर गिल की नजर होगी।

धोनी और रहाणे का पछाड़ा
शुभमन गिल के नाम अब क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में 16 शतक हैं, जिनमें से 7 टेस्ट, 8 वनडे और एक टी20 में आया है। बर्मिंघम में अपने शतक के साथ भारतीय टेस्ट कप्तान ने सभी प्रारूपों में भारत के लिए सबसे ज़्यादा शतक लगाने वालों की सूची में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और अजिंक्य रहाणे को पीछे छोड़ दिया है। इन दोनों कप्तानों के नाम 16 शतक हैं।

एक्टिव प्‍लेयर्स की सूची में दूसरे पायदान पर शुभमन गिल
बता दें कि भारत के लिए सभी फॉर्मेट में सबसे ज्‍यादा शतक लगाने वाले भारतीयों की सूची में शुभमन गिल 16वें पायदान पर हैं। वहीं, इस लिस्‍ट में टॉप पर भारत के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम 100 शतक हैं। वहीं, एक्टिव प्‍लेयर्स की सूची में भारतीय कप्तान दूसरे पायदान पर हैं। उनसे ऊपर 17 शतक के साथ केएल राहुल हैं। गिल को युवराज सिंह की बराबरी के लिए एक शतक और केएल राहुल की बराबरी करने के लिए दो शतक की जरूरत है।

कोर्ट ने शेख हसीना को दी 6 महीने की सज़ा

कोर्ट ने शेख हसीना को दी 6 महीने की सज़ा
बांग्लादेश (Bangladesh) की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) को पिछले साल 5 अगस्त को अपना देश और प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। देश में छात्र आंदोलन के कारण बढ़ती राजनीतिक अस्थिरता के चलते पूर्व बांग्लादेशी पीएम अपनी बहन शेख रेहाना (Sheikh Rehana) के साथ बांग्लादेश छोड़कर भारत (India) आ गई थीं। तभी से वह भारत सरकार की शरण में रह रही हैं। हालांकि मुहम्मद यूनुस (Muhammad Yunus) के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार शेख हसीना का प्रत्यर्पण (Extradition) चाहती है और इसके लिए कई बार भारत सरकार से मांग भी कर चुकी है, पर इसका कोई फायदा नहीं हुआ। हालांकि अब इस पूरे मामले में एक नया मोड़ आ गया है।

शेख हसीना को मिली 6 महीने की जेल की सज़ा
शेख हसीना को कोर्ट की अवमानना के मामले में 6 महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई है। बुधवार को बांग्लादेश के अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (इंटरनेशनल क्राइम ट्रिब्यूनल) की तीन सदस्यीय बेंच ने उन्हें यह सज़ा सुनाई और यह तब से लागू होगी जब शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी होगी।

हर हाल में शेख हसीना का प्रत्यर्पण चाहता है बांग्लादेश
बांग्लादेश हर हाल में शेख हसीना का प्रत्यर्पण चाहता है और यह बात उसकी अंतरिम सरकार की तरफ से कई बार साफ कर दी गई है। हालांकि इस मामले में भारत की तरफ से बांग्लादेश को कोई समर्थन नहीं मिल रहा है।

क्या भारत पर बनेगा दबाव?
बांग्लादेश के अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण द्वारा शेख हसीना को 6 महीने की जेल की सज़ा सुनाए जाने से अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या भारत पर दबाव बनेगा? बांग्लादेश की अंतरिम सरकार काफी समय से शेख हसीना पर कानूनी कार्रवाई के लिए उनका प्रत्यर्पण चाहती है, लेकिन भारत ऐसा नहीं कर रहा है। बांग्लादेश ने कई बार इस मामले में अंतर्राष्ट्रीय हस्तक्षेप की भी चेतावनी दी है, लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हुआ है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के पासपोर्ट डिपार्टमेंट ने इसी साल जनवरी में शेख हसीना का पासपोर्ट रद्द कर दिया था। हालांकि इसके बावजूद भारत सरकार ने उनका वीज़ा बढ़ा दिया है। ऐसे में साफ है कि भारत सरकार का शेख हसीना के बांग्लादेश प्रत्यर्पण का कोई इरादा नहीं है।

केदारनाथ में भूस्खलन, 9 घंटे फंसे रहे यात्री

केदारनाथ में भूस्खलन, 9 घंटे फंसे रहे यात्री
उत्तराखंड के केदारनाथ में 9 घंटे से बंद पड़ी यात्रा गुरुवार को दोपहर 12 बजे से दोबारा शुरू हो गई है। यहां एक दिन पहले मंदाकिनी नदी पर बने छोटे पर सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में भारी लेंड स्लाइड होने से रास्ता बंद कर दिया गया था। 9 घंटे चले अभियान के बाद गुरुवार को दोबारा खोल दिया गया। सोनप्रयाग में रोके गए मध्य प्रदेश समेत देशभर से आए सैकड़ों तीर्थ यात्री दोबारा केदारनाथ की ओर रवाना हो गए हैं।

क्षेत्र में बुधवार रात 9 बजे से जारी तेज बारिश के चलते रात करीब 3 बजे भुसखलन हुआ था। तभी से केदरनाथ धाम की यात्रा अस्थाई तौर पर बंद कर दी गई थी। फिर राहत एवं बचाव दल को सूचना दी गई, जिसके बाद तड़के 4 बजे से राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया गया। फिलहाल, करीब गुरुवार दोपहर 12 बजे यात्रा को दोबारा से शुरु कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि, भुसखलन में करीब 40 से अधिक तीर्थ यात्री फंस भी गए हैं, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसके लिए पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं, मध्य प्रदेश से गए श्रद्धालुओं को सोन प्रयाग में रोका गया था।

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बीते वर्ष 31 जुलाई को आई आपदा के कारण सोनप्रयाग-गौरीकुंड 6 कि.मी मार्ग के बीच हाईवे जगह-जगह ध्वस्त हो गया था, जिसके बाद यात्रा मार्ग पर फंसे हजारों यात्रियों का रेस्क्यू किया गया। मुनकटिया में ऊपरी पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिर रहे थे, जिन्हे रोकने की व्यवस्था कर ली गई है।

लेंड स्लाइड के कारण फंसे थे तीर्थ यात्री
लेंड स्लाइड के चलते केदारनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे 40 से ज्यादा यात्री बीच में फंसे थे। बीती देर रात सभी यात्री स्लाइड जोन में फंस गए थे, जिसके बाद मौके पर तैनात एसडीआरएफ के जवानों ने 40 श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की खबर है।

कौन होगा दलाई लामा का उत्तराधिकारी

कौन होगा दलाई लामा का उत्तराधिकारी
तिब्बत (Tibet) के बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा (Dalai Lama) का उत्तराधिकारी कौन होगा, इसके कयास लगाए जाने शुरू हो गए हैं। दलाई लामा की उम्र 89 वर्ष है और 6 जुलाई को वह 90 साल के हो जाएंगे। उनकी बढ़ती उम्र को ध्यान में रखते हुए दुनियाभर में बौद्ध धर्म का पालन करने लोगों के मन में यह सवाल है कि दलाई लामा के बाद उनकी ज़िम्मेदारी कौन संभालेगा और किसे 15वां दलाई लामा नियुक्त किया जाएगा? इस मामले पर चीन (China) के दखल देने पर अब भारत (India) ने भी जवाब दिया है।

भारत ने लगाई लताड़
दलाई लामा के उत्तराधिकारी के चयन के मामले में चीन की दखलंदाज़ी पर अब भारत ने लताड़ लगाई है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने इस मामले पर बात करते हुए कहा, “दलाई लामा का पद तिब्बतियों के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में बौद्ध धर्म के सभी अनुयायियों के लिए काफी अहम है। दलाई लामा का उत्तराधिकारी कौन होगा, इस बात का फैसला लेने का अधिकार पूरी तरह से उनके हाथ में है और कोई भी इसमें दखल नहीं दे सकता।”

क्या कहा था चीन ने?
दलाई लामा के उत्तराधिकारी के चयन के मामले पर चीन की तरफ से बयान जारी किया गया है कि उनकी मंज़ूरी के बिना यह संभव नहीं है। चीन के विदेश मंत्रालय ने इस बारे में कहा है कि दलाई लामा के उत्तराधिकारी का चयन चीन की केंद्र सरकार की मंज़ूरी लेने के बाद ही किया जाएगा।

कौन होगा दलाई लामा का उत्तराधिकारी?
दलाई लामा, बौद्ध धर्मगुरु की उपाधि है। जेत्सुन जम्फेल न्गवांग लोबसांग येशे तेनजिन ग्यात्सो (Jetsun Jamphel Ngawang Lobsang Yeshe Tenzin Gyatso) जिन्हें तेनजिन ग्यात्सो नाम से जाना जाता था, फिलहाल 14वें दलाई लामा हैं। अपने उत्तराधिकारी के चयन के बारे में बात करते हुए दलाई लामा ने साफ कर दिया कि इस बात का फैसला उनके निधन के बाद होगा और वो भी तिब्बती बौद्ध परंपराओं के अनुसार। अपने उत्तराधिकारी के चयन की ज़िम्मेदारी दलाई लामा ने ‘गादेन फोडंग ट्रस्ट’ को सौंपी है और यह भी बताया है कि इस काम में कोई अन्य व्यक्ति, संगठन या सरकार दखलअंदाज़ी नहीं कर सकती।

गुरुवार को करें ये खास उपाय, चमक सकता है भाग्य

गुरुवार को करें ये खास उपाय, चमक सकता है भाग्य
गुरुवार को भगवान विष्णु का दिन माना जाता है। इस दिन विधि-विधान से पूजा-पाठ और व्रत करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। साथ ही जीवन में बुद्धि, वाणी और व्यापार में वृद्धि होती है।

कब शुरू कर सकते हैं गुरुवार का व्रत (When Start Guruvar Vrat)
अग्नि पुराण और स्कंद पुराण के अनुसार गुरुवार के दिन व्रत रखने से धन, समृद्धि, संतान और सुख-शांति की प्राप्ति होती है। इस व्रत को किसी भी माह के शुक्ल पक्ष के पहले गुरुवार से शुरू कर सकते हैं। व्रत 16 गुरुवार तक करना चाहिए।
व्रत रखने के लिए इस दिन पीले वस्त्र धारण करने और पीले फल और पीले फूलों का दान करने से भी लाभ होता है।

गुरुवार के इस उपाय से पूरी होती है मनोकामना (Guruvar Upay)
गुरुवार के दिन भगवान विष्णु को हल्दी चढ़ाने से मनोकामना पूरी होती है और पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इसके अलावा इस दिन विद्या की पूजा करने से भी ज्ञान में वृद्धि होती है। गुरुवार के दिन किसी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति को अन्न और धन का दान करने से भी पुण्य प्राप्त होता है।

गुरुवार व्रत पूजा विधि (Guruvar Vrat Puja Vidhi))
1.मान्यता है कि केले के पत्ते में भगवान विष्णु का वास होता है। इसलिए गुरुवार के दिन केले के पौधे की पूजा की जाती है।
2. इस दिन व्रत शुरू करने के लिए आप सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें, फिर मंदिर या पूजा स्थल को साफ करें और गंगाजल छिड़ककर शुद्ध करें।
3. एक चौकी पर कपड़ा बिछाकर पूजन सामग्री रखें, इसके बाद भगवान विष्णु का ध्यान करके व्रत का संकल्प लें।
4. फिर केले के वृक्ष की जड़ में चने की दाल, गुड़ और मुनक्का चढ़ाकर भगवान विष्णु की पूजा करें।
5. दीपक जलाएं और कथा सुनें और भगवान बृहस्पति भगवान की आरती करें। उसके बाद आरती का आचमन करें।
6. इस दिन पीले रंग के खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।

छतरपुर के बागेश्वर धाम में टेंट गिरने से 1 की मौत

छतरपुर के बागेश्वर धाम में टेंट गिरने से 1 की मौत
छतरपुर जिले के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम पर टेंट गिरने से उत्तर प्रदेश के बस्ती के एक श्रद्धालु श्याम लाल कौशल की मौत हो गई। हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। गुरुवार सुबह मंदिर में आरती के समय श्रद्धालु मंदिर परिसर में थे तभी अचानक टेंट टूट कर गिर पड़ा और उसमें कुछ लोग दब गए।

टेंट का एक सरिया श्रद्धालु को लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बारिश से बचने के लिए काफी श्रद्धालु शेड के नीचे इकट्ठा थे, इसलिए भगदड़ की स्थिति बनी। श्रद्धालु श्याम लाल कौशल उम्र 50 वर्ष पुत्र स्वामी दयाल कौशल मूलत: बस्ती जिला, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। इनके साथ आसपास रहने वाले परिवार के और भी सदस्य यहां पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार धाम में तेज आंधी के साथ हुई बारिश की वजह से शेड गिर गया।

बागेश्वर धाम पर शेड गिरने में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी निशा पुत्री श्याम सिर में लोहे की रॉड घुसने से घायल हुई हैं। पन्ना लाल उम्र 65 साल निवासी जिला महोबा भी घायल हो गए, जिनका छतरपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में आरती में शामिल हो रहे थे। उसी दौरान, तेज हवा या निर्माण में खामी के चलते एक भारी टेंट अचानक गिर पड़ा। कुछ लोग टेंट के नीचे दब गए और वहां अफरा-तफरी मच गई।

इस दौरान टेंट को खड़ा करने के लिए लगाए गए एक लोहे के रोड में एक श्रद्धालु की सिर पर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन और धाम प्रबंधन समिति ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पुलिस और एंबुलेंस की टीमें पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया।

भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा

भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा
भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लंबे समय से जिस सुविधा का इंतजार था, वह अब पूरी होने जा रही है। रेलवे प्रशासन द्वारा प्लेटफार्म-एक पर बनाए जा रहे वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष का काम पूरा हो चुका है और इसे जुलाई के पहले सप्ताह से यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

बारिश में यह सुविधा यात्रियों के लिए राहत देने वाली साबित होगी। नव निर्मित वेटिंग हाल में यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। रेलवे वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष के अलावा प्लेटफार्म नंबर-एक पर नया पॉड होटल भी बना रहा है।

इससे पहले प्लेटफार्म नंबर-छह पर पॉड होटल की सुविधा यात्रियों को दी जा चुकी है। अब प्लेटफार्म-एक पर भी इसी तरह की आधुनिक, सस्ती और सुरक्षित विश्राम सुविधा तैयार की जा रही है, जिसमें एक साथ 60 यात्री ठहर सकेंगे। अभी रेलवे की ओर से इसका शुल्क तय नहीं किया गया है।

रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रेन 01922-01921 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-पुणे-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की सेवाओं का विस्तार कर दिया गया है। इससे बीना, विदिशा, रानी कमलापति, नर्मदापुरम और इटारसी जैसे प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

हेमंत खंडेलवाल बने मध्य प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष

हेमंत खंडेलवाल बने मध्य प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष
बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल मध्य प्रदेश भाजपा के निर्विरोध नए प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। इसकी औपचारिक घोषणा धर्मेन्द्र प्रधान ने की और मंच पर सीएम डॉ. मोहन यादव सहित अन्य नेताओं ने खंडेलवाल को प्रमाण-पत्र देकर उनका स्वागत किया।

मंगलवार को केंद्रीय मंत्री और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष के लिए उनका इकलौता नामांकन आया। इस पद के लिए खंडेलवाल का नाम लंबे समय से चर्चा में सबसे आगे था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पसंद के चलते वह अध्यक्ष बने हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव भी खंडेलवाल के पक्ष में थे। खंडेलवाल ने प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का स्थान लिया।

यूक्रेन को बड़ा झटका, अमेरिका ने अहम हथियारों की सप्लाई पर लगाई रोक

यूक्रेन को बड़ा झटका, अमेरिका ने अहम हथियारों की सप्लाई पर लगाई रोक
रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच 3 साल से भी ज़्यादा समय से युद्ध चल रहा है। 24 फरवरी, 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था और तभी से यह युद्ध जारी है। युद्ध की शुरुआत में लगा था कि रूसी सेना कुछ दिन में ही जीत हासिल कर लेगी, लेकिन लगातार मिले इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेनी सेना अभी भी रूसी सेना के सामने डटी हुई है। यूक्रेन में इस युद्ध की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। कई शहर तबाह हो गए हैं। रूसी सेना ने भी युद्ध में कई सैनिक गंवा दिए हैं। इस युद्ध में अब तक यूक्रेन के लिए अमेरिका (United States Of America) सबसे बड़ा मददगार रहा है, लेकिन अब अमेरिका ने यूक्रेन को एक बड़ा झटका दे दिया है।

अमेरिका ने अहम हथियारों की सप्लाई पर लगाई रोक
युद्ध के दौरान अमेरिका ने एक बड़ा फैसला लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को दिए जाने वाले कई अहम हथियारों की सप्लाई पर रोक लगा दी है। अमेरिका ने यूक्रेन को इन हथियारों की सप्लाई का वादा तब किया था जब जो बाइडन (Joe Biden) अमेरिकी राष्ट्रपति थे। व्हाइट हाउस (White House) की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...