सता रही है कोई परेशानी तो गुप्त नवरात्रि में करें ये उपाय

सता रही है कोई परेशानी तो गुप्त नवरात्रि में करें ये उपाय
पंचांग के अनुसार आषाढ़ गुप्त नवरात्रि 2025 की शुरुआत आषाढ़ शुक्ल पक्ष की प्रथमा तिथि से होती है। इसी दिन माता की कलश स्थापना और उनका आवाहन होता है। यह आराधना गुप्त रूप से होती है। विशेष रूप से तंत्र साधक इस समय का इंतजार करते हैं।

2025 में आषाढ़ गुप्त नवरात्रि 26 जून से 04 जुलाई तक है। आइये जानते हैं कि गुप्त नवरात्रि के उपाय, जिससे समस्याओं का समाधान मिले। साथ ही आर्थिक समस्याएं, शत्रु बाधाएं, और पारिवारिक तनाव से छुटकारा मिले।
काली हल्दी का उपायः दूर होती है आर्थिक तंगी, बुरी नजर से रक्षा
काली हल्दी को धन और तंत्र संबंधित कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसे तांत्रिक पूजा में शुभ फल देने वाला माना जाता है। गुप्त नवरात्रि में शनिवार के दिन एक टुकड़ा काली हल्दी लें। इसे सिंदूर से रंगें और लाल कपड़े में बांधें। अब इसे अपनी तिजोरी या जहां आप पैसे रखते हैं वहां रख दें। इससे आर्थिक तंगी दूर होती है। इसके अलावा इस उपाय से शत्रु बाधाओं और बुरी नजर से भी रक्षा होती है।

कपूर और लौंग का उपायः झगड़े होते हैं दूर
घर में नकारात्मक ऊर्जा या कलह की स्थिति बनती है तो गुप्त नवरात्रि में कपूर और लौंग का उपाय आजमाना चाहिए। इसके लिए एक कटोरी में कपूर और लौंग लें और उसे जलाकर पूरे घर में विशेष रूप से उन स्थानों पर जहां झगड़े होते हैं उसे घुमाएं। यह उपाय घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती है और घर में शांति आती है।

काली मिर्च का उपायः नकारात्मक शक्तियां होती हैं काबू
गुप्त नवरात्रि 2025 में किसी रात एक कटोरी में काली मिर्च रखें, उसे घर के किसी कोने में ऐसी जगह रखें, जहां किसी की नजर न पड़े। फिर सुबह उसे निर्जन स्थान पर फेंक दें या मिट्टी में गाड़ दें। इससे बुरी नजर से राहत मिलती है और घर की नकारात्मक शक्तियां निष्क्रिय हो जाती हैं।

पीपल पत्ते का उपायः धन लाभ और सुख समृद्धि
गुप्त नवरात्रि 2025 उपाय के अनुसार पीपल के पत्ते पर ‘राम’ नाम लिखें, उस पर कुछ मीठा बताशा या गुड़ रखें। फिर इसे हनुमान मंदिर में चढ़ा दें। इससे हनुमानजी की कृपा मिलती है। धन लाभ और सुख-समृद्धि मिलती है।

कौड़ी और अक्षत का उपायः आर्थिक स्थिति में होगा सुधार
गुप्त नवरात्रि 2025 में धन वृद्धि के लिए यह उपाय बेहद कारगर माना जाता है। इसके लिए लाल कपड़ा लें उसमें अक्षत और कुछ सफेद या पीली कौड़ियां रखें। इसे बांधकर तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दें। मान्यता है कि इससे धन आने के बंद रास्ते खुल जाते हैं और आर्थिक स्थिति में सुधार आता है।

अडानी-अंबानी के बीच हुई डील

अडानी-अंबानी के बीच हुई डील
देश के दो दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी और गौतम अडानी ने अपने एक दूसरे कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए पार्टनरशिप की है. इसके तहत दोनों ऑटोमेटव फ्यूल की बिक्री को आगे बढ़ाएंगे. दरअसल, मुकेश अंबानी के ज्वाइंट वेंचर रिलायंस बीपी मोबिलिटी (Reliance BP Mobility) और गौतम अडानी की कंपनी अडानी टोटल गैस लिमिटेड (Adani Total Gas Ltd- ATGL) के बीच एक डील हुई है.
दोनों कंपनियों में क्या हुई डील?

इस डील के तहत ATGL के कुछ पेट्रोल पंप पर Jio-bp ब्रांड का पेट्रोल और डीजल मिलेगा. इसी तरह से, Jio-bp के कुछ पेट्रोल पंप में ATGL के CNG स्टेशन लगाए जाएंगे. इससे दोनों ही कंपनियों की फ्यूल की बिक्री बढ़ेगी, दोनों का कारोबार भी आगे बढ़ेगा और इससे आम इंसान को भी फायदा पहुंचेगा क्योंकि इससे ग्राहकों को एक ही कंपनी के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल, डीजल और CNG तीनों मिल जाएंगे. इससे सफर के दौरान भी आसानी रहेगी.

इस पार्टनरशिप के तहत दोनों ही कंपनियों के अभी जितने पेट्रोल पंप हैं उनके साथ-साथ आने वाले समय में लगाए जाने वाले आउटलेट को भी कवर किया जाएगा. Jio-bp के देशभर में टोटल 1,972 पेट्रोल पंप हैं, जबकि ATGL के 650 CNG स्टेशन हैं. ये सारे के सारे कवर किए जाएंगे.

इससे पहले इस काम के लिए साथ आए आगे
हाल के दिनों में यह दूसरी बार है, जब दो बिजनेस टायकून एक साथ कारोबार करने के लिए आगे आए हैं. इस साल मार्च में दोनों ने मध्य प्रदेश में एक पावर प्रोजेक्ट के लिए साथ आए थे. इसके तहत, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अडानी पावर की मध्य प्रदेश में चल रहे एक पावर प्रोजेक्ट में 26 परसेंट हिस्सेदारी खरीदी और साथ ही रिलायंस ने 500 मेगावाट बिजली खरीदने का भी समझौता किया.
एक-दूसरे के रास्ते नहीं आए दोनों

जहां अंबानी की दिलचस्पी तेल और गैस से लेकर रिटेल और टेलीकॉम तक फैली हुई है. वहीं, अडानी के फोकस में बंदरगाहों से लेकर एयरपोर्ट्स कोल और माइनिंग है. हालांकि, दोनों ही कारोबारियों के क्लीन एनर्जी के बिजनेस में अरबों डॉलर के निवेश का प्लान बनाया है. जहां अडानी रिन्यूएबल एनर्जी मेगा पार्क बना रहे हैं और सोलर मॉड्यूल व विंड टरबाइन की मैन्युफैक्चरिंग में भी कदम रखा है.

वहीं, रिलायंस गुजरात के जामनगर में सोलर पैनल, बैटरी, ग्रीन हाइड्रोजन और फ्यूल सेल के लिए चार गीगाफैक्ट्री बना रही है. रिलायंस का प्लान गुजरात के कावड़ा में रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी बनाने का भी है, जहां अडानी 30 गीगावाट की कैपेसिटी वाला दुनिया का सबसे बड़ा सोलर पार्क भी बना रहे हैं.

‘गोबर, कचरे और बांस से चलेंगी गाड़ियां’- केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी

‘गोबर, कचरे और बांस से चलेंगी गाड़ियां’- नितिन गडकरी
भारत हर साल 22 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा केवल कच्चे तेल के आयात पर खर्च करता है. इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था पर भारी बोझ पड़ता है, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा भी खतरे में रहती है. अब इस स्थिति को बदलने के मिशन पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी हैं, उनकी योजना भारत को तेल आयातक से ऊर्जा निर्यातक देश बनाना है.

क्या है सरकार की फ्यूल क्रांति योजना ?
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर और ओहमियम इंटरनेशनल के बीच हुए एक समझौते के दौरान यह स्पष्ट किया कि भारत अब चार प्रमुख वैकल्पिक ईंधनों पर तेज़ी से काम कर रहा है. इन विकल्पों में ग्रीन हाइड्रोजन, इथेनॉल और फ्लेक्स-फ्यूल, कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) और इसोब्यूटेनॉल डीजल मिक्स शामिल हैं.

इस पूरी रणनीति का उद्देश्य भारत में स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देना, ईंधन की लागत को कम करना और एक Pollution-free energy system तैयार करना है, जो देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जाए.

हाइड्रोजन ट्रक का ट्रायल शुरू
सरकार ने जानकारी दी है कि 500 करोड़ रुपये की लागत से 27 हाइड्रोजन ट्रकों का परीक्षण शुरू किया गया है. इन ट्रकों को देश के प्रमुख राजमार्ग रूट्स -दिल्ली-आगरा, मुंबई-पुणे, जामनगर-वडोदरा, भुवनेश्वर-पुरी और विशाखापट्टनम-विजयवाड़ा पर दौड़ाया जा रहा है. इन ट्रकों में Hydrogen ICE (Internal Combustion Engine) और फ्यूल सेल टेक्नोलॉजी दोनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो इन्हें पारंपरिक डीजल वाहनों से अधिक पर्यावरण के अनुकूल बनाता है. ट्रायल को सपोर्ट देने के लिए देशभर में 9 हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग स्टेशन भी तैयार किए जा चुके हैं.

ग्रीन हाइड्रोजन
नितिन गडकरी ने ग्रीन हाइड्रोजन को भारत का ऊर्जा भविष्य घोषित किया है. यह हाइड्रोजन Solar और wind power से तैयार किया जाता है, इसमें कोई कार्बन उत्सर्जन नहीं होता, जिससे यह स्वच्छ ईंधन बनता है. गडकरी ने वैज्ञानिकों, स्टार्टअप्स और निजी कंपनियों से आग्रह किया है कि वे कचरे, बांस, गोबर और ऑर्गेनिक वेस्ट से ग्रीन हाइड्रोजन बनाने की तकनीकों पर काम करें. इस दिशा में NTPC और कुछ निजी कंपनियों ने पहले ही प्रयोग करना शुरू कर दिया है.

इथेनॉल, फ्लेक्स-फ्यूल और बायोगैस
गडकरी की योजना में इथेनॉल और बायोगैस को भी प्रमुख भूमिका दी गई है. अब पूरे देश में 20% इथेनॉल मिलाकर पेट्रोल बेचना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे तेल आयात में भारी कमी लाने की तैयारी है. इसके अलावा, टोयोटा इनोवा हायक्रॉस जैसी फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड कारों के प्रोटोटाइप तैयार हो चुके हैं और जल्द ही ये बाजार में आम लोगों के लिए उपलब्ध होंगी. साथ ही, ग्रामीण इलाकों में कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट लगाए जा रहे हैं, जो न केवल गांवों को साफ ईंधन देंगे बल्कि किसानों को एक्स्ट्रा इनकम के सोर्स भी देंगे. इसोब्यूटेनॉल डीजल मिक्स पर भी टेस्ट किए जा रहे हैं, जिससे ट्रकों और भारी वाहनों के लिए एक क्लीन फ्यूल विकल्प उपलब्ध हो सके.

भारत की ऑटो इंडस्ट्री में नई क्रांति
भारत का ऑटोमोबाइल सेक्टर अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है. नितिन गडकरी का लक्ष्य है कि आने वाले पांच वर्षों में भारत दुनिया का नंबर 1 ऑटोमोबाइल मार्केट बने. इस उद्देश्य को पाने के लिए देश की बड़ी ऑटो कंपनियां अब हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिक, इथेनॉल और हाइब्रिड वाहनों में तेजी से निवेश कर रही हैं.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉल कर कुशलक्षेम जानी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉल कर कुशलक्षेम जानी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इजरायल-ईरान युद्ध के चलते कतर से वापसी के लिये रह गई उज्जैन निवासी मनीषा भटनागर की सकुशल स्वदेश वापसी के बाद उनसे वीडियो कॉल पर चर्चा कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उल्लेखनीय है कि श्रीमती मनीषा भटनागर कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रु हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनकी सकुशल वापसी के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सहयोग के लिए अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के संबंधित अधिकारियों को केंद्र सरकार के संपर्क में रहते हुए मनीषा की सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

इंदौर में आज बुजुर्गों के आवास स्नेह धाम का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री

इंदौर में आज बुजुर्गों के आवास स्नेह धाम का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री
स्कीम नंबर 134 में बनाए गए सीनियर सिटीजन कॉम्प्लेक्स स्नेह धाम का लोकार्पण बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसके साथ ही बुजुर्गों को यहां पर रहने की सुविधा मिल सकेगी। एजेंसी ने फर्स्ट फ्लोर और सेकंड फ्लोर के 8 कमरें तैयार कर दिए हैं। यहां पर रहने के लिए बुजुर्गों को 35000 रुपये हर महीने प्रति व्यक्ति शुल्क चुकाना होगा। इसमें आवास, भोजन, योग और अन्य गतिविधियों की सुविधा मिलेगी। अगर पति-पत्नी एक साथ रहते है, तो किराए में छूट दी जाएगी और उनको 60 हजार रुपये शुल्क चुकाना होगा। चिकित्सा और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी यहां पर बुर्जुगों को मिलेगी।

स्नेह धाम का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री

इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) द्वारा बनाए गए सीनियर सिटीजन कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। इस कॉम्प्लेक्स के संचालन का जिम्मा बालाजी सेंट्रल फर्म को 10 साल के लिए दिया गया है। कंपनी इसके बदले में आईडीए को प्रतिमाह चार लाख 10 हजार रुपये की राशि देगी। कंपनी कॉम्प्लेक्स में बुजुर्गों को रहने की सुविधा उपलब्ध कराएगी। यहां पर 22, 2 BHK और 10, 1 BHK रूम बनाए गए है। एजेंसी ने प्रत्येक कक्ष में दो बेड लगाए है, जहां पर एक साथ दो बुजुर्ग रह सकेंगे। एजेंसी द्वारा बुजुर्गों के खाने-पीने का ध्यान भी रखा जाएगा। कंपनी के 40 कर्मचारी यहां पर मौजूद रहेंगे। आईडीए के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी आरपी अहिरवार ने बताया कि कॉम्प्लेक्स में सभी तरह की सुविधाएं बुजुर्गो के लिए जुटाई गई है। 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को यहां पारिवारिक वातावरण में रहने की सुविधा मिलेगी।

विदेश में नौकरी करने वालों के बुजुर्गों को होगा फायदा

प्रदेश और शहर के ऐसे बुजुर्ग जिनके बच्चें विदेश में नौकरी करने के लिए गए है। वह यहां पर पारिवारिक माहौल में रह सकेंगे। एजेंसी द्वारा बुजुर्गों की सेहत से लेकर खान पान का पुरा ध्यान रखा जाएगा। बुजुर्गों को यहां पर अनेक गतिविधियों की सुविधा मिलेगी। मंगलवार को यहां पर मुख्यमंत्री के लोकार्पण के साथ ही तीन बुजुर्ग यहां पर रहने के लिए पहुंचेंगे। उज्जैन में प्रकाश जैन ने स्नेह धाम में रहने के लिए बुकिंग करवा ली है और वह आज रहने के लिए आ जाएंगे।

ये रहेंगी सुविधाएं

प्रत्येक शयन कक्ष में दो बैड लगाए गए है और बाहर हाल में सौफा और टीवी युनिट लगाई गई है। किचन में फ्रीज, इंडेक्शन और जरूरी क्राकरी की सुविधा मिलेगी। इससे बुजुर्ग अपनी सुविधा के अनुसार चाय-काफी या गर्म पानी कर पी सकेंगे। प्रत्येक कक्ष के किचन में आरओ भी लगाए गए है और बाथरूम में गर्म पानी की सुविधा भी मुहैया होगी। फिजियोथेरेपिस्ट के साथ नर्स और डॉक्टर की सुविधा भी यहां रहेंगी। कॉम्प्लेक्स के नीचे एक एम्बुलेंस 24 घंटे मौजूद रहेगी। प्रत्येक फ्लोर पर नॉन-स्लिप रूम बनाए गए हैं।

छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मध्य क्षेत्रीय परिषद बना सार्थक मंच: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मध्य क्षेत्रीय परिषद बना सार्थक मंच: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
उत्तरप्रदेश के वाराणसी में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह परिषद केन्द्र और राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय का सशक्त मंच बन चुकी है, जिसके माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के विभिन्न क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिली है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में मध्य क्षेत्रीय परिषद ने ठोस योगदान दिया है। छत्तीसगढ़ राज्य की अर्थव्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, सांस्कृतिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास में परिषद की भूमिका निर्णायक रही है।

नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक बढ़त, बस्तर में विकास का नया युग
मुख्यमंत्री साय ने नक्सल समस्या पर बोलते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। बसवराजू और सुधाकर जैसे शीर्ष नक्सली नेताओं के न्यूट्रलाइज होने को उन्होंने नक्सलवाद की रीढ़ टूटने जैसा करार दिया। उन्होंने बताया कि बस्तर के विकास के लिए बोधघाट-महानदी इंद्रावती लिंक जैसी कई हजार करोड़ की परियोजनाओं पर भी हम काम कर रहे हैं। रावघाट-जगदलपुर रेललाइन परियोजना को मिली मंजूरी भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विकास और सुशासन की दिशा में ठोस कार्य
मुख्यमंत्री ने परिषद को अवगत कराया कि पिछली बैठक में दिए गए सुझावों पर तेजी से अमल हुआ है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 28 नई बैंक शाखाएं, डॉयल-112 सेवा का विस्तार, 82 हजार से अधिक बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालना जैसी उपलब्धियाँ राज्य के विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने स्थानीय खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच दिया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 87.2 प्रतिशत नागरिकों को कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, और 1075 में से 1033 शासकीय अस्पताल इससे जोड़े जा चुके हैं।

ऊर्जा, निवेश और औद्योगिक विकास में राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद राज्य को अब तक 5.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें 3.5 लाख करोड़ पावर सेक्टर से हैं। छत्तीसगढ़ देश में विद्युत उत्पादन में दूसरे स्थान पर है और 2030 तक प्रथम स्थान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 23 घंटे 27 मिनट और शहरी क्षेत्रों में 23 घंटे 51 मिनट की औसत विद्युत आपूर्ति राज्य के ऊर्जा प्रबंधन की दक्षता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 6 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का कार्य प्रगति पर है।

सुगम सेवाएँ, सशक्त पंचायतें और नई श्वेत क्रांति
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डेढ़ लाख से अधिक सोलर कृषि पंप किसानों को सिंचाई सुविधा प्रदान कर रहे हैं। एनडीडीबी के साथ हुए एमओयू से राज्य में दुग्ध उत्पादन में नया विस्तार होगा। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र पंचायतों में डिजिटल सुशासन के सेतु बन रहे हैं और लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2011 के प्रभावी क्रियान्वयन से सेवाओं की पारदर्शी और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित हुई है।

विकास और सुशासन में छत्तीसगढ़ बना मॉडल राज्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के अभियान में पूरी निष्ठा से सहभागी है। मध्य क्षेत्रीय परिषद के माध्यम से संवाद और समन्वय का यह मंच छत्तीसगढ़ को और भी आगे ले जाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

इन दो टीमों को पछाड़कर इंग्लैंड बनी नंबर-1

इन दो टीमों को पछाड़कर इंग्लैंड बनी नंबर-1
भारत और इंग्‍लैंड के बीच 5 टेस्‍ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मेजबान ने पांच विकेट से अपने नाम किया है। भारत ने अपनी पहली पारी में 471 रन का विशाल स्‍कोर बनाया था, जिसके जवाब में इंग्‍लैंड ने 465 रन बना डाले। इस तरह भारत को पहली पारी के आधार पर सिर्फ 6 रन की बढ़त मिली। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 364 रने बनाते हुए 371 रन का लक्ष्‍य दिया, जिसे इंग्‍लैंड ने आसानी से हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही इंग्लिश टीम ने आईसीसी वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में पहला स्‍थान हासिल कर लिया है।

बांग्‍लादेश और श्रीलंका दूसरे और तीसरे स्‍थान पर
वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप 2025-27 का चक्र शुरू हो चुका है। इस चक्र में अब तक दो मैच खेले गए हैं। पहला मुकाबला श्रीलंका और बांग्‍लादेश के बीच 17 जून से खेला गया था, जो कि ड्रॉ रहने के चलते दोनों टीमों को चार-चार अंक दिए गए। वहीं, अब इंग्‍लैंड ने भारत को हराते हुए WTC की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्‍थान पर कब्‍जा कर लिया है। पॉइंट्स टेबल में बांग्‍लादेश और श्रीलंका क्रमश: दूसरे और तीसरे स्‍थान पर है। जबकि भारत आखिरी यानी चौथे स्‍थान पर है।

पॉइंट्स टेबल का गणित
बता दें कि वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप 2025-2027 में एक टेस्‍ट जीतने पर टीम को 12 अंक मिलेंगे। वहीं, अगर मैच ड्रॉ रहता है तो दोनों टीमों को चार-चार अंक दिए जाएंगे। जबकि मैच टाई होने पर दोनो टीमों को 6-6 अंक दिए जाएंगे। जो भी दो टीमें पहले और दूसरे स्‍थान पर रहेंगी, उनके बीच डब्‍ल्‍यूटीसी का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

ISRO की अंतरिक्ष में नई छलांग, Axiom-4 मिशन पर करेगा ये 7 अहम एक्सपेरिमेंट

ISRO की अंतरिक्ष में नई छलांग, Axiom-4 मिशन पर करेगा ये 7 अहम एक्सपेरिमेंट
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) एक बार फिर अंतरिक्ष में इतिहास रचने को तैयार है। Axiom-4 मिशन के तहत, ISRO के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 14 दिनों की यात्रा पर हैं। इस मिशन में ISRO सात महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग करेगा, जो अंतरिक्ष अनुसंधान और भविष्य की मानव अंतरिक्ष यात्राओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। यह मिशन NASA, Axiom Space, और SpaceX के सहयोग से संचालित हो रहा है, जिसका प्रक्षेपण 25 जून 2025 को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से SpaceX के फाल्कन 9 रॉकेट और ड्रैगन अंतरिक्षयान के जरिए हुआ।

Axiom-4 मिशन के सात एक्सपेरिमेंट
फसल बीजों पर अंतरिक्ष का प्रभाव: इस प्रयोग में छह प्रकार के फसल बीजों को अंतरिक्ष की माइक्रोग्रैविटी परिस्थितियों में रखा जाएगा। मिशन के बाद इन बीजों को पृथ्वी पर लाकर कई पीढ़ियों तक उगाया जाएगा, ताकि उनके आनुवंशिक परिवर्तन, माइक्रोबियल लोड, और पोषण मूल्य का अध्ययन किया जा सके। यह भविष्य में अंतरिक्ष में खेती के लिए महत्वपूर्ण है।
साइनोबैक्टीरिया का अध्ययन: इस प्रयोग में दो प्रकार के साइनोबैक्टीरिया (जल-आधारित बैक्टीरिया जो प्रकाश संश्लेषण करते हैं) की वृद्धि दर, कोशिकीय प्रतिक्रियाएं, और जैव रासायनिक गतिविधियों का माइक्रोग्रैविटी में विश्लेषण किया जाएगा। ये बैक्टीरिया अंतरिक्षयान के पर्यावरण नियंत्रण प्रणालियों में उपयोगी हो सकते हैं।
मांसपेशियों की पुनर्जनन: यह प्रयोग माइक्रोग्रैविटी में मानव मांसपेशियों की पुनर्जनन प्रक्रिया का अध्ययन करेगा, जो लंबी अवधि की अंतरिक्ष यात्राओं के लिए मानव स्वास्थ्य को समझने में मदद करेगा।

अंकुर और खाद्य माइक्रोएल्गी की वृद्धि: इस प्रयोग में अंकुरों और खाद्य माइक्रोएल्गी की वृद्धि का अध्ययन होगा, जो अंतरिक्ष में खाद्य उत्पादन के लिए एक टिकाऊ समाधान हो सकता है।
जलीय सूक्ष्मजीवों की जीविता: छोटे जलीय जीवों की माइक्रोग्रैविटी में जीविता और व्यवहार का विश्लेषण किया जाएगा, जो अंतरिक्ष में पारिस्थितिकी तंत्र के अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण है।

इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले के साथ मानव इंटरैक्शन: इस प्रयोग में माइक्रोग्रैविटी में इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले के साथ मानव बातचीत का अध्ययन होगा, जो भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों में तकनीकी इंटरफेस को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
खाद्य और पोषण संबंधी एक्सपेरिमेंट: शुभांशु शुक्ला ISRO और भारत के जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) के सहयोग से विकसित खाद्य और पोषण से संबंधित प्रयोग करेंगे। ये प्रयोग अंतरिक्ष में टिकाऊ जीवन समर्थन प्रणालियों को विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

मिशन का महत्व
Axiom-4 मिशन भारत के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, क्योंकि यह पहली बार है जब ISRO का कोई अंतरिक्ष यात्री ISS पर रहेगा। यह मिशन भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान कार्यक्रम के लिए भी महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करेगा, जिसका लक्ष्य 2027 में मानव अंतरिक्ष यान को लॉन्च करना है। इसके अलावा, यह मिशन भारत, पोलैंड, और हंगरी के अंतरिक्ष यात्रियों को ISS पर पहली बार भेजने का गौरव भी दिलाएगा।

BJP आज मना रही है ‘संविधान हत्या दिवस’

BJP आज मना रही है ‘संविधान हत्या दिवस’
भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज 25 जून को आपातकाल (Emergency) की 50वीं बरसी को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाएगी। यह दिन 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लागू किए जाने की याद दिलाता है, जिसे बीजेपी भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय मानती है। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य नई पीढ़ी को आपातकाल के दौरान हुए अत्याचारों और संवैधानिक मूल्यों के हनन के बारे में जागरूक करना है।

PM मोदी ने किया पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, “आज भारत के लोकतांत्रिक इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक, आपातकाल लागू होने के 50 साल पूरे हो गए हैं। भारत के लोग इस दिन को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाते हैं।”

गृह मंत्री अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने आपातकाल को ‘अन्यायकाल’ करार देते हुए कहा कि यह कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता और सत्ता की भूख का परिणाम था। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, “25 जून 1975 को इंदिरा गांधी ने ‘आंतरिक अशांति’ का बहाना बनाकर संविधान की हत्या की थी। कांग्रेस आज भी उसी मानसिकता के साथ चल रही है।”

सेबी ने रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट पर कसा शिकंजा

सेबी ने रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट पर कसा शिकंजा
सेबी ने रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 26 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए उसके बैंक, डीमैट खातों और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को जब्त करने का आदेश दिया है। यह कदम रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड की ओर से अवैध फंड डायवर्जन के संबंध में नवंबर में जारी नोटिस के बाद उठाया गया है।

बाजार नियामक ने 14 नवंबर को रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (जिसे अब आरबीईपी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के रूप में जाना जाता है) को एक नोटिस भेजा था और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) के मामले में धन के अवैध डायवर्जन से संबंधित आरोपों पर इकाई को 15 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान करने को कहा था।

नोटिस के अनुसार, रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट पर 26 करोड़ रुपये बकाया थे, जिसमें ब्याज और वसूली लागत शामिल थी। नोटिस के अनुसार, सेबी ने कहा कि यह मानने के लिए पर्याप्त कारण हैं कि चूककर्ता बैंक खातों और डीमैट खातों या म्यूचुअल फंड फोलियो में प्रतिभूतियों का निपटान कर सकता है और “इससे, देय राशि की वसूली में देरी या बाधा उत्पन्न होगी”।

इसलिए, सेबी ने सभी बैंकों, डिपॉजिटरीज और म्यूचुअल फंडों से कहा कि वे खातों से किसी भी प्रकार की डेबिट की अनुमति न दें। पिछले सप्ताह नियामक ने कंपनी से धन के अवैध हस्तांतरण के लिए 78 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए तीन संस्थाओं को कुर्की नोटिस भेजा था।

ये संस्थाएं हैं, आधार प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड, इंडियन एग्री सर्विस प्राइवेट लिमिटेड और मोहनबीर हाई-टेक बिल्ड प्राइवेट लिमिटेड। इस वर्ष अगस्त में सेबी ने उद्योगपति अनिल अंबानी, रिलायंस होम फाइनेंस के पूर्व प्रमुख अधिकारियों सहित 24 अन्य संस्थाओं को कंपनी से धन के हेर-फेर के लिए प्रतिभूति बाजार से पांच वर्ष के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।

सेबी ने अंबानी पर 25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है और उन्हें पांच साल के लिए किसी भी सूचीबद्ध कंपनी या बाजार नियामक के साथ पंजीकृत किसी भी मध्यस्थ में निदेशक या प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक (केएमपी) के रूप में प्रतिभूति बाजार से जुड़ने पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, नियामक ने रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) को प्रतिभूति बाजार से छह महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया और उस पर 6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...