देश के 4 राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव

देश के 4 राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों (Assembly By Election) पर वोटिंग (Voting) शुरू हो गई है। गुजरात (Gujarat) की 2, केरल (Kerala), पश्चिम बंगाल (West Bengal) और पंजाब (Punjab) की एक-एक सीट पर मतदान जारी है। इन सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। उपचुनाव का रिजल्ट 23 जून को आएगा। गुजरात और पंजाब में मुकाबला त्रिकोणीय है। यहां कांग्रेस (Congress), भाजपा (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी मैदान में है। केरल में कांग्रेस लेफ्ट (Left) के खिलाफ चुनाव लड़ रही है, जबकि बंगाल में दोनों का गठबंधन है।

उपचुनाव की ये है वजह
गुजरात की कडी सीट से भाजपा विधायक पंजाबभाई सोलंकी का फरवरी में निधन हो गया था। जिसके चलते सीट खाली हुई थी। विसावदर सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक भूपेंद्र भाई गंडूभाई ने 13 दिसंबर 2023 को पद से इस्तीफा दे दिया था। वह आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। उपचुनाव में आप ने गोपाल इटालिया को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा से किरीट पटेल प्रत्याशी हैं।

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट से आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का इसी साल जनवरी में निधन हुआ था। इस सीट पर 14 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी ने उपचुनाव में राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को प्रत्याशी बनाया है। वह 2022 से राज्यसभा सांसद हैं। कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण को चुनावी दंगल में उतारा है। भाजपा ने जीवन गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है।

तेहरान नहीं माना तो होगा भीषण युद्ध – अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

तेहरान नहीं माना तो होगा भीषण युद्ध – अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
इजरायल-ईरान युद्ध (Iran Israel War) का आज सातवां दिन है। दोनों ही देश एक दूसरे पर भीषण हमला कर रहे हैं। अब खबर सामने आ रही है संयुक्त राष्ट्र अमेरिका (United States of America) भी इस युद्ध में कूदेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) ने ईरान (Iran) पर हमले की मंजूरी दे दी है।

फाइनल आदेश के लिए रुकने को कहा
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा है कि उन्होंने ईरान पर हमले की मंजूरी दे दी है, लेकिन फाइनल आदेश के लिए अमेरिकी सेना को रुकने को कहा है। ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इजरायल के हमलों में शामिल होने की धमकी से तेहरान (Tehran) अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ देगा।

कोई नहीं जानता मैं क्या करने जा रहा हूं
अमेरिकी राष्ट्रपति निवास में पत्रकारों ने जब उनसे पूछा, ‘क्या अमेरिका ने ईरान के खिलाफ इजरायल के अभियान में शामिल होने का निर्णय लिया है’, इस पर ट्रंप ने कहा कि मैं ऐसा कर सकता हूं। मैं ऐसा नहीं भी कर सकता हूं। मेरा मतलब है, कोई नहीं जानता कि मैं क्या करने जा रहा हूं।

जिनेवा में बातचीत की योजना
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कहा कि जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन के विदेश मंत्री जिनेवा में अपने समकक्ष ईरानी विदेश मंत्री के साथ परमाणु वार्ता की योजना बना रहे हैं। इस बातचीत का उद्देश्य ईरान को इस बात के लिए राजी करना है कि ईरान अपने परमाणु का कार्यक्रम का उपयोग केवल नागरिक उद्देश्यों के लिए करेगा।

ईरानी राष्ट्र झुकेगा नहीं
ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामनेई ने कहा कि हम अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की धमकियों से डरने वाले नहीं है। हम उनकी धमकियों को नकार चुके हैं। अगर अमेरिका ईरान-इजरायल जंग में शामिल होता है तो उसके बुरे परिणाम होंगे। ईरान कभी नहीं झुकेगा। अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप का करारा जवाब दिया जाएगा। जिससे अमेरिका को अपूर्णीय क्षति होगी।

उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के ‘ईरान को बिना शर्त सरेंडर कर देना चाहिए’ बयान पर प्रतिक्रिया दी है। खामनेई ने कहा कि ईरान, ईरानी राष्ट्र की जनता धमकी भरी भाषा में कही गई बात को स्वीकार्य नहीं करेगी, क्योंकि ईरानी राष्ट्र सरेंडर नहीं करेगा।

Air India इंटरनेशनल उड़ानों में कटौती करेगा

Air India इंटरनेशनल उड़ानों में कटौती करेगा
एयर इंडिया ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15 प्रतिशत की कटौती करने का ऐलान किया है। यह फैसला अहमदाबाद में हाल ही में हुए विमान हादसे (Ahmedabad Plane Crash) के बाद लिया गया है, जिसमें 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की जान चली गई थी। यह कटौती वाइड-बॉडी विमानों पर लागू होगी और तत्काल प्रभाव से 20 जून 2025 तक शुरू हो जाएगी, जो कम से कम मध्य जुलाई तक जारी रहेगी।

हादसे के बाद सुरक्षा जांच का असर
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, यह निर्णय भारत के उड्डयन नियामक प्राधिकरण (DGCA) के निर्देश पर बोइंग 787 विमानों की सुरक्षा जांच के कारण लिया गया है। हादसे के बाद DGCA ने एयर इंडिया के पूरे बोइंग 787 बेड़े पर एकमुश्त सुरक्षा जांच का आदेश दिया था। अब तक नौ विमानों की जांच पूरी हो चुकी है, और बाकी 24 विमानों की जांच जल्द पूरी की जाएगी। इस प्रक्रिया के कारण कुछ लंबी दूरी की उड़ानों में देरी या रद्द होने की संभावना है।

कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
इस कटौती के चलते अगले कुछ हफ्तों में एयर इंडिया की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द किया गया है। पिछले छह दिनों में 83 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। प्रभावित यात्रियों को रिफंड या मुफ्त री-शेड्यूलिंग की सुविधा दी जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस आधिकारिक वेबसाइट पर जांच लें।

अहमदाबाद प्लेन हादसा
12 जून 2025 को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन गैटविक जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान AI171 टेकऑफ के तुरंत बाद मेघानी नगर के रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में केवल एक ब्रिटिश यात्री बच पाया था। टाटा समूह, जो एयर इंडिया का मालिक है, ने मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों के इलाज का खर्च उठाने की घोषणा की है।

पीएम मोदी का क्रोएशिया दौरा खास रहा, दोनों देशों के संबंधों को और मज़बूत करने समेत अहम विषयों पर हुई चर्चा

पीएम मोदी का क्रोएशिया दौरा खास रहा, दोनों देशों के संबंधों को और मज़बूत करने समेत अहम विषयों पर हुई चर्चा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Of India Narendra Modi) अपने पांच दिवसीय तीन देशों के दौरे के आखिरी चरण में क्रोएशिया (Croatia) पहुंचे। यह किसी भी भारतीय पीएम का पहला क्रोएशिया दौरा रहा। क्रोएशिया की राजधानी ज़ाग्रेब (Zagreb) पहुंचने पर पीएम मोदी का स्वागत खुद क्रोएशियाई पीएम आंद्रेज प्लेंकोविच (Andrej Plenković) ने किया। उनके साथ कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके साथ ही पीएम मोदी को एयरपोर्ट पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया। पीएम मोदी ने इस दौरान ज़ाग्रेब शहर का भ्रमण भी किया।

भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से किया पीएम मोदी का स्वागत
ज़ाग्रेब में पीएम मोदी के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय उमड़ पड़ा। लोगों ने बड़ी हो गर्मजोशी से पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी ने इस दौरान वहाँ रह रहे कई भारतीयों से बात भी की।

अहम विषयों पर हुई चर्चा
पीएम मोदी ने ज़ाग्रेब में क्रोएशियाई पीएम प्लेंकोविच के साथ कई अहम विषयों पर चर्चा की। दोनों देशों के संबंधों को और मज़बूत बनाने के लिए पीएम मोदी और क्रोएशियाई पीएम प्लेंकोविच ने रक्षा, सुरक्षा, फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, आईटी, नवीकरणीय ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, जहाज निर्माण, कनेक्टिविटी और अन्य क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करने पर बात की। इसके साथ ही दोनों के बीच भारत और क्रोएशिया के बीच सांस्कृतिक और लोगों के संबंधों को और भी गहरा करने पर बात हुई। पीएम मोदी और प्लेंकोविच ने पर्यटन को भी दोनों देशों को करीब लाने का एक बेहतरीन जरिया है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने क्रोएशिया के लोगों के बीच योग को लोकप्रिय होते देखकर खुशी भी जताई।

महामृत्युंजय मंत्र जप में रखें ये 11 सावधानियां

महामृत्युंजय मंत्र जप में रखें ये 11 सावधानियां
देवादिदेव महादेव को सरल, मुक्तिदाता और वरदान का देवता माना जाता है। इनकी आराधना से सभी कष्टों से छुटकारा मिल जाता है। भोलेनाथ के वेदमंत्रों का जाप से सुख समृद्धि और आरोग्य मिलता है। इसमें भी महामृत्युंजय मंत्र खास है।

कब करें महामृत्युंजय मंत्र (Kab Kare Mahamritunjay Mantra Ka Jap)
1. भविष्यवक्ता  के अनुसार यदि कुंडली में ग्रह दोष है या ग्रहों से संबंधित कोई ऐसी पीड़ा है जिसका निवारण मुश्किल लग रहा है जैसे ग्रह गोचर, ग्रहों के नीच, शत्रु राशि या किसी पाप ग्रह से पीड़ित होने पर इस मंत्र का जाप फायदेमंद है।
2. गंभीर रोग हो और मृत्युतुल्य कष्ट होने की दशा में महामृत्युंजय मंत्र संजीवनी बूटी जैसा काम करता है।
3. जमीन संबंधी विवाद में इस मंत्र का जाप करने से फायदा मिलता है। किसी महामारी के फैलने की दशा में यह मंत्र कवच की भांति कार्य करता है।
4. राजकाज संबंधी मामले के बिगड़ने और धन-हानि होने की दशा में महामृत्युंजय मंत्र का जाप करने से दिक्कत दूर होती है।
5. मेलापक में नाड़ीदोष और षडाष्टक की तकलीफ से भी इस मंत्र से लाभ होता है। धर्म-कर्म में मन न लगने पर महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए।
6. किसी भी तरह के कलह-क्लेश में महामृत्युंजय मंत्र रामबाण औषधि के समान है।

महामृत्युंजय मंत्र जाप में रखें ये 11 सावधानियां (Maha mrityunjaya Mantra Hindi Jaap Vidhi Precautions)
भविष्यवक्ता के अनुसार महामृत्युंजय मंत्र जाप करते समय विशेष सावधानियां जरूरी हैं। इन नियमों का पालन कर आप महामृत्युंजय मंत्र जाप का पूरा लाभ उठा सकते हैं और किसी भी तरह के अनिष्ट की आशंका भी समाप्त हो जाती है।
1.महामृत्युंजय मंत्र का जाप पूरी स्वच्छता और समर्पित भाव से करना चाहिए।
2. मंत्र जाप से पहले संकल्प लेना चाहिए। मंत्र जाप में मंत्र के उच्चारण की शुद्धता आवश्यक है।
3. मंत्र जप से पहले मंत्रों की एक निश्चित संख्या का निर्धारण कर लेना चाहिए। जितने मंत्रों का संकल्प लिया है उतनी संख्या पूर्ण होना चाहिए।
4. मंत्र जाप मानसिक यानी मन ही मन में या बहुत धीमे स्वर में करना श्रेष्ठ रहेगा। जप के समय दीपक जलता रहना चाहिए।
5. महामृत्युंजय मंत्र का जाप रुद्राक्ष की माला से करना अति उत्तम रहेगा। 6. जपमाला को गौमुखी में रखकर जाप करना चाहिए, जिससे किसी की नजर उसके ऊपर न पड़े।
6. जप के समय शिवलिंग, शिव प्रतिमा, शिवजी की तस्वीर या महामृत्युंजय यंत्र सम्मुख होना चाहिए।
7. जप करते समय कुश के आसन पर बैठना चाहिए।
8. जपकाल में दूध मिले जल से शिवाभिषेक करते रहना चाहिए।
9. जपकाल में पूर्व दिशा की और मुख होना चाहिए। जप का स्थान और समय निश्चित होना चाहिए।
10. जप जितने दिनों तक चलता है उन दिनों में ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए।
11. सात्विक आहार को ग्रहण करना चाहिए। किसी की भी बुराई से बचना चाहिए।

इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका

इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका
भारतीय क्रिकेट टीम के स्‍टार बल्लेबाज करुण नायर इंग्लैंड के खिलाफ 20 जून से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले चोटिल हो गए। उन्‍हें नेट्स में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का सामना करते समय पसलियों में चोट लग गई। गेंद लगने के बाद नायर काफी परेशानी में नजर आए। करुण नायर के लिए यह बहुत बड़ा मौका है, क्योंकि 2017 के बाद से उनके पहले टेस्ट मैच खेलने की उम्मीद है। चयनकर्ताओं के नजरअंदाज करने के बाद नायर ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में जगह पक्‍की की है।

नेट्स सेशन के दौरान प्रसिद्ध कृष्णा ने करुण नायर को कई बाउंसर मारे। जिनमें से एक गेंद सीधे उनकी बाईं पसलियों पर लगी। भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने तुरंत डॉक्टरों से मदद मांगी। इस दौरान नायर काफी परेशानी में दिखे। हालांकि उन्‍होंने कुछ ठीक महसूस होने के बाद उन्‍होंने थोड़ी बल्‍लेबाजी भी की। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी कोच शितांशु कोटक के साथ लंबी तकनीकी बातचीत करते देखे गए।

दिल्ली-NCR समेत 20 राज्यों में मानसून मचाएगा तबाही

दिल्ली-NCR समेत 20 राज्यों में मानसून मचाएगा तबाही
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, और मणिपुर में तेजी से सक्रियता दिखाई है। कई राज्यों के लिए रेड (Red Alert) और ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किए गए हैं, जिससे बाढ़, भूस्खलन, और यातायात बाधित होने की आशंका बढ़ गई है।

IMD के अनुसार, यूपी में 20 जून तक मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी यूपी में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट है। सोनभद्र, बलिया, मऊ, और गाजीपुर जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। 19 जून से बारिश में और तेजी आएगी। बिहार में मानसून 17 जून को पूर्वी जिलों जैसे किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जामुई, और पश्चिम चंपारण में प्रवेश कर चुका है। IMD ने इन जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 18 जिलों में वज्रपात और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं का ऑरेंज अलर्ट है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां सिविल लाईन स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां सिविल लाईन स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां सिविल लाईन स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए –

1 मंत्रिपरिषद ने अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति सूची में तकनीकी कारणों से शामिल होने से वंचित जातियों को प्राप्त होने वाली कतिपय सुविधाएं के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए डिहारी कोरवा, बघेल क्षत्री, संसारी उरांव तथा पबिया, पविया, पवीया समाज के विद्यार्थियों को अनुसूचित जनजाति के समतुल्य एवं डोमरा जाति के विद्यार्थियों को अनुसूचित जाति के समतुल्य राज्य मद से मात्र राज्य छात्रवृत्ति तथा शिष्यवृत्ति प्रदान किये जाने एवं छात्रावास-आश्रमों में स्वीकृत सीट के अधीन प्रवेश दिए जाने की सुविधा प्रदान करने की सहमति दी है।

2 मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने और बिजली उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ पहुँचाने के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत घर की छतों में सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना में राज्य शासन द्वारा उपभोक्ताओं को वित्तीय सहायता दिए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के माध्यम से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने पर केंद्रीय वित्तीय सहायता के साथ-साथ राज्य की ओर से अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी दी जाएगी, जो सोलर प्लांट की क्षमता (1 किलोवाट, 2 किलोवाट, 3 किलोवाट और उससे अधिक) के आधार पर अलग-अलग होगी। उदाहरण के लिए, 1 किलोवाट प्लांट के लिए कुल 45,000 रूपए, (30,000 रूपए केंद्रीय और 15,000 रूपए राज्य सहायता) जबकि 3 किलोवाट या उससे अधिक के प्लांट के लिए 1,08,000 रूपए (78,000 रूपए केंद्रीय और 30,000 रूपए राज्य सहायता) की मदद मिलेगी। हाउसिंग सोसाइटी/रेसिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के लिए भी इसी तरह की सहायता प्रस्तावित की गई है। यह अनुदान राशि CSPDCL को अग्रिम रूप से मिलेगी और वही इसे लाभार्थियों को देगी। वर्ष 2025-26 में 60,000 और 2026-27 में 70,000 सोलर पावर प्लांट की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। इससे वित्तीय वर्ष 2025-26 में 180 करोड़ एवं 2026-27 में 210 करोड़ रूपए का वित्तीय भार आएगा।

CSPDCL इस योजना की कार्यान्वयन एजेंसी होगी और नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE), भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार इसे लागू करेगी। कंपनी इस योजना के संचालन के लिए एक अलग बैंक खाता खोलेगी, जिसमें सब्सिडी की राशि रखी जाएगी और उसका हिसाब-किताब किया जाएगा। राज्य वित्तीय सहायता उन घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता से दी जाएगी जिनके सोलर प्लांट का ग्रिड सिंक्रोनाइजेशन 1 अप्रैल 2025 या उसके बाद हुआ है।

3 मंत्रिपरिषद ने राज्य में वन्यजीव, खासकर बाघों के संरक्षण और ईको-पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘‘छत्तीसगढ़ टाइगर फाउंडेशन सोसायटी‘‘ का गठन करने का निर्णय लिया है। यह सोसायटी वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत काम करेगी। मध्य प्रदेश में यह 1996 से संचालित है। इसका मुख्य लक्ष्य छत्तीसगढ़ में लगातार घट रही बाघों की आबादी (फिलहाल लगभग 18-20) को बचाना है। यह संस्था स्व-वित्तपोषित होगी, जिससे सरकारी खजाने पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। यह सहयोग देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं से फंड जुटाएगी।

यह सोसायटी बाघों और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में सीधे शामिल होगी। यह स्थानीय समुदाय की भागीदारी से ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देगी, जिससे न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोज़गार और आय के अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, यह पर्यावरणीय शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण को प्रोत्साहित करेगी, जिससे भविष्य के संरक्षणवादी तैयार होंगे। इस पहल से संरक्षण के लिए बाहरी धन, विशेषज्ञता और संसाधन मिलेंगे, जिससे स्थानीय समुदायों को रोज़गार के नए अवसर मिलेंगे और राज्य का पर्यावरणीय संतुलन बना रहेगा।

यह छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी, जो जैव विविधता की रक्षा के साथ-साथ ईको-टूरिज्म को भी मजबूत आधार देगी।

4 मंत्रिपरिषद द्वारा अशासकीय अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्था ‘‘रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर की सहयोगी संस्था ‘‘विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल हेल्थ वेलफेयर एवं सेवायें, छत्तीसगढ़ (विश्वास)‘‘ को रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में अंतर्भूत (मर्ज) करने का अनुमोदन किया गया।

5 उद्यानिकी महाविद्यालय (उद्यानिकी विश्वविद्यालय) की स्थापना के लिए बेमेतरा जिले के साजा तहसील अंतर्गत बेलगांव में राजगामी संपदा की 94.290 हेक्टेयर भूमि में से 100 एकड़ भूमि उद्यानिकी विभाग को निःशुल्क प्रदान करने का निर्णय लिया गया।

6 जशपुर जिले में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा हर्बल व महुआ चाय जैसे पारंपरिक उत्पाद ‘JashPure’ ब्रांड के तहत तैयार किए जा रहे हैं। इन उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और विपणन को बढ़ावा देने हेतु इस ब्रांड को राज्य शासन अथवा CSIDC को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव का मंत्री परिषद ने अनुमोदन किया है।

ब्रांड हस्तांतरण से एग्रो व फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कच्चे माल की मांग बढ़ेगी और आदिवासी महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे। ट्रेडमार्क हस्तांतरण से राज्य पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।

7 मंत्रिपरिषद द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वाेच्च बलिदान को ध्यान में रखते हुए अनुकम्पा नियुक्ति हेतु जारी एकजाई पुनरीक्षित निर्देश-2013 की कंडिका 13 (3) में संशोधन करते हुए निर्णय लिया है कि – नक्सली हिंसा में शहीद पुलिस सेवकों के प्रकरण में उनके परिवार के किसी भी पात्र सदस्य (महिला या पुरूष) को विकल्प के आधार पर पुलिस विभाग के अलावा, किसी अन्य विभाग में, राज्य के किसी भी जिला, संभाग में अनुकम्पा नियुक्ति दी जा सकेगी। पहले अनुकम्पा नियुक्ति यथासंभव उसी विभाग या कार्यालय में देने की व्यवस्था थी, जिसमें दिवंगत शासकीय सेवक निधन के पूर्व कार्यरत था।

8 मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में गौण खनिजों के सुव्यवस्थित अन्वेषण, पूर्वेक्षण एवं अधोसंरचना के विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ‘‘स्टेट मिनरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट‘‘ (एसएमईटी) के गठन की अधिसूचना के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में स्टेट मिनिरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट के तहत समस्त गौण खनिजों से प्राप्त होने वाली रायल्टी 2 प्रतिशत राशि अतिरिक्त रूप से एसएमईटी फंड में जमा की जाएगी। जिसका उपयोग गौण खनिजों के अन्वेषण, अधोसंरचना विकास में उच्च तकनीकों का उपयोग, इन्फॉर्मेशन सिस्टिम, लॉजिस्टिक सपोर्ट, मानव संसाधनों के उन्नयन आदि में किया जा सकेगा। भारत सरकार के नेशनल मिनिरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट की तर्ज पर राज्य में स्टेट मिनिरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट का गठन किया जाएगा।

केंद्र सरकार ने जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू करने की घोषण कर सकती है

केंद्र सरकार ने जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू करने की घोषण कर सकती है
जनवरी से जुलाई 2025 के महंगाई भत्ते का ऐलान सितंबर से अक्टूबर के बीच होगा लेकिन उससे पहले एक खबर केंद्रीय कर्मचारियों को चिंता में डाल सकती है। वह यह कि इस बार महंगाई भत्ते में बंपर बढ़ोतरी की उम्मीद न के बराबर है। क्योंकि महंगाई की दर लगातार घट रही है और यही सरकारी कर्मचारियों के Dearness Allowance में बढ़ोतरी का असल आधार होती है।

रिटेल महंगाई दर के आंकड़े उत्साहित करने वाले नहीं
जानकारों की मानें तो मई में कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) के आंकड़े Dearness Allowance में बढ़ोतरी के लिहाज से उत्साहित नहीं कर रहे। हां, इससे घरेलू खर्च जरूर घटेगा। आंकड़ों के मुताबिक मई में CPI घटकर 2.82 प्रतिशत पर आ गया है, जो अप्रैल में 3.16 फीसदी था। यह छह साल के निम्न स्तर पर आ गया है। फरवरी 2019 में CPI rate 2.57 फीसदी था।

दूध-फल के दाम काफी नीचे आए
नेशनल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस के मुताबिक CPI में गिरावट का कारण खाद्य मुद्रास्फीति की दर का कम होना है। यानी दाल, सब्जी, फल, अनाज, अंडे और घरेलू सामान की कीमतें घटीं हैं। महंगाई की गणना करने वाले एजी ऑफिस ब्रदरहुड के पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर तिवारी बताते हैं कि रिटेल इंफ्लेशन का सीधा ताल्लुक Central Government Employees Dearness Allowance से है। रिटेल इंफ्लेशन जितना नीचे जाएगा महंगाई भत्ते पर उतना प्रतिकूल असर होगा।
AICPI के प्वाइंट में सुधार से कुछ उम्मीद जगी
तिवारी के मुताबिक हालांकि केंद्रीय कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर है कि All India Consumer Price Index (AICPI) में पहले के महीनों के मुकाबले अप्रैल में कुछ सुधार हुआ है। इससे कुछ हद तक महंगाई भत्ते में 2 फीसदी तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद जगी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रामीण रंग पर्यटन संग राज्य स्तरीय उत्सव को किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रामीण रंग पर्यटन संग राज्य स्तरीय उत्सव को किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्रामीण पर्यटन आत्मनिर्भरता और आत्म गौरव का प्रभावी माध्यम है। ग्राम स्तर पर पर्यटन गतिविधियों से जहां युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक उन्नति के अवसर उपलब्ध होते हैं, वहीं पर्यटन गतिविधियां, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, तीज-त्योहार-पर्व और खानपान को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी सहायक होती हैं। प्रदेश में विकसित हो रहे होम-स्टे भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के “अतिथि देवो भव:” के भाव को चरितार्थ करने का माध्यम बन रहे हैं। होम-स्टे संचालनकर्ता और राज्य सरकार का यह प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले सभी अतिथि प्रदेश के बारे में सकारात्मक छवि और अच्छी स्मृतियां साथ लेकर जाएं। पर्यटन के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनजातीय कार्य विभाग आदि समन्वित रूप से इस दिशा में कार्य कर रहे हैं। भारतीय संस्कृति में तीर्थाटन की परंपरा सदियों से रही है। दुनिया के लोग शौक और आनंद के लिए घर से निकलते हैं, वहां भारत के लोग चारधाम की मोक्ष यात्रा पर निकलते हैं, जहां वे सनातन सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अन्य प्रदेशों की विविध जीवनशैली और परंपराओं से परिचित होते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भारतीय मूल्यों के अनुरूप परस्पर विश्वास की भावना को बढ़ा रहे हैं। वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल के बावजूद भी देश प्रगति पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रामीण रंग पर्यटन संग राज्य स्तरीय उत्सव को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

रेस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन के लिए वेबसाइट लॉन्च, प्रदशर्नी का अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रामीण पर्यटन पर केंद्रित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्रामीण रंग पर्यटन संग उत्सव के अंतर्गत विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों और संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही चाक पर मिट्टी की कलाकृतियां भी बनाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के रेस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन के लिए डेडिकेटेड माइक्रो वेबसाइट लॉन्च की और प्रदेश के विभिन्न गांवों में निर्मित 241 होम-स्टे का वर्चुअल लोकार्पण किया।

पर्यटन को बढ़ावा देने हुए एमओयू
कार्यक्रम में ग्रामीण पर्यटन के विकास के लिए सिग्निफाइंग और टूरिज्म बोर्ड के बीच 61 गांवों में एलईडी एवं सोलर लाइट्स लगाने के लिए एमओयू का आदान प्रदान किया गया। साथ ही स्कोप ग्लोबल स्किल यूनिवर्सिटी और टूरिज्म बोर्ड के बीच फिल्म निर्माण एवं डिजिटल प्रमोशन के लिए एमओयू और एमपी टूरिज्म बोर्ड एवं एमपीएसईडीसी के बीच एमओयू का आदान-प्रदान किया गया।

टूरिज्म को भी मिलेगा वेलनेस समिट का लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही उत्तराखंड की तर्ज पर स्टेट टूरिज्म बोर्ड के माध्यम से पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर सर्विस शुरू की जाएगी। प्रदेश सरकार ने पर्यटकों के लिए वेलनेस सुविधाएं बढ़ाने के लिए समिट की है। वे यहां आएंगे तो उन्हें वन्य जीव पर्यटन, धार्मिक पर्यटन के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलेंगी। इससे प्रदेश का मेडिकल टूरिज्म बढ़ेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ होगा। प्रदेश टूरिज्म बोर्ड अपने दम पर विकास के पथ पर अग्रसर है। टूरिज्म बोर्ड के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार की गई फिल्में अद्भुत थीं। नए सिरे से इनके उपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। मध्यप्रदेश पर्यटन क्षेत्र में भारत ही नहीं दुनिया में शीर्ष स्थान प्राप्त करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होम-स्टे संचालकों से किया संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होम-स्टे निर्माण में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने वाले नर्मदापुरम, आगर, छतरपुर, निवाड़ी, मुरैना, सीहोर, सीधी और पन्ना सहित 10 जिला कलेक्टरों को सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 37 जिलों में होम-स्टे निर्मित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिलों में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ाने में सहयोग प्रदान करने के लिए 16 ग्राम पंचायतों के सरपंच और डीएटीसीसी सहित संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा समेत अन्य जिलों के होम-स्टे संचालकों से संवाद भी किया।

पर्यटकों की संख्या में हुई 526 प्रतिशत की वृद्धि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2020 की तुलना में 2024 में 526 प्रतिशत अधिक पर्यटक आए। ओरछा, खजुराहो के अलावा प्रदेश में कान्हा, पेंच और बांधवगढ़ आने वालों की संख्या बढ़ी है। देश के 5 सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय उद्यानों में यह तीनों स्थान शामिल हैं। देश के राष्ट्रीय उद्यानों में कान्हा को शीर्ष स्थान मिला है। दुनिया में सबसे ज्यादा टाइगर (बाघ) भारत और भारत में सबसे ज्यादा टाइगर मध्यप्रदेश में हैं। यह प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है। प्रदेश में गिद्ध, मगरमच्छ, घड़ियाल सहित कई वन्यप्राणी भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर लगभग 241 होम-स्टे शुरू करना एक अभिनव प्रयास है। बांधवगढ़, कान्हा और पेंच राष्ट्रीय उद्यानों सहित अन्य जिलों के पर्यटन स्थलों पर होम-स्टे शुरू हो गए हैं। जहां पर्यटकों को ग्रामीण परिवेश, पारंपरिक भोजन, स्थानीय संस्कृति और गीत-संगीत का आनंद मिल रहा है।

प्रदेश में एक हजार होम-स्टे बनाने का लक्ष्य
पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी ने बताया कि पिछले साल 13 करोड़ 41 लाख से ज्यादा पर्यटकों का आगमन प्रदेश की धरती पर हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पर्यटन विभाग नवाचारों के साथ पर्यटन को प्रोत्साहन दे रहा है। प्रदेश के 121 गांवों को चयनित कर 241 होम-स्टे तैयार करने का कार्य किया है। सरकार ने 1000 होम-स्टे बनाने का लक्ष्य तय किया है। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्रामों को चिन्हित किया गया। गर्व का विषय है कि इन ग्रामों में पन्ना जिले के ग्राम मडला, निवाड़ी के लाड़पुरा खास और सीधी जिले के ग्राम खास को भी सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य है कि विलेज टूरिज्म को बढ़ाते हुए हर ग्रामीण आत्मनिर्भर बने और मध्यप्रदेश पर्यटन में देश में नंबर-1 बने, इस दिशा में कार्य जारी है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। हर सेक्टर की विशेषताओं (यूएसपी) को देखते हुए नागरिकों को प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। टूरिज्म को गति प्रदान करने में होम-स्टे एक अभिनव प्रयास है।

दिव्यांग भाई-बहनों के लिए टूरिज्म डेस्टिनेशन पर सुविधाओं का किया जा रहा है विकास
प्रमुख सचिव पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला ने रेस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन निगम, मिशन मोड में ग्रामीण परिवेश में होम-स्टे बनाने, ग्रामीणों को आतिथ्य का प्रशिक्षण देने और सुविधाएं विकसित करने जैसे कार्य कर रहा है। दस हजार महिलाओं को हॉस्पिटेलिटी की ट्रेनिंग दी गई है। साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाएं और कारीगर कलाकृतियां तैयार कर रहे हैं, जिन्हें पर्यटक खरीदकर साथ लेकर जाते हैं और इन कृतियों के लिए देशभर के प्रतिष्ठित होटल्स से ऑर्डर मिल रहे हैं। गांव में टूरिज्म को बढ़ाने में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का सहयोग भी टूरिज्म बोर्ड को मिल रहा है। दिव्यांग भाई-बहनों के लिए टूरिज्म डेस्टिनेशन पर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सीएसआर फंड्स की मदद ली जा रही है।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...