छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा मानसून

छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा मानसून
छत्तीसगढ़ में जहां मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई थी वहीं अब छत्तीसगढ़ के पांचों संभाग यानी रायपुर बिलासपुर दुर्ग सरगुजा और बस्तर में बारिश शुरू हो चुकी है. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश ने तापमान में भी गिरावट लाई है. मौसम विभाग का कहना है कि 14-15 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय दिखाई देगा. जिसके चलते हर जिले में झमाझम बारिश के आसार हैं. वहीं इन दिनों छत्तीसगढ़ के जिलों में हल्की बारिश का दौर यूं ही बरकरार रहेगा.

छत्तीसगढ़ में मानसून रफ्तार पकड़ते दिखाई दे रहा है. जहां कुछ हफ्ते पहले मानसून की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया था. वहीं अब छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखी जा रही है. कुछ जगहों पर आज हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं कुछ जगहों पर तेज आंधी के साथ वज्रपात की भी संभावना है.

मौसम विभाग की माने तो छत्तीसगढ़ में मानसून का असर 14-15 जून के बीच दिखाई देगा. जो इस समय बस्तर में ही अटका पड़ा है. प्रदेश में मानसून की धीमी रफ्तार और अधिक तापमान से कई जगहों पर सूखा पड़ गया है.

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्लाह ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के लिए धनयवाद दिया

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्लाह ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के लिए धनयवाद दिया
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्लाह (Farooq Abdullah) ने मंगलवार को श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। इसके बाद वे कटरा से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Train) में सवार होकर श्रीनगर लौटे। इस दौरान उन्होंने ट्रेन की सुविधाओं और इसके महत्व की जमकर सराहना की। श्रीनगर पहुंचने पर फारूक अब्दुल्लाह ने कहा, “हमारा बहुत अच्छा सफर रहा। इस रेल की बहुत मेहरबानी है। इससे हमारा पर्यटन और कारोबार बढ़ेगा। अब हमारे लोग भारत के किसी भी हिस्से में आसानी से जा सकते हैं। मैं ईश्वर को धन्यवाद देता हूं और उस व्यक्ति को भी, जिसने हमें यह ट्रेन दी।” इस वीडियो में साफ़ देखा जा रहा है कि फारूक अब्दुल्लाह भाजपा या PM का सीधा नाम लिए बिना ही धन्यवाद किया।

फारूक अब्दुल्लाह ने इस रेल सेवा को जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए गेमचेंजर करार दिया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन न केवल तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाजनक है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी लाएगी।

वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोड़कर) चलती है। सुबह 8:10 बजे कटरा से रवाना होने वाली ट्रेन बनिहाल में रुकते हुए 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचती है। दूसरी ट्रेन दोपहर 2:55 बजे कटरा से चलकर शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचती है। चेयर कार का किराया 715 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1320 रुपये है।

दुनिया का सबसे ऊंचा आर्च ब्रिज
इस ट्रेन ने चिनाब ब्रिज जैसे इंजीनियरिंग चमत्कार को भी दुनिया के सामने लाया है, जो दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह रेल सेवा जम्मू-कश्मीर को रणनीतिक और आर्थिक रूप से और सशक्त बनाने में योगदान दे रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्रमिक परिवारों के खातों में संबल योजना की राशि करेंगे अंतरित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्रमिक परिवारों के खातों में संबल योजना की राशि करेंगे अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संबल योजना अंतर्गत, अनुग्रह सहायता के 6821 प्रकरणों में 150 करोड़ रूपये सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। शुक्रवार को जबलपुर के बरगी में होने वाले इस कार्यक्रम में श्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश में संबल योजना, असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। योजना अन्तर्गत प्रारंभ से अब तक 1 करोड़ 76 लाख श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। पंजीयन प्रक्रिया निरंतर जारी है। योजना में अनुग्रह सहायता अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये प्रदान किये जाते हैं। स्थायी अपंगता पर 2 लाख रुपये एवं आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रुपये तथा अंत्येष्टि सहायता के लिए 5 हजार रूपये प्रदान किये जाते हैं।

संबल योजना में जहाँ एक ओर महिला श्रमिक को प्रसूति सहायता के लिये 16 हजार रुपये दिये जाते हैं, तो वहीं दूसरी ओर श्रमिकों के बच्चों को महाविद्यालय शिक्षा प्रोत्साहन योजना में उच्च शिक्षा के लिये सम्पूर्ण शिक्षण शुल्क राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।

भारत सरकार के नीति आयोग की पहल पर प्रदेश के गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर्स को भी संबल योजना में सम्मिलित किया जाकर इनका पंजीयन प्रारम्भ किया गया है। इन्हें भी संबल योजना के अंतर्गत समस्त लाभ प्रदान किये जा रहे हैं। संबल हितग्राहियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची भी प्राप्त होती है, जिससे वे केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा रियायती दरों पर राशन प्राप्त कर रहे हैं।

संबल योजना प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें श्रमिक को जन्म से लेकर मृत्यु तक आर्थिक सहायता दी जा रही है। वास्तविक अर्थों में यह श्रमिकों का संबल है, जिसे लागू करने का श्रेय प्रदेश की सरकार को है। मध्यप्रदेश की यह योजना देश के सभी राज्यों के लिए अनुकरणीय है।

प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के लाखों निर्माण श्रमिकों के लिये भी निर्माण मंडल के माध्यम से कई योजनायें संचालित की जाती हैं, इनमें निर्माण श्रमिकों की मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता तथा स्थायी एवं आंशिक अपंगता पर सहायता भी सम्मिलित है। सभी संबल हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामय योजना अंतर्गत पात्र श्रेणी में चिन्हित किया गया है, उन्हें 5 लाख रुपये वार्षिक निःशुल्क चिकित्सा का लाभ मिल रहा हैं।

9 मैचों के बाद हारी पैराग्वे, फीफा वर्ल्डकप 2026 के लिए ब्राजील ने किया क्वालीफाई

9 मैचों के बाद हारी पैराग्वे, फीफा वर्ल्डकप 2026 के लिए ब्राजील ने किया क्वालीफाई
विनी जूनियर ने विजयी गोल किया, जिससे ब्राजील ने नियो क्विमिका एरिना में पैराग्वे को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया। मैथियस कुन्हा के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद विनिसियस जूनियर ने कार्लो एंसेलोटी को उनकी हॉट सीट पर पहली जीत दिलाई। पैराग्वे ने दूसरे हाफ में अच्छा प्रदर्शन किया और हार के बावजूद, वेनेजुएला पर छह अंकों की बढ़त के साथ क्वालीफिकेशन से एक इंच दूर है। यह जीत एंसेलोटी के लिए एक विशेष उपहार थी, जो मंगलवार को 66 वर्ष के हो गए और खेल शुरू होने से पहले ब्राजील के प्रशंसकों ने नियो क्विमिका सीटों पर एक विशाल मोजेक के साथ उनका सम्मान किया।

9 मैचों के बाद हारी पैराग्वे
ब्राजील की राष्ट्रीय टीम की कमान संभालते हुए एंसेलोटी की पहली जीत ने क्वालीफायर में पैराग्वे के नौ मैचों के अपराजित क्रम को तोड़ दिया। ब्राजील 10 क्वालीफायर मैचों में पैराग्वे को हराने वाली पहली टीम बन गई। सेलेकाओ ने अब तक अपने घरेलू मैदान पर पिछले 70 विश्व कप क्वालीफायर में से केवल एक में हार का सामना किया है। यह तीसरी बार था जब ब्राजील ने नियो क्विमिका एरिना में खेलते हुए विश्व कप में जगह बनाई। 2017 में, उन्होंने पैराग्वे को हराया और रूस में विश्व कप में अपनी जगह पक्की की, जो 2018 में आयोजित किया गया था। फिर, 2021 में, उन्होंने कोलंबिया को हराया और 2022 में कतर में होने वाले विश्व कप में जगह बनाई।

इस बीच, इक्वाडोर ने पेरू के साथ गोल रहित ड्रॉ के बाद इस सदी के अपने पांचवें विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। वास्तविक रूप से, पेरू को जीत की आवश्यकता थी। लीमा में पूरे समय जोरदार प्रदर्शन के बावजूद, ऑस्कर इबानेज़ की टीम पिएरो हिनकापी और विलियन पाचो द्वारा मजबूत की गई बैकलाइन को नहीं तोड़ पाई – तब भी नहीं जब इक्वाडोर के एलन फ्रेंको को 75वें मिनट में मैदान से बाहर कर दिया गया। सेबेस्टियन बेकासे और उनके खिलाड़ियों ने अंतिम सीटी बजने पर जमकर विश्व कप क्वालीफिकेशन का जश्न मनाया।

पंचायत 4 ट्रेलर के साथ नई रिलीज डेट अनाउंस

पंचायत 4 ट्रेलर के साथ नई रिलीज डेट अनाउंस
प्राइम वीडियो की सबसे पॉपुलर वेब सीरीज में से एक रही पंचायत 4 को लेकर एक बड़ा बज बना हुआ है। फैंस इसके चौथे सीजन का बेसब्री से इतंजार कर रहे हैं जो अब खत्म हो गया है। मेकर्स ने नए सीजन के ट्रेलर के साथ ही इसकी नई रिलीज डेट अनाउंस कर दी है। आइये जानते हैं जितेंद्र कुमार की इस मच अवेटेड सीरीज का ट्रेलर कैसा है और इस सीरीज को कब और कहां देखा जा सकेगा?

पंचायत 4 का ट्रेलर हुआ रिलीज (Panchayat 4 Trailer Out)
‘पंचायत 4’ का ट्रेलर आज यानी 11 जून को रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर पिछली बार की तरह ही इस बार भी लोगों को पसंद आ रहा है। इस बार फुलेरा गांव में चुनावी माहौल चरम पर है। मैदन में मंजू देवी और क्रांति देवी हैं। दोनों की पार्टियां चुनाव जीतने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। वहीं इस चुनावी माहौल के बीच रिंकी और सचिव जी की लव स्टोरी भी आगे बढ़ती नजर आ रही है। अब फुलेरा गांव में चुनाव में मंजू देवी जीतेंगी या क्रांति देवी और रिंकी और सचिव जी की प्रेम कहानी में क्या नया मोड़ आने वाला है। क्या दोनों की शादी हो पाएगी? ये सब पंचायत 4 देखने के बाद ही पता चल पाएगा। ट्रेलर में दोनों के रोमांटिक सीन देखने को मिलेंगे।

इस दिन रिलीज होगा पंचायत सीजन 4 (Panchayat 4 Release Date)
बता दें, पंचायत की अब तक तीन सीजन आ चुके हैं और तीनों ने ओटीटी पर गर्दा उड़ाया था। अब चौथे सीजन की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। पंचायत का चौथा सीजन 24 जून को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा। फैंस को महज अब 13 दिन का इंतजार करना होगा और फिर इसे आप देख सकते हैं। बता दें, ‘पंचायत 4’ को चंदन कुमार ने बनाया है और इसे दीपक कुमार मिश्रा द्वारा निर्देशित किया है।

सीजन 4 की कहानी होगी शानदार (Panchayat 4 Story)
पंचायत सीरीज में जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका सहित कई कलाकारों ने अहम रोल निभाया है। सीजन 4 के ट्रेलर देखने के बाद एक बात तो साफ हो गई है कि इसमें राजनीतिक ड्रामा तो देखने को मिलेगा ही साथ ही हंसी ठहाकों की डोज भी फुल मिलने वाली है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता लक्ष्मण सिंह 6 साल के लिए निष्कासित

कांग्रेस के दिग्गज नेता लक्ष्मण सिंह 6 साल के लिए निष्कासित
मध्यप्रदेश की सियासी गलियारों से बड़ी खबर सामने आई है। जहां पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने बड़ा एक्शन लेते हुए उन्हें पार्टी के 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

उमर अब्दुल्ला पर दिया था विवादित बयान
कश्मीर के पहलगाम में 26 अप्रैल को हुए आतंकी हमले को लेकर लक्ष्मण सिंह ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि अब्दुल्ला आतंकवादियों से मिले हुए हैं। कांग्रेस को तुरंत नेशनल कांफ्रेंस से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

राहुल गांधी को हिदायत देनी पड़ी भारी
कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा पर निशाना साधते हुए लक्ष्मण सिंह ने कहा था कि रॉबर्ट वाड्रा जीजा जी, राहुल जी का…उसने क्या कहा मुसलमानों को सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देते इसलिए आतंकवादियों ने हमला किया। ये बचपना हमलोग कब तक झेलेंगे। राहुल गांधी सोच समझकर बात करें, वो नेता प्रतिपक्ष हैं।

पहले भी दिए कई बयान
पिछले साल लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी लक्ष्मण सिंह चर्चाओं में थे। 10 जून को ही लक्ष्मण सिंह ने पार्टी की हार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को घेरा था। जब पटवारी ने दिल्ली में हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक का फोटो ट्वीट कर नेताओं के नाम सहित लिखा था कि विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस पर लक्ष्मण सिंह ने लिखाकि तुम अध्यक्ष हो, अपने पैरों पर कब खड़े होंगे या ‘मार्ग दर्शन’ ही लेते रहोगे। जिनको अपने मार्ग का पता नहीं, वो तुम्हें क्या मार्ग दर्शन देंगे?

डोनाल्ड ट्रंप से पंगा लेकर एलन मस्क को हुआ पछतावा

डोनाल्ड ट्रंप से पंगा लेकर एलन मस्क को हुआ पछतावा
अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (Elon Musk) की दोस्ती में अब दरार पड़ चुकी है। दोनों के विवाद ने पिछले कुछ दिनों में खूब सुर्खियाँ बटोरी। दरअसल अमेरिका के लिए बनाया गया ट्रंप का ‘बजट रेकन्सिलीऐशन बिल’, जिसे उन्होंने ‘बिग एंड ब्यूटीफुल बिल’ का नाम दिया है, मस्क को पसंद नहीं आया। उन्होंने इस बिल की जमकर आलोचना की, क्योंकि उनका मानना है कि इससे अमेरिका पर कर्ज़ बढ़ जाएगा और देश में मंदी आ जाएगी। मस्क की आलोचना ट्रंप को पसंद नहीं आई। इस वजह से ट्रंप ने एलन के सभी सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स रद्द कर दिए हैं। ट्रंप के साथ छिड़े इस विवाद में मस्क ने उन पर भी जमकर निशाने साधे। लेकिन अब लगता है कि उन्हें अपनी गलती का एहसास हो गया है।

ट्रंप से पंगा लेकर मस्क को हुआ पछतावा
ट्रंप से पंगा लेकर अब लगता है मस्क को पछतावा हो रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बारे में लिखा, “मुझे पिछले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में की गई कुछ पोस्ट्स को लेकर पछतावा है। मैंने हद पार कर दी थी।”

गुप्त नवरात्रि 2025 में क्या होगी माता की सवारी

गुप्त नवरात्रि 2025 में क्या होगी माता की सवारी
मां दुर्गा की उपासना का पर्व हर साल 4 बार नवरात्रि में मनाया जाता है। इसमें से 2 बार गुप्त नवरात्रि और 2 बार प्रत्यक्ष नवरात्रि होती है। गुप्त नवरात्रि (Gupt Navratri June 2025) में पूजा पाठ विशेष रूप से तांत्रिक, जबकि प्रत्यक्ष नवरात्रि में पूजा पाठ गृहस्थ करते हैं।

इस साल की आखिरी गुप्त नवरात्रि यानी आषाढ़ गुप्त नवरात्रि 2025 की शुरुआत गुरुवार 26 जून से हो रही है। इसका समपन 4 जुलाई को होगा। मान्यता है कि नवरात्रि में मां दुर्गा धरती पर निवास करती हैं और इस समय भक्तों की पूजा अर्चना स्वीकार करती हैं। खास बात ये है कि माता किसी न किसी सवारी से धरती पर आती हैं, इसका शुभ अशुभ संकेत होता है।

गुप्त नवरात्रि में मां दुर्गा की सवारी क्या है
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार जिस दिन कलश स्थापना होती है, उसी के अनुसार मां की सवारी तय होती है। इस साल 26 जून गुरुवार को घटस्थापना होगी। इसका अर्थ है कि गुप्त नवरात्रि 2025 में मां दुर्गा पालकी (डोली) से धरती पर आएंगी।

मां दुर्गा के पालकी पर आने का क्या होगा फल

पंचांग के अनुसार मां दुर्गा पालकी से धरती पर आएंगी। ज्योतिषियों की मानें तो नवरात्रि में माता का पालकी से धरती पर आना लोगों के लिए शुभ नहीं होता है। यह आने वाले समय में (अगली नवरात्रि से पहले) महामारी आने का संकेत होता है। इससे अर्थव्यवस्था में गिरावट, मंदी आने का संकेत भी मिलता है। साथ ही हिंसा आदि देश दुनिया में बढ़ सकती है।

मध्यप्रदेश में किसान बनाएंगे ‘बिजली’, बनी बिजली सरकार खरीदेगी

मध्यप्रदेश में किसान बनाएंगे ‘बिजली’, बनी बिजली सरकार खरीदेगी
मध्यप्रदेश ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बीते 11 साल में 15 गुना प्रगति की है। सौर ऊर्जा में 48% और पवन ऊर्जा में 19% बढ़ोतरी हुई है। 9300 मेगावाट से ज्यादा के नवीकरणीय ऊर्जा के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। रीवा के अल्ट्रा मेगा सोलर पावर प्रोजेक्ट को तो विश्व बैंक और हॉवर्ड यूनिवर्सिटी केस स्टडी के रूप में ले रहे हैं। सरकार ने किसानों के हित में आने वाले तीन साल में 32 लाख सोलर पंप कनेक्शन लगाने का लक्ष्य रखा है।

अभी तक किसान बिजली खरीदते हैं, लेकिन नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की सूर्य मित्र कृषि फीडर सहित अन्य योजनाओं की मदद से भविष्य में किसान बिजली बनाएंगे। सरकार बिजली खरीदेगी। सरकार जल्द सभी शासकीय भवनों पर सोलर रूफटॉप भी लगवाने जा रही है।
रात में नहीं करना पड़ेगा काम
सीएम डॉ. मोहन यादव ने यह बातें सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना समिट में कहीं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के माध्यम से हम सरप्लस बिजली वाले बने हैं। सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना से किसानों को दिन में भी बिजली मिल सकेगी। उन्हें रात में खेतों में काम नहीं करना पड़ेगा। सरकार का सब्सिडी का बोझ भी कम होगा।
छोटे निवेशक और किसान इस योजना में आसानी से निवेश कर सकते हैं। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, मंत्री कृष्णा गौर, मधुबनी (बिहार) के सांसद अशोक यादव भी मौजूद थे।

क्या है योजना
सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के तहत सबस्टेशंस की 100% क्षमता तक की सौर परियोजनाओं की स्थापना की जा सकेगी। स्थानीय उद्यमियों के लिए निवेश एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने न्यूनतम उत्पादन की कोई लिमिट नहीं है। परियोजना लगाने वाले निवेशक या किसानों से शासन 25 साल तक बिजली खरीदने का अनुबंध करेगी। इसमें जो रेट तय होंगे, उसी दर पर सरकार बिजली खरीदेगी।

सोलर प्लांट स्थापित करने प्रति मेगावाट 1.05 करोड़ की केंद्रीय सहायता मिलेगी। सात साल तक 3% ब्याज छूट के साथ ऋण की सुविधा दी जा रही है। मध्यप्रदेश में 1900 से अधिक सबस्टेशंस पर 14,500 मेगावाट क्षमता परियोजनाओं के चयन के लिए उपलब्ध है। समिट में जानकारी निवेशकों को दी गई।

अनिल अंबानी की कंपनी ने रचा इतिहास,भारत की पहली निजी रक्षा अपग्रेड फर्म बनी

अनिल अंबानी की कंपनी ने रचा इतिहास,भारत की पहली निजी रक्षा अपग्रेड फर्म बनी
अनिल अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर ने भारत के रक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। कंपनी अब भारत की पहली निजी क्षेत्र की फर्म बन गई है जो बिना मूल निर्माता (OEM) के किसी सैन्य विमान के संपूर्ण अपग्रेड प्रोग्राम को स्वतंत्र रूप से अंजाम दे रही है। यह क्षेत्र अभी तक सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों (PSUs) और विदेशी रक्षा कंपनियों के ही अधीन रहा है।

डॉर्नियर-228 अपग्रेड में मिली बड़ी सफलता
कंपनी ने अब तक 55 डॉर्नियर-228 विमानों का सफलतापूर्वक अपग्रेड किया है। यह प्रोजेक्ट उसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट के तहत मिला था, जिसमें अमेरिका की Genesys Avionics कंपनी भी तकनीकी भागीदार रही। शुरू में 37 विमानों के लिए अनुबंध मिला था, जिसे सफल क्रियान्वयन के बाद 18 और विमानों का ऑर्डर मिला।

350 करोड़ आंकी गई है प्रोजेक्ट की कीमत
इस पूरे प्रोजेक्ट की कीमत 350 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन उन्नत विमानों का उपयोग भारतीय वायुसेना, नौसेना और तटरक्षक बल द्वारा किया जा रहा है। कंपनी अब अगले 7 से 10 वर्षों में 5000 करोड़ रुपये के अपग्रेड अवसरों को लक्ष्य बना रही है।

भारत में उन्नयन का बढ़ता बाजार
भारत के पास हजारों की संख्या में पुराने सैन्य विमान और हेलीकॉप्टर हैं, जिनकी सेवा आयु 30 से 40 साल तक होती है। इन प्लेटफॉर्म्स को नवीनतम युद्ध तकनीक के अनुकूल बनाए रखने के लिए नियमित एवियोनिक्स, मिशन सिस्टम और सुरक्षा उपकरणों का उन्नयन आवश्यक होता है।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...