दोहा में ट्रंप से मिले Mukesh Ambani
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने कतर की राजधानी दोहा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड (Donald Trump) ट्रंप और कतर (Qatar) के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी (Tamim bin Hamad Al Thani) से मुलाकात की। यह मुलाकात 14 मई को दोहा के लुसैल पैलेस में आयोजित एक राजकीय रात्रिभोज के दौरान हुई, जिसे कतर के अमीर ने ट्रंप के सम्मान में आयोजित किया था। यह मुलाकात वैश्विक व्यापारिक और भू-राजनीतिक परिदृश्य में चर्चा का विषय बन गई है।
ट्रंप का दूसरा विदेश दौरा
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक स्तर पर कई अहम घटनाएं सामने आ रही हैं। डोनाल्ड ट्रंप, जो अपने दूसरे कार्यकाल के लिए हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति बने हैं, कतर की यात्रा पर हैं। यह उनका दूसरा विदेशी दौरा है। दूसरी ओर, मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का कतर के सॉवरेन वेल्थ फंड, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) के साथ पहले से ही निवेश संबंध है। QIA ने रिलायंस के रिटेल वेंचर में करीब 1 अरब डॉलर का निवेश किया है। इसके अलावा, ट्रंप के हालिया टैरिफ नीतियों का रिलायंस के कारोबार पर असर पड़ा है। विशेष रूप से, वेनेजुएला से कच्चे तेल के आयात पर अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण रिलायंस को नुकसान हुआ है। माना जा रहा है कि यह मुलाकात इन व्यापारिक चुनौतियों और भविष्य के अवसरों पर केंद्रित हो सकती है।
मुलाकात की संभावित वजहें
व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना: रिलायंस इंडस्ट्रीज के कतर और अमेरिका दोनों के साथ मजबूत व्यापारिक रिश्ते हैं। यह मुलाकात रिलायंस के लिए दोनों देशों के साथ अपने कारोबारी हितों को और मजबूत करने का अवसर हो सकती है। विशेष रूप से, कतर के साथ ऊर्जा और रिटेल क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है।
अमेरिकी टैरिफ नीतियों पर चर्चा: ट्रंप की टैरिफ नीतियों ने भारतीय कारोबारों, विशेष रूप से रिलायंस जैसे बड़े समूहों पर असर डाला है। यह मुलाकात टैरिफ से उत्पन्न चुनौतियों को कम करने और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के संदर्भ में रिलायंस के हितों को आगे बढ़ाने का प्रयास हो सकती है।
भू-राजनीतिक संतुलन: भारत-पाकिस्तान तनाव और अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध के बीच यह मुलाकात क्षेत्रीय स्थिरता और व्यापारिक सहयोग के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकती है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि अंबानी की मौजूदगी दोनों देशों के बीच मध्यस्थता या व्यापार-केंद्रित बातचीत को प्रोत्साहित करने का प्रयास हो सकती है।
निवेश और तकनीक पर फोकस: रिलायंस का ध्यान डिजिटल सर्विसेज, ग्रीन एनर्जी, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों पर है। कतर और अमेरिका के साथ साझेदारी इन क्षेत्रों में निवेश और तकनीकी सहयोग को बढ़ा सकती है।
पहले भी हो चुकी है मुलाकात
यह मुकेश अंबानी और डोनाल्ड ट्रंप की दूसरी मुलाकात है। इससे पहले जनवरी 2025 में, अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी ने ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया था और उनके साथ कैंडल लाइट डिनर में शामिल हुए थे। यह लगातार मुलाकातें दोनों के बीच बढ़ते रिश्तों और रिलायंस के वैश्विक प्रभाव को दर्शाती हैं।
दोहा में ट्रंप से मिले Mukesh Ambani
नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में शांति स्थापित करने और नक्सलियों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर सफल नक्सलरोधी अभियान के बाद गृह मंत्री अमित शाह का सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की सफलता दर्शाती है कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कल कहा था कि सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कुर्रेगुट्टा पर्वतीय क्षेत्र में एक व्यापक अभियान में 31 नक्सलवादियों को मार गिराया। उन्होंने अब तक के इस सबसे बड़े अभियान को अगले वर्ष 31 मार्च तक नक्सल मुक्त भारत के संकल्प की दिशा में ऐतिहासिक सफलता बताया। श्री शाह ने कहा कि प्रतिकूल मौसम और पहाड़ी क्षेत्र की कठिन चुनौतियों के बावजूद केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, विशेष कार्यबल और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के जवानों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले, कल बीजापुर में संवाददाता सम्मेलन में सी.आर.पी.एफ. के महानिदेशक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि यह अभियान 21 दिन तक जारी रहा।
बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन आज
बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन आज
बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स आज सम्पन्न हो रहे हैं। समापन समारोह पटना में कंकड़बाग के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आज शाम आयोजित होगा।
पदक तालिका में 149 पदकों के साथ महाराष्ट्र शीर्ष पर है। इनमें 56 स्वर्ण और 45 रजत पदक हैं। हरियाणा 35 स्वर्ण और 26 रजत पदक सहित 107 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर और राजस्थान 22 स्वर्ण सहित 55 पदक लेकर तीसरे स्थान पर है।
सीसीपीए ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी झंडों और संबंधित सामानों की बिक्री को लेकर नोटिस जारी किया
सीसीपीए ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी झंडों और संबंधित सामानों की बिक्री को लेकर नोटिस जारी किया
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने अमेजन इंडिया, फ्लिपकार्ट, यूबाय इंडिया, ईटसी, द फ्लैग कंपनी और द फ्लैग कॉरपोरेशन को पाकिस्तानी झंडों और संबंधित सामानों की बिक्री को लेकर नोटिस जारी किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्रीय उपभोक्ता कार्य मंत्री प्रहृलाद जोशी ने कहा कि इस प्रकार की असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स माध्यमों को इस प्रकार की सामग्री तत्काल हटाने और राष्ट्रीय कानून का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
दफीना के बंटवारे में झगड़े मजदूर तो खुल गई पोल,चांदी,सोने के सिक्के जब्त
दफीना के बंटवारे में झगड़े मजदूर तो खुल गई पोल,चांदी,सोने के सिक्के जब्त
शहडोल। निर्माणाधीन मकान के लिए गड्डा खोदते समय तीन श्रमिकों को जमीन में गड़ा हुआ दफीना मिला। श्रमिकों ने छिपते—छिपाते इसका बंटवारा भी कर लिया,लेकिन ‘आधी छोड़ पूरी को धावे..’ के फेर में मजदूर झगड़ पड़े और इनकी पोल खुल गई। पुलिस ने दफीना में मिले चांदी के 51 और सोने के दो सिक्के मजदूरों से जब्त किए।
वाकया दो दिन पुराना है। इसका खुलासा बुधवार को हुआ। दरअसल,
जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र अंतर्गत खाम्हा निवासी पूरन गांव में अपने खाली भूखंड में मकान बनवा रहे हैं। पूरन सरकारी शिक्षक हैं। व्यस्तता के चलते उन्होंने मकान निर्माण का ठेका गांव के ही एक युवक को दिया। ठेकेदार के तीन मजदूर सोमवार को प्लाट पर नींव खोद रहे थे। इसी दौरान उन्हें जमीन में गड़ा हुआ मिट्टी का एक घड़ा मिला। मजदूरों की नजर इस पर पड़ी तो गुपचुप तरीके से उन्होंने इसे निकालकर छिपा दिया। शाम को तीनों मजदूरों ने घड़े को खोलकर इसमें भरे चांदी व सोने के सिक्के निकाले और बंटवारा कर लिया।
सिक्के दो,हिस्सेदार तीन ने बिगाड़ा खेल
सूत्रों के अनुसार, मजदूरों ने तत्काल तो सिक्के बांट लिए,लेकिन बाद में कम,ज्यादा सिक्के मिलने को लेकर इनमें विवाद हो गया। दरअसल,घड़े में चांदी के 51 और सोने के दो सिक्के मिले। चांदी के सिक्के तो तीनों ने बराबर बांट लिए,लेकिन सोने के सिक्के के बंटवारे को लेकर इनके बीच झगड़ा शुरू हुआ। दरअसल,सिक्के दो और हिस्सेदार तीन! बस,बात यहीं से बिगड़ी तो इसकी भनक भूमि मालिक पूरन को लग गई।
मामला थाने पहुंचा,बरामद हुए सिक्के
बताया जाता है कि पूरन ने पहले अपने स्तर पर दो दिन तक मजदूरों से पूछताछ की ताकि बात घर की घर में रहे,लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद पूरन ने गोहपारू थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दफीना मिलने की बात सुन पुलिस की आंखों की चमक भी बढ़ गई। पुलिस कर्मियों ने तत्काल मजदूरों बुद्ध सेन सिंह,रवि सिंह एवं रामनाथ अगरिया को तलब किया।
बताए 80 सिक्के,बरामद हुए 51
पुलिस ने मजदूरों की सुरागदेही पर इनके घर से चांदी के 51 व सोने के दो सिक्के बरामद किए। हालांकि मजदूरों ने पूछताछ के दौरान पूरन को घड़े में चांदी के करीब 80 सिक्के होने की बात कही थी। इनमें चांदी के एक सिक्के का वजन करीब 11 ग्राम व सोने का दस ग्राम है। पुलिस ने तीनों मजदूरों के खिलाफ प्रकरा कायम कर जांच शुरू कर दी है।
यूजीसी भी नहीं जान सका मप्र की इस यूनिवर्सिटी का राज, वैदिक के नाम पर अंग्रेजी शिक्षा पर जोर
यूजीसी भी नहीं जान सका मप्र की इस यूनिवर्सिटी का राज, वैदिक के नाम पर अंग्रेजी शिक्षा पर जोर
भोपाल। देश में ज्यादातर विश्वविद्यालय केंद्र या राज्य सरकार के अधीन रहकर सरकारी नियम—कायदों से चलते हैं,लेकिन मप्र का महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय कुछ अलग है। इसके अपने नियम—कानून हैं। विश्वविद्यालय निजी है या राज्य सरकार के अधीन,यह रहस्य बीते 30सालों में देश के विश्वविद्यालयों को नियंत्रित करने वाला यूजीसी भी नहीं जान सका।
संस्थान की डिग्री को लेकर संशय कायम
राहतगढ़,सागर निवासी शरद कुमार भारद्वाज ने साल 2012 में महर्षि महेश योग वैदिक विश्वविद्यालय सागर से कम्प्यूटर साइंस में एमएससी की उपाधि ली। विश्वविद्यालय के कार्यकलापों को लेकर कुछ “शक सुबहा” हुआ तो उन्होंने यूजीसी यानी विश्वविधालय अनुदान आयोग से आरटीआई में जानकारी ली।आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए बताया कि यूजीसी की अनुमति बिना विश्वविद्यालय को अपने मुख्य परिसर के अलावा कहीं और सेंटर चलाने की अनुमति नहीं है। वह किसी को फ्रेंचायजी भी नहीं दे सकता। विश्वविद्यालय का मुख्यालय कटनी जिले के करौंदी में है। आयोग के जवाब ने शरद की चिंता बढ़ा दी। उन्होंने विश्वविद्यालय से इसका खुलासा करने को कहा। विश्वविद्यालय ने पहले तो स्वयं को आरटीआई के दायरे से बाहर बताकर जानकारी देने से इंकार कर दिया। फिर कुछ सोचा होगा तो शरद से शुल्क भी मांगा और अपीलीय सुनवाई कर फेसले को दोहरा दिया।
राज्यपाल से शिकायत कर मांगा न्याय
विश्वविद्यालय के इस दोहरे चरित्र को लेकर शरद ने राज्यपाल समेत अन्य जिम्मेदारों को शिकायत कर विश्वविद्यालय की वास्तविक स्थिति का खुलासा करने का आग्रह किया। शरद ने अपनी शिकायत में कहा—उक्त विश्वविद्यालय के डिप्लोमा,सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम यदि यूजीसी द्वारा मान्य नहीं हैं तब इस संस्थान में डीसीए,पीजीडीसीए योगा व अन्य डिप्लोमा प,सर्टिफिकेट कैसे छ़ात्रों को प्रदान किए जा रहे हैं,जबकि विश्वविद्यालय की ओर से विधानसभा में दी गई जानकारी में ही बताया गया कि उनके संस्थान में करीब दस हजार नियमित व 60 हजार 399 स्वाध्यायी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
वैदिक संस्थान में अंग्रेजी की शिक्षा!
सूत्रों के अनुसार,विश्वविद्यालय शासन के जिन अधिनियमों का हवाला देकर पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। उसमें सिर्फ महर्षि वेद वैैदिक विश्वविद्यालय पीठम अंतर्गत वेद से जुड़े विषयों की शिक्षा दी जा सकती है। बीते साल राज्य विधानसभा में पेश एक जानकारी को ही आधार मानें तो विश्वविद्यालय में ज्योतिष,वेद शिक्षा लेने वालों का आंकड़ा नाममात्र का है। ज्यादातर संख्या अंग्रेजी,समाज शास्त्र व अन्य विषयों में डिग्री लेने वालों की है।
70 हजार स्टूडेंट्स पर सिर्फ 51 शिक्षक!
विश्वविद्यालय में अध्ययनरत 70हजार से अधिक विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए सिर्फ 51 शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें भी कई अतिथि शिक्षक हैं। सूत्रों के मुताबिक,संस्थान में नियमित शिक्षकों की संख्या गिनी—चुनी और शोध कार्य भी नगण्य हैं। कुछ साल पहले संस्थान ने शासन के प्रतिबंध के बावजूद एम फिल में एडमिशन दिए। बाद में यह मामला उपभोक्ता फोरम पहुंचा और प्रभावित छ़ात्रों को मुआवजा देना पड़ा।
नियमों के पालन में निजी,सुविधाएं लेने में आगे
विश्वविद्यालय स्वयं को निजी व सेल्फ फंडिंग वाला संस्थान बताता है। यही नहीं वह स्वयं को विश्वविद्यालय अधिनियम अंतर्गत भी नहीं मानता,लेकिन सरकार की योजनाओं का लाभ लेने में पीछे नहीं है। यहां के विद्यार्थियों को वर्ष 2017—18 से सरकारी छात्रवृत्ति दी जा रही है। एक शिकायत के बाद वर्ष 2022 में अनुसूचित जाति कल्याण विभाग इस पर रोक लगा दी थी,लेकिन अगले ही साल विभाग ने अपना फैसला बदलते हुए इसे फिर चालू कर दिया।
यूजीसी भी नहीं जान सका सच
महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय सरकारी है या राज्य सरकार के अधीन निजी विश्वविद्यालय। यह सच आज तक विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी भी नहीं जान सका। विश्वविद्यालय के स्टेटस को जानने आयोग ने साल 2014 में राज्य सरकार को एक पत्र लिखा। इसका जवाब मिलने की जगह आयोग को ही न्यायालयीन कठघरे में खड़ा कर दिया गया। वह दिन और आज,आयोग विश्वविद्यालय का स्टेटस नहीं जान सका। बताया जाता है कि इस मामले में विश्वविद्यालय को न्यायालय से स्थगन मिला जो 11 साल बाद भी प्रभावी है।
विवि मुख्यालय के दोहरे पते को लेकर सवाल
साल 2022 में आयोग ने एक बार फिर विश्वविद्यालय को लेकर राज्य सरकार से सवाल—जवाब किए। 12अप्रैल 2022 को भेजे गए पत्र में आयोग ने पूछा—विश्वविद्यालय मुख्यालय को लेकर दो एड्रेस प्रदर्शित हैं। संस्थान की वेबसाइट प्रशासनिक मुख्यालय लामटी,विजयनगर,जबलपुर दिखा रही है,जबकि दस्तावेजों में विश्वविद्यालय का मुख्यालय, करौंदी जिला कटनी बताया गया है। सरकार में बैठे उपकृत अधिकारी इसका खुलासा कैसे करते! लिहाजा इसका भी जवाब आयोग को आज तक नहीं मिला।
सरकार ने कभी जारी नहीं की अधिसूचना
महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय को प्रदेश का पहली निजी यूनिवर्सिटी माना जाता है। 90 के दशक में निजी विवि के लिए नियमों में कोई प्रावधान भी नही था। तब तत्कालीन उच्च शिक्षा मंत्री मुकेश नायक की पहल पर दिग्विजय सरकार वर्ष 1995 में पृथक अधिनियम लाई। विश्वविद्यालय बनते ही शिकवे—शिकायतें बढ़ी तो चार साल बाद ही सरकार ने अधिनियम में संशोधन किया। इस बार विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का दायरा सीमित कर दिया गया,लेकिन दोनों ही बार सरकार इसे लेकर अधिसूचना जारी करना भूल गई। हालांकि बाद में भाजपा सरकार में पृथक अधिनियम के तहत बने अन्य निजी विश्वविद्यालयों के वक्त इस गल्ती को सुधार लिया गया। इन्हें मप्र निजी विश्वविद्यालय अधिनियम 2007 एवं मप्र विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 के अधीन भी रखा गया लेकिन वैदिक विश्वविद्यालय इससे मुक्त रहा।
अधूरे जवाबों से विधायक भी नाखुश
विश्वविद्यालय को लेकर जब—तब राज्य विधानसभा में भी सवाल उठे,लेकिन मिलीभगत ऐसी कि जवाब विधायकों को संतुष्ट नहीं कर सके। बीते साल,वारासिवनी विधायक विवेक विक्की पटेल ने ही राज्यपाल मंगुभाई पटेल से एक लिखित शिकायत की। इसमें उन्होंने कहा कि उन्हें वांछित जानकारी की जगह मनगढ़ंत दस्तावेज दिए गए। फरवरी 2024 के प्रश्न क्रमांक 1780 के जवाब में पटल पर जो दस्तावेज रखे गए,उनमें दस्तावेज तैयार करने वाले का नाम,पदनाम, सील,मुहर,तारीख जैसे सामान्य नियमों का ही पालन नहीं किया गया। विधायक पटेल ने विश्वविद्यालय में नियम विरुद्ध संचालित पाठ्यक्रमों पर रोक लगाने व संपूर्ण मामले की सघन जांच करने की मांग भी की।
ढेरों शिकायतों के बाद भी अफसरों ने साधी चुप्पी
महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय को लेकर उच्च शिक्षा विभाग के अफसर चुप्पी साधे हुए हैं। बुधवार को ही कुछ लोगों ने विभाग प्रमुख अनुपम राजन से मिलकर अपनी पीड़ा बताई। राजन से इस बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रदीप वर्मा का रुख अपने संस्थान की कार्यशैली को लेकर बिल्कुल साफ है। वह कहते हैं—स्वाध्यायी छात्रों को पढ़ाने के लिए तो यूं भी नियमित शिक्षकों की आवश्यकता नहीं। जहां तक सरकार व यूजीसी के नियम कानूनों के बात तो यह विश्वविद्यालय पृथक अधिनियम के तहत स्थापित व ट्रस्ट द्वारा संचालित है। सुप्रीम कोर्ट भी इस बारे में स्थिति साफ कर चुका है,लिहाजा संशय की कोई गुंजाइश ही नहीं है।
मुख्यमंत्री ने बीईएमएल के 2100वें मेट्रो कोच की टेस्ट राइड कर किया रवाना
मुख्यमंत्री ने बीईएमएल के 2100वें मेट्रो कोच की टेस्ट राइड कर किया रवाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे क्षेत्र में अद्भुत काम हुआ है। अलग-अलग कम्पनियों ने इस क्षेत्र में जो कार्य किया है वह ‘मेड इन इंडिया’ का सबसे उत्कृष्ट उदाहरण है। देश में मेट्रो और वन्देभारत जैसी आधुनिक रेल के विभिन्न उपकरणों का निर्माण हो रहा है। बीईएमएल, मध्यप्रदेश में रोलिंग स्टॉफ और मेट्रो कोच का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक से मध्यप्रदेश के संबंध प्रगाढ़ होंगे। हम अनेक कार्यों में परस्पर विकास के नये रास्ते खालेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को बेंगलुरू में बीईएमएल कार्यशाला के भ्रमण के दौरान यह बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए बेंगलुरू स्थित बीईएमएल लिमिटेड के अत्याधुनिक रेल कोच विनिर्माण संयंत्र से 2100वें मेट्रो कोच को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रायसेन जिले के उमरिया क्षेत्र में बीईएमएल की नई रोलिंग स्टॉक विनिर्माण इकाई की स्थापना के लिए भूमि आवंटन-पत्र कंपनी के चेयरमेन और एमडी श्री शांतनु रॉय को सौंपा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह क्षण मध्यप्रदेश ही नहीं, पूरे देश के लिए गौरवपूर्ण है। बीईएमएल में निर्मित 2100वें मेट्रो कोच का शुभारंभ भारत की उन्नत निर्माण क्षमता, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और स्वदेशी तकनीक के बढ़ते प्रभाव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के रायसेन में बीईएमएल की इकाई स्थापना को एक अभूतपूर्व कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे देश-प्रदेश का औद्योगिक इको सिस्टम सशक्त बनेगा। साथ ही युवाओं, एमएसएमई और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और अवसरों के नए द्वार खुलेंगे। रायसेन में मेट्रो और रेल कोच निर्माण इकाई की स्थापना प्रदेश के समावेशी एवं सतत् विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है।” मध्यप्रदेश शासन, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम और बीईएमएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश शासन ने इस इकाई के लिए कुल 60.063 हेक्टेयर भूमि आवंटन को मंजूरी दी है। प्रस्तावित इकाई मुख्य रेल एवं नगरीय परिवहन परियोजनाओं के लिए रोलिंग स्टॉक और मेट्रो कोच का निर्माण करेगी। इससे प्रदेश और देश के अन्य भागों में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर सशक्त होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार मानते हुए बीईएमएल के चेयरमेन और एमडी श्री शांतनु रॉय ने कहा कि बीईएमएल उनके विश्वास पर खरी उतरेगी। रायसेन में हमारी इकाई का विस्तार भारत के नगरीय रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को और गतिशीलता एवं सशक्त बनाएगा। 2100वें मेट्रो कोच का निर्माण इस बात का प्रमाण है कि हमारे सहयोगी संस्थानों ने बीईएमएल पर निरंतर विश्वास जताया है। यह उपलब्धि हमारे नवाचार, स्वदेशीकरण एवं गुणवत्ता के प्रति समर्पण को दर्शाती है। साथ ही देश की औद्योगिक उन्नति एवं रोजगार सृजन में हमारी भूमिका को सुदृढ़ करती है।
बीईएमएल का 2100वां मेट्रो कोच मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के माध्यम से निर्मित किया गया है। इसमें ग्रेड ऑफ ऑटोमेशन मानकों के अनुसार ड्राइवरलेस संचालन की सुविधा उपलब्ध है। इस कोच में अनअटेंडेड ट्रेन ऑपरेशन (यूटीओ) स्मार्ट सुरक्षा प्रणालियाँ और वैश्विक मानकों के अनुरूप अनेक आधुनिक सुविधाएँ शामिल की गई हैं।
इस नवीन कोच की विशेषता “ऑन बोर्ड कंडीशन मॉनिटरिंग सिस्टम” है, जो भारत में पहली बार किसी मेट्रो ट्रेन में शामिल किया गया है। इस प्रणाली में पाँच प्रमुख मॉड्यूल – रेल ट्रैक स्थिति की निगरानी, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) की स्थिति, पैंटोग्राफ-ओएचई संपर्क, आर्क डिटेक्शन और रेल प्रोफाइल विश्लेषण शामिल हैं।
इन प्रणालियों की मदद से डिपो कंट्रोल सेंटर से ही रियल-टाइम प्रिडिक्टिव मेंटिनेंस और रिमोट डाइग्नोसिस संभव होगा। इस मेट्रो कोच में यात्रियों की सुविधा के लिये एर्गोनॉमिक इंटीरियर, डायनॅमिक रूट मैप्स, सीसीटीवी, डिजिटल फायर डिटेक्शन, एडवांस्ड एयरकंडिशनिंग सिस्टम और साइकिल स्टैंड जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअली सहभागिता कर वर-वधुओं को दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने वर्चुअली सहभागिता कर वर-वधुओं को दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विवाह हमारी संस्कृति की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यह हमारे समाज और परिवार का आधार है। सामूहिक विवाह सम्मेलन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल और सहयोग के प्रतीक हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के साथ हमारी सरकार दोस्त बनकर हमेशा साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को नरसिंहपुर जिले के नई कृषि उपज मंडी प्रांगण, गोटेगांव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आय़ोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में वर्चुअली सहभागिता कर संबोधित कर रहे थे। सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 218 जोड़े (216 कन्याओं का विवाह और 02 बेटियों का निकाह) परिणय सूत्र में बंधे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार माताओं, बहनों और बेटियों के हितों की रक्षा के लिए हर कदम पर साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बहन, बेटियों के लिए हमने अपने सालाना बजट में 27 हजार 147 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। प्रदेश में ग्रामसभा से लेकर विधानसभा तक महिलाओं की प्रभावी उपस्थिति है। शासकीय नौकरियों में हमने महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत तक आरक्षण का प्रावधान किया है। प्रदेश में 40 प्रतिशत से अधिक स्टार्ट-अप्स का संचालन महिलाएं कर रही हैं। बीते वर्षों में 5 लाख स्व-सहायता समूहों के माध्यम से करीब 62 लाख ग्रामीण बहनें आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। यह हमारे लिये गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नवविवाहित जोड़ों को दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं व आशीर्वाद देते हुए कहा कि 16 संस्कारों में सबसे सुंदर संस्कार पाणिग्रहण संस्कार है। विवाह 2 परिवारों का और 2 संस्कारों का भी मिलन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य न केवल बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा करना है, बल्कि उनके जीवन की नई शुरुआत को आर्थिक संबल सशक्त आधार देना भी है। उन्होंने वर-वधूओं से अपील की कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन को आत्मनिर्भर और सुखमय बनाएं।
सम्मेलन को गोटेगांव विधायक श्री महेन्द्र सिंह नागेश ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक हाकम सिंह चढ़ार, समाजसेवी रामस्नेही पाठक, महंत पीतम पुरी, दादूराम पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिगण, वर-वधू एवं बड़ी संख्या में उनके परिजन एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
1 मंत्रिपरिषद ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए राज्य के शासकीय विद्यालयों में ‘‘मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान का संचालन करने का अहम निर्णय लिया गया।
इस अभियान के अंतर्गत शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, पालक-शिक्षक सहभागिता बढ़ाने और शैक्षणिक उपलब्धियों को उन्नत करने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष फोकस किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अभियान के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों का सामाजिक अंकेक्षण कर गुणवत्ता के आधार पर ग्रेडिंग की जाएगी। कमजोर शालाओं की नियमित मॉनीटरिंग विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। मॉडल शालाओं का चयन कर, कमजोर शालाओं के शिक्षकों को वहाँ शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। पालक-शिक्षक बैठकों (पीटीएम) के माध्यम से अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में वृद्धि के लिए कक्षा शिक्षण प्रक्रियाओं में सुधार किया जाएगा।
2 मंत्रिपरिषद ने साहित्य और कला के क्षेत्र में राज्य के अर्थाभावग्रस्त कलाकारों और साहित्यकारों के लिए एक बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। विधानसभा बजट सत्र में की गई घोषणा के परिपालन में अब कलाकारों को दी जाने वाली मासिक वित्तीय सहायता (पेंशन) को 2000 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। इसके लिए संस्कृति विभाग अंतर्गत संचालित वित्तीय सहायता योजना नियम-1986 में संशोधन के प्रस्ताव का मंत्रिपरिषद द्वारा अनुमोदन किया गया। इससे उन कलाकारों और साहित्यकारों को आर्थिक संबल मिलेगा, जो आजीविका के लिए संघर्षरत हैं।
यह योजना वर्ष 1986 में प्रारंभ की गई थी, तब न्यूनतम सहायता राशि 150 रुपये और अधिकतम 600 रुपये निर्धारित थी। बाद में वर्ष 2007 में इसे बढ़ाकर 1500 रुपये और फिर 2012 में 2000 रुपये किया गया। लेकिन पिछले 12 वर्षों में कोई वृद्धि नहीं हुई थी। वर्तमान में राज्य में कुल 162 कलाकारों को यह पेंशन दी जा रही है।
वर्तमान में हर कलाकार को सालाना 24 हजार रुपये पेंशन मिल रही है, जो संशोधन के बाद बढ़कर 60 हजार रुपये हो जाएगी। इससे कुल वार्षिक व्यय 38.88 लाख रुपये से बढ़कर 97.20 लाख रुपये हो जाएगा, जिससे राज्य पर 58.32 लाख रुपये का अतिरिक्त वार्षिक भार आएगा।
3 . मंत्रिपरिषद द्वारा प्रदेश में औद्योगिक विकास को और अधिक गति देने एवं भूमि आबंटन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ औद्योगिक भूमि एवं भवन प्रबंधन नियम, 2015 में संशोधन के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
इस संशोधन से औद्योगिक क्षेत्रों, लैंड बैंक तथा अन्य भूमि खंडों के आबंटन की प्रक्रिया में और अधिक स्पष्टता व पारदर्शिता आएगी, इससे औद्योगिक निवेशकों को भूमि आबंटन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने व लाभ उठाने में सुविधा होगी।
4 . मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में कई महत्वपूर्ण संशोधनों को मंजूरी दी है। इससे राज्य की औद्योगिक नीति और अधिक रोजगारपरक, व्यापक और उद्यमों के लिए लाभकारी हो जाएगी।
प्रस्तावित संशोधन से राज्य में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे साथ ही आधुनिक खेती से लेकर खिलौना उद्योग तक को बढ़ावा मिलेगा।
युवाओं को मिलेगा रोजगार – नई नीति के तहत जिन कंपनियों में छत्तीसगढ़ के लोगों को नौकरी मिलेगी, उन्हें सरकार की तरफ से अनुदान मिलेगा।
हाइटेक खेती को बढ़ावा – अब हाइड्रोपोनिक और ऐयरोपोनिक जैसी आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को नई तकनीक, जैसे ऑटोमेशन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स का फायदा मिलेगा।
युवाओं के लिए ट्रेनिंग और खेल की सुविधाएं – राज्य में खेल अकादमी और निजी प्रशिक्षण केंद्रों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे युवाओं को बेहतर ट्रेनिंग और करियर के अवसर मिलेंगे।
गुणवत्ता पूर्ण विश्वविद्यालयों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा।
ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग और सर्विस सेंटर को सभी विकासखण्ड समूहों में मान्य किया जाएगा।
पर्यटन और होटल व्यवसाय को बढ़ावा – बस्तर और सरगुजा संभाग में होटल और रिसॉर्ट बनाने के लिए निवेश की न्यूनतम सीमा घटा दी गई है, जिससे इन इलाकों में पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
कपड़ा उद्योग को दोगुना प्रोत्साहन – टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश करने पर अब 200 प्रतिशत तक का प्रोत्साहन मिलेगा। इससे सिलाई, कढ़ाई और बुनाई जैसे काम करने वालों को भी फायदा मिलेगा।
लॉजिस्टिक हब बनेगा छत्तीसगढ़ – अब राज्य के हर हिस्से में माल ढुलाई और व्यापार को आसान बनाने के लिए नई लॉजिस्टिक नीति लाई जाएगी। इससे व्यापारियों को फायदा होगा और बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
दिव्यांगजनों को विशेष लाभ – दिव्यांगजनों की परिभाषा को नया रूप दिया गया है ताकि उन्हें ज्यादा योजनाओं का लाभ मिल सके।
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, रक्षा और एयरोस्पेस सेक्टर को विशेष पैकेज, निजी औद्योगिक पार्क के लिए अधोसंरचना अनुदान में बढ़ोत्तरी तथा प्लग एंड प्ले फैक्ट्री निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रदेश में इज आफ लिविंग को बढ़ावा देने हेतु, न्यूनतम 500 विद्यार्थी क्षमता के कक्षा पहली से 12वीं निजी सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूल एवं मल्टिप्लेक्स युक्त मिनी मॉल से वंचित प्रदेश के नगरीय क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्र से भिन्न विकासखण्ड मुख्यालय से 10 किलोमीटर की परिधि तक के क्षेत्र में प्रथम तीन इकाई को थ्रस्ट सेक्टर की भांति सम्मिलित किया जाएगा।
टॉम क्रूज की फिल्म एडवांस बुकिंग में दिखा रही जलवा
टॉम क्रूज की फिल्म एडवांस बुकिंग में दिखा रही जलवा
टॉम क्रूज की बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर मिशन इम्पॉसिबल: द फाइनल रेकनिंग इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। 17 मई को भारत में रिलीज होने वाली यह फिल्म लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का अंतिम अध्याय है। एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद से ही टिकटों की बिक्री ने जबरदस्त उत्साह दिखाया है, जो प्रशंसकों के बीच इस फिल्म के प्रति दीवानगी को दर्शाता है।
भारत में एडवांस बुकिंग का जोरदार रिस्पॉन्स
भारत में फिल्म के टिकटों की मांग तेजी से बढ़ रही है। एडवांस बुकिंग शुरू होने के 24 घंटे के भीतर ही 11,000 से अधिक टिकट बिक गए। मंगलवार 13 मई को रात 10 बजे तक भारत की शीर्ष तीन राष्ट्रीय सिनेमा चेन में 45,000 से ज्यादा टिकटों की बिक्री हो चुकी थी।
2023 में रिलीज हुई मिशन इम्पॉसिबल: डेड रेकनिंग पार्ट वन ने भारत में ओपनिंग पर लगान में 15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। सैकनिल्क के अनुसार इस सीक्वल के 20 करोड़ रुपये या उससे अधिक की ओपनिंग करने की उम्मीद है।
पीवीआर-इनॉक्स लिमिटेड के चीफ बिजनेस प्लानिंग एंड स्ट्रैटेजी हेड कमल गियानचंदानी ने कहा कि मिशन इम्पॉसिबल: द फाइनल रेकनिंग को असाधारण रिस्पॉन्स मिल रहा है। पहले 24 घंटों में जबरदस्त गति देखी गई, जो भारत में सिनेमा के प्रति उत्साह को दर्शाता है। टॉम क्रूज बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा आकर्षण हैं।














