अंगोला के राष्ट्रपति 38 वर्षों के बाद तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे
अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंजाल्विस लौरेंको एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आज सुबह नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका विशेष स्वागत किया। अंगोला के राष्ट्रपति 38 वर्षों के बाद भारत आये हैं। भारत और अंगोला इस वर्ष राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।
राष्ट्रपति लॉरेन्को का कल राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। अंगोला के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ चर्चा करेंगे। अतिथि एवं गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में भोज का आयोजन भी होगा। इसके अलावा, राष्ट्रपति लॉरेन्को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
प्रधानमंत्री उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन करेंगे। इस यात्रा के दौरान कई सहमति पत्रों और समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिससे द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। रविवार को राष्ट्रपति लॉरेन्को नई दिल्ली में एक व्यापारिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच निवेश और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देना है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और अंगोला के मैत्रीपूर्ण संबंधों के बीच दोनों देशों के मध्य द्विपक्षीय व्यापार बढ़ रहा है और 2023-2024 के दौरान यह चार दशमलव 192 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण सहयोग और रक्षा संबंधों का भी विस्तार हो रहा है। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर एक-दूसरे की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं।
अंगोला के राष्ट्रपति 38 वर्षों के बाद तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे
भारत में पर्याप्त संख्या में मूवी स्क्रीन नहीं हैं: आमिर खान
भारत में पर्याप्त संख्या में मूवी स्क्रीन नहीं हैं: आमिर खान
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने कहा है कि भारत में पर्याप्त संख्या में मूवी स्क्रीन नहीं हैं। वे आज मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान एक पैनल चर्चा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में केवल दो प्रतिशत आबादी लगभग तीन करोड़ लोग ही सिनेमाघरों में फिल्में देखने पहुंचते हैं।
आमिर खान ने कहा कि भारत में केवल 9 हजार 200 सिनेमाघर हैं, जबकि बहुत कम आबादी वाले देश अमरीका में 40 हजार और चीन में 90 हजार स्क्रीन उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत के फिल्म व्यवसाय मॉडल में बहुत कुछ किया जाना शेष है और सिनेमाघरों में फिल्म के रिलीज होने तथा ओटीटी पर रिलीज के बीच लंबी प्रतीक्षा अवधि होनी चाहिए।
आमिर खान ने देश को मीडिया और मनोरंजन में अग्रणी बनाने में मदद करने के लिए वेव्स की सराहना की। फिल्म निर्माता रितेश सिधवानी ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि वेव्स ने एक ऐसा अवसर प्रस्तुत किया है, जो भारतीय सिनेमा को पहले कभी नहीं मिला और इसने दुनिया का ध्यान भारत की तरफ आकृष्ट किया है।
भारत ने वैश्विक मीडिया संवाद की मेजबानी की
भारत ने वैश्विक मीडिया संवाद की मेजबानी की
वेव्स शिखर सम्मेलन में वैश्विक मीडिया संवाद आज सुबह मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में प्रारंभ हुआ। यह आयोजन वैश्विक मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य के साथ भारत के जुड़ाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल चार दिवसीय वेव्स शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया था। सूचना और प्रसारण मंत्रालय वैश्विक मीडिया संवाद का आयोजन विदेश मंत्रालय के सहयोग से कर रहा है।
विदेश मंत्री डॉ सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी और परंपरा को मिलकर साथ-साथ चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी देश की अनमोल विरासत के बारे में जागरूकता को बढ़ावा दे सकती है। डॉ जयशंकर ने कहा कि यह युवा पीढियों के लिए चेतना को गहरा कर सकती है।
उन्होंने कहा कि नवाचार ऊंचाई तक पहुंचने की कुंजी है, जो 2047 तक एक विकसित भारत का निर्माण करेगी। विदेश मंत्री ने देश की परंपराओं, विरासत, विचारों और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उभरती प्रौद्योगिकियों का गैर-जिम्मेदाराना उपयोग आज के समय में बढ़ती चिंता का विषय है।
इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वैश्विक स्तर पर मीडिया और मनोरंजन उद्योग जगत का बाजार लगभग तीन खरब अमरीकी डॉलर का है। उन्होंने सभी से अपनी कहानी दुनिया के सामने रखने का उचित अवसर प्रदान करने और स्थानीय सामग्री का प्रचार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मंत्री वैष्णव ने कहा कि संस्कृति ही रचनात्मकता को प्रेरित करती है और यह सीमाओं के पार भी लोगों को जोड़ देती है। उन्होंने कहा कि सभी को ऐसी नीतियों का समर्थन करना चाहिए, जो सभी सांस्कृतिक रूपों को संरक्षित करें और बढ़ावा दें।
इस कार्यक्रम के दौरान सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन तथा सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू भी उपस्थित थे। इस सम्मेलन में 60 से अधिक देश भाग ले रहे हैं, जिनमें एशिया, यूरोप, अफ्रीका और अमरीका के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढावा देना, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को विस्तार देना और वैश्विक मीडिया क्षेत्र में नीति निर्धारण करना, प्रतिभाओं का आदान प्रदान करना तथा क्षमता निर्माण के नये विकल्प तलाशना है।
दर्शन के लिए खोले गए केदारनाथ धाम के कपाट
दर्शन के लिए खोले गए केदारनाथ धाम के कपाट
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह सात बजे विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए।
इस पावन अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के लिए धाम पहुंचे, जहां भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला।
मजदूरों के नाम पर घोटाले का शक,उजागर करने सरकार करा रही सोशल आडिट
मजदूरों के नाम पर घोटाले का शक,उजागर करने सरकार करा रही सोशल आडिट
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार को मजदूरों की मौत व उनके घायल होने पर दी जाने वाली अनुग्रह राशि वितरण में बड़ी गड़बड़ी की आशंका है। इसके चलते प्रदेशभर में सोशल आडिट के जरिए इसे उजागर करने की तैयारी है,लेकिन विभागीय अफसर इसमें भी पेंच फंसा रहे हैं।
सालभर पहले भोपाल नगर निगम में श्रमिकों के नाम पर करीब दो करोड़ रुपए की गड़बड़ी उजागर हुई थी। घोटाले के लिए जिम्मेदारों ने कुछ जिंदा लोगों को भी मृत बताकर रकम हड़प ली। इनमें अशोका गार्डन के मो.कमर,चांदबड़ की उर्मिला रायकवार व जहांगीराबाद निवासी मुमोबाई शामिल हैं। जो जीवित हैं,लेकिन इनके नाम के दो लाख रुपए हड़पने उन्हें जीते जी मार दिया गया।
ये 17 अधिकारी,कर्मचारियों पर लगे आरोप
मामले का खुलासा हुआ तो निगम मुख्यालय में हड़कंप मच गया। विभागीय पड़ताल में ऐसे 133 मामले सामने आए। इनमें 95 की नस्तियां ही गायब कर दी गई। निगम के तत्कालीन जोनल अधिकारी सत्यप्रकाश बड़गैंया,परितोष रंजन परसाई,अवध नारायण मकोरिया,मयंक जाट,अभिषेक श्रीवास्तव,अनिल कुमार शर्मा,सुभाष जोशी,मृणाल खरे वार्ड प्रभारी अनिल प्रधान,चरण सिंह खंगराले,शिवकुमार गोफनिया,सुनील सूर्यवंशी,मनोज राजे,कपिल कुमार बंसल,व तीन कर्मचारी सुधीर शुक्ला,नवेद खान व रफत अली पर गड़बड़ी के आरोप लगे।
दिखावा साबित हुए जिम्मेदारों के बयान
गरीब मजदूरों के नाम पर हुए घोटाले से निगम की किरकिरी हुई जो जिम्मेदारों ने बड़े बयान दिए। महापौर मालती राय ने मीडिया से कहा—मृत्यु योजना की राशि में गड़बड़ी करने वालों को सख्त सजा होनी चाहिए। ऐसी मानसिकता वालों को छोड़ेंगे नहीं,लेकिन हुआ कुछ नहीं। न आरोपी अमले के खिलाफ थाने में अपराध दर्ज हुआ न ही ये ज्यादा दिन निलंबित रहे। सभी आरोपियों को चंद दिनों बाद ही बहाल कर पहले से बेहतर पदस्थापना दे दी गई। अलबत्ता,लोकायुक्त पुलिस ने एक शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की,लेकिन इसकी भी गति बेहद धीमी बनी हुई है।
अब सोशल आडिट कराने की तैयारी
भोपाल नगर निगम से जुड़ा यह मामला बीते दिनों राज्य विधानसभा में उठा तो विभागीय मंत्री प्रहृलाद पटेल ने प्रदेशभर में इसका सोशल आडिट कराए जाने की बात कही। यह आडिट बीते दो साल यानी 2022—23 व 2023—24 के लिए होगा। मंशा यही है कि अन्य निकाय , व पंचायत क्षेत्रों में भी इस तरह के मामले हैं तो वे सामने आ सकें।
श्रम ने पंचायत विभाग पर डाली जिम्मेदारी
मंत्री के आश्वासन को पूरा करने में श्रम विभाग की भी कोई बहुत रुचि नहीं है। उसने सोशल आडिट की जिम्मेदारी पंचायत विभाग को सौंप दी है। इसे लेकर विभाग के सचिव बसंत कुर्रे कहते हैं—मैंने तो चंद दिन पहले ही सचिव का दायित्व संभाला है। मंत्री जी ने कहा है तो आडिट होगा। वहीं श्रम कल्याण मंडल कार्यालय प्रमुख व सहायक सचिव रजनी मालवीय कहती हैं— श्रम विभाग के पास तो सोशल आडिट कराने की कोई सुविधा है नहीं। पंचायत विभाग का अपना बड़ा नेटवर्क है। इसे देखते हुए उससे यह काम करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि श्रमिकों के तप, त्याग और पुरुषार्थ से ही विकास का हर संकल्प साकार होता है। परिश्रम, संकल्प और समर्पण से राष्ट्र की नींव को मजबूत करने वाले हमारे श्रमिक भाई-बहनों के श्रम का सम्मान करते हुए समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना, हम सब का कर्त्तव्य है।
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर और बिलासपुर के डे-स्कॉलर विशेष बच्चों के लिए निःशुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर और बिलासपुर के डे-स्कॉलर विशेष बच्चों के लिए निःशुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास परिसर से दृष्टि एवं श्रवण बाधित बच्चों को एक बड़ी सौगात देते हुए दो विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें रायपुर और बिलासपुर स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालयों में अध्ययनरत डे-स्कॉलर बच्चों को प्रतिदिन निःशुल्क घर से स्कूल और स्कूल से घर तक पहुंचाएंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सुविधा विशेष बच्चों के लिए न केवल सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास, शिक्षा की निरंतरता और सामाजिक समावेश को भी मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल उन माता-पिता के लिए भी राहत लेकर आएगी, जो अपने बच्चों की दैनिक आवाजाही को लेकर चिंतित रहते हैं, विशेष रूप से जब दोनों अभिभावक कार्यरत हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि हर विशेष आवश्यकता वाले बच्चे तक पहुँचा जाए और उन्हें एक बेहतर जीवन देने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। यह बस सेवा केवल परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि विशेष बच्चों के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा तक पहुंच सभी बच्चों का अधिकार है और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी शारीरिक बाधा के कारण कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
इन विशेष बसों के संचालन से रायपुर और बिलासपुर के सैकड़ों दृष्टि एवं श्रवण बाधित बच्चों को प्रतिदिन सम्मानजनक और सुरक्षित यात्रा का अवसर मिलेगा, जिससे वे मुख्यधारा की शिक्षा से सहज रूप से जुड़ सकेंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी एवं समाज कल्याण विभाग की संचालक रोक्तिमा यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने श्रमवीरों को दी मई दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री साय ने श्रमवीरों को दी मई दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) के अवसर पर प्रदेश के सभी श्रमवीरों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने श्रमिकों के सुखद, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि एक मई का दिन उन मेहनतकश हाथों को सम्मान देने का अवसर है, जो अपने परिश्रम और समर्पण से समाज व राष्ट्र की प्रगति को आधार देते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रमिक समाज के अभिन्न अंग हैं और किसी भी समावेशी विकास यात्रा की नींव श्रमिकों के परिश्रम पर टिकी होती है। राज्य सरकार श्रमिकों की सामाजिक और आर्थिक उन्नति के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मण्डल के माध्यम से श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शासन के प्रयासों से केवल श्रमिकों को ही नहीं बल्कि उनके परिजनों को भी सम्मानजनक और समृद्ध जीवन जीने हेतु संबल प्राप्त हो रहा है।
लॉर्ड्स में खेला जाएगा टी20 वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मुक़ाबला
लॉर्ड्स में खेला जाएगा टी20 वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मुक़ाबला
आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल की मेजबानी प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड करेगा। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टूर्नामेंट के लिए कुल 7 स्थलों की घोषणा की, जिसमें लॉर्ड्स के अलावा ओल्ड ट्रैफर्ड, हेडिंग्ले, एजबेस्टन, हैम्पशायर बाउल, द ओवल और ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड शामिल हैं।
24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 12 टीमें 33 मुकाबले खेलेंगी और फाइनल 5 जुलाई 2026 को लॉर्ड्स में आयोजित होगा। इस मौके पर ICC के अध्यक्ष जय शाह ने कहा, “यूनाइटेड किंगडम की विविधता और जुनून ने हमेशा हर टीम को जबरदस्त समर्थन दिया है। 2017 में लॉर्ड्स में महिला विश्व कप फाइनल एक ऐतिहासिक पल था और महिला खेल के लिए एक बड़ा मील का पत्थर रहा है। मैं फाइनल के लिए इससे बेहतर जगह की कल्पना नहीं कर सकता।”
वहीं इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड गोल्ड ने भी उत्साह जताते हुए कहा, “लॉर्ड्स में फाइनल का खेला जाना बेहद खास है। यह विश्व क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित स्थलों में से एक है और हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह यहां वर्ल्ड कप फाइनल जैसे मौके का हिस्सा बने।”
हॉरर, इमोशन और हंसी का धमाकेदार तड़का है संजय दत्त की ‘द भूतनी’
हॉरर, इमोशन और हंसी का धमाकेदार तड़का है संजय दत्त की ‘द भूतनी’
बॉलीवुड स्टार संजय दत्त और मौनी रॉय की नई मूवी द भूतनी रोमांस और भावनाओं के साथ एक हॉरर कॉमेडी का प्रयास करती है।
कुछ फिल्में सिर्फ एंटरटेन नहीं करतीं, बल्कि कुछ नया भी दिखा जाती हैं। ‘द भूतनी’ ऐसी ही एक फिल्म है जिसे सिद्धांत सचदेव ने लिखा और डायरेक्ट किया है। इसमें हॉरर, कॉमेडी, रोमांस और सुपरनैचुरल थ्रिल को अच्छी तरह मिलाया गया है। कॉलेज कैंपस की इस कहानी में देसी लोककथाओं का तड़का भी है।
द भूतनी की कहानी
द भूतनी की कहानी बस डराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें इमोशन, हसी और थ्रिल का जबरदस्त मेल है। ये कहानी सेंट विंसेंट कॉलेज के बैकड्रॉप में सेट है, जहां हर वैलेंटाइन डे पर “वर्जिन ट्री” की डरावनी दास्तान दोहराई जाती है, यानी एक ऐसी आत्मा जो सच्चे प्यार की तलाश में निकलती है, लेकिन होली आते-आते उसकी मोहब्बत खूनी रूप ले लेती है।
कैसा है डायरेक्शन
वैलेंटाइन डे से होली तक के 27 दिन भूतिया मंजरों, इमोशनल मोड़ों और जोरदार कॉमेडी से भरपूर हैं। सिद्धांत सचदेव की डायरेक्शन की सबसे बड़ी खासियत है उनकी कहानी पर पकड़ और माहौल को बनाने की कला। वो एक ऐसी दुनिया रचते हैं जहां किरदारों की दोस्ती और मोहब्बत में आप इतना डूब जाते हैं कि हर सीन में डर अपने आप सिर उठाने लगता है।














