आईटी सेक्टर में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगा मध्य प्रदेश -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

आईटी सेक्टर में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगा मध्य प्रदेश -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्तमान और भविष्य की तकनीक का आधार आईटी है। प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करते हुए समय के साथ चलने के लिए आईटी सेक्टर में निवेश और गतिविधियों का विस्तार आवश्यक है। इसी उद्देश्य से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद पहली सेक्टर आधारित कॉन्क्लेव आईटी पर केन्द्रित की जा रही है। प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में आईटी इंडस्ट्री का पर्याप्त आधार विद्यमान है। राज्य सरकार आवश्यक सहयोग और समर्थन उपलब्ध कराकर प्रदेश की आईटी इंडस्ट्री को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर तक व्यापक स्वरूप देने की इच्छुक है। इंदौर में 27 अप्रैल को होने वाली “टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव” इस दिशा में निश्चित ही परिणाममूलक रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में होने वाली आईटी कॉन्क्लेव के संबंध में विभिन्न जिलों के उद्योगपतियों से समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) से वर्चुअली संवाद कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद में उद्योगपतियों ने आईटी पार्क के विस्तार की आवश्यकता बताई। साथ ही आईटी के क्षेत्र में कार्य कर रहे उद्योगपतियों ने दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा और औद्योगिक गतिविधियों में समन्वय, स्टार्ट-अप में उद्यमिता की संस्कृति को विकसित करने, प्राकृतिक गैस पर टैक्स कम करने और प्रदेश में स्टार्ट-अप कम्युनिटी के मध्य बेहतर समन्वय संबंधी चर्चा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद में वॉक-टू-वर्क सुविधा के साथ आईटी पार्क विकसित करने, प्रदेश में डिजिटल इकोनॉमी मिशन लागू करने और एआई आधारित गतिविधियों की अन्य उद्योगों में स्वीकार्यता बढ़ाने की दिशा में कार्य करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों की पहल और नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह संवाद राज्य शासन और आईटी के क्षेत्र में कार्य कर रहे उद्योगपतियों के बीच मजबूत रिश्तों का आधार बनेगा और सबके सहयोग से मध्यप्रदेश आईटी सेक्टर में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह, एमडी एमपीएसईडीसी आशीष वशिष्ठ, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एमपीएसईडीसी गुरू प्रसाद सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

सात लाख अधिकारियों-कर्मचारियों की ऑनलाइन कुंडली तैयार करेगी एमपी सरकार

सात लाख अधिकारियों-कर्मचारियों की ऑनलाइन कुंडली तैयार करेगी एमपी सरकार
मध्य प्रदेश के सात लाख अधिकारियों-कर्मचारियों की पूरी कुंडली सरकार तैयार करने जा रही है। इसमें कर्मचारी का पूरा ब्योरा रहेगा यानी सेवा में आने से लेकर सेवानिवृत्ति तक की समस्त जानकारियां ऑनलाइन रहेंगे।
इसका लाभ यह होगा कि फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। जिस व्यक्ति ने राज्य लोक सेवा आयोग या फिर कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से भर्ती परीक्षा दी है, वही नौकरी कर पाएगा। उसके बायोमैट्रिक्स के आधार पर सत्यापन होगा। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने मानव संसाधन प्रबंधन सिस्टम तैयार किया है।
कर्मचारियों की पूरी कुंडली अभी सेवा पुस्तिका में रहती है, जिसे मूल विभाग संधारित करता है। इसमें समय-समय पर होने वाली वेतनवृद्धि, पदोन्नति, गोपनीय चरित्रावली के आधार पर मिलने वाली श्रेणी, विभागीय जांच, आरोप पत्र की स्थिति, कब-कहां पदस्थ रहे, वेतनमान, छुट्टी सहित सभी विवरण रहता है। बार-बार यह शिकायत मिलती है कि इन्हें अद्यतन नहीं किया जा रहा है।

एमपी की धरती में निकला अथाह सोने का भंडार

एमपी की धरती में निकला अथाह सोने का भंडार
कोयले के भंडारण के चलते देशभर में ऊर्जाधानी के नाम से मशहूर मध्य प्रदेश के सिंगरौली के नाम अब एक और उपलब्धि जुड़ गई है। जिले की जमीन जल्द ही कोयले के साथ सोना भी उगलने लगेगी। यहां सोने की खदानों की नीलामी पूरी कर ली गई है, जिसके बाद ठेका लेने वाली एजेंसियों द्वारा खुदाई का काम शुरू भी कर दिया है। खदानों में मशीनों ने काम करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि, सोने की चार खदानों की नीलामी की गई है। चारों खदानें अलग-अलग कंपनियों को आवंटित की गई हैं। इन कंपनियां ने मशीनों से खदानों में काम तेज गति से सोना निकालने में जुट गई हैं।
जिले ने कोयला खदानों और विद्युत तापीय परियोजनाओं से देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। खनिज संपदा से भरपूर सिंगरौली जिला देश के कई क्षेत्रों में कोयला सप्लाई कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है। अब सिंगरौली में कोयले के साथ सोना भी उगलने जा रहा है। इसके लिए 4 खदाने नीलाम की गई हैं। शुरुआती दौर की खुदाई का कार्य भी खनिज विभाग के देखरेख में शुरू हुआ है। सर्वे रिपोर्ट के बाद सिंगरौली जिले में ये 4 खदानें स्वीकृत की गई थीं।
सोने की चारों खदानों में मशीनों से खुदाई शुरू
सिंगरौली जिले में चकरिया गोल्ड ब्लॉक और सिल्फोरी सिधार गांव का गूढहर पहाड़ की नीलामी पिछले साल की जा चुकी है. 2 अन्य खदानें अमिलहवा गोल्ड ब्लॉक और चुनपुरवा गोल्ड ब्लॉक यानी कुल 4 खदानों की नीलामी पूरी हो चुकी है। खुदाई के कार्य के लिए स्पॉट पर मशीनों ने अपना काम करना शुरू कर दिया है। इन खदानों में प्रति टन मैटेरियल से 1.02 से 1.5 ग्राम तक सोना निकलने की संभावना जताई गई है।
सरकार को हर साल मिलेगा 250 करोड़ राजस्व
आपको बता दें कि, सिंगरौली जिले से कोयले की खदानों से हाल ही में मोटा राजस्व मिलता है। इस मामले में सिंगरौली जिला प्रदेश में अव्वल रहा है। अब सोने की खदानों से राजस्व की प्राप्ति और बढ़ जाएगी। सहायक खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला का कहना है ‘सोने की खदानों से राज्य सरकार को हर साल लगभग 250 करोड़ तक राजस्व वसूलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया जोरा मॉल का भव्य शुभारंभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया जोरा मॉल का भव्य शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर में जोरा मॉल का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लिया और सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। इस दौरान उन्होंने मॉल में सर्व सुविधायुक्त सिनेमा हॉल का शुभारंभ किया और राज्य सरकार के सुशासन पर आधारित एक वीडियो देखा।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राजधानी वासियों के लिए आज का दिन बेहद खास है। यह नया प्रतिष्ठान लोगों को आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं, मनोरंजन और सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगा। इससे आसपास के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। श्री साय ने कहा कि यह मॉल आने वाले समय में शहरी जीवनशैली को और अधिक सहज, समृद्ध और सुविधाजनक बनाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि लगभग 12 वर्षों की यात्रा के बाद यह प्रतिष्ठान अपने वास्तविक स्वरूप में बनकर तैयार हुआ है। प्रतिष्ठान के संचालक अनुभवी है और उद्योगपति के रूप में उनके लंबे अनुभवों का लाभ इस नए प्रतिष्ठान को भी मिलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों और प्रतिष्ठान से जुड़े सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े मॉल का आज विधिवत शुभारंभ हुआ है। 12-13 वर्ष पहले ट्रेजर आईलेंड के नाम से इस मॉल का काम प्रारम्भ हुआ, परन्तु लम्बी यात्रा के बाद आज नए कलेवर के साथ इसका शुभारम्भ हुआ। यह मॉल रायपुर और प्रदेशवासियों के लिए बेहतरीन खरीदी एवं मनोरंजन का केंद्र होगा। राजधानी रायपुर देश में विकसित राजधानी के रूप में अपनी पहचान बना रहा है और यह मॉल इस पहचान को स्थापित करने में अपना योगदान देगा।
शुभारंभ समारोह को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी संबोधित कर अपनी शुभकामनाएं दी।
इस शुभ अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, सीएसआईडीसी के चेयरमैन राजीव अग्रवाल, सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, आरडीए के अध्यक्ष नंदकुमार साहू, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया, मॉल के संचालक विजय झावर भी उपस्थित रहे।

ड्रीम 11 टीम में इन खिलाड़ियों को गलती से भी न चुनें

ड्रीम 11 टीम में इन खिलाड़ियों को गलती से भी न चुनें
आईपीएल 2025 के 45वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। मुंबई पिछले 4 मैचों से जीत की रथ पर सवार है और लगातार 5वीं जीत हासिल करना चाहेगी। दूसरी ओर लखनऊ भी शुरुआती उतार चढ़ाव के बाद पटरी पर लौट आई है और पिछले 5 में से 4 मैच जीत चुकी है। अंक तालिका में लखनऊ छठे स्थान पर है तो मुंबई की टीम चौथे स्थान पर है। वानखेड़े स्टेडियम में यह मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले को जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स पर लाइव देखा जा सकता है।
इन खिलाड़ियों को चुनने से बचें
ऋषभ पंत फॉर्म में नहीं हैं। सपाट पिच पर शार्दुल ठाकुर, मिचेल सैंटनर, रवि बिश्नोई और आवेश खान प्रभावशाली नहीं रहते हैं। ऐसे में इन खिलाड़ियों को टीम में जगह देने से बच सकते हैं। रोहित शर्मा फॉर्म में हैं। मिचेल मार्श लगातार लखनऊ के रन बना रहे हैं। मार्करम और रायन रिकल्टन ने भी शानदार खेल दिखाया है। ऐसे में इन खिलाड़ियों को टीम में आप शामिल कर सकते हैं।

3 दिन में पाकिस्तान की अकल आई ठिकाने, इस काम में भारत का साथ देने के लिए तैयार

3 दिन में पाकिस्तान की अकल आई ठिकाने, इस काम में भारत का साथ देने के लिए तैयार
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को कहा है कि वह कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या की किसी भी ‘निष्पक्ष और पारदर्शी’ जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद की आलोचना की है और देश खुद इसका शिकार रहा है। आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
काकुल में पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी में पासिंग-आउट परेड को संबोधित करते हुए, शहबाज शरीफ ने कहा कि भारत बिना किसी विश्वसनीय जांच या सत्यापन योग्य सबूत के आधारहीन और झूठे आरोप पाकिस्तान पर लगा रहा है। पाकिस्तानी पीएम ने कहा, “एक जिम्मेदार देश के रूप में अपनी भूमिका को जारी रखते हुए, पाकिस्तान किसी भी निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच में भाग लेने के लिए तैयार है।”
इस दौरान शहबाज शरीफ ने एक बार फिर जम्मू कश्मीर का राग अलापा। उन्होंने कहा, “मुझे कश्मीर के महत्व को रेखांकित करना होगा, जैसा कि राष्ट्र के संस्थापक कायदे-आजम मोहम्मद अली जिन्ना ने सही कहा था, कश्मीर पाकिस्तान की गर्दन की नस है। पाकिस्तान ने हमेशा आतंकवाद की निंदा की है।” उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ दुनिया का अग्रणी देश बताते हुए कहा, “हमने भारी नुकसान उठाया, जिसमें 90,000 लोग हताहत हुए और 600 बिलियन डॉलर से अधिक की आर्थिक हानि हुई।”
भारत ने उठाए हैं शख्त कदम
पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। नई दिल्ली ने इस्लामबाद के खिलाफ कई सख्त कूटनीतिक और रणनीतिक कदम उठाए हैं। इनमें 1960 के सिंधु जल समझौते को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने, अटारी इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट को बंद करने, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, जैसे कई कदम उठाए हैं। भारत के इन फैसलों के बाद पाकिस्तान ने शिमला समझौते को स्थगित करने और भारतीय उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने जैसे कुछ कदम उठाए हैं।

जब युवा राष्ट्र निर्माण में भाग लेते हैं तो राष्ट्र तेजी से विकास करता है – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

जब युवा राष्ट्र निर्माण में भाग लेते हैं तो राष्ट्र तेजी से विकास करता है – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जब युवा राष्ट्र निर्माण में भाग लेते हैं तो राष्ट्र तेजी से विकास करता है और विश्व में अपनी पहचान भी बनाता है। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा अपनी मेहनत और नवाचार से दुनिया को दिखा रहे हैं कि देश में कितनी संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री आज विभिन्न सरकारी विभागों में और संगठनों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद बोल रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिन युवाओं को आज नियुक्ति पत्र मिले हैं, उन पर देश की अर्थव्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने, आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास करने और श्रमिकों के जीवन में बदलाव लाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे अपने काम के प्रति जितने ईमानदार होंगे, उतना ही यह भारत की विकसित भारत की यात्रा में सहायक होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बजट में सरकार ने विनिर्माण मिशन की घोषणा की है और इसका उद्देश्य मेक इन इंडिया को बढ़ावा देना तथा भारत के युवाओं को वैश्विक मानकों के उत्पाद बनाने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ लाखों सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, छोटे उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि देशभर में रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ ही दिनों में मुंबई में विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन वेव्स 2025 का आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के केंद्र में भी देश के युवा हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवा रचनाकारों को पहली बार ऐसा मंच मिल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मीडिया, गेमिंग और मनोरंजन क्षेत्र के नवोन्‍मेषकों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का यह अभूतपूर्व अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं नौकरशाही, अंतरिक्ष और विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का ग्रामीण महिलाओं के सशक्ति‍करण पर भी विशेष ध्‍यान है।
रोजगार सृजन को उच्‍च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप 15वां रोजगार मेला आज देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया गया। नए भर्ती हुए कर्मचारी राजस्व विभाग, कार्मिक और लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रेल मंत्रालय, श्रम और रोजगार मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में केंद्र सरकार की नौकरियों में शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उद्योग जगत के दिग्गजों ने की मुलाकात

छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उद्योग जगत के दिग्गजों ने की मुलाकात
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुंबई में देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात की। इस दौरान वस्त्र, पर्यटन और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में ऑनलाइन फैशन ब्रांड साइज़ अप, आईएनबीडी टेक्स, स्विफ्ट मर्चेंडाइज, शाल्बी हॉस्पिटल, ललन ग्रुप, अरैया ग्रुप, प्राइड होटल्स, ग्रीनटेक सोल्युशंस के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं और प्रोत्साहनों की जानकारी साझा की।
आईएनबीडी टेक्स के निदेशक अजीत कुमार डालमिया ने नवा रायपुर में परिधान इकाइयां लगाने की इच्छा जाहिर की, जिसके लिए उन्होंने 3 से 5 एकड़ जमीन की जरूरत बताई। वहीं, स्विफ्ट मर्चेंडाइज ने छत्तीसगढ़ के वस्त्र उद्योग की मजबूत संभावनाओं को देखते हुए कदम बढ़ाने का मन बनाया।
श्रीलंका के ललन ग्रुप ने प्रतिनिधि दिलीप पारिक ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए राज्य में धागा और कपड़ा निर्माण इकाई स्थापित करने में रुचि दिखाई। वहीं, साइज़ अप कंपनी के प्रमुख ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में निवेश करने का प्रस्ताव दिया और बताया कि वे राज्य में प्लस-साइज़ परिधान निर्माण की यूनिट स्थापित करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री साय ने इन सभी को राज्य की ओर से सस्ती बिजली, कुशल कार्यबल और बेहतरीन लॉजिस्टिक्स का भरोसा दिया।
शाल्बी हॉस्पिटल निदेशक शनाए विक्रम शाह ने नवा रायपुर में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल खोलने की इच्छा जताकर स्वास्थ्य क्षेत्र में भी नई उम्मीदें जगाईं। मुख्यमंत्री साय ने राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे निवेश और अधोसंरचना विकास की जानकारी साझा की और शाल्बी ग्रुप की पहल का स्वागत किया।अरैया ग्रुप के मुख्य व्यवसाय अधिकारी अक्षय कुलकर्णी ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को वैश्विक लक्जरी हॉस्पिटैलिटी से जोड़ना चाहते हैं। इसके लिए समूह राज्य में लक्जरी पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश की योजना पर विचार कर रहा है। इसके साथ ही प्राइड होटल्स के निदेशक सत्येन जैन ने कहा कि उनकी संस्था प्रीमियम आतिथ्य सेवाओं पर केंद्रित है और छत्तीसगढ़ की तेजी से विकसित होती पर्यटन अधोसंरचना से वह लाभान्वित होना चाहती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में निवेश की रुचि जताई है। वहीं, ग्रीनटेक सोल्युशंस के निदेशक एम.प्रसाद रेड्डी ने मुलाकात के दौरान प्रदेश में 1245 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत इस्पात संयंत्र स्थापित करने की योजना प्रस्तुत की, जिससे 500 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। रेड्डी ने बताया संस्था हरित प्रौद्योगिकियों के माध्यम से लागत प्रभावी समाधान प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ निवेश के लिए सबसे अनुकूल राज्य बनकर उभरा है। हमारी नई औद्योगिक नीति सरल, पारदर्शी और निवेशकों के लिए लाभकारी है। यहां बिजली, पानी, जमीन, कुशल श्रमिक और लॉजिस्टिक की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार हर निवेशक को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

निशा कुमार महिला सुरक्षा और पर्यावरण के लिए काम करेंगी

निशा कुमार महिला सुरक्षा और पर्यावरण के लिए काम करेंगी
एवरेस्ट फतह के बाद जब काटनी पड़ी उंगली
बड़ोदरा से लंदन साइकिल से की यात्रा
इंदौर। माउंट एवरेस्ट फतेह और भारत से लंदन साइकिल यात्रा करने वाली गुजरात की युवा निशा कुमार अब ग्लोबल वार्मिंग और वूमन सेफ्टी की दिशा में बड़ा काम करना चाहती हैं।

स्टेट प्रेस क्लब म. प्र. के ‘रूबरू ‘कार्यक्रम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए वडोदरा गुजरात की निवासी एक्स एनसीसी एयर विंग कैडेट निशा कुमार ने बताया कि सात साल की कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने 17 मई 2023 को माउंट एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराया।

उन्होंने बताया कि एवरेस्ट से वापसी के समय फ्रास्टबिट बीमारी की वजह से उनके दोनों हाथों की नौ उंगलियों के नाखून चले गए और सभी उंगलियां के ऊपरी हिस्से काटने पड़े। काठमांडू,दिल्ली और मुंबई के अस्पतालों में इस बीमारी का इलाज कराया लेकिन हिम्मत नहीं हारी।

निशा कुमारी के कोच निलेश बारोट से उनकी मुलाकात एमएस यूनिवर्सिटी, वडोदरा के कॉलेज में एक एडवेंचर इवेंट के दौरान हुई। फिर शुरू हुआ इनका कड़ा प्रशिक्षण। निशा के साथ अन्य दस स्टूडेंट्स ने भी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का सपना देखा लेकिन करोना काल में सब पीछे रह गए। उसे दौर में भी निशा रोजाना लंबी दूरी की दौड़ लगाती और साइकिल चलाया करती।

एवरेस्ट विजय के साथ ही निशा भारत के उन 500 लोगों में शरीक हो गई है जिन्होंने माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराया है। इस उपलब्धि के बाद निशा कुमारी ने साइकिलिंग में अपना करियर बनाया। लंबे अभ्यास के बाद उन्होंने वडोदरा गुजरात से लंदन तक की साइकलिंग की। 210 दिनों में 16888 किलोमीटर साइकिल चलाकर निशा जनवरी 2025 में लंदन पहुंची। निशा ने बताया कि इस दौरान 16 देश से गुजरते हुए उन्हें कई खट्टे मीठे अनुभव हुए। सबसे अधिक चुनौती उन्हें चीन में मिली। वहीं मध्य एशिया के देश रूस सहित किर्गिस्तान आदि में भारतीय संस्कृति से प्रभावित कई युवा मिले जो हिंदी भी जानते थे। चीन का पर्यावरण उन्हें बेहतर लगा। अपनी पूरी साइकिल यात्रा के दौरान निशा कुमारी ने हजारों पौधे भी रोंपे।

इस पूरी साइकिल यात्रा के दौरान सबसे बड़ी चुनौती रास्ता खोजने की रही क्योंकि गूगल मैप भारत में है। चीन में ए मैप डाउनलोड करना पड़ा। सेंट्रल एशिया कंट्रीज में येंडेक्स में रेफर करना पड़ा। सबसे बड़ी चुनौती उन्हें खाने को लेकर हुई। वेजीटेरियन होने के कारण इन्हें इन रास्तों पर फल एवं सलाद खाकर ही सफर करना पड़ा। वैसे अपने घर से लेकर का सत्तू मूंग चना बहुत काम आया।

निशा के कोच बारोट ने बताया कि माउंट एवरेस्ट और साइकिल यात्रा पर करीब एक करोड़ रूपया खर्च हुआ जिसमें गुजरात पुलिस सहित आमजनों ने सहयोग किया।

उन्होंने बताया कि अब दो बड़े लक्ष्य पूर्ण करने के बाद निशा कुमारी पर्यावरण और वूमन सेफ्टी की दिशा में बड़ा काम करने जा रही हैं। जिसके लिए वह बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन आई हैं।

 ‘केसरी 2’ ने पहले हफ्ते में किया ‘स्काईफोर्स’ से आधा कलेक्शन, सनी देओल की ‘जाट’ से भी कम है कमाई

‘केसरी 2’ ने पहले हफ्ते में किया ‘स्काईफोर्स’ से आधा कलेक्शन, सनी देओल की ‘जाट’ से भी कम है कमाई

अक्षय कुमार की लेटेस्ट फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर एक हफ्ता पूरा कर लिया है. टीजर और ट्रेलर के बाद से ही चर्चा में रही ये फिल्म एक हफ्ते पहले जब थिएटर्स में रिलीज हुई तो इसकी शुरुआत तारीफों के अनुपात में कमजोर दिखी.

हालांकि, तारीफों का फायदा फिल्म के वीकेंड कलेक्शन को जरूर मिला. सॉलिड वीकेंड के बाद ‘केसरी 2’ हफ्ते के कामकाजी दिनों में भी बिना भारी गिरावट कमाई करती रही और 7 दिन में इसकी कमाई ठीकठाक स्तर पर पहुंच गई है. मगर इस फिल्म की कमाई इतनी नहीं हुई है जिससे मेकर्स बहुत खुश होंगे.
‘केसरी 2’ का फर्स्ट वीक कलेक्शन
बुधवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 3.78 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और इसका टोटल नेट कलेक्शन ऑलमोस्ट 43 करोड़ रुपये हो गया था. सैकनिल्क के अनुसार, गुरुवार को ‘केसरी 2’ ने करीब 3.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो लगभग बुधवार के ही बराबर है.

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...