प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अमरीकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के साथ वार्ता की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अमरीका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के साथ बातचीत में द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भारत-अमरीका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए वार्ता में महत्वपूर्ण प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने ऊर्जा, रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकियों और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयासों का भी जिक्र किया। दोनों नेताओं ने आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने बातचीत और कूटनीति के माध्यम से सहयोग को आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति वेंस के साथ उनके बच्चे, पत्नी उषा और अमरीकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके सम्मान में रात्रिभोज का भी आयोजन किया। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष फरवरी में वाशिंगटन डीसी की अपनी यात्रा और राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ अपनी उपयोगी चर्चा को याद किया, जिसने भारत और अमरीका के बीच घनिष्ठ सहयोग की रूपरेखा तैयार की। इसमें मेक अमेरिका ग्रेट अगेन एमएजीए और विकसित भारत 2047 की ताकत का भी जिक्र किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने उपराष्ट्रपति, श्रीमती उषा वेंस और उनके बालकों को भारत में सुखद और सफल प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ट्रम्प का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे इस वर्ष उनकी भारत यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
अमरीकी उपराष्ट्रपति भारत की चार दिन की यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। नई दिल्ली हवाई अड्डे पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनकी अगवानी की, जहां उपराष्ट्रपति को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अमरीकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के साथ वार्ता की
मुख्यमंत्री ने प्रशासन अकादमी में आयोजित सिविल सेवा दिवस समारोह 2025 को किया संबोधित
मुख्यमंत्री ने प्रशासन अकादमी में आयोजित सिविल सेवा दिवस समारोह 2025 को किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिविल सेवा सिर्फ़ एक पेशा नहीं, यह जनसेवा का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सिविल सेवकों का दायित्व है कि वे अपने अधिकारों का नि:संदेह सदुपयोग करें, लेकिन अपने कर्तव्यों से कदापि विमुख न हों। उन्होंने कहा कि लोक प्रशासन एक वृहद विषय है। इसका मूल मंत्र है – “लोगों की हर संभव तरीके से सेवा”। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को राष्ट्रीय लोक सेवा दिवस (नेशनल सिविल सर्विस डे) के अवसर पर आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के सभी सिविल सेवकों को लोक सेवा दिवस की बधाई दी और सभी से अपने उत्तरदायित्वों के प्रति संकल्पबद्ध रहने का आहवान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोक सेवा एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा, समर्पण, मनोयोग के साथ निभाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के चयनित 16 सिविल सेवकों (अधिकारियों) को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सभी अवार्डियों को उनके द्वारा किए गए नवाचारों के लिए बधाई देकर एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक कुशल सिविल सेवक वह होता है, जो न केवल शासन के नियमों, उपनियमों का पालन करे, बल्कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता की कठिनाइयों एवं समस्याओं को समझे और उन्हें समुचित समाधान भी प्रदान करें। उन्होंने सभी सिविल सेवकों से अपेक्षा की कि वे नागरिकों की तत्पर सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और शासन को जनकल्याण की दिशा में अधिक प्रभावी बनाने की ओर अग्रसर करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे कामों और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। इसीलिए सभी लोक सेवक शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और लोक जवाबदेही की भावना को और मजबूत करने की दिशा में कार्य करें।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय दुबे, नरोन्हा व्याख्यान श्रृंखला के मुख्य वक्ता डॉ. दीपक पागला, राज्य शासन के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं अन्य सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकसित भारत@2047 में मध्यप्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है। राज्य के लोकसेवकों ने अपने कर्तव्यों को बखूबी निभाया है। जमीनी स्तर पर अधिकारियों द्वारा किए जा रहे नवाचारों को संकलित कर सुशासन के लिए योजना तैयार करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मौर्य साम्राज्य की स्थापना और विकास में चाणक्य की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि महामंत्री चाणक्य ने सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य को राजा बनाया था और वे स्वयं मंत्री बने थे, जिससे एक शक्तिशाली राजवंश में प्रशासन की व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आजादी के बाद देश के भविष्य की नींव तैयार करने के लिए लोक सेवक व्यवस्था को विस्तार दिया और उनके लिए सेवा नियम (सर्विस रूल्स) तैयार किए। उन्होंने लोक सेवकों के लिए तीन बातों- डिग्निटी, इंटीग्रिटी और इंकरप्टिबिलिटी को रेखांकित किया था।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री मुरुगन ने की सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री मुरुगन ने की सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री एल. मुरुगन ने सोमावार को मंत्रालय में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर एवं अंग वस्त्रम ओढ़ाकर केंद्रीय मंत्री मुरुगन का स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरुगन ने मध्यप्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माँ क्षिप्रा के घाटों की सफाई कर जल गंगा संवर्धन अभियान में सहभागिता की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माँ क्षिप्रा के घाटों की सफाई कर जल गंगा संवर्धन अभियान में सहभागिता की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन क्षिप्रा के रामघाट पर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत घाटों की सफाई की मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षिप्रा नदी में उतरकर घाटों की सफाई की। उन्होंने सफाई के बाद क्षिप्रा में स्नान किया। उन्होंने माँ क्षिप्रा का पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान हमारे प्रदेश के पुराने ऐतिहासिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने का विशेष अभियान है। इसमें नदियों को पुनः प्रवहमान बनने के लिए भी कार्य किया जा रहा है। भोपाल के पास बेतवा नदी के उद्गम स्थल को पुनर्जीवित कर दिया गया है, इस अभियान की यह विशेषता है कि हम अपनी ऐतिहासिक, पुरानी बावड़ी, कुएँ, तालाब, जल स्त्रोत को पुनर्जीवित कर रहे है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में और पूरे विश्व में हमारे मध्यप्रदेश की माँ नर्मदा ऐसी नदी है जिसकी परिक्रमा की जाती है, मध्यप्रदेश सरकार नर्मदा नदी के परिक्रमा स्थल को सुव्यवस्थित कर तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाजनक व्यवस्थाएं बनाएंगे और माँ क्षिप्रा के घाटों को 29 किलोमीटर और बनाया जा रहा है, जिससे माँ क्षिप्रा के परिक्रमा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी। उज्जैन में माँ क्षिप्रा को प्रवहमान बनाने के लिए सिलारखेड़ी सेवरखेड़ी जलाशय योजना, माँ क्षिप्रा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए खान डायवर्सन नदी परियोजना भी चल रही है। इसका 50% काम लगभग पूरा हो चुका है, आने वाले 2 वर्षों में माँ क्षिप्रा कल-कल होकर बहेगी, इसी संकल्प के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन ऐतिहासिक पौराणिक नगरी के साथ-साथ काल गणना का प्रमुख केंद्र रहा है, अकबर, शाहजहां, जहांगीर ने भी उज्जैन में प्रवास किया था और भर्तहरी गुफा पहुंचकर काल गणना के ज्ञान को समझा था, यहां पर उन्होंने टकसाल भी स्थापित कराई थी। यह केवल ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी के साथ एक वैज्ञानिक नगरी भी है हम इसके वैभव को पुनः स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं राजा भृतहरि, सम्राट विक्रमादित्य, सम्राट अशोक के साथ-साथ अन्य महान राजाओं के द्वारा उज्जैन के लिए अनेक प्रकार के प्रमाणिक कार्य किए गए हैं। श्रीमंत महाद जी सिंधिया ने पानीपत के युद्ध के बाद इसके गौरव को पुनर्स्थापित किया और लाल किले पर धवज फहराया था। इन सभी महान राजाओं की गाथा का आज भी उज्जैन की भूमि आज भी यशोगान कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सलामतपुर से आए पंचकोशी यात्रियों का सम्मान किया गया और उनकी यात्रा का शुभारंभ कराया गया और नगर निगम के स्वच्छता मित्रों का भी सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस पर प्रदेशवासियों को दीं मंगलकामनाएं
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस पर प्रदेशवासियों को दीं मंगलकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय लोक सेवा दिवस (नेशनल सिविल सर्विस-डे) की शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा है कि आज का दिन प्रगति, गरीबों के उत्थान और प्रशासनिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण से लोक-कल्याण के प्रयासों को समर्पित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा कि लोक-सेवकों के कठिन परिश्रम, लगन और प्रतिबद्धता से देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। उन्होंने सभी लोक-सेवकों से विकसित मध्यप्रदेश की संकल्प यात्रा में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया है।
लाल आतक नहीं, बस्तर पर्यटन को मिलने जा रहा उद्योग का दर्जा
लाल आतक नहीं, बस्तर पर्यटन को मिलने जा रहा उद्योग का दर्जा
जगदलपुर. बस्तर में लाल आतक का दायरा तेजी से सिमटता जा रहा है। सुकमा और बीजापुर के दूरस्थ गांव अब नक्सल मुक्त होने की रेस में शामिल हो चुके हैं। बदलते बस्तर के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जो डेवलपमेंट डॉक्यूमेंट तैयार करवाया है, उसमें पर्यटन को पहले नंबर पर रखा गया है। सरकार का मानना है कि बस्तर का विकास यहां के पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के बाद तेजी से होगा। देश-विदेश के पर्यटक यहां पहुंचें इसलिए एक स्पेशल टूरिज्म प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जल्द ही इससे जुड़े काम बस्तर में होते दिखेंगे। सरकार पर्यटन केंद्रों को नए सिरे से विकसित करने के लिए टूरिज्म सर्किट बनाने जा रही है। साथ ही यहां के टूरिज्म सेक्टर में पहली बार निजी क्षेत्र का दखल भी बढ़ेगा। इसके लिए देश-विदेश के दूर ऑपरेटर के साथ सरकार करार करेगी। देश के प्रमुख एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन में बस्तर के पर्यटन केंद्रों को प्रचारित करने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे।
बीसीसीआई की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी… रोहित- विराट ग्रेड A+ में कायम, इंदौर के रजत पाटीदार ग्रेड-सी में शामिल
बीसीसीआई की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी… रोहित- विराट ग्रेड A+ में कायम, इंदौर के रजत पाटीदार ग्रेड-सी में शामिल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों के वार्षिक अनुबंध (senior men cricket team India) की घोषणा कर दी है। आधिकारिक सूची के अनुसार, रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा पहले तरह ग्रेड A+ में बने हुए हैं।
इंदौर के रजत पाटीदार को पहली बार इस लिस्ट में जगह मिली है। उन्हें ग्रेड-सी में शामिल किया गया है। इसके अलावा बीसीसीआई वार्षिक अनुबंध सूची में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की भी वापसी हुई है।
ग्रेड ए+: रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा।
ग्रेड ए: मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत।
ग्रेड बी: सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर।
ग्रेड सी: रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, नीतीश कुमार रेड्डी, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा
नहीं रहे ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप फ्रांसिस
नहीं रहे ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप फ्रांसिस
रोमन कैथोलिक चर्च के पहले लैटिन अमेरिकी नेता और ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप फ्रांसिस का सोमवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वेटिकन ने एक वीडियो बयान में इसकी पुष्टि की। अपने 12 साल के कार्यकाल के दौरान पोप फ्रांसिस कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते रहे थे। वेटिकन द्वारा अपने टेलीग्राम चैनल पर प्रकाशित बयान में कार्डिनल केविन फैरेल ने कहा, “आज सुबह 7:35 बजे (0535 GMT) रोम के बिशप, फ्रांसिस, अपने पिता के घर लौट गए।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा कि परम पूज्य पोप फ्रांसिस के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दुख और स्मरण की इस घड़ी में, वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ। पोप फ्रांसिस को दुनिया भर के लाखों लोग हमेशा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में याद रखेंगे। छोटी उम्र से ही उन्होंने प्रभु ईसा मसीह के आदर्शों को साकार करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया था। उन्होंने गरीबों और वंचितों की लगन से सेवा की। जो लोग पीड़ित थे, उनके लिए उन्होंने आशा की भावना जगाई।मैं उनके साथ अपनी मुलाकातों को याद करता हूँ और समावेशी और सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से बहुत प्रेरित हुआ। भारत के लोगों के प्रति उनका स्नेह हमेशा संजोया जाएगा। उनकी आत्मा को ईश्वर की गोद में शांति मिले।
सुप्रीम कोर्ट ने चाइल्ड ट्रैफकिंग मामले पर दिल्ली पुलिस को चार हफ्ते का समय दिया
सुप्रीम कोर्ट ने चाइल्ड ट्रैफकिंग मामले पर दिल्ली पुलिस को चार हफ्ते का समय दिया
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में बच्चों के अपहरण और चाइल्ड ट्रैफिकिंग के मामले में दिल्ली पुलिस को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने पुलिस को तीन गायब बच्चों का पता लगाने और बच्चा चोरी गैंग की सरगना पूजा को गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, दिल्ली पुलिस को चार हफ्ते के भीतर इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा, “चार हफ्ते का समय देता हूं, इस मामले में ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।” कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की ढीली कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब पता चला कि बच्चा चोरी गैंग संगठित तरीके से बच्चों का अपहरण और खरीद-फरोख्त कर रहा है।
दिल्ली पुलिस पर बना दबाव
सुप्रीम कोर्ट के इस कदम से चाइल्ड ट्रैफिकिंग के खिलाफ कठोर कार्रवाई की उम्मीद जगी है। दिल्ली पुलिस अब दबाव में है कि वह तय समयसीमा में अपराधियों को पकड़े और गायब बच्चों को उनके परिवारों तक पहुंचाए।
भारत शासन, पारदर्शिता और नवाचार में नए मानक स्थापित कर रहा है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
भारत शासन, पारदर्शिता और नवाचार में नए मानक स्थापित कर रहा है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले दस वर्षों में भारत ने वृद्धि वाले परिवर्तन से आगे बढ़कर प्रभावशाली परिवर्तन देखा है क्योंकि सरकार देश में समग्र विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि समग्र विकास का मतलब है हर घर को स्वच्छ पानी, हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, हर उद्यमी को वित्तीय पहुंच और हर गांव को डिजिटल अर्थव्यवस्था का लाभ। प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली में 17वें सिविल सेवा दिवस के अवसर पर सिविल सेवकों को संबोधित करते हुए यह बात कही। प्रधानमंत्री ने देश में युवाओं, किसानों और महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए असाधारण गति की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सपने अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत प्रशासन, पारदर्शिता और नवाचार में नए मानक स्थापित कर रहा है। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल के माध्यम से देश के विभिन्न भागों में स्वास्थ्य, सामाजिक विकास और बुनियादी ढांचे के प्रमुख संकेतकों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की गुणवत्ता इस बात से निर्धारित होती है कि योजनाएं लोगों तक कितनी पहुंचती हैं और उनका जमीनी स्तर पर कितना वास्तविक प्रभाव पड़ता है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने तेजी से बदलते समय में वैश्विक चुनौतियों पर कड़ी नजर रखने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य, जल और ऊर्जा सुरक्षा अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सिविल सेवकों को जिलों के समग्र विकास, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम और नवाचार की श्रेणियों में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने दो ई-बुक भी जारी की।














