वन संरक्षण और जलवायु-समर्थ आजीविका पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय वन-पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव मध्यप्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में वन पुनर्स्थापन, जलवायु परिवर्तन और समुदाय-आधारित आजीविका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शुक्रवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। नरोन्हा प्रशासन अकादमी, भोपाल में आयोजित होने वाली कार्यशाला में विकसित भारत @2047 के लक्ष्यों में वनों की भूमिका पर मंथन होगा। कार्यशाला में प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह स्वागत उद्बोधन देंगे। दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला की रूपरेखा डॉ. राहुल मूँगीकर प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर जनजातीय समुदाय और प्राकृतिक संरक्षण पर केंद्रित ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति भी दी जाएगी।
प्रमुख विषय : वन संरक्षण, पारंपरिक ज्ञान और सामुदायिक प्रबंधन
राष्ट्रीय कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में वन संरक्षण की वर्तमान कानूनी व्यवस्थाएं, उनकी सीमाएं और समाधान, जैव विविधता संशोधन अधिनियम-2023, सामुदायिक वन अधिकार, पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण और वन पुनर्स्थापन जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। बैंगलुरू से आ रहे प्रो. रमेश विशेषज्ञ वक्तव्य भी देंगे। कार्यशाला में डॉ. योगेश गोखले, डॉ. राजेन्द्र दहातोंडे आदि वक्ता विभिन्न सत्रों को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय कार्यशाला के दूसरे दिन राज्यपाल श्री पटेल समापन सत्र को करेंगे संबोधित
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल राष्ट्रीय कार्य शाला के समापन-सत्र में मुख्य अतिथि होंगे। पूर्व राष्ट्रीय जनजातीय आयोग अध्यक्ष श्री हर्ष चौहान समापन वक्तव्य देंगे। कार्यशाला में वनीकरण, जलवायु संवेदनशीलता और वनवासी समुदायों की समावेशी भागीदारी पर केन्द्रित डॉक्युमेंट्री फिल्मों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत @2047 के दृष्टिकोण में वनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह कार्यशाला वनों, जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों और जनजातीय आजीविका को केंद्र में रखते हुए एक सतत और न्यायसंगत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वन संरक्षण और जलवायु-समर्थ आजीविका पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ. राधाकृष्णन की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ. राधाकृष्णन की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् और दार्शनिक ‘भारत रत्न’ स्व. डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा कि पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ. राधाकृष्णन के कार्यों, जीवन आदर्शों एवं विचारों ने भारतीय समाज को एक नया दृष्टिकोण दिया। उनकी शिक्षाएं जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने और आत्म साक्षात्कार की दिशा में सदैव प्रेरित करेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन भारत के दूसरे राष्ट्रपति थे और वे भारतीय संस्कृति के प्रकाश स्तंभ थे, जिन्होंने भारतीय दर्शन को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। वे सच्चे अर्थों में युगदृष्टा थे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ. राधाकृष्णन का 17 अप्रैल 1975 को निधन हो गया था।
वक्फ कानून पर मोदी सरकार को मिला 7 दिन का वक्त
वक्फ कानून पर मोदी सरकार को मिला 7 दिन का वक्त
वक्फ कानून को लेकर सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन सुनवाई हुई। इससे पहले बुधवार को भी इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। इस दौरान केंद्र सरकार और मुस्लिम पक्ष ने अपनी-अपनी दलीले दी थी। वहीं गुरुवार को केंद्र की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कुछ दस्तावेज पेश करने के लिए अदालत से एक सप्ताह का समय मांगा है। वहीं अब अगली सुनवाई 5 मई को होगी।
SC ने दिया सात दिन का समय
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया है। हालांकि तब तक वक्फ बोर्ड यूजर से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी और बोर्ड में किसी भी तरह की नियुक्ति नहीं होगी। SC ने कहा कि याचिकाकर्ता केंद्र के जवाब पर 5 दिन में प्रत्युत्तर दाखिल कर सकते हैं। जिसके बाद वह मामले को अंतरिम आदेश के लिए सूचीबद्ध कर देगा।
5 याचिकाओं पर ही सुनवाई करेगा SC
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 70 से अधिक याचिकाओं की जगह सिर्फ 5 याचिकाएं ही दायर की जाए। उन्हीं पर सुनवाई होगी। याचिकाकर्ता मुख्य बिंदुओं पर अपनी सहमति बनाएं। न्यायालय ने 1995 और 2013 के पहले के वक्फ कानूनों को चुनौती देने वाले हिंदू पक्षों द्वारा दायर मामलों को भी अलग कर दिया।
प्रेमानंद महाराज की बिगड़ी तबीयत, पदयात्रा दर्शन स्थगित
प्रेमानंद महाराज की बिगड़ी तबीयत, पदयात्रा दर्शन स्थगित
प्रेमानंद महाराज का रात्रिकालीन पदयात्रा कार्यक्रम रात 2 बजे होता है। प्रेमानंद महाराज को देखने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचते हैं। किंतु इस बार मंगलवार की रात जब संत प्रेमानंद महाराज अपनी नियमित यात्रा पर नहीं निकले तो वहां मौजूद भक्तों में मायूसी छा गई।
मंगलवार रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर जमा थे। भक्तों ने मार्ग को रंगोली से सजाया था और भजन-कीर्तन करते हुए संत के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। देर रात तक इंतजार करने के बाद भी जब प्रेमानंद महाराज बाहर नहीं आए तो लोगों की चिंता बढ़ गई। कुछ समय बाद केली कुंज आश्रम के एक सेवादार ने माइक पर आकर संत के स्वास्थ्य खराब होने की सूचना दी और भक्तों से क्षमा याचना की। सूचना के मिलते ही कई भक्तों की आंखों से आंसू छलक पड़े।
प्रेमानंद महाराज की अनुपस्थिति लगातार दूसरी रात देखने को मिली। सोमवार रात को भी वे अपने तय समय पर बाहर नहीं आए थे। अब भक्तों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि उनकी तबीयत को लेकर कितनी गंभीरता है और आगे पदयात्रा कब फिर से शुरू होगी। हर दिन की तरह मंगलवार को भी मथुरा-वृंदावन की सड़कों पर श्रद्धालु जुटे थे लेकिन जब महाराज जी के दर्शन नहीं हुए तो वहां मायूसी का माहौल छा गया।
शूटिंग वर्ल्ड कप में सुरुचि ने मनु भाकर को पछाड़ा
शूटिंग वर्ल्ड कप में सुरुचि ने मनु भाकर को पछाड़ा
हरियाणा के झज्जर की बेटियों सुरुचि और मनु भाकर ने लास पालमास शूटिंग रेंज में कमाल कर दिया। सुरुचि ने वर्ल्ड कप में लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर सबको चौंका दिया। वहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को रजत पदक से संतोष करना पड़ा है। जबकि चीन की याओ कियानक्सुन ने कांस्य पदक जीता। इस साल के दूसरे अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन चरण के पहले ही दिन 10 मीटर एयर पिस्टल महिला फाइनल में सुरुचि ने 24 शॉट्स में 243.6 अंक हासिल किए। वहीं, मनु उनसे 1.3 अंक पीछे रहीं।
भारत पदक तालिका में शीर्ष पर
महिला एयर पिस्टल में सुरुचि और मनु की पहले और दूसरे स्थान पर रही जोड़ी ने भारत को एक-एक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक दिलाया। पुरुषों की स्पर्धा में सौरभ चौधरी ने कांस्य पदक जीता। इस प्रदर्शन से भारत पदक तालिका में शीर्ष पर रहा, जबकि चीन दूसरे स्थान पर रहा। 60 शॉट्स की क्वालिफिकेशन राउंड से ही यह साफ हो गया था कि भारतीय निशानेबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। सुरुचि ने 582 अंकों के साथ दूसरा स्थान पाया, जबकि मनु 578 के साथ चौथे स्थान पर रहीं। तीसरी भारतीय सैण्यम 571 अंकों के साथ ग्यारहवें स्थान पर रहीं।
दूसरी पांच शॉट सीरीज के बाद तीसरे नंबर रहीं सुरुचि
फाइनल में भी सुरुचि लगातार शानदार निशाने लगा रही थीं। पहले पांच शॉट के बाद वह दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। याओ ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली थी और मनु चौथे स्थान पर थीं। उरुग्वे की जूलियट जिमेनेज तीसरे स्थान पर थीं। दूसरी पांच शॉट सीरीज के बाद याओ ने हमवतन मेंग युफेई को पीछे छोड़ दिया, जो सिर्फ 0.1 से पीछे थी, जबकि सुरुचि तीसरे स्थान पर खिसक गई और मनु ने अपना चौथा स्थान बरकरार रखा।
केसरी 2, रेट्रो से लेकर ये फिल्में होंगी अप्रैल में रिलीज
केसरी 2, रेट्रो से लेकर ये फिल्में होंगी अप्रैल में रिलीज
सिनेमा प्रेमियों के लिए अप्रैल और मई 2025 में मनोरंजन का खजाना खुलने वाला है। ऐतिहासिक ड्रामा से लेकर क्राइम-थ्रिलर, रोमांटिक कॉमेडी और हॉरर तक दर्शकों के लिए कुछ न कुछ खास है।
अक्षय कुमार, अनन्या पांडे और आर. माधवन की केसरी चैप्टर 2 थिएटर्स में धूम मचाने को तैयार है। साउथ सिनेमा के फैंस के लिए रेट्रो और दावेद जैसी फिल्में भी रिलीज हो रही हैं। इसके अलावा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स जैसे नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जियोहॉटस्टार और जी5 पर भी कई शानदार रिलीज लाइनअप में हैं।
केसरी चैप्टर 2 में आज़ादी की लड़ाई का इतिहास।
रेट्रो में सूर्या और पूजा की रोमांटिक एक्शन केमिस्ट्री।
दावेद में बाउंसर की ज़िंदगी बदलने वाली कहानी।
स्वयं सिद्ध मुहूर्त में से एक अक्षय तृतीया पर बनेगा त्रिवेणी संयोग
स्वयं सिद्ध मुहूर्त में से एक अक्षय तृतीया पर बनेगा त्रिवेणी संयोग
कभी क्षय नहीं होने वाला पुण्य फल दाता पर्व अक्षय तृतीया (आखातीज) इस वर्ष 30 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस अवसर पर रवि, शोभन एवं सर्वार्थ सिद्धि का मंगलकारी संयोग बनेगा।
वहीं इसी दिन परशुराम जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसके उपलक्ष्य में शहर के पूर्वी और पश्चिम क्षेत्र से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। स्वयं सिद्ध मुहूर्त में से एक आखातीज पर वैवाहिक आयोजन भी बड़ी संख्या में होंगे।
ज्योतिर्विद ने बताया कि वैशाख माह की शुक्ल पक्ष की तृतीया 29 अप्रैल को शाम पांच बजकर 31 मिनट से 30 अप्रैल को दोपहर दो बजकर 12 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि में तृतीया 30 अप्रैल को होने से इसी दिन अक्षय तृतीया मनाई जाएगी। इस दिन पूजा के लिए श्रेष्ठ समय सुबह पांच बजकर 41 मिनट से दोपहर दो बजकर 12 मिनट तक छह घंटे 31 मिनट रहेगा।
इस दौरान सोना-चांदी के साथ ही चल-अचल संपत्ति खरीदना भी लाभदायक रहेगा। इस दिन शाम चार बजकर 18 मिनट से रवि योग लगेगा। इसके अतिरिक्त शोभन योग 29 अप्रैल को दोपहर 3.53 से 30 अप्रैल को दोपहर 12 बजे तक रहेगा। इस दिन कार्य में सिद्धि देने वाला सर्वार्थसिद्धि योग भी रहेगा।
इंदौर-खंडवा हाईवे पर पहले ब्रिज का काम पूरा
इंदौर-खंडवा हाईवे पर पहले ब्रिज का काम पूरा
इंदौर-खंडवा राजमार्ग का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
इसी कारण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पहला ब्रिज वाहनों के लिए खोल दिया है। बीते कुछ दिनों से वाहन ब्रिज के माध्यम से निकाले जा रहे हैं, ताकि चमेली देवी कालेज के सामने बने ब्रिज के आसपास की सड़क को दुरुस्त किया जा सके।
वर्तमान में यहां अंडरपास का कार्य भी प्रगति पर है। अधिकारियों के मुताबिक मई माह में दतोदा वाले ब्रिज से भी वाहन निकल सकेंगे। 216 किलोमीटर लंबे इस राजमार्ग पर तीन सुरंगों के साथ सात ब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं।
ये ब्रिज और अंडरपास
चमेली देवी कालेज, उमेरीखेड़ा, चोखी ढाणी, सिमरोल, भेरूघाट, बाईग्राम और बड़वाह में बन रहें हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचने के लिए इन स्थानों पर अंडरपास की सुविधा रहेगी। इन सभी ब्रिजों को जनवरी तक तैयार किया जाना था, लेकिन कार्य की धीमी गति के कारण निर्धारित समयसीमा से छह महीने की और मोहलत दी गई है।
अब तैयार होगी सर्विस लेन
चमेली देवी ब्रिज का कार्य अप्रैल के पहले सप्ताह में पूर्ण कर लिया गया है। अब वाहनों को इस ब्रिज से निकाला जा रहा है, ताकि सर्विस लेन का निर्माण शुरू किया जा सके। निर्माण एजेंसी आने वाले दिनों में सर्विस लेन को बंद कर कार्य शुरू करेगी।
भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दृढ़ प्रतिबद्धता में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं उद्योग और वाणिज्य: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दृढ़ प्रतिबद्धता में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं उद्योग और वाणिज्य: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि उद्योग और वाणिज्य वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने की भारतीय नेतृत्व की दृढ़ प्रतिबद्धता में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इस राष्ट्रीय आकांक्षा को साकार करने के लिए, लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सभी संबंधित पक्षों से विकास के ऐसे मॉडल को अपनाने का आह्वान किया जो न केवल टिकाऊ और स्थायी हो, बल्कि समावेशी भी हो।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कल नई दिल्ली में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की 120वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ‘विकासोन्मुखी नीतियां’ आज उद्योगों को नई ऊर्जा प्रदान कर रही हैं।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि देश में वर्तमान युग आर्थिक सशक्तिकरण और नवाचार का युग है। ‘विकसित भारत 2047’ के रोडमैप पर बल देते हुए, लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज देश की व्यापार नीति आत्मनिर्भर भारत के भव्य दृष्टिकोण में गहराई से निहित है और वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते कद को दर्शाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि औद्योगिक नीतियों को सरल, पारदर्शी बनाने और निवेशक-अनुकूल कर व्यवस्था की स्थापना तथा एकल खिड़की मंजूरी प्रणाली को अपनाने से देश में उद्यमशीलता की भावना को काफी बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, गति शक्ति और इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्लस्टरों के विकास जैसे प्रमुख कार्यक्रम पूरे देश में औद्योगिक और वाणिज्यिक बुनियादी ढांचे का मजबूत ताना-बाना बुन रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर को उनकी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की
पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर को उनकी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर ने अपनी राजनीति में राष्ट्र हित को हमेशा प्रमुखता दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की दिशा में किये गये उनके प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा।














