मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंडला से लाड़ली बहनों के खातों में राशि अंतरित करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए हमारी सरकार संकल्पित है। हमारी सरकार का ध्येय है प्रदेश की महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंडला की पुण्यधरा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों के बैंक खातों में 23वीं किश्त के 1250 रुपए की सम्मान राशि अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंडला में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह में 1100 नवविवाहित दंपत्तियों को शुभाशीष भी प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडला प्रदेश के जनजातीय अंचल का अत्यंत सुंदर जिला है। यहां कान्हा राष्ट्रीय उद्यान दर्शनीय स्थल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मीडिया को जारी संदेश में यह विचार व्यक्त किए।
राज्य सरकार द्वारा लाड़ली बहनों सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि वितरित करने के लिए मंडला के ग्राम टिकरवारा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को 1552.38 करोड़ रूपए, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 56.68 लाख हितग्राहियों को 340 करोड़ रूपए और25 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 57 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण करेंगे। राज्य सरकार द्वारा अब तक लाड़ली बहनों को 35,000 करोड़ रूपए से अधिक की सम्मान राशि प्रदान की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंडला से लाड़ली बहनों के खातों में राशि अंतरित करेंगे
मध्यप्रदेश कृषक कल्याण मिशन किसानों के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मध्यप्रदेश कृषक कल्याण मिशन किसानों के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश कृषि आधारित राज्य है और इस क्षेत्र में यहां अपार संभावनाएं हैं। किसानों की आय, कृषि उत्पादन, पशुपालन, मत्स्य पालन में वृद्धि के साथ-साथ खाद्य प्र-संस्करण और कृषि से उत्पादित कच्चे माल पर आधारित औद्योगिक इकाई स्थापित करने जैसे हर संभव प्रयास जारी हैं। किसानों और गौपालकों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कुपोषण दूर करने की दिशा में सरकार योजनाबद्ध तरीके से पूरी ऊर्जा के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं तैयार की जा रही हैं। मध्यप्रदेश में वर्तमान दुग्ध उत्पादन 9 प्रतिशत से बढ़ाकर जल्द से जल्द 20 प्रतिशत तक करने के लिए राज्य सरकार ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना प्रारंभ की है। इससे हम घर-घर गोकुल तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमने गौशालाओं में दुधारू पशुओं के लिए भी अनुदान राशि बढ़ाने का भी निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मीडिया को जारी संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत @2047 के विजन के अनुरूप हमारी सरकार ने गरीब, युवा, अन्नदाता (किसान) और नारी कल्याण के लिए मिशन शुरू कर दिए हैं। मंत्रि-परिषद की गत दिवस मंगलवार को बैठक में मध्यप्रदेश कृषक कल्याण मिशन को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश को विशेषकर गरीबों औरकिसानों को आर्थिक रूप से सुखी और समृद्ध बनाने के लिए प्राण-प्रण से कार्य कर रही है।
आयुष लोक स्वास्थ चिकित्सा शिक्षा समीक्षा बैठक हुई
आयुष लोक स्वास्थ चिकित्सा शिक्षा समीक्षा बैठक हुई
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सिकल सेल उन्मूलन प्रयासों में जेनेटिक काउंसलिंग की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। जेनेटिक काउंसलिंग कार्य में मध्यस्थों की भूमिका की संभावनाओं पर कार्य करते हुए समुदाय का सहयोग प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा है कि सिकल सेल एनीमिया आनुवंशिक रोग है। रोग को खत्म करने के लिए वैवाहिक और गर्भधारण संबंधी सावधानियां के बारे में सामुदायिक जन जागृति की दिशा में प्रभावी पहल जरूरी है। जेनेटिक काउंसलिंग कार्य में समुदाय के नेतृत्व और पंचायत पदाधिकारियों का सहयोग भी लिया जाना चाहिए।
राज्यपाल पटेल राजभवन में जनजातीय प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद थे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि रोगी को स्वस्थ बनाने के सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रमाणित औषधियों और चिकित्सा पद्धतियों को स्वीकार किया जाना चाहिए। मध्यप्रदेश के वनों में प्रचुर मात्रा में वन औषधियों की उपलब्धता है। इन औषधियों के सिकल सेल रोगी को स्वस्थ बनाने के अनुभवों और उपयोग के परीक्षणों के प्रमाणीकरण का कार्य व्यापक स्तर पर तेज गति से किया जाए। लक्ष्य समस्त रोगी और वाहकों को स्वास्थ सुविधा उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एक जटिल रोग है, जो लगभग 21 प्रकार के रोगों का कारण बन सकता है। जरूरी है कि रोग प्रबंधन के कार्य बहुआयामी और एकीकृत स्वरूप में किए जाएं। समस्त रोगियों की उपचार व्यवस्थाओं के साथ ही वाहकों को भी आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सहयोग प्रदान किया जाए। स्वस्थ जीवन शैली के लिए मार्गदर्शन दिया जाए। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि रोग नियंत्रण प्रयासों को व्यक्ति केंद्रित किया जाए। हर स्तर पर औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता हो। समस्त रोगियों और वाहकों को उपचार,औषधि और जेनेटिक काउंसलिंग की सेवाएं उपलब्ध हो। उन्होंने छात्रावासों के भोजन में लौह तत्व की उपलब्धता वाले खाद्य पदार्थों को जोड़ने की जरूरत बताई है। गर्भवती महिलाओं की सिकल सेल जांच, जेनेटिक परामर्श और नवजात शिशुओं के वैक्सीनेशन के प्लेटफार्म के रूप में आंगनवाड़ियों को शामिल करने के लिए कहा है।
बैठक में जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दीपक खांडेकर, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता, प्रमुख सचिव आयुष डी.पी. आहूजा, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव एवं अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
एमपी में कर्मचारियों के अटैचमेंट पर हाइकोर्ट का बड़ा फैसला
एमपी में कर्मचारियों के अटैचमेंट पर हाइकोर्ट का बड़ा फैसला
सरकारी विभागों में कर्मचारियों, अधिकारियों के अटैचमेंट पर प्राय: विवाद सामने आते रहते हैं। अटैचमेंट के नाम पर कर्मचारियों को एक ऑफिस या विभाग से दूसरे ऑफिस या विभाग में भेजा जाता रहा है। एमपी में कर्मचारियों, अधिकारियों के ट्रांसफर पर पाबंदी लगी है। इसके बाद भी प्रशासनिक अधिकारी अटैचमेंट के नाम पर कर्मचारियों का कार्यस्थल बदल रहे हैं। इस पर एमपी हाइकोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने अटैचमेंट के एक मामले की सुनवाई करते हुए ऑर्डर को निरस्त कर दिया। कार्य विभाजन के नाम पर एक कर्मचारी को जिला मुख्यालय से तहसील भेज दिया गया। उन्होंने इसे हाइकोर्ट में चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी जिसपर सुनवाई के बाद कोर्ट ने सख्ती दिखाई।
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि विभागीय अटैचमेंट दरअसल ट्रांसफर ही है और इसपर तो रोक लगी हुई है। फिर भला अधिकारी किसी कर्मचारी को इधर से उधर कैसे कर सकते हैं! हाईकोर्ट ने वकील के इस तर्क को स्वीकारते हुए स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री की मंजूरी के बिना कर्मचारी का अटैचमेंट नहीं किया जा सकता।
नर्मदापुरम के तहसील कार्यालय के सहायक ग्रेड दो मनोज कुमार भारद्वाज को इटारसी अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में पदस्थ किया गया था। कार्य विभाजन के आधार पर नवंबर 2024 में यह पदस्थापना की गई। भारद्वाज द्वारा लगातार अभ्यावेदन देने पर नर्मदापुरम कलेक्टर ने उन्हें मार्च 2025 में इटारसी अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में अटैच कर दिया था।
बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल का जलवा
बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल का जलवा
सनी देओल की ‘जाट’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपने फर्स्ट वीकेंड का सफर पूरा कर लिया है। फिल्म हालांकि, बंपर कमाई नहीं कर रही है। लेकिन फिर भी वीकेंड में रविवार को इसकी कमाई में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। सनी देओल की पिछली रिलीज ‘गदर 2’ के बाद इस फिल्म का काफी इंतजार किया जा रहा था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया था। बेशक, ‘जाट’ उसकी तुलना में कहीं नहीं ठहर रही, लेकिन फिर भी चार दिनों के पहले वीकेंड में 40.25 करोड़ की कमाई कर, यह सलमान खान की ‘सिकंदर’ को कड़ी टक्कर दे रही है।
रविवार को में तगड़ा उछाल आया है। ओपनिंग डे पर गुरुवार को इसने 9.50 करोड़ रुपये से बॉक्स ऑफिस पर खाता खोला था। अगले दिन शुक्रवार को फिल्म की कमाई गिरकर 7 करोड़ रुपये पहुंच गई। जबकि शनिवार को तीसरे दिन इसे वीकेंड का फायदा मिला और कमाई बढ़कर 9.75 करोड़ रुपये तक पहुंची थी। अब रविवार को शनिवार की तुलना में कमाई में 43.59 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है।
IPL कोचिंग करियर की सबसे बड़ी जीत – कोच रिकी पोंटिंग
IPL कोचिंग करियर की सबसे बड़ी जीत – कोच रिकी पोंटिंग
पंजाब किंग्स के प्रमुख कोच रिकी पोंटिंग आईपीएल 2014 से ही किसी ना किसी आईपीएल टीम के कोच रहे हैं, लेकिन उन्होंने एक लो स्कोरिंग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मिली जीत को अपने कोचिंग करियर की सर्वश्रेष्ठ जीत करार दिया है। इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम ने 112 के छोटे से लक्ष्य का बचाव किया, जो कि आईपीएल इतिहास में सबसे छोटे लक्ष्य के बचाव का रिकॉर्ड है। इस मैच में पंजाब की टीम को 16 रनों की जीत मिली, उनके गेंदबाजों ने केकेआर को सिर्फ 95 रन पर ऑलआउट कर दिया।
पोंटिंग ने इस जीत को ‘सीजन का सबसे महत्वपूर्ण क्षण’ कहा। पोंटिंग ने कहा कि अभी भी मेरे हृदय की गति बढ़ी हुई है। शायद यह 200 से ऊपर होगा। 50 की उम्र में मैं ऐसे मैच और नहीं चाहता। यह दिखाता है कि क्रिकेट कितना मजेदार खेल है। तीन दिन पहले ही हम 246 रन (245) को नहीं बचा पाए थे और तीन दिन बाद ही हमने 112 (111) के स्कोर को बचा लिया। दूसरी पारी शुरू होने से पहले मैंने लड़कों से कहा था कि कई बार छोटे लक्ष्य बहुत मुश्किल होते हैं। विकेट उतना आसान नहीं था और मुझे लग रहा था कि मैच फंसेगा।
‘मैंने उनकी आंखों में आंख डालकर पूछा था’
उन्होंने आगे कहा कि युजवेंद्र चहल बेहतरीन रहे। उन्होंने शानदार स्पैल किया। मैच से पहले उनका फिटनेस टेस्ट हुआ था, क्योंकि पिछले मैच में उनके कंधे में चोट लग गई थी। इस मैच के अभ्यास सत्र से पहले मैंने उनकी आंखों में आंख डालकर उनसे पूछा कि ‘क्या तुम ठीक हो?’, उन्होंने कहा- ‘हां, मैं 100% ठीक हूं और मुझे खिलाओ।’ इसके बाद उन्होंने क्या शानदार गेंदबाजी की।
यह मेरे लिए अब तक की सर्वश्रेष्ठ जीत- पोंटिंग
पारी के बीच में ड्रेसिंग रूम में क्या बात हुई, इस पर पोंटिंग ने कहा कि इस मैच में मैच-अप के कारण अर्शदीप सिंह की जगह मार्को यानसन और जेवियर बार्टलेट ने नई गेंद संभाली। हमने बात की अगर ऐसे मैचों में जीत मिलती है तो यादगार होती है। अगर हम जीत दर्ज कर लेते हैं तो ऐसी जीत में लगभग सभी का योगदान होगा। मैंने कई आईपीएल मैचों में कोचिंग की है, लेकिन यह मेरे लिए अब तक की सर्वश्रेष्ठ जीत है।
AIADMK प्रमुख के बयान से गठबंधन खतरे में
AIADMK प्रमुख के बयान से गठबंधन खतरे में
तमिलनाडु में साल 2026 में विधानसभा चुनाव होने है। हाल ही में विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और अन्नाद्रमुक (AIADMK) ने गठबंधन किया था। दोनों पार्टियों के गठबंधन से प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया था। वहीं अब AIADMK प्रमुख एडप्पादी के पलानीस्वामी के बयान ने बीजेपी और AIADMK गठबंधन में नया ट्वीस्ट आ गया है। AIADMK नेता के बयान से गठबंधन टूटता हुआ नजर आ रहा है।
अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि यदि उनका गठबंधन विधानसभा चुनाव जीतता है तो प्रदेश में गठबंधन सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन को स्वीकार नहीं करेगी और बीजेपी के साथ विधानसभा चुनाव तक ही गठबंधन है। चुनाव के बाद प्रदेश में गठबंधन की सरकार नहीं बनेगी। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि अभी तक इस बयान पर बीजेपी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
AIADMK के नेता BJP के गठबंधन से थे नाराज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक AIADMK के कुछ नेता बीजेपी के साथ हुए गठबंधन से नाराज थे। इसके अलावा वक्फ कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे है। मुस्लिम वोट बैंक के नुकसान को देखते हुए पार्टी ने अपना रूख बदला है। पार्टी नहीं चाहती थी कि उनसे मुस्लिम वोट बैंक छीने।
नए आयकर विधेयक-2025 पर संसद भवन में लोकसभा की प्रवर समिति ने बैठक की
नए आयकर विधेयक-2025 पर संसद भवन में लोकसभा की प्रवर समिति ने बैठक की
लोकसभा की प्रवर समिति ने आज संसद भवन में नए आयकर विधेयक-2025 पर चर्चा के लिए बैठक की। भारतीय जनता पार्टी सांसद बैजयंत पांडा 31 सदस्यीय समिति के अध्यक्ष हैं। संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन समिति अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
आयकर विधेयक 2025 का उद्देश्य आयकर से संबंधित अधिनियम को समेकित और संशोधित करना है। इसे संसद के बजट सत्र के पहले भाग में लोकसभा में प्रस्तुत किया गया था। बाद में विधेयक को सदन की प्रवर समिति को भेज दिया गया।
भारत-उज्बेकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास डस्टलिक-6 का छठा संस्करण पुणे में औंध स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में शुरू
भारत-उज्बेकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास डस्टलिक-6 का छठा संस्करण पुणे में औंध स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में शुरू
भारत-उज्बेकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास डस्टलिक-6 का छठा संस्करण आज महाराष्ट्र के पुणे में औंध स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में शुरू हुआ। भारतीय दल का प्रतिनिधित्व 60 सैनिकों वाले जाट रेजिमेंट की एक बटालियन और भारतीय वायुसेना कर रही है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि यह अभ्यास एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जो भारत और उज्बेकिस्तान में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। यह अभ्यास दोनों देशों को संयुक्त सैन्य कौशल, तकनीक और प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने में सक्षम बनाएगा।
यह रक्षा सहयोग को भी बढ़ाएगा, जिससे दोनों मित्र देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे। यह अभ्यास 28 अप्रैल तक जारी रहेगा।
पिछले दस वर्षों में देश का मछली उत्पादन 95 लाख टन से बढ़कर 184 लाख टन हुआः जॉर्ज कुरियन
पिछले दस वर्षों में देश का मछली उत्पादन 95 लाख टन से बढ़कर 184 लाख टन हुआः जॉर्ज कुरियन
केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने कहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के कार्यकाल में पिछले दस वर्षों में देश का मछली उत्पादन 95 लाख टन से बढ़कर 184 लाख टन हो गया है। राज्य मंत्री कुरियन ने आज पुद्दुचेरी में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
राज्य मंत्री कुरियन ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पुद्दुचेरी में दो हजार 300 मछली पकड़ने वाली नावों में ट्रांसपोंडर लगाए जाएंगे। ये ट्रांसपोंडर मछुआरों को अपने परिवारों से संवाद करने, आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेने, अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमाओं को पार करते समय अलर्ट प्राप्त करने और मछली की उपलब्धता के बारे में वास्तविक समय की जानकारी प्राप्त करने में सक्षम बनाएंगे।
राज्य मंत्री कुरियन ने कहा कि मछुआरे अब किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक का ऋण ले सकते हैं।
पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, विधानसभा अध्यक्ष आर. सेल्वम, मंत्री और विधायक भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।














