इंदौर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
मध्य प्रदेश का इंदौर जिला किसी-न-किसी मुद्दे को लेकर सुर्खियों में बना रहता है। चोरी-डकैती के मामले अक्सर ही यहां से सामने आते रहते हैं। इसी बीच खजराना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साथ ही दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 10 दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसीपी कुंदन मंडलोई ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया गया और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर जाकर छापेमार कार्रवाई की गई और आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह इंदौर से वाहन चोरी करते थे और धार जिले में छिपाकर रखते थे। बाद में इन वाहनों को विभिन्न शहरों में बेच दिया जाता था। आरोपियों ने बताया कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस काम को अंजाम देते थे।
इंदौर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
बॉम्बे हाईकोर्ट ने निर्वाचन आयोग को भेजा नोटिस
बॉम्बे हाईकोर्ट ने निर्वाचन आयोग को भेजा नोटिस
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव (Maharashtra Assembly Elections 2024) में पस्त होने के बाद विधानसभा चुनाव में बीजेपी नीत महायुति गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल की। लेकिन विपक्षी खेमे के नेता नतीजे पर संदेह जाता रहे है और ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे है। इसको लेकर कुछ नेताओं ने अदालत का रुख किया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग और राज्य चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शाम छह बजे के बाद मतदान के आंकड़ों पर विपक्षी दलों ने खासतौर पर सवाल उठाये है। इस संबंध में बॉम्बे हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) मुखिया और एडवोकेट प्रकाश अंबेडकर ने दलील दी।
जस्टिस अजय गडकरी और जस्टिस कमल खाता की दो सदस्यीय पीठ के समक्ष यह सुनवाई हुई। प्रकाश अंबेडकर ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग ऑफिसर ने शाम 6 बजे के बाद मतदान को लेकर नियमों का ठीक से पालन नहीं किया। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग शाम 6 बजे के बाद हुई वोटिंग के वीडियो मुहैया कराए।
छत्तीसगढ़ी फिल्मों के लोकप्रिय एक्टर और भाजपा नेता राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक से निधन
छत्तीसगढ़ी फिल्मों के लोकप्रिय एक्टर और भाजपा नेता राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक से निधन
छत्तीसगढ़ी फिल्मों के लोकप्रिय एक्टर और भाजपा नेता राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक आने की वजह से निधन हो गया। रविवार रात सीने में दर्द के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। राजेश अवस्थी के निधन की सूचना मिलते ही छॉलीवुड में शोक छा गया है। सीएम विष्णुदेव साय ने भी छॉलीवुड एक्टर के निधन पर शोक संवेदनाए प्रकट की हैं।
राजेश अवस्थी फिलहाल गरियाबंद में नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार के लिए गए थे। रविवार रात को उनके सीने में दर्द हुआ और उनका निधन हो गया। राजेश अवस्थी 42 साल के थे।
राजेश अवस्थी छत्तीसगढ़ी फिल्मों के मशहूर एक्टर थे, उन्होंने परशुराम, माया दे दे माया लेले, किरिया, मायारू बाबू, टूरा चायवाला सहित कई फिल्मों में काम किया था। इसके साथ ही उन्होंने अनारकी नाम की वेब सीरीज में भी काम किया था। इस वेब सीरीज में बॉलीवुड के भी कई बड़े एक्टर ने काम किया था।
लोकसभा में महाकुंभ हादसे पर हंगामा
लोकसभा में महाकुंभ हादसे पर हंगामा
संसद के बजट सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा में भारी हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने प्रयागराज महाकुंभ में अमृत स्नान के दौरान मची भगदड़ का मुद्दा उठाया।
विपक्ष का आरोप है कि यूपी की योगी सरकार मृतकों का सही आंकड़ा छिपा रही है और सरकार को मृतकों की पूरी लिस्ट जारी करना चाहिए। बता दे, राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत हुई थी।
शनिवार को आम बजट पेश होने के बाद सोमवार को प्रश्नकाल के बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा हो रही है। विपक्ष के हंगामे के बीच चर्चा शुरू हुई, जिसके आखिरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब देंगे।
विपक्ष के हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होने पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, मैं 10 सवाल उठाना चाहता हूं, लेकिन विपक्ष मुझे ऐसा करने नहीं दे रहा है। मैं गांधी परिवार और जॉर्ज सोरोस के बीच संबंधों को उजागर करूंगा।
निशिकांत दुबे के अनुसार, जॉर्ज सोरोस के बेटे की बांग्लादेश के राष्ट्रपति मुहम्मद यूनुस के साथ प्रकाशित हो चुकी है और वो 4 दिनों तक बांग्लादेश में रहा। इसके साथ ही बांग्लादेश को बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारत लाने और हमारे देश को विभाजित करने का केंद्र बनाया गया है। मैं उसका पर्दाफाश करने जा रहा हूं।
दमोह के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में वसंत पंचमी पर मची भगदड़
दमोह के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में वसंत पंचमी पर मची भगदड़
प्रसिद्ध जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर तीर्थ स्थल में वसंत पंचमी के अवसर पर सुबह हजारों की संख्या में कावड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई थी। इस दौरान पुलिस द्वारा मंदिर का दूसरा गेट खुलते ही उस ओर श्रद्धालुओं की भीड़ अंदर दौड़ी और भगदड़ मच गई।
इस हादसे में तीन महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। भीड़ की वजह से मंदिर में अफरातफरी का माहौल बढ़ गया था। मंदिर कमेटी द्वारा किसी भी प्रकार की व्यवस्थाएं अच्छे तरीके से न करने के चलते सुबह से ही अव्यवस्थाएं फैली हुई थी।
लगातार बढ़ रही भीड़ के चलते जहां श्रद्धालु एक गेट से ही प्रवेश कर पा रहे थे। इसी बीच पुलिस द्वारा दूसरा गेट खोल देने से अचानक अंदर जाने के लिए भगदड़ मच गई। इसमें तीन महिलाएं घायल हो गईं।
इन्हें तत्काल ही एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल दमोह भेजा गया। तीनों का इलाज किया जा रहा है। हालांकि इस घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना के तुरंत बाद ही पुलिस ने अफरा-तफरी के माहौल को कंट्रोल कर लिया था।
प्रयागराज में बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान
प्रयागराज में बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान जारी है। ये स्नान महाकुंभ मेले का सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र अनुष्ठान है। इससे पहले दो अमृत स्नान 14 जनवरी मकर संक्रांति और 29 जनवरी मौनी अमावस्या को हुए थे।
महानिर्वाणी पंचायती अखाड़ा और शंभू पंचायती अटल अखाड़ा आज सुबह त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करने वाला पहला अखाड़ा होगा। इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अर्धसैनिक बलों सहित 50 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने एक मजबूत सुरक्षा योजना लागू की है और महाकुंभ के मेला क्षेत्र को नो व्हीकल और नो वीआईपी जोन घोषित किया गया है। दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम के रूप में पहचाने जाने वाले महाकुंभ मेले की शुरुआत 13 जनवरी को हुई और अब तक 35 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञाननंदा ने मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराकर टाटा स्टील मास्टर्स 2025 का खिताब जीता
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञाननंदा ने मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराकर टाटा स्टील मास्टर्स 2025 का खिताब जीता
शतरंज में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञाननंदा ने नीदरलैंड्स के विज्क आन ज़ी में कल रात रोमांचक टाईब्रेकर में मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराकर प्रतिष्ठित टाटा स्टील मास्टर्स 2025 का खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ आर. प्रज्ञाननंदा 2006 में विश्वनाथन आनंद के बाद यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
14 खिलाड़ियों का राउंड-रॉबिन इवेंट नाटकीय रहा। गुकेश और प्रज्ञान दोनों 13 राउंड के बाद 8 दशमलव 5 अंकों के साथ बराबरी पर रहे। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने वाले गुकेश अपना अंतिम गेम ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी से हार गए जबकि प्रज्ञान को लंबे चले मैच में विंसेंट कीमर ने हरा दिया।
टाईब्रेकर में गुकेश ने दो ब्लिट्ज़ गेम में से पहला जीता और उन्हें खिताब सुरक्षित करने के लिए दूसरे में केवल ड्रॉ की आवश्यकता थी। हालाँकि प्रज्ञान ने शानदार वापसी करते हुए दोनों ब्लिट्ज गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन
दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन है। भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेता तथा स्टार प्रचारकों ने शहर भर में रोड शो, घर-घर प्रचार और जनसभाओं के जरिए मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज दोपहर बुराड़ी इलाके में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह भी राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में आज जनसभाओं को संबोधित करेगें। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज दोपहर एक जनसभा तथा रोड शो करेगें।
जबकि, वरिष्ठ आम आदमी पार्टी नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी आज शहर में कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उधर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी अपने पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगने के लिए कस्तूरबा नगर इलाके में रोड शो करेंगी।
इस चुनाव में कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार को वोट डाले जाएंगे और शनिवार को मतगणना होगी।
एनवीएस-02 अंतरिक्ष यान पर लगे थ्रस्टर्स के नाकाम रहने से उपग्रह को वांछित कक्षा में स्थापित करने के प्रयासों को झटका लगा: इसरो
एनवीएस-02 अंतरिक्ष यान पर लगे थ्रस्टर्स के नाकाम रहने से उपग्रह को वांछित कक्षा में स्थापित करने के प्रयासों को झटका लगा: इसरो
भारतीय अतंरिक्ष अनुसधान संगठन (इसरो) ने कहा है कि एनवीएस-02 अंतरिक्ष यान पर लगे थ्रस्टर्स के नाकाम रहने से उपग्रह को वांछित कक्षा में स्थापित करने के प्रयासों को झटका लगा है। इस उपग्रह को जीएसएलवी-एमके 2 रॉकेट से श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष केंद्र से 29 जनवरी को प्रक्षेपित किया गया था।
अंतरिक्ष-आधारित नेविगेशन सिस्टम के लिए महत्वपूर्ण यह उपग्रह इसरो का 100वां प्रक्षेपण था। यह उपग्रह एक अण्डाकार भू-समकालिक स्थानांतरण कक्षा-जीटीओ में पृथ्वी की परिक्रमा कर रहा है, जो नेविगेशन प्रणाली के लिए उपयुक्त नहीं है।
इसरो ने कहा कि उपग्रह प्रणाली स्वस्थ है और उपग्रह वर्तमान में अण्डाकार कक्षा में पृथ्वी की परिक्रमा कर रहा है। अण्डाकार कक्षा में नेविगेशन के लिए उपग्रह का उपयोग करने के लिए वैकल्पिक मिशन रणनीतियों पर काम किया जा रहा है।
जीएसएलवी रॉकेट द्वारा उपग्रह को कक्ष में स्थापित करने के बाद, इस पर लगे सौर पैनल सफलतापूर्वक तैनात किए गए, लेकिन बिजली उत्पादन नाम मात्र रहा। इसरो ने कहा है कि ग्राउंड स्टेशन के साथ संचार स्थापित हो गया है। जीएसएलवी से प्रक्षेपण सफल रहा क्योंकि सभी चरण सुचारू रूप से संपन्न होने के बाद उपग्रह ने पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश किया।
मुख्यमंत्री ने जापान के ऐतिहासिक किंकाकूजी स्वर्ण मंदिर का किया भ्रमण
मुख्यमंत्री ने जापान के ऐतिहासिक किंकाकूजी स्वर्ण मंदिर का किया भ्रमण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जापान यात्रा के चौथे दिन क्योटो स्थित विश्व प्रसिद्ध किंकाकूजी (स्वर्ण मंदिर) का भ्रमण किया। पारंपरिक जापानी स्थापत्य और बौद्ध संस्कृति का प्रतीक यह मंदिर अपनी सोने की परतों से ढंकी भव्य संरचना और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और जापानी संस्कृति में इसकी ऐतिहासिक महत्ता को करीब से समझा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर के सामने स्थित क्योकाची तालाब के किनारे कुछ समय बिताया, जहां मंदिर की झलक पानी में प्रतिबिंबित होकर एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थी। उन्होंने कहा कि “ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें सिर्फ स्थापत्य कला का उदाहरण नहीं होतीं, बल्कि वे एक सभ्यता की आत्मा को दर्शाती हैं। जापान ने अपनी संस्कृति को सहेजने का जो प्रयास किया है, वह प्रशंसनीय है।”
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जापान यात्रा सिर्फ सांस्कृतिक आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने जापानी धरोहर संरक्षण, पर्यटन विकास और वास्तुकला के नवाचारों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भी अपनी ऐतिहासिक धरोहरों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है और जापान से इस दिशा में बहुत कुछ सीखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जापान यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और औद्योगिक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाना है। भ्रमण के दौरान उन्होंने जापान की परंपरागत और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाए रखने की नीति को भी सराहा।














