महाकुंभ मेला-क्षेत्र को 4 फ़रवरी तक वाहन मुक्त-क्षेत्र घोषित किया गया
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के महाकुंभ मेला क्षेत्र को 4 फरवरी तक वाहन मुक्त क्षेत्र घोषित कर दिया है। यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यातायात प्रबंध और भीड को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है।
आकाशवाणी से बातचीत में यातायात को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अंशुमन मिश्रा ने बताया कि मेला क्षेत्र में केवल आवश्यक सेवाओं वाले वाहन को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
कल संगमघाट की भगदड में 30 लोगों की मृत्यु हो जाने के कारण राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किये हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार घटना की जांच करने के लिए प्रयागराज पहुंच चुके हैं।
महाकुंभ मेला-क्षेत्र को 4 फ़रवरी तक वाहन मुक्त-क्षेत्र घोषित किया गया
आने वाले महीनों में अपना मूलभूत-मॉडल तैयार करेगा भारतः अश्विनी वैष्णव
आने वाले महीनों में अपना मूलभूत-मॉडल तैयार करेगा भारतः अश्विनी वैष्णव
इलेक्ट्रिॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत आने वाले महीनों में अपना मूलभूत मॉडल तैयार करेगा। मंत्री वैष्णव ने नई दिल्ली में आज मीडिया को बताया कि भारत का मूलभूत मॉडल विश्व के श्रेष्ठ मॉडल की बराबरी वाला होगा।
उन्होंने कहा कि भारत का अपना एआई मॉडल विकसित करने संबंधी प्रस्तावों की एक रूपरेखा तैयार की गई है। मंत्री वैष्णव ने एक एआई सुरक्षा संस्थान स्थापित किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने इंडिया एआई मिशन की प्रगति का उल्लेख किया जो पहले ही अपने प्रारंभिक ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट -जीपीयू लक्ष्यों से कहीं आगे निकल चुकी है।
मंत्री वैष्णव ने कहा कि 18 हजार 6 सौ 93 जीपीयू के साथ एक सामान्य गणना सुविधा का भी शुभारंभ किया गया है। आने वाले दिनों में यह सुविधा स्टार्टप्स, अनुसंधानकर्ताओं और डेवलपर्स के लिए उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि भारत के पास 15 हजार हाई-एंड जीपीयू उपलब्ध हैं।
डीपसीक की प्राईवेसी से संबंधित चिंताओं को लेकर श्री वैष्णव ने बताया कि इससे संबंधित जानकारी भारतीय सर्वर पर बहुत जल्द उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि आधुनिक तकनीक सभी के लिए उपलब्ध होनी चाहिए।
महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है राष्ट्र
महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है राष्ट्र
राष्ट्र आज महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर आज सुबह नई दिल्ली में गांधी समाधि, राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मनोहर लाल, तीनों सेनाओं के प्रमुख और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष भी मौजूद थे।
हर साल 30 जनवरी को राष्ट्र महात्मा गांधी की जीवनी व विरासत को स्वतंत्रता संग्राम के मार्गदर्शक के रूप में याद करता है। इस दिन को शहीद दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
मध्य प्रदेश सरकार ने जारी की ट्रांसफर पॉलिसी
मध्य प्रदेश सरकार ने जारी की ट्रांसफर पॉलिसी
मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को अपनी तबादला नीति जारी कर दी है। इसको लेकर लंबे समय से इंतजार हो रहा था। प्रदेश में अब विभागीय मंत्री के अनुमोदन से विशेष परिस्थिति में ट्रांसफर हो सकेंगे।
सीएम यादव ने जीका को दिया जीआईएस का न्योता
सीएम यादव ने जीका को दिया जीआईएस का न्योता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जापान यात्रा के दूसरे दिन 29 जनवरी की दोपहर जापान इंटरनेशल कॉपरेशन एजेंसी (Japan International Cooperation Agency-JICA) को ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (GIS) में शामिल होने का न्योता दिया। सीएम डॉ. यादव ने जीका के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सोहेई हारा से वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने हारा को मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों की जानकारी दी।
जीका का भारत और मध्य प्रदेश से गहरा रिश्ता है। दोनों के बीच लंबे समय से व्यापार हो रहा है। जीका मध्य प्रदेश में पावर और सोया के प्रोजेक्ट स्थापित कर चुका है। इन प्रोजेक्ट्स में सहायता और समर्थन करने के लिए जीका ने मध्य प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया।
इस चर्चा के दौरान जीका के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सोहेई हारा ने अपनी खजुराहो मंदिर की यात्रा को याद किया। ये संस्मरण सुनने के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए हम इन संबंधों और समर्थन को और प्रगाढ़ करने की उम्मीद करते हैं।
बैठक के दौरान हारा ने सीएम मोहन यादव की इस बात का पुरजोर समर्थन किया कि वर्तमान में युवा बेरोजगारों, पब्लिक सेक्टर, प्राइवेट सेक्टर और निवेश में समर्थन की जरूरत है। जीका जीआईएस के दौरान इन मुद्दों पर चर्चा करेगा। जीका केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के जरिये भारत के कई राज्यों में काम कर रहा है।
किशनगढ़ में दो ट्रेलरों में टक्कर के बाद लगी आग; दो लोगों के जिंदा जलने की आशंका
किशनगढ़ में दो ट्रेलरों में टक्कर के बाद लगी आग; दो लोगों के जिंदा जलने की आशंका
किशनगढ़-नसीराबाद पुलिया के पास बुधवार को भयावह सड़क हादसा हुआ। दो ट्रेलरों की आमने-सामने की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें दो लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात जाम है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। पुलिस प्रशासन और बचाव दल भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। हालांकि, हादसे में कुल कितने लोग हताहत हुए हैं, इसका सही आंकड़ा आग पूरी तरह बुझने के बाद ही सामने आएगा।
हादसे के कारण हाईवे पर ट्रैफिक जाम
किशनगढ़-नसीराबाद हाईवे पर इस हादसे के चलते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट करने का प्रयास किया, लेकिन दुर्घटना स्थल पर जलते हुए ट्रेलरों के कारण यातायात बाधित हो गया। पुलिस और प्रशासन हालात को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। हादसा कैसे हुआ, अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले भी हो चुके हैं भीषण हादसे
गौरतलब है कि 20 दिसंबर 2024 को जयपुर-अजमेर हाईवे के भांकरोटा क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ था, जब 18 टन एलपीजी गैस से भरा टैंकर ब्लास्ट हो गया था। उस हादसे में 20 लोगों की मौत हुई थी और 35 से अधिक वाहन जलकर खाक हो गए थे। इसके अलावा, आसपास की कई फैक्ट्रियों और दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ था।
प्रयागराज महाकुम्भ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक संवेदनाएँ व्यक्त की
प्रयागराज महाकुम्भ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक संवेदनाएँ व्यक्त की
प्रयागराज महाकुम्भ में संगम तट पर हुए हादसे में जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खो दिया है, उनके प्रति मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक संवेदनाएँ व्यक्त की और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
उन्होंने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन की अपील की है।
छत्तीसगढ़ में हाउसिंग बोर्ड में 30% तक की छूट के साथ मिल रहे हैं घर
छत्तीसगढ़ में हाउसिंग बोर्ड में 30% तक की छूट के साथ मिल रहे हैं घर
हाउसिंग बोर्ड द्वारा उपभोक्ताओं को 10 वर्ष पुरानी कीमतों में मकान और दुकान बेचे जा रहे हैं। प्रदेशभर में हाउसिंग बोर्ड के मकान और दुकान में वन टाइम सेटलमेंट योजना के तहत 10 से 30 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जिससे खरीदारों को 10 लाख रुपये तक की छूट के साथ मकान बेचे जा रहे हैं।
हाउसिंग बोर्ड से मिले आंकड़ों के मुताबिक, मकान और फ्लैट में 10 से 30 फीसदी तक की छूट मिल रही है। इसमें नवा रायपुर में 20 प्रतिशत छूट, प्रक्षेत्र शंकर नगर में 30 प्रतिशत, डूमरतराई फेस-1 में 20, बोरियाकला में 30, डूमतराई फेस-टू में 30 फीसदी और बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, दंतेवाड़ा में 30 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
उपभोक्ताओं को यह फायदा 30 अप्रैल तक ही मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि रायपुर के साथ ही प्रदेशभर में भी कई प्रोजेक्ट है, जहां बिक्री नहीं हो रही है। बिक्री बढ़ाने के लिए ही यह ऑफर लाया गया है।
जनवरी के आखिरी सप्ताह में OTT Movies And Web Series पर होगी धमाकेदार एंट्री
जनवरी के आखिरी सप्ताह में OTT Movies And Web Series पर होगी धमाकेदार एंट्री
जनवरी का आखिरी सप्ताह फिल्मों के शौकीनों के लिए मनोरंजन से भरपूर होने वाला है, क्योंकि इस सप्ताह कई दिलचस्प फिल्में और वेब सीरीज ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो रही हैं। आप इस सप्ताह के लिए अपनी बिंज वॉच लिस्ट तैयार कर रहे हैं, तो इन शोज और फिल्मों को बिल्कुल भी मिस न करें।
इन प्लेटफार्मों पर रिलीज हो रही हैं दिलचस्प और रोमांचक फिल्में जैसे कि ‘द स्टोरीटेलर’, ‘आइडेंटिटी’ और ‘असुरादो’ सहित कई और शानदार कंटेंट।
यह फिल्म प्रसिद्ध बांग्ला लेखक सत्यजीत रे की शॉर्ट स्टोरी *गोल्पो बोलिये तारिनी खुरो* पर आधारित है। यह एक अमीर व्यवसायी की कहानी है, जो अपनी नींद न आने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए एक कथाकार की मदद लेता है, जो बाद में एक रोमांचक मोड़ लेती है।
फिल्म में परेश रावल, आदिल हुसैन, तन्निषा चटर्जी, नसीरुद्दीन शाह और रेवथी मेनन जैसे अभिनेता महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। यह फिल्म 28 जनवरी को Disney + Hotstar पर रिलीज होगी।
टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैम्पियन गुकेश डोम्माराजू ने बढ़त बनाई
टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैम्पियन गुकेश डोम्माराजू ने बढ़त बनाई
टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैम्पियन गुकेश डोम्माराजू ने बढ़त बना ली है। उन्होंने कल नीदरलैंड्स में नौंवी बाजी में लियोन ल्यूक मैन्डोनका को पराजित किया। गुकेश साढ़े छह अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव ड्रॉ के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
आज गुकेश का सामना जी.एम. मैक्स वारमेरडम से होगा। अन्य महत्वपूर्ण मैच में प्रज्ञानानन्द का सामना रूस के ब्लादिमीर फेदोसीव से होगा।














