AAP का घोषणापत्र जारी दिल्लीवासियों से किये ये 15 वादे
दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां जोरों पर है. राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 8 को आएंगे. सत्ताधारी आम आदमी पार्टी एक बार जीत का दावा कर रही है. वहीं, दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी लंबे समय बाद दिल्ली की गद्दी पर काबिज होने की कोशिशों में जुटी है. कांग्रेस भी पूरी तरह से जोर आजमाइश में लगी हुई है. इन सबके बीच आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने चुनावी घोषणापत्र जारी किया.
24 घंटे साफ पानी की आपूर्ति का वादा
आम आदमी पार्टी ने दिल्लीवासियों के लिए रोजगार, 24 घंटे पानी की आपूर्ति, स्वच्छ यमुना और मुफ्त सुविधाओं की सौगात देने की घोषणा की है. ‘आप’ प्रमुख ने दिल्ली में एक रैली में BJP पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘यह केजरीवाल की गारंटी है, मोदी की ‘नकली’ गारंटी नहीं.’ घोषणापत्र में सामाजिक कल्याण योजनाओं, रोजगार सृजन और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार पर ध्यान केंद्रित किया गया है.
AAP का घोषणापत्र जारी दिल्लीवासियों से किये ये 15 वादे
गृहमंत्री अमित शाह ने महाकुंभ में संगम के पवित्र-जल में डुबकी लगाई
गृहमंत्री अमित शाह ने महाकुंभ में संगम के पवित्र-जल में डुबकी लगाई
गृहमंत्री अमित शाह ने आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ में गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के त्रिवेणी संगम के पवित्र जल में डुबकी लगाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, योग गुरु रामदेव और विभिन्न मठों, मंदिरों और अखाड़ों के कई संत पवित्र डुबकी लगाने में गृहमंत्री के साथ थे।
गृहमंत्री शाह ने एक विशेष पूजा भी की और संगम आरती में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान गृहमंत्री शाह ने आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद, महंत हरि गिरि और महंत प्रेम गिरि के साथ महाकुंभ के प्रबंधों पर विशेष चर्चा भी की।
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने भी आज संगम में डुबकी लगाई। प्रयागराज में मंत्री रिजिजू, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक करेंगे।
मोहन बागान सुपर जायंट का सामना आज बेंगलुरु फुटबॉल क्लब से
मोहन बागान सुपर जायंट का सामना आज बेंगलुरु फुटबॉल क्लब से
इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज मोहन बागान सुपर जायंट का सामना बेंगलुरु फुटबॉल क्लब से होगा। यह मैच कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में शाम साढे सात बजे से खेला जाएंगा।
मोहन बागान सुपर जायंट अपने पिछले सभी सात मैचों में जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि बेंगलुरु एफसी तीसरे स्थान पर है।
कल, मुंबई सिटी एफसी ने मोहम्मडन एससी को तीन-शून्य से पराजित किया।
उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना
उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना
उत्तराखंड में आज से समान नागरिक संहिता-यूसीसी लागू हो गई है। यह अधिनियम लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। इसका लक्ष्य सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करते हुए व्यक्तिगत नागरिक कानूनों का मानकीकरण करना है।
राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में यूसीसी के कार्यान्वयन के लिए नियमों और विनियमों को मंजूरी दी थी। यूसीसी के अंतर्गत राज्य में धर्म की परवाह किए बिना अनुसूचित जनजातियों को छोड़कर सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और विरासत पर एक समान नियम होंगे और विवाह तथा लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फ़रवरी को वित्त-वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय-बजट पेश करेंगी
1 फ़रवरी को वित्त-वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय-बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पहली फरवरी को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट पेश करेंगी। आगामी बजट में घरेलू तथा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं और राजकोषीय रणनीतियों की झलक देखने को मिलेगी।
बजट में मजबूत बुनियादी ढांचे और विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर जोर देते हुए आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और राजकोषीय नियंत्रण पर ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। आकाशवाणी समाचार बजट पूर्व एक विशेष श्रृंखला में विशेषज्ञों और लोगों की उम्मीदों को सामने ला रहा है।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कृषि स्टार्टअप के संस्थापक यूसुफ रफीक ने कहा कि सरकार को जैविक खेती से जुडे उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का प्रदेश में निवेश के लिए यूके और जर्मनी के बाद जापान दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का प्रदेश में निवेश के लिए यूके और जर्मनी के बाद जापान दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मध्यप्रदेश को औद्योगिक हब बनाने का संकल्प आकार लेने लगा है। देश के महानगरों में उद्योगपतियों के साथ इंटरेक्शन, प्रदेश में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और जर्मनी-यूके में निवेश की अपार सफलता के बाद अब मुख्यमंत्री डॉ. यादव का कारवां जापान की 4 दिवसीय यात्रा के लिये 27 जनवरी को रवाना होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जापान के टोक्यो, ओसाका और कोबे जैसे प्रमुख शहरों में स्थानीय उद्योगपतियों से म.प्र. में निवेश के संबंध में संवाद करेंगे। साथ ही 24 और 25 फरवरी 2025 को भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जापान दौरा मध्यप्रदेश से जापान के उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों को निवेश अवसरों से अवगत कराएगा। भारत-जापान संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
28 जनवरी : टोक्यो से शुरूआत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 27 जनवरी की शाम इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट नई दिल्ली से टोक्यो समयानुसार के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 28 जनवरी की दरम्यानी रात भारतीय समयानुसार 2:25 बजे टोक्यो के हानेडा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। जहाँ से सुबह 3:45 बजे इम्पीरियल होटल पहुंचेंगे। यहां फ्रेंडस ऑफ एमपी की जापान टीम से मुलाकात करेंगे। सुबह 9:15 बजे भारतीय राजदूत श्री सिबी जॉर्ज से उनके निवास पर औपचारिक मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 10:15 बजे एडो गावा सिटी स्थित महात्मा गांधी पार्क पहुँचकर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रात: 11:30 बजे भारतीय दूतावास में आयोजित रोड-शो “सेलिब्रेटिंग इंडिया-जापान रिलेशनशिप : मध्यप्रदेश” में भाग लेंगे। यहां निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 से 3:00 बजे तक उद्योगपतियों से वन-टू-वन मीटिंग करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 3:30 बजे भारतीय राजदूत के निवास पर आयोजित भोज में शामिल होंगे।
29 जनवरी: निवेशकों के साथ संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 29 जनवरी को भारतीय समयानुसार सुबह 7:00 से 8:30 बजे इम्पीरियल होटल में उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग में शामिल होंगे। इसके बाद जापान के प्रमुख उद्योगपतियों और संगठनों से मुलाकात करेंगे, जिनमें “केदानरेन” (जापान बिजनेस फेडरेशन), “जेट्रो एचक्यू” जैसे बड़े नाम शामिल हैं, मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 10:15 बजे टोक्यो स्थित ब्रिजस्टोन हेडक्वाटर्स पहुँचकर उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव टोक्यो के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। दोपहर 2 बजे फ्रेंडस ऑफ एमपी के साथ संवाद एवं भोज करेंगे।
30 जनवरी: कोबे और ओसाका का दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव टोक्यो से भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे शिंकानसेन बुलेट ट्रेन से निकलकर सुबह 8:30 बजे कोबे पहुंचेंगे। यहां वे “सिस्मेक्स” कंपनी के अधिकारियों से मिलकर उनकी साइट का दौरा करेंगे।
कोबे से ओसाका के लिए यात्रा के बाद, वे “पैनासोनिक एनर्जी” के अधिकारियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद ओसाका में इम्पीरियल होटल में दोपहर 3 बजे “मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर” विषय पर आयोजित इंटरैक्टिव-सेशन में शामिल होंगे।
31 जनवरी: ओसाका, क्योटो, टोक्यो
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारतीय समयानुसार सुबह 6:00 से 7:00 बजे तक जीटूजी (Govt. to Govt.) एवं बीटूजी (Businessman to Govt.) मीटिंग में शामिल होंगे। इसके बाद ओसाका से सुबह 7 बजे निकलकर क्योटो पहुँचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 8:00 बजे क्योटो पहुँचकर जापान की सांस्कृतिक और औद्योगिक प्रगति को जानने के लिये विभिन्न स्थानों की विजिट करेंगे। दोपहर 2:00 बजे क्योटो से शिंकानसेन बुलेट ट्रेन से यात्रा कर शाम 4:30 बजे टोक्यो पहुँचेंगे।
1 फरवरी: भारत वापसी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 4:30 बजे जापान के टोक्यो स्थित हानेडा हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए रवाना होकर शाम 5:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इन सत्रों में मध्यप्रदेश में निवेश, नवाचार और सतत् विकास को बढ़ावा देने वाले विशिष्ट कार्यों पर विशेष रूप से प्रकाश डालेंगे। पहले से ही राज्य में काम कर रहे प्रतिष्ठित जापानी कंपनियों के प्रतिनिधि अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे। साथ ही, निवेशकों को मुख्यमंत्री के साथ व्यक्तिगत बैठक वन-टू-वन मीटिंग का अवसर मिलेगा।
मुख्य क्षेत्र
कृषि, डेयरी एवं फूड प्रोसेसिंग, फिनटेक, आईटी/आईटीईएस और रोबोटिक्स, फार्मास्युटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोबाइल, शहरी एवं औद्योगिक बुनियादी ढांचे, एयरोस्पेस और रक्षा, सहित पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित होगा।
मध्यप्रदेश और जापान का व्यापारिक संबंध
जापान, मध्यप्रदेश का प्रमुख व्यापार और निवेश साझेदार है। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत-जापान व्यापार USD 22.85 बिलियन तक पहुंचा, जिसमें मध्यप्रदेश ने एल्यूमिनियम, केमिकल्स, फार्मास्यूटिकल्स, और वस्त्र जैसे उत्पादों का निर्यात किया। राज्य में ब्रिजस्टोन, पैनासोनिक, सनोह, एनएचके, और कोमात्सू जैसी प्रमुख जापानी कंपनियां सफलतापूर्वक काम कर रही हैं।
जापान “इन्वेस्ट मध्यप्रदेश – ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025” में ‘पार्टनर कंट्री’ के रूप में भाग लेगा। यह दौरा मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे राज्य में नई साझेदारियां और निवेश के अवसर खुलेंगे।
इंदौर का देश का वेटलैण्ड शहर बनना हमारे लिये गौरव का क्षण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
इंदौर का देश का वेटलैण्ड शहर बनना हमारे लिये गौरव का क्षण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेश के नाम एक ओर उपलब्धि तब जुड़ गई जब रामसर कन्वेंशन द्वारा इंदौर शहर को प्रतिष्ठित वेटलैण्ड सिटी घोषित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर की इस उपलब्धि को देश और प्रदेश की उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह मध्यप्रदेश केलिए गौरव का क्षण है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली अंतर्राष्ट्रीय संस्था रामसर द्वारा शनिवार को 31 वेटलैण्ड शहरों की सूची जारी की गई है। इसमें उन शहरों को सम्मानित किया गया है जो अपने वेटलैंडस का संरक्षण करने के साथ-साथ शहरी विकास में भी उत्कृष्ट योगदान देते हैं। इसमें पहली बार देश के 2 शहरों इंदौर और उदयपुर को भी शामिल किया गया है।
देश की पहली वेटलैण्ड सिटी इंदौर
रामसर कन्वेंशन द्वारा शनिवार को दुनिया के 31 शहरों को वेटलैण्ड सिटी के रूप में मान्यता देते हुए घोषणा की है। देश में रामसर द्वारा पहली बार दो शहरों को एक साथ वेटलैण्ड शहर के रूप में मान्यता दी है। इनमें इंदौर और उदयपुर को देश के पहले दो शहरों के रूप में शामिल किया गया है। जारी सूची में शामिल विश्व के अन्य शहर इस प्रकार हैं : अर्जेंटीना के ट्रेलेव, बेल्जियम के मेचेलेन, बोत्सवाना के कसाने-कज़ुंगुला, शाकावे, चिली के वाल्डिविया, चीन के चोंगमिंग, डाली, फ़ूज़ौ, हांग्जो, जिउजियांग, ल्हासा, सूज़ौ, वेनझोउ, यूयांग, फ़्रांस के एब्बेविल, आर्ल्स, हैम्पिग्नी, ईरान (इस्लामिक गणराज्य) के बाबोल, बंदर किआशर, गैंडोमन, जापान के नागोया शहर, मोरक्को के मेहद्या, फिलीपींस के बलांगा शहर, पोलैंड के पॉज़्नान, कोरिया गणराज्य के गिम्हे, मुंगयोंग, सर्बिया के नोवी साद, स्विटजरलैंड के जिनेवा और जिम्बाब्वे के विक्टोरिया फॉल्स को भी शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों केन्द्र सरकार द्वारा इंदौर का नाम रामसर कन्वेंशन को प्रतिष्ठित वेटलैंड सिटी के रूप में मान्यता प्रदान करने के लिए नामांकित किया गया था। केन्द्रीय पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने बताया कि इससे इंदौर और उदयपुर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक ब्रांडिंग के रूप में पहचान मिलेगी।
पर्यावरण का सिरमौर बना इंदौर
पर्यावरण की दृष्टि से इंदौर शहर देश और प्रदेश की स्वच्छतम शहरों में से एक तो था ही, साथ में देश का पहला वेटलैण्ड शहर होने का गौरव इंदौर को मिला। औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित इंदौर पर्यावरण के क्षेत्र में भी संतुलन बनाए हुए है। इंदौर में सिरपुर और यशवंत सागर को रामसर साइट को पूर्व में ही घोषित किया जा चुका है। यहां झीलों के संरक्षण, पर्यावरण सुधार और पक्षियों के लिए आदर्श आवास की स्थिति विकसित करने के साथ ही सिरपुर को बर्ड सैंक्च्युअरी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
रामसर साइट्स
रामसर संधि, जिसे “वेटलैंड्स पर हुई संधि” भी कहा जाता है। यह संधि वर्ष 1971 में ईरान के रामसर नामक स्थल पर विश्व के विभिन्न देशों ने हस्ताक्षरित की थी। इस प्रकार यह एक अंतर-सरकारी संधि है, जो आर्द्र भूमियों और उनके संसाधनों के संरक्षण के फ्रेमवर्क उपलब्ध करवाती। इन उपलब्ध मापदंड के अनुसार आर्द्र भूमि को संरक्षित करने सहायता प्राप्त होती है। इसी प्रकार वर्ष 2015 में रामसर कन्वेंशन के 12वीं कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज में वेटलैण्ड सिटी को मान्यता देने के लिए कार्यक्रम प्रारंभ किया गया था। वेटलैंड्स का संरक्षण करने के साथ शहरी विकास में भी उत्कृष्ट योगदान देने वाले शहरों को वेटलैण्ड शहर की मान्यता दी जाती है।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य पर्यटन दिवस की शुभकामनाऐ दी
मुख्यमंत्री साय ने राज्य पर्यटन दिवस की शुभकामनाऐ दी
देशभर में प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर छत्तीसगढ़ के बस्तर के धूड़मारास गांव की धूम
यूएन द्वारा पर्यटन ग्राम उन्नयन कार्यक्रम में दुनिया के टॉप-20 गांवों की सूची में शामिल धूड़मारास बैंबू राफ्टिंग, कयाकिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए हो रहा मशहूर।
योग गुरु बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री साय से सौजन्य भेट की
योग गुरु बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री साय से सौजन्य भेट की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से योग गुरु बाबा रामदेव ने आज मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिजन उपस्थित थे।
अमित शाह ने जारी किया संकल्प पत्र का तीसरा भाग, 50 हजार नौकरियां
अमित शाह ने जारी किया संकल्प पत्र का तीसरा भाग, 50 हजार नौकरियां
दिल्ली विधानसभा चुनावा 2025 को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी के संकल्प पत्र का तीसरा भाग जारी किया है। बीजेपी ने विधानसभा चुनावों में सत्ता में आने पर दिल्ली के गिग वर्कर्स के लिए 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा देने का वादा किया है। बीजेपी ने 50 हजार नौकरियों और गुजरात में यमुना नदी की तर्ज पर यमुना नदी की सफाई और विकास का भी वादा किया है। इस दौरान अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि हम जो भी वादा करते है उसे पूरा करते है।
‘महिलाओं को 6 महीने का सवेतन मातृत्व अवकाश मिलेगा’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने पर वरिष्ठ नागरिकों को अतिरिक्त 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। मुफ्त ओपीडी और डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान की जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी गई है। विधवा और असहाय महिलाओं को प्रति माह 3000 रुपये दिए जाएंगे। हम दिल्ली सरकार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए काम करेंगे। एससी और एसटी छात्रों को प्रति माह 1000 रुपये का वजीफा दिया जाएगा। ऑटो और टैक्सी चालकों को 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना कवर दिया जाएगा। महिलाओं को 6 महीने का सवेतन मातृत्व अवकाश दिया जाएगा।














