महामंडलेश्वर और नागा साधु बनने की परीक्षा में 100 से अधिक उम्मीदवार असफल
महाकुंभ में साधु-संतों का डेरा जमा हुआ है। साथ ही नागा साधुओं के 13 अखाड़े भी अपने शिविर लगाकर धूनी रमाए हुए हैं। इस महाकुंभ के दौरान सभी 13 अखाड़ों में नागा साधु और महामंडेलेश्वर बनाने की प्रक्रिया भी साथ चल रही है। इस दौरान जानकारी आ रही है कि कुंभ की परीक्षा में शामिल होने वाले महामंडलेश्वर पद के 12 आवेदकों और नागा के लिए 92 उम्मीदवार असफल हो गए।
इन्हें जूना अखाड़ा, आवाहन, निरंजनी और बड़ा उदासीन अखाड़े ने इन लोगों को पद देने से इनकार कर दिया। जांच में इनकी दी गई जानकारी, धर्म और परंपरा के विपरीत मिली है। साथ ही कुछ लोगों की शैक्षिक योग्यता भी गलत पाई गई।मिली जानकारी के मुताबिक, मकर संक्रांति के बाद अब तक 13 अखाड़ों ने 30 महामंडलेश्वर आवेदकों और 3500 से अधिक नागा साधु के उम्मीदवारों को पास किया है। वसंत पंचमी के दिन यानी तीसरे अमृत स्नान तक महामंडलेश्वर पद के लिए पट्टाभिषेक और नागा संन्यासियों को दीक्षा दी जाएगी।
3 लेवल पर होती है जांच
अखाड़ों में पद और संन्यास देने से पहले आवेदक व्यक्ति और संत के आवेदन पर 3 स्तरीय जांच की जाती है। फिर 3 लेवल पर पास होने वालों को, जो पहले से संन्यासी होता है उसे महामंडलेश्वर की पदवी दी जाती है। वहीं, विरक्त जीवन का संकल्प लेने वालों को नागा संन्यासी बनाया जाता है।
दोनों पदों के लिए सभी 13 अखाड़े आवेदन स्वीकार करते हैं, संत और उम्मीदवार इसमें अपना जन्मस्थान, सगे संबंधियों का ब्योरा, शैक्षणिक योग्यता, मुकदमे की जानकारी, प्रॉपर्टी की जानकारी देते हैं। इसके बाद अखाड़े जिलेदार के जरिए इन सूचनाओं की जांच कराते हैं और अपनी रिपोर्ट अखाड़े के पंच परमेश्वर को देते हैं। फिर पंच परमेश्वर अपने हिसाब से इसकी जांच करते हैं और सभापति को फाइनल रिपोर्ट देते हैं।
महामंडलेश्वर और नागा साधु बनने की परीक्षा में 100 से अधिक उम्मीदवार असफल
भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी फिल्मकार Anant Singh को GACC में नियुक्त किया गया
भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी फिल्मकार Anant Singh को GACC में नियुक्त किया गया
भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी फिल्म निर्माता अनंत सिंह को वैश्विक कला और संस्कृति परिषद (जीएसीसी) में नियुक्त किया गया है। दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के सत्र के दौरान बुधवार को जीएसीसी की शुरुआत की गयी।
रंगभेद, एचआईवी/एड्स और लैंगिक आधार पर होने वाली हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने वाली सिंह की फिल्मों ने उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार दिलाए हैं। इन्हीं में से एक फिल्म नेल्सन मंडेला के जीवन पर आधारित ‘लॉन्ग वॉक टू फ्रीडम’ भी है। उन्हें 2001 में डब्ल्यूईएफ के क्रिस्टल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
सिंह ने कहा, ‘‘दुनिया भर के कलाकार और रचनात्मकता से जुड़े लोग, जनता की आवाज हैं और मानवीय कहानियों के लिए उन्हें जाना जाता है। जीएसीसी दुनिया में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां लाखों लोगों की (जीवन) यात्रा में योगदान देने के लिए कलाकारों की आवाज और अभिव्यक्ति को सुनने की आवश्यकता है। डब्ल्यूईएफ के सह-संस्थापक हिल्डे श्वाब और प्रोफेसर क्लाउस श्वाब ने वैश्विक कला और संस्कृति परिषद की स्थापना की। सिंह को दुनिया भर के अन्य प्रख्यात कला और संस्कृति दिग्गजों के साथ ही परिषद में नियुक्त किया गया।
नई औद्योगिक नीति से छत्तीसगढ़ को 6000 करोड़ निवेश के प्रस्ताव
नई औद्योगिक नीति से छत्तीसगढ़ को 6000 करोड़ निवेश के प्रस्ताव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को मुंबई में इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट के दौरान देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा, हमने नई उद्योग नीति के माध्यम से निवेशकों के लिए रेड कारपेट बिछाया है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार को 6000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए। सीएम ने बताया, नई औद्योगिक नीति के कारण अब तक छत्तीसगढ़ ने लगभग 1 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव आकर्षित किए हैं। ये प्रस्ताव रायपुर, दिल्ली और मुंबई में हुए इन्वेस्टर्स कनेक्ट समिट के दौरान मिले हैं। इस कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन भी मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ में एफडीआई के रास्ते भी खुले
मुंबई के इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में छत्तीसगढ़ के लिए विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) के रास्ते खुल गए हैं। मुख्यमंत्री साय ने मुंबई में अमरीकी कॉन्सल जनरल और रशिया कॉन्सल जनरल से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की इच्छा जताते हुए राज्य के अनुकूल कारोबारी माहौल की सराहना की।
सीएम बोले- न्यूनतम शासन-अधिकतम प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री साय ने राज्य की नई औद्योगिक नीति 2024-30 की खूबियों को साझा करते हुए कहा कि निवेशकों की पसंदीदा नीति बनाने के लिये हमने “न्यूनतम शासन-अधिकतम प्रोत्साहन” को सूत्रवाक्य के रूप में अपनाया है। इसके अंतर्गत हमने एनओसी की प्रक्रिया को बेहद आसान कर दिया है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से अब क्लियरेंस हो रहे हैं। इससे निवेशकों को खासी राहत मिल रही है।
चेन्नई में भी नहीं होगा मोहम्मद शमी का कमबैक
चेन्नई में भी नहीं होगा मोहम्मद शमी का कमबैक
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी वापसी को तैयार हैं. वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल के बाद से चोटिल चल रहे शमी बीते 14 महीनों से कोई मैच नहीं खेले हैं. उन्हें चयनकर्ताओं चैम्पियन्स ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज के लिए जगह दी है. लेकिन सीरीज के पहले मैच में उन्हें प्लेइंग XI में जगह नहीं मिली और अब चेन्नई में खेले जाने वाले दूसरे मैच में भी ऐसे ही आसार हैं.
ऑलराउंडर खिलाड़ियों के जिम्मे फास्ट बॉलिंग
दरअसल भारतीय टीम मैनेजमेंट ने यहां एक तेज गेंदबाज और 3 स्पिनरों को मौका दिया था. भारत ने तेज गेंदबाजी का बाकी काम अपने दो ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या और नीतिश कुमार रेड्डी के लिए छोड़ा था. हालांकि भारत को अर्शदीप सिंह की बेहतरीन बॉलिंग और हार्दिक पांड्या के सपॉर्ट के चलते तीसरे तेज गेंदबाज की ओर भी नहीं जाना पड़ा. इसके अलावा टीम इंडिया के तीनों स्पिनरों ने इंग्लैंड पर ऐसा शिकंजा कसा कि वह 132 रनों पर ढेर हो गई.
बैटिंग लाइनअप में बनती है गहराई
अब जब मैच चेन्नई के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है, जहां कि पिच हमेशा से ही स्पिनरों को मददगार रहती है. ऐसे में टीम इंडिया यहां अपने प्लेइंग XI में कोई बदलाव करना नहीं चाहेगी. मतलब साफ है कि स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अपनी वापसी के लिए अभी और इंतजार करना होगा. इस कॉम्बिनेशन से भारत की बैटिंग लाइनअप में गहराई बनती है, जो टी20 फॉर्मेट में बहुत कारगर मानी जाती है.
अमेरिकी अदालत ने पलट दिया ट्रंप का आदेश
अमेरिकी अदालत ने पलट दिया ट्रंप का आदेश
अमेरिका के हजारों अप्रवासियों को बड़ी राहत मिली है, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय भी शामिल हैं. अमेरिका की एक संघीय अदालत ने गुरुवार को स्वतः जन्मसिद्ध नागरिकता (Birthright citizenship) के अधिकार को कम करने वाले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकारी आदेश पर रोक लगा दी है. संघीय न्यायाधीश ने इस आदेश को स्पष्ट रूप से असंवैधानिक कहा है. डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वह इस फैसले को चुनौती देंगे.
चार राज्यों को दिया आदेश
रिपब्लिकन पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन द्वारा नियुक्त सिएटल स्थित अमेरिकी जिला न्यायाधीश जॉन कॉफ़नर ने चार डेमोक्रेटिक नेतृत्व वाले राज्यों- वाशिंगटन, एरिजोना, इलिनोइस और ओरेगन के अनुरोध पर एक अस्थायी निरोधक आदेश जारी किया.
जज ने क्या तर्क दिए
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक मुझे यह समझने में परेशानी हो रही है कि बार का कोई सदस्य स्पष्ट रूप से कैसे कह सकता है कि यह आदेश संवैधानिक है. यह मेरे दिमाग को चकरा देता है. उन्होंने कहा, मैं चार दशकों से बेंच पर हूं. मुझे ऐसा कोई दूसरा मामला याद नहीं आता जहां प्रस्तुत प्रश्न इस मामले जितना स्पष्ट हो. यह एक स्पष्ट रूप से असंवैधानिक आदेश है.
रोनाल्ड रीगन द्वारा नियुक्त 84 वर्षीय कफनौर को 1981 में संघीय बेंच के लिए नामित किया गया था, उन्होंने डीओजे के वकील, ब्रेट शुमेट से पूछा कि क्या शुमेट व्यक्तिगत रूप से मानते हैं कि यह आदेश संवैधानिक है. कफनौर ने कहा कि उन्होंने अस्थायी प्रतिबंध आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.
ट्रंप का आदेश क्या है?
डोनाल्ड ट्रम्प के कार्यकारी आदेश ने अमेरिकी एजेंसियों को संयुक्त राज्य अमेरिका में जन्मे बच्चों की नागरिकता को मान्यता देने से इनकार करने का निर्देश दिया था, यदि न तो उनकी मां और न ही पिता अमेरिकी नागरिक या वैध स्थायी निवासी हैं. ट्रम्प के आदेश के अनुसार, 19 फरवरी के बाद अमेरिका में जन्मे किसी भी बच्चे, जिनके माता और पिता अमेरिकी नागरिक या वैध स्थायी निवासी नहीं हैं, को निर्वासित किया जाएगा और उन्हें सामाजिक सुरक्षा संख्या, सरकारी लाभ से रोका जाएगा.
“पराक्रम दिवस” के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की
“पराक्रम दिवस” के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती “पराक्रम दिवस” के अवसर पर भोपाल के 7 नंबर चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जायेगा भोपाल का 154 करोड़ रूपये से नव निर्मित फ्लाई-ओवर
राजधानी को सबसे लंबे ब्रिज की सौगात, सीएम ने किया नए नाम का ऐलान
4 साल के इंतजार के बाद गुरूवार को शहर के सबसे लंबे ब्रिज का शुभारंभ हो गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसका लोकार्पण किया। 154 करोड़ रुपए की लागत से बने इस ब्रिज को लेकर सीएम मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। लोकार्पण समारोह के दौरान सीएम ने जीजी फ्लाइओवर के नाम से चर्चित इस ब्रिज का नाम बदलने की बात कही। साथ ही ब्रिज के नए नाम की भी घोषणा की है।
गणेश मंदिर से गायत्री मंदिर व अरेरा हिल्स तक निकलने वाला शहर का सबसे लंबा फ्लाइओवर गुरुवार को आमजन के लिए शुरू हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 11 बजे इसका लोकार्पण किया। समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उपस्थित थे। सीएम मोहन ने जीजी फ्लाईओवर को नया नाम दिया है। बाबा साहेब अंबेडकर के नाम पर ब्रिज को ‘बाबा अंबेडकर ब्रिज’ नाम दिया गया है।
भोपाल का ये ब्रिज मैदा मिल मार्ग को विद्या नगर, शक्ति नगर, कस्तूरबा नगर, साकेत नगर, दानिश नगर, आशिमा मॉल और एस जैसे प्रमुख रिहायशी और वाणिज्यिक क्षेत्रों से जोड़ता है। इसके अलावा औबेदुल्लागंज, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और जबलपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह मार्ग को सुगम बनाएगा। यह फ्लाईओवर बोर्ड ऑफिस, प्रगति पेट्रोल पंप और मानसरोवर चौराहे जैसे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों पर यातायात का दबाव कम करेगा।
ब्रिज की खासियत
154 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ ब्रिज
भोपाल का सबसे लंबे ब्रिज को बनने में लगे 4 साल
2900 मीटर है ब्रिज की लंबाई
15 मीटर चौड़ा है ब्रिज
शुभारंभ के बाद फ्लाईओवर को मिला ‘बाबा अंबेडकर’ नाम
मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षाबलों की वीरता की सराहना की
मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षाबलों की वीरता की सराहना की
गरियाबंद ज़िले के मैनपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर 12 से अधिक माओवादियों को मार गिराया तथा कई हथियार बरामद किए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों की वीरता की सराहना करते हुए कहा, “राज्य में शांति और विकास के लिए माओवाद के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी। सुरक्षा बल के जवान माओवाद की ताबूत पर आखिरी कील ठोकने का कार्य कर रहे हैं।”
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती मुख्यमंत्री ने श्रद्धासुमन अर्पित किए
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती मुख्यमंत्री ने श्रद्धासुमन अर्पित किए
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती “पराक्रम दिवस” पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग में मनेगा वसंत पंचमी पर्व
सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग में मनेगा वसंत पंचमी पर्व
वसंत पंचमी का त्योहार हर साल माघ महीने की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इस शुभ दिन पर विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा की जाती है। क्योंकि यह दिन वीणा वादिनी मां सरस्वती को समर्पित है। वसंत पंचमी के दिन दो शुभ योग बन रहे हैं जो इस शुभ अवसर को और अधिक प्रभावशाली बना रहे हैं।
वसंत पंचमी का पर्व हर साल माघ मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इसे सरस्वती पूजा के नाम से भी जाना जाता है। वसंत पंचमी विद्या, ज्ञान और संगीत की देवी मां सरस्वती को समर्पित है। इस दिन शुभ योग बनने के कारण इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
वसंत पंचमी का महत्व
हिंदू धर्म में वसंत पंचमी के त्योहार को अत्यंत शुभ माना गया है। इस दिन से वसंत ऋतु की शुरुआत होती है। वसंत पंचमी का दिन विद्या, ज्ञान और संगीत की देवी मां सरस्वती की उपासना के लिए सबसे उत्तम अवसर माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस विशेष दिन पर मां सरस्वती की पूजा करने से विद्या, बुद्धि और ज्ञान की प्राप्ति होती है। विद्यार्थी और कलाकार विशेष रूप से इस दिन देवी सरस्वती की आराधना करते हैं।
शुभ योग में पूजा का महत्व
हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल 2025 में 2 फरवरी रविवार को वसंत पंचमी का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर दो शुभ योग का निर्माण हो रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग। इस लिए वसंत पंचमी की पूजा का महत्व दोगुना हो जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस शुभ योग में की गई पूजा विशेष फल प्रदान करने वाली होती है।
वसंत पंचमी पर पूजा विधि
स्नान और शुद्धि: सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ पीले वस्त्र पहनें। पूजा स्थल को साफ कर पीले फूलों और वस्त्रों से सजाएं।
मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापना: मां सरस्वती की प्रतिमा को पूजा स्थल पर स्थापित करें।
पूजा सामग्री: हल्दी, कुंकुम, चावल, पीले फूल, पीले वस्त्र, फल, मिठाई और पूजा दीपक रखें।
मंत्र जाप: मां सरस्वती के मंत्र ॐ ऐं सरस्वत्यै नमः का जाप करें।
भोग अर्पण: देवी को पीले रंग की मिठाई या खीर का भोग लगाएं।
हवन और आरती: अंत में हवन और आरती करें।













