सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग में मनेगा वसंत पंचमी पर्व

सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग में मनेगा वसंत पंचमी पर्व
वसंत पंचमी का त्योहार हर साल माघ महीने की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इस शुभ दिन पर विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा की जाती है। क्योंकि यह दिन वीणा वादिनी मां सरस्वती को समर्पित है। वसंत पंचमी के दिन दो शुभ योग बन रहे हैं जो इस शुभ अवसर को और अधिक प्रभावशाली बना रहे हैं।
वसंत पंचमी का पर्व हर साल माघ मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इसे सरस्वती पूजा के नाम से भी जाना जाता है। वसंत पंचमी विद्या, ज्ञान और संगीत की देवी मां सरस्वती को समर्पित है। इस दिन शुभ योग बनने के कारण इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
वसंत पंचमी का महत्व
हिंदू धर्म में वसंत पंचमी के त्योहार को अत्यंत शुभ माना गया है। इस दिन से वसंत ऋतु की शुरुआत होती है। वसंत पंचमी का दिन विद्या, ज्ञान और संगीत की देवी मां सरस्वती की उपासना के लिए सबसे उत्तम अवसर माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस विशेष दिन पर मां सरस्वती की पूजा करने से विद्या, बुद्धि और ज्ञान की प्राप्ति होती है। विद्यार्थी और कलाकार विशेष रूप से इस दिन देवी सरस्वती की आराधना करते हैं।
शुभ योग में पूजा का महत्व
हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल 2025 में 2 फरवरी रविवार को वसंत पंचमी का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर दो शुभ योग का निर्माण हो रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग। इस लिए वसंत पंचमी की पूजा का महत्व दोगुना हो जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस शुभ योग में की गई पूजा विशेष फल प्रदान करने वाली होती है।
वसंत पंचमी पर पूजा विधि
स्नान और शुद्धि: सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ पीले वस्त्र पहनें। पूजा स्थल को साफ कर पीले फूलों और वस्त्रों से सजाएं।
मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापना: मां सरस्वती की प्रतिमा को पूजा स्थल पर स्थापित करें।
पूजा सामग्री: हल्दी, कुंकुम, चावल, पीले फूल, पीले वस्त्र, फल, मिठाई और पूजा दीपक रखें।
मंत्र जाप: मां सरस्वती के मंत्र ॐ ऐं सरस्वत्यै नमः का जाप करें।
भोग अर्पण: देवी को पीले रंग की मिठाई या खीर का भोग लगाएं।
हवन और आरती: अंत में हवन और आरती करें।

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर माइकल क्लार्क भावुक हुए

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर माइकल क्लार्क भावुक हुए
माइकल क्लार्क को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर गुरुवार को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इसके साथ ही वह ये सम्मान पाने वाले 64वें क्रिकेटर बन गए। 43 वर्षीय पूर्व कप्तान का 12 साल का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा। इस दौरान उन्होंने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए 15 टेस्ट, 245 वनडे और 34 टी20 मैच खेले और 17,000 से अधिक रन बनाए। बतौर कप्तान क्लार्क ने 47 टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व किया, जिसमें 2013-14 में 5-0 की यादगार एशेज जीत भी शामिल है। उन्होंने संन्यास लेने से कुछ समय पहले 2015 में घरेलू मैदान पर टीम को ऐतिहासिक वनडे वर्ल्‍ड कप चैंपियन भी बनाया था।
माइकल क्‍लार्क की शानदार पारियां
माइकल क्लार्क ऑस्‍ट्रेलिया के लिए 28 टेस्ट शतक बनाए। इस दौरान उनके बल्‍ले से छठा सबसे बड़ा शतक भारत के खिलाफ आया। जब उन्‍होंने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 329 रन की शानदार पारी खेली। उनका पहला शतक भी भारत के खिलाफ ही आया था, जब बेंगलुरू में उन्‍होंने 151 रन की शतकीय पारी खेली। उनकी यादगार पारियों में केपटाउन में शानदार 151 रन और फिलिप ह्यूज की दुखद मौत के बाद एडिलेड में खेली गई 128 रन की पारी शामिल है।
क्लार्क बोले- क्रिकेट अभी भी मेरी जिंदगी का हिस्सा
माइकल क्लार्क ने सम्‍मान पाने के बाद उन्‍होंने भावुक होते हुए कहा कि इतने सारे शानदार खिलाड़ियों, आदर्शों, रोल मॉडल के साथ बैठना और बचपन में उनसे प्रेरणा लेना मेरे लिए सम्मान की बात है। रिटायरमेंट आपके लिए बहुत कुछ करता है। आजकल क्रिकेट देखने के दौरान आप कुछ हिस्सों को मिस करते हैं। जब आप उच्चतम स्तर पर खेलते हैं तो लोग आपके अंतरराष्ट्रीय करियर के बारे में बात करते हैं, लेकिन मेरे लिए यह छह साल की उम्र में शुरू हुआ। मैंने 34 साल की उम्र में रिटायरमेंट ले लिया था, इसलिए यह मेरी जिंदगी थी। यह अभी भी मेरी जिंदगी का हिस्सा है।

26 जनवरी को देशभक्ति से भर देंगी ये 5 फिल्में

26 जनवरी को देशभक्ति से भर देंगी ये 5 फिल्में
इस साल गणतंत्र दिवस रविवार को है। ऐसे में आप देशभक्ति से जुड़ी ये 5 फिल्में जरूर देखें। इन फिल्मों में आपको देशभक्ति के साथ एक्शन और रोमांच भी मिलेगा। कुछ फिल्में इतनी भावुक हैं कि आपको इमोशनल भी कर सकती हैं।
1. उरी
यह फिल्म 2016 में उरी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित है। यह फिल्म 11 जनवरी 2019 को रिलीज हुई थी और इसके निर्देशक आदित्य धर हैं। इसमें विक्की कौशल मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ परेश रावल, यामी गौतम और कीर्ति कुल्हारी ने भी अहम किरदार निभाए हैं। इस फिल्म को बेस्ट डायरेक्शन और विक्की कौशल को बेस्ट एक्टर के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। इस फिल्म को आप जी5 पर आसानी से देख सकते हैं।
2. फाइटर
पिछले साल रिलीज हुई फिल्म फाइटर में ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण ने अहम रोल निभाया था। यह भारत की पहली एरियल एक्शन फिल्म है, जिसे सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है। इस साल 26 जनवरी पर भी आप इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
3. राजी
डायरेक्टर मेघना गुलजार की फिल्म ‘राज़ी’ में आलिया भट्ट और विक्की कौशल के काम को काफी पसंद किया गया। इस फिल्म में आलिया ने एक आम लड़की का रोल निभाया है, जो भारतीय सेना की जासूस बनकर अपने पाकिस्तानी पति के घर से जरूरी जानकारी भारतीय खुफिया एजेंसी को भेजती है। यह फिल्म आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
4. सैम बहादुर
विक्की कौशल और मेघना गुलजार की फिल्म ‘सैम बहादुर’, जो दिसंबर 2023 में रिलीज हुई थी, अब ओटीटी पर भी उपलब्ध है। यह फिल्म भारत के फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की जिंदगी पर आधारित है। आप इसे जी5 पर देख सकते हैं।
5. ‘शेरशाह’
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की फिल्म ‘शेरशाह’ ने लोगों का दिल जीत लिया था और कई को भावुक कर दिया था। यह फिल्म भारत के वीर कैप्टन विक्रम बत्रा की जिंदगी पर बनी है। आप इसे आज अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में पहली बार ‘अफगानी’ नागरिकों को मतदान का मौका

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में पहली बार ‘अफगानी’ नागरिकों को मतदान का मौका
दिल्ली चुनाव 2025 से पहले तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले अफगानिस्तान के कई सिख प्रवासियों को नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 (CAA) के तहत भारतीय नागरिकता मिल चुकी है। इनमें से कुछ को उनके मतदाता पहचान पत्र मिल गए हैं और वो चुनाव में मतदान कर सकते हैं। हालांकि कुछ प्रवासी सिखों को मतदाता पहचान पत्र मिलने का अब भी इंतजार है, क्योंकि उनकी नागरिकता हाल ही में तय की गई है।
10 प्रतिशत अफगानी नागरिकों के आवेदन हुए स्वीकार
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में कई अफगानी सिख परिवार रहते हैं। उत्पीड़न से परेशान होकर भारत में शरणार्थी बने इस सिख परिवारों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 (CAA) के तहत भारत की नागरिकता पाने के लिए आवेदन किया था। दिल्ली चुनाव 2025 से पहले 700 आवेदनों में से लगभग 10 प्रतिशत यानी 70 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई है। हालांकि अभी भी 90 प्रतिशत परिवार नागरिकता मिलने के इंतजार में हैं। जिन अफगानी शरणार्थियों को नागरिकता मिली है। उनमें से कुछ लोगों को निर्वाचन कार्ड भी मिल गया है। जबकि कुछ लोगों को अभी निर्वाचन कार्ड मिलने का इंतजार है।
हिन्दू शरणार्थियों के मुकाबले अच्छी स्थिति में हैं सिख शरणार्थी
शरणार्थियों के लिए काम करने वाले एक संगठन के अनुसार, 700 आवेदनों में से अभी तक केवल 70 यानी 10 प्रतिशत नागरिकता आवेदनों पर ही कार्रवाई की गई है। जिन अफगान सिखों को भारतीय नागरिकता दी गई है, उनके लिए ये उम्मीदों और मौकों से भरे एक नए अध्याय की शुरुआत है। जबकि बाकी लोग भी भारत सरकार से उम्मीद लगाए हुए हैं कि उन्हें भी मतदान का लोकतांत्रिक अधिकार मिल जाए। संगठन के सदस्यों की मानें तो तिलक नगर में रह रहे हिंदू अफगानी शरणार्थियों के मुकाबले सिख शरणार्थी अच्छी आर्थिक स्थिति में हैं। फिर भी नागरिकता की अनुभूति उखड़े पेड़ को जमीन मिलने जैसी है।

हैदराबाद में राष्‍ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्‍थान के 40वें स्‍थापना दिवस पर की गई विजन नेक्‍सट प्‍लेटफार्म की शुरूआत

हैदराबाद में राष्‍ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्‍थान के 40वें स्‍थापना दिवस पर की गई विजन नेक्‍सट प्‍लेटफार्म की शुरूआत
हैदराबाद में राष्‍ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्‍थान के 40वें स्‍थापना दिवस पर कल विजन नेक्‍सट प्‍लेटफार्म की शुरूआत की गई। यह संस्‍थान वस्‍त्र मंत्रालय के अंतर्गत आता है। विजन नेक्‍सट यांत्रिक और भावनात्‍मक मेधा पर आधारित देश का पहला फैशन मंच है, जिसका उद्देश्‍य देश के फैशन और खुदरा कपड़ा बाजार से संबंधित अनूठी जानकारी उपलब्‍ध कराना है।
संस्‍थान की हैदराबाद इकाई की निदेशक मालिनी दिवाकला ने कहा कि विजन नेक्‍सट से अंतर्राष्‍ट्रीय एजेंसियों पर निर्भरता कम होगी और सूचना प्रौद्योगिकी तथा कपड़ा के क्षेत्र में भारत की पूरी क्षमता का उपयोग किया जा सकेगा।

नई दिल्‍ली के मेजर ध्‍यानचंद नेशनल स्‍टेडियम में राष्‍ट्रीय स्‍कूल बैंड स्‍पर्धा 6.0 का ग्रैंड फिनाले कल

नई दिल्‍ली के मेजर ध्‍यानचंद नेशनल स्‍टेडियम में राष्‍ट्रीय स्‍कूल बैंड स्‍पर्धा 6.0 का ग्रैंड फिनाले कल
राष्‍ट्रीय स्‍कूल बैंड स्‍पर्धा 6.0 का ग्रैंड फिनाले कल से नई दिल्‍ली के मेजर ध्‍यानचंद नेशनल स्‍टेडियम मे होगा। यह प्रतियोगिता 25 जनवरी तक चलेगी। रक्षा मंत्रालय के सहयोग से शिक्षा मंत्रालय ग्रैंड फिनाले आयोजित कर रहा है। राज्‍य और अंचल स्‍तर पर प्रतिस्‍पर्धा के जरिए ग्रैंड फिनाले के लिए 13 राज्‍यों से 16 बैंड टीमों का चयन किया गया है। पहली बार तीन सरकारी स्‍कूलों की बैंड टीमों को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का अवसर मिला है।

पराक्रम दिवस नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती के अवसर पर मनाया जाएगा

पराक्रम दिवस नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती के अवसर पर मनाया जाएगा
आज पराक्रम दिवस है। यह दिवस नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्‍य में मनाया जाता है। इस अवसर पर संस्‍कृति मंत्रालय ओडिशा में कटक में तीन दिन का समारोह आयोजित कर रहा है। कटक नेताजी की जन्‍मस्‍थली है।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने हाल ही में मन की बात कार्यक्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को याद किया था। उन्‍होंने सुभाष बाबू को एक दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि वे स्‍वभाव से ही साहसी थे। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से अपील की कि वे नेताजी के बारे में अधिक से अधिक अध्‍ययन करें और उनके जीवन से प्रेरणा लें। कटक में पराक्रम दिवस आयोजन का उद्घाटन मुख्‍यमंत्री मोहन चरण मांझी करेंगे।

हमारा लक्ष्य 2030 तक 10 हजार जीआई टैग जारी करने का: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

हमारा लक्ष्य 2030 तक 10 हजार जीआई टैग जारी करने का: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि उनके मंत्रालय का लक्ष्‍य 2030 तक दस हजार जियोग्रैफिकल इंडिकेशन-जीआई टैग जारी करने का है। नई दिल्ली में जीआई समागम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि यह लक्ष्य पूरी तरह सरकारी प्रयासों से हासिल किया जाएगा और सरकार इसकी निगरानी के लिए एक समिति का गठन करेगी।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अब तक जारी किए गए जीआई टैग की संख्या छह सौ पांच है। केंद्रीय मंत्री गोयल ने बौद्धिक संपदा इकोसिस्टम (आईपीआर) को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। पिछले 10 वर्षों में जीआई टैग के लिए अधिकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 365 से बढ़कर 29 हजार हो गई और दिए गए पेटेंट की संख्या 6 हजार से बढ़कर 1 लाख हो गई।
प्रधानमंत्री के विचार ‘विकास भी और विरासत भी’ पर जोर देते हुए, केंद्रीय मंत्री गोयल ने प्रधानमंत्री द्वारा रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में विभिन्न उत्पादों का उल्लेख करने सहित उनके निरंतर प्रयासों के बारे में जानकारी दी।
उन्‍होंने आईपीआर इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सरकार के प्रयासों में अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन फंड और एक जिला एक उत्पाद-ओडीओपी योजना का उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री गोयल ने जीआई उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग की आवश्यकता पर भी बल दिया।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने बेहतर गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के लिए एफएसएसएआई और बीआईएस के साथ सहयोग की आवश्यकता का उल्लेख किया। इस कार्यक्रम का आयोजन उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा किया गया था।

जलगांव में हुई रेल दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शोक व्‍यक्‍त किया

जलगांव में हुई रेल दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शोक व्‍यक्‍त किया
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जलगांव में हुई रेल दुर्घटना पर शोक व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ्‍य होने की कामना की है। उन्‍होंने अधिकारियों से पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्‍ध कराने के निर्देश दिए हैं।

गणतंत्र दिवस परेड के दौरान इस बार देखने को मिलेंगी कुल 26 झांकियां

गणतंत्र दिवस परेड के दौरान इस बार देखने को मिलेंगी कुल 26 झांकियां
76वीं गणतंत्र दिवस परेड के दौरान देश की विविधता और सांस्कृतिक समावेशिता को दर्शाने वाली विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों की कुल 26 झांकियां तैयार की गई हैं। इस बार झांकियों का थीम है- ‘स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास’।
परेड में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ 10 मंत्रालयों और विभागों की अनूठी थीम वाली झांकियां शामिल होंगी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ये झांकियां भारत की विविध क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी। इस वर्ष, परेड का खास आकर्षण यह है कि तीनों सेनाओं की सशक्त और सुरक्षित भारत थीम वाली एक झांकी इस परेड में भाग लेगी।
परेड में, मौसम विभाग भी पहली बार अपनी झांकी निकालेगा। आकाशवाणी समाचार को दिए गए विशेष साक्षात्कार में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन ने कहा कि मौसम विभाग के लिए यह गर्व की बात है कि झांकी में विभाग का पिछले 150 वर्षों का समृद्ध इतिहास और विरासत दिखाई देगा।
अन्य झांकियों के अलावा, संस्कृति मंत्रालय की झांकी भारत की सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मकता का जश्न मनाती है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ के मंत्र से प्रेरित है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...