महाकुंभ प्रयागराज में भक्तों की भाषा संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए भाषिणी मोबाइल एप्लीकेशन

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बहुभाषी पहुंच के लिए भाषिणी के उपयोग से प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी, 2025 तक आयोजित होने वाले महाकुंभ में तकनीकी सहायता की पेशकश की है।

यहां जानकारी दी गई है कि भाषिणी का भाषा अनुवाद इकोसिस्‍टम ‘डिजिटल खोया और पाया समाधान’ के माध्यम से दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम में भाग लेने वालों की कैसे मदद करेगा : बहुभाषी समर्थन – स्थानीय भाषाओं में मौखिक रूप से खोई/पाई गई वस्तुओं को पंजीकृत करें, आसान संचार के लिए वास्तविक समय पाठ/ध्वनि अनुवाद, चैटबॉट सहायता: प्रश्नों और कियोस्क नेविगेशन के लिए बहुभाषी चैटबॉट, मोबाइल ऐप और कियोस्क एकीकरण: दिशानिर्देशों का स्थानीय भाषाओं में अनुवाद, पुलिस सहयोग: अधिकारियों के साथ निर्बाध संचार सक्षम करें

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एआई-संचालित, बहुभाषी, वॉयस-सक्षम चैटबॉट कुंभसहायक पहले से ही लॉन्च कर रखा है जो महाकुंभ 2025 के दौरान लाखों आगंतुकों की सहायता के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह बॉट अत्याधुनिक एआई तकनीकों (जैसे लामा एलएलएम) द्वारा संचालित है। कुंभसहायक का उद्देश्य तीर्थयात्रियों की सूचना और नेविगेशन आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ ही महाकुंभ 2025 के अनुभव को बेहतर बनाना है।

कुंभसहायक चैटबॉट सभी को सहज, वास्तविक समय की जानकारी और नेविगेशन सहायता प्रदान करके आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए तैयार किया गया है। भाषिणी का भाषा अनुवाद चैटबॉट को 11 भाषाओं में सपोर्ट करता है, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी और 9 अन्य भारतीय भाषाएं शामिल हैं।

महाकुंभ में देशभर के साथ-साथ विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रयागराज और आस-पास के क्षेत्रों में बोली जाने वाली भाषाओं को समझने के लिए सहायता की आवश्यकता हो सकती है। भाषिणी मोबाइल एप्लीकेशन की ‘कन्वर्ज़’ (वार्तालाप) सुविधा, श्रद्धालुओं को इस बड़े आयोजन में यूपी पुलिस की 112 आपातकालीन हेल्पलाइन इकाई के साथ सहज संचार की सुविधा प्रदान करेगी। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग ने भाषिणी ऐप के साथ मिलकर फील्ड अधिकारियों को प्रशिक्षित किया है जिससे वो ऐप में मौजूद वार्तालाप सुविधा का उपयोग करके भाषा को समझने सम्‍बंधी मदद मांगने वाले परेशान श्रद्धालुओं की शिकायतों को समझें।

इस प्रकार, भाषिणी का लक्ष्य प्रश्नों और नेविगेशन के लिए बहुभाषी समाधान के साथ महाकुंभ 2025 में आगंतुकों के अनुभव को और बेहतर बनाना है। कुल मिलाकर, तकनीकी नवाचार और पहुंच के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए भाषिणी के भाषा अनुवाद इकोसिस्‍टम ने सभी उपस्थित लोगों के लिए एक सहज और समावेशी अनुभव सुनिश्चित किया है।

 

चित्रकूट के समग्र विकास का प्लान समेकित रूप से हो क्रियान्वित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि चित्रकूट के समग्र विकास का प्लान समेकित रूप से बने और सबके सहयोग से क्रियान्वित किया जाये। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में अनेक सामाजिक संस्थाओं द्वारा समाज सेवा तथा अन्य विकास कार्य किये जा रहे हैं। धार्मिक स्थल में होने वाले मेले और अवसरों पर तीर्थ यात्रियों तथा पर्यटकों की सुविधाओं के लिए इन संस्थाओं के कार्यों से भी जोंडे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को चित्रकूट में चित्रकूट के समग्र विकास के लिये प्रगतिरत एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है। यहाँ बेहतर विकास हो और आध्यात्मिक वैभव के साथ चित्रकूट का मूल स्वरूप कायम रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां मंदाकिनी की स्वच्छता और निर्मलता के साथ वाटर रिचार्ज का भी अभियान स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनभागीदारी से चलाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे आश्रम, संस्थाएँ मिलकर भूगर्भ के जल संभरण और संरक्षण का अभियान चलाये। चित्रकूट में चल रहे विभिन्न प्रकल्पों को और कैसे मजबूत बनायें जिससे हमारा समाज और क्षेत्र स्वावलम्बी बन सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट विष्वविद्यालय और समाजसेवी संस्थाएँ स्वावलम्बी समाज बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। चित्रकूट की हमारी पुरातन संस्कृति और परंपरागत पहचान को कायम रखते हुए कई विषयों को जोडकर विकास के कार्य होने चाहिए। गौ-शालाएँ, गौ-पालन, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में सबके सहयोग से कार्य हो। चित्रकूट के अमावस्या मेला और दीपावली मेले में भीड प्रबंधन के लिए रोप-वे के विकल्प की भी संभावनाएँ तलाशी जा सकती है। मेले में वाहनों की पार्किंग के स्थानों के लिए कन्ट्रोल रूम बनाएँ। उन्होंने कहा कि सडकों का चौडीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण हो। मुख्यमंत्री ने मोहकमगढ से पीली कोठी तक बनने वाली सड़क का कार्य दोनों सिरों से शुरू करने के निर्देश दिये।

नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि कामदगिरी परिक्रमा मार्ग में सुविधाओं के विकास की जरूरत है। परिक्रमा में साफ-सफाई के उचित प्रबंध भी होने चाहिए। दान दाताओं के लिए भी सुनियोजित स्थान तय करना आवश्यक है।

समाजसेवी सुरेश सोनी ने कहा कि चित्रकूट पावन तीर्थ का महत्व कामदगिरी और मां मंदाकिनी से है। अयोध्या सहित तीर्थ स्थलों के विकास से लोकप्रियता बढने के साथ यात्रियों का आवागमन कई गुना बढ़ा है। चित्रकूट का विकास प्लान आगामी 15-20 साल की परिस्थितियों के अनुसार ही बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चित्रकूट के प्रत्येक मठ, मंदिर, विद्यालय, सामाजिक संस्थाएँ जन प्रबोधन का कार्य भी करें।

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में विकास की संभावनाएँ हैं मंदिर और तीर्थ स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे। साथ ही चौरासी कोश की परिक्रमा के महत्वपूर्ण स्थल भी चित्रकूट के समग्र विकास में शामिल कर जनसुविधाएँ विकसित की जाये। विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन, कुलगुरू चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय प्रो. भरत मिश्रा, महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व प्राचार्य संस्कृत विद्यालय श्रीधर त्रिपाठी, गायत्री शक्ति पीठ के आचार्य डॉ. रामनारायण त्रिपाठी, जानकी महल के महंत सीताशरण महाराज, रमाकांत त्रिपाठी, सदगुरू सेवा संघ के ट्रस्ट के डॉ. बी.के. जैन, डीआरआई के उपाध्यक्ष निखिल प्रभाकर मण्डले और बसंत पण्डित ने सुझाव दिये।

चित्रकूट के समग्र विकास के प्रगतिरत एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास के.एल. मीणा ने मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कार्पोरेशन द्वारा तैयार किये गये चित्रकूट के समग्र विकास के प्लान का प्रस्तुतिकरण दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को चित्रकूट में वन देवी मंदिर जाकर दर्शन और पूजा अर्चना की। उन्होंने वन देवी मंदिर में वन विभाग द्वारा किए जा रहे निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राम पथ गमन से जुडे इस प्राचीन और पौराणिक स्थल की मान्यता है कि वन देवी शक्ति स्वरूपा मां पार्वती की शक्ति पीठ है। वन देवी मंदिर के विकास को भी राम वन गमन पथ के विकास प्लान में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चित्रकूट में मंगलवार को श्रीराम संस्कृति वन में 9 महिला स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से क्रय किये गये स्ट्रॉ-रीपर और सुपर सीडर मशीनों को हरी झण्डी दिखाई। सतना जिले में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत सतना के माध्यम से नवाचार के रूप में गरीबी से लखपति की ओर बढते कदम कार्यक्रम में सहायता समूह को बैंक लिंकेज के माध्यम से महिलाओं को नरवई से भूसा बनाने की मशीन और सुपर-सीडर मशीन क्रय कराई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 138 स्व-सहायता समूहों के लिए 4 करोड़ 12 लाख रुपए का बैंक लिंकेज चेक भी प्रदान गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईएमडी के 150वें स्थापना दिवस पर ‘मिशन मौसम’ किया लॉन्च

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के 150वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आईएमडी के 150 वर्ष न केवल मौसम विभाग की यात्रा को, बल्कि भारत में आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी की गौरवशाली यात्रा को भी दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि आईएमडी ने इन डेढ़ शताब्दियों में लाखों भारतीयों की सेवा की है और यह भारत की वैज्ञानिक प्रगति का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आईएमडी की उपलब्धियों के बारे में आज एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में आईएमडी के भविष्य को रेखांकित करने वाला एक विज़न दस्तावेज़ जारी किया गया है। 2047 में भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष मनाएगा। उन्होंने आईएमडी के 150 वर्ष पूरे होने के इस महत्वपूर्ण अवसर पर नागरिकों को बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईएमडी ने अपनी 150 साल की यात्रा के हिस्से के रूप में युवाओं को जोड़ने के लिए राष्ट्रीय मौसम विज्ञान ओलंपियाड का आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि इसमें हजारों छात्रों ने भाग लिया, जिससे मौसम विज्ञान में उनकी रुचि और बढ़ेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ समय पहले कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी में युवाओं के साथ अपनी बातचीत को याद किया और आज इस अवसर का हिस्सा बनने वाले सभी युवाओं को बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आईएमडी की स्थापना 15 जनवरी 1875 को मकर संक्रांति के बहुत करीब की गई थी। उन्होंने कहा, “हम सभी भारत की परंपरा में मकर संक्रांति के महत्व को जानते हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि एक गुजराती होने की वजह से उनका पसंदीदा त्योहार मकर संक्रांति हुआ करता था। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बताया कि मकर संक्रांति सूर्य के मकर राशि में प्रवेश और उत्तर की ओर जाने का प्रतीक है, जिसे उत्तरायण के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यह अवधि उत्तरी गोलार्ध में सूर्य के प्रकाश में धीरे-धीरे वृद्धि को दर्शाती है, जिससे खेती की तैयारी होती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति पूरे भारत में उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक विभिन्न सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के साथ मनाई जाती है। उन्होंने इस अवसर पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “किसी देश के वैज्ञानिक संस्थानों की प्रगति, विज्ञान के प्रति उसकी जागरूकता को दर्शाती है।” उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक संस्थानों में शोध और नवाचार नए भारत के स्वभाव का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में आईएमडी के बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिसमें डॉपलर मौसम रडार, स्वचालित मौसम केंद्र, रनवे मौसम निगरानी प्रणाली और जिलावार वर्षा निगरानी केंद्रों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिनमें से सभी को अपग्रेड किया गया है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत में मौसम विज्ञान को अंतरिक्ष और डिजिटल प्रौद्योगिकी से बहुत लाभ होता है। उन्होंने कहा कि भारत के पास अंटार्कटिका में मैत्री तथा भारती नामक दो मौसम संबंधी वेधशालाएं हैं और पिछले साल सुपरकंप्यूटर आर्क और अरुणिका पेश किए गए थे, जिससे आईएमडी की विश्वसनीयता बढ़ी है। प्रधानमंत्री ने ‘मिशन मौसम’ के शुभारम्भ की घोषणा की, जो एक टिकाऊ भविष्य और भावी तत्परता के लिए भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक है और जो यह सुनिश्चित करता है कि देश मौसम की सभी स्थिति के लिए तैयार है और जलवायु के संदर्भ में एक स्मार्ट राष्ट्र बन रहा है।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि विज्ञान की प्रासंगिकता न केवल नई ऊंचाइयों को छूने में है, बल्कि आम आदमी के जीवन को आसान बनाने में भी है। उन्होंने कहा कि आईएमडी ने सभी तक सटीक मौसम की जानकारी पहुंचाकर इस मानदंड को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि ‘सभी के लिए प्रारंभिक चेतावनी’ पहल अब 90 प्रतिशत से अधिक लोगों तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति पिछले और आगामी 10 दिनों की मौसम की जानकारी कभी भी प्राप्त कर सकता है, यहां तक ​​कि व्हाट्सएप पर भी पूर्वानुमान उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि ‘मेघदूत मोबाइल ऐप’ सभी स्थानीय भाषाओं में मौसम की जानकारी प्रदान करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि 10 साल पहले, केवल 10 प्रतिशत किसान और पशुपालक मौसम संबंधी सलाह का उपयोग करते थे, लेकिन आज यह संख्या बढ़कर 50 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि अब मोबाइल फोन पर बिजली गिरने की चेतावनी संभव है। प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए बताया कि पहले लाखों समुद्री मछुआरों के परिवार समुद्र में जाने पर चिंतित रहते थे, लेकिन अब आईएमडी के सहयोग से मछुआरों को समय पर चेतावनी मिल जाती है। उन्होंने कहा कि वास्तविक समय पर चेतावनी मिलने से सुरक्षा बढ़ती हैं और कृषि तथा नीली अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिलती है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “किसी देश की आपदा प्रबंधन क्षमताओं के लिए मौसम विज्ञान महत्वपूर्ण है।” उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के असर को कम करने के लिए मौसम विज्ञान की दक्षता को अधिकतम किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत ने लगातार इस महत्व को समझा है और अब वह उन आपदाओं के प्रभावों को कम करने में सक्षम है। प्रधानमंत्री ने 1998 में कच्छ के कांडला में आए चक्रवाती तूफान और 1999 में ओडिशा में आए सुपर साइक्लोन से हुई तबाही को याद किया जिसमें हजारों लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में कई बड़े चक्रवातों और आपदाओं के बावजूद भारत ने ज्यादातर मामलों में जानमाल के नुकसान को सफलतापूर्वक कम या खत्म कर दिया है। उन्होंने इन सफलताओं में मौसम विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तैयारियों की वजह से अरबों रुपये के आर्थिक नुकसान को भी कम किया गया जिससे अर्थव्यवस्था में मजबूती आई है और निवेशकों का विश्वास बढ़ा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “विज्ञान में प्रगति और उसका पूर्ण उपयोग किसी देश की वैश्विक छवि के लिए महत्वपूर्ण है।” उन्होंने जोर देते हुए बताया कि भारत की मौसम संबंधी प्रगति ने इसकी आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत किया है, जिसका लाभ पूरी दुनिया को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की फ्लैश फ्लड गाइडेंस प्रणाली नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका को जानकारी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि भारत ‘विश्व बंधु’ के रूप में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान हमेशा दूसरे देशों की मदद के लिए सबसे आगे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इससे भारत की वैश्विक छवि बढ़ी है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान के लिए आईएमडी के वैज्ञानिकों की सराहना की।

प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री मोदी ने आईएमडी की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर मौसम विज्ञान विशेषज्ञता के भारत के समृद्ध इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मौसम मानव विकास को प्रभावित करने वाला एक प्राथमिक कारक रहा है, और पूरे इतिहास में दुनिया भर के लोगों ने मौसम और पर्यावरण को समझने की लगातार कोशिश की है। भारत के मौसम विज्ञान विशेषज्ञता के समृद्ध इतिहास पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि पारंपरिक ज्ञान को वेदों, संहिताओं और सूर्य सिद्धांत जैसे प्राचीन ग्रंथों में प्रलेखित, परिष्कृत और गहन रूप से अध्ययन किया गया था। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के संगम साहित्य और उत्तर में घाघ भद्दारी के लोक साहित्य में मौसम विज्ञान पर व्यापक जानकारी है। उन्होंने कहा कि मौसम विज्ञान को अध्ययन की एक अलग शाखा नहीं माना जाता था, बल्कि इसे खगोलीय गणनाओं, जलवायु अध्ययनों, पशु व्यवहार और सामाजिक अनुभवों के साथ जोड़ा गया था। प्रधानमंत्री ने कृषि पाराशर और बृहद् संहिता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया, जिसमें बादलों के बनने तथा उनके प्रकारों और ग्रहों की स्थिति पर गणितीय कार्य का अध्ययन किया गया था। कृषि पाराशर को उद्धृत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उच्च या निम्न वायुमंडलीय दबाव और तापमान बादलों की विशेषताओं और वर्षा को प्रभावित करते हैं। उन्होंने आधुनिक मशीनरी के बिना प्राचीन विद्वानों के किए गए व्यापक शोध पर टिप्पणी की, उनके गहन ज्ञान और समर्पण पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने सिद्ध पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने के महत्व पर जोर दिया और इस दिशा में और अधिक शोध करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने एक पुस्तक “प्री-मॉडर्न कच्छी नेविगेशन टेक्निक्स एंड वॉयेज” का संदर्भ दिया, जिसमें गुजरात के नाविकों के सदियों पुराने समुद्री ज्ञान का दस्तावेजीकरण किया गया है। कुछ साल पहले इस पुस्तक का लोकार्पण पीएम ने किया था। उन्होंने भारत के आदिवासी समुदायों के भीतर समृद्ध ज्ञान विरासत को भी स्वीकार किया, जिसमें प्रकृति और पशु व्यवहार की गहरी समझ शामिल है। उन्होंने समकालीन वैज्ञानिक प्रथाओं के साथ इस ज्ञान के अधिक अन्वेषण और एकीकरण का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि जैसे-जैसे आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान अधिक सटीक होते जाएंगे, उनका महत्व बढ़ता जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों, उद्योगों और यहां तक ​​कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी आईएमडी के आंकड़ों की मांग बढ़ेगी। प्रधानमंत्री ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के लिए चेतावनी प्रणाली विकसित करना भी शामिल है। उन्होंने वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और आईएमडी जैसे संस्थानों को नई सफलताओं की दिशा में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन का समापन करते हुए विश्वास जताया कि भारत वैश्विक सेवा और सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आईएमडी और मौसम विज्ञान से जुड़े सभी लोगों को उनकी 150 साल की यात्रा पर बधाई दी।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह, विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) के महासचिव प्रोफेसर सेलेस्टे साउलो सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

महाकुंभ में भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर अपनी आस्था व्यक्त की। त्रिवेणी संगम का क्षेत्र ‘जय श्री राम’, ‘हर हर गंगे’, और ‘बम बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महाकुंभ की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम बताया।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस ऐतिहासिक मौके पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ हमारी सनातन संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। संगम में स्नान कर पुण्य अर्जित करने वाले सभी श्रद्धालुओं को उन्होंने बधाई दी और इसे आस्था और एकता का प्रतीक बताया।

मकर संक्रांति के दिन महाकुंभ के पहले अमृत स्नान का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर त्रिवेणी संगम के तट पर लाखों श्रद्धालु और साधु-संत पहुंचे। स्नान के बाद भक्तों ने सूर्य को अर्घ्य दिया और अपने ईष्ट देव की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने तिल, खिचड़ी और अन्य पूजन सामग्रियों का दान किया।

इसके साथ ही संगम घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पुण्य अर्जित किया। मकर संक्रांति के इस पवित्र पर्व पर सूर्य उत्तरायण हो जाते हैं, जिससे दिन लंबे और रातें छोटी होने लगती हैं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने ईश्वर से सुखमय और पवित्र जीवन की कामना की।

महाकुंभ के पहले स्नान के दौरान संगम घाट पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ ने इस पर्व को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक अनुभव बना दिया।

महाकुंभ के पहले दिन दिखा आस्था का जनसैलाब, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- महाकुंभ भारत की शाश्वत आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक और आस्था एवं सद्भाव का उत्सव

Hindu devotees take a dip, on the banks of sangam, on the eve of Makar Sankranti in Maha Kumbh Mela in Prayagraj, Uttar Pradesh, India, 13 January, 2025. Amidst the sacred confluence of the Ganges, Yamuna, and Saraswati rivers, according the organisers, 400 million people gather for the Maha Kumbh Mela 2025, a celebration of spiritual rebirth and enlightenment. (Photo by Indranil Aditya / Middle East Images / Middle East Images via AFP) (Photo by INDRANIL ADITYA/Middle East Images/AFP via Getty Images)

विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ आज पौष पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज में अमृत स्नान के साथ शुरू हो गया। लाखों श्रद्धालु, तीर्थयात्री और आगंतुक गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम त्रिवेणी के विभिन्न घाटों पर पवित्र डुबकी लगा रहे हैं।

इस भव्य आयोजन का समापन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन होगा। 144 वर्षों में एक बार होने वाला एक दुर्लभ खगोलीय संयोग इस वर्ष महाकुंभ की विशेषता को और बढ़ा रहा है। कल करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई। अनुष्ठान स्नान के अलावा लाखों श्रद्धालु संगम पर कल्पवास की प्राचीन परंपरा का भी पालन कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज में महाकुंभ 2025 के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह भारतीय मूल्यों और संस्कृति को संजोने वाले करोड़ों लोगों के लिए बहुत विशेष दिन है। महाकुंभ भारत की शाश्वत आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और आस्था एवं सद्भाव का उत्सव है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा: “भारतीय मूल्यों और संस्कृति को संजोने वाले करोड़ों लोगों के लिए यह विशेष दिन है! महाकुंभ 2025 का प्रयागराज में शुभारंभ हो रहा है, यह आस्था, भक्ति और संस्कृति के पवित्र संगम में असंख्‍य लोगों को एक साथ संजोएगा। महाकुंभ भारत की शाश्वत आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और आस्था एवं सद्भाव का उत्‍सव है।” “मुझे यह देखकर प्रसन्‍नता का अनुभव हो रहा है कि प्रयागराज में असंख्‍य श्रद्धालु आ रहे हैं, पवित्र स्नान कर रहे हैं और आशीर्वाद प्राप्‍त कर रहे हैं। सभी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को एक सुखद प्रवास की शुभकामनाएं।”

“पौष पूर्णिमा पर पवित्र स्नान के साथ ही आज से प्रयागराज की पुण्यभूमि पर महाकुंभ का शुभारंभ हो गया है। हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़े इस दिव्य अवसर पर मैं सभी श्रद्धालुओं का हृदय से वंदन और अभिनंदन करता हूं। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का यह विराट उत्सव आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे, यही कामना है।”

प्राचीन मान्यताओं के अनुसार श्रद्धालु निर्धारित अनुष्ठानों का सख्ती से पालन करते हुए माघ पूर्णिमा तक एक महीने के लिए कल्पवास करेंगे। इस पवित्र अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुचारू और आध्यात्मिक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की तैयारियों से बेहद संतुष्ट दिखे और महाकुंभ पर्व को लेकर की गई सुव्यवस्थित व्यवस्था को देखकर मुक्त कंठ से सरकार की तारीफ करते दिखे। हिंदू कैलेंडर में पौष पूर्णिमा को चिह्नित करने वाला यह शुभ कार्यक्रम, 45-दिवसीय त्योहार की शुरुआत का संकेत देता है, जिसमें भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए, 45 करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है।

पौष पूर्णिमा के अवसर पर कल्पवासी संगम में स्नान कर कल्पवास के कठिन नियमों का महाकुंभ अवधि के दौरान पालन करते हुए पुण्य प्राप्ति, सद्गति, मोक्ष प्राप्ति और सकल विश्व के कल्याण के लिए प्रार्थना करते हैं। स्वयं व अपने परिजनों के कल्याण के साथ ही सकल विश्व के कल्याण के लिए भी कल्पवासी प्रार्थना करते हैं। महाकुंभ के प्रारंभ होने के साथ ही सोमवार होने के कारण महादेव की उपासना के विशेष संयोग ने इस क्षण को और भी दुर्लभ बना दिया और महाकुंभ मेला क्षेत्र के सभी घाटों पर श्रद्धालु महादेव की उपासना में पवित्र जलधारा में डुबकी लगाकर संकल्प लेते दिखे। हर-हर महादेव, जय श्रीराम और जय बजरंग बली के नारों से रह-रहकर संगम नोज समेत सभी घाट दिनभर गुंजायमान होते रहे।

वहीं, साधारण गृहस्थ श्रद्धालुओं में भी स्नान को लेकर अपार उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन प्रयागराज व आसपास के इलाकों समेत बिहार, हरियाणा, बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश जैसे प्रांतों की भारी भीड़ संगम समेत तीर्थराज प्रयागराज के विभिन्न घाटों पर देखने को मिली।

 

स्वामी विवेकानंद के विचार मात्र से ही राष्ट्र भक्ति और युवा शक्ति की होती है अनुभूति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि युग प्रवर्तक, युग प्रणेता और चिर युवा स्वामी विवेकानंद के विचार मात्र से ही राष्ट्र भक्ति और युवा शक्ति की अनुभूति होती है। स्वामी विवेकानंद ने सनातन संस्कृति, सभ्यता और भारतीय दर्शन को जिस प्रकार विश्व में स्थापित किया वह आज भी हम भारतीयों को गौरवान्वित करता है। उनका “उठो-जागो और तब तक मत रूको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो” का संदेश परमात्मा द्वारा व्यक्ति को प्रदान किए गए असीम ऊर्जा के भण्डार का अनुभव कराकर अपने स्वप्न और लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्राण-प्रण से प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है। यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रभावी नेतृत्व और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप स्वामी विवेकानंद की भविष्य वाणी कि “21 वीं सदी भारत की होगी” को हम चरितार्थ होते हुए देखेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस पर भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गान के साथ आरंभ हुआ, इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद का रिकॉर्डेड ऑडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार तथा सूर्य नमस्कार के तीन चक्र और प्राणायाम के अंतर्गत अनुलोम-विलोम- भ्रामरी -भर्त्सिका आदि योग किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में 10 सुखों का उल्लेख है, जिसमें पहला सुख निरोगी काया को माना गया है और निरोगी काया प्राप्त करने का श्रेष्ठतम मार्ग योग है। इसी आधार पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के साथ सूर्य नमस्कार को जोड़कर स्वयं को स्वस्थ रहने की प्रेरणा दी है। सूर्य ही ऊर्जा का स्रोत है और इस ऊर्जा के साथ योग की पद्धति को जोड़ने से स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का मार्ग प्रशस्त होता है। भारतीय संस्कृति में प्रमुख खगोलीय घटनाओं को तीज त्योहार के माध्यम से दिन प्रतिदिन के जीवन से जोड़ा गया है। यह पर्व ऋतु परिवर्तन तथा काल गणना में भी सहायक हैं। विश्व के 200 से अधिक देशों में 21 जून, योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को विकास का आधार माना है, इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा युवा शक्ति मिशन आरंभ किया जा रहा है। हमारा यह प्रयास भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प में आहुति के समान है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी उपस्थित थे। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी आकाशवाणी के केन्द्रों से एक साथ प्रसारित किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन सभी शिक्षण संस्थाओं में एक साथ-एक संकेत पर किया गया। आयोजन में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र – छात्राएँ स्वैच्छिक रूप से शामिल हुए। जिलों में होने वाले सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन में स्थानीय जन-प्रतिनिधि, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं, समितियों के साथ ही गणमान्य नागरिक भी सम्मिलित हुए।

महाकुंभ में भव्य लेज़र वॉटर स्क्रीन शो का शुभारम्भ

उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की पहल पर महाकुम्भ-2025 में लगभग 22 करोड़ रूपये की लागत से श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित लेजर शो एवं एक विशेष लेज़र वॉटर स्क्रीन प्रोजेक्शन लाइट और साउंड शो का उद्घाटन कल शाम किया गया। जिसे टेमफ्लो सिस्टम्स, गाज़ियाबाद ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाकुंभ की प्राचीन गाथाओं को प्रभावशाली और सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

यह जानकारी पर्यटन विभाग के प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि यमुना नदी के तट पर बोट क्लब के पास स्थित काली घाट पर प्रदर्शित इस शो के दौरान पानी की स्क्रीन पर उभरती अद्भुत छवियों ने प्रयागराज और महाकुंभ की ऐतिहासिक और धार्मिक गाथाओं को जीवंत कर दिया। दर्शकों को इन पवित्र स्थलों की दिव्यता और ऐतिहासिक महत्व का अनुभव करने का अनूठा अवसर प्राप्त हुआ। शो में दिखाए गए दृश्य और ध्वनि ने श्रद्धालुओं को महाकुंभ के गौरवशाली अतीत में खो जाने का अवसर दिया। आम नागरिक इस शो का बिना किसी टिकिट के मुफ्त में आनंद ले सकते हैं। रोज़ शाम 7 से 9 बजे के बीच दो शो दिखाए जायेंगे और हर शो कि अवधि 45 मिनट होंगी।

कार्यक्रम के दौरान सभी आगंतुक लोगों ने इस अभिनव पहल की सराहना की और इसे संस्कृति व परंपरा के संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। व् यह शो, जो आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक महत्व का संगम है, महाकुंभ 2025 के मुख्य आकर्षणों में से एक बन गया।

 

भारत की युवा शक्ति निश्चित रूप से विकसित भारत के सपने को साकार करेगी: प्रधानमंत्री

स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाये जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 कार्यक्रम में भाग लिया। युवा कार्य विभाग ने 10-12 जनवरी 2025 तक विकसित भारत युवा नेता संवाद – राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 का आयोजन किया।

प्रधानमंत्री ने पूरे भारत से आये 3,000 युवा नेताओं के साथ बातचीत की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत के युवाओं की जीवंत ऊर्जा पर प्रकाश डाला, जिन्होंने भारत मंडपम में जीवन और ऊर्जा भर दी है। उन्होंने कहा कि पूरा देश स्वामी विवेकानंद को याद कर रहा है और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है, जिन्हें देश के युवाओं पर बहुत विश्वास था। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का मानना था कि उनके शिष्य युवा पीढ़ी से आएंगे, जो शेरों की तरह हर समस्या का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें स्वामी जी और उनकी मान्यताओं पर पूरा भरोसा है, जैसे स्वामी जी को युवाओं पर भरोसा था। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें स्वामीजी पर खासकर युवाओं के बारे में उनकी दृष्टि को लेकर पूरा विश्वास है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि अगर आज स्वामी विवेकानंद हमारे बीच होते, तो 21वीं सदी के युवाओं की जागृत शक्ति और सक्रिय प्रयासों को देखकर उनमें नया आत्मविश्वास भर जाता।

भारत मंडपम में आयोजित जी-20 कार्यक्रम को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया के राजनेता वैश्विक भविष्य पर चर्चा करने के लिए यहां एकत्रित हुए थे, जबकि आज भारत के युवा भारत के अगले 25 वर्षों की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। कुछ महीने पहले अपने आवास पर युवा एथलीटों से मुलाकात के बारे में एक किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि एक एथलीट ने कहा था, “दुनिया के लिए आप प्रधानमंत्री हो सकते हैं, लेकिन हमारे लिए आप परम मित्र हैं।” प्रधानमंत्री ने भारत के युवाओं के साथ अपनी दोस्ती पर जोर देते हुए कहा कि दोस्ती की सबसे मजबूत कड़ी आपसी विश्वास है। उन्होंने युवाओं पर अपना असीम भरोसा जताया, जिसने ‘मेरा भारत’ के निर्माण और विकसित भारत युवा नेता संवाद की नींव रखने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवाओं की क्षमता जल्द ही भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएगी। उन्होंने नकारात्मक लोगों की राय को खारिज करते हुए कहा कि हालांकि, लक्ष्य महत्वपूर्ण है, लेकिन असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रगति के पहिये को चलाने वाले लाखों युवाओं के सामूहिक प्रयासों से राष्ट्र निस्संदेह अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इतिहास हमें सिखाता है और प्रेरित करता है”, उन्होंने ऐसे कई वैश्विक उदाहरणों पर प्रकाश डाला, जहां राष्ट्रों और समूहों ने बड़े सपनों और संकल्पों के साथ अपने लक्ष्य हासिल किए। अमेरिका में 1930 के दशक के आर्थिक संकट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिकियों ने न्यू डील को चुना और न केवल संकट पर काबू पाया, बल्कि अपने विकास को भी गति दी। उन्होंने सिंगापुर का भी उल्लेख किया, जिसने जीवन के प्राथमिक संकटों का सामना किया, लेकिन अनुशासन और सामूहिक प्रयास के माध्यम से वैश्विक वित्तीय और व्यापार केंद्र में तब्दील हो गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास भी ऐसे ही उदाहरण हैं, जैसे स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता के बाद खाद्य संकट पर काबू पाना। उन्होंने जोर देकर कहा कि बड़े लक्ष्य निर्धारित करना और उन्हें समय सीमा के भीतर हासिल करना असंभव नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्पष्ट लक्ष्य के बिना कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता है और आज का भारत इसी मानसिकता के साथ काम कर रहा है।

पिछले दशक में दृढ़ संकल्प के माध्यम से लक्ष्यों को प्राप्त करने के कई उदाहरणों पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने खुले में शौच से मुक्त होने का संकल्प लिया और 60 महीनों के भीतर 60 करोड़ नागरिकों ने यह लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत में अब लगभग हर परिवार के पास बैंकिंग सेवाओं तक पहुँच है और महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्त करने के लिए 100 मिलियन से अधिक गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। इस बात का उल्लेख करते हुए कि भारत विभिन्न क्षेत्रों में समय से पहले अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर रहा है, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान, जब दुनिया वैक्सीन के लिए संघर्ष कर रही थी, भारतीय वैज्ञानिकों ने समय से पहले वैक्सीन विकसित किया। उन्होंने कहा कि इस पूर्वानुमान के बावजूद कि भारत में सभी को वैक्सीन लगाने में 3-4 साल लगेंगे, देश ने रिकॉर्ड समय में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया। प्रधानमंत्री ने हरित ऊर्जा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला और कहा कि भारत पेरिस समझौते की प्रतिबद्धताओं को निर्धारित समय-सीमा से नौ साल पहले पूरा करने वाला पहला देश था। उन्होंने 2030 तक पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य का भी उल्लेख किया, जिसे भारत समय सीमा से काफी पहले हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि इनमें से प्रत्येक सफलता प्रेरणा देती है और भारत को विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के करीब लाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करना केवल सरकारी मशीनरी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।” उन्होंने राष्ट्रीय उद्देश्यों को प्राप्त करने में विचार-विमर्श, दिशा और स्वामित्व भाव के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत युवा नेता संवाद इस प्रक्रिया का उदाहरण है, जिसका नेतृत्व युवाओं ने क्विज़, निबंध प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों में भाग लेकर किया है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति युवाओं के स्वामित्व भाव की सराहना की, जैसा कि लॉन्च की गई निबंध पुस्तक और उनके द्वारा समीक्षा की गई दस प्रस्तुतियों से परिलक्षित होती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के समाधान वास्तविकता और अनुभव पर आधारित हैं, जो राष्ट्र के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में उनकी व्यापक समझ को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने विशेषज्ञों, मंत्रियों और नीति निर्माताओं के साथ चर्चा में युवाओं की व्यापक सोच और सक्रिय भागीदारी के लिए उनकी सराहना की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि युवा नेता संवाद के विचार और सुझाव अब राष्ट्रीय नीतियों का हिस्सा बनेंगे, जो देश के विकास का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने युवाओं को बधाई दी और एक लाख नए युवाओं को राजनीति में लाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा उन्हें अपने सुझावों को लागू करने में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

एक विकसित भारत के अपने विज़न को साझा करते हुए और इसकी आर्थिक, रणनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक ताकत पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि एक विकसित भारत में, अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी तंत्र दोनों ही समृद्ध होंगे, जिससे अच्छी शिक्षा और आय के कई अवसर मिलेंगे। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत के पास दुनिया का सबसे बड़ा कुशल युवा कार्यबल होगा, जो उनके सपनों के लिए असीम संभावनाएं प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर निर्णय, कदम और नीति को विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह भारत के लिए एक बड़ी छलांग लगाने का क्षण है, क्योंकि देश आने वाले दशकों तक सबसे युवा राष्ट्र बना रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “वैश्विक एजेंसियां भारत के सकल घरेलू उत्पाद को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाने में युवाओं की क्षमता को पहचानती हैं।” महर्षि अरबिंदो, गुरुदेव टैगोर और होमी जे. भाभा जैसे महान विचारकों का हवाला देते हुए, जो युवाओं की शक्ति में विश्वास करते थे, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय युवा प्रमुख वैश्विक कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं, दुनिया भर में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि अगले 25 साल, यानि ‘अमृत काल’ बहुत महत्वपूर्ण है और उन्होंने विश्वास जताया कि युवा एक विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे। उन्होंने स्टार्टअप की दुनिया में भारत को शीर्ष तीन में लाने, विनिर्माण को आगे बढ़ाने, डिजिटल इंडिया को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने और खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने में युवाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने निष्कर्ष के तौर पर कहा कि जब भारतीय युवा असंभव को संभव बनाते हैं, तो एक विकसित भारत निस्संदेह हासिल किया जा सकता है।

आज के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत में हर सप्ताह एक नया विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है, जबकि हर दिन एक नया आईटीआई स्थापित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, हर तीसरे दिन एक अटल टिंकरिंग लैब खोली जा रही है और प्रतिदिन दो नए कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अब 23 आईआईटी हैं, पिछले एक दशक में, आईआईआईटी की संख्या 9 से बढ़कर 25 हो गई है और आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 21 हो गई है। उन्होंने पिछले दस वर्षों में एम्स की संख्या में तीन गुना वृद्धि और मेडिकल कॉलेजों की संख्या लगभग दोगुनी होने का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के शैक्षणिक संस्थान मात्रा और गुणवत्ता दोनों के मामले में उत्कृष्ट परिणाम दिखा रहे हैं, क्यूएस रैंकिंग में उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या 2014 के नौ से बढ़कर आज छियालीस हो गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के शैक्षणिक संस्थानों की बढ़ती ताकत एक विकसित भारत के लिए एक महत्वपूर्ण आधार है।

प्रधानमंत्री ने आग्रह किया, “2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए दैनिक लक्ष्य और निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पिछले एक दशक में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 250 मिलियन लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है और मेरा मानना है कि पूरा देश जल्द ही गरीबी से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने इस दशक के अंत तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता पैदा करने और 2030 तक रेलवे के लिए नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन हासिल करने के भारत के लक्ष्य पर प्रकाश डाला।

अगले दशक में ओलंपिक की मेजबानी के महत्वाकांक्षी लक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए और इसे प्राप्त करने के लिए देश के संकल्प पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एक अंतरिक्ष शक्ति के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसकी योजना 2035 तक एक अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की है। उन्होंने चंद्रयान की सफलता और गगनयान के लिए चल रही तैयारियों का उल्लेख किया, जिसका अंतिम लक्ष्य चंद्रमा पर एक भारतीय को उतारना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे लक्ष्यों को प्राप्त करने से 2047 तक विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा।

प्रधानमंत्री ने दैनिक जीवन पर आर्थिक विकास के प्रभाव के बारे में कहा कि जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था बढ़ती है, इसका जीवन के सभी पहलुओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने याद दिलाया कि इस सदी के पहले दशक में भारत एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन गया था, लेकिन छोटे आर्थिक आकार के साथ, कृषि बजट केवल कुछ हजार करोड़ रुपये था और अवसंरचना का बजट एक लाख करोड़ से भी कम था। उस समय, उन्होंने कहा कि अधिकांश गांवों में उचित सड़कों का अभाव था, राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे की स्थिति खराब थी और देश के बड़े हिस्से में बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने टिप्पणी की कि दो ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के बाद, भारत का अवसंरचना बजट दो लाख करोड़ रुपये से कम था। हालांकि, देश ने सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों, नहरों, गरीबों के लिए आवास, स्कूलों और अस्पतालों में महत्वपूर्ण सुधार देखा। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन गया है, हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी हो गई है, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें शुरू की गई हैं और बुलेट ट्रेन का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने वैश्विक स्तर पर 5जी की सबसे तेज़ शुरुआत भी हासिल की है, हजारों ग्राम पंचायतों तक ब्रॉडबैंड इंटरनेट का विस्तार किया है और 300,000 से अधिक गांवों में सड़कें बनाई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को 23 लाख करोड़ रुपये के जमानत-मुक्त मुद्रा ऋण प्रदान किए गए और दुनिया की सबसे बड़ी मुफ्त स्वास्थ्य सेवा योजना, आयुष्मान भारत शुरू की गई। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि किसानों के बैंक खातों में सालाना हजारों करोड़ रुपये सीधे जमा करने की योजना शुरू की गई और गरीबों के लिए चार करोड़ पक्के घर बनाए गए। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था बढ़ी, विकास गतिविधियों में तेजी आई, अधिक अवसर पैदा हुए और प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक सामाजिक वर्ग पर खर्च करने की देश की क्षमता में वृद्धि हुई।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत अब लगभग चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन चुका है, जिससे इसकी क्षमताएं काफी बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा अवसंरचना बजट 11 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है, जो एक दशक पहले की तुलना में लगभग छह गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि अकेले रेलवे पर 2014 के संपूर्ण अवसंरचना बजट से अधिक खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ा हुआ बजट भारत के बदलते परिदृश्य से स्पष्ट होता है, जिसका एक सुंदर उदाहरण भारत मंडपम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत तेजी से पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है, जिससे विकास और सुविधाओं का काफी विस्तार होगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया और अनुमान लगाया कि अगले दशक के अंत तक भारत दस ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर जाएगा। उन्होंने युवाओं को अर्थव्यवस्था के बढ़ने के साथ आने वाले कई अवसरों के बारे में प्रोत्साहित किया और कहा कि उनकी पीढ़ी न केवल देश के इतिहास में सबसे बड़े परिवर्तन को आगे बढ़ाएगी, बल्कि इसकी सबसे बड़ी लाभार्थी भी होगी। प्रधानमंत्री ने युवाओं को सलाह दी कि वे आरामदायक जगह (कम्फर्ट जोन) से बचें, जोखिम उठाएं और अपने आरामदायक जगह से बाहर निकलें, जैसा कि युवा नेता संवाद के प्रतिभागियों ने प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि जीवन का यह मंत्र उन्हें सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

भारत के भविष्य के रोडमैप को आकार देने में विकसित भारत युवा नेता संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और समर्पण की सराहना की, जिसके साथ उन्होंने इस संकल्प को अपनाया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए विचार अमूल्य, उत्कृष्ट और सर्वोत्तम हैं। उन्होंने युवाओं से इन विचारों को देश के हर कोने में ले जाने और हर जिले, गांव और मोहल्ले के अन्य युवाओं को विकसित भारत की भावना से जोड़ने का आग्रह किया। अपने संबोधन का समापन करते हुए, प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराया और सभी को इस संकल्प के साथ जीने और खुद को समर्पित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने एक बार फिर भारत के सभी युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक बधाई दी।

कार्यक्रम के पहले भाग में, एक शक्तिशाली और प्रेरणादायक रचना, युवा गान की प्रस्तुति प्रधानमंत्री के समक्ष दी गई, जो युवा सशक्तिकरण और राष्ट्रीय प्रगति की भावना को प्रतिध्वनित कर रही थी। देश भर के युवा दिमागों को प्रेरित करने और उन्हें एकजुट करने के लिए डिज़ाइन किए गए इस गान ने पूरे दिन का माहौल तैयार किया और उपस्थित लोगों में ऊर्जा और सामूहिक उद्देश्य की भावना भर दी।

इसके अलावा, एक आकर्षक वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें विकसित भारत युवा नेता संवाद की उल्लेखनीय यात्रा को दर्शाया गया। वीडियो में इस पहल के विकास का एक दृश्य वर्णन किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 में महिला सशक्तिकरण, खेल, संस्कृति, स्टार्टअप, अवसंरचना विकास और अन्य विषयों पर कई ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियाँ देखीं। उन्होंने भारत की प्रतिभाशाली युवा शक्ति पर गर्व व्यक्त किया और देश की प्रगति को आगे बढ़ाने और एक उज्जवल भविष्य को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता दी।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी और रक्षा खडसे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

प्रज्ञा विद्यालय का 34 वा वार्षिक उत्सव आयोजित

आज के बच्चे कल का भविष्य : विधायक शर्मा

 

भोपाल, कोलार रोड स्थित प्रज्ञा विद्यालय का 34वां वार्षिक उत्सव ,एलएनसीटी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया । वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा मौजूद रहे। श्री शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा की आज के बच्चे कल का भविष्य है । बच्चों को भारतीय ज्ञान परंपरा से और संस्कृति से परिचय करवाए जाने की आवश्यकता है । प्रज्ञा विद्यालय इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है । कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक नरेंद्र राठौड़ ने बच्चों को बधाई देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान 10 से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में प्राचार्य इंद्राणी बनर्जी, शिक्षक, परिजन शामिल रहे।

नर्मदा नदी में क्रूज चलाने की तैयारियां हुई तेज, मेघनाद घाट से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक क्रूज चलाने टेंडर निकाले गए

नर्मदा नदी में क्रूज चलाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मप्रपर्यटन विभाग ने बड़वानी से लगे धार जिले के नर्मदा किनारे स्थित मेघनाद घाट से गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक नर्मदा नदी में क्रूज संचालन हेतु निविदा जारी कर दी है। राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी ने बताया कि पर्यटन विभाग ने सफर की तीन श्रेणियां बनाई हैं।
पहली श्रेणी में पांच दिन के सफर की एक श्रेणी रखी है। इसमें रात्रि विश्राम, भोजन, स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसका मार्ग सरदार सरोवर बांध से हापेश्वर-मेघनाद घाट-साकरेज-स्टैच्यू आफ यूनिटी तक का रहेगा। इसकी दूरी 270 किमी होगी। सफर की दूसरी श्रेणी एक तरफा क्रूज यानी तीन दिन का सफर। सरदार सरोवर बांध से हापेश्वर- साकरेजा- मेघनाद घाट तक का सफर किया जा सकेगा। इसकी दूरी 135 किमी होगी। तृतीय श्रेणी में क्रूज का सफर केवल दो घंटे का होगा। क्रूज से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। मेघनाद घाट से 10 किमी परिधि में ही सफर करवाया जाएगा। इस छोटे पैकेज में स्थानीय साइड सीन और नाश्ते की व्यवस्था उपलब्ध होगी।
चार प्रमुख स्थानों पर जेटी स्टेशन बनेंगे…
135 किमी लंबे जलमार्ग पर चार स्थानों को क्रूज संचालन के लिए जोड़ा जाएगा। यह जलमार्ग बड़वानी से लगे धार जिले के मेघनाद घाट से शुरु होकर अलीराजपुर जिले के साकरेजा, गुजरात के हापेश्वर होते हुए स्टैच्यू आफ यूनिटी तक जाएगा। इन स्थानों पर जेटी स्टेशन(पोंटून) बनाए जाएंगे, ताकि पर्यटकों को क्रूज पर आने-जाने की सुविधा मिल सके। वर्तमान में प्रदेश में बनने वाले दो स्टेशन के लिए जेटी पोंटून आ गए हैं और ये मेघनाद घाट पर नदी में खड़े हैं।
छोटे स्टेशन भी बनाएं जाएंगे
सांसद ने बताया कि बड़वानी, अंजड़ और धरमपुरी में भी छोटे स्टेशन बनाना प्रस्तावित है जो मुख्य स्टेशन मेघनाद घाट से जुड़ेंगे। निजी एजेंसियों को इस परियोजना के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 29 जनवरी तय की गई है। इस परियोजना के अंर्तगत साल 2026 के अंत तक पहले अंतर-प्रांतीय जल मार्ग पर पर्यटन शुरू होने की उम्मीद है। क्रूज मार्ग पर अलीराजपुर जिले के साकरेजा और गुजरात के हापेश्वर जेटी पाइंट्स पर पर्यटकों को आदिवासी बहुल गांवों में होम स्टे की व्यवस्था भी होगी।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...