थर्ड पार्टी ऐप का इस्तेमाल कर प्रीपेड पेमेंट डिवाइस के जरिये भी यूपीआई ट्रांजैक्शन कर सकेंगे, आरबीआई ने दे दी परमिशन

आरबीआई ने यूपीआई पेमेंट को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अब प्रीपेड कार्ड धारक तीसरे पक्ष वाले ऐप के जरिए यूपीआई से भुगतान कर सकेंगे। आरबीआई ने शुक्रवार को थर्ड पार्टी एप्लीकेशन के जरिए प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (पीपीआई) के लिए एकीकृत भुगतान प्रणाली (यूपीआई) एक्सेस की अनुमति दे दी है। इससे गिफ्ट कार्ड, मेट्रो रेल कार्ड और डिजिटल वॉलेट जैसे प्रीपेड उत्पाद धारकों को ज्यादा सुविधा होगी।

आरबीआई ने जारी परिपत्र में कहा है कि तीसरे पक्ष वाले यूपीआई ऐप के जरिए पूर्ण-केवाईसी वाले प्रीपेड भुगतान उपकरणों से यूपीआई के जरिए भुगतान को सक्षम बनाने का निर्णय लिया गया है। इसी तरह पीपीआई को यूपीआई भुगतान पाने की भी मंजूरी दी गई है। इस तरह के लेनदेन को यूपीआई प्रणाली तक पहुंचने से पहले पूर्व-अनुमोदित किया जाएगा।

रिजर्व बैंक के मुताबिक एक पीपीआई जारीकर्ता अपने ग्राहक को यूपीआई हैंडल से जोड़कर केवल अपने पूर्ण-केवाईसी वाले पीपीआई धारकों को यूपीआई के जरिए भुगतान करने में सक्षम करेगा। जारीकर्ता के एप्लिकेशन पर पीपीआई से यूपीआई लेन-देन ग्राहक के मौजूदा पीपीआई पहचान का उपयोग करके प्रमाणित किया जाएगा। आरबीआई ने कहा कि भुगतान प्रणाली प्रदाता के रूप में पीपीआई जारीकर्ता को किसी भी बैंक या किसी अन्य पीपीआई जारीकर्ता के ग्राहकों को अपने साथ नहीं जोड़ना चाहिए।

बता दें कि पीपीआई ऐसे उपकरण हैं जो वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद, वित्तीय सेवाओं के संचालन और उसमें संग्रहीत मूल्य के विरुद्ध धनप्रेषण की सुविधाओं को सक्षम करते हैं। वहीं, यूपीआई भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम द्वारा मोबाइल फोन के जरिए अंतर-बैंक लेनदेन की सुविधा के लिए विकसित एक त्वरित वास्तविक समय पर भुगतान की प्रणाली है।

एमपी बोर्ड के 11वीं के विद्यार्थी कठिन लगने वाले विषय को 12वीं में नहीं बदल सकते

मध्य प्रदेश बोर्ड 12वीं के विद्यार्थी 31 दिसंबर तक त्रुटि सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने विद्यार्थियों पर प्रति विषय त्रुटि सुधार के लिए 500 रुपये का अर्थदंड लगाया है। माशिमं ने इसके दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इसमें निर्देशित किया गया है कि विद्यार्थी ने जो विषय 11वीं में लिया है, उसी विषय को 12वीं में लेगा। अगर किसी विद्यार्थी को 11वीं में कोई विषय कठिन लगता है तो भी वह 12वीं में नहीं बदल सकता है। अगर 12वीं के परीक्षा फार्म में स्कूल की ओर से गलती से विषय बदल गया हो तो ही त्रुटि सुधार शुल्क जमा कर किया जाएगा।

मंडल ने पूरी तरह से लगाई रोक
हालांकि, तीन साल पहले तक माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12वीं में संकाय बदलने की सुविधा दी जाती थी। पिछले साल भी कुछ विशेष प्रकरणों में विषय बदलने की सुविधा दी गई, लेकिन अब मंडल ने पूरी तरह से इस पर रोक लगा दी है।
इस बार भी मंडल ने 12वीं में सिर्फ त्रुटि सुधार की सुविधा दी है। हालांकि कई विद्यार्थियों ने स्कूल प्राचार्य व मंडल में इसकी शिकायत की है कि माशिमं विद्यार्थियों को विषय परिवर्तन का अवसर दे, लेकिन माशिमं ने सिर्फ त्रुटि सुधार परिवर्तन का ही अवसर दिया है।

ऑनलाइन रहेगी त्रुटि सुधार की व्यवस्था
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देश में बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2024-2025 के लिए संस्था द्वारा ऑनलाइन प्रविष्टि में विषयों में की गई त्रुटि के सुधार की सुविधा 31 दिसंबर तक प्रदान की गई है। इसे 500 रुपये प्रति विषय अर्थदंड के साथ विषयों में त्रुटि सुधार कर सकते हैं।
संबंधित संस्था प्राचार्य को त्रुटि सुधार के साथ एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर संबंधित छात्र की कक्षा 11वीं में उत्तीर्ण की अंकसूची एवं इस आशय का घोषणा-पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। जिन विद्यार्थियों के विषयों में त्रुटि सुधार किया गया है, उन विद्यार्थियों ने 11वीं कक्षा में उन्हीं विषयों का अध्ययन किया है या स्कूल द्वारा उन्हीं विषयों की अंकसूची छात्रों को जारी की गई है।

यदि यह पाया जाता है कि किसी स्कूल द्वारा तथ्यों को छुपाते हुए गलत तरीके से विषयों में संशोधन किया गया है तो शासकीय विद्यालय होने की स्थिति में संबंधित संस्था प्राचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय की आयुक्त को पत्र लिखा जाएगा। वहीं निजी स्कूल होने की स्थिति में संबंधित विद्यालय की संबंद्धता तत्काल प्रभाव से समाप्त की जा सकेगी।

NHM में अब पानी में नहीं बहेगा पैसा,साल भर में 8 लाख का पानी पी जाते हैं अधिकारी,घर भी ले जाते हैं बॉटल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अधिकारी ऑफिस में आरो लगे होने के बाद भी साल में करीब 8 लाख का बिसलेरी बॉटल का पानी पी जाते हैं। यनी हर महीने 60 से 70 हजार रुपए का पानी एनएचएम द्वारा खरीदा जाता है। यहां जनता के पैसे को पानी में बहाया जा रहा है। लेकिन अब इस पर रोक लग गई है। दरअसल एनएचएम की नई मिशन संचालक (एमडी) सलोनी सिडाना ने जब देखा कि हर ऑफिस में बिसलेरी बॉटल पहुंच रही है तो उन्होंने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि दफ्तर में सभी अधिकारी कर्मचारी बिसलेरी का ही पानी पीते हैं। उन्होंने तत्काल इस मामले पर एक्शन लिया और निर्देशित किया कि अब सभी आरो का ही पानी पिएंगे और बिसलेरी की सप्लाई को बंद करने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार कई अधिकारी बिसलेरी की बोतल अपने घर भी ले जाते थे।
सभी विभागों में लगें हैं आरो
एनएचएम में अधिकारियों और कर्मचारियों को शुद्ध पानी उपलब्ध हो सके इसके लिए यहां के सभी विभागों में अलग-अलग आरो लगाए गए हैं, लेकिन कोई भी व्यक्ति यहां तक की छोटे कर्मचारी भी बिसलेरी बोतल का ही पानी पीते नजर आता हैं। धीरे-धीरे यहां लगे आरो खराब होने लगे थे कई आरो बंद हो चुके थे। नई मिशन संचालक सलोनी सिडाना ने तत्काल इन्हें सुधारने के निर्देश दिए और अब इन्हें सुधार दिया गया है। सभी अधिकारियों को कहा गया कि अपने ऑफिस में आरो का पानी उपयोग करें । केवल मीटिंग बैठकों में ही बिसलेरी पानी का उपयोग किया जाएगा।

पानी के बोतल घर भी ले जाते थे अधिकारी
एनएचएम सूत्रों के अनुसार एनएचएम में पदस्थ अधिकारी यहां तक की पुरानी एमडी और डायरेक्टर भी पानी के बोतल अपने घर ले जाते थे, और कहा जाता था कि अधिकारियों के घर पर जो उनसे मिलने आते हैं उनके लिए ले जाया जाता है। यही वजह है कि महीने में करीब 60 से 70 हजार रुपए का पानी खरीदा जाता था। अब इस पर रोक लग गई है। जिससे विभाग को साल में 8 लाख से ज्यादा रुपए की बचत होगी। सूत्रों की माने तो कई अधिकारी 5-5 बोतल की पेटी गाड़ियों में भर कर घर ले जाते थे।

सर्राफा बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी से महंगा हुआ सोना, चांदी की भी बढ़ी कीमत

घरेलू सर्राफा बाजार में आज शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी तेजी का रुख बना हुआ है। सोना आज 250 से 280 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया है। सोने के भाव में तेजी आने की वजह से देश के ज्यादातर सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट सोना आज 77,880 रुपये से लेकर 77,730 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच में कारोबार कर रहा है। इसी तरह 22 कैरेट सोना भी 71,400 रुपये से लेकर 71,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बिक रहा है। चांदी की कीमत में भी आज मामूली तेजी आई है। इस तेजी के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में इसकी कीमत 91,600 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच गई है।

देश की राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना आज 77,880 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 71,400 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट सोना 77,730 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 71,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। इसी तरह अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की रिटेल कीमत 77,800 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 71,300 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। इन प्रमुख शहरों के अलावा चेन्नई में 24 कैरेट सोना आज 77,730 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत पर और 22 कैरेट सोना 71,250 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत पर बिक रहा है। इसी तरह कोलकाता में भी 24 कैरेट सोना 77,730 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 71,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

लखनऊ के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना आज 77,880 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर और 22 कैरेट सोना 71,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। वहीं पटना में 24 कैरेट सोने की कीमत 77,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है, जबकि 22 कैरेट सोना 71,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। इसी तरह जयपुर में 24 कैरेट सोना 77,880 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 71,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।

देश के अन्य राज्यों की तरह कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के सर्राफा बाजार में भी आज सोने की कीमत में तेजी आई है। इन तीनों राज्यों की राजधानियों बेंगलुरु, हैदराबाद और भुवनेश्वर में 24 कैरेट सोना आज 77,730 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह इन तीनों शहरों के सर्राफा बाजारों में 22 कैरेट सोना आज 71,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।

गुरु गोविंद सिंह के वीर साहिबजादों के अमर बलिदान की कहानी छत्तीसगढ़ के स्कूली पाठ्यक्रम में होगी शामिल

गुरु गोविंद सिंह के वीर साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अमर बलिदान की कहानी अब छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों को पढ़ाई जाएगी। वीर साहिबजादों के वीरता की यह कहानी देश के युवाओं को साहस के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कल वीर बाल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित बौद्धिक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए यह बड़ी घोषणा की। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह और वीर साहिबजादों का पुण्य स्मरण कर कहा कि हमें उनकी शिक्षाओं को अपनाना चाहिए और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वीर साहिबजादों के जीवनी पर आधारित एनिमेटेड फिल्म भी देखी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें राष्ट्र की रक्षा के लिए सिख गुरुओं के त्याग की महान सिख परंपरा की याद दिलाता है। हमें ऐसे महान वीर सपूतों की प्रेरक कहानियां अपने बच्चों और समाज को बतानी चाहिए। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के साहेबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया। साय ने कहा कि भारत की प्रत्येक पीढ़ी गुरु गोविंद सिंह एवं उनके साहेबजादों के बलिदान को सदैव याद रखेगी। देश के लिए जीना और देश के लिए जरुरत पड़ने पर अपने प्राणों की आहुति देने की प्रेरणा हमें वीर बाल दिवस से मिलती है। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता का भी स्मरण कराता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समाज को तोड़ने वाली ताकतें हर दौर में सक्रिय रहती हैं। लेकिन गुरुगोविंद सिंह और उनके साहेबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जैसे वीर जिस धरती पर जन्म लेंगे उसकी ओर कोई आंख उठाकर भी नहीं देख सकता। उन्होंने कहा कि बाबा जोरावार सिंह जी और बाबा फतेह सिंह किसी एक धर्म या पंथ के लिए प्रेरणास्रोत नहीं हैं। वह संपूर्ण भारत के लिए अनुकरणीय हैं। साय ने कहा कि भारत का चरित्र मूल रूप से सामाजिक समरसता का रहा है। हमारे देश में कट्टरता और उन्माद को कभी जगह नहीं मिली। हमारा प्रदेश छत्तीसगढ़ उसका सबसे अच्छा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हम छत्तीसगढ़ की स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहे हैं। हमने विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प लिया है। यह संकल्प सामाजिक समरसता से ही पूरा होगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तो देशभर में अपनी सामाजिक समरसता, शांति और सौहार्द्र के लिए जाना जाता है। इसकी जड़ों को और गहरा करना होगा।

वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी के मुख्य वक्ता प्रेम शंकर सिदार ने कहा कि भारत एक धर्म प्राण देश है। जब देश मे अन्याय बढ़ता है तो यहां के महापुरुष रक्षा के लिए खड़े हो जाते हैं। बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह दुनिया के सबसे कम उम्र के बलिदानी हैं। वे मृत्यु के सामने भी धर्म पर अडिग रहे। उन्होंने कहा कि भारत की जीवनी शक्ति इसकी आत्मा है। देश के महापुरुषों से प्रेरणा मिलती है कि हमें देश को संभाल के रखना है। बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी को उनकी माता ने उनके बुजुर्गों के बलिदान की कहानी सुनाई थी। मृत्यु भी जीत है ये सन्देश इन बच्चों ने अपने बलिदान से दिया। सिदार ने कहा कि भारत के घर-घर में इन प्रसंगों की चर्चा होनी चाहिए ताकि हमारी नई पीढ़ी को इनसे प्रेरणा मिले।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक किरण देव, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, पूर्णेन्दु सक्सेना, पवन साय, परमिन्दर सिंह भाटिया, ज्ञानी बाज सिंह , भूपेश सवन्नी, सिख समाज के अनुयायी, प्रबुद्ध नागरिकगण और स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

महाकुम्भ में पहली बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात अंडरवाटर ड्रोन

दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम में हर परिस्थिति में 45 करोड़ लोगों के संगम स्नान का पूरा सुरक्षित प्लान तैयार कर लिया गया है। महाकुम्भ में पहली बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अंडरवाटर ड्रोन तैनात किया गया है। जो 24 घंटे पानी के भीतर हर गतिविधियों की निगरानी करने में सक्षम है।

सबसे खास बात यह है कि यह अंडरवाटर ड्रोन अंधेरे में भी लक्ष्य पर सटीक नजर रखने में कारगर हथियार साबित होने वाला है। यह पानी के नीचे 100 मीटर गहराई तक टोह लेने में सक्षम है और किसी भी परिस्थितियों में सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की खूबियों से लैस है।

सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी जोन, प्रयागराज डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बुधवार को बेहद तेज गति से और असीमित दूरी तक पानी के अंदर काम करने वाले इस ड्रोन को लॉन्च किया। उन्होंने इस ड्रोन की खासियत और महाकुम्भ में इसकी आवश्यकता के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह ड्रोन पैनिक अंदर 100 मीटर तक जाकर हर गतिविधि की रिपोर्ट आई ट्रिपल सी तक पहुंचाएंगे। इसे असीमित दूरी तक ऑपरेट किया जा सकता है। पानी के अंदर कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या घटना को लेकर यह सटीक जानकारी देगा, जिसके आधार पर तुरंत जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।

एक-एक श्रद्धालु की सुरक्षा को लेकर बनी रणनीति पीएसी के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मिलकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा का काम कर रही हैं। जिसमें बकायदा एक-एक श्रद्धालु की सुरक्षा को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। यहां 700 झंडे लगी नाव पर 24 घंटे पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे। देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़े पैमाने पर रिमोट लाइफ बॉय तैनात किए जा रहे हैं, जो पलक झपकते कहीं भी पहुंचने में सक्षम हैं और किसी भी अनहोनी से पहले व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर ले जाने में सक्षम हैं।

भोजपुर रोड के 6 किमी में 200 पेड़ कटना शुरू:₹50 करोड़ से फोरलेन बनेगा

भोपाल की 11 मील से बंगरसिया तक (भोजपुर रोड) 6 किमी सड़क 50 करोड़ रुपए से टू-लेन से फोर-लेन में बदलेगी। इससे पहले 200 पेड़ काटे जा रहे हैं। इनमें से ज्यादातर पेड़ यूकेलिप्टस के हैं।

पेड़ों की कटाई का काम शुरू हो चुका है। पीडब्ल्यूडी अफसरों के मुताबिक, जनवरी में सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और अगले डेढ़ साल में भोजपुर रोड की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

यह सड़क प्रदेश में एक मॉडल बनेगी। इस सड़क में एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लेमेशन) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका मतलब है कि मौजूदा सड़क के मटेरियल को रीयूज किया जाएगा।

अभी सड़क की स्थिति खराब, परेशान होते हैं श्रद्धालु

वर्तमान में 11 मील से बंगरसिया तक की सड़क की हालत काफी खराब है। यह सड़क धार्मिक नगरी भोजपुर को जोड़ती है। हर रोज हजारों लोग इस खराब सड़क से गुजरने के कारण परेशान होते हैं।

भोजपुर में दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है। यहां हर साल भोजपुर महोत्सव आयोजित होता है, जिसमें देश-विदेश के कवि, साहित्यकार और टीवी-फिल्म कलाकार शामिल होते हैं। हालांकि, 6 किमी लंबी सड़क के गड्ढे उन्हें परेशान कर देते हैं। यही समस्या श्रद्धालुओं के साथ भी होती है।

भोजपुर पहुंचने वाले रास्ते के दोनों ओर पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई है।

11 मील से बंगरसिया तक सड़क बनने से रायसेन, विदिशा, बैतूल समेत कई जिलों के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

टू लेन सड़क फोरलेन होगी

पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर संजय मस्के ने बताया कि भोपाल के 11 मील से बंगरसिया तक फोर-लेन सड़क बना रहे हैं। इसमें नई एफडीआर तकनीक का उपयोग किया जाएगा। सड़क तोड़ने से जो भी मटेरियल निकलेगा, उसे रीयूज किया जाएगा। यह प्रदेश में एक मॉडल रोड बनेगी। पेड़ काटने का काम शुरू हो गया है। जैसे ही यह काम पूरा होगा, सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

अभी सड़क की हालत ठीक नहीं है। इस कारण राहगीर काफी परेशान होते हैं।

6 किलोमीटर में करीब 200 पेड़ काटे जा रहे हैं, जिनमें ज्यादातर यूकेलिप्टस के पेड़ हैं। बदले में पीडब्ल्यूडी ने वन विभाग को 80 लाख रुपए चुकाए हैं। करीब एक साल से अनुमति नहीं मिलने के कारण मामला अटका हुआ था, लेकिन दिसंबर में अनुमति मिलने के बाद काम शुरू कर दिया गया है।

भोजपुर में महाशिवरात्रि पर लाखों भक्त पहुंचते हैं। वहीं, यह रास्ता कई जिलों को भी जोड़ता है।
यह है एफडीआर टेक्नोलॉजी

फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) एक रिसाइक्लिंग पद्धति है, जिसमें कम संसाधनों में टिकाऊ सड़कें बनाई जाती हैं। खराब हो चुकी पक्की सड़क को उखाड़कर उससे निकले मटेरियल में केमिकल मिलाया जाता है, जिससे नया मटेरियल तैयार किया जाता है। इसे फिर सड़क निर्माण में उपयोग किया जाता है। इससे लागत भी कम आती है।

नए साल पर मोहन करेंगे कैबिनेट का विस्तार?

मध्यप्रदेश की विजयपुर सीट पर बीजेपी की हार के बाद मंत्री रामनिवास रावत ने अपना इस्तीफा दे दिया है। जिसके बाद से मोहन सरकर में एक और मंत्री पद खाली हो गया है। सरकार में अब केवल 31 मंत्री बचे हुए है। रामनिवास रावत का वन मंत्रालय अब सीएम मोहन यादव के पास पहुंच गया है। नियम के अनुसार किसी मंत्रालय के मंत्री के इस्तीफे के बाद स्वत: ही वह मंत्रालय सीएम के पास पहुंच जाता है।

नए साल में होगा मंत्रिमंडल विस्तार?

दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव आज कैबिनेट की बैठक करने वाले है। होने वाली कैबिनेट की बैठक में सीएम मोहन मंत्रियों के कामकाज की चर्चा करेंगे। इसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। चर्चा है कि सीएम मोहन मंत्रियों के कामकाज रिपोर्ट लेंगे। जिन मंत्रियों का कामकाज ठीक नहीं होगा उन्हें हटाकर उनकी जगह लाइन में लगे नेताओं को मौका दे सकती है। इसके अलावा कैबिनेट में खाली पदों को भी भरा जा सकता है।

भूपेन्द्र-गोपाल बनेंगे मंत्री?

चर्चा यह भी है कि सागर जिले में जारी सियासी बवाल को खत्म करने के लिए मोहन सरकार भूपेन्द्र सिंह और गोपाल भार्गव को कैबिनेट में शामिल कर सकती है। क्योंकि मामले को लेकर बीजेपी बैकफूट पर आ गई है। बीजेपी नही चाहेगी की आने वाले समय में सागर ​जिले में पार्टी को नुकसान उठाना पड़े। वर्तमान में सागर जिले की सभी सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। हालांकि बीना सीट से निर्मला सप्रे का मामला अधर में है। वे बीजेपी में शामिल तो हो चुकी है, लेकिन उन्होंने अबतक इस्तीफा नही दिया है। निर्मला सप्रे का मामला अदालत में विचारधीन है।

सरकार में 4 पद खाली

रामनिवास रावत के इस्तीफे के बाद से अटकलों का दौर शुरू हो गया है कि आखिर वन मंत्रालय अब किसे सौंपा जाएगा। इसके अलावा कयास लगाए जा रहे है कि मोहन सरकार नए साल में मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। सरकार में अभी 31 मंत्री है, नियम अनुसार किसी भी राज्य सरकार में 35 मंत्री बनाए जा सकते है। यानी सरकार में 4 मंत्रियों की कुर्सी खाली है। मोहन सरकार नए साल में मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है।

शाह को मिल सकता है वन मंत्रालय?

रावत के इस्तीफे के बाद सबसे ज्यादा चर्चा है कि वन मंत्रालय किसे मिलेगा? इसको लेकर कयास लगाए जा रहे है कि अगर मोहन सरकार मंत्रिमंडल का विस्तार करती है तो अमरवाड़ा से भाजपा विधायक कमलेश शाह को वन मंत्री बनाया जा सकता है। दरअसल, राम निवास रावत कांग्रेस से बीजेपी में आए थे। मोहन सरकार ने रावत को सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया था। वही अमरवाड़ा से भाजपा विधायक कमलेश शाह कांग्रेस से बीजेपी में आए थे और इस्तीफा देकर उपचुनाव लड़ा और विधायक बने। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी इस बार कमलेश शाह को सरकार में मंत्री बनाकर मौका दे सकती है।

आपको बता दें कि रामनिवास रावत के इस्तीफे के बाद वन मंत्रायल का प्रभार सीएम मोहन यादव के पास रहेगा। जब तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं होता तब तक सीएम मोहन वन मंत्रालय देखेंगे। फिलहाल मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा, होगा या नहीं यह अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलों का दौर जारी है

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन, दुनियाभर के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का दिल्ली के एम्स में गुरुवार रात निधन हो गया। डॉ. मनमोहन सिंह ने रात 9 बजकर 51 मिनट पर अंतिम सांस ली। केंद्र सरकार दुख की इस घड़ी में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित करेगी। भारत सरकार के अनुसार शुक्रवार को 11 बजे पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए कैबिनेट की बैठक होगी। इसके साथ कल सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द किए जाएंगे। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह लंबे समय से अस्वस्थ थे। गुरुवार रात आठ बजे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई जिसके बाद वे बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत, देश के प्रति उनके योगदान का हमेशा स्मरण रखेगा।” प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया “डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत, देश के प्रति उनके योगदान का सदैव स्मरण रखेगा।” गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल सहित कई नेता भी श्रद्धांजलि देने उनके निवास स्थान पर पहुंचे।

कांग्रेस पार्टी ने बताया कि डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में रखा जाएगा ताकि लोग अंतिम दर्शन कर सकें। राहुल गांधी और सोनिया गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता वहां श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा जहां पूर्व प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार होता है।

डॉ. मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्री के रूप में 1991 में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था विदेशी निवेश के लिए खुला और विकास दर में बढ़ोतरी हुई। 2004 से 2014 तक देश के 13वें प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने कई बड़े काम किए। उनके कार्यकाल में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) और सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) लागू किया गया जिससे ग्रामीण विकास और सरकारी कामकाज में भी पारदर्शिता आई।

डॉ. सिंह के निधन पर नेताओं और समाज के विभिन्न वर्गों ने गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें एक महान नेता बताया और कहा कि भारत ने अपना एक अनमोल रत्न खो दिया है। 26 सितंबर 1932 को जन्मे डॉ. सिंह ने अर्थशास्त्री के रूप में नाम कमाया और 1982 से 1985 तक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे। इस साल की शुरुआत में उन्होंने राज्यसभा से 33 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्ति ली।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि डॉ. सिंह उन असाधारण राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान रूप से सहजता से काम किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री को एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बताया, जिन्होंने भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदल दिया। अपने शोक संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने रिजर्व बैंक के गवर्नर से लेकर वित्तमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश के शासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने संदेश में केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व ने पार्टी लाइन से हटकर प्रशंसा और सम्मान अर्जित किया और उनकी विरासत राष्ट्र निर्माण के उनके प्रयास में पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व, विनम्रता और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। अपने शोक संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, एक बेदाग छवि वाले ईमानदार नेता और अद्वितीय कद का अर्थशास्त्री खो दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्र निर्माण में डॉ. सिंह का अपार योगदान भारत के इतिहास के पन्नों में हमेशा अंकित रहेगा। अपने संदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि डॉ. सिंह ने अपार बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, “ देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अतीव दुःख हुआ। देश के वित्त मंत्री के रूप में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य उन्होंने किया। उच्चशिक्षित होने के साथ साथ विनम्र, शालीन, संवेदनशील और देश के प्रति समर्पित ऐसा उनका व्यक्तित्व था। भाजपा अध्यक्ष के रूप में कई बार उनसे वार्तालाप करने का अवसर मिला। उनमें सदैव देश को आगे बढ़ाने की सोच थी। ये देश डॉ. मनमोहन सिंह जी को कभी भूल नही सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति”

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने लिखा कि, “देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ॰ मनमोहन सिंह जी का निधन दुःखद। वे एक कुशल राजनेता एवं अर्थशास्त्री थे। उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। डॉ॰ मनमोहन सिंह जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना है।”

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने पूर्व पीएम के निधन पर दुख जताते हुए लिखा कि, “सत्य और सौम्य व्यक्तित्व के धनी महान अर्थशास्त्री भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी का निधन एक अंतरराष्ट्रीय अपूरणीय क्षति है।”

पीडीपी की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मनमोहन सिंह जी के निधन से भारत ने आज एक सच्चा रत्न खो दिया है। वे साधारण पृष्ठभूमि से थे, फिर भी वे एक महान राजनेता और हमारे देश के आर्थिक सुधारों के प्रमुख वास्तुकार बन गए। उनका सबसे बड़ा योगदान सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करना था, जिसने आर्थिक रूप से हाशिए पर पड़े लाखों भारतीयों के जीवन को बदल दिया। उनकी पत्नी और बेटियों के प्रति गहरी संवेदना।”

आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने लिखा, “बेजोड़ बुद्धि और विनम्रता के धनी राजनेता डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। उनका निधन देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं उनकी आत्मा की शांति और उनके प्रियजनों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।”

ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की दुखद सूचना मिली। महाप्रभु जगन्नाथ जी दिवंगत आत्मा को अपने निज धाम में स्थान दें। उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।”

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने एक्स पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना से मन बेहद आहत है। उनका जाना पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन मेरे लिए यह परिवार के एक बड़े और मार्गदर्शक के चले जाने जैसा है। भारत के आर्थिक सुधारों में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उनके नेतृत्व में भारत ने उदारीकरण, वैश्वीकरण और आर्थिक विकास की राह पकड़ी, जिसने करोड़ों भारतीयों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया। मेरे लिए उनके साथ काम करना न केवल एक सौभाग्य था, बल्कि हर पल उनसे सीखने का अवसर भी मिला। उनकी सादगी, धैर्य और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें। विनम्र श्रद्धांजलि।”

पंजाब विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के आर्थिक सुधारों के निर्माता और हमारे देश के सबसे विनम्र और प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह हमें छोड़कर चले गए हैं। कम बोलने वाले लेकिन अपार ज्ञान वाले व्यक्ति, उनके नेतृत्व ने भारत को महत्वपूर्ण चुनौतियों से शालीनता और ईमानदारी के साथ बाहर निकाला। नागरिक संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शांति से विश्राम करें, सर। राष्ट्र एक सच्चे राजनेता और भारतीय राजनीति के एक सौम्य दिग्गज के निधन पर शोक व्यक्त करता है।”

‘आप’ के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और भारतीय अर्थव्यवस्था के उदारीकरण के पीछे के वास्तुकार, डॉ. मनमोहन सिंह जी ने भारत को कठिन समय से निकालकर एक नए युग में पहुंचाया। ऑक्सफोर्ड से शिक्षा प्राप्त अर्थशास्त्री, उन्होंने भारत के 1991 के आर्थिक सुधारों का नेतृत्व किया और प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र का नेतृत्व शांत दृढ़ संकल्प के साथ किया, जिससे साबित हुआ कि बुद्धि और ईमानदारी से परिवर्तनकारी बदलाव लाया जा सकता है। मैं हमारे सबसे प्रतिष्ठित राजनेताओं में से एक के निधन पर शोक व्यक्त करने वाले राष्ट्र के साथ हूं। उनकी विरासत हमेशा बनी रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।”

पड़ोसी देशों सहित विश्‍व के नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है और एक राजनेता और दूरदर्शी नेता के रूप में उनकी विरासत पर जोर दिया है। उन्होंने आर्थिक प्रगति और कूटनीति में उनके असाधारण योगदान को याद करते हुए हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने देश की ओर से भारत के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने डॉ. सिंह को भारत-अमरीका संबंधों के एक महत्वपूर्ण वास्तुकार के रूप में याद किया और उन्हें अमरीका-भारत रणनीतिक साझेदारी के सबसे बड़े नेताओं में से एक बताया। एक आधिकारिक बयान में श्री ब्लिंकन ने कहा कि डॉ. सिंह के काम ने पिछले दो दशकों में भारत और अमरीका ने जो कुछ भी हासिल किया है, उसकी नींव रखी।

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका-आई.बी.एस.ए. वार्ता मंच और ब्रिक्स समूह की स्थापना में मनमोहन सिंह के योगदान को याद किया। मनमोहन सिंह को अपना मित्र बताते हुए श्री लूला ने भारत के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। श्री लूला ने कहा कि वे और मनमोहन सिंह 21वीं सदी के पहले दशक में समकालीन सरकार में थे और अपने देशों के बीच संबंधों को बढ़ाने और एक निष्पक्ष दुनिया बनाने के लिए मिलकर काम किया।

पूर्व अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत ने अपने सबसे शानदार सुपुत्रों में से एक को खो दिया है। उन्होंने डॉ. सिंह को अफगानिस्तान के लोगों का एक अटूट सहयोगी और मित्र बताया। डॉ. सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने भी सोशल मीडिया पर अपना दुख व्यक्त किया तथा डॉ. सिंह को एक दयालु पिता और मालदीव का प्रिय मित्र बताया।

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भारत-रूस संबंधों में पूर्व प्रधानमंत्री के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यह भारत और रूस के लिए अत्यंत दुख और शोक का क्षण है। उन्होंने कहा कि भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों में डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान अतुलनीय है।नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा ने नेपाल सरकार और जनता की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह एक दूरदर्शी नेता और सच्चे राजनेता थे, भारत के विकास और वैश्विक कूटनीति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया। भारत में फिनलैंड, कोरिया, नॉर्वे के राजदूतों ने भी सोशल मीडिया पर संदेशों के जरिए डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

 

 

भोपाल में भीख देने पर लगेगा जुर्माना, पुलिस रखेगी चौराहों और मंदिरों के बाहर नजर

प्रदेश की राजधानी भोपाल को भिखारियों से मुक्त शहर बनाने की कवायद शुरू हो गई है। समाज कल्याण विभाग ने इसके लिए तीन हजार भिखारियों को चिह्नित किया है, जिनका पुनर्वास किया जाना है। इनमें से 200 की पूरी प्रोफाइल बना ली गई है। प्रशासन भीक्षावृत्ति को हतोत्साहित करने के लिए भीख देने वालों पर भी जुर्माना लगाने की योजना बना रहा है।

मप्र सामाजिक न्याय विभाग ने शहर में भिक्षुक गृह बनाने का प्रस्ताव भेजा है। इसको गैर सरकारी संगठनों की मदद से संचालित किया जाएगा। सामाजिक न्याय विभाग की ओर से बताया गया है कि फिलहाल भिक्षुक गृह शुरू करने के लिए निजी संस्था को जिम्मा दिया गया है।
संस्था ने भवन की तलाश शुरू कर दी है। इसमें आदतन भिखारियों को रखकर उनको शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उनको रोजगार के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे सक्षम बनकर मेहनत की कमाई से खुद का और परिवार का पालन पोषण कर सकें। बताया जा रहा है कि शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्त बनाने में कम से कम एक साल का समय लगेगा।
141 भिखारी गोविंदपुरा क्षेत्र में
भोपाल के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शहर को भिक्षावृत्ति मुक्त करने की कवायद चल रही है। भिक्षुक गृह के साथ आम लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा, जिससे शहर को भिक्षावृत्ति मुक्त कराया जा सके। भोपाल शहर से भिक्षावृत्ति के काम में लगे जिन 200 लोगों की प्रोफाइल तैयार की गई है, उनमें सबसे अधिक 141 भिखारी गोविंदपुरा क्षेत्र में हैं।
कई के आधार ही नहीं बने हैं
टीटी नगर, एमपी नगर, हुजूर और कोलार सर्कल क्षेत्र में भीख मांगने वाले बच्चे, महिलाएं और अन्य पुरुषों को चिह्नित किया गया है। ये सभी चौक, चौराहों, तिराहों, धार्मिक स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सभी प्रकार के सामाजिक स्थलों पर मिले हैं। भीख मांगने वालों कई ऐसे बच्चे और महिलाएं मिली हैं, जिनके आधार ही नहीं बने है।

पुलिस की मदद से लगाएंगे जुर्माना
वहीं, शहर में भीख देने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस, नगर निगम, प्रशासन की टीम तैयार की जाएगी, जो चौक, चौराहों, तिराहों, धार्मिक स्थल सहित अन्य स्थानों पर नजर रखेगी। यहां भीख देने वालों को पहले समझाया जाएगा। इसके बाद भी यदि नहीं मानते हैं तो उन पर जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर में की जा चुकी है भीख देने वालों पर कार्रवाई
इंदौर को भिक्षावृत्ति मुक्त शहर बनाने के लिए सार्वजनिक जगहों पर भीख देने वाले लोगों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके साथ ऐसे भिखारी जो बार-बार समझाइश के बाद भी नहीं माने, उन्हें भिक्षुक गृह भेजा गया। शहर के लोगों को जागरुक करने के लिए अभियान चलाया गया, जिसमें एनजीओ की मदद ली गई।
भिक्षुक गृह खोला जाएगा
भिक्षुक गृह बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे एनजीओ की मदद से खोला जाएगा। महिला बाल विकास विभाग और श्रम विभाग की मदद से शहर के भिखारियों की पहचान की जा रही है। – आरके सिंह, उपायुक्त सामाजिक न्याय, भोपाल

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...