सोशल मीडिया पर सेलिब्रिटी का विज्ञापन देखकर एप को डाउनलोड करना हो सकता है खतरनाक

इंस्टाग्राम व फेसबुक पर आजकल अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, मुकेश, सचिन तेंदुलकर सहित कई सेलिब्रिटी बेटिंग एप के जरिये अमीर होने की बात करते नजर आएंगे। लेकिन आप इन रील या विज्ञापनों के झांसे में कतई न आएं, क्योंकि इन रील व विज्ञापनों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से तैयार किया जाता है। इन्हें डीपफेक वीडियो एड कहा जाता है। यदि आपने इन एप को डाउनलोड किया तो पहले तो आपके फोन का डेटा कंपनियों के पास पहुंच जाएगा। दूसरे जब आप इन एप पर गेम खेलेंगे तो निश्चित तौर पर आप हारेंगे।
ये हो सकता है कि छोटी रकम लगाने पर आप जीत जाएं, जैसे ही आप बड़ी रकम का भुगतान कर खेलेंगे, वैसे ही हार जाएंगे और आपको नुकसान हो जाएगा। इस बात की शिकायत भी आप पुलिस से नहीं कर सकते। देश में कोई सेलिब्रिटी किसी चीज का विज्ञापन करता है तो लोग उस पर ध्यान देते हैं और उस चीज का उपयोग करते हैं। इसी बात का फायदा बेटिंग एप चलाने वाली कंपनियां कर रही हैं। वे इन सेलिब्रिटी के डीपफेक वीडियो से इंस्टाग्राम व फेसबुक पर प्रचार कर रहे हैं और लोग इनके झांसे में फंस रहे हैं।
इस तरह हुआ नुकसान
मुरैना निवासी अतुल पाराशर इंस्टाग्राम पर रील देख रहे थे तभी एक गेम का एड आया। उस विज्ञापन में एक सेलिब्रिटी डाउनलोड कर अमीर बनने को कह रहा था। उन्होंने उस गेम को डाउनलोड कर लिया। इसके बाद 10 रुपये भुगतान कर गेम में विमान उड़ाया, लेकिन वे हार गए। इस तरह उन्होंने कई बार धन का भुगतान कर जीतने का प्रयास किया, लेकिन हर बार हार गए। ऐसे ही विजेंद्र सिंह ने भी सेलिब्रिटी के प्रचार वाले गेम को डाउनलोड किया। इस गेम में तुरंत भुगतान की बात कही गई थी। विजेंद्र सिंह ने गेम खेला। करीब 60 हजार रुपये भी जीते, लेकिन जब भुगतान लेने के लिए प्रोसेस की तो उनसे 360 रुपये पोर्टल चार्ज के मांगे गए। भुगतान करने के बाद भी उनकी राशि खाते में नहीं आई।
इंस्टाग्राम व फेसबुक ही क्यों?
इंस्टाग्राम व फेसबुक आजकल इंटरनेट पर सोशल प्लेटफार्म हैं। इंटरनेट मीडिया के दोनों प्लेटफार्म का देश के लोग उपयोग कर रहे हैं। इन पर ही अपना फ्री समय बिता रहे हैं। इसलिए दोनों ही प्लेटफार्म के यूजर्स को बेट लगवाने वाली कंपनियां अपना शिकार बना रही हैं।
लोगों को ऐसे लेती हैं झांसे में
डीपफेक विज्ञापन के जरिये अपने बेटिंग एप को डाउनलोड करने के लिए कहती हैं। एप डाउनलोड करने के बाद कम से कम एक या दो रुपये से बेट लगाने का विकल्प आता है। छोटे दांव की सुविधा देकर उपयोगकर्ताओं से बार-बार रुपये लगवाए जाते हैं।कुछ फर्जी प्लेटफार्म परिणामों को नियंत्रित करते हैं ताकि उपयोगकर्ता अधिक बार हारें।
जीतने के बाद भी धन नहीं निकलता
जीत की राशि निकालने के लिए कई शर्तें लगाई जाती हैं। भुगतान में जानबूझकर देरी की जाती है या फीस काट ली जाती है। उपयोगकर्ताओं की व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी चोरी कर उसे बेचना या गलत तरीके से उपयोग किया जाता है। अवैध लेनदेन के लिए ब्लैक मार्केट चैनलों का उपयोग किया जाता है। उपयोगकर्ता बार-बार हारने पर अधिक धन लगाते हैं, जिससे कर्ज बढ़ता है। उपयोगकर्ता जुए के आदी हो जाते हैं, जो उनके मानसिक और सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचाता है। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि इंटरनेट मीडिया खासतौर से इंस्टाग्राम व फेसबुक पर डीपफेक वीडियो के विज्ञापन आते हैं। लोग भ्रमित होकर उन्हें डाउनलोड कर खेलते हैं और हार जाते हैं। इसकी शिकायत भी वे नहीं कर पाते। इस संबंध में ट्राय व सरकार को अंकुश लगाना चाहिए। साथ ही गूगल से शिकायत भी करनी चाहिए कि गूगल प्ले पर इस तरह के एप नहीं रहें। इससे लोग उन्हें डाउनलोड नहीं कर सकें।

भारतीय रिज़र्व बैंक के अगले गवर्नर होंगे 1990 बैच के आईएएस-अधिकारी संजय मल्होत्रा

संजय मल्होत्रा ​​भारतीय रिजर्व बैंक के अगले गवर्नर होंगे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है। उन्हें इस महीने की 11 तारीख से तीन साल की अवधि के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है।

1990 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी मल्होत्रा ​​वर्तमान में वित्त मंत्रालय में राजस्व सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे शक्तिकांत दास का स्थान लेंगे। 33 वर्षों से अधिक के करियर में उन्‍होंने बिजली, वित्त और कराधान, सूचना प्रौद्योगिकी और खान सहित अन्य क्षेत्रों में उत्‍कृष्‍टता के साथ कार्य किया है। उन्हें राज्य और केंद्र सरकार में वित्त और कराधान का व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों के संबंध में कर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

संजय मल्होत्रा ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तहत राजस्थान कैडर से अपनी सेवा शुरू की थी। वह अब रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने उर्जित पटेल के इस्तीफे के बाद केंद्रीय बैंक की जिम्मेदारियां संभाली थी। संजय मल्होत्रा का कार्यकाल अगले तीन साल के लिए होगा।

संजय मल्होत्रा के पास वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में अत्यधिक अनुभव है। उन्होंने भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में वित्तीय सेवा विभाग के सचिव के तौर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इसके अलावा, उन्हें केंद्र और राज्य सरकारों में टैक्स और वित्तीय मामलों का भी गहरा अनुभव है।

बता दें कि शक्तिकांत दास का कार्यकाल भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में 2018 में शुरू हुआ था और उनके कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णय लिए गए। हालांकि, सरकार ने उनके कार्यकाल में कोई विस्तार करने का निर्णय नहीं लिया है। बताया जा रहा है कि संजय मल्होत्रा की नियुक्ति का फैसला वित्तीय सेवा क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए लिया गया है।

“खेलो एमपी गेम्स’’ के जरिये उत्कृष्ट खिलाड़ी निखर कर आयें : मंत्री विश्वास सारंग

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि “खेलो एमपी गेम्स’’ के जरिये उत्कृष्ट खिलाड़ी निखर कर आयें, इसके लिये खेल विभाग, फेडरेशन और एसोसिएशन एक साथ मिलकर आपसी सामंजस्य के साथ काम करें। मंत्री सारंग ने यह बात उनकी पहल पर हुई बैठक में कही। तात्या टोपे खेल स्टेडियम में आयोजित खेल विभागय, फेडरेशन और एसोसिएशन की बैठक में इस बात की सभी ने रजामंदी दी।

मंत्री सारंग ने कहा कि राज्य सरकार और एसोसिएशन/फेडरेशन खेल के उन्नयन और विस्तार के लिये काम कर रही है। हम सब एक ही प्लेटफार्म पर काम करेंगे, तो खेल प्रतिभाएँ निखर कर सामने आयेंगी। उन्होंने कहा कि खेल में जितना योगदान खेल विभाग का है, उतना ही योगदान फेडरेशन और एसोसिएशन का भी रहा है। विभाग के साथ एसोसिएशन/फेडरेशन डे-टू-डे वर्किंग में साथ मिलकर काम करें। रोजमर्रा के कामों को एक साथ संवाद कर करने से उत्कृष्ट कार्य कर हम धरातल पर उतार सकेंगे।

मंत्री सारंग ने कहा कि पिछले वर्ष एमपी यूथ गेम्स का आयोजन किया गया, जो सफल रहा और लाभ भी मिला। प्रदेश के खेल उन्नयन और खिलाड़ियों के लिये इस बार फिर से एमपी यूथ गेम्स आयोजित किये जायेंगे। इसकी प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शी रहे और खिलाड़ियों का चयन उत्कृष्टता के आधार पर हो सके, इसके लिये फेडरेशन और एसोसिएशन का सहयोग आवश्यक है।

मंत्री सारंग ने कहा कि सभी साथ मिलकर ब्लॉक स्तर से खिलाड़ियों का चयन कर जिला स्तरीय टीम बनायें। जिला स्तर के लिये चयनित खिलाड़ियों से रीजनल टीम में प्रतिभाएँ सामने आयें, जो स्टेट लेवल पर खेलें। सभी के सहयोग से यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी। रीजनल टीम में 2-3 ग्रुप भी बनायें। रीजनल लेवल से भागीदारी करने वालों को स्टेट लेवल का प्रमाण-पत्र भी दिया जायेगा। यही उत्कृष्ट खिलाड़ी नेशनल गेम्स में भागीदारी के लिये फेडरेशन और एसोसिएशन के माध्यम से आयोजित कैम्प में ट्रेंड होकर खेलें। इससे ट्रॉयल की प्रक्रिया की जानकारी भी सभी तक पहुँचेगी। चयन प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शी रहेगी और योग्य एवं उत्कृष्ट खिलाड़ी राज्य को मिलेंगे।

मंत्री सारंग ने कहा कि यह प्रक्रिया 2 साल प्रायोगिक तौर पर ली जा रही है। अगर इसके बाद कहीं कोई दिक्कत आती है, तो इसे ड्रॉप भी किया जा सकता है। उन्होंने चयन कमेटी में जिला खेल अधिकारी सहित एसोसिएशन एवं फेडरेशन के सदस्यों को एक साथ काम करने और रूपरेखा बनाकर एसओपी तैयार करने को भी कहा। कमेटी 5-7 दिन में फायनल रूप लेकर प्रस्तुत करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया इस प्रकार हो कि देश के अन्य राज्य भी इसे एडॉप्ट करें। मंत्री सारंग ने कहाकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी हो। खेल सुविधाएँ सरकार देगी, उत्कृष्ट खिलाड़ी आप तैयार करें और जीत सुनिश्चित करें। हम सब मिलकर एक साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन करें, जिससे प्रदेश और देश का नाम रोशन हो।

बैठक में ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, ओलम्पिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह, अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, संचालक रवि कुमार गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एल. यादव सहित सभी खेल संघों के अध्यक्ष एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

मध्यप्रदेश के एथलीट विनोद सिंह ने 39वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रचा इतिहास

भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 7 से 11 दिसंबर 2024 तक आयोजित 39वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के एथलीट विनोद सिंह ने बालक अंडर-20 वर्ग के 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया। विनोद ने 14:12.67 मिनट के प्रदर्शन के साथ न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि नई मीट रिकॉर्ड भी बनाई।

इसी इवेंट में अकादमी के एक अन्य प्रतिभाशाली एथलीट विकास कुमार बिंद ने 14:13.52 मिनट के प्रदर्शन के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया, जो पिछले मीट रिकॉर्ड से बेहतर था। गौरतलब है कि यह पूर्व रिकॉर्ड भी अकादमी के एथलीट सुनील डावर के नाम था, जिन्होंने 14:13.95 मिनट का समय दर्ज किया था।

इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विनोद सिंह, विकास कुमार बिंद और उनके प्रशिक्षकों एस.के. प्रसाद एवं संदीप सिंह को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह प्रदर्शन प्रदेश के खेल इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ता है। राज्य एथलेटिक्स अकादमी के एथलीटों की इस उपलब्धि से हमें अपार गर्व हुआ है।”

मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी निरंतर उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित कर रही है और यह सफलता न केवल एथलीटों की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि प्रशिक्षकों की अद्वितीय तैयारी और मार्गदर्शन का भी परिणाम है।

एमपी में सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, कोल्ड वेव का अलर्ट जारी

प्रदेश भर में मौसम ने अचानक से करवट बदल ली है। पहली बार इस सीजन में दिन के समय में भी सर्दी का एहसास हुआ। सभी जिलों में सोमवार को दो से तीन डिग्री तक दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। जबकि मंगलवार को और पारा गिरने की संभावना है। ऐसे में अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड दस्तक दे सकती है, और शीतलहर भी चल सकती है। दिन में बफीर्ली हवाओं की वजह से धूप की तेजी भी कम हो जाएगी। दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में बफीर्ली हवाओं का आना शुरू हो गया है।
इन जिलों में हुई बूंदाबांदी
भोपाल-इंदौर समेत पूरे प्रदेश में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर गया है। मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। दूसरी ओर, भोपाल समेत कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बह रही हैं। इस वजह से बर्फ पिघलेगी और फिर हवा की रफ्तार तेज हो जाएगी। जिसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा।
20 दिसंबर से कड़ाके की ठंड
15 दिसंबर तक मौसम में ऐसा ही उतार-चढ़ाव रहेगा। कभी तेज ठंड, कभी बारिश तो कभी बादल छाए रहेंगे। कड़ाके की ठंड का दौर 20 दिसंबर से शुरू होगा, जो जनवरी तक बना रहेगा। इन्हीं 40 दिनों में 20 से 22 दिन शीत लहर की भी स्थिति रह सकती है। सबसे ज्यादा ठंड उज्जैन, ग्वालियर-चंबल संभाग में रहेगी।
ग्वालियर रहेगा सबसे ठंडा
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य शहरों में दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में ही कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू होती है। इन पांच बड़े शहरों में पारे में सबसे ज्यादा गिरावट ग्वालियर में होती है। यहां पिछले 10 साल में एक बार तापमान 1.8 डिग्री तक पहुंच चुका है। ग्वालियर में दिन में गर्मी तो रात में ठंड रहती है। पिछले 10 साल में यहां अधिकतम तापमान 26.2 से 31.6 डिग्री तक रह चुका है। जबलपुर में यह 4.4 डिग्री और उज्जैन में 2.5 डिग्री तक रहा है। भोपाल और इंदौर में भी तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा है।
भोपाल में 3.1 डिग्री रिकॉर्ड तापमान
भोपाल में दिन-रात ठंड और बारिश का ट्रेंड रहा है। 10 में से पिछले 5 साल से भोपाल दिसंबर में भीग रहा है। बारह मिमी तक बारिश होती रही है। इस बार भी बारिश होने के आसार हैं। दिसंबर में ठंड की बात करें तो 11 दिसंबर 1966 की रात में यहां पारा 3.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। यह अब तक का रिकॉर्ड है। 3 साल पहले 2021 में पारा 3.4 डिग्री पहुंच गया था।

राज्य में फ्री कोचिंग का दायरा बढ़ाएगी सरकार

राज्य सरकार जेईई, नीट एवं क्लेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग का दायरा बढ़ाएगी। खाका तैयार कर लिया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों को यह सुविधा मिलेगी।

आकांक्षा योजना में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर संभागीय मुयालय में जनजातीय विद्यार्थियों को फ्री कोचिंग दी जाती है। 2025-26 के लिए योजना के संदर्भ में संशोधित कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। अब उज्जैन एवं खंडवा में भी जनजातीय विद्यार्थियों को फ्री कोचिंग दिलाई जाएगी।

जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने बताया कि आकांक्षा योजना की सफलता को देखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर की इन तीनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सीटों और कोचिंग के लिए सेंटर्स की संया भी बढ़ाने का प्रयास है।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, दसवीं किश्त के मिलेंगे रूपये 1572.75 करोड़

“मुख्यमंत्री लाड़ली बहना” योजना ने हितग्राही महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक दृष्टिकोण बदला है। समय पर खातों में पैसे आने से सभी प्रकार की आर्थिक गतिविधियों का प्रबंधन करना भी लाड़ली बहनों के लिए आसान हो गया है। “मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान” के शुभारंभ में 11 दिसम्बर को योजना के 1.29 करोड़ हितग्राही बहनों को 10वीं किश्त के रूपये 1572.75 करोड़ रूपये खातों में भेजे जायेंगे।

मंडीदीप निवासी सीमा भावर बताती हैं कि हर महीने समय पर रुपए खाते में आ जाते हैं। घर के छोटे-छोटे खर्चे वे इससे पूरा कर लेती हैं और इसमें भी बचत करके रुपए जोड़ने की कोशिश करती हैं। सीमा बताती हैं कि इन रुपयों से घर चलाने में मदद मिल जाती है। अचानक आने वाले किसी भी खर्च से अब डर नहीं लगता क्योंकि उन्हें योजना से मिली राशि से हिम्मत बनी रहती है।

रायसेन जिले की ग्राम बड़ौदा निवासी गायत्री बाई कहती हैं कि लाड़ली बहना योजना से मिली राशि जरूरत में काम आती है। टाइम पर मिलने से इसके हिसाब से खर्च कर लेते हैं। रिश्तेदारी में आने जाने में भी इससे सहूलियत हो जाती है। वे बताती हैं कि बिना नागा हर महीने समय पर पैसा खाते में आ रहा है। वार्ड 4 निवासी शिवकुमारी अहिरवार कहती हैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भाई की तरह चिंता करने वाले हैं, हमें पता होता है अगले महीने 10 तारीख को हमें 1250 रुपए मिलेंगे। वार्ड 7 गभोई पुरा निवासी रुबीना बी इस योजना को सरकार से घर चलाने में मिलने वाली बड़ी सहूलियत मानती हैं। वे कहती हैं कि बिना भेद भाव के सभी बहनों को हर महीने 1250 रुपए खाते में सीएम भेज रहे हैं। हमें इन रुपयों से साग-सब्जी के साथ-साथ घर की जरूरत का दूसरा सामान लेने में मदद मिलती है। हर महीने थोड़े-थोड़े रुपए बचाकर रमजान के महीने में खर्च और फिर ईद पर खरीदी में भी हम इन पैसों का उपयोग करते हैं।

रायसेन की ही शीला पंथी स्कूल सत्र शुरू होने के समय पर बच्चों के लिए कॉपी-किताब और बाकी साल भर में बच्चों के कहने पर उन्हें टॉफी खिलौने इन रुपयों से खरीदती हैं। पति भूरा पंथी ऑटो चलाते हैं कभी आमदनी कम होती है तो लाड़ली बहना वाले रुपयों से घर खर्च में पति को सहयोग करती हैं। मोहल्ले की वे महिलाएं जो इस योजना का लाभ ले रही हैं, जब भी मिलती है अपने-अपने किस्से बताती हैं। सभी कहती हैं कि मुख्यमंत्री बहनों के हित में काम कर रहे हैं।

अर्जुन नगर निवासी मिश्री बाई इस योजना को सरकार का सहारा बताती हैं। मिश्री बाई कहती हैं कि हर महीने हमने इसमें से 500 रुपए बचाए। 17 किश्तें हमें मिल गई हैं। एक बड़ी राशि हमने हर महीने बचत करके जोड़ ली। जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग करेंगे। इसके अलावा हर महीने 750 रुपए भी घर खर्च में उपयोग होते हैं। बचत भी हो रही है। घर खर्च में मदद भी मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव हर महीने हम बहनों के खाते में रुपए क्रेडिट करवा देते हैं।

पटेल नगर निवासी रानी के पति एक मल्टी में गार्ड हैं। रानी मानती हैं कि महिलाओं में योजना से आत्म-निर्भरता बढ़ी है। ताजपुर महल निवासी श्रीमती गीता बाई सराठे लाडली बहना योजना का लाभ पाकर बहुत खुश हैं। उनके पति लीला किशन स्कूल में काम करने के साथ साथ पुताई आदि का कार्य करते हैं। गीता बताती हैं कि घर में कोई नया सामान लेना हो या त्यौहार पर खर्च बढ़ जाए तो इन रुपयों से बहुत मदद मिल जाती है। न बीमारी का डर रहता है और न ही खर्चों की चिंता सताती है।

ग्राम खमरिया गंज गैरतगंज निवासी माला बाई कहती हैं कि लाड़ली बहना योजना ने परिवार को बहुत सहारा दिया है। पति किसान है और खेती में कभी नुकसान होने पर भी अब हम घर आसानी से चला लेते हैं। माला बाई खुद भी सिलाई का काम करती हैं। उनका कहना है पति की किसानी में मेहनत, हमारा सिलाई का काम और साथ में लाड़ली बहना की राशि सब मिलाकर हम परिवार के खर्चे अच्छे से पूरे कर लेते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जितनी तारीफ करें, कम है।

ग्राम पंचायत कल्याणपुरा के ग्राम सेमरा की निवासी सीमा लोधी के पति राकेश लोधी का पिछले महीने देहांत हो गया। उनका कहना है मेरे 4 बच्चे हैं अभी आय का कोई सहारा नहीं है। लाड़ली बहना योजना की राशि से ही अभी घर चलाऊंगी। सीमा बताती हैं कि 17 महीने से हमें लाडली बहना योजना का लाभ मिल रहा है।

भाजपा संगठन चुनाव, 12 को जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदेश संगठन को सौंपेंगे अंतिम रिपोर्ट

भाजपा संगठन चुनाव को लेकर मंडल अध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया के तहत सोमवार से रायशुमारी का दौर शुरू हो गया है। यह तीन दिन तक चलेगा। 12 दिसंबर को जिला निर्वाचन अधिकारी एक नाम तय कर प्रदेश संगठन को रिपोर्ट सौंपेंगे। 13, 14 को नए मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी।

तीन नामों का पैनल वरिष्ठ नेताओं, सांसद और विधायकों से जिला निर्वाचन अधिकारी ने मांगे थे। रायशुमारी में पर्यवेक्षकों की भूमिका अहम रहने वाली है। उनसे हरी झंडी मिलने के बाद ही जिला निर्वाचन अधिकारी रिपोर्ट तैयार करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक कई मंडलों में क्षेत्रीय नेताओं की गुटबाजी के कारण विवाद जैसी स्थिति बन सकती है। वहां यदि सहमति नहीं बनी तो वहां के चुनावों को होल्ड पर कर दिया जाएगा।

पुराने शहर के आधे हिस्से का ट्रैफिक एक लेन में, बढ़ी परेशानी

मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट की 3.34 किमी अंडरग्राउंड लाइन व दो अंडरग्राउंड स्टेशन का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया, लेकिन इसके लिए पुराने शहर के आधे हिस्से का ट्रैफिक एक लेन में जरूर कर दिया। बेरिकेडिंग से बनी परेशानी और सिंगल लेन पर ट्रैफिक से प्रदूषण भी बढ़ा है। यह हिस्सा यूरोपियन बैंक से मंजूर करीब साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए के लोन की राशि से होगा। इसके लिए कारपोरेशन का बैंक से पत्राचार चल रहा है। करीब 700 करोड़ रुपए में ये हिस्सा बनेगा। अभी तो सर्वे ही किया जा रहा है। अंडरग्राउंड लाइन व स्टेशन के लिए भारी मशीनरी शहर में आएगी। इससे ही सुरंग खोदी जाएगी। अंडरग्राउंड कार्य के लिए बड़े स्तर पर काम शुरू होने की उमीद की जा रही है। अंडरग्राउंड लाइन के लिए खुदाई शुरू करने में सात से आठ माह का समय लगने की बात कही जा रही है।

आज गीता जयंती का अवसर अद्भुत और अलौकिक ऊर्जा से परिपूर्ण है। मध्यप्रदेश में पहली बार ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आप सभी को गीता जयंती की मंगलकामनाएं…।

यह हमारा सौभाग्य है कि 8 से 11 दिसंबर 2024 की अवधि में चलने वाले इस महोत्सव में हमें गीता के ज्ञान और इसके महत्व को जानने तथा व्यवहार में आत्मसात करने का अवसर मिला है। विरासत से विकास की संकल्‍पना के मूल विचार में सनातन परम्‍पराएं, मान्‍यताएं और उसके कल्‍याणकारी सामाजिक परिणाम रहे हैं। इसी क्रम में गीता जयंती के अवसर पर मध्‍यप्रदेश में अंतर्राष्‍ट्रीय गीता महोत्‍सव का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के विविध पक्षों और श्रीमद्भागवद गीता के सार्थक संदेशों से नागरिकों को अवगत करवाना है। सौभाग्य की बात है कि मध्यप्रदेश गीता के सस्वर पाठ का विश्व रिकार्ड स्थापित कर रहा है। इसी श्रृंखला में विद्यालयों में गीता पर केन्द्रित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लाखों विद्यार्थियों ने सहभागिता की। भगवान श्रीकृष्ण ने जीवन के रहस्य की जो बात श्रीमद्भगवद गीता में समझाई है वह हम सभी के लिये पाथेय के रूप में है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र निर्माण के लिये प्रासंगिक है।

भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार साल पहले महाभारत की युद्ध भूमि कुरूक्षेत्र में कौरवों और पांडवों के बीच अर्जुन को कर्मयोग की शिक्षा दी जिससे पवित्र गीता का अवतरण हुआ। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा जो बातें कही गईं वह आज भी सम-सामयिक है। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने जिस गीता भाष्य की रचना की थी उसे क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद, शहीद भगत सिंह, राजगुरु आदि क्रांतिवीर अपने पास रखते थे। गीता भाष्य से प्रेरणा लेकर क्रांतिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिये संघर्ष किया। गीता हमारे लिये न केवल पवित्र ग्रंथ है बल्कि जीवन की सार्थकता सिद्ध करने का मार्ग भी है।

गीता का मध्यप्रदेश से गहरा संबंध है। भगवान श्रीकृष्ण विद्याध्ययन के लिये मध्यप्रदेश की उज्जैन नगरी आये थे। यहां महर्षि सांदीपनि आश्रम में उनकी शिक्षा-दीक्षा हुई थी, इसी धरती पर उन्हें सुदर्शन मिला। श्रीमद्भगवद गीता आज भी पूरे संसार के लिये एक अद्भुत ग्रंथ है। संसार के लगभग प्रत्येक देश ने अपनी स्वभाषा में गीता का अनुवाद किया और विश्वविद्यालयों ने शोध किया। व्यक्तित्व विकास की आधुनिक पुस्तकों में ऐसा कोई सूत्र नहीं जिसका वर्णन श्रीमद्भगवद गीता में न हो। श्रीमद्भगवद गीता भारतीय दर्शन और चिंतन का मूल आधार है, जो सत्कर्म के माध्‍यम से मनुष्‍य को अपने में ही दिव्‍यता का अनुभव करा देती है। यह समस्‍त मानव समाज को स्‍व-धर्म का आत्‍मबोध देती है और सच्‍चे कर्तव्‍य पथ की ओर प्रशस्‍त करती है।

मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय में गीता भवन केन्द्र स्थापित किये जा रहे हैं। यह भवन गीता के ज्ञान को साझा करने का महत्वपूर्ण स्थान होगा। यहां होने वाले विचार-विमर्श से लोगों के जीवन और व्यवहार में बदलाव आयेगा। हमने प्रदेश के सभी विकासखण्डों में एक गांव को चयनित कर वृंदावन गांव के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इन गांवों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा। वृंदावन गांव में जहां एक ओर प्राचीन संस्कृति को पुष्पित और पल्लवित किया जायेगा, वहीं दूसरी ओर जैविक खेती और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जायेगा।

रामायण और श्रीमद्भगवद गीता हमारी राष्ट्रीय धरोहर हैं। हमारी युवा पीढ़ी को इन धर्म ग्रंथों के बारे में जानना आवश्यक है। इनके ज्ञान से अपने व्यक्तित्व और भविष्य को परिष्कृत किया जा सकता है। भारतीय ज्ञान परंपरा का समावेश करते हुए पाठ्यक्रमों में रामायण और गीता वैकल्पिक विषय के रूप में शामिल की गई हैं। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को गीता का ज्ञान भी दिया जा रहा है, जो धरातल पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के एक हाथ में श्रीमद्भगवद गीता है तो दूसरे हाथ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पुस्तकें। यह बदलाव बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण से लेकर भविष्य निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है।

श्रीमद्भगवद गीता में कुल 700 श्लोक हैं। इनमें 574 श्रीकृष्ण उवाच अर्थात् भगवान श्रीकृष्ण ने कुल 574 श्लोकों में जीवन का संदेश दिया है। व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र के साथ संपूर्ण प्रकृति और सृष्टि के जीवन के सभी विषय,हर समस्या का समाधान इन श्लोकों के सूत्रों में है। भगवान श्रीकृष्ण ने जीवन की सफलता केलिये अपने धर्म के पालन और एकाग्रता के साथ कर्मशीलता पर ही बल दिया है।

कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।

मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि॥ (2/ 47)

अर्थात् तुम्हारा अधिकार केवल कर्म पर है, कर्म के फल पर नहीं… इसलिए फल की चिंता किये बिना कर्म को ही कर्तव्य मानकर कार्य करो, उसी पर तुम्हारा अधिकार है।

गीता के अध्याय दो के इस श्लोक में किसी व्यक्ति के जीवन की सफलता का ही नहीं, समाज और राष्ट्र के विकास का भी यही सूत्र है। मनुष्य को अपना पूरा ध्यान अपने कर्म और कर्तव्य पर ही लगाना चाहिए। यदि व्यक्ति का समर्पण कर्तव्य के प्रति है तो उससे कोई अनुचित कार्य नहीं होगा और यदि पूरी आयोजना के साथ कर्म आरंभ किया है तो उसकी शत-प्रतिशत सफलता निश्चित है तब क्यों परिणाम के प्रति चिंतित होना चाहिए।

मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि श्रीमद्भगवद गीता की प्रेरणा से मध्यप्रदेश ने अपनी विकास यात्रा आरंभ की है। मध्यप्रदेश सरकार का संकल्प है “विकास के साथ विरासत”। इसीलिए एक ओर जहां विकास के लिये बहुआयामी योजनाओं पर काम हो रहा है वहीं भावी पीढ़ी के निर्माण और उन्हें अपने कर्म-कर्तव्य की प्रेरणा देने के लिये विरासत को भी संजोया जा रहा है। मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों में योगेश्वर और कर्मेश्वर भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियां बिखरी हुई हैं। उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण, महू के पास जानापाव में भगवान परशुराम से भेंट, धार जिले के अमझेरा में रुक्मणी वरण और शौर्य का प्रदर्शन आदि स्थानों में उनके स्मृति चिन्ह हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने श्रीकृष्ण पाथेय निर्माण करने का संकल्प लिया है। इस पाथेय में उन सभी स्थानों को जोड़ा जा रहा है जहां भगवान श्रीकृष्ण का आगमन हुआ। यह सब एक तीर्थ के रूप में विकसित होंगे और इन स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की लीला, शिक्षा एवं श्रीमद्भगवद गीता के संदेश उकेरे जायेंगे ताकि वर्तमान पीढ़ी उनके संदेशों को समझकर अपना जीवन सार्थक कर सके।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव हमारे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का उत्सव है। मेरा प्रदेश के सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे गीता की अमूल्य शिक्षा तथा मूल्यों से प्रेरणा लें, अपने जीवन में आत्मसात करें औरअपने विकास के साथ विकसित मध्यप्रदेश निर्माण की संकल्पना को आधार प्रदान करें।

आप सभी को पुनश्च गीता जयंती की हार्दिक बधाई।

डॉ. मोहन यादव

लेखक, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...