अगले 5 वर्षों में हर सरकारी स्कूल की प्रत्येक कक्षा को बनाया जायेगा डिजिटल

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि प्रदेश में अगले 5 वर्षों में प्रत्येक सरकारी स्कूल की हर कक्षा को डिजिटल करने का प्रयास किया जायेगा। सरकारी स्कूलों के बच्चे पढ़ाई में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें, इसके लिये राज्य सरकार हर संभव कोशिश करेगी। स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह रविवार को रतलाम में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रतलाम के सीएम राइज विनोबा स्कूल ने दुनियाभर में पहला स्थान प्राप्त कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने फाउण्डेशन के अनूठे आयोजन की भी तारीफ की। मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है कि देश का हर स्कूल एक्सीलेंस बनें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनजातीय कार्य मंत्री और रतलाम जिले के प्रभारी मंत्री कुँवर डॉ. विजय शाह ने कहा कि प्रदेश में जनजातीय वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को अच्छे कॅरियर के लिये श्रेष्ठ संस्थानों में कोचिंग दिलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि रतलाम का यह समारोह प्रदेश के अन्य जिलों को भी प्रेरणा देगा। फाउण्डेशन के अध्यक्ष और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने बताया कि हमारा यह फाउण्डेशन रतलाम में कक्षा-10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर रहा है। सम्मान के रूप में विद्यार्थियों को टाइटन की रिस्ट वॉच एवं शील्ड प्रदान की गयी है। वर्ष 2024 के सम्मान समारोह में 2024 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम में 93 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को मंच पर बैठने का स्थान दिया गया। सम्मान समारोह में जानकारी दी गयी कि फाउण्डेशन पिछले 10 वर्षों से मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर रहा है। इसके साथ ही फाउण्डेशन बच्चों में अच्छे संस्कार देने के लिये भी सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी करता आ रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।

 

डायबिटीज जागरूकता के लिए हुई साइकिल रैली और वॉकथान

मधुमेह जागरूकता शनिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय से शाहपुरा लेक तक साइकिल रैली और वॉकथान का आयोजन किया गया है। रैली में डायबिटीज के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में प्ले कार्ड, बैनर्स, पोस्टर्स के माध्यम से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी, उपसंचालक एनसीडी कार्यक्रम डॉ.नमिता नीलकंठ, डॉ. ज्योति बनवारी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों एवं ग्रीन प्लेनेट साइकिलिंग राइडर्स एसोसिशन के साइकलिस्ट ने भाग लिया। जपाईगो, वर्ल्ड डायबिटीज फाउंडेशन एवं रिसॉल्व टू सेव लाइव्स इंडिया द्वारा कार्यक्रम में सहयोग दिया गया। जागरूकता रैली के माध्यम से बताया गया कि डायबिटीज की सही समय पर पहचान कर स्वस्थ जीवन शैली एवं चिकित्सक की सलाह से दवाइयों का नियमित सेवन कर सामान्य जीवन जिया जा सकता है। कमजोरी या थकान महसूस होने, वजन के अचानक कम होने या बढ़ने , तेज भूख लगने, बार-बार पेशाब, बार-बार प्यास लगना, घाव बनने में देरी, धुंधलापन जैसे लक्षण मधुमेह के भी हो सकते हैं। परिवार में पहले से किसी सदस्य को डायबिटीज होने, अनियमित खानपान, हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, अधिक वजन होने पर मधुमेह की नियमित जांच करवाया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर उप संचालक असंचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. नमिता नीलकंठ ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन और वर्ल्ड डायबिटीज फेडरेशन के अनुसार दुनिया भर में 537 मिलियन से ज्यादा वयस्क मधुमेह से पीड़ित है और अनुमान है कि 2045 तक यह संख्या बढ़कर 783 मिलियन हो जाएगी, इसलिए इस बीमारी के में बारे में जागरूकता फैलाना जरूरी है ।

मधुमेह हर तबके को प्रभावित करता है, हालांकि विशेष रूप से निम्न और मध्यम आय वाले देशों में ज्यादा प्रचलित है । जहां मधुमेह से पीड़ित 75% से ज्यादा लोग रहते हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ.प्रभाकर तिवारी ने बताया कि प्री डायबिटिक स्टेज को रोकने के लिए हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फूड जैसे आलू , तरबूज, पाइनएप्पल, सफेद शक्कर, चावल, कॉर्न फ्लेक्स, व्हाइट ब्रेड के सेवन से बचना चाहिए। प्रतिदिन न्यूनतम 40 मिनट का व्यायाम डायबिटीज की संभावना को कम करता है। असंचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत भोपाल जिले में 4 लाख 22 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है , इनमें से लगभग 60 हजार लोगों में डायबिटीज पाई गई है । जिनका उपचार एवं फॉलोअप स्वास्थ्य संस्थाओं एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से किया जा रहा है । सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच परामर्श एवं दवाइयां नि:शुल्क दी जाती है।

भारतीय सेना और सिंगापुर के सशस्त्र बलों ने संयुक्त सैन्य अभ्यास “अग्नि योद्धा – 2024” हुआ पूरा

भारतीय सेना और सिंगापुर के सशस्त्र बलों के बीच द्विपक्षीय अभ्यास, संयुक्त सैन्य अभ्यास अग्नि वॉरियर (एक्सएडब्लू-2024) का 13वां संस्करण 30 नवंबर 2024 को देवलाली (महाराष्ट्र) की फील्ड फायरिंग रेंज में संपन्न हुआ। 28 से 30 नवंबर, 2024 तक आयोजित तीन दिवसीय अभ्यास में सिंगापुर सशस्त्र बल की जिस टुकड़ी ने भाग लिया, उसमें सिंगापुर आर्टिलरी के 182 कर्मी शामिल थे। भारतीय सेना की तरफ से आर्टिलरी रेजिमेंट के 114 सैनिक शामिल इस अभ्यास में शामिल हुए थे।

​अभ्यास एक्सएडब्ल्यू-2024 का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत एक बहुराष्ट्रीय बल के रूप में एकजुटता हासिल करने के लिए अभ्यास और प्रक्रियाओं की आपसी समझ को अधिकतम करना था। इस अभ्यास में दोनों सेनाओं की आर्टिलरी द्वारा संयुक्त गोलीबारी कार्य योजनाओं, क्रियान्वयन और नई पीढ़ी के उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन किया गया।

इस कार्यक्रम में आर्टिलरी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अदोश कुमार, आर्टिलरी स्कूल के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एनएस सरना और सिंगापुर सशस्त्र बलों के मुख्य आर्टिलरी अधिकारी कर्नल ओंग चिउ पेरंग उपस्थित थे। गणमान्य व्यक्तियों ने उच्च स्तरीय व्यावसायिक कौशल और विशेषज्ञता का प्रदर्शन करने के लिए भाग लेने वाले सैनिकों की सराहना की।

इस अभ्यास में व्यापक स्तर पर संयुक्त तैयारी, समन्वय, एक-दूसरे की क्षमताओं की समझ, प्रक्रियाएं तथा भारतीय और सिंगापुर आर्टिलरी गतिविधियों के बीच सामान्य इंटरफेस का विस्तार शामिल था। यह सिंगापुर सशस्त्र बलों के सैनिकों द्वारा फायर पावर प्लानिंग की पेचीदगियों से अवगत कराने वाले सफल प्रशिक्षण की योजना थी। अभ्यास के दौरान दोनों सेनाओं ने विशिष्ट तकनीकों का उपयोग किया और संयुक्त प्रशिक्षण के हिस्से के रूप में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों का आदान-प्रदान किया।

उर्वरक वितरण और विक्रय से जुड़ी गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जाए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं। जिन स्थानों से वितरण संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। वितरण केन्द्रों की संख्या बढ़ाना आवश्यक हो, उन स्थानों पर अविलंब ऐसे प्रबंध किए जाएं। किसानों को कोदो-कुटकी के उत्पादन के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में उर्वरकों के अवैध भंडारण, अवैध परिवहन और कालाबाजारी के 71 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज की गई है। मध्यप्रदेश को किसानों की जरूरत के मान से केन्द्र द्वारा भी निरंतर उर्वरक प्रदाय किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को विदेश यात्रा से लौटते ही समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में उर्वरकों के वितरण की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में पूर्व वर्ष में 470 उर्वरक विक्रय केन्द्र थे। वर्तमान में प्रदेश में 761 विक्रय केन्द्र और काउंटर्स द्वारा वितरण का कार्य किया जा रहा है। विपणन संघ, मार्केटिंग सोसायटी और एमपी एग्रो द्वारा केन्द्रों का सुचारू संचालन किया जा रहा है। प्रदेश में गुणवत्ता नियंत्रण के अंतर्गत 10 हजार से अधिक नमूने विश्लेषित किए गए। साथ ही 45 लायसेंस निलंबित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर और अन्य जनमाध्यमों से उर्वरक वितरण की शिकायतें प्राप्त होने पर सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के अधिकारी अविलंब संज्ञान लें और शिकायतों को दूर करें। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में गत वर्ष से अधिक मात्रा में उर्वरक वितरण हो चुका है। फसलों की बोवनी लगभग दो तिहाई क्षेत्र में हो चुकी है। प्रदेश में 28 नवम्बर 2024 तक 32.44 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध हैं। इनमें 21.34 लाख मीट्रिक टन का विक्रय हो चुका है और 11.10 लाख मीट्रिक टन उर्वरक शेष है। दिसम्बर माह में इनकी उपलब्धता लगभग 20 लाख मीट्रिक टन रहेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों को वितरण के लिए निरंतर और नियमित रूप से आवश्यक उर्वरक प्राप्त हो रहे हैं। भविष्य में भी यह व्यवस्था सुचारू रहे, इस उद्देश्य से वे केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह करेंगे। वर्तमान में प्रदेश में विभिन्न जिलों के लिए रेल से 11 रैक पाईंट के लिए यूरिया का प्रदाय हो रहा है। आगामी सप्ताह यूरिया सहित डीएपी, एनपीके और टीएसपी के रैक टीकमगढ़, निवाड़ी, रीवा, कछपुरा, झुकेही, शहडोल, इटारसी, गुना, अशोकनगर, मेघनगर, खंडवा, शाजापुर, मंडीदीप, खंडवा, ब्यावरा, शिवपुरी, डबरा, बैतूल आदि के लिए आएंगे। दिसम्बर महीने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। केन्द्र सरकार का पूर्ण सहयोग मिल रहा है।

किसानों के हित में उर्वरक व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। दोषियों के विरूद्ध गत 7 दिवस में 11 एफआईआर दर्ज हुई हैं। इस सीजन में कुल 71 एफआईआर दर्ज हुई हैं। इनमें प्रदेश में उर्वरक के अवैध भंडारण पर 27, अवैध विक्रय पर 17, कालाबाजारी पर 10, अवैध परिवहन पर 7, अमानक उर्वरक पर 5, पीओएस मशीन से विक्रय नहीं करने पर 3 और नकली उर्वरक के विक्रय पर 2 एफआईआर दर्ज हुई हैं। प्रदेश भर में यह कार्यवाही निरंतर चल रही है। प्रदेश के कुछ जिलों में किसानों के हित में बेहतर वितरण व्यवस्था से संबंधित नवाचार किए गए हैं। विदिशा जिले के कुरवई में खाद और बीज दुकानों की जाँच कर सैम्पल लिए गए। जबलपुर में कालाबाजारी की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की गई। किसानों को फसलों में पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए वैकल्पिक उर्वरकों के इस्तेमाल का परामर्श भी दिया गया। छतरपुर जिले में अवैध भंडारण पर एफआईआर कर दोषी व्यापारियों पर केस दर्ज किए गए। आगर-मालवा, बैतूल, देवास, बालाघाट, बुरहानपुर, झाबुआ, शिवपुरी, मंदसौर, श्योपुर, हरदा और खंडवा जिलों में भी सख्त कार्रवाई कर अवैध व्यापार करने वालों को दंडित किया गया है।

नवाचारों में टीकमगढ़ में काउंटर संख्या बढ़ाकर वितरण व्यवस्था को आसान बनाया गया। छिंदवाड़ा में रबी फसल की तैयारी के लिए किसानों के लिए मार्गदर्शी कार्यशाला आयोजित की गई।

बैठक में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव अनुराग जैन, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव एस.एन. मिश्रा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रमुख निर्देश – प्रदेश में जहां रेल के रैक आने में विलंब हो, वहां सड़क मार्ग से परिवहन कर उर्वरक पहुंचाएं। केन्द्रों की संख्या अधिक से अधिक हो। आवश्यकता हो तो किराए की दुकान लेकर भी वितरण कार्य किया जाए। सोशल मीडिया पर और अन्य जन-माध्यमों से उर्वरक वितरण की शिकायतें प्राप्त होने पर सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के अधिकारी अविलंब संज्ञान लें और शिकायतों को दूर करें। कृषि प्रदर्शनी और आधुनिक तकनीक से जुड़े यंत्रों का प्रदर्शन किसानों के समक्ष किया जाएगा। फसल चक्र में बदलाव को प्रोत्साहित किया जाए। कोदो-कुटकी उत्पादकों को प्रोत्साहित किया जाए। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन दिया जाए। किसानों से उपार्जित खाद्यान्न के लिए भुगतान में विलंब न हो। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त किया जाए। कॉन्टेक्ट फार्मिंग को भी प्रोत्साहित किया जाए। किसानों के हित में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। आगामी ग्रीष्म काल में मक्का उत्पादन को भी प्रोत्साहन दिया जाए।

युवा संसदीय लोकतंत्र के प्रहरी हैं – उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल प्रत्येक सांसद से देश के लोगों द्वारा जताए गए विश्वास को सही ठहराने और उसकी पुष्टि करने की अपील की। उन्होंने कहा, लोगों की आकांक्षाओं एवं सपनों को हमारे सकारात्मक कार्यों के माध्यम से साकार करना होगा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बहस, संवाद, चर्चा और विचार-विमर्श से बचने के लिए राजनीतिक रणनीति के रूप में धोखे और अशांति को एक हथियार के रूप में उपयोग करने की कड़ी आलोचना की। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सांसदों को याद दिलाया कि देश का युवा लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में सेवा करते हुए उन्हें देख रहा है और उन्हें जवाबदेह ठहराएगा।

अरुणाचल प्रदेश के दोईमुख के रोनो हिल्स में स्थित राजीव गांधी विश्वविद्यालय के 22वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा किभ्रष्टाचार युवा मष्तिष्क पर एक बड़ा बोझ था। पक्षपात, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद- ये आपकी प्रतिभा को नष्ट कर रहे थे। नौकरी, अनुबंध एवंअवसर के लिए भ्रष्टाचार एक पासवर्ड था। यह गायब हो गया है। सत्ता के गलियारों से भ्रष्टाचार को ख़त्म कर दिया गया है।

वैश्विक मंच पर भारत के अभूतपूर्व उत्थान के बारेमें विचार व्यक्त करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा किभारत एक ऐसा देश है जो निरंतर आगे बढ़ रहा है – चाहे आप समुद्र को देख लें, चाहे आप भूमि को लें, चाहे आप आकाश को देख लें या फिरअंतरिक्ष पर नजर डालें। उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि भारत पहले ही दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर अग्रसर है।

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित करते हुए, उपराष्ट्रपति ने नागरिकों से स्वदेशी उद्योगों का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा, यदि आप स्थानीय उत्पादों पर विश्वास जताते हैं, तो आप राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान देंगे। कपड़े, फर्नीचर, पर्दे और खिलौनों जैसे आयातित सामानों पर निर्भर रहने के हानिकारक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, पहली बात, रोजगार – यह हमारे उन लोगों से रोजगार छीन लेता है, जो इसे बना सकते थे। दूसरी बात, इससे हमारे विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आती है। तीसरी बात, हमारी उद्यमशीलता कुंद होती है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, पेट्रोल या गैस या किसी अन्य प्राकृतिक संसाधन का उपयोग सिर्फ इसलिए न करें क्योंकि आपकी जेब इसे वहन कर सकती है। नहीं—आप ट्रस्टी हैं। प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करना होगा।

अपने संबोधन का समापन करते हुए, उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को ऐसे समय में एक महान राष्ट्र के नागरिक होने के उनके अपार विशेषाधिकार की याद दिलाई जब भारत को वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व मान्यता मिल रही है। उन्होंने कहा, आप बेहद भाग्यशाली हैं कि आप इस महान राष्ट्र के नागरिक हैं और आप ऐसे समय में रहने के लिए भाग्यशाली हैं, जब भारत की ऐसी पहचान है जो पहले कभी नहीं थी।

इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, वाईएसएम (सेवानिवृत्त), राजीव गांधी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. जे. सुरेश बाबू, आईएएस, राजीव गांधी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एस.के. नायक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने 2 करोड़ 15 लाख के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन

गोविंदपुरा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों का सिलसिला जारी है और यह सब क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से हो रहा है। नागरिकों को किए गए वादे के अनुसार क्षेत्र में विकास कार्यों में कमी नहीं रहने दी जाएगी। यह बात पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा के वार्ड 64 में 2 करोड़ 15 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन के दौरान कहीं।

कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 64 के सोनागिरी में पद्मावती पार्क के पास 28 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड और सोनागिरी के नोबल स्कूल शिव मंदिर के पास 18 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमि-पूजन किया।

उन्होंने सुभाष पार्क एवं दीनदयाल पार्क के पास 24 लाख की लागत से बनने वाली सीसी रोड डामरीकरण और सेंट पॉल स्कूल के पास 37 लाख 85 हजार की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य एवं डामरीकरण का भूमि-पूजन किया।

कृष्णा गौर ने वार्ड 64 के भेल नगर और विकास नगर में आरसीसी नाली निर्माण और सड़क कार्यों का भूमि-पूजन किया, जिसकी लागत लगभग 40 लाख रुपए है। राज सम्राट कॉलोनी एवं अयोध्या एक्सटेंशन कॉलोनी में 25 लाख रुपए की लागत से बाउंड्री वॉल, पाथवे और सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। राज्यमंत्री कृष्णा कृष्णा गौर ने कहा कि निर्माण एजेंसियां कार्यों की गुणवत्ता पर सतत् नज़र रखे । इस दौरान पार्षद छाया ठाकुर और रहवासी मौजूद थे।

ब्रिटेन व जर्मनी की यात्रा मध्यप्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिटेन व जर्मनी की छह दिवसीय विदेश दौरे से भोपाल लौटने पर राजाभोज विमानतल पर आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आर्थिक व्यवस्था से मध्यप्रदेश को ब्रिटेन में 60 हजार करोड़ और जर्मनी में 18 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। निवेश संवर्धन एवं औद्योगिक विकास के लिए की गई ब्रिटेन व जर्मनी की यात्रा के दौरान हमने एक-एक मिनट का उपयोग प्रदेश की बेहतरी के लिए किया है। निवेश के संबंध में ब्रिटेन और जर्मनी की विदेश यात्रा मध्यप्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। मध्यप्रदेश को ब्रिटेन व जर्मनी में मिले निवेश प्रस्तावों के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं कि उनके नेतृत्व में देश की सुदृढ़ अर्थव्यवस्था व आर्थिक नीतियों से प्रभावित होकर ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देश मध्यप्रदेश में निवेश करने के लिए आतुर हैं। हम सभी प्रदेशवासी मिलकर मध्यप्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 6 दिवसीय ब्रिटेन व जर्मनी दौरे से लौटकर स्टेट हैंगर पर उप मुख्यमंत्री, प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि मैं ब्रिटेन और जर्मनी की यात्रा पर था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आर्थिक व्यवस्था के कारण भारत ने पिछले वर्ष ही ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना है। दूसरा देश जर्मनी है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारे देश की अर्थव्यवस्था पीछे छोड़ने की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। आर्थिक विकास के लिए पूरी दुनिया का अपना-अपना एजेंडा है, लेकिन मध्यप्रदेश किसी भी मामले में पीछे नहीं है। मध्यप्रदेश अपनी क्षमता, प्रतिभा, कौशल और मेहनत से लगातार आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश के विकास व रोजगार के लिए भाजपा सरकार कार्य कर रही है। जहां भी रोजगार मिलेगा, वहां मध्यप्रदेश पहले खड़ा दिखाई देगा। मध्यप्रदेश युवाओं के आकांक्षाओं को पंख देकर रोजगार के साधन उपलब्ध कराएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कुछ माह पहले भोपाल के अचारपुरा में एक फैक्ट्री का शुभारंभ किया गया था। यहां जर्मनी के अधिकारियों ने देखा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किस तरह से औद्योगिक निवेश के लिए कार्य कर रही है। उद्योगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और निवेश के अनुकूल वातावरण होने के कारण ही जर्मनी की कंपनी ने अचारपुरा में निवेश किया। ब्रिटेन व जर्मनी की यात्रा मध्यप्रदेश के और बेहतर स्थान पर पहुंचाने के लिए मील का पत्थर साबित होगी। सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में निवेश के लिए मध्यप्रदेश को 25 हजार करोड़ का प्रस्ताव मिला है। समाज आधारित रिसर्च के लिए भी मध्यप्रदेश सरकार ने एक विश्वविद्यालय से एमओयू किया है। मध्यप्रदेश के विकास के लिए संभाग स्तर पर रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव बहुत कारगर साबित हो रहे हैं। आगामी 7 दिसंबर को नर्मदापुरम में रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव करने जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रदेश के सभी जिलों का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम और आप सभी मिलकर मध्यप्रदेश को देश का सबसे बेहतर राज्य बनाने के लिए कार्य करेंगे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा, प्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट, विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विजय शाह, गौतम टेटवाल, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, रजनीश अग्रवाल, राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, विधायक उमाकांत शर्मा, विष्णु खत्री, सुदेश राय, वरिष्ठ नेता आलोक संजर, शैलेन्द्र शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, जसवंत सिंह हाड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष विकास विरानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेष वाजपेयी, दुर्गेश केसवानी, नरेन्द्र सलूजा, पेनालिस्ट शिवम शुक्ला सहित प्रदेश व जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा सरकार और उनका पिठ्ठू प्रशासन झूठे प्रकरण दर्ज करना बंद करें : जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव सरकार की प्रदेश की कानून व्यवस्था को मौन और ध्वस्त बताते हुये कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रही है। उज्जैन जिले के महिदपुर में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान भाजपा की आपसी मुठभेड़ में भाजपा के ही कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच हुई तमाचेबाजी से भाजपा का जो चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हुआ है, उससे प्रदेश शर्मसार हुआ है। उन्होंने विपक्ष में अपनी भूमिका और अपने कर्तव्य बोध को परिलक्षित करते हुये भाजपा में हुई इस आपसी तमाचेबाजी की घोर निंदा करते हुये कहा है कि एक क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के ऐसा रवैया किसी भी पार्टी के कार्यकर्ताओं को शोभा नहीं देता।

पटवारी ने मोहन यादव सरकार और भाजपा नेताओं के दिमाग में ग्रसित कुंठा पर सवाल उठाते हुये कहा कि उज्जैन के कांग्रेस के बब्बर शेर कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लगाकर उनकी आवाज़ दबाने की नाकाम कोशिश मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके पुलिस महकमें की हताशा को साफ़ दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं, लड़ने वाले हैं और कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ पूरी कांग्रेस पार्टी हमेशा आवाज़ बुलंद करती रहेगी।

पटवारी ने कहा कि लड़ाई भाजपाइयों की, मारपीट पूर्व विधायक के साथ, मारने वाले भाजपा केे कार्यकर्ता और एफआईआर कांग्रेस नेताओं पर यह सरकार की हठधर्मिता और पुलिस का पंगु होना दर्शाता है। जनप्रतिनिधि आपके, गुंडे आपके, गुटबाजी आपकी, मारपीट आपसी फिर प्रकरण कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर क्यों? पटवारी ने चेतावनी देते हुये कहा कि भाजपा सरकार और उनका पिट्ठू प्रशासन कान खोलकर सुन ले, झूठ और मनगढ़ंत प्रकरण लादना बंद नहीं किए तो सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी और पूरे उज्जैन में कांग्रेस का जनसैलाब ही जनसैलाब दिखेगा जो सरकार और कठपुतली बने कानून व्यवस्था की नाक में दम कर देगा।

पटवारी ने कहा कि मोहन यादव जी आप प्रदेश के मुखिया हैं पांच साल अच्छी सरकार चलायें और प्रदेश को विकास की ओर ले जायें, लेकिन भाजपा के लोग आपस में लड़ें और कांग्रेस के लोगों पर एफआईआर दर्ज कराये इस तरह का रवैया आपको षोभा नहीं देता, आपकी गरिमा को तार-तार करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह लचर है। महिलाओं पर लगातार दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं लेकिन सरकार का पुलिस महकमा मौन और पंगू बना भाजपा की कठपुतली बनकर प्रदेश को जंगलराज की और ले जाने में सहयोगी बनी है।

कड़कड़ाती ठंड से बचने लोगों को अलाव की व्यवस्था करें नगर निगम : जितेन्द्र मिश्रा

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता जितेन्द्र मिश्रा ने भोपाल नगर निगम की सुस्त और लापरवाह व्यवस्था पर सवाल उठाते हुये कहा कि प्रदेश में शीत लहर के साथ ठंड का मौसम शुरू हुये एक महीने से भी अधिक का समय हो गया है, लेकिन नगरीय निकाय विभाग से संबद्ध नगर निगमों को अभी तक राज्य सरकार ने लोगों को ठंड से बचने के लिए कोई कारगर कदम उठाने की पहल तक नहीं की है।

मिश्रा ने कहा कि राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के सभी जिलों में कड़कड़ाती ठंड से लोग परेशान हो रहे हैं। ठंड़ से बचने के लिए रात्रि के समय नगर निगमों द्वारा चौराहों पर अलाव जलाये जाते हैं, जिसके लिए लकड़ी आदि की व्यवस्था निगम द्वारा उपलब्ध करायी जाती है, लेकिन नगर निगम द्वारा लापरवाही और लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने का काम किया जा जा रहा है।

मिश्रा ने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री प्रदेश के निगमों को तत्काल आदेश जारी कर ठंड से लोगों को बचाने के लिए अलाव की व्यवस्था करें। साथ ही असामाजिक तत्वों द्वारा किसी प्रकार की कोई घटना को अंजाम न दिया जा सके इसका भी विशेष ध्यान रखा जाये। मिश्रा ने कहा कि राजधानी भोपाल में रात्रि के समय में भ अधिकांश लोग ड्यूटी करके अपने घरों पर जाते हैं, पुलिस महकमा भी रात्रि में गस्त पर रहता है, साथ ही गरीब तबका जो विभिन्न संस्थानों, कार्यालयों, चौराहों एवं घरों के रखरखाव, चिकित्सा संबंधी कार्य में संलग्न रहते हैं, उन्हें ठंड से बचाने के लिये चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करना बेहद आवश्यक है। नगर निगम इस व्यवस्था को उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही पहल करें।

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारामन ने बिहार के दरभंगा में क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम की अध्यक्षता की

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारामन ने कल बिहार के दरभंगा में क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, डॉ धर्मशीला गुप्ता, संजय कुमार झा और डॉ अशोक कुमार यादव भी शामिल हुए। क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम के दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा 49,137 लाभार्थियों को 1,388 करोड़ रुपये के ऋण दिए गए केंद्रीय वित्त मंत्री ने प्रतिष्ठित नागरिकों को मैथिली और संस्कृत में संविधान की पांच-पांच प्रतियां भी वितरित कीं। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी भाग लिया।

इस कार्यक्रम में सांसद गोपाल जी ठाकुर, डॉ. धर्मशीला गुप्ता, संजय कुमार झा व डॉ. अशोक कुमार यादव भी शामिल हुए थे। और नाबार्ड के अध्यक्ष के.वी. शैजी; सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक एम.वी. राव; सिडबी के मुख्य प्रबंध निदेशक मनोज मित्तल; डीएफएस अपर सचिव एम.पी. तंगिराला; तथा एसबीआई के उप प्रबंध निदेशक सुरिंदर राणा भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के सचिव और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एम. नागराजू ने जिले में वित्तीय समावेशन पहल के तहत बैंकों द्वारा किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।

निर्मला सीतारामन ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ लगभग 25 स्टालों का भी दौरा किया, जिनमें बैंकों और नाबार्ड द्वारा वित्तपोषित उद्यमियों के विभिन्न स्थानीय उत्पाद व हस्तशिल्प प्रदर्शित किए गए थे। ऋण आउटरीच कार्यक्रम के दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा 49,137 लाभार्थियों को 1,388 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किये गये।

केंद्रीय वित्त मंत्री ने गणमान्य नागरिकों को मैथिली और संस्कृत में संविधान की पांच-पांच प्रतियां भी वितरित कीं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने एक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई और सीएसआर गतिविधियों के तहत दिव्यांग व्यक्तियों को ट्राई साइकिल प्रदान की।

नाबार्ड ने विभिन्न ग्रामीण सड़क परियोजनाओं के लिए 74 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर करने की घोषणा की। बैंकों और सिडबी ने भी स्कूलों, विशेषकर लड़कियों के स्कूलों में बुनियादी ढांचे की बेहतरी के लिए सीएसआर गतिविधियों के तहत सहायता स्वीकृत की।

चिराग पासवान ने दरभंगा आने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री को धन्यवाद दिया और श्री सम्राट चौधरी ने क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने भारतीय स्टेट बैंक की पांच शाखाओं और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के 25 बीसी मैक्स सेंटरों का भी उद्घाटन किया।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...