नए थर्मल पॉवर स्टेशन की स्थापना से प्रदेश में औद्योगिक विकास को मिलेगा सुपर पॉवर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नए थर्मल पॉवर स्टेशन की स्थापना की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोल आधारित विद्युत उत्पादन के लिए कोल आवंटन के लिए स्वीकृतिप्रदान की है। इससे 4100 मेगावॉट विद्युत उत्पादन के लिए थर्मल पॉवर स्टेशन की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने सभी विभागों को प्रगति के अवसर दिये हैं। वे जानते हैं कि बिजली के बिनाविकास की कल्पना संभव नहीं है। यह एक बड़ा अवसर है, जिससे हम प्रदेश में ही स्वयं के पॉवर प्लांट लगा सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में हम आज भी सरप्लस की स्थिति में हैं, परंतु औद्योगिक विकास के लिए नए उद्योगों की स्थापना के परिणामस्वरूप बिजली की खपत में भी निरंतर वृद्धि होती जा रही है। भविष्य की दृष्टि से भी हमें नए थर्मल पॉवर स्टेशन की आवश्यकता होगी। यह कोल आवंटन उसमें संजीवनी की तरह काम करेगा। हम थर्मल पॉवर के नए स्टेशन की स्थापना के लिए उद्यमियों को प्रेरित करेंगे। मुख्यमंत्री डा. यादव ने कहा कि साथ ही राज्य नवकरणीय ऊर्जा की ओर भी समान रूप से आगे बढ़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश की आगामी लंबी अवधि की विद्युत मांग के आंकलन के आधार पर 27 नवम्बर को भारत सरकार की उच्च स्तरीय अंतर्विभागीय समिति द्वारा प्रदेश के ऊर्जा विभाग के प्रस्तुतिकरण के आधार पर कुल 4100 मेगावॉट के नए थर्मल पॉवर प्लांट लगाने के लिये कोयला आवंटन स्वीकृत किया गया है। इस संबंध में संयंत्र लगाने के लिये प्रदेश के ऊर्जा विभाग द्वारा निविदा जारी की जायेगी। इससे लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त होगा। साथ ही हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रदेश उद्योग, घरेलू एवं कृषि सिंचाई के लिये सस्ती और गुणवत्तापूर्ण ऊर्जा प्रदाय करेगा और ऊर्जा उत्पादन में आत्म-निर्भर बना रहेगा।

भारतीय मेजबानी ने यूरेशियन ग्रुप के सभी सदस्यों को अभिभूत किया – ईएजी के चेयरमेन तथा एफआईयू रशिया के डायरेक्टर यूरी चिकानचिन

ईएजी के चेयरमेन तथा एफआईयू रशिया के डायरेक्टर यूरी चिकानचिन ने इंदौर में चल रही मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने के लिए यूरेशियन समूह की 41वीं प्लेनरी बैठक में कहा कि 41वें ईएजी पूर्ण अधिवेशन के शानदार आयोजन और आतिथ्य ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया है। भारतीय मेजबानी ने सभी को अभिभूत किया है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की अग्रणी और तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। स्थानीय उद्योग, वित्तीय क्षेत्र और शिक्षा को विकसित करने की उचित नीति ने सतत विकास का आधार तैयार किया है। कई विशेषज्ञ “भारतीय आर्थिक चमत्कार” के बारे में सही ही कहते हैं। इस बदलते माहौल में, भारत ने कालाधन के खिलाफ एक प्रभावी प्रणाली बनाई है, जो हाल ही में एक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ टीम द्वारा किए गए मूल्यांकन के दौरान भी साबित हुई है।

चिकानचिन ने कहा कि हमने अपने कार्य समूहों की रिपोर्टों और बैठक सत्रों में देखा कि इन सभी प्रयासों में भारत की सक्रिय भागीदारी इसकी वैश्विक विश्वसनीयता और व्यापक प्रगति के प्रयासों के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है। भारत ने मजबूत आधार शिला स्थापित करते हुए एक व्यापक प्रणाली की अखंडता का प्रदर्शन किया है। वित्तीय धोखाधड़ी, धन शोधन, आतंकवाद के वित्तपोषण और बाजार में हेरफेर की नई संभावनाएं, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और आतंकवाद का मुकाबला और उसे रोकने के लिए अच्छी तरह से विकसित कानूनी आधार, सुसंगत राष्ट्रीय समन्वय, सरकार का समग्र दृष्टिकोण और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग आवश्यक है। भारत में क्रेडिट संस्थानों और वित्तीय मध्यस्थों को अपराधियों द्वारा फायदा उठाने से रोकने के लिए तंत्र भी विकसित किया गया है। खतरों और चुनौतियों से निपटने के लिए एएमएल/सीएफटी प्रणाली की क्षमता राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की निवेश अपील को बेहतर और मजबूती प्रदान करती है। इससे यह स्पष्ट होता है कि इतने सारे देश ईएजी समूह के पूर्ण सत्र में रुचि लेकर सभी पर्यवेक्षक, देश और अंतरराष्ट्रीय संगठन इसमें शामिल होते हैं। हमने पहले ही जो विषय उठाए हैं, उनमें यूरेशियाई, एशिया-प्रशांत, मध्य पूर्वी और अफ्रीकी क्षेत्रों के लिए कई तरह के मुद्दे शामिल हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। बैंकों को ईमानदार रखना, फिनटेक का प्रबंधन करना, आभासी मुद्राओं से होने वाले जोखिमों को कम करना, अपराधियों को आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी का दुरुपयोग करने से रोकना और भी कई वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जो बैठक के उद्देश्यों को पूर्ण करती है। उन्होंने कहा कि बैठक के माध्यम से सक्रिय विचार-विमर्श और अनुभव साझा करने से खतरों को कम करने के लिए सही उपाय ढूंढने में मदद मिली है, जिसके लिए समग्र सरकार की मानसिकता और अंतर्राष्ट्रीय कार्रवाई को मजबूत करने की आवश्यकता होगी।

हेमंत सोरेन ने चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने कल चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के मोरहाबादी मैदान में सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण से पहले हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के सामाजिक न्याय, एकता और संघर्ष के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने एक्स पर लिखा, “आज का दिन ऐतिहासिक होगा – एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। झारखंड की महान धरा ने हमेशा से विरोध और संघर्ष को जन्म दिया है और झामुमो – भगवान बिरसा, भगवान सिदो-कान्हू, अमर शहीद तेलंगा खड़िया, फूलो- झानो, पोटो हो, शेख भिखारी समेत अनगिनत वीरों के संघर्षों से भरी उसी विरासत को समेटे हर दिन आगे बढ़ रहा है।”

उन्होंने कहा कि आज का दिन राजनीतिक जीत के बारे में नहीं, सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष, सामाजिक एकता को प्रखर करने की हर रोज़ लड़ी जानी वाली लड़ाई को दोहराने का दिन है।आज का यह दिन यह भी बताता है कि लोकतंत्र पर बढ़ते दबाव के बीच झारखंड की महान जनता एक साथ खड़ी है। आज हर गांव, हर शहर में एक आवाज़ गूंज रहा है – अधिकार, समानता, एकता मतलब झारखंडियों की आवाज। इसमें कोई संदेह न रखें – हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है। जब -जब वे हमें पीछे धकेलते हैं, हम आगे बढ़ते हैं। जब- जब वे हमें शांत करना चाहते हैं, हमारी हूल, उलगुलान, क्रांति की आवाज और प्रखर होती जाती है क्यूंकि हम झारखंडी हैं, और झारखंडी झुकते नहीं है।

हेमंत सोरेन ने आगे कहा, “आज जब सामाजिक संरचना में गहरी दरारें पैदा हो रही हैं, तब हमें अपने पूर्वजों की उस एकता और हर झारखंडी को साथ लेकर चलने के संकल्प को पुनः दोहराना होगा।” उन्होंने राज्य के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि “हमारी लड़ाई अटल है, अविराम है। संघर्ष जारी है और आखिरी सांस तक रहेगा।”

इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता मौजूद थे। समारोह में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्‍ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव और भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी-मार्क्‍सवादी लेनिनवादी के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हुए। विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मंत्रिमंडल का गठन करेंगे।

 

संविधान के आदर्श और मूल्य हम सभी के लिए मार्गदर्शक हैं : अर्जुन राम मेघवाल

विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग ने कल विज्ञान भवन में भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई, राम जन्मभूमि फैसले का हिंदी संस्करण जारी किया गया तथा संविधान के ऑनलाइन हिंदी पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

विधायी विभाग द्वारा ‘पिछले 75 वर्षों में भारत के संविधान का विकास और उपलब्धियां’ तथा ‘सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण: संविधान के तहत सकारात्मक कार्रवाई’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में भारत के संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला गया और एक दूरदर्शी दस्तावेज तथा सभी के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शक के रूप में इसकी व्‍याख्‍या की गई। 26 नवंबर, 1949 को संविधान को अंगीकार करना एक महत्वपूर्ण अवसर था, जिसने स्वतंत्र भारत के लोकाचार, आदर्शों और मूल्यों को परिभाषित किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने इस बात पर जोर दिया कि संविधान के आदर्श और मूल्य हम सभी के लिए मार्गदर्शक हैं। मेघवाल ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में ‘समानता’, ‘स्वतंत्रता’ और ‘बंधुत्व’ शब्दों का भारत के परिप्रेक्ष्य में महत्वपूर्ण, प्रासंगिक और ऐतिहासिक महत्व है।

मेघवाल ने कहा कि ‘समानता’, ‘स्वतंत्रता’ और ‘बंधुत्व’ शब्दों का एक विशेष संबंध है क्‍योंकि संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बीआर अंबेडकर ने कहा था कि ये शब्द भारत की संस्कृति, लोकाचार और परंपरा की देन हैं। श्री मेघवाल ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में ‘समानता’, ‘स्वतंत्रता’ और ‘बंधुत्व’ शब्दों को जोड़ने में डॉ. बीआर अंबेडकर का महत्वपूर्ण प्रयास रहा है और प्रत्येक शब्द समान रूप से महत्वपूर्ण है। हमारे भारतीय इतिहास, संस्कृति और परंपरा से प्रेरणा लेते हुए, मेघवाल ने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर ने कहा था कि वैशाली का लिच्छवि वंश भारत का पहला गणराज्‍य था। उन्होंने कहा कि ‘समानता’, ‘स्वतंत्रता’ और ‘बंधुत्व’ शब्द किसी भी गणराज्य से अनिवार्य रूप से संबंधित हैं और भारत ने इन शब्दों को अपने संविधान में शामिल किया है। समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि बंधुत्व भारत के संविधान में निहित ‘मित्रता और भाईचारे’ का प्रतीक है। मेघवाल ने कहा कि यह कार्यक्रम उन महिलाओं के योगदान को भी मान्यता देता है जो संविधान के प्रारूपण और निर्माण में शामिल थीं। उन्होंने उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण हमारे संविधान में परिलक्षित महत्वपूर्ण पहलू हैं।

अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने इस बात पर जोर दिया कि हम संविधान दिवस इसलिए मना रहे हैं ताकि हम खुद को आश्वस्त कर सकें कि हम राष्ट्र की इस महान यात्रा का हिस्सा बने रहेंगे। श्री वेंकटरमणी ने सभी का आह्वान करते हुए कहा कि संविधान लचीला है क्योंकि हम भारत के लोगों ने इसे लचीला बनाया है।

भारतीय विधि आयोग की सदस्य सचिव डॉ. रीता वशिष्ठ ने इस बात पर जोर दिया कि आयोग हितधारकों से परामर्श करने तथा संवैधानिक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सरकार को व्यापक सिफारिशें प्रदान करने में कानूनी सुधारों के अपने प्रयासों में दृढ़ रहा है।

विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग एवं विधिक कार्य विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि ने उद्घाटन भाषण देते हुए कहा कि सरकार भारत के संविधान की कसौटी पर नए पहल और कानूनी सुधार लाने तथा हमारे संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए हमेशा आगे रही है।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद ‘सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण: संविधान के तहत सकारात्मक कार्रवाई’ शीर्षक से एक पूर्ण सत्र आयोजित किया गया जिसमें दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति रेखा पल्ली, भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा और विधि एवं न्याय मंत्रालय के पूर्व सचिव पीके मल्होत्रा, नोएडा स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल के निदेशक डॉ. चंद्रशेखर रावंडले ने अपने विचार रखे।

माननीय न्यायमूर्ति पल्ली ने इस बात पर जोर दिया कि हम एक ऐसे संविधान का जश्न मना रहे हैं जो समय की कसौटी पर खरा उतरा है। संविधान के विभिन्न प्रावधानों का हवाला देते हुए उन्होंने दोहराया कि संविधान न केवल न्यायोचित और मातृत्व राहत प्रदान करता है, बल्कि इसमें सकारात्मक कार्रवाई के लिए भी प्रावधान हैं।

विधि एवं न्याय मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. मनोज कुमार ने समापन भाषण दिया। कार्यक्रम में विधि क्षेत्र के सदस्य, विधि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र, पीआईबी के अधिकारी तथा मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

मनुष्य को सन्मार्ग पर चलना सिखाती है, सनातन संस्कृति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सनातन संस्कृति की विभिन्न शाखाएं संपूर्ण विश्व में फैली हुई है। इन शाखाओं के माध्यम से हिन्दू संस्कृति सर्वत्र व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इसी संस्कृति को हम मंदिर संस्कृति भी कहते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को लंदन के स्वामी नारायण संप्रदाय के मंदिर प्रांगण में यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस्कॉन टेम्पल, स्वामी नारायण भगवान जैसे अन्य संप्रदाय विभिन्न प्रकार से सनातन संस्कृति का प्रसार कर रहे है। हमारे धर्म में 33 कोटि देवी-देवताओं को विभिन्न स्वरूपों में पूजा जाता है और यही सनातन संस्कृति और सनातन धर्म की सुंदरता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मार्ग भले ही पृथक-पृथक हो परंतु सदैव मंशा सद्भाव की होती है। उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलना पूरे सनातन धर्म ने स्वीकार किया है। अहिंसा परमो धर्म का भाव जियो और जीने दो, प्राणी मात्र से प्रेम करो जैसे सरल मार्ग पर चलकर ही आता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे में समूची मानवता को मंदिर संस्कृति अपने आप में समेटे हुए है। प्रस्तर शिल्प में सनातन संस्कृति जीवंत स्वरूप में दिखाई देती है। हमारी प्राचीन कला, संस्कृति और सभ्यता को विभिन्न स्वरूपों में पत्थरों पर उकेरा गया है, न सिर्फ प्रस्तर शिल्प बल्कि काष्ठ शिल्प भी सनातन संस्कृति विभिन्न रूपों में अपनी कहानी कह रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मनुष्य में सनातन संस्कृति को लेकर मन के भावों को इन उत्कृष्ट कलाओं के माध्यम से जीवंत करने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि कदम-कदम पर चुनौतियों और कठिनाइयों के समय में मन की एकाग्रता के लिए मानवता के साथ अगर कोई सन्मार्ग पर चलना सिखाता है, तो वह सनातन संस्कृति ही सिखाती है, हमारा धर्म सिखाता है। उन्होंने कहा कि मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मध्यप्रदेश की धरती से लंदन में आकर स्वामीनारायण मंदिर में भगवान को नमन करने का अवसर मुझे प्राप्त हुआ। मैं अपनी इस यात्रा में संतों से मिला और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मैं परमात्मा से यही प्रार्थना करता हूं कि सनातन संस्कृति का इसी प्रकार संपूर्ण विश्व में विस्तार होता रहे।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2024

नई दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2024 में भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन नई दिल्ली द्वारा मध्यप्रदेश राज्य मण्डप को सब्जेक्टिव प्रेजेंटेशन में स्वर्ण पदक से पुरस्कृत किया गया। यह पुरस्कार अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक इण्डिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन प्रदीप सिंह खरोला ने प्रदान किया। मध्यप्रदेश की ओर से पुरस्कार पेवेलियन डायरेक्टर बी.एन. तिवारी ने प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला नई दिल्ली में 19 नवम्बर को मध्यप्रदेश मण्डप का उद्घाटन किया था। इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, केन्द्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास सावित्री ठाकुर और नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी भी उपस्थित थीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मध्यप्रदेश दिवस समारोह में जबलपुर से जानकी बैण्ड एवं सागर के अखाड़ा लोक-नृत्य की प्रस्तुति की गयी थी। मेले में निर्मित मध्यप्रदेश मण्डप में थीम के अनुरूप प्राचीन सांस्कृतिक एवं कलात्मक धरोहर के साथ तेजी से बढ़ते एवं विकसित होते हुए मध्यप्रदेश के रूपरूप को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की घोषणा के अनुसार विकास के 4 मिशन युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब कल्याण और किसान कल्याण को होलोग्रॉफिक इमेज के माध्यम से दर्शाया गया।

मध्यप्रदेश मण्डप में 11 शासकीय विभागों, निगम मण्डलों, 14 स्वास्थ्य संस्था समूह, 23 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम इकाइयों और 3 स्टार्ट-अप द्वारा भाग लिया गया। मध्यप्रदेश मण्डप में डिण्डोरी के गोंड ऑर्ट, छतरपुर के टेराकोटा एवं बैतूल के बेलमेटल शिल्प का सजीव प्रदर्शन किया गया। दर्शकों द्वारा इसमें काफी रुचि ली गयी। इस वर्ष भी मध्यप्रदेश मण्डप लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना रहा। मण्डप में मध्यप्रदेश के पर्यटन का भी आनंद मिला। प्रदेश के जी.आई. उत्पादों को मण्डप की गैलरी में आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया गया, जिनमें से कई उत्पादों के विक्रय स्टॉल भी मण्डप में लगाये गये थे। दर्शकों ने रतलाम के नमकीन, मुरैना की गजक, बाग प्रिंट, उज्जैन के बटिक प्रिंट के वस्त्र, चंदेरी-महेश्वर की साड़ियाँ की खूब बिक्री हुई।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला भारत मण्डपम कॉम्पलेक्स नई दिल्ली में 14 से 27 नवम्बर के मध्य भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित किया गया। इस वर्ष मेले का यह 43वाँ संस्करण था। मेले में विभिन्न राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश, भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के अलावा विभिन्न राष्ट्रों द्वारा भाग लिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प एवं भारत के अतीत की विरासत के अनुरूप मेले की थीम “विकसित भारत@2047’’ थी। यह मेला आम नागरिकों के लाभ के लिये राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने तथा व्यापार, उद्योग एवं सेवाओं को बढ़ावा देने का एक मंच है। इससे स्वदेशी वस्तुओं के निर्यात, अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलता है।

जनजातीय नायकों के पुरुषार्थ एवं कृतित्व को सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करने की आवश्यकता : मंत्री इन्दर सिंह परमार

अतीत के कालखंडों में इतिहासकारों ने जनजातीय नायकों एवं महापुरुषों के पुरुषार्थ एवं कृतित्व के साथ न्याय नहीं किया। इतिहास के पन्नों में जनजातीय नायकों के संघर्ष, शौर्य, पराक्रम, बलिदान और त्याग को सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत नहीं किया गया। जनजातीय समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक गौरवपूर्ण योगदान और देश की स्वाधीनता के लिए दिए उनके बलिदान को सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। जनजातीय नायकों एवं महापुरुषों के पुरुषार्थ एवं कृतित्व से मात्र जनजातीय समाज नहीं अपितु संपूर्ण राष्ट्र लाभान्वित हुआ। राष्ट्र के लिए जनजातीय योगदान का यह समग्र विचार, जनमानस के समक्ष लाने की आवश्यकता है। इसके लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने भारतीय दृष्टि से स्वाधीनता के संघर्ष के सही इतिहास को भारतीय दृष्टिकोण के साथ भारतीय परिप्रेक्ष्य में लिखने का अवसर प्रदान किया है। यह बात उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने बुधवार को भोपाल स्थित रविन्द्र भवन के गौरांजनी सभागृह में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के शुभारम्भ अवसर पर कही।

उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने कहा कि भारत के गौरवशाली इतिहास, श्रेष्ठ ज्ञान परम्परा, सभ्यता, संस्कृति , विरासत, शौर्य, पराक्रम एवं स्वाधीनता के नायकों का बलिदान और उपलब्धियों को, वर्तमान पीढ़ी और आने वाली पीढ़ी को सही परिप्रेक्ष्य में भारतीय दृष्टिकोण से बताने की आवश्यकता है। परमार ने कहा कि जनजातीय समाज प्रकृति पूजक समाज है। प्रकृति की पूजा में भारतीय सभ्यता का मूल भाव कृतज्ञता है। कृतज्ञता का भाव, हमारी सभ्यता और विरासत है। प्रकृति, जल स्त्रोतों एवं सूर्य सहित समस्त ऊर्जा स्रोतों के प्रति कृतज्ञता का भाव भारतीय समाज में परम्परागत रूप से आदिकाल से विद्यमान है। भारत का ज्ञान विश्व मंच पर ईसा से हजारों वर्षों पूर्व भी सर्वश्रेष्ठ था, इसलिए भारत विश्व गुरु के रूप में सुशोभित था। हम सभी को भारत के सर्वश्रेष्ठ ज्ञान पर गर्व का भाव जागृत कर, देश को पुनः विश्व मंच पर सिरमौर बनाने में सहभागिता करने की आवश्यकता है। इसके लिए भारतीय उपलब्धियों पर हीन भावना से बाहर आकर, स्वत्व का भाव जागृत करना होगा। जनजातीय नायकों के अपने अस्त्र-शस्त्र होते थे, जो वे स्वयं निर्माण करते थे। ईसा पूर्व ही जनजातीय समाज, श्रेष्ठ लोहा निर्माण करते रहे हैं। जनजातीय समाज के ऐसे कई कृतित्व, आज भी विद्यमान है। ऐसे कृतित्व का पुनः अध्ययन, शोध एवं अनुसंधान कर, तथ्यपूर्ण एवं सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। परमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में शिक्षा को भारतीय ज्ञान परम्परा से समृद्ध करने का अवसर है। इसके लिए प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पुस्तकालयों को, भारतीय ज्ञान परम्परा और जनजातीय योगदान से जुड़े साहित्य से समृद्ध करेंगे। श्री परमार ने कहा कि ईसा के पूर्व के भारतीय ज्ञान को पुनः विश्वमंच पर प्रस्तुत करने के लिए, शोध एवं अध्ययन के आधार पर युगानुकुल परिप्रेक्ष्य में भारतीय दृष्टिकोण के साथ, शैक्षिक परिदृश्य में तथ्यपूर्ण समावेश की आवश्यकता है। परमार ने कहा कि हम सभी की सहभागिता से स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष में भारत पुनः विश्वमंच पर सिरमौर बनेगा। सौर ऊर्जा से ऊर्जा के क्षेत्र में आत्म निर्भर होकर, अन्य देशों की पूर्ति करने में सक्षम राष्ट्र होगा। खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्म निर्भर होकर अन्य देशों के भरण पोषण करने में सामर्थ्यवान देश बनेगा। वर्ष 2047 के विकसित एवं विश्व गुरु भारत की संकल्पना को साकार करने में हम सभी की सहभागिता आवश्यक है। मंत्री परमार ने राष्ट्र के जनजातीय नायकों के पुरुषार्थ एवं कृतित्व पर प्रदर्शित चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ कर प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम में अपनी प्राणों की आहुति देने वाले जनजातीय अमर बलिदानियों के पुरुषार्थ पर आधारित प्रदर्शनी शुभारंभ किया गया है, किंतु दुर्भाग्यवश जनजाति नायकों के चित्रों की प्रदर्शनी में लगाए गए पचहत्तर प्रतिशत चित्रों को आज हम नहीं पहचानते हैं। हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि जिनके बलिदान से आज हम सब खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उनके बलिदान को हम याद रखें। राजन ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के सामने इन बातों को रखना होगा, जिससे वह अपने नायकों को जानें और पहचानें।

अपर सचिव (मुख्यमंत्री सचिवालय) लक्ष्मण सिंह मरकाम ने बीज वक्तव्य में बताया कि जनजाति गौरव दिवस का बीजारोपण करने वाला पहला राज्य मध्यप्रदेश है। जनजातीय गौरव दिवस के पीछे मध्यप्रदेश की एक दशक की वैचारिक यात्रा रही है। इसके बाद वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सबसे पहला जनजातीय गौरव दिवस मनाया। मरकाम ने कहा कि पराधीन भारत में भी जनजातीय समाज इकलौता ऐसा समाज था, जो पराधीन नहीं रहा बल्कि अंग्रेजी पराधीनता के विरुद्ध मुखर रूप से विद्रोह करता रहा। ऐतिहासिक पाखंड को सही परिप्रेक्ष्य में सुधारते हुए, समाज के गौरव को पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता है। हमारे देश के शोधकर्ता एवं इतिहासकारों की नैतिक जिम्मेदारी है कि जनजातीय गुमनाम नायकों के पुरुषार्थ एवं योगदान को सही परिप्रेक्ष्य में भारतीय जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करें।

जनजातियों के द्वारा राष्ट्र के लिए किए गए त्याग, बलिदान को रेखांकित करना, उनके ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक गौरवपूर्ण इतिहास को जानना इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य था। कार्यशाला में वीरांगना रानी दुर्गावती की 500वीं जन्म जयंती वर्ष एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में जनजातीय नायकों के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान पर विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विचार मंथन हुआ। राष्ट्र के लिए जनजातीय शूरवीरों के बलिदान एवं उनके पुरुषार्थ पर आधारित गतिविधियों के लिए भी मंथन हुआ। प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जनजातीय नायकों पर आधारित वर्ष भर के कार्यक्रम एवं विभिन्न गतिविधियों के सम्बन्ध में कार्ययोजना के सृजन के लिए विमर्श हुआ।

कार्यशाला में विमर्श हुआ कि सभी विश्वविद्यालय अलग अलग समूहों के साथ मिलकर अपने विश्वविद्यालय में गतिविधियों का आयोजन करेंगे, जिसमें उनसे संबद्ध महाविद्यालय भी सहभागिता करेंगे। महाविद्यालय स्तर पर जनजातीय नायकों के पुरुषार्थ एवं कृतित्व पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रथम तीन विजेता, विश्वविद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे और विश्वविद्यालय स्तर के विजेता राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उच्च शिक्षा मंत्री परमार के निर्देश पर समस्त विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ के अंतर्गत जनजातीय गौरव की प्रदर्शनी स्थापित की जाएगी।

कार्यशाला का स्वागत उद्बोधन एवं परिचय प्रस्तावना, राजभवन जनजातीय प्रकोष्ठ की विषय विशेषज्ञ डॉ. दीपमाला रावत द्वारा प्रस्तुत की गई। आयुक्त उच्च शिक्षा निशांत वरवड़े ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रामदास अत्राम, वैभव सुरंगे, सोभाग सिंह मुजाल्दे एवं लवकुश मेहरा सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरू, प्रदेश के अग्रणी महाविद्यालयों एवं प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्यगण, छात्र कल्याण के अधिष्ठातागण, भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी, जनजाति अध्ययन एवं विकास केंद्र के नोडल अधिकारी विभिन्न विषयविद एवं विविध शिक्षाविद् सहित अन्य विद्वतजन उपस्थित रहे।

कांग्रेस ने प्रदेश को बीमारू बनाया, मुख्यमंत्री स्वर्णिम प्रदेश बनाने के लिए विदेश गए – भगवानदास सबनानी

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की पत्रकार-वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के किसान विरोधी चरित्र के लिए जीतू पटवारी को 15 दिन का प्रायश्चित करना चाहिए। कांग्रेस का मूल चरित्र ही किसान और विकास विरोधी है। जीतू पटवारी को याद होना चाहिए, कि विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहे जिस मध्यप्रदेश को लेकर वे अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं, उस प्रदेश को तो उनकी कांग्रेस सरकार ने बीमारू राज्य बना दिया था। सुर्खियों में आने और प्रासंगिक बने रहने के साथ अपने नाकारा नेतृत्व को छिपाने के लिए जीतू पटवारी इस तरह का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। जब-जब किसानों के हितों में निर्णय लिए गए हैं, भाजपा सरकारों ने ही लिया है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के साथ सिंचाई का रकबा बढ़ाकर सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध करा रही है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि किसानों को लेकर घड़ियाली आंसू बहाने वाले जीतू पटवारी और उनके पार्टी के नेताओं को यह पता होना चाहिए कि दिग्विजय सिंह के शासनकाल में बैतूल जिले के मुलताई में खाद की मांग करने वाले निहत्थे किसानों को गोलियों से भून दिया गया था। दिग्विजय सिंह हों या किसान कर्जमाफी के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी करने वाले कमलनाथ, जब भी कांग्रेस सत्ता में आई है किसानों के साथ धोखा ही किया है। मध्यप्रदेश ही नहीं, देश के जिन-जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं या रही हैं, वहां का किसान बदहाली में रहा और आत्महत्या करने को मजबूर हुआ। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार में किसान पूरी तरह से खुशहाल हैं और भाजपा सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को आर्थिक सशक्तिकरण का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रति वर्ष 6 हजार रूपए हर किसान को पीएम किसान सम्मान निधि प्रदान कर रहे हैं। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भी प्रदेश के 80 लाख से अधिक किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण निधि के रूप में दे रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों को सोयाबीन का समर्थन मूल्य भी मिल रहा है और केंद्र सरकार अब आलू-प्याज और टमाटर का भी मॉडल रेट तय करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है, ताकि किसानों को नुकसान नहीं उठाना पड़े। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदेश यात्रा के माध्यम से उस प्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिसे आपके राज ने बीमारू राज्य बना दिया था। हां विदेश में सैर सपाटा करने आपकी पार्टी का कौन नेता जाता है सारे देश को पता है। किसानों ने केंद्र में फिर मोदी सरकार और हरियाणा व महाराष्ट्र में फिर भाजपा गठबंधन को बहुमत देकर साफ बता दिया है कि किसानों का विश्वास अब सिर्फ भाजपा के साथ है।

किसानों का खाद के संकट का वार-सरकार सात समुंदर पार : जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये बताया है कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें देश की खेती-किसानी पर गहरा आघात कर रही है। एक तरफ किसानों को पर्याप्त समर्थन मूल्य नहीं दिया जाता, दूसरी ओर उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराया जाता। साथ ही खेती की लागत इतनी बढ़ा दी गई है कि किसानों का लागत मूल्य भी नहीं निकल पा रहा है।

मध्य प्रदेश के किसान कई-कई दिनों तक खाद लेने के लिए कतारों में खड़े हैं। भाजपाई सत्ता की बर्बरता के चलते पुलिस की लाठियां खा रहे हैं और मध्य प्रदेष के मुख्यमंत्री इसका संज्ञान लेने की अपेक्षा सात समुंदर पार सत्ता का लुफ्त उठा रहे हैं। मध्यप्रदेश में रबी सीजन में गेहूं, चना, मटर, सरसों, गन्ना, अलसी इत्यादि प्रमुख फसलें उत्पादित की जाती है।

डीएपी खाद का संकट गहराया: मध्य प्रदेश और देश में डीएपी खाद का गहरा संकट है। प्रदेश में रबी सीजन में भारत सरकार द्वारा 8 लाख मेट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराने की सहमति प्रदान की थी। मगर दुर्भाग्यपूर्ण है कि 20 नवंबर 2024 तक मात्र 4.57 लाख मेट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराई गई और अब तक प्रदेश में मात्र 2.91 लाख मेट्रिक टन डीएपी का विक्रय किया गया। डीएपी और काम्पलेक्स खाद सिर्फ बोवनी के समय ही प्रयुक्त किया जाता है। अभी अक्टूबर-नवम्बर माह बोवनी का चरम समय होता है, मगर भारत सरकार द्वारा डीएपी उपलब्ध कराये जाने के आष्वासन का आधा खाद भी उपलब्ध नहीं है। दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि जहां प्रदेश में यूरिया की आवष्यकता 20 लाख मेट्रिक टन की है। वहां उपलब्धता 12.70 लाख मेट्रिक टन मात्र की है और 20 नवंबर 2024 तक इसका विक्रय 7.69 लाख मेट्रिक टन मात्र किया गया है। यूरिया को रबी सीजन में कम से कम तीन बार प्रयुक्त किया जाता है। एक बोवनी के वक्त, दूसरे और तीसरी बार बोवनी के बाद। अर्थात नीचे दिये गये चार्ट से यह स्पष्ट है कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने खेती को और किसानों की आमदनी को गहरे संकट में डाल दिया है।

किसानों पर मोदी सरकार का वार-खाद की सब्सिडी तार-तार:- खाद की सब्सिडी में कटौती – ‘खाद की सब्सिडी’ में 87,238 करोड़ रू. की कटौती व ‘न्यूट्रिएंट सब्सिडी’ में 41,122 करोड़ रू. की कटौती। तीन कृषि विरोधी काले कानूनों के विरोध में पैदा हुए किसान आंदोलन के एवज में भाजपा की बदला लेने की मंशा के चलते पिछले 2 साल में ही खाद की सब्सिडी में भयंकर कटौती की गई। ‘न्यूट्रिएंट सब्सिडी (DAP/NPK/MOP)’ भी काट दी गई। यानी रबी 2024 की शुरुआत में खाद का स्टॉक 14 लाख टन कम था। इसकी पूरी जानकारी भारत सरकार को थी। पर इसके बावजूद भी अगस्त-सितंबर में खाद आयात कर यह स्टॉक पूरा नहीं किया गया। किसान विरोधी षडयंत्र साफ है।

पटवारी ने सोयाबीन की फसल लगाने वाले किसानों के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार को लेकर एक बड़ा खुलासा करते हुये बताया कि मध्यप्रदेश में लगभग 52 लाख हेक्टेयर भूमि में सोयाबीन की बुवाई हुई है और 55 से 60 लाख टन मध्यप्रदेश में सोयाबीन उत्पादित हुआ है। सोयाबीन किसानों को फसलों के दाम लागत मूल्य जितने भी नहीं पा रहे थे। जिसके चलते देश के कृषि मंत्री और प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्राईस सपोर्ट स्कीम पर सोयाबीन को समर्थन मूल्य 4892 रूपये प्रति क्विंटल खरीदने का किसानों को आष्वासन दिया था। एक चौकाने वाला खुलासा हुआ है कि राज्य सरकार ने खरीफ 2024-25 सीजन के लिए 10 सितम्बर 2024 को 27.34 लाख मेट्रिक टन सोयाबीन खरीदने का अनुरोध किया था। मगर प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करते हुये मात्र 13,68,045 मेट्रिक टन सोयाबीन खरीदने की अनुमति ही केंद्र द्वारा प्रदान की गई। उसमें से भी 21 नवंबर 2024 तक मात्र 56768.85 मेट्रिक टन सोयाबीन 25 अक्टूबर 2024 से खरीदा गया। देश के प्रधानमंत्री महाराष्ट्र की चुनावी सभाओं में यह कह चुके हैं कि राज्य में सरकार बनने के बाद किसानों को सोयाबीन का समर्थन मूल्य 6000 रूपये दिया जायेगा, तो फिर मध्य प्रदेश के किसानों के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों।

कांग्रेस ने 90 बार संविधान का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या की : अजय जामवाल

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने संविधान में जो गलतियां की थीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धीरे-धीरे उन्हें सुधार रहे हैं और संविधान को देश के अनुकूल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा संविधान को किताब माना परंतु भाजपा ने ग्रंथ मानकर सम्मान किया है। कांग्रेस ने 90 बार संविधान का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या की है। धारा-370 और 35 ए इस देश के अनुकूल नहीं थी, प्रधानमंत्री मोदी ने संवैधानिक तरीके से उन्हें हटा दिया। महिला सशक्तीकरण की सिर्फ बातें होती थीं, लेकिन मोदी जी ने नारीशक्ति वंदन अधिनियम में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करके उसे साकार कर दिया। हमारा देश संविधान के मार्गदर्शन में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि 2047 में जब हमारी आजादी को 100 साल पूरे होंगे, तब तक भारत एक विकसित देश बने। आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से दुनिया का नंबर-1 देश बने। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि देश में हर जगह हमारा नेतृत्व हो। आज संविधान दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता इसके लिए काम करने का संकल्प लें और संवैधानिक अधिकार ही नहीं कर्त्तव्यों को भी आत्मसात करें। देश तेजी से आगे बढ़े, इसके लिए एकजुटता जरूरी है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता संविधान की मूल भावना को समझें और उसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रसारित करें।

संगोष्ठी को भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा एवं पार्टी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी ने एवं आभार प्रदर्शन प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने किया। इस दौरान मंच पर पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री माखन सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह एवं सीमा सिंह जादौन उपस्थित रहीं।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि सामान्यतः हम यही जानते हैं कि देश में संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ, लेकिन सिर्फ यही पर्याप्त नहीं है। संविधान दिवस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की सोच यह है कि प्रत्येक कार्यकर्ता, देश का हर व्यक्ति संविधान का अध्ययन करे, उसे जाने और इसकी भावना को समझे। जामवाल ने कहा कि संविधान के निर्माण की सोच 1946 में आई। इसके लिए 6 दिसंबर, 1946 को देश के प्रबुद्ध लोगों की एक समिति बनाई गई और संविधान निर्माण के प्रयास शुरू हुए। 26 नवंबर 1949 को संविधान तैयार हुआ और इसके प्रस्ताव को स्वीकार किया गया। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। इसके दशकों बाद 26 नवंबर 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। जामवाल ने कहा कि संविधान समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। उन्होंने दुनिया के अच्छे संविधानों का अध्ययन किया, विभिन्न ग्रंथों, समाजों, संस्कृतियों, धर्म और पंथों का अध्ययन किया और यह समन्वय बनाने का प्रयास किया कि सभी अच्छी-अच्छी बातें संविधान में आ जाएं। संविधान के बारे में डॉ भीमराव अंबेडकर जी ने कहा था कि यह सिर्फ कानून की किताब नहीं है और न ही सिर्फ वकीलों के मार्गदर्शन के लिए है। यह समाज के विकास तथा मानवता को न्याय और सम्मान दिलाने के लिए है। इसलिए जिस तरह से हम अपने धर्मग्रंथों का सम्मान करते हैं, देश को संविधान को भी वैसा ही सद ग्रंथ मानते हुए उसका अध्ययन करें, अपने अधिकारों और कर्त्तव्यों को जानें।

जामवाल ने कहा कि हमारा संविधान जब बनकर तैयार हुआ, तो उसमें हमारी सभ्यता, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के बारे में विवरण शामिल नहीं था। समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि इन बातों का संविधान में शामिल होना आवश्यक है। इसके बाद इन बातों को कलाकृतियों के रूप में संविधान में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान के 22 खंड हैं और प्रत्येक खंड के प्रथम पेज पर एक-एक चित्र बना हुआ है। कहीं पर श्रीराम, कहीं हनुमान जी तो कहीं पर सिंधु घाटी सभ्यता के चित्र हैं। ये सभी चित्र हमारी सभ्यता, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को भलीभांति प्रदर्शित करते हैं।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि देश के संविधान में अब तक 106 बार संशोधन हुए हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश कांग्रेस की सरकारों ने किए हैं। 90 बार कांग्रेस की सरकारों ने धारा 356 का दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकारों को गिराया और लोकतंत्र की हत्या की। कांग्रेस की सरकारें संविधान की आत्मा से ये खिलवाड़ इसलिए कर सकीं, क्योंकि समाज में संविधान के प्रति जितनी जागरूकता होनी चाहिए, वो नहीं थी। इसके चलते कांग्रेस की इन कारगुजारियों के विरोध में जो आंदोलन खड़ा होना चाहिए था, वह नहीं हो सका। अंग्रेजों के रास्ते पर चलते हुए कांग्रेस पार्टी आज भी जातिगत जनगणना की बात कर रही है, क्योंकि वह समाज को जाति, मत और पंथ के नाम पर तोड़कर राज करना चाहती है। लेकिन कांग्रेस के लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि देश अब बदल चुका है। देश के लोग बदल चुके हैं। अब इस देश के लोग ’सर्वे भवन्तु सुखिनाः, सर्वे सन्तु निरामयः’ के मंत्र को जपते हुए सभी के सुखी और संपन्न होने की कामना करते हैं। आज का देश ’वसुधैव कुटुम्बकम’ की बात करता है और सारी दुनिया को एक परिवार मानता है। इसलिए आज दुनिया के 162 देशों ने योग को अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जहां भी जाते हैं, भारतीय संस्कृति के विचार को रखते हैं। चाहे वो विश्व के स्वास्थ्य की बात हो, या पर्यावरण की रक्षा की बात हो, सारी दुनिया मोदी जी की बातों को ध्यान से सुनती है। जामवाल ने कहा कि आज देश जिस तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है, भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ता रहे इसके लिए जरूरी है कि हम संविधान का सम्मान करें, उसके प्रति समाज में जागरूकता पैदा करें।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती और परिनिर्वाण दिवस पर उनकी प्रतिमा पर कई ऐसे लोग भी पुष्पांजलि करते हैं और यह जताते हैं कि वे बाबा साहब को सबसे ज्यादा सम्मान देते हैं। लेकिन उन्हें इस बात का ख्याल होना चाहिए कि उनके ही पूर्वजों ने बाबा साहब का अपमान करने के साथ चुनाव हराने का कार्य किया है। भारत के संविधान के प्रति सच्ची हितेषी अगर कोई राजनीतिक दल है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने कभी संविधान दिवस को लेकर नहीं सोचा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया।

भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान को लेकर इस राष्ट्र के प्रति महापाप करने का काम किया है। संविधान के आधारभूत ढांचे को बदलने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया है। संविधान के आधारभूत ढाचे में सेकुलर शब्द नहीं था, प्रस्तावना में सोशलिज्म शब्द नहीं था, समाजवाद नहीं था, लेकिन कांग्रेस ने संविधान के आधारभूत ढांचे में बदलाव कर देश की आत्मा से खिलवाड़ करने का काम किया। कांग्रेस पाटी ने देश में आपातकाल लगाकर और बार-बार चुनी हुई सरकारों को भी भंग करके लोकतंत्र की हत्या की है।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...