प्रदेशवासियों को गर्व है स्व.पवन भदौरिया पर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में कल सीआरपीएफ के शहीद जवान स्व. पवन भदौरिया के परिजन ने भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जवान शहीद स्व. पवन कुमार भदौरिया के परिजन को एक करोड़ रूपये की सहायता राशि का चेक भेंट किया। राष्ट्रपति द्वारा वीरतापूर्ण कार्य के लिए जवान स्व. भदौरिया को मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी शहीद स्व. पवन भदौरिया के परिजन को प्रावधान के अनुसार एक करोड़ रुपए की राशि का चेक आज भेंट किया। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अपनी जान की परवाह न करते हुए साहस के साथ नक्सलियों से मुकाबला करते हुए शहादत को प्राप्त स्व. पवन भदौरिया पर प्रदेशवासियों को गर्व है। शहीद परिवार के साथ शासन साथ खड़ा है। राज्य शासन शहीद परिवार की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

उल्लेखनीय है कि सीआरपीएफ के जवान स्व. पवन भदौरिया छत्तीसगढ़ में ड्यूटी पर रहते हुए नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार की रात्रि शहीद स्व. भदौरिया के पिता राजकुमार भदौरिया, शहीद की पत्नी आरती भदौरिया, पुत्र अर्पण और बिटिया शिवी से चर्चा की। भदौरिया परिवार भिंड जिले की मेहगांव तहसील के ग्राम कुपावली में निवास करता है।

“यही समय है, सही समय है” : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज किताबी ज्ञान भले ही पूरा हुआ हो परंतु दीक्षांत के बाद स्वाध्याय, मनन और चिंतन सतत् जारी रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मंत्र दिया कि “यही समय है – सही समय है।” मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को इंदौर में सिबायोसिस स्किल यूनिवर्सिटी के छठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बदलते दौर में भारत में बहुत से उल्लेखनीय काम हो रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमारी नई पीढ़ी तकनीकी रूप से दक्ष बने और देश के विकास और समग्र मानव समाज के कल्याण में अपना योगदान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इज़राइल का उदाहरण देते हुए कहा कि तकनीकी ज्ञान के बल पर ही इज़राइल ने अनेक चुनौतियों से पार पाया है। हमें भी अपनी क्षमता और तकनीकी दक्षता को शिखर तक ले जाना होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नैतिकता सदा ही सर्वोपरि है। शिक्षा के साथ संस्कारों की दीक्षा भी ज़रूरी है। मुख्यमंत्री ने दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और जीवन में आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शिखर हैं किन्तु सिम्बायोसिस समूह जिन्होंने तकनीकी दक्षता और तकनीकी क्षेत्र में विश्वविद्यालय स्थापित किया है, यह और भी महत्वपूर्ण योगदान हो जाता है। उन्होंने प्रो. चांसलर डॉ. स्वाति मजूमदार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका को छोड़कर भारत में शिक्षा को अपना जीवन समर्पित किया है। प्रारंभ में सिम्बायोसिस तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रो. चांसलर डॉ. मजूमदार ने स्वागत भाषण दिया और कुलगुरु डॉ. विनीत नायर ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। दीक्षांत समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, डॉ. भारत शरण सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में एनसीसी का महत्वपूर्ण योगदान : स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। एनसीसी संगठन स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों और युवाओं को अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाने का लगातार काम कर रहा है। एनसीसी ने विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, साम्प्रदायिक सौहार्द, समाज सेवा, अनुशासन के साथ देशभक्ति के संस्कार विकसित किये हैं। मंत्री सिंह आज भोपाल के शौर्य स्मारक में एनसीसी के 76वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर आयुक्त लोक शिक्षण शिल्पा गुप्ता भी मौजूद थीं।

स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि देश में उच्च पदों पर अनेक विभूतियां हैं, जो देश निर्माण में अपना योगदान दे रही हैं। इन सबका संबंध अपने युवा काल में एनसीसी से रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्कूल शिक्षा के दौरान एनसीसी से जुड़े रहे। एनसीसी के आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने में अहम कार्य कर रही है। एनसीसी से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर हम प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को पूरा कर सकते हैं।

एनसीसी के अपर महानिदेशक मेजर जनरल विक्रांत एम दुमने ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि भारत में एनसीसी का गठन 1948 में हो गया था। एनसीसी हमारे देश की वह संस्था है, जो समाज को एक सकारात्मक दिशा देने में भरपूर योगदान कर रही है। एनसीसी विद्यार्थियों में नेतृत्व की क्षमता विकसित करने और सामाजिक सेवा की भावना को मजबूत करने का भी लगातार काम कर रही है।

एनसीसी के स्थापना दिवस पर कैडेटस् ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ अंचल की जनजातीय लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी। भोपाल के कॉर्मेल कान्वेन्ट की छात्राओं ने अनुशासित तरीके से ब्रास बैण्ड पर मधुर ध्वनि प्रस्तुत की। इसी के साथ कैडेटस् ने एनसीसी गान और राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के समापन पर डिप्टी डायरेक्टर जनरल मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ ब्रिगेडियर रजनीश सिंह गौर ने बताया कि प्रदेश में युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिये कैडेट ट्रेनिंग अकादमी की स्थापना प्रस्तावित है। वहां भूमि आवंटित हो गयी है। शीघ्र ही वहां भवन निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा। इसके साथ ही कैडेटस् के स्वल्पाहार भत्ता और कैम्प में शामिल कैडेटस् के आवासीय भत्ते में भी वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में एनसीसी कैडेटस् की संख्या को बढ़ाने के प्रयास लगातार किये जा रहे हैं। इस मौके पर एनसीसी कैडेटस् ने शिविर में रक्तदान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुयाना के सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से अलंकृत और ’डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर’ से भी नवाजा गया

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यहां दो राष्ट्रों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया। प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना ने अपने सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस ऑफ गुयाना’ और डोमिनिका ने ‘डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी यहां कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

गयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने आज स्टेट हाउस में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया। एक दूरदर्शी राजनेता के रूप में वैश्विक मंच पर विकासशील देशों के अधिकारों की रक्षा करने, वैश्विक समुदाय के लिए असाधारण सेवा करने तथा भारत-गयाना संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता के लिए मोदी को यह सम्मान प्रदान किया गया है। पुरस्कार ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत के नागरिकों तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी यह राजकीय यात्रा भारत-गयाना मैत्री को और सुदृढ़ करने की दिशा में भारत की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गयाना के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होने वाले केवल चौथे विदेशी नेता हैं।

डोमिनिका की राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कोविड-19 महामारी के दौरान डोमिनिका को दिए गए समर्थन और दोनों देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने के प्रति उनके समर्पण को मान्यता देते हुए ‘डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट भी उपस्थित थे। गयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली, बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली, ग्रेनेडा के प्रधानमंत्री डिकॉन मिशेल, सेंट लूसिया के प्रधानमंत्री फिलिप जे. पियरे और एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन भी समारोह में उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत के लोगों और दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को समर्पित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और ज्यादा विस्तारित एवं प्रगाढ़ होंगे। यह पुरस्कार समारोह को गयाना के जॉर्जटाउन में दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित किया गया।

सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एक करोड़ 76 लाख से अधिक स्कूली छात्रों ने प्रोजेक्ट वीर गाथा के चौथे चरण में भाग लिया

सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1.76 करोड़ से अधिक स्कूली छात्रों ने प्रोजेक्ट वीर गाथा 4.0 में उत्साहपूर्वक भाग लिया है। छात्रों ने सशस्त्र बलों के अधिकारियों/कर्मियों की बहादुरी और बलिदान के सम्मान में कविताएँ, पेंटिंग, निबंध, वीडियो आदि भेजे हैं।

प्रोजेक्ट वीर गाथा की शुरुआत 2021 में वीरता पुरस्कार विजेताओं की वीरता, निस्वार्थ बलिदान और साहस की प्रेरक कहानियों और इन बहादुरों की जीवन गाथाओं को छात्रों के बीच प्रसारित करने के उद्देश्य से की गई थी ताकि उनमें देशभक्ति की भावना पैदा हो सके। प्रोजेक्ट वीर गाथा ने स्कूली छात्रों को वीरता पुरस्कार विजेताओं के वीरतापूर्ण कार्यों और बलिदान पर आधारित रचनात्मक परियोजनाओं/गतिविधियों को करने के लिए एक मंच प्रदान करके इस महान उद्देश्य को आगे बढ़ाया।

वीर गाथा परियोजना के तीन संस्करण क्रमशः 2021, 2022 और 2023 में आयोजित किए जा चुके हैं। वीर गाथा परियोजना 4.0 के अंतर्गत अब तक निम्नलिखित गतिविधियाँ आयोजित की जा चुकी हैं:

स्कूल स्तर पर गतिविधियाँ: स्कूलों ने विभिन्न परियोजनाएं/गतिविधियाँ आयोजित की हैं (16.09.2024 से 31.10.2024 तक) और प्रत्येक स्कूल से कुल 4 सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियाँ MyGov पोर्टल पर अपलोड की हैं।

इसके साथ ही, स्कूली छात्रों के बीच वीर नायकों और गुमनाम कहानियों के बारे में ज्ञान बढ़ाने के लिए, रक्षा मंत्रालय ने अपने क्षेत्रीय संगठनों या सेना/नौसेना/वायु सेना के माध्यम से देश भर के स्कूलों के लिए वर्चुअल बैठकें/आमने-सामने जागरूकता कार्यक्रम/सत्र आयोजित किए हैं।

अपनी शुरुआत से ही इस परियोजना में देश भर के छात्रों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उल्लेखनीय है कि वीर गाथा परियोजना (प्रथम संस्करण) में 8 लाख छात्रों ने भाग लिया था; दूसरे संस्करण में 19.5 लाख छात्रों ने भाग लिया और तीसरे संस्करण में 1.36 करोड़ छात्रों ने भाग लिया।

वीर गाथा परियोजना संस्करण I और II के दौरान, 25 विजेताओं (सुपर 25) का चयन किया गया और उनका सम्मान शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में किया गया। वीर गाथा परियोजना 3.0 में, राष्ट्रीय स्तर पर 100 विजेताओं (सुपर 100) का चयन किया गया। इस वर्ष भी, परियोजना वीर गाथा 4.0 के तहत, 100 विजेताओं का चयन किया जाएगा और उनका सम्मान शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में संयुक्त रूप से किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा, जिला स्तर पर 4 विजेता और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर 8 विजेता होंगे और ऐसे सभी विजेताओं को संबंधित जिला और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन में इस वर्ष सितम्‍बर महीने में कुल सदस्‍यों की संख्‍या 18 लाख 81 हजार हो गई है

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कर्मचारियों के भुगतान संबंधी सितंबर 2024 का अनंतिम पे-रोल डाटा जारी किया है। इसमें 18.81 लाख सदस्यों के जुड़ने का पता चला है। सितंबर 2023 की तुलना में यह 9.33% की साल-दर-साल वृद्धि दर्शाता है। यह ईपीएफओ की प्रभावी आउटरीच पहल से बढ़े रोजगार अवसर और कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूकता भी दिखाता है।

ईपीएफओ में सितंबर 2024 में लगभग 9.47 लाख नए सदस्य शामिल हुए, जो पिछले वर्ष सितंबर 2023 की तुलना में 6.22 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दिखाता है। रोजगार के अवसरों, कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों की बढ़ती जानकारी और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की सफल आउटरीच पहल के कारण नए सदस्यों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है।

आंकड़ों में उल्लेखनीय तथ्य है कि सितंबर 2024 में जुड़े 59.95 प्रतिशत नए सदस्यों में अधिकांश 18 से 25 आयु वर्ग के है। सितंबर 2024 में 18 से 25 आयु वर्ग का कुल पे-रोल डाटा 8.36 लाख है, जो सितंबर, 2023 के आंकड़ों की तुलना में साल दर साल 9.14 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है। पहले के रुझान के अनुरूप संगठित कार्यबल में शामिल होने वाले अधिकांश व्यक्ति युवा और पहली नौकरी पाने वाले है।

पे-रोल आंकड़ों से पता चलता है कि भविष्य निधि संगठन से बाहर निकले लगभग 14.10 लाख सदस्य इसमें दोबारा शामिल हुए हैं। सितंबर 2023 की तुलना में साल-दर-साल यह 18.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। ये सदस्य नौकरी बदलने के बाद ईपीएफओ के दायरे के प्रतिष्ठानों में फिर से शामिल हुए और अंतिम राशि निपटान के आवेदन की बजाय अपने संचय को स्थानांतरित करने का विकल्प चुना। उन्होंने दीर्घकालिक वित्तीय लाभ और अपनी सामाजिक सुरक्षा बनाए रखी।

पे-रोल डाटा के लिंग-वार विश्लेषण में स्पष्ट होता है कि सितंबर 2024 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में नए जुड़े सदस्यों में से लगभग 2.47 लाख महिला कर्मचारी हैं। सितंबर 2023 की तुलना में साल-दर-साल यह 9.11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है। इस दौरान लगभग 3.70 लाख महिला कर्मचारी संगठन से जुड़ीं। सितंबर 2023 की तुलना में साल-दर-साल यह 12.11 प्रतिशत की वृद्धि है। ईपीएफओ में महिला सदस्यों की संख्या में बढ़ोत्तरी अधिक समावेशी और विविध कार्यबल के व्यापक बदलाव के संकेत हैं।

पे-रोल आंकड़े के राज्यवार विश्लेषण के अनुसार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में सितंबर 2024 में शामिल होने वाले शीर्ष पांच राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में कुल सदस्यों की संख्या में करीब 59.86 प्रतिशत बढोत्तरी हुई और लगभग 11.26 लाख सदस्य जुड़े। इनमें महाराष्ट्र अग्रणी रहा जहां संगठन में कुल 21.20 प्रतिशत सदस्य शामिल हुए। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में इस दौरान संगठन से व्यक्तिगत रूप से पांच प्रतिशत से अधिक सदस्य जुड़े।

आंकड़ों के अनुसार संगठन की सदस्यता में माहवार कुल 41.69 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इनमें उद्योग प्रतिष्ठानों, व्यापार-वाणिज्यिक, इलेक्ट्रिक, मैकेनिकल, सामान्य इंजीनियरिंग, उत्पाद निर्माण, परिधान निर्माण, साफ-सफाई, अस्पताल, वित्तीय प्रतिष्ठानों, कंपनियां/सोसायटियां/एसोसिएशन/क्लब/प्रदर्शन मंडलियां मानवशक्ति आपूर्तिकर्ताओं, सामान्य ठेकेदारों, सुरक्षा सेवाओं, विविध गतिविधियों आदि सहित सेवाओं के कर्मचारी शामिल है।

उपरोक्त पे-रोल डाटा अनंतिम है। कर्मचारी रिकॉर्ड को अपडेट करना एक सतत प्रक्रिया है जिसमें हर महीने संशोधन होता है। ईपीएफओ नवंबर 2017 को शामिल करते हुए अप्रैल 2018 से आगे की अवधि का पे-रोल डाटा जारी करता रहा है। मासिक पे-रोल डाटा में, अब आधार संबंधी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर जोड़ दिया गया है जिससे ईपीएफओ ​​में शामिल होने वाले सदस्यों की गिनती और उसके दायरे से बाहर निकलकर फिर इसमें शामिल होने वाले सदस्यों की कुल संख्या मासिक पे-रोल आधार पर मिल रही है।

11वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के मौके पर चीन, लाओस और मलेशिया के रक्षा मंत्रियों के साथ राजनाथ सिंह ने की द्विपक्षीय बैठक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कल लाओ पीडीआर के वियनतियाने में आसियान रक्षा मंत्रियों की 11वीं बैठक-प्लस के अवसर पर चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल दोंग जून से मुलाकात की। हाल ही में हुए सैन्य वापसी समझौतों और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात के बाद दोनों रक्षा मंत्रियों की यह पहली भेंट थी।

रक्षा मंत्री ने कहा कि दुनिया के दो सबसे बड़े देश भारत और चीन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों का वैश्विक शांति और समृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्‍होंने कहा कि पड़ोसी होने के नाते हमें संघर्ष के बजाय सहयोग पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।

राजनाथ सिंह ने वर्ष 2020 सीमा में हुई दुर्भाग्यपूर्ण झड़पों से मिले सबक पर विचार करने, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कदम उठाने और भारत-चीन सीमा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। तनाव कम करके दोनों पक्षों के बीच अधिक विश्वास और भरोसा कायम करने पर भी उन्होंने जोर दिया। दोनों पक्षों ने आपसी विश्वास और समझ बढ़ाने के लिए एक रोडमैप की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमति जताई।

रक्षा मंत्री तीन दिवसीय यात्रा पर वियनतियाने पहुंचे हैं। वे 21 नवंबर, 2024 को 11वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस में भाग लेंगे और क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर मंच को संबोधित करेंगे।

 

भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में चीन को हराया, तीसरी बार जीता खिताब

बिहार में नालंदा जिले के राजगीर में संपन्न एशिया महिला हॉकी चैम्पियन्स टॉफी के फाइनल में कल खेले गए मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हरा दिया। इस प्रतियोगिता के फाइनल मैच के मुख्य अतिथि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि महिला एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर हमारी महिला हॉकी टीम ने देश को गौरवान्वित किया है। इस शानदार जीत पर पूरी टीम को बधाई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई दी है। प्रधानमत्री मोदी ने कहा है कि उनकी जीत से उभरते एथलीटों को प्रेरणा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया: “एक अभूतपूर्व उपलब्धि! महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर हमारी हॉकी टीम को बधाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी सफलता कई उभरते एथलीटों को प्रेरित करेगी।”

केंद्रीय मंत्री मांडविया ने कहा कि खेलों में हार-जीत से ज्यादा खेल भावना अहम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजना है कि जब भारत 2047 में अपनी आजादी के शताब्दी वर्ष का जश्न मना रहा होगा, तब देश खेल जगत में दुनिया के टॉप-5 देशों में शामिल हो। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके लिए खेलो इंडिया प्रोजेक्ट के तहत जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें विश्वस्तरीय कोचिंग दी जा रही है। खिलाड़ियों को नेशनल और इंटरनेशनल एक्सपोजर देने के अवसर दिए जा रहे हैं। मांडविया ने कहा कि दुनिया के अच्छे कोच लाकर इंडिया के प्लेयर को अच्छी ट्रेनिंग दिलाने की व्यवस्था हो रही है।

बिहार के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजगीर में आयोजित महिला एशियाई हॉकी चैंपियनशिप का पहले सेमीफाइनल में चीन ने मलेशिया को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश पाया था। दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने जापान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। भारत ने अजेय रहते हुए लीग मुकाबले में सभी मैच जीते। लीग मुकाबले में भारत ने जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड और चीन को हराया।

प्रसार भारती ने अपने ओटीटी प्लेटफार्म का किया अनावरण

गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कल गोवा में 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेव्स’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

भारत के प्रतिष्ठित सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन ने डिजिटल स्ट्रीमिंग सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए ओटीटी (ओवर-द-टॉप) प्लेटफ़ॉर्म में कदम रखा है। इस प्लेटफ़ॉर्म का उद्देश्य उत्कृष्ट कंटेंट और समकालीन प्रोग्रामिंग का एक समृद्ध मेल पेश करके आधुनिक डिजिटल रुझानों को अपनाते हुए पुरानी यादों को ताज़ा करना है। रामायण, महाभारत, शक्तिमान और हम लोग जैसे कालातीत शो की लाइब्रेरी के साथ, यह प्लेटफ़ॉर्म भारत के अतीत के साथ सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव की तलाश करने वाले दर्शकों को अपनी ओर खींचता है। इसके अतिरिक्त, यह समाचार, वृत्तचित्र और क्षेत्रीय सामग्री प्रस्तुत करता है, जो समावेशिता और विविधता के प्रति प्रसार भारती की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। अपनी दशकों पुरानी विरासत और राष्ट्रीय दायित्व का लाभ उठाकर, दूरदर्शन का ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पारंपरिक टेलीविज़न और आधुनिक स्ट्रीमिंग के बीच की कमी को दूर करता है, और तकनीक-प्रेमी युवाओं और पुरानी पीढ़ियों तक बराबर रूप से पहुँचता है।

‘वेव्स’ एक बड़े एग्रीगेटर ओटीटी के रूप में प्रवेश कर रहा है, जिसमें समावेशी भारत की कहानियां हैं, जो भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ जोड़ती हैं। यह 12 से अधिक भाषाओं जैसे हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, मराठी, कन्नड़, मलयालम, तेलुगु, तमिल, गुजराती, पंजाबी, असमिया में उपलब्ध होगा। यह इन्फोटेनमेंट की 10 से शैलियों में विस्तृत होगा। यह वीडियो ऑन डिमांड, फ्री-टू-प्ले गेमिंग, रेडियो स्ट्रीमिंग, लाइव टीवी स्ट्रीमिंग, 65 लाइव चैनल, वीडियो और गेमिंग सामग्री के लिए कई ऐप इन ऐप इंटीग्रेशन और ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओनडीसी) समर्थित ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन शॉपिंग की सुविधा प्रदान करेगा।

रचनात्मक अर्थव्यवस्था में युवा रचनाकारों की क्षमता को उजागर करने के लिए एक सचेत कदम के रूप में, वेव्स राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार विजेताओं जैसे कामिया जानी, आरजे रौनक, श्रद्धा शर्मा और अन्य सहित सामग्री रचनाकारों को मंच प्रदान करता है। वेव्स ने एफटीटीआई, अन्नपूर्णा और एएएफटी जैसे फिल्म और मीडिया कॉलेजों के छात्रो के लिए अपना पोर्टल खोला है।

55 वें आईएफएफआई में युवा फिल्म निर्माताओं पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही, वेव्स में नागार्जुन और अमला अक्किनेनी द्वारा अन्नपूर्णा फिल्म और मीडिया स्टूडियो के छात्रों की फिल्म ‘रोल नंबर 52’ का प्रदर्शन किया जाएगा।

1980 के दशक के शाहरुख खान के लोकप्रिय शो फौजी का आधुनिक रूपांतरण ‘फौजी 2.0’, ऑस्कर विजेता गुनीत मोंगा कपूर की ‘किकिंग बॉल्स’, एक क्राइम थ्रिलर ‘जैक्सन हॉल्ट’ और मोबाइल टॉयलेट पर आधारित ‘जाइए आप कहां जाएंगे’ वेव्स में प्रदर्शित होंगी।

वेव्स में अयोध्या से प्रभु श्रीराम लला की आरती की और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मासिक मन की बात जैसे कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण सम्मिलित हैं। 22 नवंबर , 2024 से वेव्स पर आगामी यूएस प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण होगा। वेव्स, इलेक्ट्रोनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत सी-डैक के साथ साझेदारी में दैनिक वीडियो संदेशों के साथ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान भी शुरू करेगा। इस अभियान को साइबर क्राइम की दुनिया (एक काल्पनिक श्रृंखला) और साइबर अलर्ट (डीडी न्यूज फीचर द्वारा) जैसे कार्यक्रमों का सहयोग मिलेगा।

वेव्स पर अन्य फिल्मों और शो में फंतासी एक्शन सुपर हीरो ‘मंकी किंग: द हीरो इज बैक ‘, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फौजा, अरमान, विपुल शाह का थ्रिलर शो भेद भरम , पंकज कपूर अभिनीत पारिवारिक ड्रामा थोड़े दूर थोड़े पास , कैलाश खेर का संगीत रियलिटी शो भारत का अमृत कलश , सरपंच , हॉटमेल के संस्थापक सबीर भाटिया द्वारा बीक्यूब्ड , महिला केंद्रित शो और फिल्में जैसे कॉरपोरेट सरपंच, दशमी , और करियाथी, जानकी शामिल हैं। वेव्स में चुने हुए लोकप्रिय एनीमेशन कार्यक्रम डॉगी एडवेंचर, छोटा भीम , तेनालीराम , अकबर बीरबल और कृष्णा जंप , फ्रूट शेफ, राम द योद्धा , क्रिकेट प्रीमियर लीग टूर्नामेंट जैसे गेम भी हैं।

वेव्स पर विषय-वस्तु के प्रारूप, भाषा, शैली और पहुंच के भंडार का विस्तार करते हुए दूरदर्शन, आकाशवाणी सहित लाइव चैनल और समाचार, सामान्य मनोरंजन, संगीत, भक्ति, खेल जैसे कई श्रेणियों में निजी चैनल शामिल हैं।

केंद्र सरकार के मंत्रालय और राज्य प्रसार भारती के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार की सामग्री जैसे कि डॉक्यूड्रामा, नाटकीय या काल्पनिक शो, मनोरंजन मूल्य वाले रियलिटी शो, सार्थक संदेशों के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करने और योगदान देने के लिए हाथ मिला रहे हैं। इसमें सर्वोच्च न्यायालय की 75 वीं वर्षगांठ पर एक वृत्तचित्र, एनएफडीसी अभिलेखागार से सिनेमाज ऑफ इंडिया, ऐतिहासिक चित्र, पत्रिकाएँ और प्रकाशन जैसे सूचना और प्रसारण मंत्रालय की दुर्लभ अभिलेखीय सामग्री सम्मिलित हैं। विदेश मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, आईजीएनसीए, संस्कृति मंत्रालय और भारतीय डाक ने भी वेव्स में जानकारीपूर्ण और मनोरंजक कार्यक्रमों का योगदान दिया है।

वेव्स का डिजिटल अनुभव आधुनिक लुक और अनुभव, अनुकूल यूजर इंटरफेस, क्रॉस-प्लेटफॉर्म अनुकूलता, व्यक्तिगत प्रोफाइल और क्यूरेटेड प्लेलिस्ट के साथ भारतीय लोकाचार को जोड़ता है, जो स्ट्रीमिंग अनुभव को अनूठा बनाता है।

यह शुभारंभ न केवल प्रसार भारती के लिए बल्कि डिजिटल मीडिया और ओटीटी दर्शकों के लिए एक बड़ी शुरुआत का प्रतीक है, क्योंकि यह एक संपूर्ण इन्फोटेनमेंट इकोसिस्टम प्रदान करता है।

आईएफएफआई के उद्घाटन समारोह में प्रतिष्ठित भारतीय फिल्म हस्तियों को सम्मानित किया गया

 कल शाम गोवा के खूबसूरत तटों पर बहुचर्चित फिल्मी हस्तियों और जोशीले सिनेमा प्रेमियों की शानदार मौजूदगी में 55वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) की शुरुआत हुई। भारत की सांस्कृतिक एकता और विविधता को दर्शाने वाले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और रचनात्मकता और सिनेमाई प्रतिभा के उत्सव के नौ दिनों की शानदार शुरुआत हुई। दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए 55वें आईएफएफआई की शुरुआत प्रसिद्ध ऑस्ट्रेलियाई फिल्म निर्माता माइकल ग्रेसी की फीचर फिल्म ‘बेटर मैन’ की स्क्रीनिंग के साथ हुई।

भव्य उद्घाटन समारोह में सिने-जगत के कुछ प्रतिभाशाली सितारों को सिने-प्रेमियों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया, जिसकी मेजबानी लोकप्रिय फिल्मी हस्तियों अभिषेक बनर्जी और भूमि पेडनेकर ने की। फिल्म जगत के दिग्गजों सुभाष घई, चिदानंद नाइक, बोमन ईरानी, ​​आर के सेल्वामणि, जयदीप अहलावत, जयम रवि, इशारी गणेश, आर सरथ कुमार, प्रणिता सुभाष, जैकी भगनानी, रकुल प्रीत सिंह, रणदीप हुडा और राजकुमार राव को सिनेमा में उनके अपार योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

भारतीय परंपराओं का पालन करते हुए, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने राज्यसभा सांसद सदानंद शेट तनावड़े, सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू, आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, महोत्सव के निदेशक शेखर कपूर, सीबीएफसी के अध्यक्ष प्रसून जोशी और प्रसार भारती के अध्यक्ष नवीन कुमार सहगल आदि गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में नारियल के पौधे को पानी देकर फिल्म महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा और आईएफएफआई सचमुच एक दूसरे के पर्यायवाची हैं। डॉ. सावंत ने कहा, “जब आप आईएफएफआई के बारे में सोचते हैं, तो आपको गोवा याद आता है और जब आप गोवा के बारे में सोचते हैं, तो आपको आईएफएफआई याद आता है।” डॉ. सावंत ने सभी गोवावासियों की ओर से गोवा में महोत्सव के सभी प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

एक वीडियो संदेश में, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आईएफएफआई भारतीय फिल्म उद्योग के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बन गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि कंटेंट क्रिएटर्स की अर्थव्यवस्था को विकसित करने पर बहुत ध्यान दिया जा रहा है, जो जीवंत है और तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “लोग ऐसे नए तरह के कंटेंट के साथ आ रहे हैं जो भारत की विविध संस्कृतियों, व्यंजनों, समृद्ध विरासत और भारतीय साहित्य और भाषाओं के रत्नों को दिलचस्प और रचनात्मक तरीकों से प्रदर्शित करते हैं।” उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के एकीकरण और एक मजबूत क्यूरेटर इकोसिस्टम के विकास के साथ भारत क्रिएटर्स की अर्थव्यवस्था को आकार देने में एक प्रमुख भूमिका निभा सकता है।

वैष्णव ने आईएफएफआई से नई साझेदारियों और नए विचारों के उभरने की भी उम्मीद जताई। उन्हें नई पहलों से जुड़ी उम्मीदें भी हैं, जिसके माध्यम से कुछ युवा क्रिएटर्स को संरक्षण और मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने कहा, “इस आयोजन के दौरान साझा किए गए विचार आने वाले वर्षों में उद्योग को नई दिशा देने में मदद करेंगे।”

एक वीडियो संदेश के माध्यम से, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि आईएफएफआई भारतीय सिनेमा को बढ़ावा देने का प्रयास करता है और इसे सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहल करता है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार फिल्म-पायरेसी को रोकने में फिल्म उद्योग का समर्थन करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा फिल्मों को सहूलियत देने के लिए शुरू की गई एकल-खिड़की प्रणाली ने फिल्म-शूटिंग के लिए मंजूरी प्राप्त करना आसान बना दिया है। विभिन्न सब्सिडी के साथ इस पहल ने फिल्म निर्माताओं के लिए कारोबारी सुगमता बढ़ा दी है। डॉ. मुरुगन ने उल्लेख किया कि आईएफएफआई में क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो (सीएमओटी) पहल शुरू हुई, जहां सौ युवा रचनात्मक व्यक्तियों को फिल्म दिग्गजों से मार्गदर्शन लेने और उनके साथ बातचीत से लाभान्वित होने का अवसर मिलेगा। राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि दुनिया के सबसे बड़े फिल्म समारोहों में से एक आईएफएफआई को 1000 से अधिक प्रविष्टियां मिलीं। डॉ. एल. मुरुगन ने यह भी कहा कि, आईएफएफआई इस वर्ष का सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रख्यात ऑस्ट्रेलियाई फिल्म निर्माता फिलिप नॉयस को देने पर गौरव महसूस कर रहा है।

फिल्म जगत के दिग्गज और महोत्सव निदेशक शेखर कपूर ने आग्रह किया, “आइए हम एक-दूसरे को अपनी कहानियां बताएं।” उन्होंने कहा, “एक ध्रुवीकृत दुनिया में एक राष्ट्र, राष्ट्रों और समुदायों के भीतर, एक-दूसरे से बात करने का एकमात्र तरीका अपनी कहानियां बताना है।” प्रसिद्ध फिल्म निर्माता ने कहा कि इससे हम एक-दूसरे के करीब आएंगे और दुनिया की कई समस्याओं का समाधान होगा, इसलिए हमें फिल्म महोत्सवों का आयोजन जारी रखना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भारत का फिल्म उद्योग सबसे बड़ा है और यह दुनिया का सबसे बड़ा कंटेंट निर्माता और कंटेंट उपभोक्ता है। आईएफएफआई के महोत्सव निदेशक शेखर कपूर ने कहा कि यह फिल्म महोत्सव न केवल फिल्म निर्माताओं, बल्कि दर्शकों का भी उत्सव है।

आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर भी गणमान्य व्यक्तियों के बीच मौजूद थे। इस अवसर पर, श्री श्री रविशंकर ने कहा, “हर जीवन एक फिल्म की तरह है। मैं लोगों से मिलता हूं और उनकी कहानियां सुनता हूं। पूरी दुनिया एक कहानी सुनाने का मंच है।” उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय पौराणिक कथाओं में देवताओं को मनोरंजन के साधनों से जोड़ा जाता है, जैसे भगवान शिव को डमरू बजाते हुए, देवी सरस्वती को वीणा बजाते हुए, भगवान कृष्ण को बांसुरी बजाते हुए नजर आते हैं। भारतीय संस्कृति मनोरंजन से जुड़ी हुई है, जो हमें खुशहाल जीवन जीने में मदद करती है। इस अवसर पर, निर्माता महावीर जैन ने कोलंबिया के गृहयुद्ध को समाप्त करने में श्री श्री रविशंकर द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर आधारित फिल्म का पहला लुक जारी किया।

इस वर्ष आईएफएफआई राज कपूर, तपन सिन्हा, अक्किनेनी नागेश्वर राव (एएनआर) और मोहम्मद रफी की असाधारण विरासत को श्रद्धांजलि, स्क्रीनिंग और इंटरैक्टिव कार्यक्रमों की एक श्रृंखला के माध्यम से श्रद्धांजलि देगा, जिससे प्रतिनिधियों को सिनेमा की दुनिया में इन महान फिल्म हस्तियों के योगदान पर करीब से नजर डालने का मौका मिलेगा। भारतीय सिनेमा के इन चार दिग्गजों पर एक विशेष डाक टिकट का अनावरण सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू के साथ-साथ आईएंडबी की विशेष सचिव नीरजा शेखर; महाराष्ट्र पोस्टल सर्किल के चीफ पोस्ट मास्टर जनरल (सीपीएमजी) अमिताभ सिंह; एनएफडीसी के एमडी पृथुल कुमार; संयुक्त सचिव (फिल्म्स) वृंदा मनोहर देसाई; महोत्सव निदेशक, शेखर कपूर; महान अभिनेता अक्किनेनी नागेश्वर राव नागार्जुन के पुत्र; और महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की पुत्रवधू फिरदौस रफी ने किया। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा, “यह बहुत खुशी की बात है कि आईएफएफआई इस वर्ष भारतीय सिनेमा के चार दिग्गजों का सम्मान मना रहा है!”

गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और महोत्सव निदेशक शेखर कपूर ने 55वें आईएफएफआई के अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता जूरी सदस्यों – आशुतोष गोवारिकर (अध्यक्ष), एंथनी चेन, एलिजाबेथ कार्लसन, फ्रैन बोर्गिया और जिल बिलकॉक को सम्मानित किया।

नई शुरू की गई ‘बेस्ट डेब्यू इंडियन फिल्म’ श्रेणी के लिए जूरी का भी उल्लेख किया गया जिसमें संतोष सिवन (जूरी चेयरपर्सन), एम.वी. रघु, सुनील पुराणिक, शेखर दास और विनीत कनौजिया शामिल हैं।

भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म जूरी में डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी (जूरी अध्यक्ष), मनोज जोशी, सुष्मिता मुखर्जी, हिमांशु शेखर खटुआ, ओइनम गौतम, आशू त्रिखा, एस.एम. पाटिल, नीलाभ कौल, सुशांत मिश्रा, अरुण कुमार बोस, रत्नोत्तम सेनगुप्ता, समीर हंचटे और प्रिया कृष्णास्वामी शामिल हैं। भारतीय पैनोरमा गैर-फीचर फिल्मों की जूरी में सुब्बैया नल्लामुथु (जूरी अध्यक्ष), रजनी आचार्य, रोनेल हाओबम, उषा देशपांडे, वंदना कोहली, मिथुनचंद्र चौधरी और शालिनी शाह शामिल हैं।

गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने आईएफएफआई के उद्घाटन समारोह में प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेव्स ओटीटी’ का भी शुभारंभ किया। यह प्लेटफॉर्म क्लासिक कंटेंट और समकालीन प्रोग्रामिंग का एक समृद्ध मिश्रण प्रदान करता है। रामायण, महाभारत, शक्तिमान और हम लोग जैसे कालातीत शो की लाइब्रेरी के साथ, यह प्लेटफॉर्म भारत के अतीत के साथ सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंधों की तलाश करने वाले दर्शकों को आकर्षित करता है। आईएफएफआई ’24 के युवा फिल्म निर्माता की थीम के अनुरूप; नागार्जुन और अमला अक्किनेनी द्वारा अन्नपूर्णा फिल्म और मीडिया स्टूडियो की स्टूडेंट ग्रेजुएशन फिल्म रोल नंबर 52 को वेव्स में दिखाया जाएगा।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का 55वां संस्करण अपनी ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ पहल के साथ अपने थीम ‘यंग फिल्ममेकर्स: द फ्यूचर इज नाउ’ के माध्यम से युवा फिल्म निर्माताओं की क्षमता को सामने लाता है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सदानंद शेट तनावड़े, सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू, सीबीएफसी के अध्यक्ष प्रसून जोशी, प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल, गोवा के सिओलिम निर्वाचन क्षेत्र के विधायक और ईएसजी के उपाध्यक्ष डेलिलाह लोबो और एंटरटेनमेंट-जियो स्टार के सीईओ केविन वाज भी उपस्थित थे।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...