झाबुआ जिले के 80 से अधिक शिक्षक मन की बात और प्रमुख भाषणों का कर रहे हैं भीली बोली में अनुवाद

केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा ‘एआई बेस्ड ट्रांसलेशन टूल’ तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनजातीय बोलियों में द्वि-भाषी शब्दकोश और त्रि-भाषी प्रवीणता मॉड्यूल तैयार कर नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बहुभाषी शिक्षा (एमएलई) लक्ष्य के तहत कक्षा 1, 2 और 3 के विद्यार्थियों के लिए जनजातीय भाषाओं व बोलियों में प्राइमर तैयार करना है। जनजातीय लोक परम्पराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए विभिन्न जनजातियों की लोककथाओं और इनका दस्तावेजीकरण करना भी इस नवाचार का प्रमुख लक्ष्य है।

इस दिशा में प्रदेश के झाबुआ जिले में अत्यंत ही सराहनीय कार्य हो रहा है। यहां जिले के 80 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न प्रमुख गतिविधियों एवं संभाषणों का लगातार भीली बोली में अनुवाद का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में अब तक इन शिक्षक-‍शिक्षिकाओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 62 एपिसोड का भीली बोली में अनुवाद किया जा चुका है। इनके द्वारा राष्ट्रपति के पिछले 12 वर्ष के संभाषणों एवं प्रधानमंत्री के गत 10 वर्ष के संभाषणों का अनुवाद किया जा चुका है। इसके अलावा कक्षा 1 से 5 तक की हिंदी विषय की पाठ्य पुस्तकों, कक्षा 3 से 5 तक पर्यावरण विषय की किताबों और आईआईटी, नई दिल्ली से प्राप्त 60 हजार से अधिक वाक्यों का भीली बोली में अनुवाद किया जा चुका है। यह कार्य निरंतर जारी है।

गत 15 नवम्बर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस (भगवान बिरसा मुंडा जयंती) के पावन अवसर पर झाबुआ जिला मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में भीली बोली में अनुवाद में संलग्न सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया और कलेक्टर झाबुआ नेहा मीना द्वारा भीली बोली में अनुवादकों का आत्मीय सम्मान कर इनकी कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की गई। मंत्री भूरिया ने कहा कि इन अनुवादकों के सहयोग से हमारे प्रमुख दस्तावेज और भाषण अब हमेशा के लिये भीली बोली में उपलब्ध हो गये हैं। हमारे बच्चे और शिक्षक अध्ययन-अध्यापन कार्य में इस स्थानीय बोली में उपलब्ध साहित्य का उपयोग कर बेहतर तरीके से विषय को समझ सकेंगे और आगे बढ़ सकेंगे।

संभागायुक्त दीपक सिंह ने अंतरराष्ट्रीय पैराप्लेजिक खिलाडी पूजा गर्ग का सम्मान किया

संभागायुक्त दीपक सिंह ने कैंसर जागरूकता की प्रेरक यात्रा में सहभागिता करने वाली अंतरराष्ट्रीय पैराप्लेजिक खिलाडी पूजा गर्ग का सम्मान किया। उन्होंने उनके द्वारा किये जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूजा समाज के लिए एक प्रेरणा है। विषम स्थिति में भी वे अपने जोश और जुनून से समाज को एक संदेश देने के कार्य में लगी हुई है। संभागायुक्त सिंह ने पूजा को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आईडीए सीईओ आर.पी. अहिरवार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

इस अवसर पर पूजा ने अपने विचार और उनकी जीवन यात्रा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि पूजा गर्ग इंडिया टीम की कयाकिंग और केनों की पैरा एथलीट है। 2010 में एक स्पाइनल इंजरी होने से शारीरिक रूप से अक्षमता के बावजूद वे समाज के लिए एक प्रेरणा है। वे कैंसर फाइटर भी है। 25 अक्टूबर 2024 को उन्होंने इंदौर से नाथुला 4500 किलोमीटर की कैंसर जागरूकता यात्रा फोर व्हीलर बाइक से की। एक नेक मकसद के साथ वे कैंसर जैसी भयानक बीमारियों से किस तरह से लड़ना है और डरना नहीं हैं। इस बात का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही है। इस यात्रा का शीर्षक उन्होंने ठान लिया तो, ठान लिया रखकर अपनी यात्रा पूरी की। इस यात्रा के तहत वे जिस भी शहर और गांव से गुजरी उन्होंने आमजन को कैंसर जागरूकता का संदेश दिया। पूजा ने बताया कि नाथुला पहुंचने पर इंडियन आर्मी ने उन्हें एक स्पेशल प्रशस्ति पत्र सम्मान स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने बताया कि इंदौर सहित पूरे भारत में वे कैंसर जागरूकता के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मंगलवार को राज्य संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क

भोपाल : सोमवार, नवम्बर 18, 2024/ आयुक्त पुरातत्व उर्मिला शुक्ला ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह 19 नवम्बर से 25 नवम्बर 2024 के अवसर पर राज्य संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में मंगलवार, 19 नवम्बर को दर्शकों के लिये प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और किरेन रिजिजू ने नागपुर में ड्रैगन पैलेस मंदिर की 25वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लिया

ड्रैगन पैलेस मंदिर ने 15 नवंबर, 2024 को नागपुर के कैम्पटी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाई। इस कार्यक्रम में जापान की ओगावा सोसाइटी, जिसने कैम्पटी में सुंदर मठ परिसर के निर्माण में योगदान दिया है, का प्रतिनिधित्व जापान के लगभग 50 भिक्षुओं ने किया। इस आयोजन की शुरुआत 15 नवंबर की सुबह जापानी भिक्षुओं के एक समूह द्वारा उत्सव मार्च के साथ हुई, जिन्होंने कुछ दूर से शंख और ड्रम बजाते हुए जापानी भाषा में मंत्रोच्चार के साथ मठ में प्रवेश किया। मुख्य मठ में विशेष प्रार्थना का नेतृत्व भंते निचियु (कानसेन) मोचिदा और जापान के आदरणीय भिक्षुओं ने किया।

महाउपासिका मदाम नोरिको ओगावा की बेटी ताकाको तनाका ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। मैडम नोरिटो ओगावा ने इस कार्यक्रम की मेजबान और ड्रैगन पैलेस मंदिर परिसर की मालकिन सुलेखाताई कुंभारे की ड्रैगन पैलेस मंदिर परिसर की स्थापना में सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) ने इस कार्यक्रम के आयोजन में ड्रैगन पैलेस मंदिर के साथ सह-भागीदारी की। आईबीसी की ओर से इस कार्यक्रम में कई अंतरराष्ट्रीय भिक्षुओं और भारत के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में कैम्पटी और नागपुर के अन्य हिस्सों से लगभग 5000 लोग शामिल हुए।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा केन्द्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और इस अवसर पर सभा को संबोधित किया। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ड्रैगन पैलेस मंदिर बुद्ध धम्म के सार एवं प्रासंगिकता के प्रति इस क्षेत्र के लोगों और हमारे जापानी मित्रों की प्रतिबद्धता तथा समर्पण का प्रतीक है। शेखावत ने आशा व्यक्त की कि यह बंधन भारत तथा जापान के बौद्ध धर्म से संबंधित क्षेत्रों के बीच भावी सहयोग का आधार बनेगा। उन्होंने इन आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के सुलेखाताई के प्रयासों की सराहना की। संस्कृति मंत्री के रूप में उन्होंने ड्रैगन पैलेस मंदिर सहित महाराष्ट्र में विभिन्न बौद्ध स्थलों को विकसित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी साझा किया, जो ऐसे बड़े राष्ट्रीय सर्किट का हिस्सा बनेंगे जिनकी परिकल्पना की जा रही है।

केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि महाराष्ट्र में बुद्ध के संदेश को फैलाने में बाबा साहब अम्बेडकर की भूमिका जबरदस्त रही है। सामाजिक-राजनीतिक इतिहास की उनकी गहरी समझ ने उन्हें वह शुरुआत करने में सक्षम बनाया, जिसे भारत में दूसरा प्रमुख धम्म आयोजन भी माना जाता है। किरेन रिजिजू ने यह भी कहा कि समाज और सामान्य तौर पर मानव जाति के प्रति बाबासाहेब अम्बेडकर का योगदान बहुत बड़ा है और यह इस तथ्य के कारण है कि उनके कुछ विचार न केवल स्थायी बने हुए हैं बल्कि समय बीतने के साथ उन्होंने नया महत्व हासिल कर लिया है। धर्म को एक नया सैद्धांतिक ढांचा प्रदान करने की आवश्यकता से संबंधित उनका संदेश, जो “स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे, संक्षेप में, लोकतंत्र के अनुरूप है” केवल एक उदाहरण है। इसके कारण, “जीवन की प्राथमिकताओं में संपूर्ण परिवर्तन” हुआ।

ड्रैगन पैलेस मंदिर में मंत्रोच्चार समारोह 16 एवं 17 नवंबर को भी चला और इस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।

बेहतर आपूर्ति के कारण एक महीने में 22 प्रतिशत से ज्‍यादा कम हुई टमाटर की कीमत

मंडी में टमाटर की कीमत में कमी के कारण खुदरा कीमत में भी कमी आ रही है। 14 नवंबर, 2024 को अखिल भारतीय औसत खुदरा मूल्य 52.35 रुपये प्रति किलोग्राम था जो 14 अक्टूबर, 2024 को 67.50 रुपये प्रति किलोग्राम से 22.4 प्रतिशत कम है। इसी अवधि के दौरान, टमाटर की आवक में वृद्धि होने से आज़ादपुर मंडी में मॉडल कीमतें लगभग 50 प्रतिशत घटकर 5,883 रुपये प्रति क्विंटल से 2,969 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं। पिंपलगांव, मदनपल्ले और कोलार जैसे बेंचमार्क बाजारों से भी मंडी की कीमतों में भी इसी तरह की कमी की सूचना मिली है।

कृषि विभाग के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, 2023-24 में टमाटर का कुल वार्षिक उत्पादन 213.20 लाख टन है जो 2022-23 में 204.25 लाख टन से 4 प्रतिशत अधिक है। हालांकि टमाटर का उत्पादन पूरे वर्ष होता है लेकिन उत्पादन क्षेत्रों और उत्पादन की मात्रा में मौसमी परिवर्तन होता रहता है। मौसम की प्रतिकूल स्थिति और आपूर्ति में मामूली व्यवधान के कारण टमाटर की फसल की उच्च संवेदनशीलता और फलों की शीघ्र खराब होने की प्रवृत्ति के कारण कीमतों पर अत्यधिक प्रभाव पड़ता है। अक्टूबर, 2024 के दौरान टमाटर की कीमतों में उछाल आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में अत्यधिक और लंबे समय तक बारिश के कारण था।

भारत के विभिन्न क्षेत्रों में टमाटर उत्पादन में सामान्य मौसमी प्रभाव से पता चलता है कि प्रमुख टमाटर उत्पादक राज्यों में अक्टूबर और नवंबर में बुवाई होती है। हालांकि, फसल की खेती की कम अवधि और फलों की कई बार तोड़ने के कारण बाजार में टमाटर की निरंतर उपलब्धता रहती है।

हालांकि मदनप्पल और कोलार के प्रमुख टमाटर केंद्रों पर आवक में कमी हुई है लेकिन महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों से मौसमी आवक के कारण कीमतों में कमी आई है। यह मौसमी आवक पूरे देश में टमाटर की आपूर्ति में कमी को पूरा कर रही है। अभी तक मौसम भी फसल के लिए अनुकूल रहा है और खेतों से लेकर उपभोक्ताओं तक आपूर्ति में अच्छा प्रवाह बनाए रखने के अनुकूल रहा है।

 

प्रदेश में खेल अधोसंरचना का निरंतर विकास हो रहा है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना का निरंतर विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में इस दिशा में जिस प्रकार कार्य जारी है, उससे प्रदेश के खिलाड़ी विक्रम अवार्ड प्राप्त करने के साथ-साथ एशियाड और ओलंपिक में अवार्ड प्राप्त करने की ओर भी अग्रसर हो रहे हैं। देवास में कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम और श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम से कई प्रतिभावान खिलाड़ी प्रदेश व देश को मिले हैं। श्रीमंत तुकोजीराव पवार की जयंती पर देवास को मिल रही सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की सौगात से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। देवास में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम देवास में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के भूमि पूजन कार्यक्रम को नई दिल्ली से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास, उज्जैन धार और इंदौर को जोड़ते हुए क्षेत्र को वृहद महानगर के रूप में विकसित किया जा रहा है। औद्योगीकरण की दिशा में राज्य सरकार तेज गति से कार्य कर रही है। बदलते दौर में इस क्षेत्र की देश में विशिष्ट पहचान होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास में मां तुलजा भवानी और चामुंडा माता दो देवियों का वास है साथ ही क्षेत्र को कैला देवी का भी आशीर्वाद प्राप्त है। अपनी विविध विशेषताओं से समृद्ध मालवा, छत्रपति महाराज शिवाजी के बाद होलकर-पवार-सिंधिया और बाजीराव महाराज के माध्यम से हिंदवी सेना द्वारा साम्राज्य पुनर्स्थापित करने के समय से ही स्वाधीन हो गया था। इससे मालवा क्षेत्र के देव-स्थानों की आभा भी बढ़ी। पं. कुमार गंधर्व की उपस्थिति और बैंक नोट प्रेस ने देवास को विशेष महत्व प्रदान किया है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा 114 खेल अधोसंरचना (स्टेडियम/खेल परिसर/इंडोर हॉल) निर्मित किये गये है, 30 खेल अधोसंरचना निर्माणाधीन है। प्रदेश मंव कुल 8 सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रैक निर्मित किये गये है। देवास में 9वॉ सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रैक कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा 3 और एथेलेटिक ट्रैक – इंदौर, रतलाम और छतरपुर में भी स्वीकृत किये गये है। प्रदेश में खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा 12 सिंथेटिक हॉकी टर्फ की स्थापना की गई है तथा 6 सिंथेटिक हॉकी टर्फ निर्माणाधीन है। राज्य सरकार द्वारा “वन डिस्ट्रिक्ट-वन स्पोर्टस काम्पलेक्स” अन्तर्गत सभी जिलों में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जावेगा और मुख्यमंत्री खेल अधोसंरचना योजना के तहत सभी विकासखंडो में खेल स्टेडियम बनाने की योजना है।

देवास का कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम 10.00 एकड़ भूमि में स्थित है। स्टेडियम में बैडमिंटन के 4 सिंथेटिक कोर्ट, बास्केटबॉल के 2 कोर्ट, 25 मीटर स्वीमिंग पुल, ओपन जिम, साफ्टबॉल और शतरंग खेल के अतिरिक्त महिला आत्मरक्षा के लिए कराते प्रशिक्षण संचालित है। स्टेडियम में एथेलेटिक खिलाड़ियों के लिए खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रैक की स्थापना 9 करोड़ 18 लाख रुपए की लागत से की जा रही है, जिसमें 400 मीटर सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रेक 8 लेन की सुविधा उपलब्ध रहेंगी। खिलाड़ियों के फिटनेस के लिए 26 लाख रुपए के जिम उपकरण भी उपलब्ध कराये जायेंगे।

कार्यक्रम से उप मुख्यमंत्री तथा देवास जिले के प्रभारी जगदीश देवड़ा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग वर्चुअली जुड़े। देवास में हुए कार्यक्रम में देवास सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, विधायक गायत्रीराजे पवार, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मजबूत राजकोषीय अनुशासन एक मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत के नियंत्रक और महालेखापरीक्षक (सीएजी) ने देश में जवाबदेही, पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्र भारत में सीएजी द्वारा निभाई गई अनुकरणीय भूमिका की सराहना करते हुए, बिरला ने कहा कि 161 वर्षों की इसकी समृद्ध विरासत उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए निरंतर विकसित हुई है। उन्होंने कहा कि सीएजी ने न केवल अपनी लेखा परीक्षा प्रणालियों को बदला है, बल्कि नए नवाचार भी पेश किए हैं, जिससे इसके काम विश्वसनीयता और प्रामाणिकता सुनिश्चित हुई है।

नई दिल्ली में कल चौथे लेखापरीक्षा दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, बिरला ने कहा कि संसद सदस्य लेखापरीक्षा रिपोर्ट के प्रत्येक पैरा पर चर्चा करते हैं और उसकी जांच करते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जनता का पैसा विवेकपूर्ण तरीके से खर्च हो। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रदर्शन का लेखापरीक्षण कार्यपालिका को जनता के प्रति जवाबदेह बनाता है। उन्होंने कहा कि मजबूत राजकोषीय अनुशासन एक मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है। उन्होंने कहा कि सीएजी हमारे लोकतंत्र के प्रभावी कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए इस दिशा में उद्देश्यपूर्ण योगदान दे रहा है।

ओम बिरला ने एएसओएसएआई महासभा की सफलतापूर्वक मेजबानी करने तथा 2024-2027 के कार्यकाल के लिए एएसओएसएआई की अध्यक्षता संभालने पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा दुनिया के कई देश आज हमारी लेखा परीक्षा प्रणाली से सीखने के लिए भारत आते हैं। यह हमारी लेखा प्रणाली की प्रामाणिकता दर्शाता है।

बिरला ने बताया कि दुनिया भर के देशों से अधिकारी भारत की लेखा परीक्षा प्रणाली का अध्ययन करने और उससे सीखने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा सचिवालय के संसदीय लोकतंत्र अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (पीआरआईडीई) के प्रयासों से 50 से अधिक देशों के अधिकारी हमारी लेखा परीक्षा प्रणालियों की गहन समझ हासिल करने के लिए पीआरआईडीई का दौरा कर चुके हैं। बिरला को यह जानकर खुशी हुई कि सीएजी प्रौद्योगिकी और नवाचार के उपयोग के माध्यम से उभरती चुनौतियों से निपटने में विश्व स्तर पर अग्रणी है।

संसदीय समितियों, विशेषकर लोक लेखा समिति (पीएसी) की भूमिका पर चर्चा करते हुए बिरला ने कहा कि माननीय सांसद संसदीय समितियों में लेखापरीक्षा रिपोर्टों पर बारीकी से चर्चा करते हैं और इन चर्चाओं ने वित्तीय पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने लोक लेखा समिति के अध्यक्ष के रूप में विपक्ष के एक वरिष्ठ सदस्य को नामित करने की संसदीय परंपरा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएँ भारतीय लोकतंत्र की ताकत हैं क्योंकि वे सुनिश्चित करती हैं कि हमारी लेखापरीक्षा प्रणाली निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।

बिरला ने कहा कि पहले लेखापरीक्षा को केवल आलोचना के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब इसका दायरा तेजी से बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जहां भी लेखापरीक्षा प्रणाली को मजबूत और जवाबदेह बनाया गया है, वहां वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता आई है।

बिरला ने कहा कि बदलते समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकों को अपनाया जा रहा है, ताकि हमारी व्यवस्थाएं और भी मजबूत और प्रभावी बन सकें। श्री बिरला ने उम्मीद जताई कि भविष्य में सीएजी देश के अन्य संस्थानों और विभागों को उनकी कार्यकुशलता में सुधार करने के लिए मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

मेलों और उत्सवों को पूरा प्रोत्साहन देगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार मेलों और उत्सव संस्कृति को प्रोत्साहित करेगी। प्राचीन मेले हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं। भोपाल का अपना गौरवशाली इतिहास है। भोपाल में राजा भोज द्वारा निर्मित विशाल सरोवर भी है। सम्राट विक्रमादित्य से भी इस क्षेत्र का संबंध रहा है। तीर्थ मेला प्राधिकरण के माध्यम से मेलों के आयोजन को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को भोपाल के टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में भोपाल मेले का शुभारंभ कर संबोधिम कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेले के आयोजन से संबंधित सुझावों पर राज्य सरकार द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की। भगवान श्रीराम ने चित्रकूट में लम्बा समय व्यतीत किया। लोकमाता अहिल्या देवी ने उस दौर में जब मंदिरों को ध्वस्त किया जा रहा था, देव स्थान संस्कृति को स्थापित किया। वीरांगना रानी दुर्गावती का शौर्य, किसी से भी कम नहीं था। उन्होंने निरंतर 51 युद्ध जीते थे और आखिरी 52वें युद्ध में विपरीत परिस्थतियां बन जाने पर पराजय स्वीकार करने की जगह आत्म बलिदान करना उचित समझा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे राष्ट्रभक्तों और कुशल शासकों का इतिहास समेटे मध्यप्रदेश में अनेक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से आज की युवा पीढ़ी को समृद्ध और गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी जाती है। मेले और उत्सव आमजन के लिए महत्वपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष मध्यप्रदेश में मकर संक्रांति से लेकर गुड़ी पड़वा ,रक्षाबंधन, विजयदशमी पर शस्त्र पूजन और गोवर्धन पूजा जैसे कार्यक्रम सरकार और समाज ने मिलकर मनाए हैं। सरकार आगे भी ऐसे महत्वपूर्ण आयोजनों में सहभागिता करेगी। इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, गोविंद गोयल आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, शंख वादन की ध्वनियों के बीच जनप्रतिनिधियों के साथ गणेश वंदना में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आकाश में गुब्बारे छोड़कर मेले का शुभारंभ किया। भोपाल उत्सव मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि मेले में व्यापारी बंधु लाभ-हानि की चिंता किए बिना नागरिकों के हित में सहभागिता करते हैं। अग्रवाल ने मेले से संबंधित कुछ सुझाव भी दिए। यह मेला टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में 31 दिसंबर 2024 तक चलेगा।

तकनीकी वस्त्र भारत की आर्थिक रीढ़ बनेंगे : गिरिराज सिंह

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में विशेष हथकरघा और हस्तशिल्प प्रदर्शनी सह बिक्री के अंतर्गत वस्त्र मंडप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वस्त्र राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा भी मौजूद थे। गिरिराज सिंह और पाबित्रा मार्गेरिटा ने मंडप में विभिन्न स्टालों का दौरा किया और हथकरघा बुनकरों तथा कारीगरों से बातचीत की। 43वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वस्त्र उद्योग में कार्बन फाइबर के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत तकनीकी वस्त्रों के प्रवर्धन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने बताया कि तकनीकी वस्त्रों में 12 प्रकार या सेक्टर हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास के लिए 1500 करोड़ रुपये दिए हैं और हमारा देश तकनीकी वस्त्रों के निर्यात पर पहले से अधिक ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी वस्त्र भारत की अर्थव्यवस्था का रीढ़ बनेंगे। उन्होंने बताया कि भारत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मना रहा है, इसलिए इस कार्यक्रम का विषय ‘जनजातीय’ समुदाय से प्रेरित है।

गिरिराज सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार बुनकरों और उनके परिवारों को बेहतर आय के अवसरों के लिए वस्त्र मूल्य श्रृंखला में सुधार करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा हथकरघा समुदाय रहता है जो निरंतरता और ऊर्जा दक्षता पर ध्यान केंद्रित करता है। दुनिया टिकाऊ उत्पादों के उपयोग की ओर बढ़ रही है और हथकरघा उद्योग शून्य-कार्बन उत्सर्जन करता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की ऊर्जा की खपत नहीं होती है।

वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने हथकरघा और हस्तशिल्प प्रदर्शनी का दौरा करते हुए कारीगरों को जोड़े रखने के लिए उत्पादन को बढ़ावा देने और उनकी आय बढ़ाने के लिए हथकरघा और हस्तशिल्प को मजबूत करने पर जोर दिया है। उन्होंने आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुकूल ढलते हुए भारत की समृद्ध शिल्प विरासत को संरक्षित करने के महत्व पर भी जोर दिया। उद्घाटन समारोह में वस्त्र सचिव रचना शाह, हथकरघा विकास आयुक्त अमृत राज और वस्त्र मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री ने मन की बात (112वीं कड़ी) के दौरान सराहना करते हुए कहा कि हथकरघा कारीगरों का काम देश के कोने-कोने में फैला हुआ है और जिस तरह से हथकरघा उत्पाद लोगों को पसंद आए, वह बहुत सफल है, जबरदस्त है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के साथ फोटो सोशल मीडिया पर हैशटैग मायप्रोडक्टमायप्राइड’ के साथ अपलोड करने का आग्रह भी किया।

हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र हमारे देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। भारत का हथकरघा क्षेत्र प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से 35 लाख लोगों को रोजगार देता है, जो इस मामले में देश भर में कृषि क्षेत्र के बाद दूसरे स्थान पर है। हथकरघा बुनाई और हस्तशिल्प की कला में पारंपरिक मूल्य जुड़े हुए हैं और प्रत्येक क्षेत्र में उत्तम विविधताएं हैं।

बनारसी, जामदानी, बालूचरी, मधुबनी, कोसा, इक्कत, पटोला, तसर सिल्क, माहेश्वरी, मोइरांग फी, फुलकारी, लहरिया, खंडुआ, तंगलिया, मधुबनी पेंटिंग, वार्ली पेंटिंग, आर्ट मेटल वेयर, कठपुतली, हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग, चिकनकारी, टाई एंड डाई, वॉल हैंगिंग, टेराकोटा, इमिटेशन ज्वेलरी आदि कुछ ऐसे नाम हैं जो विशिष्ट बुनाई, डिजाइन और पारंपरिक रूपांकनों के साथ दुनिया भर में ग्राहकों को आकर्षित करते हैं।

भारत सरकार ने हथकरघा और हस्तशिल्प के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, ताकि उत्पादों की विशिष्टता को उजागर करने के अलावा, उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उन्हें एक अलग पहचान देने के लिए जीरो डिफेक्ट एंड पर्यावरण पर जीरो इफेक्ट वाले उच्च गुणवत्ता युक्त उत्पादों की ब्रांडिंग की जा सके। यह खरीदार के लिए एक गारंटी भी है कि खरीदा जा रहा उत्पाद वास्तव में हस्तनिर्मित है। प्रदर्शनी में सभी कारीगरों को अपने उत्कृष्ट उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है और इस प्रकार उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार बनाने और हथकरघा तथा हस्तशिल्प समुदाय की आय में सुधार करने का लक्ष्य रखा गया है।

“विशेष हथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी सह बिक्री” वस्त्र मंत्रालय के हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास आयुक्त कार्यालय की एक पहल है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम (एनएचडीसी) लिमिटेड के माध्यम से हथकरघा बुनकरों और कारीगरों को अपने उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं को बेचने के लिए मौका प्रदान करना है। यह प्रदर्शनी बुनकरों और उपभोक्ताओं के बीच संपर्क साधने में सक्षम बनाती है।

इस प्रदर्शनी में भारत के विभिन्न क्षेत्रों से लाए गए हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पाद रखे गए हैं और बिक्री के लिए भी उपलब्ध हैं। इनमें भागलपुरी सिल्क, मिथिला पेंटिंग, आदिवासी आभूषण, कढ़ाई एवं क्रोशिया से कढ़ाई किए गए (क्रोकेटेड) सामान, लाख की चूड़ियां, जूट शिल्प, मधुबनी पेंटिंग, हाथ ब्लॉक प्रिंट, वेंकटगिरी साड़ी, कानी शॉल, बनारसी साड़ी एवं ओढ़नी, कोसा, चंदेरी, बस्तर लौह एवं हाथ की कढ़ाई के आदिवासी सामान, लकड़ी की नक्काशी, कच्छ बंधनी, सोज़नी शिल्प, मंगलगिरी, मेखला चादोर, मोइरांग फी, इकत, बोमकाई साड़ी, बाघ प्रिंट, मिट्टी के बर्तन और मिट्टी की वस्तुएं, चमड़ा (बैग और सहायक उपकरण), कौना, जनजातीय हाथ कढ़ाई, कला धातु के बर्तन, पट्टचित्र, कोटपैड, अरणी, फुलकारी, पोचमपल्ली रेशम, जामदानी, गडवाल, बेंत और बांस, धनियाखली, तंगेल सूट, कांथा काम, ऑक्सीकृत आभूषण आदि शामिल हैं।

 

भारत की पहचान अपनी गुरूत्व शक्ति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत गुरूत्व शक्ति के आधार पर दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहता रहा है और ऐसा संभव भी हुआ है। भारत की विश्व गुरू बनने की कामना पूरी होकर रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरी दुनिया में कोई ऐसा देश नहीं है, जिसने ताकत बढ़ने से अपने पड़ोसी देश को नहीं सताया हो, किसी पर कब्जा नहीं किया हो। जब भी किसी देश की ताकत बढ़ती है तो उसका सदुपयोग या दुरुपयोग किया जाता है, लेकिन दुनिया में भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसने कभी किसी पर आक्रमण नहीं किया, किसी को सताया नहीं, किसी को लूटा नहीं। हमारे ग्रंथों में लिखा है सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे संतु निरामया। हमने तो विश्व के सुख की कामना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार शाम नीलबड़ स्थित ब्रह्मकुमारीज सुख शांति भवन में वैश्विक शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

शिखर सम्मेलन आध्यात्मिकता द्वारा स्वस्थ और स्वच्छ समाज विषय पर केंद्रित था जिसमें संस्था के अनुयायी और नागरिकगण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय और विधान सभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक लगाकर, अंगवस्त्रम् भेंट कर अभिनंदन किया गया और उन्हें भगवान श्री कृष्ण की तस्वीर भेंट की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्व में शांति, सह-अस्तित्व, विकास और सभी प्रकार के मानवोचित भाव को जागृत करने के लिए द्वितीय विश्व युद्ध के बाद संयुक्त राष्ट्र संघ को एक मंच के रूप में स्थापित किया गया। यह सत्य है कि यह मंच पिछली सदी में बना लेकिन भारत में आदिकाल से एक गुरूत्व शक्ति रही है। इससे ही भारत की पहचान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे इसी जीवन की सारी तपस्या और साधना अंतत: हमारे शरीर के साथ आई और शरीर के साथ जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण ने 5 हजार साल पहले गीता में यही कहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जो इस शरीर में है वही ब्रह्माण्ड में है। कहा भी गया है “यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे”। आज मानव शरीर की किसी विकृति को दूर करने के लिए चिकित्सा विज्ञान भी मानव शरीर से ही अवयव प्राप्त करता है। अस्पतालों में बैंक बनाकर गर्भ नाल और अन्य मानव अंग सुरक्षित रखे जा रहे हैं, जो शल्य चिकित्सा और प्रत्यारोपण के माध्यम से जीवन देने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने संस्था द्वारा वैश्विक शिखर सम्मेलन के आयोजन की प्रशंसा की।

आध्यात्मिक आयोजन के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सुख सागर भवन, नीलबड़ की निर्देशिका नीता दीदी ने स्वागत किया। नई दिल्ली से आईं ज्यूरिस्ट विंग की चेयरपर्सन राजयोगिनी पुष्पा दीदी ने भी संबोधित किया। पुष्पा दीदी ने कहा कि कुछ लोग सोचते हैं कि समस्याओं का कोई समाधान नहीं है, परमात्मा सुनता ही नहीं है, जबकि परमात्मा हर जगह विद्यमान है। आध्यात्मिकता से जीवन में शक्ति प्राप्त होती है, समाज में जागृति आती है। एक दीपक से दूसरा दीपक जग जाता है और सहज हो जाता है। आज जीवन को सुख- शांति मय बनाने का प्रयास प्रत्येक व्यक्ति करे तो संसार सुखमय हो जाएगा। संस्था के माउंट आबू स्थित मुख्यालय से जयंती दीदी ने वीडियो संदेश द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन बी. के. राम कुमार ने किया।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...