राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने 2 करोड़ 25 लाख के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि निर्माण ऐजेन्सीयाँ उनकों सौपे गये निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को किए गए बादे के अनुसार क्षेत्र में विकास कार्यों में कमी नहीं रहने दी जाएगी। आवागमन के लिए सड़कों के निर्माण में पूरा-पूरा ध्यान रखा जा रहा है कि सड़के निर्माण के बाद लंबे समय तक चले, इसलिए सीमेंट क्रांकीट रोड बनाए जा रहे है। नागरिकों को स्वच्छ पर्यावरण मिले इसके दृष्टिगत हर कॉलोनी के पार्कों का विकास किया जा रहा है। कॉलोनी में सीवेज सिस्टम को भी ठीक किया जा रहा है। साफ-सफाई का भी ध्यान रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। राज्यमंत्री कृष्णा गौर शनिवार को गोविंदपुरा विधानसभा के वार्ड 52 में आयोजित भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से होने वाले कई निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें ऐतिहासिक वोटों से विजयी बनाया है। क्षेत्र के विकास के लिए वह पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं। विकास के काम में कोई कमी नहीं रखेंगे। राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने वार्ड 52 की श्रीराम कालोनी में 45 लाख रुपए की लागत से होने वाले 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, जिसमें सीसीरोड से लेकर पार्कों का सौंदर्यकरण के कार्य शामिल हैं। स्नेह नगर में 15 लाख की लागत से पेपर ब्लॉक एवं पार्क विकास कार्य का भूमिपूजन किया। चिनार कालोनी में 11 लाख की कीमत से बनने वाली सीसीरोड का भूमि-पूजन एवं रोहित नगर में दो पार्कों के विकास कार्यों का भूमि-पजन भी किया। चंद्रिका सोसाइटी और सेज हेरिटेज के पास सीसीरोड के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान पार्षद शीला पाटीदार, पूर्व पार्षद रामबाबू पाटीदार, जितेंद्र शुक्ला, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र परिहार, प्रताप बारे और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कबड्डी हमारी मिट्टी से जुड़ा हुआ खेल है – प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 17 वर्षीय बालक और बालिका आयु वर्ग में 5 दिवसीय 68वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता-2024 का शुभारंभ शनिवार को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा हुआ। शुभारंभ मौके पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और नरसिंहपुर जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी और विधायक महेन्द्र नागेश भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री राजपूत ने कहा कि मैंने ऐसा बहुत कम देखा है, जब राष्ट्रीय स्तर के खेलों की प्रतियोगिता छोटी जगहों पर हो रही हो। अक्सर यह प्रतियोगिता महानगरों में आयोजित होती रही है। नेशनल लेवल की प्रतियोगिता की यह ज़िम्मेदारी गाडरवारा शहर को मिली है। अब हमारा भी फ़र्ज़ है कि देशभर से आये खिलाड़ियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन करें। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि हमारे पारंपरिक खेल कबड्डी की भी अपनी पहचान है। हिंदुस्तान के गांव-गांव में कबड्डी खेली जाती हैं। यह खेल हमारी मिट्टी से जुड़ा है। राज्य सरकार परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि गाडरवारा के लिए यह ऐतिहासिक पल है। किसी देश में जिस तरह ओलंपिक, एशियन गेम्स या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए तैयारी की जाती है, ठीक उसी तरह राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी तैयारियाँ करनी पड़ती है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होना नरसिंहपुर ज़िले और गाडरवारा नगर के लिये गौरव और गरिमा की बात है। गाडरवारा में आज देश के चारों ओर से खिलाड़ी आये हैं। इन खिलाड़ियों के आने से अतुल्य भारत की झलक देखने को मिलती है।

राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के सभी मान्यता प्राप्त प्रदेशों (इकाइयों) के कुल 34 टीमें और 770 खिलाड़ी बालक-बालिकाएँ शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से की गई। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय एकता और देश की विभिन्न संस्कृतियों पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में चीतल का शिकार करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

उमरिया जिले के बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में चीतल का शिकार करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र की है। तीन आरोपियों ने पालतू कुत्तों का उपयोग कर चीतल का शिकार कर उसका माँस ले गये। मुखबिरों की सूचना पर 3 आरोपियों रामलाल बैगा, कमलेश बैगा, छोटेलाल लोनी निवासी ग्राम उमरिया बकेली को चीतल के माँस के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध पार्क प्रबंधन ने वन्य-प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

झांँसी मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में लगी आग, 10 नवजात-शिशुओं की मौत और 16 घायल

उत्तर प्रदेश के झांँसी में महारानी लक्ष्‍मीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात गहन देखभाल इकाई (एनआईसीयू) में भीषण आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जबकि 16 अन्‍य घायल हुए हैं। पत्रकारों के साथ बातचीत में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि एनआईसीयू में आग रात लगभग 10 बजकर 45 मिनट पर लगी।

कानपुर जोन के अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने राहत कार्यों की निगरानी के लिए झांसी पहुंच गये हैं। उन्‍होंने पुष्टि की है कि आग शॉर्टसर्किट के कारण लगी। सिंह ने बताया कि दुर्घटना के समय एनआईसीयू वार्ड में 47 नवजात भर्ती थे। कई शिशुओं को बचा लिया गया है।

शुक्रवार की रात करीब ग्यारह बजे अचानक मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग प्रसूता विभाग से चीख पुकार के साथ लोग अपने अपने नवजात को बैड से उठाकर बाहर भागने लगे। घटना से वहां भगदड़ मच गईं। गर्भवती महिलाओं को भी परिजन लेकर दौड़े। सूचना पर पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ियों सहित पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया।

उप-मुख्‍यमंत्री बृजेश पाठक ने झांसी में मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। मीडिया से बातचीत में पाठक ने कहा कि मृतक शिशुओं की पहचान के लिए वे परिवारों के साथ संपर्क में है। उन्‍होंने कहा कि सरकार दुर्घटना की जांच सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है। उन्‍होंने कहा कि जांच तीन स्‍तरों पर की जाएगी। पहले स्‍तर में स्‍वास्‍थ्‍य विभाग जांच करेगा, दूसरे स्‍तर पर पुलिस और जिला प्रशासन तथा तीसरे स्‍तर पर जिलाधिकारी जांच करेंगे। उन्‍होंने कहा कि दुर्घटना की जवाबदेही तय की जाएगी पाठक ने आम जनता और पीडित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन घडी में सरकार बच्‍चों और उनके परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा- उत्तर प्रदेश के मुख्‍य मंत्री योगी आदित्‍य नाथ ने दुर्घटना पर संज्ञान लिया है और जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य युद्ध स्‍तर चलाने के निर्देश दिये हैं। सोशल मीडिया पर मुख्‍यमंत्री ने मारे गये नवजात शिशुओं के परिजनों के प्रति संवदेना व्‍यक्‍त की है। योगी आदित्‍य नाथ ने झांसी मंडल आयुक्‍त और पुलिस उप-महानिरीक्षक से 12 घंटे के भीतर घटना से जुडी रिपोर्ट मांगी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद झांसी मेडिकल कॉलेज में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतक बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के झांसी मेडिकल कॉलेज में हुईं मृत्यु पर आज शोक व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता करने में जुटा है।

एक्स पर अपनी एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा हृदय विदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।

अमित शाह ने भगवान बिरसा मुंडा के 150वें जयंती वर्ष के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भगवान बिरसा मुंडा के 150वें जयंती वर्ष के अवसर पर कल नई दिल्ली के बांसेरा उद्यान में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर केन्द्रीय शहरी कार्य एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल, दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा थी। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन झारखंड के एक छोटे से गांव में भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था। शाह ने कहा कि बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवंबर 2025 तक आगामी एक वर्ष ‘आदिवासी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वें जयंती वर्ष के अवसर पर मोदी सरकार ने सराय काले खां चौक का नाम बदलकर ‘भगवान बिरसा मुंडा चौक’ करने का निर्णय भी लिया है।

अमित शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा आदिवासियों के लिए अपनी मूल संस्कृति के उद्धारक तो बने ही, साथ ही उन्होंने 25 वर्ष की अल्पायु में देश के अनेक लोगों के लिए अपने कृत्यों के माध्यम से इस बात की व्याख्या की कि जीवन कैसा व किसके लिए होना चाहिए और जीवन का ध्येय क्या होना चाहिए। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर भगवान बिरसा मुंडा आजादी के महानायकों में से एक हैं। गृह मंत्री ने कहा कि बहुत कम उम्र में भगवान बिरसा मुंडा ने अपनी सेकंडरी शिक्षा के दौरान धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठाई थी। जब पूरे भारत और दो-तिहाई दुनिया पर अंग्रेजों का शासन था, उस समय बालक बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ दृढ़ता से खड़ा होने की वीरता दिखाई और आगे चलकर यह दृढ़ता और वीरता इस देश के एक नायक के रूप में परिवर्तित हुई। उन्होंने कहा कि राँची की जेल से इंग्लैंड की महारानी तक राष्ट्र नायक बिरसा मुंडा जी देशवासियों की आवाज बने थे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के संस्कार को पुनर्जीवित किया और कहा कि आदिवासियों के लिए यही सब कुछ है। बिरसा मुंडा ने समाज में कई प्रकार की जागरूकता लाने का काम किया। उन्होंने मदिरा पान, जमींदारों की शोषण युक्त व्यवस्था और ब्रिटिश राज का विरोध किया। शाह ने कहा कि सामाजिक सुधार और स्वतंत्रता संघर्ष एवं धर्मांतरण विरोधी आंदोलन के लिए पूरा सदैव देश भगवान बिरसा मुंडा का आभारी रहेगा।

अमित शाह ने कहा कि “धरती आबा” के नाम से प्रसिद्ध भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को दो हिस्सों में बांटकर देखा जा सकता है। पहला आदिवासी संस्कृति की रक्षा को लेकर उनकी प्रतिबद्धता है जबकि दूसरा मातृभूमि की आजादी और इसकी रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने का जज्बा। उन्होंने कहा कि सिर्फ 25 वर्ष की आयु में भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों ​के खिलाफ क्रांति की ज्योति जगाई और आदिवासियों की स्थिति की तरफ न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। “धरती आबा” बिरसा मुंडा ने अपने कार्यों से ऐसी गाथा लिखी कि 150 साल बाद भी पूरा देश आज उनके सामने नतमस्तक है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आदिवासियों ने देश भर में अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में बढ़-चढ़ कर भाग लिया, लेकिन दुर्भाग्य से आजादी के बाद इन महानायकों को भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्णय किया कि 200 करोड़ रुपए की लागत से देशभर में आदिवासी महानायकों के संग्रहालय बनाए जाएंगे, जिससे बच्चे इस महान संग्रहालय को देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक तीन संग्रहालय बन चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने रांची में भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय, जबलपुर में शंकर शाह और रघुनाथ शाह संग्रहालय तथा छिंदवाड़ा में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन कर चुके हैं। गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 तक शेष सभी संग्रहालय भी बनकर तैयार हो जाएंगे।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने जनजातीय गौरव के लिए ढेर सारे काम किए हैं। आजादी के बाद के 75 साल में पहली बार किसी आदिवासी को राष्ट्रपति बनने का मौका मोदी सरकार ने दिया है। द्रौपदी मुर्मू गरीब आदिवासी परिवार की बेटी हैं और आज देश के प्रथम नागरिक का स्थान शोभायमान कर रही हैं। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने बीते 10 साल में आदिवासी क्षेत्र में विकास को रोकने और बच्चों को गुमराह करने वाले नक्सलवाद को लगभग समाप्त कर दिया है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि पहले की सरकार में जनजातियों के विकास के लिए सिर्फ ₹ 28,000 करोड़ का बजट था, जबकि मोदी सरकार ने वर्ष 2024-25 के बजट में आदिवासियों के विकास के लिए ₹ 1,33,000 करोड़ का प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 26,428 आदिवासी गांवों में सभी बुनियादी सुविधाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन स्कीम के तहत ₹ 97 हजार करोड़ एकत्रित हुए। साथ ही 708 एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल बनाए गए, प्रधानमंत्री पीवीटीजी डेवलपमेंट मिशन के तहत ₹ 15,000 करोड़ दिए गए और प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत 63,000 गांवों का विकास किया जा रहा है।

जीतन राम मांझी ने 43वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ), 2024 में “एमएसएमई मंडप” का उद्घाटन किया

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी ने कल नई दिल्ली में 43वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में हॉल नंबर 6 में “एमएसएमई मंडप” का उद्घाटन किया। उनके साथ डॉ. रजनीश, एएस एवं डीसी (एमएसएमई) और एमएसएमई मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे।

मंडप की मुख्य थीम “हरित एमएसएमई” है, जो एमएसएमई द्वारा अपने व्यवसाय संचालन में बदलाव के लिए स्वच्छ/हरित प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर मंत्रालय के फोकस पर जोर देती है। इसके अलावा मंडप में 18 व्यवसायों में लगे कारीगरों और शिल्पकारों को शुरू से अंत तक सहायता प्रदान करने के लिए मंत्रालय की प्रमुख योजना “पीएम विश्वकर्मा योजना” की भी जानकारी उपलब्‍ध कराता है। यह योजना भारत के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 17 सितंबर, 2023 को शुरू की थी।

43वें आईआईटीएफ-2024 के एमएसएमई मंडप में देश के 29 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 200 प्रदर्शक भागीदारी कर रहे हैं। यहां उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जा रही है, जिसमें कपड़े, हथकरघा, हस्तशिल्प, कढ़ाई, चमड़े के जूते, खेल और खिलौने, बांस शिल्प, बेंत की वस्तुएं, रत्न और आभूषण, चीनी मिट्टी और मिट्टी के बर्तन उत्पाद, यांत्रिक वस्तुएं आदि शामिल हैं। यह मेला सूक्ष्म और लघु उद्यमों (एमएसई) के लिए, विशेष रूप से महिलाओं और एससी/एसटी के स्वामित्व वाले उद्यमों और आकांक्षी जिलों के उद्यमियों को संभावित ग्राहकों के बहुत बड़े समूह के लिए अपने उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करता है।

समावेशी विकास के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता के अनुरूप, 200 स्टॉलों में से 71 प्रतिशत स्टॉल महिला उद्यमियों को आवंटित किए जाते हैं, और 45 प्रतिशत एससी/एसटी उद्यमियों को निःशुल्क आवंटित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, 35 प्रतिशत स्टॉल आकांक्षी जिलों के उद्यमियों को आवंटित किए गए हैं और 85 प्रतिशत से अधिक प्रतिभागी पहली बार आए हैं।

जीतन राम मांझी ने मंडप में विभिन्न प्रदर्शकों के साथ बातचीत की और उन्हें मेले में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए ‘नुक्कड़ नाटक’ भी प्रस्तुत किया गया।

सैलून और ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला उद्यमियों को मिलेगी मदद, नीति आयोग के डब्ल्यूईपी ने अर्बन कंपनी से मिलाया हाथ

महिला उद्यमिता मंच (डब्ल्यूईपी) ने अपनी अवार्ड टू रिवार्ड पहल के तहत, सौंदर्य और देखभाल क्षेत्र में अपने कारोबार को बढ़ाने की दिशा में महिला एमएसएमई को सहायता देने के लिए एक पहल शुरू की है। माइक्रोसेव कंसल्टिंग द्वारा किए गए एक अध्ययन में 100,000 से अधिक महिला एमएसएमई वाले सौंदर्य और देखभाल, कपड़ा निर्माण, खुदरा व्यापार और खाद्य तथा पेय पदार्थ जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई है। इस पहल का उद्देश्य कार्यक्रम के माध्यम से अंतर्दृष्टि और सीख का लाभ उठाकर प्रक्रिया संबंधी योजना विकसित करना और देश भर में महिला एमएसएमई को आगे बढ़ाना है।

अर्बन कंपनी इस कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए प्रमुख हितधारकों के साथ मिलकर छोटी इकाइयों में काम करने वाली महिलाओं की पहचान करेगी और उनके व्यवसाय को बढ़ाने में सहायता करेगी। प्रक्रिया खुले आवेदन के आधार पर एक समूह के चयन के साथ शुरू होगी और एक विशिष्ट मानदंड के आधार पर दिल्ली एनसीआर से 25 महिलाओं का चयन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपने सैलून व्यवसाय को बढ़ाने और सौंदर्य उद्योग में अधिक सफल बनने की इच्छुक महिलाओं को व्यापक प्रशिक्षण तथा सहायता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाएगा।

नीति आयोग में वर्ष 2018 में एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया डब्ल्यूईपी वर्ष 2022 में सार्वजनिक-निजी भागीदारी में परिवर्तित हो गया। इसका उद्देश्य महिलाओं की अगुवाई वाले विकास को बढ़ावा देने के लिए भारत के महिला उद्यमिता तंत्र को मजबूत करना है। यह सरकार, व्यवसाय, जनकल्याण और नागरिक समाज के सभी हितधारकों के लिए एक मंच प्रदान करता है ताकि वे टिकाऊ और प्रभावी कार्यक्रमों की दिशा में अपनी पहलों को संरेखित कर सकें, जिससे महिला उद्यमियों की अपनी विशेष पहचान हो सके। डब्ल्यूईपी के पास भारत में महिला उद्यमियों को मजबूत करने के लिए 20 से अधिक सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के भागीदार हैं। एक एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के रूप में यह मौजूदा हितधारकों को उद्यमशीलता विकास की छह आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सहयोग और अभिसरण करने का अवसर प्रदान करता है, इनमें वित्त तक पहुंच; बाजार संबंध; प्रशिक्षण और कौशल; सलाह और नेटवर्किंग और व्यवसाय विकास सेवाएँ प्रमुख है।

डब्ल्यूईपी ने वर्ष 2023 में अवार्ड टू रिवार्ड कार्यक्रम की शुरुआत के साथ साझेदारी को संस्थागत बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाया, जिसके तहत हितधारक महिला उद्यमियों की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने और सफलताओं का सम्मान करने के लिए एक साथ आते हैं। यह एक प्लग-एंड-प्ले फ्रेमवर्क है। इस साझेदारी के माध्यम से, डब्ल्यूईपी और अर्बन कंपनी सौंदर्य और सैलून उद्योग में महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

डब्ल्यूईपी के साथ पहले से ही 30,000 से ज़्यादा महिला उद्यमी जुड़ी हुई है और अर्बन कंपनी के साथ इस अनूठी सार्वजनिक-निजी साझेदारी का उद्देश्य सौंदर्य तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में महिलाओं को बढ़ावा देना है। यह सार्वजनिक-निजी साझेदारी न केवल महिलाओं को अपने व्यवसाय को स्वतंत्र रूप से प्रबंधित करने के लिए कौशल और ज्ञान प्रदान करेगी बल्कि नए अवसरों और आर्थिक वृद्धि के द्वार भी खोलेगी।

नीति आयोग की प्रधान आर्थिक सलाहकार और डब्ल्यूईपी ने कहा, “महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के लिए महिला उद्यमियों को सशक्त बनाना महत्वपूर्ण है। डब्ल्यूईपी महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण, कौशल, संसाधनों तक पहुँच, सलाहकारों और नेटवर्क संबंधी व्यापक समर्थन प्रदान करता है। यह निरंतरता उन्हें अपनी उद्यमशीलता की यात्रा को गति देने में सक्षम बनाती है। सौंदर्य और देखभाल क्षेत्र में महिलाएं काफी संख्या में हैं, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि वे इस क्षेत्र में अधिक लाभकारी उद्यम स्थापित करें। अर्बन कंपनी के साथ हमारा सहयोग सौंदर्य और देखभाल क्षेत्र में महिलाओं के लिए एक मजबूत कारोबारी तंत्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें अधिक टिकाऊ व्यवसाय बनाने में सक्षम बनाता है।”

 

विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन तत्परता से किया जाए : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

ऊर्जा मंत्री और शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी के भी स्तर पर लापरवाही नहीं होना चाहिए। तोमर शिवपुरी में विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिये।

मंत्री तोमर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को चिकित्सालय में सुरक्षा गार्ड, पेयजल व्यवस्था, टॉयलेट साफ सफाई के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं में जिन चीजों की कमी है, उसके संबंध में जनसहयोग के लिए मीटिंग में प्रस्ताव रखें।

अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रावास में खाने-पीने की व्यवस्था ठीक रहे। स्कूल और छात्रावास में स्टाफ उपलब्ध रहे। आंगनवाड़ी में बच्चों को दिया जाने वाला सुबह का नाश्ता गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। नल जल योजना का भौतिक सत्यापन कराया जाए। काम में गुणवत्ता का ध्यान रहे।

विधानसभा स्तर पर प्रत्येक माह जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन करें। इसमें लोगों की समस्याएं सामने आएंगी। उनका समय-सीमा में निराकरण करें। मंत्री तोमर ने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से हो। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारी को चिन्हित कर एक अधिकारी को हर महीने सम्मानित किया जाएगा। खाद्य विभाग द्वारा गरीब हितग्राहियों को जो राशन वितरण किया जा रहा है, वह पूरी पारदर्शिता से किया जाए। जहां कहीं भी शिकायत प्राप्त होती है उसकी जांच कर संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करें। बैठक में कलेक्टर एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष आर्य एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा के मुख्य अतिथ्य में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित

भानपुर केकड़िया में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में जनजातीय समुदाय के भाई- बहनों ने बड़ी संख्या भाग लेकर भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया और अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति का सम्मान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बिहार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया, जिससे स्थानीय लोग प्रधानमंत्री के संबोधन को सीधे देख और सुन सके। इस मौके पर समारोह स्थल पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें नि:शुल्क जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा 150वीं जन्म जयंती पर उनके संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने कहा “भगवान बिरसा मुंडा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार और प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह हम सभी के लिए आदर्श है। आज उनके दिखाए मार्ग पर चलकर हम अपने समाज और देश को आगे बढ़ा सकते हैं।

”खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर उनकी महान उपलब्धियों को याद करते हुए कहा “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अपने छोटे से जीवन में जो अद्भुत कार्य किए वह सदियों तक प्रेरणा देते रहेंगे। उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज ने अंग्रेजों के अन्याय और शोषण के खिलाफ ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी।अंग्रेजों के खिलाफ उनके आंदोलन ने स्वतंत्रता संग्राम को मजबूती दी। हमें गर्व है कि हमारे देश में ऐसे महानायक जन्मे, जिन्होंने हमें अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान पर गर्व करना सिखाया।” उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2022 में भोपाल, मध्यप्रदेश से जनजातीय गौरव दिवस का शुभारंभ किया था,जो आदिवासी समुदाय के योगदान और गौरव को सम्मान देने का दिन है।

कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा की वीरता, संघर्ष और उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव मनाते हुए जनजातीय समाज के इतिहास को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 75 हजार करोड़ रुपये की धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की गई है।

इस अभियान के अंतर्गत देश भर के जनजातीय बाहुल्य 63,843 ग्रामों और मध्यप्रदेश के 11,377 ग्रामों का चयन किया गया है। इस योजना में भोपाल जिले के जनपद पंचायत फंदा के ग्राम भानपुर केकड़िया का चयन किया गया है, जिसकी कुल जनसंख्या 2,120 है। इनमें से जनजातीय वर्ग की जनसंख्या 1,156 (56%) है। पांच वर्षों में इन ग्रामों में 100% आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। इनमें पक्के मकान, सड़के, पेयजल, होम स्टे, जनजातीय बहुउद्देश्यीय मार्केटिंग सेंटर, घरेलू गैस, मोबाइल मेडिकल यूनिट, सिकल सेल सेंटर, आंगनवाड़ी, पोषण वाटिका, आयुष्मान कार्ड, छात्रावास, विद्यालय, ग्रिड बिजली कनेक्शन, सोलर ऊर्जा, वन पट्टों के माध्यम से आजीविका के साधन, मोबाइल कनेक्टिविटी और डिजिटल इनिशिएटिव्स शामिल हैं।

भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में चयनित ग्राम भानपुर केकड़िया में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सदस्यों की ट्रेनिंग और उन्मुखीकरण भी किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश के पीयूष तिवारी बने भारत कॉमनवेल्थ ट्रेड काउंसिल के ट्रेड कमिश्नर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत आज विश्व के अनेक देशों का मार्गदर्शक, सहयोगी और लोकप्रिय मित्र राष्ट्र है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत की गरिमा बढ़ाने का कार्य किया है। आज भारत अर्थव्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण और शक्तिशाली देश है, जहां वर्ष 2014 में भारत 11वें क्रम में था। अब प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। वर्ष 2026 तक भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस पर भारत कॉमनवेल्थ ट्रेड काउंसिल के ट्रेड कमिश्नर के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ट्रेड कमिश्नर के रूप में पीयूष तिवारी की नियुक्ति मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में कई कॉमनवेल्थ राष्ट्रों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इन देशों में ऑस्ट्रेलिया, नामीबिया, यूनाइटेड किंगडम, मलावी, समोआ शामिल हैं। इन देशों के राजदूत और म्यांमार, तुर्की, मोरक्को, अल्जीरिया और युगांडा जैसे देशों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीयूष तिवारी को ट्रेड कमिश्नर का नियुक्ति पत्र प्रदान किया और इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए प्रदेश के नागरिकों की ओर से बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त की कि श्री तिवारी के पद पर नियुक्त होने से कॉमनवेल्थ देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को नई दिशा मिलेगी। संयुक्त राष्ट्र विश्व सहिष्णुता दिवस के कार्यक्रम में आए विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने तिवारी को दिए गए दायित्व के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ब्रिटेन जैसे देश जिन्होंने कभी भारत पर राज किया था, आज हमारे पीछे खड़े हैं। इसके पीछे भारतीयों की मेधा, हमारा स्वावलंबन, हमारे संसाधन और मोदी का सक्षम नेतृत्व शामिल है। मध्यप्रदेश में विश्व के अनेक राष्ट्रों से व्यापार, वाणिज्य और उद्योग क्षेत्र में कार्य के प्रस्ताव मिल रहे हैं। मध्यप्रदेश न सिर्फ उद्योग और व्यापार बल्कि संस्कृति, खनिज, विमानन, पर्यटन जैसे क्षेत्रों में अनुकूल है और इन क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य की संभावनाओं को समेटे हुए है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यदि मन के भाव अच्छे हों, नागरिक श्रेष्ठ हों, अपराध न्यूनतम हो तो वह श्रेष्ठ राज्य कहलाता है। वर्ष 2004 तक मध्यप्रदेश में पांच या छह मेडिकल कॉलेज ही थे, वर्तमान में इनकी संख्या 20 हो गई है। पीपीपी मॉडल पर एक वर्ष में 12 नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत कॉमनवेल्थ के राष्ट्रों में सूर्य की भांति चमककर शोभायमान है। काल के प्रवाह में ऐसा हुआ कि हमारे राष्ट्र को परतंत्रता का दौर भी देखना पड़ा। हमारा देश सीने में कई दर्द दफन करके रखता है। पारसी समुदाय को यदि भारत में सम्मान से स्थान मिला, तो यह भारत की सहिष्णुता का ही प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज गुरूनानक देव जी की जयंती है, जिन्होंने तत्कालीन कुप्रथाओं को हटाया और सर्वमान्य बनें। आज के दौर में भारत विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। कोविड का दौर देखें तो देश के करोड़ों लोगों को नि:शुल्क वैक्सीन देकर उनकी जिंदगी बचाने के साथ ही अनेक राष्ट्रों को भी वैक्सीन प्रदाय की गई। इन कारणों से अनेक देशों के प्रमुख प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के चरण स्पर्श कर उन्हें सम्मान देते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पाकिस्तान सहित अनेक राष्ट्र भारत की प्रशंसा करते हैं। भारत की विश्व बंधुत्व की भावना और देश में हो रही प्रगति को देखकर कई देश आश्चर्य भी करते हैं। भारत में व्यापक स्तर पर डिजिटल लेन-देन हो रहा, जो अनेक राष्ट्रों को चकित करता है। भारत ने अपनी उपयोगिता सिद्ध की है। कोई आश्चर्य नहीं कि भारत आने वाले समय में अनेक क्षेत्रों में नंबर एक पर हो और स्वामी विवेकानंद जी की यह उक्ति सत्य सिद्ध हो कि 21वीं सदी भारत की होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का बजट आने वाले चार वर्ष में दोगना हो जाएगा। मध्यप्रदेश विकास के लक्ष्यों को जल्द से जल्द प्राप्त करने का प्रयास करेगा।

भारत कॉमनवेल्थ ट्रेड काउंसिल के ट्रेड कमिश्नर पीयूष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में सरकारों का संचालन हो रहा है। तिवारी ने बताया कि यूनेस्को द्वारा वर्ष 1995 में सहिष्णुता विषयक जागरूकता प्रयासों को गति दी गई थी। प्रत्येक दिन सहिष्णुता का भाव महत्व रखता है, लेकिन सहिष्णुता दिवस का आयोजन इस महत्व को बढ़ाने का कार्य करता है। नीति आयोग द्वारा भी कॉमनवेल्थ के प्रमुख सदस्य भारत में सहिष्णुता वृद्धि के प्रयासों में सहयोग दिया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद मेहन्द्र सिंह सोलंकी उपस्थिति थे।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...