पीपीपी मोड पर बनाए जाएं आईटी पार्क : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शासकीय विभाग जन-कल्याण के लिए ड्रोन तकनीक के अधिक उपयोग के लिए प्रयास बढ़ाएं। अवैध वृक्ष कटाई, अवैध खनिज उत्खनन, सघन बस्तियों में पुलिस पेट्रोलिंग में ड्रोन टेक्नोलॉजी का उपयोग बढ़ाया जाए। वन क्षेत्रों में शिकार की घटनाएं भी ड्रोन तकनीक से ज्ञात कर अपराधियों को दंडित करने में उपयोग किया जाए। मैपकास्ट के साथ‍क्रिस्प और इस तरह की अन्य संस्थाएं समान स्वरूप की गतिविधियों का संयुक्त रूप से समन्वय पूर्वक संचालन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय कक्ष में हुई बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के महत्वपूर्ण कार्यों और संचालित प्रकल्पों से संबंधित निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पीपीपी मोड से आईटी पार्क बनाए जाएं। इंदौर, उज्जैन और रीवा में इन संभावनाओं को साकार किया जाए। सभी आईटी प्रोजेक्ट्स के कार्यों की समय- सीमा तय कर कार्य करें। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों, फसलों की रक्षा और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए नवीन टेक्नोलॉजी का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन जिले की डोंगला वेधशाला को आईआईटी इंदौर के साथ कनेक्ट कर रिसर्च एवं डेवलपमेंट पाठ्यक्रम विकसित करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने उज्जैन प्लेनेटोरियम में टॉपर विद्यार्थियों का प्राथमिकता के आधार पर भ्रमण प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। शोधकर्ताओं के लिए वेधशाला की रिमोटली ऑपरेटेड सुविधा नई शिक्षा नीति के अनुरूप भी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अध्ययन और अनुसंधान के लिए प्रेरित किया जाए। स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी वेधशालाओं का भ्रमण कर ज्ञान स्तर बढ़ाएं। प्रदेश में अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित अतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर युवाओं को जोड़ा जाए। इन क्षेत्र में पीएच.डी. के लिए भी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया जाए। विद्यार्थियों को वर्तमान दौर से जोड़ने के लिए उनके बौद्धिक स्तर को बढ़ाना आवश्यक है। नव -वैज्ञानिक संवाद सत्र आयोजित किए जाएं। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष उज्जैन तारामंडल में 8 करोड़ की लागत से अपग्रेडेशन के कार्य हुए हैं। यहाँ थ्रीडी 4K प्रोजेक्शन सिस्टम लोकार्पित होने के बाद 400 से अधिक शो सम्पन्न हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या में स्कूल- कॉलेज के विद्यार्थी रूचि लेकर पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रीनविच टाइम्स को जिस तरह की मान्यता प्राप्त है, उस तरह उज्जैन के भौगोलिक महत्व और श्री जनार्दन नेगी जैसे वैज्ञानिकों के अनुसंधान के प्रकाश में विश्व स्तर पर उज्जैन को विशेष केंद्र के रूप में पहचान मिलना चाहिए। यहां दुनिया में अपनी तरह की प्रथम वैदिक घड़ी भी स्थापित की गई है। प्राचीन आचार्यों ने भी भौगोलिक गणना के अनुसार उज्जैन को शून्य रेखांश पर स्थित माना है। विश्व समय मानक ग्रीनविच से परिवर्तित होकर उज्जैन हो जाए, इस दिशा में बहुआयामी प्रयास होना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों में मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम लिमिटेड (एमपीएसईडीसी) के माध्यम से साइबर सुरक्षा के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए भी नगरीय प्रशासन विभाग के आईटी प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी एमपीएसईडीसी को दी जाएगी। इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम लिमिटेड (एमपीएसईडीसी) द्वारा अभी से प्लान बनाकर कार्य किया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग सक्षम बने एवं विभिन्न प्रोजेक्ट की साइबर सुरक्षा के लिए भी कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 6 पुराने शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालयों को आईआईटी की तर्ज पर विकसित किया जाए। आवश्यकता अनुसार इंडस्ट्री की मदद कॉलेज को विकसित करने में ली जाए। प्रदेश में आ रहे नए उद्योगों में कौशल प्राप्त श्रमिक कार्य के लिए उपलब्ध हों, इस दिशा में भी प्रयास बढ़ाए जाएं। उन्होंने स्टेट डाटा सेंटर के लिए आवश्यकता के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देशित किया कि उद्योगों के लिए सभी विभागों का इंटीग्रेटेड सिंगल विंडो सिस्टम डेवलप किया जाए। सभी शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज को आईटी डिपार्टमेंट से समन्वय स्थापित कर विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उच्च शिक्षा विभाग और क्रिस्प एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद को आपस में समन्वय कर ग्रामीण प्रौद्योगिकी के लिए कार्य करने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने पीपीपी मोड पर प्रदेश में आईटी पार्क विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रोन टेक्नोलॉजी के व्यापक उपयोग की जरूरत बताते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा एनालिटिक्स जैसी नवीन तकनीक का समावेश किया जाए। पुलिस विभाग में विभिन्न स्थानों का डाटा को इंटीग्रेटेड कर हीट मैप डेवलप करें, जिससे अपराध का विशलेषण किया जाए अपराधों में कमी लाई जा सके। मुख्य सचिव ने पीएम गति शक्ति पोर्टल का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया। अपर मुख्य सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग संजय दुबे ने विभागीय कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्रोन टेक्नोलॉजी का विभिन्न विभागों में उपयोग हो रहा है। प्रदेश में राजस्व, वन, नगरीय प्रशासन, रेरा, कृषि और उद्योग विभागों में ड्रोन टेक्नोलॉजी तकनीक विकसित करने के प्रोजेक्ट्स प्रारंभ किए गए हैं। उन्होंने साइबर सिक्योरिटी प्रोजेक्ट्स की भी जानकारी दी।

मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक अनिल कोठारी ने परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों, भविष्य की योजनाओं, प्रस्तावित गतिविधियों पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। दिसम्बर माह में वराह मिहिर खगोलीय वेधशाला डोंगला के ऑटोमेशन के सम्पन्न कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी द्वारा राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भोपाल में 3 से 6 जनवरी 2025 तक आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के 1200 विद्यार्थी, विषय विशेषज्ञ और वैज्ञानिक आदि शामिल होंगे। मध्यप्रदेश कारीगर विज्ञान सम्मेलन फरवरी 2025 में प्रस्तावित है। इसी तरह 19 से 21 मार्च तक विक्रम विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान उत्सव और 40 वाँ युवा वैज्ञानिक सम्मेलन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रहेगी। बैठक में बताया गया कि डॉ. वी. एस. वाकणकर लुमनेसन्स डेटिंग लेबोरेटरी में गैलरी विकसित की जा रही है, जो डॉ. वाकणकर के योगदान को दर्शाएगी। भू-पुरातत्वीय काल गणनाओं के लिए आधुनिक प्रयोग शाला के रूप में यह लेबोरेटरी पहचान बनाएगी। इस क्षेत्र में 10 लाख वर्ष तक की भू-पुरातत्वीय घटनाओं के काल निर्धारण में मदद मिलेगी। वर्तमान में पूर्व में प्रचलित पद्धतियों से दो लाख वर्ष तक पुरानी घटनाओं और नमूनों का काल निर्धारण होता है।

प्रसव-प्रतीक्षालय की पहल स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहायक होगी सिद्ध – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को अरविंदो यूनिवर्सिटी इंदौर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त “प्रसव-प्रतीक्षालय” का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं को क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा रहा है। मेडिकल टूरिज्म डेवलपमेंट करने की सोच विकसित हो रही है। प्रसव-प्रतीक्षालय की पहल स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी। प्रसव-प्रतीक्षालय का नवाचार अभिनव पहल है। प्रसव-प्रतीक्षालय से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र की प्रसूता महिलाओं एवं उनके परिजनों को समय पर स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रसव-प्रतीक्षालय की यह नवाचारी पहल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मिल का पत्थर सिद्ध होगी। इस प्रयास को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अरविंदो अस्पताल प्रबंधन का चिकित्सा सेवा भाव अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को गोद लेने की डॉ. विनोद भंडारी की पहल का स्वागत करते हुए शासन की ओर से हर संभव सहयोग के लिये आश्वास्त किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को डॉ. भंडारी ने स्मृति-चिन्ह भेंट किया।

कार्यक्रम में विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, गौरव रणदीवे, अरविंदो हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. विनोद भंडारी, प्रबंध निदेशक डॉ. महक भंडारी, वाइस चांसलर डॉ. ज्योति बिंदल, अधिष्ठाता जयश्री कापड़िया सहित बड़ी संख्या में सेम्स अस्पताल के चिकित्सक, विद्यार्थी उपस्थित थे। इस अवसर पर संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में डॉ. भंडारी ने स्वागत सम्बोधन दिया। उन्होंने प्रसव-प्रतीक्षालय की अवधारणा पर विस्तृत जानकारी दी। डॉ. महक भंडारी ने संस्था के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में अरविंदो हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. भंडारी ने बताया कि भंडारी समूह एवं अरविंदो विश्वविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सिविल अस्पतालों में शिशु-मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए राज्य शासन के साथ काम करेंगे। शासन के एनआरएचएम के साथ ट्रेनिंग प्रोटोकॉल का विस्तृत मॉडल प्रोजेक्ट तैयार कर सबसे पहले इंदौर और उज्जैन में शुरू किया जाएगा। अल्ट्रा मॉडर्न सुविधाओं एवं संसाधनों से युक्त प्रसव-प्रतीक्षालय में गर्भवती महिलाओं को प्रसव के एक से दो सप्ताह पूर्व से ही वर्तमान समय की श्रेष्ठतम सुविधाएं एवं सहूलियतें ‘अरविंदो अस्पताल प्रोटोकाल’ के तहत प्रदान की जाएंगी। डॉ. भंडारी ने बताया कि प्रसव-प्रतीक्षालय में जैसे ही कोई महिला प्रसव के लिए एडमिट होगी, उसकी 24 घंटे सतत निगरानी के साथ सभी तरह की सावधानियाँ रखनी शुरू कर दी जाएंगी। उन्हें ‘एंटीनेटल एक्सरसाइज कराने के साथ एंटीनेटल डाइट’ भी दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं को ‘फिजियोथेरेपी, म्यूजिक थेरेपी, बर्थिंग वाथ एक्सरसाइज, अरोमा थेरेपी आदि की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। ‘फुली एयरकंडीशंड प्रसव-प्रतीक्षालय’ में मरीज के साथ आए परिजन (अटेंडर्स) की सुविधाओं का भी प्रसव-प्रतीक्षालय में ख्याल रखा जाएगा।

भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत धारण कर प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को ग्वालियर में भगतसिंह नगर स्थित पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया के निवास पहुँचकर सामूहिक गोवर्धन पूजन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में गौ-पूजा एवं गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत धारण कर प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया। राज्य सरकार ने इसी भाव के साथ गौ-संरक्षण औरसंवर्धन के काम को आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश में त्यौहार मनाने की संस्कृति है। इसमें गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा गौवंश का संरक्षण हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए ज़रूरी है। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि किसान भाई गौपालन के जरिए दुग्ध व्यवसाय से जुड़ें। सरकार की तरफ़ से उनको अनुदान भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्रीडॉ. यादव ने इस अवसर पर गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया द्वारा पिछले लगभग 10 वर्षों से सामूहिक गोवर्धन पूजन का आयोजन किया जा रहा है। गोवर्धन पूजा के ग्यारहवें वर्ष पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव उनके निवास पर आयोजित गोवर्धन पूजा में शामिल होने पहुँचे। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजा कर आरती उतारी और प्रदेश की खुशहाली के लिये कामना की।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, नगर निगम सभापति मनोज तोमरसहितजन-प्रतिनिधि औरअधिकारीउपस्थित थे।

केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों की मौत की जांच शुरू की

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) ने मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दस हाथियों की मौत की जांच के लिए एक टीम गठित की है। यह टीम मामले में स्वतंत्र जांच कर रही है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश राज्य सरकार ने भी मामले की जांच करने और सरकार को एक रिपोर्ट सौंपने के लिए पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय समिति का गठन किया है। पांच सदस्यीय समिति का नेतृत्व एपीसीसीएफ (वन्यजीव) को सौंपा गया है। समिति में सामाजिक संगठन, वैज्ञानिक और पशु चिकित्सक सदस्य हैं। राज्य टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) के प्रमुख भी इस मामले की जांच कर रहे हैं। एसटीएसएफ ने जंगलों और आसपास के गांवों में तलाशी ली है और घटना के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक, मध्य प्रदेश बांधवगढ़ में डेरा डाले हुए हैं और मामले में की जा रही जांच एवं कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। दूसरी ओर, अपर वन महानिदेशक (बाघ और हाथी परियोजना) और सदस्य सचिव, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, एआईजी एनटीसीए, नागपुर के साथ स्थलों का दौरा किया और विभिन्न संबंधित मुद्दों और संभावित मुद्दों और हाथियों की मौत का के संभावित कारणों पर राज्य के अधिकारियों के साथ चर्चा की।

मध्य प्रदेश राज्य के संबंधित अधिकारियों द्वारा साझा की गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाथियों की मौत जहर के कारण हो सकती है। मौत के सही कारणों का पता गहन जांच, विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, हिस्टोपैथोलॉजिकल और टॉक्सिकोलॉजिकल रिपोर्ट के नतीजों और अन्य पुष्टिकारक साक्ष्यों के बाद ही चलेगा।

इसके अलावा, राज्य के अधिकारियों द्वारा ऐसी घटनाओं की संभावनाओं से बचने के लिए निवारक उपाय किए जा रहे हैं और अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बांधवगढ़ रिजर्व में और उसके आसपास अन्य हाथियों के झुंड की निगरानी बढ़ा दी गई है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के गश्ती दल को 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर और खियातुली रेंज के सलखनिया बीट में चार हाथियों की मौत का पता चला। आस-पास के इलाकों की और तलाशी लेने पर छह और हाथी बीमार या बेहोश पाए गए। स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फोरेंसिक एंड हेल्थ (एसडब्ल्यूएफएच) के पशु चिकित्सकों की एक टीम के सहयोग से फील्ड स्टाफ और स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारियों ने बीमार हाथियों की चिकित्सा शुरू की। एसडब्ल्यूएफएच के सेवानिवृत्त प्रमुख डॉ. ए.बी. श्रीवास्तव की भी सेवाएं ली गईं। भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), देहरादून के पशुचिकित्सक और संकाय की राय भी ली गई है।

हालाँकि, 30 अक्टूबर को चार बीमार हाथियों की मृत्यु हो गई। इसके अलावा, लगातार दवा और उपचार के बाद भी, बाकी दो बीमार और बेहोश हाथियों की 31 अक्टूबर को जान चली गई। मृतक दस हाथियों में से एक नर और नौ मादा थीं। इसके अलावा, दस मृत हाथियों में से छह किशोर और चार वयस्क थे। जानकारी से पता चला है कि तेरह हाथियों के झुंड ने जंगल के आसपास कोदो बाजरा की फसल पर धावा बोल दिया था। दस हाथियों का पोस्टमॉर्टम 14 पशु चिकित्सकों और वन्यजीव पशु चिकित्सकों की टीम ने किया। पोस्टमॉर्टम के बाद विसरा को 1 नवंबर को टॉक्सिकोलॉजिकल और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए आईवीआरआई इज्जतनगर, बरेली और एफएसएल, सागर भेजा गया है। हालाँकि, रक्त और अन्य नमूने 30 अक्टूबर को एसडब्ल्यूएफएच को भेजे गए थे, जबकि बीमार हाथियों के इलाज से प्रथम दृष्टया भेजे गए नमूनों में विषाक्त पदार्थों की उपस्थिति का संकेत मिला है।

गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति से जोड़ती है, गौ-माता में सभी देवताओं का वास : खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

गोवर्धन पूजा हमारी सांस्कृतिक धार्मिक संपन्नता का प्रतीक है। यह पूजन हमारा और प्रकृति का संबंध दिखाता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप संपूर्ण प्रदेश में गोवर्धन पूजा एवं गौ-पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं ताकि नागरिकों को सनातन परंपरा और संस्कृति से जोड़ा जा सके। यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर में जिला गौपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति द्वारा आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा एवं गौ-पूजा कार्यक्रम के दौरान आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन केंद्र रतौना जिला सागर में कही।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि गोवर्धन पूजा एवं गौ-पूजा प्राचीन समय से होती आ रही है । सरकार ने इसे शासकीय तौर पर पूरे प्रदेश में आयोजित कर लोगों के लिए पुरातन परंपराओं और हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य किया है। गौ-माता में सभी देवताओं का वास होता है। गाय की सेवा से सभी देवताओं की पूजा हो जाती है। उन्होंने कहा मध्यप्रदेश सरकार लगातार सांस्कृतिक, धार्मिक कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता करके हमारी सनातनी परंपराओं और संस्कृति का प्रचार प्रसार कर रही है। दशहरा पर शस्त्र पूजा आरंभ कराई गई।

मंत्री राजपूत में कहा कि आचार्य विद्यासागर भगवान थे। उनके चरण जहां पड़े वहां का उद्धार होता रहा है ।आचार्य ने सागर के लिए बहुत कुछ दिया है। आज हमें उनके पद चिन्हों पर चलकर सागर के विकास को आगे बढ़ाना है।

सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि गोवर्धन पूजा अब शासकीय कार्यक्रम के रूप में पूरे प्रदेश में आयोजित की गयी है, ताकि लोग हमारी परंपराओं से जुड़ें। आने वाली पीढ़ी को भी हमारी परंपराओं की जानकारी हो सके। नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि हमारी संस्कृति में पेड़, पत्थर पहाड़ सभी पूजे जाते हैं। गोवर्धन पूजा हमारी संस्कृति का अनुपम उदाहरण है।

कार्यक्रम के दौरान खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिवारी गीत गाकर जमकर नृत्य किया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के इस अंदाज से कार्यक्रम में शामिल सभी लोग अति उत्साहित हुए और सभी ने मंत्री राजपूत के साथ नृत्य करते हुए गोवर्धन पूजा को परंपरा अनुसार धूमधाम से मनाया। मंत्री राजपूत ने सभी को दीपावली व गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम के शुरुआत में मंत्री राजपूत, सागर विधायक जैन, विधायक लारिया ने गौशाला में पहुंचकर गौ माता की विधि विधान अनुसार तिलक रोली लगाकर पूजन किया एवं रोटी खिलाई साथ ही गौशाला का निरीक्षण करते हुए गौशाला प्रबंधन की तारीफ की। मंत्री राजपूत ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि यहां जो भी आवश्यकता होगी, उसे पूरा करेंगे।

इस अवसर पर जिला गोपालन पशु संवर्धन समिति के सदस्य सहित संभागायुक्त वीरेंद्र सिंह रावत, कलेक्टर संदीप जी आर एमआईसी सदस्य और पार्षद सहित नगर के गणमान्य जन मौजूद थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर ओलम्पिक 2024 के प्रतीक चिन्ह और मस्कट का किया अनावरण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कल अपने निवास कार्यालय में बस्तर ओलंपिक 2024 के लोगो (प्रतीक चिन्ह) और मस्कट (शुभंकर) का अनावरण किया। उन्होंने बस्तर ओलंपिक के दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

बस्तर क्षेत्र के युवाओं को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने, बस्तर की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और बस्तर की जनता का शासन से मजबूत संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से 5 नवंबर से 10 दिसंबर तक बस्तर ओलंपिक 2024 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित वर्चुअल बैठक में बस्तर ओलंपिक की तैयारी की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री अरूण साव और विजय शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने बैठक में अधिकारियों से खिलाड़ियों के रहने, भोजन, सुरक्षा और चिकित्सा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को बस्तर में पिछले 9-10 माह में शांति स्थापित करने में काफी हद तक सफलता मिली है, इसमें केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक का आयोजन युवाओं को समाज और विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। बस्तर में खेल काफी लोकप्रिय हैं यही कारण है कि ओलंपिक खेलों के लिए अपेक्षा से अधिक 1 लाख 65 हजार से अधिक लोगों ने अपना पंजीयन कराया है, जो यह दर्शाता है कि इस क्षेत्र के लोग भी शांति चाहते हैं और विकास की मुख्य धारा से जुड़ना चाहते हैं। बस्तर के संवेदनशील क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में महिला-पुरूषों ने पंजीयन कराया है। इसमें महिलाओं और पुरुषों की संख्या लगभग बराबर है। महिलाएं भी विकास की मुख्य धारा में शामिल होना चाहती हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलंपिक का आयोजन उसकी गरिमा के अनुसार भव्यता के साथ किया जाए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इन खेलों में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुसार बस्तर को नई दिशा देने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया जा रहा है।

लोगो (प्रतीक चिन्ह)- प्रतीक चिन्ह के बायीं एव दायीं ओर बस्तर क्षेत्र के ख्याति प्राप्त परम्परागत वाद्य यंत्र ‘तुरही’ को दर्शाया गया है। तुरही बस्तर क्षेत्र में मड़ई मेलों में देवी देवताओं के सम्मान में बजाई जाती है। गांव में सभी को सूचना देने हेतु भी इसका उपयोग किया जाता है। लोगो के मध्य में हिन्दी में ‘बस्तर ओलम्पिक 2024’ लिखा हुआ है, साथ में इस क्षेत्र के खिलाड़ियों को ओलम्पिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने हेतु ओलम्पिक खेल विधा खेल तीरदाजी, हॉकी, भारोत्तोलन, फुटबॉल एवं वालीबॉल के लघु चिन्ह को दर्शाया गया है। लोगो के नीचे की ओर बस्तर क्षेत्र में प्रलचित स्थानीय भाषा- बोली ‘गोंडी’ में ‘करसाय ता बस्तर बरसाय ता बस्तर’ का स्लोगन वाक्य लिखा गया है, जिसका हिन्दी में अनुवाद ‘खेलेगा बस्तर, बढ़ेगा बस्तर’ होता है।

शुभंकर (मस्कट)- बस्तर ओलम्पिक 2024 के शुभंकर में ‘वन भैंसा एवं पहाड़ी मैना’ को मुख्य रूप से दर्शाया गया है। वन भैंसा राज्य का राजकीय पशु तथा पहाड़ी मैना राजकीय पक्षी है। यह शुभंकर, वन्य जीव संरक्षण के उद्देश्य से तैयार किया गया है। राज्य के दंतेवाडा एवं बीजापुर जिले में वन भैंसा अधिक संख्या में मिलते हैं। बस्तर क्षेत्र के घने जंगलों एवं कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में पहाड़ी मैना मुख्य रूप से पाई जाती है।

शुभंकर में राजकीय पशु ‘वन भैंसा’ को खेल परिधान (टी-शर्ट) में दर्शाया गया है। वन भैंसा के सींग पर बैठी खुशहाल ‘पहाड़ी मैना’ खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य को दर्शाता है।

बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाओं के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन विकासखण्ड, जिला और संभाग स्तर पर किया जा रहा है। जिनमें एथलेटिक खेल में 100मी., 200मी. 400मी. दौड़, लंबीकूद, ऊंचीकूद, शॉटपूट, डिस्कस थ्रो, जैवेलिन थ्रो एवं रिले रेस, इस प्रकार नौ अलग अलग इवेंट में खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त तीरंदाजी इंडियन राउण्ड 30मी., 50मी., बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल एवं रस्साकसी खेल शामिल होंगे। हॉकी तथा वेटलिफ्टिंग सीधे जिला स्तर से प्रारंभ होगा, शेष सभी खेल विकासखण्ड स्तर से प्रतियोगिता होगी। रस्साकसी प्रदर्शनात्मक होगा, जो सीनियर वर्ग में महिलाओं के लिए आयोजित किया जाएगा। जूनियर वर्ग तथा सीनियर वर्ग में बालक, बालिका, महिला, पुरूष भाग लेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग व्यक्तियों तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों के विशेष प्रोत्साहन हेतु सीधे संभाग स्तर पर उनकी खेलों में प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई जाएगी।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि विकासखण्ड स्तर से लेकर संभाग स्तर पर आयोजन समितियों का गठन किया जा चुका है। सभी संबंधित विभागों ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। राजधानी से लेकर बस्तर संभाग मुख्यालय, जिला मुख्यालयों तथा विकासखण्डों में व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है, ताकि बस्तर क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा इसमें भाग ले सकें। विकासखण्ड स्तर एवं जिला स्तरीय आयोजन के संपूर्ण आयोजन सहित संभाग स्तरीय आयोजन की सभी प्रारंभिक तैयारियां कर ली गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि विकासखण्ड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं शील्ड/मोमेंटो प्रदाय किए जाएंगे। जिला स्तर एवं संभाग स्तर पर दलीय खेलों एवं व्यक्तिगत खेलों में प्रथम स्थान, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को नगद राशि पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र एवं शील्ड/मोमेंटो प्रदाय किये जाएंगे। नगद राशि पुरस्कार डी.बी.टी. के माध्यम से विजेता खिलाड़ियों के बैंक खाते में अंतरित किए जाएंगे। संभाग स्तरीय विजेता खिलाड़ी को ‘बस्तर का यूथ आइकॉन’ के रूप में स्थापित एवं प्रचारित किया जाएगा।

बैठक में एडीजीपी एस.आर.पी. कल्लूरी, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, संचालक तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बस्तर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल रूप से बैठक में जुड़े।

भव्यता के साथ मनाया जायेगा लोक आस्था का महापर्व : मंत्री विश्वास सारंग

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर शनिवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर बने छठ पूजन सूर्य कुंडों का निरीक्षण किया। मंत्री सारंग ने अन्ना नगर शाखा ग्राउंड, सुभाष नगर दुर्गा मंदिर, एकतापुरी पार्क, राजेंद्र नगर, संजीव नगर पर तैयार किये जा रहे छठ पूजन स्थलों का निरीक्षण किया। मंत्री सारंग ने जल कुंडों की साफ-सफाई, स्वच्छता, शुद्ध जल व पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था एवं छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने छठ कुंडों की सुंदरता बढ़ाने फ्लोटिंग फाउंटेन लगाने की भी घोषणा की। निरीक्षण के दौरान महापौर मालती राय, नगर निगम, राजस्व, विद्युत एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मंत्री सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा में प्रत्येक वर्ष छठ का त्यौहार बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। नरेला विधानसभा में छठ पूजा के लिये सूर्य कुण्डों का निर्माण कर घाटों का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पूजन के दौरान व्रतियों के लिये छठ घाटों पर सुविधा एवं सुरक्षा का ध्यान रखते हुए व्यवस्था की जा रही है, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। पूरी तैयारी के बाद पूजा स्थलों पर भव्यता के साथ छठ पूजा की जायेगी।

मंत्री सारंग ने छठ कुंडों के सौंदर्यीकरण के लिये फ्लोटिंग फाउंटेन लगाये जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छठ कुंडों के उन्नयन व सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से फ्लोटिंग फाउंटेन लगाये जायेंगे। छठ पूजन कुंडों का सदुपयोग करते हुए उनमें फ्लोटिंग फाउंटेन लगाये जायेंगे। यह फाउंटेन पूजन के समय कुंड से निकाल लिये जायेंगे। वहीं पूजन के बाद उन्हें वापस लगा दिया जायेगा।

मंत्री सारंग ने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलायें पूजन में शामिल होती हैं। ऐसे में महिलाओं की सुविधा के लिये छठ घाटों के समीप अस्थाई चैंजिंग रूम लगाये जायेंगे। साथ ही नगर निगम द्वारा चलित शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के लिये क्षेत्र के सूर्य कुंडों की मरम्मत एवं सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। वहीं व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि नरेला विधानसभा में हर वर्ष छठ मैया और भगवान सूर्य देव की उपासना का महापर्व ‘छठ पूजा’ बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। बड़ी संख्या में भोजपुरी समाज के नागरिक नरेला विधानसभा में निवासरत है, जिससे इस पर्व का महत्व और भी बढ़ जाता है। नागरिकों की आस्था को देखते हुए क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर छठ पूजन के लिये सूर्य कुण्डों का निर्माण करवाया गया है। जहाँ पहुँचकर क्षेत्र की महिलाएं पूरी आस्था, भक्ति व निष्ठा भाव से भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूर्ण करती हैं।

बीएचईएल भोपाल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2024

बीएचईएल भोपाल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2024 के सफल आयोजन के उपरांत आज पुरस्कार वितरण समारोह काआयोजन किया गया। इस अवसर पर एस एम रामनाथन, कार्यपालक निदेशक, मुख्य अतिथि तथा ओंकार नाथ गुप्ता, पूर्वप्रधान जिला न्यायाधीश एवं राज्य सूचना आयुक्त विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम में पंकज पराडकर, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, सतर्कता विभाग, सभी महाप्रबंधक तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। राम नाथन ने इस अवसर पर कहा कि सतर्कता एक निरंतर प्रक्रिया है।इसे सभी को अपनें व्यवहार में शामिल करना चाहिए तथा कर्मचारी को हर कार्य पारदर्शिता व ईमानदारी से करना चाहिए।गुप्ता ने अपनें उद्बोधन में कहा कि सतर्कता व ईमानदारी का भाव विद्यार्थी काल से ही निरूपित करना चाहिए ताकि बड़े होकर जब वे विभिन्न पदों पर जाएं,तो पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा की राह और दृढ हो सके।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2024 के अंतर्गत बीएचईएल भोपाल के सतर्कता विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमआयोजित किए गए। इसके अंतर्गत विभाग द्वारा विक्रम स्कूल, जवाहर स्कूल, शासकीय उ.मा. विद्यालय, आदमपुर छावनी और कस्तूरबा कॉलेज में विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलवाई गई।इस अवसर पर विभाग प्रमुख पंकज पराड़कर ने इस वर्ष की सतर्कता थीम ““सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि”” पर अपनें स्वागत सम्बोधन में सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि पूरे सतर्कता सप्ताह के दौरान वयस्कों एवं बच्चों को मिलाकर लगभग 7500 से अधिक को सत्यनिष्ठा कि शपथ दिलवाई गई कार्यक्रम का संचालन गुणता नियंत्रण के अभिषेक गर्ग एवं सतर्कता विभाग के राजीव रॉय और केशव कुमार ने किया

 

एम्स भोपाल में जन प्रतिनिधि सुविधा कक्ष का उद्घाटन

एम्स भोपाल में आज नए जन प्रतिनिधि सुविधा कक्ष का उद्घाटन किया गया, जिसका शुभारंभ एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह ने किया। महात्मा गांधी ब्लॉक के भूतल पर स्थित कक्ष संख्या 5 में स्थापित यह सुविधा विशेष रूप से जन प्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए मरीजों के लिए एक सहज इलाज प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु बनाई गई है। यह जन प्रतिनिधि सुविधा कक्ष प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक (रविवार और सार्वजनिक अवकाश छोड़कर) खुला रहेगा। शाम 5:00 बजे के बाद और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यह सुविधा ट्रॉमा और आपातकालीन विभाग में उपलब्ध कराई जाएगी। जन प्रतिनिधि सुविधा कक्ष में पंजीकरण, चिकित्सा परामर्श, जांच सहयोग और बिलिंग जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस सुविधा में मरीजों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और उनके चिकित्सा संबंधित दस्तावेजों की सुरक्षित देखभाल की भी व्यवस्था की गई है, जिससे मरीजों को अधिक सुविधाजनक और सहज अनुभव प्राप्त हो सके।

उद्घाटन अवसर पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “जन प्रतिनिधि सुविधा कक्ष का उद्घाटन हमारे निरंतर प्रयास का एक हिस्सा है, जिससे एम्स भोपाल में चिकित्सा सेवाएं अधिक सुलभ और संवेदनशील बनें। यह सुविधा उन मरीजों के लिए सहायक सिद्ध होगी जो जन प्रतिनिधियों के माध्यम से हमारे पास आते हैं। हम एक ऐसा वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जहां सभी मरीजों को सम्मानपूर्वक और शीघ्र उपचार मिल सके।”

यह नई सुविधा एम्स भोपाल के सामुदायिक सेवा की प्रतिबद्धता को और सशक्त करेगी, और विशेष सहायता की आवश्यकता वाले मरीजों के अनुभव में सकारात्मक सुधार लाएगी।

गौ माता की पूजा का विरोध करने वाली कांग्रेस कभी सत्ता में नहीं आएगी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा के कराहल विकासखंड के ग्राम गोरस में गोवर्धन पूजा कर जनता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अब तो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी स्वीकार कर लिया है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं द्वारा झूठे वादे किए जाते हैं। खड़गे ने पार्टी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा है कि झूठे वादे कर फंसा देते हो, इससे अब पूरी तरह से स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता चुनाव के समय वोट लेने के लिए झूठे वादे कर जनता की आंखों में धूल झोंकने का कार्य करते हैं। कांग्रेस हमेशा से झूठे वादों का सहारा लेती रही है। कांग्रेस जनता से जो वादा करती है उसे कभी पूरा नहीं करती है। विपक्षी दलों को सनातन के त्योहार मनाने पर भी आपत्ति होती है। हमारी सरकार ने गोवर्धन पूजा का निर्णय लिया तो विपक्षी दल के नेताओं द्वारा आपत्ति की जा रही है। गोवर्धन और गौ माता की पूजा का विरोध कर रही कांग्रेस 20 साल से मध्यप्रदेश में सत्ता से दूर है, अगर इसी तरह गाय पूजा का विरोध करती रही तो कभी सत्ता में नहीं आने वाली है। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार गाय को माता और गौपालकों को भगवान मानती है। विजयपुर विधानसभा का गोरस गांव गिर गायों के लिए वर्षों से प्रसिद्ध है। हमारे यहां से गिर के गाय ले जाकर ब्राजील आज दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश बन गया। गिर गाय ने ब्राजील की अर्थव्यवस्था को बहुत सुदृढ़ किया है। कराहल के गोरस गांव को गिर गाय का तीर्थ बनाने का कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री व विजयपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत, मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना, राकेश शुक्ला, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष तोषनपाल सिंह, उपाध्यक्ष सीताराम आदिवासी व पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से वोट लेने के लिए चुनाव के समय जनता से झूठे वादे करती है, फिर चुनाव के बाद पलट जाती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि चुनाव के समय झूठे वादे कांग्रेस पार्टी करती है। इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि कांगेस पार्टी जनता को सिर्फ वोट मानती है, वह जनता की भलाई के लिए कोई कार्य नहीं करना चाहती है। कांग्रेस के अध्यक्ष खड़गे अपनी पार्टी के घोषणा पत्र को लेकर यह बात कह रहे थे। एक ओर कांग्रेस ऐसे वादे करती है, जो पूरा करना तो दूर, चुनाव के बाद वादे से पलट जाती है। वहीं भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो भी गारंटी होती है, उसे जमीन पर उतारने का कार्य किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के 11 करोड़ किसानों को हर साल छह हजार रूपए पीएम किसान सम्मान निधि के प्रदान कर रही है। मध्यप्रदेश में लाडली लक्ष्मी योजना हो या लाडली बहना योजना, सभी योजनाएं वित्तीय उपलब्धता को देखते हुए घोषणा की जाती है और उसे पूरा भी किया जाता है। भारतीय जनता पार्टी योजनाओं को जमीन पर उतारने को लेकर कभी झूठ नहीं बोलती। जिस तरह से इंडी गंठबंधन के नेता महाराष्ट्र और झारखंड में घोषणाओं का अंबार लगा रहे हैं, ऐसा प्रतीत होता है कि वे वहां भी जनता की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक की जनता के आंखों में धूल झोंकने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विजयपुर से भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत ने इस क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस पार्टी को छोड़ा है। पिछले एक वर्ष में विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में 253 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। निर्माणाधीन सड़कें जल्द पूरी हो जाएंगी। इस क्षेत्र में 17 सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे 17 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल खेत सिंचिंत होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार इस क्षेत्र का विकास कर रही है। तीन अस्पतालों का उन्नयन किया गया है, दो सीएम राइज विद्यालय मंजूर किए गए हैं। पीएम आवास योजना के तहत 31 हजार पक्के मकान बनाकर गरीबों का दिए जा चुके हैं। विधानसभा उपचुनाव के बाद बचे हुए गरीबों का सर्वे कराकर सभी को पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे, यह भाजपा की गारंटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयपुर क्षेत्र में हर वन ग्राम को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा मैं पहले ही कर चुका हूं। उप चुनाव संपन्न होने के बाद सभी वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित करने का कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कल भाई दूज है, सभी बहनें अपने भाईयों को आशीर्वाद देंगी। बहनों से निवेदन है कि आपका भाई व प्रदेश शासन के मंत्री श्री रामनिवास रावत विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी हैं। बहनों कल भाई दूज मनाएं, लेकिन अपने भाई व भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को 13 नवंबर को मतदान के दिन अपना वोट स्वरूप आशीर्वाद देकर विजयी बनाएं। लाड़ली बहनों को भाजपा सरकर ने ही तीन हजार रूपए देने को कहा है, उस वादे को भी पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सनातनियों की दुनिया गौ माता से शुरू होती है और गौ माता पर समाप्त हो जाती है। गौ माता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। गौ माता चराचर जगत के कल्याण का कार्य करती है। लाडली बहनों को अभी 1250 रूपए प्रति माह दिया जा रहा है। बैगा भारिया और सहरिया समाज की बहनों को कुपोषण दूर करने के लिए प्रति माह 1500 रूपए प्रदान किए जा रहे हैं। भाजपा सीमा पर किसान और खेत पर जवान दोनों को बराबर सम्मान देने का कार्य करती है। कांग्रेस ने वर्षों शासन किया, लेकिन सहरिया समाज के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया। भाजपा सरकार ने सहरिया विकास प्राधिकरण बनाकर समाज के लिए कार्य कर रही है। गोरस गांव गिर गायों के लिए लंबे समय से प्रसिद्ध है। गिर गायों ने ब्राजील की अर्थव्यवस्था को बहुत समृद्ध किया है। भाजपा सरकार गिर गायों से मध्यप्रदेश और देश की तश्वीर और तकदीर बदलने का कार्य करेगी।

मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को झूठ बोलने की आदत है। वर्षों तक प्रदेश में शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने विजयपुर क्षेत्र का कोई विकास नहीं किया। जो भी विजयपुर क्षेत्र का विकास हुआ है, वह भाजपा सरकार ने किया है। प्रदेश शासन के मंत्री रामनिवास रावत विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए ही कांग्रेस छोड़कर आए हैं। आप सभी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को अपना वोट रूपी आशीर्वाद 13 नवंबर को देकर उन्हें विजयी बनाएं, भाजपा सरकार इस क्षेत्र में विकास की गंगा बहा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्राचीनकाल से चली आ रही गोवर्धन पूजा को प्रदेश भर में एक साथ मनाने का बहुत सराहनीय निर्णय लिया है। गोरस गांव वर्षों से गिर गायों के लिए प्रसिद्ध है। यहां जितनी गिर गायें थीं, उतनी गाय कहीं नहीं थीं। यहां से कुछ गिर गायों को ब्राजील ले जाया गया और आज ब्राजील की पूरी अर्थव्यवस्था को गिर गाय के दुग्ध उत्पादन ने बहुत समृद्ध बना दिया है। मैं जब प्रदेश शासन में पशुपालन था तो इस क्षेत्र के गौपालकों के वर्षों से फंसे 22 लाख रूपए सरकार से मंजूर कराकर वापस कराया था। भाजपा सरकार ने विजयपुर क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, संभाग प्रभारी विजय दुबे, विधायक सरला रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी, महेन्द्र यादव सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...