बूढ़ी और अपाहिज गायों की देखभाल कांजी हाऊस में नहीं गौ-शालाओं में होंगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में गौ-पालन को बढ़ावा देकर किसानों और गौ-पालकों की आर्थिक सशक्तिकरण का कार्य किया जा रहा है। शहरों में कांजी हाऊस के स्थान पर गौ-वंश की देशभाल के लिए गौशालाएं प्रारंभ की जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के 51 हजार से अधिक ग्रामों में दूध का उत्पादन बढ़ाते हुए इस क्षेत्र में मध्यप्रदेश को पूरे देश में प्रथम स्थान पर लाने का प्रयास है। इसके साथ ही अगली पशुगणना में प्रदेश पहले तीसरे स्थान से पहले स्थान पर लाने के के समस्त प्रयास भी किये जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौ-वंश पालन पर क्रेडिट कार्ड देने की पहल की गई है। हमारे किसान भाई और पशुपालक दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा करते हैं। प्रदेश में पहली बार शासन स्तर पर गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य हमारी हजारों वर्ष पुरानी संस्कृति और गौ-माता के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रवींद्र भवन परिसर भोपाल में राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित नागरिकों को गोवर्धन पूजा की बधाई दी। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रवींद्र बहिरंग मंच पर गोवर्धन पूजा समारोह का दीप जलाकर शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड से अनुबंध कर प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई है। लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल ने दुग्ध सहकारिता आंदोलन को गति दी थी। आज “अमूल” के उत्पाद देश-विदेश में लोकप्रिय हैं। मध्यप्रदेश में गुजरात पैटर्न पर दुग्ध सहकारिता क्षेत्र में किसानों और पशुपालकों की सहायता के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दूध, घी और मक्खन के साथ गौ-काष्ठ का भी उपयोग हो रहा है। गोबर से खिलौने और कलाकृतियां तैयार की जा रही हैं। प्रदेश सरकार गौ-पालन को प्रोत्साहित करने के लिए गौ-शाला को प्रति गाय 20 रुपये के स्थान पर 40 रुपये के अनुदान का निर्णय ले चुकी है। जो पशुपालक 10 या उससे अधिक गायों का पालन करेंगे उन्हें भी विशेष अनुदान दिया जाएगा। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में वर्तमान में देश के कुल दुग्ध उत्पादन का 9 प्रतिशत उत्पादन हो रहा है, जिसे 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी गाँव में दुग्ध संघ के माध्यम से गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। प्रारंभ में 11 हजार गाँव में दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि का प्रयास है। प्रदेश में इस वर्ष गौ-वंश रक्षा पर्व मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौ-वंश से समृद्ध प्रदेश में गौ-माता के संरक्षण के लिये समुचित प्रावधान किये जा रहे है। गौ-वध को रोकने के लिये समुचित व्यवस्था की गई है। गौ-वध का दोषी पाये जाने पर 7 वर्ष की सख्त सजा देने का कानूनी प्रावधान है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश गौ-वंश में समृद्ध है। प्रदेश में लगभग 1 करोड़ 39 लाख गायें हैं। वर्ष 2019 की पशु गणना के अनुसार मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर है। हम अगली पशुगणना में देश में प्रथम स्थान पर आने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौ-पालकों को प्रोत्साहन, गौ-वंश संरक्षण के सरकार के प्रयासों और योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पशु चिकित्सा के लिये गौ-एंबुलेंस का संचालन भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश गौ-वंश संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों में कार्य कर रहा है। भारत विश्व में 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। शीघ्र ही भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। ग्रामों में कृषि कार्य के साथ पशुपालन एवं गौ-पालन किसान की आर्थिक समृद्धि में सहयोगी है। शहरों में भी गौपालन से पशुपालक अपनी आय बढ़ा सकते हैं। मध्य प्रदेश इस क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। पशुधन संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज राज्य स्तर पर गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी संस्कृति की प्रतीक भी है, जिससे विश्व में भारत की पहचान है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा को समर्पित इस पर्व से संबंधित यह मान्यता भी है कि भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन क्षेत्र के नागरिकों को आपदाओं से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत उठाया था। यह घटना भगवान द्वारा उन भक्तों को सुरक्षा देने का भी प्रतीक है, जो उनकी शरण में आते हैं। गोवर्धन पूजा में अन्न का पर्वत बनाया जाता है, इसे अन्नकूट कहा जाता है। भगवान श्रीकृष्ण के गायों के प्रति प्रेम से ही उनका नाम गोपाल हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्व के हर देश में गौपालन देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश में मालवी गाय विशिष्ट है। गाय माँ के समान है, वह सृष्टि की जननी भी मानी गई है। शास्त्रों के अनुसार ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना के बाद सर्वप्रथम गाय को ही पृथ्वी पर भेजा था। गाय माँ लक्ष्मी का भी स्वरूप है और इसे कामधेनु भी माना जाता है। गाय के दूध में जो पोषक तत्व हैं, वह अन्य दुधारू पशुओं के दूध में नहीं है। इस तरह गाय कई रूपों में मानवता का संरक्षण करती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौपालन एवं गौ संरक्षण के कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर जैसे शहरों में जहाँ हजारों की संख्या में गौ-वंश है, बड़ी गौशालाएँ प्रारंभ की जायेगी। शहरों की गौशालाओं में 5 हजार से लेकर 10 हजार तक गौवंश को रखने की व्यवस्था होगी। राज्य सरकार ने वर्ष 2024-25 में पशुधन संरक्षण और पशुपालन गतिविधियों के लिए 590 करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गाय धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि आर्थिक रूप से भी करोड़ों भारतीयों के लिये पूजनीय है। आज पंचगव्य सहित अनेक उत्पाद आमजन द्वारा उपयोग में लाए जा रहे हैं। कोविड के दौर में गौ-वंश के उत्पादों का उपयोग किया गया। आयुर्वेद में औषधि के रूप में पंचगव्य जिसमें दूध, दही, घी, गोबर और गौ-मूत्र शामिल हैं संक्रमण को रोकने में मददगार रहा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौ-वंश संरक्षण के क्षेत्र में संत समाज का विशेष आशीर्वाद और सहयोग प्राप्त हो रहा है। सहअस्तित्व हमारी संस्कृति की विशेषता है। गौमाता के जीवन से हमारा जीवन गौरवान्वित होता है। राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा समारोह में स्वामी अच्युतानंद जी और गौ-संरक्षण के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाले स्वामी हरिओमानंद जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रवीन्द्र भवन परिसर में विभिन्न गौशालाओं की गायों के साथ ही गोवर्धन पूजन भी किया। इस अवसर पर गौ-उत्पादों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित अनेक गौ-उत्पाद देखे, इनमें गौ-घृत, अन्य उत्पाद और गोबर से निर्मित कलाकृतियां भी शामिल थी। प्रदर्शनी के एक हिस्से में श्रीकृष्ण गौ-शाला केंद्रीय जेल और नगर निगम द्वारा संचालित अरवलिया गौ-शाला सहित अन्य गौ-शालाओं की गाये लाई गईं। गायों को गोवर्धन पूजा के दिन नहला-धुलाकर नए वस्त्रों और मयूर पंख आदि से सज्जित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न गौ-शालाओं के संचालकों का श्रेष्ठ सेवाओं के लिए सम्मान भी किया। इसमें इंदौर की गौशाला के संचालक हरिओम आनंद, गायत्री परिवार से जुड़े सूरज सिंह परमार, सोनू जैन, प्रदीप कुमार जैन एवं उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर आदि नगरों के अन्य गौशाला संचालक शामिल रहें।

पशुपालन एवं डेयरी (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौ-वन्य विहार की महत्वपूर्ण घोषणा की है। हमारे गौ-वंश सड़कों पर न रहें और उनकी बेहतर देखभाल हो, इसके लिए प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। गौ-शालाओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। प्रदेश की गौ-शालाओं में गाय के आहार के लिए निर्धारित अनुदान दोगुना किया गया है। गौ-वंश की नस्ल में सुधार का कार्यक्रम भी तेज किया जा रहा है। प्रदेश में गौ-संवर्धन वर्ष में अनेक कार्यक्रम हो रहे हैं। यह पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा कार्य है। गौशालाओं में सौर ऊर्जा संयंत्रों के उपयोग से बिजली का खर्च कम करने की पहल की जा रही है।

खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने गोवर्धन पूजा के साथ ही इस वर्ष अनेक पर्वों, त्यौहारों को महत्वपूर्ण स्थान दिया है। गाय के पालन और गौ-शाला के संचालन में वैज्ञानिक प्रयोग भी हो रहे हैं। आज मुस्लिम एवं अन्य समुदाय भी गौ-पालन और गौ-पूजन के कार्य से जुड़े हैं और इस कार्यक्रम में भी उपस्थित हैं। निश्चित ही समाजों को जोड़ने का यह महत्वपूर्ण प्रयास है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, भोपाल की महापौर मालती राय सहित राहुल कोठारी, सुमित पचौरी, संत-महंत, जन-प्रतिनिधि अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे। प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ हुई गोवर्धन-पूजा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार सुबह सबसे पहले मुख्यमंत्री निवास में गौ पूजा के साथ गोवर्धन पूजा भी की। उन्होंने रवीन्द्र भवन में हुए राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा समारोह में अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ गोवर्धन पूजा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शाम को ग्वालियर में पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया के निवास पर गोवर्धन पूजा करने के बाद देश की सीएनजी उत्पादन करने वाली सबसे बड़ी गौशाला लाल टिपारा में गोवर्धन पूजा की। प्रदेश में सभी जिलों में विभिन्न स्थानों पर मंत्रि-परिषद के सदस्यों, संसद सदस्यों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों ने गोवर्धन पूजा के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा की।

वन अधिकारी पर प्राण घातक हमला करने वाले आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए 

कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की मांग 

भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच वन विभाग ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शहडोल के वन अधिकारी रेंजर के साथ मारपीट कर जान की करने की धमकी देने वाले आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने एवं राजसात की धार लगाने की कार्यवाही करने की मांग करी हैं।
मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच वन विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि शहडोल रेंजर राहुल सिंह सिकरवार के निवास पर शिकारी करुणेन्द्र सिंह ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 1 नवंबर 2024 को प्राण घातक हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी है जिसकी शिकायत शहडोल थाने में की गई है लेकिन अरोपी शिकारी करुणेन्द्र सिंह एवं उसके दो साथियों को अभी तक पुलिस प्रशासन ने गिरफ्तार नहीं किया है जिस कारण वन कर्मचारियों अधिकारियों में भय का वातावरण निर्मित हो गया है कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री से वन कर्मचारी और अधिकारियों की सुरक्षा के लिए मजबूत व्यवस्था एवं सुरक्षा नीति बनाने की मांग भी करी है।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यालय पर गोवर्धन पूजा की, सबके कल्याण का आशीर्वाद मांगा

भोपाल। सदैव हिन्दुत्व और सनातन के लिए प्रखरता से बात रखने वाले भोपाल की हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने शनिवार को मालवीय नगर स्थित अपने कार्यालय पर गोवर्धन पूजा की। ज्ञात को कि विधायक रामेश्वर शर्मा प्रतिवर्ष ‘गोवर्धन पूजा’ के अवसर पर युवा सदन कार्यालय पर पूजन करते हैं। इस वर्ष भी उन्होंने कार्यालय पर गोबर से गोवर्धन महाराज की स्थापना कर उनका विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ उनके पारिवारिक सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक शर्मा ने राज्यस्तरीय गोवर्धन पूजा के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार भी जताया।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि – यही तो सनातन की महानता है। यहां हर माह ऐसे महापर्व आते हैं जो जन-जीवन में खुशहाली लेकर आते हैं। हमारा धर्म उत्सव और उमंग के कई अवसर प्रदान करता है। यह केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि पशु-पक्षी, पर्यावरण आदि के संरक्षण का भाव भी निहित रखता है। पर्यावरण और गौधन के संवर्धन और संरक्षण का अनूठा और विशेष पर्व है गोवर्धन पूजा। ये हमें गौमाता के साथ अपनी प्रकृति माता के प्रति भी संवेदनशील, सजग और जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देता है। सनातन के ऐसे विशिष्ट पर्व हमारे विश्व बंधुत्व के भाव को सार्थक करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि – मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी ने राज्य स्तर पर गोवर्धन पूजा कराने का जो निर्णय लिया, वह अत्यंत प्रशंसनीय और साधुवाद योग्य है। इससे न केवल गौवंश का संरक्षण और संवर्धन होगा बल्कि पर्यावरण के प्रति भी सजगता बढ़ेगी। हमारे मुखिया के इस फैसले का संपूर्ण मध्यप्रदेश ने स्वागत किया है। हर जगह भव्यता से आयोजन संपन्न हो रहे हैं।

विवेक त्रिपाठी बुधनी विधानसभा उपचुनाव में निभाएंगे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

भोपाल – मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस पार्टी ने उनके जमीनी अनुभव , दायित्व के प्रति समर्पण और संगाठात्मक कौशल को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है ।

विवेक त्रिपाठी ने हमेशा पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों का सशक्त रूप से समर्थन किया है और विभिन्न मंचों पर पार्टी का प्रभावशाली नेतृत्व किया है त्रिपाठी छात्र राजनीति में NSUI के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई उसके बाद युवा कांग्रेस में मीडिया विभाग की जिम्मेदारी संभाली और अब वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं , NSUI में रहते हुए अटेर विधानसभा उपचुनाव और युवा कांग्रेस में रहते हुए आगर विधानसभा उपचुनाव में प्रभारी रहे और दोनों ही सीटों पर उपचुनाव में विजयश्री प्राप्त हुई थी ‌।

इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर बोलते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा, “विवेक त्रिपाठी के पास संगठनात्मक अनुभव है। हम विश्वास करते हैं कि वे इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे और पार्टी को सफलता दिलाने में अहम भूमिका अदा करेंगे ।

विवेक त्रिपाठी ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी को निभाएंगे और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा, “बुधनी मैं पूरी निष्ठा के साथ काम करूंगा और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने एवं भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने का काम करूंगा ।

उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालु खुद ले सकेंगे प्रसाद, स्वचालित वेंडिंग मशीन के माध्यम से की व्यवस्था

उज्जैन में ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर ऐसा मंदिर बनने जा रहा है, जहां स्वचालित वेंडिंग मशीन से श्रद्धालुओं को प्रसाद की सुविधा उपलब्ध रहेगी। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया कि भक्तों द्वारा क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट करने के बाद प्रसाद के कूप से लड्डू का पैकेट मशीन से बाहर निकलेगा। इसके लिए मंदिर समिति ने कोयंबटूर की 5G टेक्नोलॉजी नामक कंपनी को ऑटोमेटिक मशीन का ऑर्डर दिया है। मशीन से 100 ग्राम 200 ग्राम और 500 ग्राम लड्डू के पैकेट श्रद्धालु प्राप्त कर सकेंगे।

विश्व प्रसिद्ध बारह ज्योतिर्लिंगों में से एकमात्र दक्षिणमुखी भगवान महाकालेश्वर मन्दिर में प्रबंध समिति द्वारा लड्डू प्रसाद निर्माण इकाई एवं नि:शुल्क अन्नक्षेत्र संचालित किया जा रहा है।

कोविड-19 के दौरान भी गाईड लाइन का पालन करते हुए दर्शनार्थियों को सुलभ दर्शन कराने के साथ-साथ हाईजेनिक लड्डू प्रसाद एवं अन्नक्षेत्र में नि:शुल्क भोजन प्रसादी की उच्च उत्कृष्टता स्तर का 5 स्टार रेटिंग में शामिल किया गया। इस संबंध में भारत सरकार के एफएसएसएआई द्वारा प्रमाण-पत्र जारी किया जा चुका है।

वर्ष 2021 में सम्पूर्ण भारत में महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति द्वारा लड्डू प्रसाद के क्षेत्र में हाईजेनिक उत्कृष्टता में 5 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाला सम्भवतः प्रथम धार्मिक संस्थान है और नि:शुल्क अन्नक्षेत्र हाईजेनिक उत्कृष्टता 5 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाला धार्मिक संस्थानों में तीसरा संस्थान है।

भारत सरकार की एफ.एस.एस.ए.आई. द्वारा उक्त दोनों ईकाइयों में विभिन्न बिन्दुओं पर निरीक्षण कर ऑडिट किया गया और मूल्यांकन उपरान्त दोनों इकाईयों को उत्कृष्ट माना गया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को “सेफ भोग प्लेस” का प्रमाण-पत्र भी प्राप्त है।

 

मध्यप्रदेश अपनी गौरवशाली परंपराओं को सहेजते हुए विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश अपनी गौरवशाली परंपराओं को सहेजते हुए विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है। राज्य शासन द्वारा दशहरे पर शस्त्र-पूजन और दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा का आयोजन इस बात का प्रतीक है। प्रदेश की स्थापना दिवस पर परम्परागत मलखंब कला का प्रदर्शन भी इस भाव का प्रकटीकरण है। अतीत को सहेज कर समय के साथ चलने की यह विशेषता प्रदेश को विश्व में वैशिष्टय प्रदान करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए मध्यप्रदेश सदैव तत्पर है। यह प्रदेश के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा धन्वंतरि जयंती पर देश को दी गई सौगातो में सर्वाधिक मध्यप्रदेश को प्राप्त हुई हैं। प्रधानमंत्री मोदी के कर-कमलों से 3 शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय क्रमशः मंदसौर, नीमच और सिवनी का लोकार्पण हुआ है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं नए दौर में हैं, 20 से अधिक मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पतालों में जांच और इलाज सुविधा, मेडिकल और पैरामेडिकल स्टॉफ की बढ़ती संख्या, आरोग्य मंदिर और आयुर्वेद अस्पतालों ने जन सामान्य को बड़ा संबल प्रदान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर लाल परेड ग्राउंड से प्रदेशवासियों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समरोह का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रगान व मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेना द्वारा लगाई गई सैन्य व युद्ध उपकरणों पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव के सम्मुख आर्मी बैंड द्वारा सुमधुर धुनों की प्रस्तुति दी गई। प्रदेश के राज्यीय खेल मलखंब का प्रदर्शन भी किया गया। कथक नृत्य के रूप में गणेश वंदना से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां का क्रम आरंभ हुआ। 3 ईएमई सेंटर भोपाल के मिलिट्री बैंड द्वारा प्रस्तुत देश भक्ति गीतों की धुनों ने कार्यक्रम में उत्साह ,उमंग और जोश का संचार कर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थापना दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि दीपोत्सव की शुभ बेला में मध्यप्रदेश का 69वां राज्योत्सव मनाया जा रहा है। बुंदेलखंड, बघेलखंड, निमाड़, मालवा और महाकौशल रूपी पांचो अंचलों ने प्रदेश को अविस्मरणीय इतिहास, अद्भुत कला, अनुपम संस्कृति, अद्वितीय परंपरा और अनंत सामर्थय का पंचामृत दिया है। धर्म-अध्यात्म और ज्ञान की त्रिवेणी, विंध्याचल और सतपुड़ा की गोद में विद्यमान मध्यप्रदेश ने विश्व को साहित्य और संगीत की अमूल्य विरासत सौंपी है। लोक संस्कृति और जनजातीयां प्रदेश का आधार हैं। यह भूमि भगवान श्रीराम के वनवास, भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा, सम्राट विक्रमादित्य के पराक्रम और सृजनशीलता की साक्षी रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने कई उपलब्धियां अर्जित की है। यह देश की फूड बॉस्केट, सोयाबीन प्रदेश, हीरा प्रदेश, बिजली प्रदेश, जनजातियों का घर, बाघ प्रदेश और चीता स्टेट के नाम से विख्यात है। स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर और भोपाल ने कीर्तिमान स्थापित किए हैं। किसान भाइयों के सामर्थ्य से प्रदेश ने 7 बार कृषि को कर्मण पुरस्कार जीता। प्रदेश के शरबती गेहूं, सोयाबीन और चिन्नौर चावल का कोई मुकाबला नहीं है। प्राकृतिक औषधि और श्रीअन्न के उत्पादन में भी प्रदेश अग्रणी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत विश्व में एकमात्र ऐसा देश है जिसने मानवता के लिए सदैव अपनी सकारात्मक भूमिका निभाई है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीनों सेनाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी दक्षता को सिद्ध कर भारत का मान बढ़ाया और देश की सीमाओं की रक्षा की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत “जियो और जीने दो” के सिद्धांत को व्यवहार में लाते हुए सभी दिशाओं में प्रगति कर रहा है। केन्द्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार भी प्रत्येक प्रदेशवासी के जीवन को खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला तथा अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

 

प्रधानमंत्री मोदी का जीवन है मानवता का संदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन मानवता का संदेश है। उन्होंने अपना घर न होते हुए भी देश के 4 करोड़ से अधिक परिवारों के लिए घर बनाए। स्वयं के सुख का त्याग कर देशवासियों के लिए खुशियां बांटी। सबका साथ, सबका विकास, सबका-विश्वास और सबका प्रयास को सार्थक करके दिखाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार रात्रि में गांधी नगर स्थित सीएम राईज स्कूल परिसर में आयोजित दीप पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वार्ड नंबर 1 में सफाई मित्रों और बच्चों को दीपावली पर्व पर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी समानता, निस्वार्थ सेवाभाव और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहें है। हमें भी उनके जीवन का अनुसरण कर दीपावली का पर्व मनाना चाहिए। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा, राहुल कोठारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष दीपावली एक-दूसरे को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर मनाए। इससे प्रेम और समानता का भाव आता है। मिल बांटकर खाने में ही असली खुशी मिलती है। यही हमारे संस्कार है। हमारे सभी त्यौहार खुशियों और आनंद का त्यौहार है। दीपावली का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ समानता का पर्व भी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्कूल के विद्यार्थियों के उत्साह और प्यार को देखकर मंच से उतरे एवं उनके बीच जाकर खुशियां बांटी और आतिशबाजी देखी। उन्होंने अपने हाथों से विद्यार्थियों को मिठाई खिलाई। उन्हें दुलार किया और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को मिठाई, उपहार और ग्रीन पटाखे प्रदान किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सफाई कर्मियों और कामगारों के हौसला बढ़ाने गांधी नगर के बाजू में वार्ड नंबर 1 के विकास नगर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान बुद्ध और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नमन किया। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मी हमारे समाज के महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने उनकी हौसला अफजाई कर दीवाली की खुशियां बांटी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफाईकर्मियों और उनके बच्चों को उपहार, मिठाई और पटाखे वितरित किये।

मध्यप्रदेश के विकास की रोमांचक यात्रा

मध्यप्रदेश की रोमांचक विकास यात्रा के बारे में विस्तार से जानते हुए 1911 की जनगणना रिपोर्ट के पन्ने पलटना भी रोमांचक अनुभव से कम नहीं। यह रिपोर्ट आईसीएस जे.सी. मार्टिन ने तैयार की थी। वे सेंट्रल प्रोविंस एंड बेरार के सुपरिंटेंडेंट ऑफ़ सेंसस ऑपरेशंस थे। वर्ष 1901 से 1910 के दशक में बेरार प्रोविंस को सेंट्रल प्रोविंस में शामिल किया गया। इस प्रकार सेंट्रल प्रोविंस के 8 ब्रिटिश जिले बेरार के चार जिले और 15 सामंती राज्यों को मिलाकर जनगणना होनी थी। यह पांचवीं जनगणना थी जो 10 मार्च 1911 में शुरू हुई। कुल 91,770 गणनाकार, 8,422 सुपरवाइजर और 675 चार्ज सुपरिंटेंडेंट मिलाकर एक लाख से ज्यादा का स्टाफ जनगणना के लिए था। यह क्षेत्र एक लाख 31 हजार वर्ग मील था। जनसंख्या 160 लाख थी। यह ब्रिटिश इंडिया के कुल क्षेत्रफल का 7.3% था, जो जापान के क्षेत्रफल से थोड़ा काम। आज का मध्यप्रदेश जो पहले मध्य भारत प्रांत था वह इसी सेंट्रल प्रोविंस एंड बेरार का भाग था।

वर्ष 1911 की सेंसस रिपोर्ट के साक्षरता संबंधित 8वें चैप्टर में कुछ बेहद दिलचस्प आंकड़े मिलते हैं। इसमें अखबारों की संख्या और प्रसार संख्या के आंकड़े भी प्रकाशित किए गए। हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, गुजराती दैनिक, मासिक, पाक्षिक और साप्ताहिक पत्रों की संख्या 27 थी और प्रसार संख्या 10,627 थी। इसी प्रकार संस्कृत मारवाड़ी, गुजराती, तमिल, हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी की कुल 640 किताबें इस दौरान प्रकाशित हुई थी। सेकेंडरी स्कूलों की संख्या 444 थी, जिसमें 53,308 बच्चे पढ़ते थे। प्राथमिक स्कूल 3865 थे, जिसमें 2 लाख 77 हजार 620 बच्चे पढ़ते थे। प्रत्येक 30 व्यक्ति में से एक साक्षर था। अंग्रेजी साक्षरता का अलग से आकलन किया गया था। प्रत्येक 10 हजार की जनसंख्या में 55 पुरुष और 5 महिलाएं अंग्रेजी में साक्षर थीं। नागपुर, जबलपुर, सागर और अमरावती में अंग्रेजी पढ़ने-बोलने वाले ज्यादा थे क्योंकि इन्हीं जगहों पर अंग्रेजी अफसरों की पोस्टिंग होती थी और वे अंग्रेजी में लोगों से बात करते थे। एक और दिलचस्प तथ्य यह है कि 1901 से 1910 के बीच 562 मील रेलवे रूट था। रेलवे में सबसे ज्यादा 36 हजार 367 लोगों को रोजगार मिला था। दूसरे नंबर पर सिंचाई विभाग था, जिसमें 18 हजार 473 को नौकरियां मिली थी।

स्वतन्त्रता मिलने तक इस विशाल क्षेत्र का विकास आगे बढ़ता रहा। बाद में भाषा, सांस्कृतिक आधार पर और प्रशासनिक प्रबंधन की दृष्टि से अलग राज्य बनाने की मांग शुरू हुई। देश की एकता बनाए रखते हुए क्षेत्रीय संतुलन की बातें मुखर हुईं। परिणामस्वरुप 29 दिसंबर 1953 को राज्यों के पुनर्गठन आयोग बनाया गया। जस्टिस सैयद फैसल अली अध्यक्ष और हृदय नाथ कुंजूरू, कोवल्लम माधव पणिक्कर इसके सदस्य थे। आयोग ने 30 सितंबर 1955 को सिफारिशों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें मुख्य रूप से जिन बिंदुओं पर राज्यों का पुनर्गठन किया जाना था, उसमें परिवर्तन के परिणाम, भारत की एकता और सुरक्षा, भाषा और संस्कृति, वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता, राष्ट्रीय विकास की योजना, राज्यों के आकार जैसे बिंदुओं का ध्यान रखा गया था। आयोग की अनुशंसाओं को अमल में लाने के लिए संविधान में संशोधन अनिवार्य प्रक्रिया थी। फलस्वरूप लोकसभा में 18 अप्रैल 1956 को संविधान नवम संशोधन विधेयक पेश हुआ। इसे अक्टूबर में राष्ट्रपति की मंजूरी मिली और 1 नवंबर 1956 को यह पूर्ण रूप से अधिनियम बना। साथ ही सेंट्रल प्रोविंस एंड बेरार में शामिल मराठी भाषी जिले महाराष्ट्र में शामिल हो गए और मध्यप्रदेश में 43 जिले बचे। बाद में दो जिलों का क्षेत्रफल के अनुसार विभाजन हुआ और 45 जिलों का मध्यप्रदेश बना।

जनसंख्या वृद्धि, वैश्विक विकास के मानदंडों के साथ कदमताल करते हुए मध्यप्रदेश का विकास निरंतर होता रहा। वर्ष 2000 में जन-आकांक्षाओं के अनुरूप छत्तीसगढ़ राज्य बना। मानव संसाधन, परिसंपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों का स्वाभाविक रूप से बटवारा हुआ । विकास की गति रुकी नहीं।

विकास का आकलन करने के परंपरागत तरीकों, मापदंडों के अलावा भी कई नए क्षेत्रों में मध्यप्रदेश नई उपलब्धियों और नए कीर्तिमान के साथ आगे बढ़ रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी जैसे नए क्षेत्रों में मध्यप्रदेश गतिशील है। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ जिस प्रकार कदमताल कर रहा है वह सराहनीय है। प्रशासनिक नवाचारों और विकास प्रक्रिया में सूचना प्रौद्योगिकी जनित नवाचारी हस्तक्षेप से आम नागरिकों का जीवन आसान हुआ है।

वर्ष 1956, वर्ष 2000 और वर्तमान समय के मध्यप्रदेश में बड़ा परिवर्तन साफ दिखता है। शहरों और गांवों के बुनियादी ढांचे में परिवर्तन हुआ है। सूचना क्रांति ने जीवन के हर आयाम को छुआ है। अधोसंरचनात्मक विकास से सामाजिक बदलाव आया है। जनसंख्या की निरंतर वृद्धि और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियां बने रहने के बावजूद विकास की बाधाएं समाप्त हो रही हैं। प्रदेश के गठन के बाद 1961 की जनगणना 323.7 लाख थी।

कुछ आधारपभूत आंकड़ों से मध्यप्रदेश की विकास यात्रा और ज्यादा रोमांचक हो जाती है। अर्थव्यवस्था तेजी से बढी है। वर्ष 2003 में जीडीपी 71,594 करोड़ थी जो अब बढ़कर 13,63,327 करोड़ हो गई है। प्रति व्यक्ति आय वर्ष 1956 में मात्र 261 रूपए, 2003 में 11,718 करोड़ और वर्तमान में 1,42,565 करोड़ है।

कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हुआ है। इसका कारण सिंचाई और बिजली की भरपूर उपलब्धता है। किसान-मित्र नीतियों से खेती आधारित अर्थव्यवस्था की नींव मजबूत हुई। खेती से जुड़े अन्य क्षेत्रों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा। अब सामान्य खेती से आगे बढ़कर कृषि उद्यमिता पर मध्यप्रदेश ने कदम रख रहा है। कृषि क्षेत्र में निर्यात बढ़ा है। मध्यप्रदेश का गेहूं, चावल, दालें अंतर्राष्ट्रीय बाजार में जा रही हैं।

एक अन्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन हुआ है वह राजस्व संग्रह का क्षेत्र। सरकार और व्यापारिक समुदाय के परस्पर सहयोग एवं विश्वास के रिश्तों से स्वप्रेरित राजस्व अदा करने की संस्कृति को बढ़ावा मिला है। मध्यप्रदेश जीएसटी संग्रहण में देश में पहले पांच राज्यों में है। यह राजस्व सरप्लस राज्य बन गया है। बिजली संकट से जूझने के बाद मध्य प्रदेश पावर सरप्लस राज्य है। नवकरणीय ऊर्जा जैसे नए क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रदेश के विभिन्न भूभाग में समान रूप से औद्योगिक निवेश एवं विकास करने के उद्देश्य को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीजनल इंडस्ट्री कांक्लेव की श्रृंखला की शुरुआत की। अब तक उज्जैन , जबलपुर, ग्वालियर, सागर और रीवा में हो चुकी है। इसके साथ ही निवेश आमंत्रण के लिए मुंबई ,बेंगलुरु, कोयंबटूर, कोलकाता में रोड शो किए। फलस्वरूप मध्यप्रदेश को 2,76, 000 करोड रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले। इसे प्रदेश में तीन लाख 98 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना बनेगी।

मध्यप्रदेश की मजबूत होती आर्थिक अधोसरंचना के साथ अब मध्यप्रदेश अपनी विकास की गति को और तेज करने के लिए तैयार है। सभी राज्यों और विदेशों से संपर्क निरंतर मजबूत हो रहा है। हाल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा रीवा एयरपोर्ट के शुभारंभ के साथ प्रदेश में छह एयरपोर्ट हो गए हैं।

मध्यप्रदेश के गठन के समय सड़कों की लंबाई 28.1 हजार किलोमीटर थी। आज 71,379 किमी हो चुकी है। रेल रूट 5188 किमी हो गया है।

चिकित्सा सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। राज्य के गठन के समय एलोपैथिक चिकित्सालय और औषधालयों की संख्या 556 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की संख्या मात्र 108 थी। वर्ष 1956 में हॉस्पिटल में बेड की संख्या 10.2 हजार थी जो अब बढकर 45,000 से ज्यादा हो गई। .वर्ष 1956 में प्राथमिक शालाओं की संख्या 22.8 हजार थी जो अब बढ़कर 79,215 हो गई है। माध्यमिक शालाओं की संख्या 1.6 हजार से बढ़कर 30,184 हो गई है। उच्चतर माध्यमिक शालाओं की संख्या 414 से बढ़कर 4,868 हो गई है। वर्ष 1956 में प्रति व्यक्ति विद्युत उपभोक्ता 5 किलोवाट प्रति घंटे था। अब पावर सरप्लस राज्य है। आज 1184 किलोवाट प्रति व्यक्ति प्रति घंटे है।

कपड़ा सीमेंट और शक्कर मुख्य रूप से कारखाने थे। आज विभिन्न प्रकार के उद्योगों का विस्तार हुआ है जिनमें खाद्य प्रसंस्करण और सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं आधार आईटी उद्योग शामिल है। इन आधारभूत आंकड़ों से मध्य प्रदेश की एक रोमांचक विकास यात्रा की झलक मिलती है। आज जब भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने जा रहा है तब मध्यप्रदेश भी अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने में खुद को तैयार कर रहा है।

सेना अस्पताल (आर एंड आर) ने मिलिट्री नर्सिंग कैडेट्स के सातवें बैच के लिए कमीशनिंग समारोह का आयोजन किया

नई दिल्ली : बुधवार, अक्टूबर 30, 2024/ सेना अस्पताल (आर एंड आर) के नर्सिंग कॉलेज ने 26 सैन्य नर्सिंग कैडेटों के अपने सातवें बैच के कमीशनिंग समारोह का शानदार आयोजन किया, जो चार वर्षों की आवश्यक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के समापन का प्रतीक था। यह डिग्री पाठ्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के संरक्षण में संचालित किया जाता है।

सेना अस्पताल (आर एंड आर) के निदेशक और कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल शंकर नारायण ने कमीशनिंग समारोह का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सम्मानित अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों और गौरवान्वित अभिभावकों ने भी भाग लिया। लेफ्टिनेंट मुस्कान शर्मा को प्रथम स्थान के लिए रजत पदक, सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

भोपाल में अंतर जिला बैण्ड प्रतियोगिता सम्पन्न

भोपाल के ओल्ड कैम्पियन मैदान पर स्कूल शिक्षा विभाग की भोपाल संभागीय अंतर जिला बैण्ड प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में 6 टीमों ने भाग लिया। अंतर जिला बैण्ड प्रतियोगिता में मॉडल स्कूल टी.टी. नगर बालिका एवं बालक दोनों वर्ग में अव्वल रहा। सेंट जोसफ कॉन्वेंट ईदगाह हिल्स भोपाल के बैण्ड ग्रुप ने ब्रॉस बैण्ड बालिका वर्ग का खिताब जीता। वात्सल्य हायर सेकेण्डरी स्कूल विदिशा के बैण्ड ग्रुप ने ब्रॉस बैण्ड बालक वर्ग का खिताब जीता।

भोपाल में राज्य स्तरीय बैण्ड प्रतियोगिता का आयोजन 8 नवम्बर को होगा। प्रतियोगिता में 200 से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में सीबीएसई, आईसीएसई, केवीएस, एनवीएस, पीएम श्री और सैनिक स्कूल के विद्यार्थी भाग लेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता बालक-बालिका का बैण्ड दल नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुति देगा।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...