मुख्यमंत्री ने एक साथ 222 करोड़ रुपये लागत के 4 फ्लाय-ओवर का किया लोकार्पण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

इंदौर में कल स्वर्णिम इतिहास रचा गया। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक ही दिन में एक साथ लगभग 222.25 करोड़ रुपये लागत के 4 फ्लाय-ओवर का लोकार्पण किया। यह पहली बार हो रहा है जब इंदौर में एक ही दिन में एक साथ 4 फ्लाय-ओवर का लोकार्पण हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फूटी कोठी (संत सेवालाल चौराहा) सहित भंवरकुंआ, खजराना और लवकुश चौराहे के फ्लाय-ओवर का लोकार्पण किया। चारों फ्लाय-ओवर इंदौर के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने में मददगार होंगे। फ्लाय-ओवर के प्रारंभ होने से इंदौर के लाखों नागरिकों को सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। फूटी कोठी फ्लाय-ओवर का नाम प्रसिद्ध संत सेवालाल महाराज के नाम पर किया गया है।

फ्लॉय-ओवर लोकार्पण अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और विधायक और पूर्व मंत्री उषा ठाकुर, महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, महेन्द्र हार्डिया और मनोज पटेल, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर,जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, गौरव रणदिवे, चिन्टू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फूटी कोठी (संत सेवालाल चौरहा) में आयोजित फ्लाय-ओवर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास को नई गति देकर विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा। विकास के सभी अवरोधों को हटाकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर का चहुँमुखी विकास और सुरक्षित यातायात हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि इंदौर के किसी भी चौराहे पर यातायात बाधित न हो और वाहन चालकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने इंदौर की यातायात संबंधी परेशानियों के निराकरण के लिए कहा कि यहाँ जितने भी अंडरपास/ओवर ब्रिज की आवश्यकता होगी, वह सभी बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इंदौर में 400 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज लाइन का कार्य करने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मनुष्यों की सोच जहां समाप्त होती है, वहीं से संतों की सोच शुरू होती है। मनुष्यों एवं देवताओं के बीच संत सेतु के रूप में होते हैं। समाज के किसी भी संत के योगदान को भुलाया नहीं जाएगा। उन्होंने प्रदेश में गायों के संरक्षण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा गौ-शालाओं के संचालन के संबंध में राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि फूटी कोठी चौराहे का नाम संत सेवालाल चौराहा होगा। इंदौर के चौराहों पर आवश्यकतानुसार अंडर-पास और ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। आगामी 3 वर्षों में एक कार्य-योजना बनाकर लगभग 20 से 25 अंडरपास/ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। इंदौर शहर में यातायात सुधार के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाना हमारा संकल्प है।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने लोकार्पित हुए 4 ओवर ब्रिज के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संत गोपाल चैतन्य महाराज ने भी संबोधित किया। एकलव्य सिंह गौड़ ने आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने इंदौर भ्रमण के दौरान सबसे पहले फूटी कोठी फ्लाय-ओवर का लोकार्पण किया। यह फ्लाय-ओवर 610 मीटर लंबा है। इसकी चौड़ाई 24 मीटर एवं 6 लेन है। इसके निर्माण पर 57.70 करोड़ रूपये लागत आयी है। इसी तरह उन्होंने भवर कुआं के फ्लाय-ओवर का लोकार्पण भी किया। भंवरकुंआ में 625 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़ाई के 6 लेन फ्लाय-ओवर का निर्माण 55.77 करोड़ रूपये की लागत से किया गया है। इसी तरह लवकुश चौराहा और खजराना चौराहा के फ्लाय-ओवर की एक-एक भुजा का लोकार्पण भी किया गया। खजराना के फ्लाय-ओवर की लागत 41.19 करोड़ और लवकुश चौराहे के फ्लाय-ओवर की लागत 66.88 करोड़ रूपये हैं। उक्त दोनों फ्लाय-ओवर भी 6 लेन हैं। इन दोनों फ्लाय-ओवर की दूसरी भुजाओं का कार्य भी लगभग 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। शेष कार्य भी जल्द ही पूरा हो जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर भ्रमण के दौरान विजय नगर स्थित एक रेस्टॉरेंट पर रूके। यहाँ उन्होंने अपने मंत्री के साथी कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों के साथ इंदौरी जायके का स्वाद लिया। उन्होंने रेस्टॉरेंट में पानीपुरी, भजिये और छोले भटूरे भी खाये।

भारत ने विरोध स्वरूप कनाडा से अपने उच्चायुक्त को बुलाने का किया फैसला

भारत ने कनाडा के कार्यवाहक उच्चायुक्त स्टीवर्ट रॉस व्हीलर सहित छह राजनयिकों को निष्कासित कर दिया है। उप उच्चायुक्त पैट्रिक हेबर्ट, प्रथम सचिव मैरी कैथरीन जोली, इआन रॉस डेविड ट्राइट्स, एडम जेम्स चुइपका और पाउला ओरजुएला को भी निष्कासित कर दिया गया है। इन राजनयिकों से 19 अक्टूबर या उससे पहले भारत छोड़ने को कहा गया है।

भारत ने कनाडा में अपने उच्चायुक्त और अन्य राजनयिकों और अधिकारियों को यह कहते हुए वापस बुलाया है कि उसे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की वर्तमान कनाडा की सरकार की प्रतिबद्धता पर भरोसा नहीं है। इसी तरह के घटनाक्रम में कनाडा के प्रभारी उच्चायुक्त को कल नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में बुलाया गया था। उन्हें बताया गया कि कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त और अन्य राजनयिकों और अधिकारियों को आधारहीन निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्हें यह भी बताया गया कि उग्रवाद और हिंसा के माहौल में ट्रूडो के नेतृत्व वाली वर्तमान कनाडा सरकार के कार्यों से भारतीय राजनयिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। भारत के खिलाफ उग्रवाद, हिंसा और अलगाववाद के लिए ट्रूडो सरकार द्वारा समर्थन के जवाब में आगे के कदम का अधिकार भारत के पास है।

इससे पहले, भारत ने कनाडा सरकार के उन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया था जिनमें कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त और कुछ अन्य राजनयिकों को एक मामले में जांच के दायरे में बताया गया था। इस संबंध में कनाडा सरकार को जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय ने इसे आधारहीन आरोप बताते हुए कहा कि यह कनाडा की ट्रूडो सरकार की वोट बैंक की राजनीति का एजेंडा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पिछले साल सितंबर में भारत पर कुछ आरोप लगाए थे। भारत की ओर से इस मामले में लगातार सबूत मांगे जाने के बावजूद कनाडा सरकार ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। भारत ने कहा कि यह कदम उस बातचीत के बाद उठाया गया है जिसमें एक बार फिर बिना किसी तथ्य के दावे किए गए हैं।

मंत्रालय ने कहा है कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि जांच के बहाने राजनीतिक लाभ के लिए भारत को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। ट्रूडो सरकार ने कनाडा में भारतीय राजनयिकों को परेशान करने, धमकाने और डराने वाले हिंसक चरमपंथियों और आतंकवादियों को बढावा दिया है। इसमें उन राजनयिकों और भारतीय नेताओं को जान से मारने की धमकी भी शामिल है, इन सारी गतिविधियों को अभिव्यक्ति की स्‍वतंत्रता के नाम पर उचित ठहराया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कनाडा में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले कुछ व्यक्तियों को वहां की नागरिकता देने में बहुत तेजी दिखाई गई जबकि दूसरी ओर वहां रहने वाले आतंकवादियों और संगठित अपराध करने वाले सरगनाओं के संबंध में भारत सरकार के प्रत्यर्पण अनुरोधों को लगातार नजरअंदाज किया गया।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा का 36 वर्षों का अति महत्‍वपूर्ण करियर रहा है और वे वरिष्ठ सेवारत राजनयिकों में से एक हैं। ऐसे में कनाडा सरकार द्वारा उन पर लगाए गए आरोप हास्यास्पद हैं।

 

प्रधानमंत्री कल आईटीयू वर्ल्ड टेलीकम्युनिकेशन स्टैंडर्डाइजेशन असेंबली 2024 का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 10 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन – वर्ल्ड टेलीकम्युनिकेशन स्टैंडर्डाइजेशन असेंबली (डब्ल्यूटीएसए) 2024 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान 8वें इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 का भी उद्घाटन करेंगे।

डब्ल्यूटीएसए, यानी इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन, डिजिटल प्रौद्योगिकियों के लिए संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के मानकीकरण कार्य के लिए नियंत्रक सम्मेलन है। इसे हर चार साल में आयोजित किया जाता है। भारत और एशिया-प्रशांत में पहली बार आईटीयू-डब्ल्यूटीएसए का आयोजन किया जा रहा है। यह एक महत्वपूर्ण वैश्विक कार्यक्रम है। कार्यक्रम में दूरसंचार, डिजिटल और आईसीटी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले 190 से अधिक देशों के 3,000 से अधिक उद्योग जगत के दिग्गज, नीति-निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे।

डब्ल्यूटीएसए 2024 देशों को 6जी, एआई, आईओटी, बिग डेटा, साइबर सुरक्षा आदि जैसी अगली पीढ़ी की महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के मानकों के भविष्य पर चर्चा करने और निर्णय लेने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। भारत में इस कार्यक्रम की मेजबानी से देश को वैश्विक दूरसंचार एजेंडे को आकार देने और भविष्य की प्रौद्योगिकियों के लिए दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। भारतीय स्टार्टअप और अनुसंधान संस्थान बौद्धिक संपदा अधिकार और मानक अनिवार्य पेटेंट विकसित करने में महत्वपूर्ण अंतर्दृष्टि प्राप्त करने के लिए तैयार हैं।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 में भारत के इनोवेशन संबंधी इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें अग्रणी दूरसंचार कंपनियां और इनोवेटर क्वांटम तकनीक और सर्कुलर इकोनॉमी में प्रगति को उजागर करेंगे। साथ ही, 6जी, 5जी यूज-केस शोकेस, क्लाउड और एज कंप्यूटिंग, आईओटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, ग्रीन टेक, सैटकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर भी प्रकाश डालेंगे।

एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल प्रौद्योगिकी मंच, इंडिया मोबाइल कांग्रेस, उद्योग जगत, सरकार, शिक्षाविदों, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी सहित दूरसंचार क्षेत्र के इकोसिस्टम में अन्य प्रमुख हितधारकों के लिए अभिनव समाधान, सेवाओं और अत्याधुनिक उपयोग के मामलों को प्रदर्शित करने के लिए दुनिया भर में एक प्रसिद्ध मंच बन गया है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 में 400 से अधिक प्रदर्शक, लगभग 900 स्टार्टअप और 120 से अधिक देशों की भागीदारी होगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 900 से अधिक प्रौद्योगिकी उपयोग के परिदृश्यों को प्रदर्शित करना, 100 से अधिक सत्रों की मेजबानी करना और 600 से अधिक वैश्विक और भारतीय वक्ताओं के साथ चर्चा करना है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में सक्रिय सदस्यता अभियान की कार्यशाला संपन्न

भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल की सक्रिय सदस्यता अभियान की कार्यशाला सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक को प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने संबोधित किया।

प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने सक्रिय सदस्यता कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित, समृद्ध और विश्व गुरु बनाने के लिए यह सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान संगठन को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं में अंत्योदय विचारधारा को लेकर युवा, महिलाओं, किसान सहित प्रत्येक समाज को विकास की दिशा से जोड़ने के लिए आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। हम सभी पार्टी के दायित्ववान कार्यकर्ता है और हमें जो कार्य सौंपा जाता है वह हम पूर्ण मनोयोग से करते हैं।

जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान दो दिन और चलेगा इसके बाद सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू हो जाएगा। सक्रिय सदस्य वे ही सदस्य बनेंगे जिन्होंने अपनी आईडी से 100 सदस्य बनाए है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान में भारतीय जनता पार्टी इतिहास रचने की ओर अग्रसर है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन पर्व के अंतर्गत चलाए जा रहे सदस्यता अभियान में उत्सव की तरह मना रहे हैं। यह उत्सव लगभग 6 वर्षों में प्रत्येक कार्यकर्ता को मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ता जो अपने रेफरल कोड से 100 सदस्य बनाए हैं वही लोग सक्रिय सदस्य बनने की अहर्ता रखते हैं। इसलिए ऐसे प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिम्मेदारीपूर्वक अनिवार्य रूप से 100 सक्रिय सदस्य बनाना है। प्रत्येक मंडल में सक्रिय सदस्य बनाने के लिए 29 सहयोगी नियुक्त किया गया है।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता शैलेंद्र शर्मा, महापौर मालती राय, जिला प्रभारी महेंद्र यादव, कार्यक्रम प्रभारी, पूर्व जिला अध्यक्ष सीहोर सीताराम यादव, जिला महामंत्री व नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, रविंद्र यति, जगदीश यादव सहित जिला पदाधिकारी व मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। मंच संचालन सक्रिय सदस्यता टोली के सदस्य कृष्ण मोहन सोनी ने किया। आभार सक्रिय सदस्यता के प्रभारी सीताराम यादव ने माना। टोली सदस्य शंकर मकोरिया, दिनेश यादव मौजूद रहे।

सांसद आलोक शर्मा से मिलने पहुंचे कांग्रेसी नेता

भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने निवास पर आए कांग्रेस नेताओं को आईना दिखाते हुए एक पत्र सौंपा है। सांसद आलोक शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस के नेता पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखें कि उनके नेताओं ने, पूर्व मंत्री और विधायकों ने कब-कब महिलाओं के प्रति गलत टिप्पणियां की हैं। महिलाओं बहन बेटियों के प्रति उनकी भावना किसी से छुपी नहीं है। यह बात मीडिया में भी है, सब जानते हैं।

सांसद शर्मा ने बच्चियों से दुष्कर्म मामलों पर उन्हें ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जेपी धनोपिया सहित अन्य नेताओं का स्वागत कर, ज्ञापन लिया।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से जब सांसद आलोक शर्मा की मोबाइल पर बात कराई तो सांसद शर्मा ने जीतू पटवारी को कहा कि पहले अपने नेताओं को नसीहत दें कि बहन-बेटियों के प्रति अपना व्यवहार बदलें, उनके लिए गलत टिप्पणी करने से बाज आएं।

सांसद शर्मा ने अपनी ओर से एक पत्र कांग्रेस नेताओं को सौंपा है। जिसमें उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस की वरिष्ठ नेताओं को नसीहत दी है कि वह महिलाओं, बहन, बेटियों के संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति न करें। अगर उन्हें राजनीति करना ही है तो विकास के मुद्दे पर करें, जनकल्याण के मुद्दे पर करें।

सांसद शर्मा ने कहा कि महिलाओं, बहन, बेटियों के बारे में तो प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके संरक्षण के लिए काम कर रही है। कांग्रेस को इस मुद्दे को राजनीति नहीं करना चाहिए।

भाजपा समाज को बांटने का काम करती है, दलितों पर अत्याचार की घटनाएं भाजपाराज में बढ़ रही है : प्रदीप अहिरवार

प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग पर हो रहे अन्याय, शोषण, ज़मीनों पर अवैध क़ब्ज़े और बहन बेटियों के ऊपर दुष्कर्म को लेकर, अलकापुरी चौराहा ग्वालियर में मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार के नेतृत्व में कांग्रेस अजा विभाग के कांग्रेसजनों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया और और ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक गण सतीश सिकरवार ,साहब सिंह गुर्जर ,डॉ. देवेंद्र शर्मा शहर अध्यक्ष , प्रभुदयाल ज़ोहरे ज़िला अध्यक्ष ग्रामीण सहित वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदीप अहिरवार ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार तो हो ही रहे थे, लेकिन जब से मोहन यादव की सरकार बनी है तब से ही प्रदेश में लगातार दलितों और आदिवासियों पर अन्याय और अत्याचार और बढ़ गये हैं।

अहिरवार ने कहा कि इन वर्गों की बहन बेटियों के साथ दुष्कर्म हो रहे है थानो में पुलिस एफआईआर तक नहीं लिखती और अगर कांग्रेस के दबाब बनाने के बाद में एफआईआर होती भी है तो आरोपी को गिरफ़्तार नहीं करती। आज़ादी के अमृत काल में दलित और आदिवासी समाज अपमान का विष पीने को मजबूर है। सीधी में आदिवासी भाई के चेहरे पर बीजेपी के नेता द्वारा पेशाब की जाती है। सिंगरौली में दलित युवा को बीजेपी का नेता गोली मारकर हत्या कर देता है। छत्तरपुर में दलित युवक के कपड़े उतारकर मारा जाता है। सिंगरौली में आदिवासी भाई के ऊपर ट्रेक्टर चढ़ा कर बीजेपी नेता द्वारा हत्या कर दी जाती है। मुरैना में जाटव समाज के युवा को थाने में मार दिया जाता है। हमारे समाज के युवाओं को आगे न बढ़ने दिया जाये उसके लिए मोदी ने छात्रवृति बंद कर दी है। अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के विकास के लिए आवंटित केंद्र की राशि गौशाला और मंदिर के उन्नयन में खर्च की जा रही है।

अहिरवार ने कहा कि देश में जातिगत जनगणना होनी चाहिए, किस समाज की कितनी आबादी है देष की जनता को जानना जरूरी है। देश के आज़ादी के 78 वर्ष बाद किस समाज के पास कितनी शिक्षा है, कितनी नौकरी, कितना व्यापार है, कितनी ज़मीन है और कितना प्रतिनिधित्व है। आज देश में ज़रूरत है अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के सामाजिक, शैक्षिणिक और आर्थिक विकास उनकी संख्या के अनुपात में कितना हुआ है।

अहिरवार ने कहा कि राहुल गांधी ने आरक्षण समाप्त करने संबंधी कोई बयान नहीं दिया बल्कि राहुल गाँधी एक मात्र नेता है जो आरक्षण की सीमा को समाप्त करना चाहते है। उन्होंने कहा है जिसकी जितनी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस अजा विभाग के पदाधिकारी, कार्यकर्ता धरना-प्रदर्षन में उपस्थित थे।

क्या कारण है कि इतने बड़े ड्रग्स के कारोबार की सरकार और पुलिस को भनक नहीं लगती : विक्रांत भूरिया

झाबुआ विधायक एवं मप्र युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने प्रदेश सरकार की पूरी तरह से ध्वस्त कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाते हुये कहा है कि आखिर क्या कारण है कि प्रदेश में लगातार ड्रग्स जैसे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार लगातार उजागर हो रहे हैं। भोपाल में 1800 करोड़ की ड्रग्स पकड़े जाने का मामला अभी ठंडा नहीं नहीं हुआ कि आज फिर झाबुआ के मेघनगर में 170 करोड़ का ड्रग्स का बड़ा करोबार गुजरात की पुलिस द्वारा पकड़ा गया है।

भूरिया ने कहा कि अभी प्रदेश की राजधानी भोपाल में हाल ही में ड्रग्स का बड़ा जखीरा पकड़ा गया और अब झाबुआ के मेघनगर में 170 करोड़ की ड्रग्स पकड़ा जाना, आखिर इस प्रदेश को किस ओर मोड़ना चाहती है सरकार। एक बार फिर मध्यप्रदेश भोपाल के बाद झाबुआ ड्रग्स कांड पर सियासत गरमा गई है। सरकार न तो इस तरह की गतिविधियों को रोकने में कोई दिलचस्पी ले रही है और न ही उन्हें इस तरह के मादक पदार्थों का कारोबार करने वाले कारोबारियों की भनक लग पा रही है, जिससे प्रदेश बर्बादी की कगार पर पहुंचता जा रहा है।

विधायक भूरिया ने प्रदेश सरकार की दोहरी नीतियों पर सवाल उठाते हुये कहा कि आखिर क्या कारण है कि जिन जहरीली फैक्ट्रियों को लगाने के लिए गुजरात में परमिशन नहीं मिलती उन्हें, मध्यप्रदेश में परमिशन कैसे और किस आधार पर मिल जाता है। प्रदेष सरकार बताये कि ड्रग्स की फैक्ट्री लगाने के लिए झाबुआ के मेघनगर में कैसे किसके आदेश पर अनुमति मिली, सार्वजनिक होना चाहिए।

भूरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार और पुलिस दोनों सो रही है। भोपाल में 1800 करोड़ रूपये की ड्रग्स और आज फिर झबुआ में 170 करोड़ की ड्रग्स पकड़ाई गई क्या इसमें सरकार की मिलीभगत तो नहीं है? उन्होंने कहा कि जहां एक ओर झाबुआ का आदिवासी युवा पहले से ही शराब की लत से परेषान था और अब ड्रग्स से युवा पीढ़ियां बर्बादी की कगार पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि झाबुआ के मेघनगर में आज भी लाल पानी की समस्या बनी हुई है, लोगों के घरों में पीने का पानी उपलब्ध नहीं है, जिस पर पूरी सरकार मौन बैठी हुई है।

भूरिया ने कहा कि बड़ा दुर्भाग्यजनक है कि अन्य राज्यों की एजेंसियां, पुलिस विभाग मध्यप्रदेश में आकर इस तरह के ड्रग्स, मादक पदार्थों के कारोबार को पकड़ने के लिए कार्यवाही कर रही है, लेकिन क्या कारण है कि मप्र की पुलिस को ही इस तरह के कारोबार की भनक तक नहीं लगती? मप्र सरकार की लापरवाही या मिलीभगत का नतीजा है कि इस तरह कारोबार मप्र में फल-फूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपने इंवेंटों, विज्ञापनों, प्रचार-प्रसार इस गोरखधंधों को छोड़ प्रदेश के विकास के बारे में सोचे, इससे पहले की सरकार पैसों की लत के चक्कर में युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दे, सरकार को जाग जाना चाहिए।

Bhopal Samachar: कांग्रेस ने हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा को सौंपा ज्ञापन

बच्चियों और महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचारों पर रोक लगाने की मांग

भोपाल। राजधानी सहित मप्र के अलग-अलग जिलों में बच्चियों, महिलाओं के साथ हो रही दुष्कर्म और उत्पीडऩ की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस बेटी बचाओ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत कांग्रेस सोमवार को प्रदेश भर में मंत्रियों और विधायकों का घेराव कर ज्ञापन सौंप रही है। इसी कड़ी में राजधानी में जिला ग्रामीण अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल के नेतृत्व में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा और बैरसिया विधायक विष्णु खत्री को ज्ञापन सौंपा गया।

विधायकों को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि मप्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में लगातार अबोध बालिकाओं, जिनमें एक साल से लेकर दस साल तथा 70 से 75 साल तक की बुजुर्ग महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। छोटी-छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार एवं हत्या होना आम बात हो गई है। जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश में बालिकाओं एवं महिलाओं का जीवन संकट में पड़ गया है। महिला अत्याचार में प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर नंबर एक पर पहुंच गया है। जिससे पूवे प्रदेश वासियों का सिर शर्म से झुक गया है। इस दौरान अनोखी मानसिंह पटेल, विष्णु विश्वकर्मा, अशोक मारण, राम सिंह वर्मा, रामराज तिवारी, राजकुमार सिंह, राहुल मालवीय, घनश्याम लालवानी, रोहित राजोरिया, सुरेश हिंगोरानी, विनोद पाटीदार सहित अन्य मौजूद रहे।

महर्षि वाल्मीकि ने प्रत्येक व्यक्ति के रोम-रोम तक भगवान श्रीराम की भावना को पहुंचाया: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम में महर्षि वाल्मीकि जयंती पखवाड़े का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है 17 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा एवं महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर एक पखवाड़े तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर राज्य सभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, महापौर मुकेश टटवाल, बहादुर सिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी, संभागायुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि 17 अक्टूबर से लेकर 21 अक्टूबर तक महर्षि वाल्मीकि जयंती के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बालयोगी उमेशनाथ महाराज राज्यसभा सांसद के लिए नामांकित हुए हैं । उन्होंने पूरे उज्जैन को गौरवान्वित किया है। हमारे समाज में राम राज्य की संपूर्ण भावना महर्षि वाल्मीकि ने प्रस्तुत की है। उन्होंने राम राज्य को परिभाषित किया और भारतीय संस्कृति और सभ्यता के पूरे रोम-रोम और वायुमंडल तक महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम को पहुंचाया है। हमारे समाज में संत जन स्वयं जलकर हमारी प्रगति के मार्ग को आलोकित करते हैं । भारतीय संस्कृति और सभ्यता में संत जनों का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी ओर से सभी को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सर्वप्रथम वाल्मीकि धाम पहुंचकर स्वामी सोहन दास महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित किए तथा समाधि पर माथा टेका। इसके बाद उन्होंने आश्रम में धूनी के स्थान के दर्शन भी किये ।

महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने स्वागत भाषण दिया। सांसद बाल योगी उमेश नाथ महाराज ने कहा कि प्रतिवर्ष शरद पूर्णिमा के अवसर पर महर्षि वाल्मीकि जयंती का आयोजन किया जाता है। उन्होंने एक पखवाड़े तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने का सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा तो उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है और इस प्रकार के आयोजन निरंतर किये जाते रहना चाहिए।

बालयोगी उमेश नाथ महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी वर्गों का विश्वास अर्जित किया है। यह देश ऋषि मुनियों का देश रहा है। हर समाज में संतों का जन्म हुआ है। हम सब मिलकर महर्षि वाल्मीकि जयंती मना रहे हैं। एक पखवाड़े पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रामायण के अनुसार जहां पुष्पक विमान उतरा था वहां पर महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया गया। इसके लिए वाल्मीकि समाज सदैव देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ऋणी रहेगा। प्रधानमंत्री द्वारा अंतिम व्यक्ति के लोगों को प्रथम पंक्ति में लेकर आने का अद्वितीय व अतुलनीय प्रयास किया गया है।

बालयोगी उमेश नाथ महाराज ने कहा कि आगामी 21 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पखवाड़े का समापन भोपाल में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संजय कोरट, जितेंद्र भाटी , सत्यनारायण खोईवाल एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

देश की प्रमुख नदियों का मायका है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि देश की प्रमुख नदियों का मध्यप्रदेश मायका है। मध्यप्रदेश की नर्मदा और ताप्ती नदी अपने मायके अर्थात मध्यप्रदेश को तो आनंदित और प्रफुल्लित करती ही है, साथ ही वह गुजरात को भी धन-धान्य से परिपूर्ण कर रही है। सोन नदी का उद्गम मध्यप्रदेश के अमरकंटक से है, जो बिहार में गंगा से मिलती हैं और गंगा की धारा को समृद्ध करती है। मध्यप्रदेश से निकलने वाली चंबल नदी राजस्थान को जीवन प्रदान करती है यह नदियां मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी हैं। सूरत से आरंभ हुआ यह अभियान जीवन देने का अभियान है। उन्होंने कहा कि जल संचय- जन भागीदारी कार्यक्रम के उद्देश्य की प्राप्ति के लिए मध्यप्रदेश कदम से कदम मिलाकर चलने को तत्पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों के परस्पर संबंधों की सौहाद्रता और नर्मदा जल की एक-एक बूंद का उपयोग सुनिश्चित करते हुए नर्मदा नदी का जल राजस्थान को भी उपलब्ध करने का मार्ग प्रशस्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पानी के लिए गुजरात में समस्या रहती है और उनकी सहायता करना हम सब का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत चल रहे “कैच द रेन “अभियान के तहत गुजरात के सूरत में “जल संचय- जन भागीदारी- जन आंदोलन” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्षा जल संचयन को बढ़ाने और दीर्घकालिक जल स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए जल संचय-जन भागीदारी-जन आंदोलन कार्यक्रम की पहल की थी। जल संरक्षण और जल संग्रहण को बढ़ावा देने की सकारात्मक पहल के तहत सूरत में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि, केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय तथा राज्यों के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्प-गुच्छ व अंगवस्त्रम भेंट कर तथा स्मृति-चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को “जल संचय -जन भागीदारी -जन आंदोलन कार्यक्रम” का संकल्प पत्र भी भेंट किया गया। कार्यक्रम में विद्यमान अतिथियों ने जल संरक्षण और जल संग्रहण के प्रतीक स्वरूप बड़े पात्र में जल अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय सांस्कृतिक और पौराणिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव ने गंगा को जटाओं में धारण कर और भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत धारण कर जल संरक्षण के महत्व को दर्शाया। जिस प्रकार धरती पर मां गंगा को लाने में भागीरथ की भूमिका थी, इस प्रकार गंगाजल को सहेजने में केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गुजरात की भूमि यश- कीर्ति और समृद्धि की भूमि है। भगवान श्रीकृष्ण को भी गुजरात स्थित द्वारका से ही यश प्राप्त हुआ। गुजरात ने ही देश को महात्मा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे राजनेता प्रदान किये। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति पथ पर निरंतर अग्रसर है। विश्व में भारत की साख स्थापित हुई है और दुनिया के सभी देश प्रधानमंत्री मोदी से मधुर और जीवंत संपर्क और संबंध बनाने के लिए आतुर रहते हैं। भारतीय सनातन संस्कृति में जल ही जीवन है का विचार सर्वमान्य है। सूरत में जल-संचयन और जल-संरक्षण पर आयोजित यह कार्यक्रम देश को नई दिशा और जन-जन को ऊर्जा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बना है, जहां नदी जोड़ो अभियान के अंतर्गत दो परियोजनाओं का क्रियान्वयन आरंभ हो रहा है। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान तथा मध्यप्रदेश और राजस्थान के मध्य चंबल- पार्वती- काली सिंध लिंक परियोजनाएं शीघ्र ही मूर्त रूप लेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में लगभग 3 हजार 500 गांव के 13 हजार से अधिक लोगों ने संकल्प लेकर जल गंगा अभियान के अंतर्गत जल भंडारण क्षमता में वृद्धि के लिए 10 हजार से अधिक पोखर, तालाब, कुएं, बावड़ी का जीर्णोद्धार किया।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने नदी जोड़ो अभियान में मध्यप्रदेश द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नदियों के जोड़ने की परियोजना शीघ्र ही आरंभ होगी। उन्होंने मध्यप्रदेशवासियों द्वारा जल-संरक्षण के क्षेत्र में की जा रही पहल की भी सराहना करते हुए कहा कि भू-जल संचयन के लिए मध्यप्रदेश के 3500 गांवों में 14 हजार बोर कराने का संकल्प लिया गया है जो अभिनन्दनीय है। कार्यक्रम को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी संबोधित किया।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...