प्रदेश में गुड़ी पड़वा “सृष्टि आरम्भ दिवस” के रूप में मनाया जायेगा- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक अभ्युदय का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश में होने वाले विक्रमोत्सव-2025 और अखिल भारतीय कालिदास समारोह को भव्य रूप में आयोजित किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में आयोजन के दौरान अतिथियों और विद्यार्थियों को महाकाल देवदर्शन के साथ उज्जैन के इतिहास, विज्ञान, संस्कृति और मूल्यों से परिचय कराया जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में विक्रमोत्सव-2025, अखिल भारतीय कालिदास समारोह और वीर भारत न्यास द्वारा निर्मित किए जा रहे संग्रहालय की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास संस्कृत अकादमी की केंद्रीय समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कालिदास समारोह की शुरुआत गढ़कालिका मंदिर से शुरू होती है। कालिदास का गढ़कालिका मंदिर से संबंध और उसके महत्व पर शिलालेख स्थापित किया जाना चाहिए। साथ ही कालिदास से संबंधित अन्य स्थलों पर भी जन-सामान्य की जानकारी के बोर्ड भी लगाए जायें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास सम्मान समारोह के दौरान दिए जाने वाले पुरस्कारों की जानकारी ली और पुरस्कारों की राशि में वृद्धि किए जाने के निर्देश दिये। समारोह में अतिथियों के आमंत्रण, कार्यक्रम स्वरूप, पुरस्कार और सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। कालिदास समारोह 12 से 18 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 10 नवंबर से उज्जैन में गढ़कालिका मंदिर में वागअर्चन से होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास समारोह की रूपरेखा को प्रेजेंटेशन के माध्यम से जाना।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कालिदास संस्कृत अकादमी का आयोजन हर वर्ष किया जाता है। इसमें अस्थाई स्ट्रक्चर की जगह स्थाई स्ट्रक्चर बनाया जाना चाहिए। इससे अस्थाई स्ट्रक्चर पर हर बार लगने वाले खर्चे में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष भर होने वाले सांस्कृतिक आयोजन और रचनात्मक गतिविधियों को ध्यान में रखकर अधोसंरचना निर्माण का प्लान बनाए। उन्होंने कहा कि कालिदास समारोह की ब्रांडिंग और पब्लिसिटी पर विशेष ध्यान दें। कालिदास द्वारा मेघदूत में उज्जैन और महाकालेश्वर का विशेष उल्लेख किया गया है। महाकाल से जोड़कर इसका प्रचार करें, जिससे आयोजन की गरिमा में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुड़ी पड़वा पर्व 30 मार्च को उज्जैन के साथ पूरे प्रदेश में विक्रम पर्व “सृष्टि आरम्भ दिवस” के रूप में मनाया जायेगा। संस्कृति विभाग प्रदेश और प्रदेश के बाहर भी आयोजन और उत्सव करता है, जिनकी बड़ी प्रतिष्ठा है। उज्जैन के विक्रमोत्सव ने अपनी एक अलग ही पहचान बनायी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विक्रमोत्सव 2025 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यापार मेला, प्रदर्शनी, विचार समागम पर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय वैज्ञानिक संगम में विज्ञान और खगोल विषय से जुड़े विशेषज्ञों को विक्रमोत्सव में आमंत्रित करें। इससे आयोजन की गरिमा बढ़ेगी और प्रदेश के युवाओं को भी इससे प्रेरणा मिलेगी। महोत्सव में होने वाले अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को विक्रमादित्य पर केन्द्रित किया जाये और कवियों की कविताओं को लेखबद्ध करें।

बताया गया कि विक्रमोत्सव-2025 के पहले चरण का आयोजन महाशिवरात्रि से गुड़ी पड़वा तक उज्जैन में होगा। इसमें महाकाल शिवज्योति अर्पणम, विक्रम व्यापार मेला, मंदिरों में प्रभु श्रृंगार प्रतियोगिता, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, राष्ट्रीय वैज्ञानिक समागम, पौराणिक फिल्मों का अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव, विक्रम नाट्य समारोह, अंतर्राष्ट्रीय इतिहास समागम, प्रदर्शनी, प्रकाशन, अवार्ड, लोक प्रसिद्ध कलाकार की सांगीतिक प्रस्तुति आदि शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विक्रमोत्सव के दूसरे चरण में 30 मार्च से ही 30 जून-2025 तक पूरे प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत प्रदेश की नदियों, जल संरचनाओं के संरक्षण- संवर्धन का कार्य प्रदेश स्तर पर किया जायेगा। इस महती आयोजन का समापन गंगा दशहरा पर विगत वर्षानुसार विशिष्ट सांस्कृतिक आयोजन के साथ होगा।

मुख्यमंत्री द्वारा पहले शुरू किये गये विक्रमोत्सव को 2024 में Largest Religious Festival in Asia का wow अवार्ड भी मिला है। वर्ष 2023 में यह आयोजन 33 दिन का था जो वर्ष 2024 में 42 दिन का हुआ। इस वर्ष 2025 में यह आयोजन 101 दिन से अधिक का प्रस्तावित है। शुरू के वर्षों में महज यह सांस्कृतिक आयोजन भर था, लेकिन अब यह सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत और विकास के बहुत से आयामों का आयोजन बन चुका है।

संभवतः देश में ऐसा कोई दूसरा आयोजन नहीं है, जिसमें कलश यात्रा, महाकाल शिवज्योति अर्पणम, विक्रम व्यापार मेला, अनादि पर्व, विचार समागम, मंदिरों में प्रभु श्रृंगार प्रतियोगिता, बोलियों का अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, राष्ट्रीय वैज्ञानिक समागम, महादेव मूर्तिकला कार्यशाला, पौराणिक फिल्मों का अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव, विक्रम नाट्य समारोह, वेद अंताक्षरी, दैवज्ञ सम्मान समारोह, अंतर्राष्ट्रीय इतिहास समागम, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, सूर्योपासना, प्रदर्शनी, प्रकाशन, अवार्ड, लोक प्रसिद्ध कलाकार की सांगीतिक प्रस्तुति, भव्य आतिशबाजी आदि गतिविधियाँ एक साथ होती हो।

मुख्यमंत्री डॉ. ने वीर भारत न्यास की बैठक में कहा कि उज्जैन में नव-निर्माणाधीन संग्रहालय को एक साहित्य और पारंपरिक संग्रहालय की जगह एक्सपीरियंशल और एक्टिविटी बेस्ड संग्रहालय बनाने के प्रयास हो। नवीन तकनीक का उपयोग कर मनोरंजक तरीके से कंटेंट का निर्माण करें। युवा इस तरह संग्रहालय से जुड़ेंगे और देश में यह पर्यटन का केंद्र बनेगा। संग्रहालय में कंटेंट निर्माण पर सुझाव देने के लिए समिति गठित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संग्रहालय में दीर्घाओं के विषय के आधार पर संग्रहालय के नाम परिवर्तन पर भी विचार करें। संग्रहालय पर अध्ययन करने के लिए आने वाले शोधकर्ताओं के लिए रुकने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था बनाए। संग्रहालय के लिए प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए विशेषज्ञों और संगठनों के साथ मिलकर प्लान बनाया जाये।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी सहित उज्जैन से सांसद, जन-प्रतिनिधि और संस्कृति प्रेमी वीसी के माध्यम से जुड़े। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव संस्कृति और पर्यटन शिव शेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव अनुपम राजन, मनीष रस्तोगी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहें।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल गुजराती समाज के गरबा महोत्सव में शामिल हुए

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि भगवान श्री राम दानवों का वध कर विजयादशमी पर आए थे। उसी तरह नवरात्रि का महोत्सव माँ अम्बे की नौ दिवस की आराधना से प्राप्त शक्ति से अपने अंदर की बुराईयों को समाप्त करने का पर्व है। उन्होंने कहा कि गुजराती समाज खूब प्रगति करे क्योंकि समाज की उन्नति से प्रदेश की और प्रदेश की उन्नति से देश की प्रगति होती है।

राज्यपाल पटेल गुरूवार को गुजराती समाज भोपाल के द्वारा आयोजित नवरात्रि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत छोटे बच्चों को पौधे वितरित किए। सरदार पटेल भवन के भूतल हॉल का उद्घाटन किया। माँ अम्बे के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले गरबे का अवलोकन किया। इस अवसर पर गुजराती समाज के सदस्य और नागरिकगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

राज्यपाल पटेल ने इंदौर के गरबा उत्सव में शामिल होने और वहां पर 1100 गरबा आयोजनों की जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने भोपाल में भी माँ अम्बे की झाकियां, गरबे देखे है। राज्यपाल पटेल ने कहा कि पिछले 3 साल से वह गुजराती समाज के गरबा महोत्सव में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजराती समुदाय को नवरात्रि के प्रथम दिवस पर राजभवन में गरबे के लिए आमंत्रित करते है। समुदाय के अष्टमी के आयोजन में आकर शामिल होते है। उन्होंने समाज की सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के बच्चों और युवाओं को माँ अम्बे की आराधना और जीवन के नैतिक मूल्यों के संस्कारों से संस्कारित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्यपाल पटेल ने माँ अम्बे की आरती की गुजराती समाज भोपाल के अध्यक्ष संजय पटेल सहित समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत अभिनंदन किया।

भाजपा नेताओं की नाराजगी का दौर, बीजेपी के वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव का ट्वीट

 

अभी-अभी देर रात जानकारी लगी कि मेरी नजदीकी विधानसभा क्षेत्र देवरी के विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया ने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र मा. विधानसभा अध्यक्ष को भेजा है और वे केसली थाना में धरने पर बैठ गए हैं। इसकी जानकारी लगते ही मैने वरिष्ठ विधायक श्री पटेरिया से दूरभाष पर चर्चा कर विषय जाना। उन्होंने मुझे जो बताया उसे सुनकर मैं स्तब्ध हूं और सोच पड़ गया। उन्होंने बताया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र के मेढ़की ग्राम के व्यक्ति की शर्पदंशसे मृत्यु हुई, मृत्यु उपरांत ग्रामवासी एवं परिवारजन मृत शर्प एवम मृतक के शरीर को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और चिकित्सक को घटना के संबंध में अवगत कराया। चिकित्सक द्वारा मृतक के परिवारजन से इस आशय का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए 40000/- रूपये की मांग की गई। श्री पटेरिया ने बताया कि पीड़ित परिवारजन ने जब पूरे प्रकरण की जानकारी दी और सबंधित चिकित्सक के विरुद्ध FIR कराए जाने की कार्यवाही की मांग की, तो मैं स्वयं केसली थाना पहुंचा और चिकित्सक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा। परंतु प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। श्री बृज बिहारी पटेरिया द्वारा बताया गया कि साक्ष्यों के उपरांत जब प्राथमिकी दर्ज करने के लिए मुझे पीड़ित पक्ष के साथ धरने पर तक बैठना पड़ा और कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे पद का क्या मतलब।

उक्त घटनाक्रम दुखद है, किसी व्यक्ति मृत्यु की जैसी घटना पर भी शासकीय कर्मचारियों द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जाने के लिए पैसे की मांग की जा रही है। भाजपा की सरकार जो गरीबों के लिए ही दिन रात कार्य कर रही है, ऐसी सरकार में पुलिस के अधिकारियों या चिकित्सकों कोई भी हो जो जनता से चुने विधायक की भी न सुने उनकी ऐसी कार्यप्राणली बर्दास्त नही की जावेगी।

मेरे द्वारा विधानसभा देवरी के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृज बिहारी पटेरिया से कहां गया है कि, हमें क्षेत्र की जनता ने आशा और विश्वास के साथ चुना है, आप इस्तीफा न दें। मैं स्वयं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से संबंधित पुलिसकर्मी एवम दोषी चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई हेतु बात कर रहा हूं।

इसके बाद मैने जिले के अधिकारियों से बात कर संबंधित दोषियों के विरुद्ध अविलंब कार्यवाही करने को कहा है, साथ ही उन्हें बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार आमजन के प्रति बेहद संवेदनशील है, इस प्रकार के गैर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली एवम व्यवहार को बर्दाश्त नही किया जाएगा।

Kolar Road Bhopal: कोलार के मां पार्वती नगर में तीन दिवसीय मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान

भोपाल, उपनगर कोलार के मां पार्वती नगर में तीन दिवसीय मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की शुरुआत कलश यात्रा से हुई। नगर की महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि यज्ञ आचार्य पंडित जगदीश शर्मा एवं अवनीश त्रिवेदी ने पुरोहितों के साथ मिलकर मंदिर परिसर में शिव परिवार, मां दुर्गा शीतला माता और हनुमान जी की प्रतिमाओं का वेदोक्त विधि से प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू किया। कलश मंदिर परिसर में रखे। पंडित जगदीश शर्मा ज्योतिष आचार्य ने बताया कि पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व के लिए जल जरूरी है। लिहाजा किसी भी धार्मिक अनुष्ठान से पूर्व जल कलश यात्रा निकालने की धार्मिक परंपरा रही है। इस कलश जल से प्रतिमाओं का अभिषेक सहस्त्रार्जन किया जाएगा इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक पंडित रामेश्वर शर्मा एवं वार्ड पार्षद श्रीमती सुनीता गुड्डू भदौरिया जी विशेष रूप से उपस्थित रहे

Kolar road News: प्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा की प्रस्तुति के साथ कोलार में 105 फीट के रावण का दहन होगा

भोपाल। कोलार हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में शनिवार को कोलार के बंजारी दशहरा मैदान में विशाल दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष भी मध्यप्रदेश के सबसे बड़े रावण दहन यानी 105 फीट के रावण के पुतले के दहन की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। बंजारी दशहरा मैदान में आयोजित प्रदेश के सबसे बड़े दशहरा महोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा मौजूद रहेंगे।कोलार हिंदू उत्सव समिति के सचिव रविंद्र यति ने बताया कि कोलार में लगातार 23 वे साल भव्य और विशाल रावण दहन किया जा रहा है। विगत 15 वर्षों से लगातार इस आयोजन में 105 फिट के रावण के पुतले का दहन किया जा रहा है। साथ ही मेघनाथ एवं कुंभकरण के पुतलों का भी दहन होगा, जिसमें जयपुर एवं शिवाकाशी की रंगारंग आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा।

देश-विदेश के कलाकारों द्वारा दी जाएगी प्रस्तुति
कोलार दशहरा महोत्सव के इस बार मंच पर नाट्य श्री एवं भारतीय कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति की जाएगी। इस बार लगातार दूसरी बार श्रद्धेय विजेश लूनावत  युवा पुरुस्कार भी मंच से दिया जाएगा। आयोजन मे हजारों की संख्या में शहरवासियों के आने की संभावना है। मैदान में महिलाओं, बच्चों, वीआईपी एवं वीवीआईपी व्यक्तियों के बैठने की लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के लिए पानी, बिस्किट, चिप्स आदि की भी व्यवस्था होगी। पूरे मैदान में प्रकाश की व्यवस्था के लिए टॉवर लगा कर पूरे मैदान को जगमग किया जाएगा। मैदान में कई जगह अलग से टॉवर बना कर एल.ई.डी. की बड़ी स्क्रीर लगाई जाएगी, जिसमें कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया जाएगा। मैदान में स्पेशल सराउडींग साउन्ड की व्यमस्था भी की जाएगी। पार्कींग की अत्यआधुनिक व्‍यवस्था की जा रही है, जिसमें आम जनता एवं वी.आई.पी. की अलग व्यवस्था पूरे मैदान में आवश्यकतानुसार पी.डब्लू.डी. द्वारा बेरिकेटिंग लगाने की व्यवस्था की जा रही है। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल द्वारा बिजली की व्यवस्था की गई है। इस मौके मे अध्यक्ष महेश मीना, सुनील सिंह, राजीव शर्मा, आदित्य नरोलिया, राजीव दीक्षित, कोषाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, हरीश यादव, भगवानदास विश्वकर्मा, सुरेन्द्र सिंह विष्ट, पार्थ पाटीदार, संतोष सेन, बजरंग भगत, सरदार सिंह पटेल, ग्रजेश कटारे, अनुज गौर, सुभाष अय्यर, दिलीप पाण्डेय, अवतार सिंह मठारू, नरेश पाटीदार, विकास जैन, अशोक मीना, राजकुमार मिश्रा, प्रकाश वर्मा, संदीप श्रीवास्तव, संदीप सिंह परिहार, रोहित मिश्रा, रवि यादव महिला संयोजन समिति से साधना श्रीवास्तव, आराधना तोमर, सुरेन्‍द्र शुक्ला, धनराज नायडू, पलाश साहू, विजय श्रीवास सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहेंगे।

भाजपा को भी बेटी बचाओ अभियान का समर्थन करना चाहिए : जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में मासूम बच्चियां, महिलाएँ और नाबालिग बच्चे अपराधियों के निशाने पर है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने पूरे प्रदेश में बेटी बचाओ अभियान चलाया है। भाजपा के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी हमारे इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं। नाबालिग बच्चों तक नशे की पहुँच प्रदेश के भविष्य को अंधकार की ओर ले जा रही है। पटवारी ने आज बयान जारी कर कहा कि प्रदेश में क़ानून और व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और भाजपा के विधायक खुद पुलिस से अपनी जान बचाने की गुहार लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव चुपचाप बैठकर क़ानून और व्यवस्था का तमाशा बनते हुए देख रहे हैं

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि सत्ताधारी दल भाजपा के विधायकों को धमकी दी जा रही है। पटवारी ने मऊ गंज के भाजपा विधायक प्रदीप पटेल का उदाहरण सामने रखते हुए कहा कि एक विधायक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के कक्ष में पहुँच कर दंडवत होकर अपने ज़िले में आपराधिक गतिविधियों और नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने की अपील कर रहा है कि इससे प्रदेश में भयावहता की स्थिति समझी जा सकती है। ग़ौरतलब है कि विधायक प्रदीप पटेल ने कुछ दिन पहले ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से अपने हत्या की आशंका भी व्यक्त की है।

पटवारी ने कहा कि भाजपा अब तक कांग्रेस और विपक्ष पर ये आरोप लगाती रही है कि उसके ख़िलाफ़ दुष्प्रचार हो रहा है लेकिन अब तो दर्जन भर से ज़्यादा भाजपा के विधायक, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता अपनी ही सरकार की क़ानून व्यवस्था के मोर्चे पर नाकामी पर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय विश्नोई जो मंत्री रहे हैं और वर्तमान में विधायक हैं उन्होंने कहा है कि पूरी सरकार शराब व्यापारियों से मिली हुई है गली गली शराब का असंख्य स्थानों पर वितरण इस बात का सबूत है नाबालिग बच्चे मध्य प्रदेश में नशे की चपेट में हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखी है और पूछा है कि क्या वर्तमान परिवेश में हम रावण दहन के अधिकारी हैं ? भार्गव ने आगे लिखा नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है, गांव से लेकर शहर तक जगह जगह देवी जी सहित कन्याओं का पूजन हो रहा है। पांच दिन बाद दशहरा आयेगा देश भर में गांव से लेकर शहरों तक लोग रावण का पुतला दहन करेंगे। आजकल जहाँ अखबारों में एक तरफ दुर्गा पूजन और कन्या पूजन की खबरे छपती हैं उसी पेज के दूसरी तरफ 3 वर्ष और 5 वर्ष की अबोध बालिकाओं के साथ दुष्कृत्य तथा उनकी हत्या करने की खबरे भी निरंतर पढ़ने और देखने मे आती हैं। मैंने यह भी गौर किया है कि दुनियां के किसी भी देश में मुझे ऐसे समाचार पढ़ने या देखने नहीं मिले। नवरात्रि के महापर्व में हमे अब यह विचार करना होगा कि क्या हम लंकाधिपति रावण का पुतला जलाने की पात्रता रखते हैं ? और क्या हम इसके अधिकारी हैं ? पटवारी ने भार्गव की इस पोस्ट का समर्थन करते हुए कहा गया है कि बेटी बचाओ अभियान दलगत राजनीति से ऊपर एक सामाजिक अभियान है जिसमें सभी को शामिल होना चाहिए हम भार्गव जी के बयान का समर्थन करते हैं और मध्य प्रदेश के व्यापक हित में भाजपा को भी बेटी बचाओ अभियान का समर्थन करना चाहिए।

भारत के प्रधानमंत्री मोदी के लाओस पहुंचें, बिहू नृत्य से किया गया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी लाओस की दो दिन की यात्रा पर वियंनचन पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री की इस यात्रा से आसियान देशों के साथ भारत के संबंध और अधिक मजबूत होंगे। उनके आगमन पर लाओस के गृह मंत्री विलवोंग बुदखाम ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर से सम्‍मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिले। बाद में प्रधानमंत्री ने लाओस में रामायण की प्रस्‍तुति, जिसे फलक–फलम या फरा लक फरा राम कहा जाता है का अवलोकन किया। यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री वियंनचन में 21वें आसियान-भारत सम्‍मेलन में हिस्‍सा लेंगे। वे सदस्‍य देशों तथा भागीदार देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। उनका वियंनचन में 19वें पूर्वी-एशिया सम्‍मेलन में शामिल होने का भी कार्यक्रम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा, ” लाओ पीडीआर में स्वागत यादगार रहा। भारतीय समुदाय स्पष्ट रूप से अपनी जड़ों से बहुत जुड़ा हुआ है। लोगों को बिहू नृत्य और हिन्दी में बात करते देख खुशी हुई। मैं लाओ पीडीआर पहुंच गया हूं। विभिन्न विश्व नेताओं के साथ विचार-विमर्श की प्रतीक्षा कर रहा हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी एक्स हैंडल पर अपलोड वीडियो में बच्चों को ऑटोग्राफ देते भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ फेरकर उन्हें दुलार किया। उल्लेखनीय है कि लाओस जनवादी लोकतांत्रिक गणराज्य (लाओ पीडीआर) के प्रधानमंत्री सोनेक्से सिफनाडोन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर आज विएंतियाने पहुंचे। लाओस दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन आसियान का वर्तमान अध्यक्ष है। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान 21वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 19वें पूर्वी एशिया सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

लाओस के लोगों ने होटल डबल ट्री में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए हिन्दी में अभिवादन किया। भारतीय प्रवासियों और लाओस समुदाय के लोगों ने गायत्री मंत्र का पाठ भी किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने लाओस के वरिष्ठ बौद्ध भिक्षुओं के आशीर्वाद समारोह में हिस्सा लिया।

इससे पहले अपने प्रस्‍थान वक्‍तव्‍य में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की एक्‍ट-ईस्‍ट नीति के महत्‍व का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि वे आसियान नेताओं के साथ समग्र सामरिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा सहयोग की दिशा में भावी रूपरेखा तैयार करने संबंधी बैठक में हिस्‍सा लेंगे। उन्‍होंने कहा कि पूर्वी एशिया सम्‍मेलन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के मार्ग में उत्‍पन्‍न चुनौतियों पर विचार करने का अवसर प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि लाओस सहित इस क्षेत्र के साथ भारत के घनिष्‍ठ सांस्‍कृतिक और सभ्‍यतागत संबंध हैं। उन्‍होने कहा कि इन संबंधों को बौद्ध धर्म और रामायण की साझा विरासत से बल मिला है।

उन्‍होंने कहा कि वे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए लाओस के शीर्ष नेतृत्‍व के साथ बैठकों को लेकर उत्‍सुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि उनकी यात्रा से आसियान देशों के साथ उनके संबंध और सुदृढ होंगे। पूर्वी एशिया सम्‍मेलन भागीदार देशों के नेताओं को क्षेत्र में परस्‍पर विश्‍वास का माहौल बनाने और क्षेत्रीय महत्‍व के मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर देता है।

UPI वॉलेट की सीमा 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपये, एक बार में होगा एक हजार रुपये का भुगतान

आरबीआई ने यूपीआई की बढ़ती लोकप्रियता को बढ़ावा देने के मकसद से यूपीआई लाइट के जरिए लेनदेन की सीमा बढ़ाकर एक हजार रुपये और वॉलेट की सीमा 5 हजार रुपये करने का प्रस्ताव किया है। फिलहाल यूपीआई लाइट के जरिए लेनदेन की सीमा 500 रुपये और 2 हजार रुपये है। आरबीआई इस बारे में जल्दी ही दिशा-निर्देश जारी करेगा।

तीन दिवसीय द्विमासिक मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा में लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए बुधवार को आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि लगातार नवोन्मेष और स्वीकार्यता के साथ यूपीआई ने डिजिटल भुगतान को आसान और समावेशी बनाकर देश के वित्तीय परिदृश्य को बदल दिया है। उन्‍होंने कहा कि ऑफलाइन डिजिटल माध्यम से छोटे मूल्य के भुगतान की सुविधा के लिए यूपीआई लाइट से जुड़ी आरबीआई की रूपरेखा में उपयुक्त संशोधन किया जाएगा। इसके अलावा ‘यूपीआई 123 पे’ की सुविधा अब 12 भाषाओं में उपलब्ध होगी।

शक्तिकांत दास ने आगे कहा कि यूपीआई के उपयोग को और प्रोत्साहित करने तथा और समावेशी बनाने को लेकर यूपीआई 123 पे में प्रति लेन-देन की सीमा 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने का प्रस्ताव किया गया है। इसके साथ ही यूपीआई वॉलेट की सीमा 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 5 हजार रुपये करने और प्रति लेन-देन की सीमा को भी एक हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया है। उन्‍होंने कहा कि राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक कोष अंतरण (एनईएफटी) और रियल टाइम ग्रास सेटलमेंट सिस्टम (आरटीजीएस) में भी कोष अंतरण को अंतिम रूप देने से पहले यूपीआई और तत्काल भुगतान सेवा (आईएमपीएस) की तरह खाताधारक के नाम के सत्यापन की सुविधा मिलेगी।

आरबीआई गवर्नर ने कहा कि वर्तमान में यूपीआई और आईएमपीएस के तहत पैसा भेजने से पहले भेजने वाले को प्राप्तकर्ता यानी लाभार्थी के नाम को सत्यापित करने की सुविधा मिलती है। शक्तिकांत दास ने कहा कि अब आरटीजीएस और एनईएफटी के तहत राशि भेजने से लाभार्थी के नाम के सत्यापन की सुविधा मिलेगी। इससे गलत व्यक्ति को पैसा जाने और धोखाधड़ी की आशंका कम होगी। उन्‍होंने कहा कि आरबीआई इससे संबंधित दिशा-निर्देश को जल्‍द ही जारी करेगा।

लोगों में खून और पोषक तत्‍वों की कमी को दूर करने के लिए सूक्ष्‍म पोषक तत्‍वों वाले चावल की आपूर्ति को मंजूरी

केन्‍द्र सरकार ने लोगों में खून और पोषक तत्‍वों की कमी को दूर करने के लिए सूक्ष्‍म पोषक तत्‍वों वाले चावल की आपूर्ति को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में कल मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। केन्‍द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने नई दिल्‍ली में संवाददाताओं को यह जानकारी दी । उन्‍होंने कहा कि यह समावेशी विकास और पोषण सुरक्षा की दिशा में उठाया गया कदम है। इस योजना पर 17 हजार करोड रुपये से अधिक का खर्च आयेगा।

विकास भी विरासत भी पहल का उल्‍लेख करते हुए वैष्‍णव ने कहा कि भारत की समृद्ध समुद्री विरासत रही है। इसे संरक्षित किया जाना जरूरी है। सरकार ने इसे देखते हुए गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर बनाने को मंजूरी दे दी है। उन्‍होंने कहा कि इस परिसर के जरिए देश की समृद्ध समुद्री विरासत को प्रदर्शित किया जायेगा।

वैष्‍णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में ढांचागत विकास पर बल दिया है। इसे ध्‍यान में रखते हुए सरकार ने राजस्‍थान और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में दो हजार दो सौ 80 किलोमीटर सडकों के निर्माण को मंजूरी दी है। उन्‍होंने बताया कि इस पर 4 हजार चार सौ करोड रुपये से अधिक खर्च होंगे। उन्‍होंने कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच सम्‍पर्क और उन तक पहुंच आसान हो जायेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बनेंगे।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-5) के 2019 और 2021 के बीच किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, भारत में एनीमिया अभी भी एक व्यापक स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है, जो विभिन्न आयु समूहों और आय स्तरों के बच्चों, महिलाओं तथा पुरुषों को प्रभावित करती है। आयरन की कमी के अलावा, विटामिन बी12 और फोलिक एसिड जैसे अन्य विटामिन और खनिज की कमी देश की आबादी के समग्र स्वास्थ्य और उत्पादकता को प्रभावित करती है।

खाद्य पदार्थों को पोषण युक्त बनाने की प्रक्रिया का उपयोग दुनिया भर में लोगों में एनीमिया और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी को दूर करने के लिए एक सुरक्षित और प्रभावी उपाय के रूप में किया गया है। भारतीय संदर्भ में सूक्ष्म पोषक तत्वों की आपूर्ति के लिए चावल एक आदर्श साधन है क्योंकि देश की 65 प्रतिशत आबादी चावल का उपयोग मुख्य भोजन के रूप में करती है। चावल फोर्टिफिकेशन में एफएसएसएआई द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित चावल (कस्टम मिल्ड राइस) में सूक्ष्म पोषक तत्वों (आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन बी 12) से भरपूर पोषण युक्त हिस्से (राइस कर्नेल) को शामिल किया जाता है।

 

 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने अफ्रीकी हाथी शंकर के स्वास्थ्य का जायजा लिया

केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्यमंत्री कीर्तवर्धन सिंह ने बुधवार को दिल्ली चिड़ियाघर का निरीक्षण किया। निरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य अफ्रीकी हाथी शंकर के स्वास्थ्य एवं रख रखाव की व्यवस्था का जायजा लेना था। साथ ही, उन्होंने पर्यटकों व पशु-पक्षियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।

केंद्रीय राज्यमंत्री सिंह ने अफ्रीकी हाथी ‘शंकर’ के बाड़े का निरीक्षण किया। ‘महावतों’ और पशु चिकित्सकों से विस्तृत चर्चा की। हाथी शंकर को फल खिलाया। निरीक्षण के दौरान, वनतारा जामनगर गुजरात के विशेषज्ञ एवं दक्षिण अफ्रीका से आए हाथी विशेषज्ञ डॉ एड्रियन भी मौजूद थे। शंकर के स्वास्थ्य को और दुरस्त करने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा हुई और इस संबंध में एक कार्य योजना तैयार की गई है। उन्होंने शंकर हाथी के स्वास्थ्य स्तर में और सुधार करने के लिए वनतारा, जामनगर से आए विशेषज्ञों को महावतों को प्रशिक्षित करने, हाथी के लिए उपर्युक्त डाईट प्लान बनाने एवं बाडे में आमूल बदलाव लाने के सलाह दी।

इस दौरान चिड़ियाघर के वैश्विक मानकों के स्तर पर उन्नयन व आधुनिकीकरण पर भी चर्चा की। केंद्रीय राज्यमंत्री सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की वन्यजीव संबंधित नीतियों की वजह से प्रकृति और वन्य जीवन के साथ लोगों का जुड़ाव बढ़ा है। साथ ही लोगों में संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूकता भी लगातार बढ़ रही है। इस दौरान वन्यजीव सप्ताह की गतिविधियों से भी अवगत हुए।

उन्होंने वन अधिकारियों को अवगत कराया कि अफ्रीकी हाथी शंकर के साथी के लिए दक्षिण अफ्रीका के देशों साउथ अफ्रीका, जिंबॉब्वे, युगांडा, जांबिया, तंजानिया, नामीबिया, केन्या, बोत्सवाना को पत्र लिखा था। सकारात्मक पहल करते हुए, बोत्सवाना एवं जिम्बाबे ने हाथी को देने का वादा किया है। सभी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। बैठक में एडीजी वाइल्ड लाइफ सुशील अवस्थी, दिल्ली चिड़ियाघर के निदेशक संजीत कुमार,आदि उपस्थित थे।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...