हर बूथ पर अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ें कार्यकर्ता – हितानंद

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने शनिवार को संगठन पर्व के तहत खंडवा जिले की पंधाना एवं खरगोन जिले की भीकनगांव विधानसभा की कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन पर्व के दूसरे चरण में हर बूथ पर 100 सदस्य बनाकर अपने लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब कल्याण के साथ महिलाओं के हितों के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। महिलाएं भाजपा पर बहुत विश्वास कर रही हैं, हर बूथ पर महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी की सदस्यता दिलाएं।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि दूसरे चरण में आम लोगों के साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व व्यावसायिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सदस्यों को भी सदस्य बनाना है। भारतीय जनता पार्टी को जिन लोगों ने विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में मतदान दिया है, उनसे संपर्क कर पार्टी की सदस्यता दिलाने का कार्य करें। प्रधानमंत्री के करी कल्याण और लाभार्थी योजनाओं से लोगों के जीवन को बदलने का कार्य कर रहे हैं। गरीब कल्याण और लाभार्थी योजनाओं के लाखों हितग्राही प्रधानमंत्री पर अटूट विश्वास करते हैं, वे पार्टी से जुड़ना चाहते हैं। भाजपा कार्यकर्ता उनसे संपर्क करें और उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएं।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि सदस्यता का कार्य रूकना नहीं चाहिए। भाजपा के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी सदस्यता कार्य में जुटे हैं। भाजपा कार्यकर्ता टोली बनाकर विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग गांव, बस्तियों और मोहल्लों में सदस्यता दिलाएं। पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 प्राथमिक सदस्य बनाना है। कार्यकर्ता अपने इस लक्ष्य को लेकर भी कार्य करें। 15 अक्टूबर तक सदस्यता का दूसरा चरण चलेगा, लेकिन जल्द से जल्द आप सभी कार्यकर्ता अपने बूथ, मंडल और विधानसभा क्षेत्र के सदस्यता लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास बनाने का कार्य करें।

पंधाना एवं भीकनगांव में आयोजित बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा जिला अध्यक्ष सेवादास पटेल, खरगोन जिला अध्यक्ष राजेन्द्र राठौर, रंजीत सिंह डंडीर, जितेन्द्र पाटीदार, विधायक छाया मोरे, पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, पूर्व विधायक धूल सिंह डाबर, राजपाल तोमर, सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

“आई एम बीजेपी फ्यूचर फोर्स” के माध्यम से प्रोफेशनल्स को जोड़ेगी भाजपा – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को रवींद्र भवन में संगठन पर्व के तहत ’आई एम बीजेपी’ फ्यूचर फोर्स’ कार्यक्रम का शुभारंभ कर उद्यमियों, इंटेलेक्चुअल्स, प्रोफेशनल्स एवं बुद्धिजीवियों को संबोधित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है। उस विजन का नेतृत्व भारत के युवा, प्रोफेशनल्स, सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत उद्यमी, इंटेलेक्चुअल्स और प्रोफेशनल्स करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 1 लाख गैर राजनैतिक युवाओं को सक्रिय राजनीति में लाने के अभियान में मध्यप्रदेश भाजपा अहम भूमिका निभाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से मैं आप सभी से आह्वान करता हूं कि भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही भारतीय जनता पार्टी को ताकत देने तथा 2047 के विकसित भारत को दिशा देने के लिए भारतीय जनता पार्टी से जुड़ें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आप लोगों के मन में यह सवाल उठ सकता है कि प्रधानमंत्री का विजन क्या है? तो इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि 2014 में देश की बागडोर संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पॉलीटिक्स का वर्क कल्चर बदल दिया है और राजनीति को एक नई कार्य संस्कृति दी है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि चाहे सांसद हों, विधायक हों या कोई अन्य जनप्रतिनिधि, मैं सभी से वही करने को कहता हूं, जो मैं कर सकता हूं। जो मैं नहीं करता हूं, उसके लिए मैं किसी से कहता नहीं हूं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी हमारा संगठन पर्व चल रहा है और लाखों लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी एक विचार पर चलने वाली पार्टी है, सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती। जो दल सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति करते हैं, वो देश को संकट में डाल देते हैं। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी रचनात्मक सोच के साथ भारत को विकसित देश बनाने के विजन को लेकर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 1 लाख गैर राजनैतिक युवाओं को सक्रिय राजनीति में लाने के अभियान में मध्यप्रदेश भाजपा अहम भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री जी चाहते है कि गैर राजनैतिक युवा अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले प्रोफेशनल्स एवं उद्यमी जब राजनीति में आयेंगे तो उनके अनुभव का लाभ देश को मिलेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारत को दुनिया में सांप और सपेरों के देश के रूप में देखा जाता था। लेकिन स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में आयोजित सभा में संबोधित करके भारत के बारे में दुनिया की सोच को बदला। उनका कहना था ’मुझे मेरे जैसी सोच वाले 100 युवा मिल जाएं, तो मैं भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बना दूंगा’। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम से जब यह पूछा जाता था कि आप ज्यादतर समय बच्चों के बीच क्यों बिताते हैं, तो उनका कहना था कि आने वाले समय में भारत और दुनिया का नेतृत्व इन्हीं बच्चों में से कुछ लोग कर रहे होंगे। इसलिए इनके विजन का विकास होना जरूरी है। इसी तरह प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि मुझे हर क्षेत्र के समर्पित और संकल्पित तथा देश के विकास का विजन रखने वाले युवा चाहिए, जो अलग-अलग क्षेत्रों में देश को नेतृत्व प्रदान कर सकें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश में हमारा संगठन पर्व चल रहा है। 2014 में जब केन्द्रीय मंत्री अमित शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, उस समय चीन की कम्युनिस्ट पार्टी सबसे बड़ा राजनीतिक दल थी, जिसके 9 करोड़ सदस्य थे। लेकिन अमित शाह के नेतृत्व में चलाए गए सदस्यता अभियान के बाद भारतीय जनता पार्टी 11 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2019 में चलाए गए सदस्यता अभियान में पार्टी की सदस्य संख्या 19 करोड़ तक पहुंच गई। अब एक बार फिर पार्टी का सदस्यता का अभियान चल रहा है। इस अभियान के अंतर्गत ऐसे युवाओं, इंटेलेक्चुअल्स और प्रोफेशनल्स को पार्टी से जोड़ने के लिए जो भविष्य में पार्टी और देश का नेतृत्व करेंगे, ’आई एम बीजेपी’ फ्यूचर फोर्स’ कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है, जिसका आज शुभारंभ हो रहा है। आप सभी अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले इंटेलेक्चुअल्स, प्रोफेशनल्स से मैं आह्वान करता हूं कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा से जुड़ें। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में उद्यमियों, प्रोफेशनल्स को जोड़ा जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश के शासकों के बारे में कई लोग सोचते होंगे कि जो शासक है, देश का नेतृत्व करने वाला है, उसे देश की सीमाओं का विस्तार करना चाहिए। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सीमाओं का विस्तार नहीं, संस्कृति का प्रसार कर रहे हैं। उनके प्रयासों से ही आज सारी दुनिया में 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में कहा जाता है-वसुधैव कुटुम्बकम। अर्थात सारी दुनिया एक परिवार है और यह सिर्फ कल्पना नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने इसे जीकर दिखाया है। यही वजह है कि आज भारत का डंका सारी दुनिया में बज रहा है। एक समय था, जब अगर चीन आंखें दिखाता था, तो भारत के प्रधानमंत्री अरुणाचल प्रदेश का दौरा समाप्त कर देते थे। लेकिन आज हमारे प्रधानमंत्री न सिर्फ पूरे देश में जाते हैं, बल्कि जब वे दुनिया के अन्य देशों में भी जाते हैं, तो लालकालीन बिछाकर उनका स्वागत किया जाता है। आज हमारे प्रधानमंत्री यूक्रेन से भारतीय छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध रुकवा देते हैं।

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले लोग यह बातें करते थे कि मैकाले की बनाई शिक्षा नीति देश में नहीं चलना चाहिए। लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने न सिर्फ शिक्षा नीति को बदला, बल्कि इस आधार पर नई शिक्षा नीति तैयार की, जिसमें भारत का तत्व है। हमारे युवाओं को जो शिक्षा मिलेगी, उसके आधार पर वह भारत के लिए विचार कर सकेगा। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हमारे एक प्रधानमंत्री कहते थे कि दिल्ली से एक रुपया चलता है, लेकिन गरीब तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बातें नहीं की, प्रधानमंत्री बनते ही लोगों के जनधन एकाउंट खोले। आज दिल्ली से अगर एक रुपया भेजा जाता है, तो पूरे 100 पैसे हितग्राहियों के खाते में जाते हैं। भारत में जिस तरह से इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है, सभी ने देखा है। हाईवे बन रहे हैं, एयर कनेक्टिविटी बढ़ रही है, बुलेट ट्रेन और मेट्रो ट्रेन चल रही है। गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास और पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है। पिछड़े और जनजातीय क्षेत्रों में एम्स जैसे इंस्टीट्यूट खोले जा रहे हैं। बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ जैसी योजनाओं का प्रभाव अब सामाजिक परिवर्तन के रूप में सामने आ रहा है। हमारे मध्यप्रदेश में जहां पहले 1000 बेटों पर 912 बेटियां होती थीं, वहीं अब यह अनुपात 1000 बेटों पर 978 बेटियों का हो गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम में ‘‘द पावर विद इन‘‘ किताब सभी को पढ़ने की अपील की है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आर बाला सुब्रमण्यम द्वारा लिखी गई इस प्रस्तक में कैपेसिटी बढ़ाने को लेकर बहुत सारी बातें लिखी गई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जीवन को लेकर भी उल्लेख है कि किस तरह वे अधिकारियों की कैपेसिटी बढ़ाने का कार्य करने के साथ खुद की भी कैपेसिटी बढ़ाने का कार्य करते हैं। इस किताब से आप सभी को भविष्य की योजनाओं को लेकर कैपेसिटी बढ़ाने करने के साथ कार्य करने की प्रेरणा भी मिलेगी।

इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक मुदित शेजवार, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख एवं व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विकास बोंद्रियां, मीडिया पेनालिस्ट गुंजन चौकसे एवं भक्ति शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जयवर्धन जोशी ने किया।

 

एसएएफ की 35वीं बटालियन मण्डला का नामकरण वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विशेष सशस्त्र पुलिस बल (SAF) की 35वीं बटालियन, मण्डला का नामकरण वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर किया जाएगा। वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर सिंग्रामपुर में मंत्रि-परिषद की बैठक का हिस्सा बनना सभी सदस्यों का सौभाग्य हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती का जन्म दुर्गा अष्टमी के दिन ही हुआ था। जैसा उनका नाम था वैसा ही उन्होंने अपने जीवन काल में 23 हजार से अधिक गांवों के साम्राज्य पर कुशलता, पराक्रम और शौर्य से शासन किया। उन्होंने 51 लड़ाइयों में दुश्मनों का वीरता से सामना कर विजय प्राप्त करने के साथ जनता के लिए कल्याणकारी कार्य करते हुए अपने “दुर्गा” नाम को सार्थक किया। दुर्भाग्यवश 52वीं लड़ाई में आसफ खान से युद्ध लड़ते हुए वीरांगना रानी दुर्गावती वीरगति को प्राप्त हुई। रानी दुर्गावती का यह बलिदान प्रदेश में सदैव स्मरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव दमोह जिले के सिंग्रामपुर में मंत्रि-परिषद की बैठक के पूर्व मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे। रानी दुर्गावती के अभूतपूर्व योगदान के सम्मान में मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे-मातरम् गान के साथ शुरू हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती के शासन सूत्र, जन-कल्याणकारी नीतियां और शासन अविस्मरणीय है। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रदेश के प्राणपुर, साबरवानी और लाड़पुरा खास को देश के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम के लिये प्रदत्त सम्मान का प्रशस्ति-पत्र भेंट किया। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के मौके पर प्राणपुर को पारंपरिक चन्देरी क्रॉफ्ट श्रेणी और साबरवानी व लाड़पुरा खास को रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म श्रेणी में चुना गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरांगना रानी दुर्गावती के सिंगौरगढ़ दुर्ग के इतिहास, महत्व, वास्तुकला और अन्य विशेषताओं पर निर्मित ब्रोशर का विमोचन किया। मंत्रि-परिषद की बैठक के दौरान वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन, संघर्ष और कल्याणकारी कार्यों के महत्व को प्रदर्शित करता रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान परियोजना पर केन्द्रित वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया। स्मारक एवं उद्यान, जबलपुर में मदन महल पहाड़ी के 24 एकड़ भूमि पर 100 करोड़ रूपये की लागत से तैयार किया जाएगा। स्मारक में संग्रहालय, ओपन एयर थिएटर, जल संरक्षण संरचनाएं, फूड जोन, रानी दुर्गावती की कांस्य प्रतिमा आदि निर्मित किए जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा किए गए ग्रामीण पर्यटन और पर्यटन के विकास और प्रचार-प्रसार के कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण की प्रतीक थी। लगभग 300 वर्ष पहले महिला सशक्तिकरण के लिए उनके द्वारा अपने शासनकाल में अनेक कार्य कराए गए। इस वर्ष विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन कार्यक्रम लोकमाता देवी अहिल्या बाई के नाम पर किया जाएगा। देवी अहिल्याबाई के शासन स्थल महेश्वर में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में वे स्वयं हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद के सभी सदस्यों से अपने विधानसभा क्षेत्र और जिले के शस्त्र-पूजन कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश में 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक ‘शक्ति अभिनंदन अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान में जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर पर महिला सशक्तिकरण और जागरूकता पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। अब 5 अक्टूबर से संवाद कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य संवेदी कार्यक्रम, सोशल मीडिया कैंपेन और शक्ति संवाद जैसे कार्यक्रम संचालित किए जायेंगे। संवाद कार्यक्रम के अन्तर्गत बदलाव की कहानियाँ, रोजगार, व्यवसाय एवं उद्यमिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के साथ महिला एवं बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा। बालिकाओं के प्रशिक्षण के लिए सशक्त वाहिनी पंजीयन, सेफ्टी वॉक का आयोजन किया जाएगा। मानसिक स्वास्थ्य संवेदी कार्यक्रम और विकास में महिला भागीदारी पर परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। बालिकाओं द्वारा मार्शल आर्ट का प्रदर्शन, सकारात्मक पुरूष भागीदारी पर चर्चा और महिला सुरक्षा वातावरण निर्माण के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ सायबर सिक्योरिटी/सोशल मीडिया सिक्योरिटी पर प्रशिक्षण, ‘मैं निडर हूँ : बालिकाओं का दृष्टिकोण” के लिए सोशल मीडिया कैम्पेन चलाया जाएगा। ”शक्ति संवाद” कार्यक्रम अंतर्गत प्रदेश के समस्त थानों पर महिला सुरक्षा के लिए संवाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा महिला नेतृत्व पर आधारित विकास, महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केन्द्रित विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों का निरन्तर क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद के सभी सदस्यों और विधायकों से अपने विधानसभा क्षेत्र और जिले के कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। आगामी 16 अक्टूबर को हैदराबाद में रोड-शो किया जाएगा। भोपाल में 17 और 18 अक्टूबर को माइनिंग कॉन्क्लेव और 23 अक्टूबर को रीवा रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद के सदस्यों को बताया कि सागर में हुए इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव से लगभग 23 हजार 181 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिसमें हजारों लोगों के लिये रोजगार सृजन संभावित है। इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में 10 राज्यों से आए 3500 से अधिक निवेशकों और प्रतिभागियों ने सहभागिता की। रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव सागर में 96 इकाइयों के आशय-पत्र जारी किये गये, जिनमें 240 एकड़ भूमि आवंटित की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की बेरोजगारी दर देश के औसत तथा अन्य राज्यों में सबसे कम है। भारत सरकार के सांख्यिकीय एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के द्वारा वर्ष 2024 में Periodic Labour Force Survey के द्वारा बेरोजगारी से संबंधित आंकडे जारी किए गए हैं। सर्वे के अनुसार पूरे देश की बेरोजगारी दर 10.2% है। मध्यप्रदेश की बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे कम 2.6% है। राज्यों में सबसे अधिक बेरोजगारी दर केरल (29.9%) में है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। प्रत्येक विभाग के विजन और विगत एक वर्ष में किए गए मुख्य कार्यों की समीक्षा कर विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करें। उन्होंने मंत्रि-परिषद के सभी सदस्यों को विज़न डॉक्यूमेंट के निर्माण के लिए विभागों का सुपरविजन करने के लिए निर्देशित किया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती की पहली राजधानी सिंग्रामपुर में मंत्रि-परिषद की बैठक उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। मंत्री पटेल ने रानी दुर्गावती के जीवन संघर्ष और जन-कल्याणकारी कार्यों का उल्लेख कर नमन किया। उन्होंने बैठक में आए मंत्रि-परिषद के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत, संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लोधी और पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने मंत्रि-परिषद के सदस्यों का शॉल और पुष्प-गुच्छ से स्वागत किया और रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्मृति-चिन्ह के रूप में भेंट की।

रानी दुर्गावती के सुशासन, कार्यकुशलता और महिलाओं के सशक्तिकरण से प्रेरित कैबिनेट बैठक हॉल का डिज़ाइन तैयार किया गया। रानी दुर्गावती के किले की भव्यता को प्रतिबिंबित करते हुए निर्माण की गई संरचना में किला-नुमा प्रवेश द्वार और रानी दुर्गावती के जीवन की प्रमुख घटनाओं को प्रदर्शित करती पेंटिंग भी लगाई गई थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की ओर से नवागत मुख्य सचिव अनुराग जैन का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय तथा भारत सरकार के महत्वपूर्ण विभागों में कार्य करने के अनुभव का लाभ मध्यप्रदेश को मिलेगा। बैठक में सेवानिवृत मुख्य सचिव वीरा राणा के प्रति मंत्रि-परिषद ने आभार जताया।

अदम्य साहस और वीरता की प्रतीक, वीरांगना रानी दुर्गावती : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वीरांगना रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती का दिन शौर्य और बलिदान के स्मरण, नारी सशक्तिकरण एवं सम्मान का दिन है। रानी दुर्गावती अदम्य साहस और वीरता की प्रतीक थीं। उनके जीवित रहते कभी भी मुगल, पठान, सुल्तान या अन्य कोई भी आक्रांता गोंडवाना की तरफ आँख उठाकर नहीं देख सका। रानी दुर्गावती ने अंतिम श्वांस तक अपने राज्य को आक्रांताओं से सुरक्षित रखा और उसकी सुरक्षा करते हुए हंसते-हंसते प्राणोत्सर्ग कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके शौर्य और बलिदान को पुन: स्मरण करने के लिये सिंग्रामपुर में जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखने के लिये केबिनेट करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मुझे बेहद प्रसन्नता है कि वीरांगना रानी दुर्गावती की पहली राजधानी से आज लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना में हितग्राहियों के खाते में सिंगल क्लिक से 1934 करोड़ 71 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। साथ ही 70 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजनों के लिए आयुष्मान कार्ड योजना का शुभारंभ और क्षेत्र के विकास के लिये 5 करोड़ 47 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को दमोह जिले के ग्राम सिंग्रामपुर में महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल सहित मंत्रि-परिषद के सभी सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी सम्मान सर्वोपरि है। सभी वर्ग की महिलाओं के लिये अनेक हितग्राही और स्व-रोजगार मूलक योजनाएँ प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024-25 में लाड़ली बहना योजना में 18 हजार 984 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। मुझे यह जानकर खुशी हुई कि सिर्फ दमोह जिले में ही ढाई लाख लाड़ली बहनों को योजना का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने बहनों को लखपति बनाने की योजना लागू की है। प्रधानमंत्री ने ‘एक देश-एक चुनाव’ की घोषणा की है। अब लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इस व्यवस्था से बहनों के महत्व का एहसास होगा। हमारी बहनें सत्ता के साथ सुव्यवस्था और विकास लायेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिये आज से नवरात्रि तक विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जायेंगी, जिसमें मॉर्शल ऑर्ट, सायबर टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण भी शामिल है। इन गतिविधियों से नारी को आत्म-निर्भर और जागरूक बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखण्ड क्षेत्र के किसानों के लिये प्रधानमंत्री मोदी ने केन-बेतवा परियोजना की बड़ी सौगात दी है। आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के किसानों के खेतों में पानी पहुँचेगा और अच्छी फसल होगी। यह क्षेत्र कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ेगा। मुख्यमंत्री ने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी कृषि भूमि किसी भी स्थिति में न बेचें। केन-बेतवा नदी परियोजना से आने वाला समय किसानों के लिये स्वर्णिम होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को जीरो प्रतिशत पर फसल ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय आज कैबिनेट में लिया गया है। राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिये दृढ़ संकल्पित है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे गौरवशाली इतिहास से भावी पीढ़ी को परिचित करवाने के लिये भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के मध्यप्रदेश में जहाँ-जहाँ चरण पड़े हैं, उन स्थानों को तीर्थ-स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। हमारी सरकार ने सभी त्यौहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाने का निर्णय लिया है। हाल ही में रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्मी पूरे प्रदेश में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। अब आने वाला दशहरा पर्व भी हम उत्साह एवं उमंग के साथ मनायेंगे। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि दशहरा पर्व पर सभी जिलों में शस्त्र-पूजन किया जायेगा। इसमें मैं स्वयं और पूरे मंत्री-मण्डल के साथ सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्र में शस्त्र-पूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दमोह में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए दमोह को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दमोह में रानी दमयंती संग्रहालय के उन्नयन, वीरांगना रानी दुर्गावती की प्राचीन राजधानी सिंग्रामपुर में स्वास्थ्य केंद्र, शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने दूसरे चरण में सीएम राइज स्कूल बनाने, हाई-मास्क लाइट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, रानी दुर्गावती की याद में मंगल भवन का निर्माण करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जल-संरक्षण के लिए स्टॉप डेम और चेक डैम बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर में आयोजित रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में 23 हजार करोड़ के औद्योगिक निवेश पर सहमति हुई है। इससे बुंदेलखण्ड में औद्योगिक निवेश से विकास के साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 16 अक्टूबर को हैदराबाद में निवेश के लिये रोड-शो और 23 अक्टूबर को रीवा में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम सिंग्रामपुर में आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल हुई बहनों का स्वागत पुष्प-वर्षा के साथ किया। उन्होंने प्रतीक स्वरूप हितग्राही महिलाओं को हित-लाभ भी वितरित किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेन्द्र लोधी सहित जन-प्रतिनिधियों ने प्रतीक स्वरूप ‘हल’ और रानी दुर्गावती की प्रतिमा भेंट की। प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र लोधी, पशुपालन मंत्री लखन पटेल और सांसद राहुल लोधी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन और कन्या-पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मंत्रीगण, जन-प्रतिनिधि, नागरिक और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।

जेफ बेजोस को पीछे छोड़ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बने मार्क जुकरबर्ग

सोशल मीडिया कंपनी मेटा (फेसबुक) के सह-संस्थापक और सीईओ मार्क जुकरबर्ग दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्‍स बन गए हैं। उन्‍होंने यह उपलब्धि अमेजन के अध्यक्ष व पूर्व सीईओ जेफ बेजोस को पीछे छोड़ कर हासिल की है। इसके पीछे मुख्य वजह मेटा प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में लगातार बढ़ोतरी को बताई गई है। हालांकि, मार्क जुकरबर्ग दुनिया के नंबर एक अमीर शख्स टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क से करीबी 50 अरब डॉलर पीछे हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की ओर से कल शुक्रवार को जारी सूची के मुताबिक जुकरबर्ग की कुल संपत्ति 3 अक्‍टूबर को 206.2 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इस वृद्धि के कारण जुकरबर्ग संपत्ति के मामले में जेफ बेजोस से 1.1 अरब डॉलर आगे निकल गए, जिनकी कुल संपति 205.1 अरब डॉलर से ऊपर है। हालांकि, जुकरबर्ग दुनिया के सबसे अमीर शख्स टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क से करीब 50 अरब डॉलर पीछे हैं।

इस सूची में पहले नंबर पर एलन मस्क, दूसरे नंबर पर मार्क जुकरबर्ग और तीसरे नंबर पर जेफ बेजोस का नाम है। वहीं, टॉप 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में बर्नार्ड अर्नाल्ट, लैरी इल्लीजन, बिल गेट्स, लैरी पेज, स्टीव बॉलमर, वॉरेन बफे और सर्गी ब्रिन शामिल हैं। वहीं भारत की बात करें तो मुकेश अंबानी 107 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 14वें स्थान पर हैं। गौतम अडानी उनसे कुछ पायदान नीचे 17वें स्थान पर इस सूची में अपनी जगह बनाए हुए हैं। मौजूदा समय में उनकी कुल संपत्ति 100 अरब डॉलर है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर इस्लामाबाद में SCO शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का करेंगे नेतृत्व

विदेश मंत्री एस जयशंकर इस महीने की 15 और 16 तारीख को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इस्लामाबाद जाएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कल नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी।

जायसवाल ने कहा कि जाकिर नाइक की पाकिस्तान यात्रा पर भारत आश्चर्यचकित नहीं है। उन्‍होंने भारतीय न्याय प्रणाली से भागने वाले जाकिर नाइक का पाकिस्तान में उच्च स्तरीय स्वागत होने की निंदा की और इसे निराशाजनक बताया।

दरअसल, आगामी एससीओ शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “विदेश मंत्री जयशंकर 15-16 अक्टूबर को इस्लामाबाद में आयोजित होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।” अगस्त की शुरुआत में भारत को एससीओ शासनाध्यक्ष परिषद (सीएचजी) की व्यक्तिगत बैठक के लिए पाकिस्तान से निमंत्रण मिला था।

इससे पहले 30 अगस्त को ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए जायसवाल ने इस्लामाबाद द्वारा निमंत्रण की पुष्टि की। ब्रीफिंग में एक सवाल का जवाब देते हुए, जायसवाल ने कहा था, “हां, हमें होने वाली सरकार प्रमुखों की परिषद (एससीओ बैठक) के लिए पाकिस्तान से निमंत्रण मिला है। हमारे पास इस पर कोई अपडेट नहीं है। हम आपको बाद में बताएंगे कि स्थिति क्या है।” इससे पहले मई 2023 में, पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में एससीओ बैठक के लिए भारत आए थे। यह छह वर्षों में पाकिस्तान के किसी विदेश मंत्री की पहली भारत यात्रा थी।

शंघाई सहयोग संगठन एक स्थायी अंतर-सरकारी अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसकी स्थापना 15 जून 2001 को कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान द्वारा शंघाई में की गई थी। इसका पूर्ववर्ती शंघाई फाइव का तंत्र था। वर्तमान में एससीओ देशों में नौ सदस्य देश शामिल हैं: भारत, ईरान, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, उज्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान। एससीओ के तीन पर्यवेक्षक देश हैं: अफगानिस्तान, मंगोलिया और बेलारूस। 2022 में समरकंद एससीओ शिखर सम्मेलन में संगठन के भीतर बेलारूस गणराज्य की स्थिति को सदस्य राज्य के स्तर तक बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई। एससीओ के 14 संवाद साझेदार हैं: अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, मिस्र, कंबोडिया, कतर, कुवैत, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, यूएई, सऊदी अरब, तुर्की और श्रीलंका।

जब हर नागरिक फिटनेस को अपनाएगा, तो हम एक सचमुच विकसित भारत के लिए रास्ता तैयार करेंगे : केंद्रीय मंत्री डॉ. मंडाविया

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल, श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) के चांसलर ने कल मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एलएनआईपीई के 10वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की।

डॉ. मंडाविया ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक स्वतंत्रता दिवस भाषण से प्रेरणा ली, जिसमें 2047 तक भारत को विकसित भारत में परिवर्तित करने का साहसिक लक्ष्य रखा गया था।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह दृष्टिकोण एक महत्वपूर्ण कारक पर निर्भर करता है और वो है प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य। उन्होंने कहा, “स्वस्थ भारत ही शक्तिशाली भारत है।“ उन्होंने कहा, “हमारे राष्ट्र को अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने के लिए, ‘फिट इंडिया’ आंदोलन को जीवन शैली बनाना होगा। जब ​​प्रत्येक नागरिक फिटनेस को अपनाता है, तो हम वास्तव में विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करते हैं।“

केंद्रीय मंत्री ने खेल उत्कृष्टता केंद्र के लिए 400-बेड वाले नए छात्रावास और एलएनआईपीई में एक अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो का उद्घाटन किया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेलों में वैश्विक नेता बनाने के दृष्टिकोण में योगदान करता है।

यह डिजिटल स्टूडियो संस्थान के ओपन और डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और आरईएसईटी कार्यक्रमों के लिए ई-कंटेंट बनाने में मदद करेगा, जिससे छात्रों को ऑनलाइन शैक्षणिक संसाधनों तक अधिक कुशलता से पहुंच प्राप्त होगी।

बाद में, डॉ. मांडविया ने सेवानिवृत्त खिलाड़ियों को सशक्त बनाने के लिए युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के द्वारा शुरू किए गए ‘रीसेट’ कार्यक्रम के प्रतिभागियों के लिए दीक्षा आरंभ (छात्र प्रेरण कार्यक्रम) शुरू किया। यह कार्यक्रम सेवानिवृत्त खिलाड़ियों को उनके सक्रिय खेल करियर के बाद नए करियर में बदलाव के लिए आवश्यक कौशल और अवसर प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

अपनी यात्रा के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने संस्थान के फुटबॉल और हॉकी मैदानों का दौरा किया और छात्रों द्वारा प्रदर्शित पारंपरिक भारतीय खेल मलखंब का प्रदर्शन देखा। छात्रों के साथ बातचीत करते हुए, डॉ. मांडविया ने उन्हें प्रोत्साहित किया और संस्थान में ‘चिंतन शिविर’ में भाग लेने के लिए जल्द वापस आने की अपनी इच्छा व्यक्त की।

मंत्री ने एलएनआईपीई के वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों से भी मुलाकात की और उनसे सर्वोत्तम अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं को शामिल करते हुए एक विजन योजना तैयार करने का आग्रह किया।

समारोह के दौरान कुल 121 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई। 2022-23 शैक्षणिक सत्र के अंत तक, कुल 577 छात्रों ने सफलतापूर्वक अपना पाठ्यक्रम पूरा कर लिया था। शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया, जिसमें श्रुति मुखोपाध्याय को बीपीएड के लिए स्वर्ण पदक और रितेश नागर को एमपीएड के लिए स्वर्ण पदक मिला।

दीक्षांत समारोह में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और विधायक मोहन सिंह राठौड़ के साथ-साथ राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के कुलपति प्रोफेसर अरविंद शुक्ला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

दीक्षांत समारोह का संबोधन राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के उपकुलपति प्रोफेसर अरविंद शुक्ला ने दिया। एलएनआईपीई के रजिस्ट्रार-इन-चार्ज, डॉ. संजीव यादव ने सभी सम्मानित मेहमानों, जिसमें शोभित जैन, संयुक्त सचिव, अरुण कुमार यादव, खेल निदेशक, प्रोफेसर इंदु बोरा, एलएनआईपीई की उपकुलपति, और संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्यों का कार्यक्रम की सफलता में योगदान और उपस्थिति के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक के ‘स्वर्णिम शताब्दी महोत्सव’ को संबोधित किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल अहमदाबाद जिला सहकारी (ADC) बैंक के ‘स्वर्णिम शताब्दी महोत्सव’ को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ आशीष कुमार भूटानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि जब कोई संस्था कई उतार–चढ़ाव देखते हुए ईमानदारी से काम करके 100 साल पूरे करे तो यह सिर्फ उस संस्था की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह तब और भी अहम हो जाता है जब वह कोई संस्था सहकारी हो, जिसका उद्देश्य अपने लिए काम करना नहीं बल्कि समाज के छोटे-छोटे लोगों को साथ जोड़कर सामूहिक प्रगति करने का हो।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि वर्ष 1925 में स्थापित अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक का 100 साल पूरा होना अहमदाबाद जिले के किसानों के उत्कर्ष के सौ साल की कहानी है। उन्होंने कहा कि सौ साल पहले दस्करोई में एक छोटी संस्था बैंक के रूप में स्थापित हुई और आज 100 करोड़ रुपये के मुनाफे के साथ देश की सबसे मजबूत जिला सहकारी बैंक के तौर पर काम कर रही है। शाह ने कहा कि लगभग शून्य NPA (Non-Performing Asset), 100 करोड़ रूपये का मुनाफा और साढे छह हजार करोड़ रूपये की जमा राशि वाले ADC बैंक के बारे में शायद ही किसी ने स्थापना के समय कल्पना की होगी कि यह छोटा सा बीज इतना बड़ा वटवृक्ष बन कर अनेक लोगों का कल्याण करेगा।

अमित शाह ने कहा कि ADC बैंक ने सौ साल तक कई सोसायटियों, लाखों किसानों और कई पशुपालकों के जीवन में प्रकाश फैलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज कई तरह की कृषि सहायताएं सरलता से उपलब्ध हैं, परंतु जब इस बैंक की स्थापना हुई, तब किसानों के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। किसानों के पास साहूकारों के पास अपनी ज़मीन गिरवी रखकर ब्याज पे पैसे लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उस समय यदि सूखा पड़ता था और किसान ऋणदाताओं के पैसे नहीं चुका पाते थे तो किसान, किसान नहीं रह कर खेतिहर मजदूर बन जाता था। शाह ने कहा कि उस समय महात्मा गांधी ने सरदार वल्लभभाई पटेल से कहा कि गुजरात में सहकारिता क्षेत्र की शुरुआत करनी चाहिए और फिर त्रिभुवनदास पटेल और सरदार पटेल जैसे सहकारिता क्षेत्र के कई अग्रणी व्यक्तित्वों ने गुजरात में सहकारिता का कार्य आरंभ किया। उन्होंने कहा कि भारत में सहकारिता के इस सौ–सवा सौ साल के इतिहास का काफी बड़ा योगदान है और यह योगदान आने वाले सौ साल में बढ़ने का पूरा यकीन है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि दुनिया में अर्थव्यवस्था के कई तरह के मॉडल हैं। दो-तीन करोड़ की आबादी वाले छोटे देशों ने कई सफल मॉडल बनाए हैं। उन देशों में विकास का पैमाना सिर्फ आर्थिक विकास है, परंतु सवा सौ करोड़ की आबादी वाले भारत में ऐसे मॉडल सहायक नहीं हैं। शाह ने कहा कि सिर्फ आर्थिक विकास से देश की प्रगति नहीं होती। जब तक 130 करोड़ की आबादी के काम, उनके सम्मान और उनके सुख का ख्याल नहीं हो, तब तक कोई भी आर्थिक मॉडल भारत जैसे देश में सफल नहीं हो सकता। यह आर्थिक मॉडल अगर कहीं मिलता है तो वह सहकारिता आंदोलन और सहकारिता के क्षेत्र में है।

अमित शाह ने कहा कि 120 साल पहले जब भारत में सहकारिता आंदोलन शुरू हुआ, उस समय इस क्षेत्र की जितनी सापेक्षता थी, उससे ज्यादा सापेक्षता आज है। देश में इसके कई सफल उदाहरण हैं। उन्होंने गुजरात के अमूल का उदाहरण देते हुए कहा कि अमूल से जुड़कर 35 लाख महिलाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि एक भी महिला ने 100 रूपये से ज्यादा का निवेश नहीं किया है और आज अमूल का टर्नओवर 60 हजार करोड़ रूपये है। शाह ने कहा कि पिछले दिनों गांधीनगर में बनासकांठा की एक महिला को जब डेयरी से जुड़े उसके काम के लिए 80 लाख रुपए का बैंक चेक मिला तो वह बहुत खुश हुई और यह उसके सशक्तिकरण को दर्शाता है।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन होने के नाते जब वह गाँवों में जाते थे तो लोग कहते थे कि यह छोटे लोगों का बड़ा बैंक है। उन्होंने कहा कि ADC ने छोटे लोगों का बड़ा बैंक का मंत्र सही मायने में चरितार्थ किया है। शाह ने कहा कि कम पूँजी वाले कई लोगों को इकट्ठा करके बड़ी पूंजी का रूप देकर उन्हें काम करने का प्लेटफॉर्म मुहैया कराना, उन्हें समृद्ध करना और उनके सम्मान पूर्ण जीवन की व्यवस्था करना ही सहकार है।

अमित शाह ने कहा कि पिछले लगभग 70 साल से मांग की जा रही थी कि राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता मंत्रालय की स्थापना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 70 साल से देश के इतने बड़े सहकारिता आंदोलन से जुड़े काम कृषि मंत्रालय के एक संयुक्त सचिव संभाल रहे थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन साल पहले भारत सरकार में स्वतंत्र सहकारिता मंत्रालय की रचना करके सहकारिता आंदोलन को नया जीवन देने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमने नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अभी आज़ादी के 75 साल मनाये, भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी और चंद्रयान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने का काम हुआ। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई ऐसे महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए हैं कि 25-30 साल बाद जब उनका सही तरीके से विश्लेषण होगा तब सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के निर्णय को काफी अहम फैसलों में गिना जाएगा।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि कभी काफी मुश्किलों से गुजर चुका अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक आज भारत में सबसे अधिक मुनाफा दर्ज कर रहा जिला सहकारी बैंक है। उन्होंने कहा कि इस बैंक के सफल होने में सेवा सहकारी सोसायटियों का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि सेवा सहकारी सोसायटियों के कामकाज में कई तरह के प्रशासनिक अवरोध थे। लेकिन पिछले तीन साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सारे अवरोध दूर किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि सेवा सहकारी सोसायटियों के पास गोदाम हो, उनका कम्प्युटराइजेशन हो, उन्हें शून्य ब्याज पर ऋण मिले, सेवा सहकारी सोसायटी जल समिति चला सके, गैस सिलिंडर की एजेंसी ले सकें और पेट्रोल पंप का संचालन कर सकें। उन्होंने कहा कि यह राज्य का विषय है, फिर भी हमने इसके मॉडल बाय-लॉज़ बनाए। देश की सभी राज्य सरकारों ने इन बाय-लॉज़ को अपनाया। आज देश की सभी सेवा सहकारी मंडलियाँ एक ही तरह के नियमों और अकाउन्टिंग सिस्टम से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सेवा सहकारी मंडली ग्रामीण स्तर पर वाइब्रेंट यूनिट बनेंगी। इनमें कम्युनिटी सर्विस सेंटर भी खोले जा रहे हैं। सेवा सहकार सोसायटी केन्द्र और राज्य सरकार की 300 तरह की योजनाओं का लाभ पाने का स्थान बनीं, जिससे सहकारिता आंदोलन अधिक मज़बूत हुआ है।

अमित शाह ने कहा कि गुजरात सहित पूरे देश में ‘सहकारिता में सहकार’ के प्रयोग को सफल बनाने की कोशिश होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी सहकारी संस्थानों के बैंक अकाउंट सहकारी बैंकों में होना चाहिए। बनासकांठा और पंचमहाल में यह मॉडल सफल हुआ है। अब पूरे गुजरात में इसे लागू करना है। शाह ने कहा कि पिछले 6 महीने में 6000 करोड़ रुपये की डिपॉजिट, 24 लाख बैंक अकाउंट खोलने और 80 लाख क्रेडिट कार्ड जारी करने का काम सहकारी आंदोलन के कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि आज गुजरात के सहकारी बैंकों में सरप्लस है। पहले लोन लाने की चिंता थी, अब लोन देने की चिंता हो रही है, क्यूंकि डिपॉजिट बढ़ गई है।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक ने गांधीनगर और अहमदाबाद के विकास के लिए काफी अच्छे काम किए हैं। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में शताब्दी महोत्सव की पुस्तक का विमोचन और कॉफी टेबल बुक का अनावरण हुआ, कुछ दिव्यांग नागरिकों की सहायता के लिए उन्हें साधन मुहैया कराए गए, लेकिन यह नेक काम रुकने नहीं चाहिए। अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक, सभी कृषि उत्पादन बाजार समितियों (APMC) और सेवा सहकारी समितियों को ऐसे काम हमेशा जारी रखने चाहिए।

अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक की जिम्मेदारी है कि वह पूरे जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के विषयों को लेकर तमाम सहकारी संस्थाओं को एकजुट करे और एक कार्य योजना बनाकर हर गांव में उसे लागू करे। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक का कम्प्युटरीकरण हुआ और उसके बनाए कई तरह के अकाउन्टिंग सॉफ्टवेयर को भारत सरकार ने NABARD के माध्यम से स्वीकार करके देश के सभी बैंक को देने का निर्णय किया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक ने पारदर्शिता और उत्तरदायित्व का समान रूप से निर्वहन किया है। आज पांच प्रतिशत तक NPA भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने मंजूर किया है, लेकिन इस बैंक का NPA करीब शून्य है। NPA लगभग शून्य होना इस बात का प्रमाणपत्र है कि यह बैंक कितनी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है।

इस अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने कहा कि गुजरात के सपूत श्यामजी कृष्ण वर्मा महान स्वतंत्रता सेनानी, महान देशभक्त और संस्कृत के प्रखर पंडित थे, जिन्होंने विदेश में भारत की आज़ादी के लिए आवाज़ बुलंद की।

सरकार सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मंत्र पर चल रही है : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल नई दिल्ली में कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन को संबोधित किया। वित्त मंत्रालय के सहयोग से इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ द्वारा आयोजित, कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन हरित बदलाव का वित्तपोषण, भू-आर्थिक विखंडन एवं विकास के लिए उसके निहितार्थ और दृढ़ता बनाए रखने हेतु नीतिगत कार्रवाई के सिद्धांतों जैसे विषयों पर ध्यान केन्द्रित करेगा।

सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन के तीसरे संस्करण में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि इस सम्मेलन में अगले तीन दिनों के दौरान कई सत्र होंगे जहां अर्थव्यवस्था से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि ये चर्चाएं भारत के विकास को गति देने में मददगार साबित होंगी।

इस बात का उल्लेख करते हुए कि इस सम्मेलन का आयोजन ऐसे समय में किया जा रहा है जब दुनिया के दो प्रमुख क्षेत्र युद्ध में लगे हुए हैं, प्रधानमंत्री ने वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए, खासकर ऊर्जा सुरक्षा के संदर्भ में, इन क्षेत्रों के महत्व के बारे में बताया। प्रधानमंत्री ने आज भारत के प्रति विश्वास और उसके आत्मविश्वास में वृद्धि पर प्रकाश डालते हुए कहा, “इतनी भीषण वैश्विक अनिश्चितता के बीच, हम यहां भारतीय युग के बारे में चर्चा कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।” उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मामले में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस तथ्य को रेखांकित किया कि आज, भारत वैश्विक फिनटेक को अपनाने की दर के साथ-साथ स्मार्टफोन डेटा उपभोग के मामले में भी पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के मामले में भारत जहां दुनिया में दूसरे स्थान पर है, वहीं वास्तविक समय में दुनिया का लगभग आधा डिजिटल लेनदेन भारत में हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि वर्तमान में भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम है और नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के मामले में भी वह चौथे स्थान पर है। मैन्यूफैक्चरिंग के बारे में बोलते हुए, प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता तथा दोपहिया वाहनों एवं ट्रैक्टरों का सबसे बड़ा निर्माता है। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा, “भारत दुनिया का सबसे युवा देश है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के पास दुनिया में वैज्ञानिकों एवं तकनीशियनों का तीसरा सबसे बड़ा समूह है और चाहे वह विज्ञान, प्रौद्योगिकी या नवाचार का मामला हो, भारत स्पष्ट रूप से एक बेहतर स्थिति में है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “सरकार सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मंत्र पर चल रही है और देश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार निर्णय ले रही है।” उन्होंने इसके प्रभाव का श्रेय 60 वर्षों के बाद लगातार तीसरी बार सरकार के पुनर्निर्वाचन को दिया। उन्होंने कहा कि जब लोगों का जीवन अच्छे के लिए बदलता है, तो उन्हें देश के सही रास्ते पर आगे बढ़ने का विश्वास होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भावना भारत के लोगों के जनादेश में दिखाई देती है और 140 करोड़ देशवासियों का यह विश्वास इस सरकार की सबसे बड़ी संपदा है। प्रधानमंत्री ने भारत को विकसित बनाने हेतु संरचनात्मक सुधार करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया और तीसरे कार्यकाल के पहले तीन महीनों में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने साहसिक नीतिगत बदलाव, नौकरियों एवं कौशल के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता, सतत विकास एवं नवाचार पर ध्यान, आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर जीवन स्तर और तेज विकास की निरंतरता का उदाहरण दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, “यह पहले तीन महीनों की हमारी नीतियों का प्रतिबिंब है।” उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान 15 ट्रिलियन या 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बुनियादी ढांचे की कई वृहद परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया है, जिसमें देश में 12 औद्योगिक नोड्स का निर्माण और तीन करोड़ नए घरों के निर्माण की मंजूरी शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की समावेशी भावना, भारत की विकास गाथा का एक अन्य उल्लेखनीय कारक है। उन्होंने कहा कि पहले यह माना जाता था कि विकास के साथ असमानता बढ़ती है, लेकिन इसके विपरीत, यानि भारत में विकास के साथ समावेश भी बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप, पिछले दशक में 25 करोड़ या 250 मिलियन लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि भारत की तीव्र प्रगति के साथ, सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि असमानता कम हो और विकास का लाभ सभी तक पहुंचे।

भारत के विकास से संबंधित आज की भविष्यवाणियों पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका विश्वास उस दिशा की ओर इशारा करता है, जिस दिशा में भारत आगे बढ़ रहा है और इसकी पुष्टि पिछले कुछ हफ्तों और महीनों के आंकड़ों से भी की जा सकती है। भारत की अर्थव्यवस्था ने पिछले साल हर भविष्यवाणी से बेहतर प्रदर्शन किया – इस बात को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी संस्थानों, चाहे वह विश्व बैंक हो, आईएमएफ हो या मूडीज हो, ने भारत से संबंधित अपने पूर्वानुमानों को बेहतर किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ये सभी संस्थान कह रहे हैं कि वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद, भारत सात से अधिक की दर से विकास करना जारी रखेगा। हालांकि, हम भारतीयों को पूरा भरोसा है कि भारत इससे भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।“

भारत के इस आत्मविश्वास के पीछे कुछ ठोस कारणों को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विनिर्माण हो या सेवा क्षेत्र, आज दुनिया भारत को निवेश के लिए पसंदीदा देश मान रही है। उन्होंने कहा कि यह महज संयोग नहीं है, बल्कि पिछले 10 वर्षों में किए गए बड़े सुधारों का परिणाम है, जिसने भारत के व्यापक आर्थिक मूलभूत घटकों को बदल दिया है। सुधारों का एक उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के बैंकिंग सुधारों ने न केवल बैंकों की वित्तीय स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि उनकी ऋण देने की क्षमता में भी वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि इसी तरह, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) ने विभिन्न केंद्रीय और राज्य अप्रत्यक्ष करों को एकीकृत किया है, जबकि दिवाला एवं दिवालियापन संहिता (आईबीसी) ने जिम्मेदारी, वसूली और समाधान की नई ऋण संस्कृति विकसित की है। सुधारों के बारे में विस्तार से बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत ने निजी कंपनियों और भारत के युवा उद्यमियों के लिए खनन, रक्षा, अंतरिक्ष जैसे कई क्षेत्रों को खोल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वैश्विक निवेशकों के लिए पर्याप्त अवसर सुनिश्चित करने के क्रम में एफडीआई नीति को उदार बनाया है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार लॉजिस्टिक्स लागत और समय को कम करने के लिए आधुनिक अवसंरचना पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दशक में अवसंरचना क्षेत्र के लिए निवेश में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत ने ‘प्रक्रिया सुधारों’ को सरकार की सतत गतिविधियों का हिस्सा बनाया है।” उन्होंने बताया कि सरकार ने 40,000 से अधिक अनुपालनों को समाप्त कर दिया है और कंपनी अधिनियम को अपराधमुक्त कर दिया है। उन्होंने दर्जनों प्रावधानों में सुधार का उदाहरण दिया, जो व्यापार को मुश्किल बनाते थे तथा कंपनी शुरू करने और बंद करने की मंजूरी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली की शुरुआत की गयी है। उन्होंने राज्य सरकारों को राज्य स्तर पर ‘प्रक्रिया सुधारों’ में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहनों के प्रभाव पर प्रकाश डाला, जो आज कई क्षेत्रों में भारत में विनिर्माण को गति दे रहे हैं। पिछले 3 वर्षों में इसके प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने लगभग 1.25 ट्रिलियन या 1.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश के बारे में बताया, जिससे लगभग 11 ट्रिलियन या 11 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन हुआ और बिक्री हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र को हाल ही में खोला गया है। उन्होंने इनके शानदार विकास पर प्रकाश डाला और बताया कि अंतरिक्ष क्षेत्र में 200 से अधिक स्टार्ट-अप शुरू हो चुके हैं, जबकि भारत के कुल रक्षा विनिर्माण योगदान का 20 प्रतिशत अब निजी रक्षा कंपनियों से आ रहा है।

इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की विकास गाथा पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले तक भारत अधिकांश मोबाइल फोन का बड़ा आयातक था, जबकि आज देश में 33 करोड़ से अधिक मोबाइल फोन का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के सभी क्षेत्रों में निवेशकों के लिए अपने निवेश पर उच्च आय अर्जित करने के बेहतरीन अवसर मौजूद हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेमीकंडक्टर जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों पर भारत के ध्यान केंद्रित करने के बारे में चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि सरकार दोनों क्षेत्रों में भारी निवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत का एआई मिशन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अनुसंधान और कौशल दोनों को बढ़ाएगा। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के बारे में, श्री मोदी ने बताया कि 1.5 ट्रिलियन रुपये या डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है और बहुत जल्द, भारत के 5 सेमीकंडक्टर प्लांट दुनिया के हर कोने में मेड इन इंडिया चिप्स पहुंचाना शुरू कर देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के दुनिया में सबसे बड़ी बौद्धिक शक्ति के स्त्रोत के रूप में उभरने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भारत में वर्तमान में 1,700 से ज़्यादा वैश्विक क्षमता केंद्र संचालित हैं जिनमें 2 मिलियन से अधिक उच्च कुशल भारतीय पेशेवर कार्यरत हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने शिक्षा, नवाचार, कौशल और अनुसंधान पर ज़ोर देकर भारत के जनसांख्यिकीय लाभ का उपयोग करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से हुए प्रमुख सुधारों पर प्रकाश डाला और बताया कि पिछले दशक में हर हफ़्ते एक नया विश्वविद्यालय स्थापित किया गया और हर दिन दो नए कॉलेज खोले गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमारे देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हो गई है।

प्रधानमंत्री ने इस बात को रेखांकित किया कि सरकार न केवल शैक्षणिक संस्थानों की संख्या बढ़ा रही है, बल्कि गुणवत्ता के स्तर को भी बेहतर कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय संस्थानों की संख्या तीन गुना हो गई है, जो शैक्षणिक उत्कृष्टता पर देश के बढ़ते जोर को प्रदर्शित करता है। उन्होंने इस वर्ष के बजट में करोड़ों युवाओं के लिए कौशल और इंटर्नशिप के लिए एक विशेष पैकेज का भी उल्लेख किया। पीएम इंटर्नशिप योजना के बारे में प्रधानमंत्री ने बताया कि एक करोड़ युवा भारतीयों को प्रमुख कंपनियों में वास्तविक दुनिया का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि योजना के पहले दिन 111 कंपनियों ने भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया, जिससे उद्योग की उत्साहजनक प्रतिक्रिया का पता चलता है।

भारत के अनुसंधान संबंधी इकोसिस्टम का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले एक दशक में अनुसंधान परिणाम और पेटेंट में तेजी से वृद्धि हुई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक दशक से भी कम समय में, वैश्विक नवाचार सूचकांक रैंकिंग में भारत की रैंकिंग 81वें से 39वें स्थान पर पहुंच गई है। इस बात पर जोर देते हुए कि भारत को यहां से आगे बढ़ना है, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत के अनुसंधान संबंधी इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए एक ट्रिलियन रुपये का अनुसंधान कोष बनाया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि, “आज जब पर्यावरण अनुकूल नौकरियों और टिकाऊ भविष्य की बात आती है, तो दुनिया भारत की ओर बड़ी उम्मीदों से देखती है।” भारत की जी20 अध्यक्षता की सफलता का हवाला देते हुए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिखर सम्मेलन से उभरती हरित परिवर्तन की नई गति का उल्लेख किया और शिखर सम्मेलन के दौरान वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन शुरू करने की भारत की पहल की गर्व से घोषणा की, जिसे सदस्य देशों से व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने इस दशक के अंत तक 5 मिलियन टन हरित हाइड्रोजन उत्पादन के भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्य पर भी प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री मोदी ने सूक्ष्म स्तर पर सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख किया, जो सरकार द्वारा वित्त पोषित एक रूफटॉप सोलर पहल है, जिसमें पहले से ही 13 मिलियन या 1 करोड़ 30 लाख से अधिक परिवार पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा, “यह योजना न केवल बड़े पैमाने पर है, बल्कि एक में क्रांतिकारी पहल है, जो हर परिवार को सौर ऊर्जा उत्पादक में बदल रही है।” प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि परिवारों को प्रति वर्ष औसतन 25,000 रुपये बचत होने की उम्मीद है, साथ ही उत्पादित प्रत्येक तीन किलोवाट सौर ऊर्जा के लिए 50-60 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को रोकने में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना से कुशल युवाओं की एक बड़ी फौज तैयार होगी जिससे करीब 17 लाख नौकरियां पैदा होंगी जिससे निवेश के नये अवसर पैदा होंगे।

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था बड़े बदलावों से गुजर रही है और मजबूत आर्थिक बुनियादी सिद्धांतों के आधार पर सतत उच्च विकास की राह पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, “आज भारत न सिर्फ शीर्ष पर पहुंचने की तैयारी कर रहा है बल्कि वहां बने रहने के लिए कड़ी मेहनत भी कर रहा है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की चर्चाओं में प्राप्त फीडबैक, विशेषकर क्या करें और क्या न करें, का सरकारी निकायों में पालन किया जाता है और नीति और शासन का हिस्सा बनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों के महत्व, विशेषज्ञता और अनुभव पर प्रकाश डालते हुए अपना संबोधन समाप्त किया और उनके सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ के अध्यक्ष एनके सिंह और उनकी पूरी टीम को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ के अध्यक्ष एनके सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

सड़कों के रख-रखाव में लापरवाही के लिए 21 अधिकारियों और 173 ठेकेदारों को नोटिस जारी, 9 ठेकेदारों को किया ब्लैक लिस्ट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सतपुड़ा-विंध्याचल भवन क्षेत्र सहित संपूर्ण अरेरा हिल्स क्षेत्र में कार्यालयों के लिए वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप भवनों के निर्माण के उद्देश्य से समग्रता में प्लानिंग की जाए। क्षेत्र में मेट्रो की सुविधा भी उपलब्ध होने जा रही है, साथ ही रोड नेटवर्क भी बेहतर हो रहा है। अत: कर्मचारियों व आम नागरिक की सुविधा को ध्यान में रख, कार्य स्थलों तक वॉक टू वर्क की सुविधा सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र की अधोसंरचना विकसित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं के संबंध में मंत्रालय में बैठक ले रहे थे। बैठक में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अनुराग जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में इंदौर की ईस्टर्न बायपास परियोजना और गड्ढा मुक्त सड़क अभियान पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर में ईस्टर्न बायपास परियोजना का क्रियान्वयन किसानों तथा क्षेत्र के निवासियों को विश्वास में लेकर किया जाए। क्षेत्र के विकास में स्थानीय लोगों के लाभ व हित सुनिश्चित करते हुए योजना लागू की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सड़कों रख-रखाव में अद्यतन तकनीक अपनाते हुए कार्य किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि 07 अगस्त से 06 सितम्बर तक प्रदेश में सड़कों की मरम्मत के लिए चलाये गये विशेष अभियान में प्रमुख अभियंता, सड़क एवं सेतु द्वारा 35 हजार 995 किलोमीटर सड़कों पर मरम्मत की गई। आम नागरिकों द्वारा सड़कों में गड्ढों की शिकायत के लिए संचालित लोक-पथ एप में 46 हजार 516 किलोमीटर सड़कें रजिस्टर्ड हैं। गत 2 माह में एप में 3 हजार 721 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 3 हजार 652 शिकायतें निराकृत की जा चुकी हैं।

सड़कों की स्थिति के संबंध में 15 कार्यपालन यंत्रियों को कारण बताओ सूचना पत्र और 156 ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए तथा 9 ठेकेदारों की 73 लाख 30 हजार रूपए की राशि राजसात कर उनका पंजीयन ब्लैक लिस्ट किया गया है। अभियान में म.प्र. सड़क विकास निगम ने ओ.एम.टी योजना के तीन मार्गों पर निवेशकर्ताओं से टोल अधिकार वापस लिए। ठेकेदारों पर दंडात्मक कार्यवाही कर एक करोड़ 30 लाख रूपए से अधिक का दंड अधिरोपित किया गया। सड़क विकास निगम ने 17 ठेकेदारों और 6 अधिकारियों को मार्ग के उचित रखरखाव न करने के कारण शो-कॉज नोटिस भी जारी किए।

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में 21 जिलों में चयनित 41 डामरीकृत सड़कों पर व्हाईट टॉपिंग कार्य का पायलेट प्रोजेक्ट लिया जा रहा है। व्हाईट टॉपिंग के अंतर्गत डामरीकृत सड़कों पर क्रांकीट की 6 से 8 इंच मोटाई का कार्य किया जाता है। बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय दुबे, प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला, प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...