सड़क और रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होने से आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। गोपद नदी पुल के शुभारंभ से आवागमन सुगम होगा, समय की बचत होगी तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। विन्ध्य के जिले आर्थिक क्षेत्र में गहरा जुड़ाव रखते हैं तथा एक-दूसरे के पूरक के रूप में कार्य करते हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में रोड एवं रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। सिंगरौली से प्रचुर मात्रा में फ्लाई ऐश का परिवहन रीवा तथा सतना की सीमेंट फैक्ट्री में होता है। इस पुल के निर्माण से अब आर्थिक विकास को गति मिलेगी। इससे पहले शुक्ल ने विधिवत पुल का शुभारंभ किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सभी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के 4 लेन का निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही रीवा-सीधी के बीच भी 4 लेन सड़क का कार्य प्रारंभ किया जाएगा जिससे झांसी से रांची तक निर्बाध 4-लेन कनेक्टिविटी होगी जो क्षेत्र के विकास में सहायक होगी। उन्होने कहा कि रीवा-सीधी-सिंगरौली रेल लाइन की भी नियमित समीक्षा की जा रही है। जून 2025 तक सीधी तक रेल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित है और कार्य योजना अनुसार कार्यवाही की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। विन्ध्य क्षेत्र प्राकृतिक रूप से समृद्ध है तथा यहां प्रचुर मात्रा में खनिज संपदा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में 23 अक्टूबर को रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव रीवा में आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के कई प्रमुख कंपनियों द्वारा सहभागिता की जायेगी। इस कॉनक्लेव से विन्ध्य क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति आयेगी तथा विकास को गति मिलेगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, विधायक सीधी रीती पाठक, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

लाड़ली बहनों को लघु उद्योगों से जोड़कर आर्थिक लाभ दिलवाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में संपन्न बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों और योजनाओं की कल समीक्षा हुई। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया भी उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि लाड़ली बहनों को लघु उद्योग और व्यवसाय की गतिविधियों से जोड़ा जाए। हुनरमंद लाड़ली बहनों को चिन्हित कर लघु उद्योगों से जोड़ा जाएगा तो उनके आर्थिक उन्नयन का मार्ग प्रशस्त होगा। हितग्राही बहनों को यह लाभ दिलवाया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में सीएसआर फंड का उपयोग किया जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्राप्त जन सहयोग सराहनीय है। बैठक में जनजातीय बहुल क्षेत्र में आंगनवाड़ी केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में भी चर्चा हुई। प्रदेश में 97 हजार 339 आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इनसे 81 लाख महिलाएं और बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मिशन वात्सल्य सहित विभिन्न कार्यक्रम की सतत् मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण, पूरक पोषण आहार कार्यक्रम, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जन-मन), शाला पूर्व शिक्षा गतिविधि, आंगनवाड़ी सेवाओं के सुचारू संचालन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर शक्ति अभिनंदन अभियान के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। बैठक में बताया गया कि महिलाओं के लिए प्रदेश में शक्ति सदन और सखी निवास संचालित हैं।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में मध्यप्रदेश देश में अव्वल है । वर्ष 2024 -25 में प्रदेश में 2 लाख 46 हजार 185 हितग्राही पंजीकृत हैं। योजना शुरू होने से अब तक 1191 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान हितग्राहियों को किया गया है। योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को मजदूरी की हानि की आंशिक क्षति पूर्ति के रूप में प्रोत्साहन राशि प्रदान करना और दूसरे प्रसव पर बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना शामिल है। भारत सरकार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का क्रियान्वयन राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम प्रावधान के अनुक्रम में एक जनवरी 2017 से प्रारंभ किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मिशन वात्सल्य के तहत फोस्टर केयर की मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, मुख्यमंत्री कार्यालय और महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला, प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवरात्रि पर्व पर बहनों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवरात्रि पर्व के अवसर पर बहनों की सुरक्षा की दृष्टि से सभी जिलों में विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि पूजा स्थलों एवं गरबा स्थलों के आसपास दो पहिया वाहनों से महिला पुलिस बल निरंतर पेट्रोलिंग करेगी तथा बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। महिला बल के सहयोग के लिए अन्य पुलिस बल भी तैनात रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निगरानी के अत्याधुनिक साधन जैसे ड्रोन और सीसीटीवी कैमरा आदि का भी बहनों की सरक्षा के उद्देश्य से प्रयोग किया जाएगा।

 

आजादी के अमृतकाल में रानी दुर्गावती के विचारों की प्रासंगिकता – हितानंद शर्मा

मध्य भारत की सुनहरी भूमि पर स्थित कालिंजर के किले में चन्देल वंश में उत्पन्न महारानी दुर्गावती की शौर्य गाथा से पूरा भारत परिचित है। रानी दुर्गावती के शासनकाल में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष नामक चारों पुरुषार्थ विद्यमान थे और आकाश-वायु-अग्नि आदि पञ्चमहाभूत सन्तुलित होकर माता वसुन्धरा के संरक्षण व संवर्धन करने को लालायित थे। प्रजा खुशहाल थी और अर्थव्यवस्था समृद्धि की हिलोरें मार रही थी। चन्दन से महात्माओं का अभिनन्दन और मन्दिरों में पुष्पों से प्रभु का वन्दन होता था। उनकी इन्हीं विशेषताओं के कारण आज आजादी के अमृतकाल में रानी दुर्गावती के 500वें जन्मदिवस के समय गोंडवाना क्षेत्र में रानी दुर्गावती का जीवनवृत्त बच्चे-बच्चे की मुंहबोली शौर्यगाथा बन चुका है।

नवरात्र में जन्मी (तिथि: 05 अक्टूबर, 1524, स्थान: कालिंजर दुर्ग) रानी को माता भगवती की विशेष अनुकम्पा जानकर ही महाराजा कीरत सिंह ने अपने ज्योतिषाचार्यों से विचार-विमर्श करने के पश्चात् उस कन्या का नाम दुर्गावती रखा था, जो खेलने-कूदने की अल्पायु में ही शस्त्रास्त्रों में अपनी रुचि देखने लगी थी। इस सन्दर्भ में प्रो. चित्रभूषण श्रीवास्तव जी की कुछ पंक्तियाँ उद्धृत करने योग्य हैं –“पन्द्रह सौ चौबीस में जन्मी वो चन्देलों की शान थीं। कालिंजर राजा की बेटी वो इकलौती सन्तान थीं । दुर्गाष्टमी अवतरण दिवस दुर्गा का ही अवतार थीं, थर्राये मुगलों की सेना ऐसी भीषण ललकार थी।”

गोंडवाना रानी के राज्य की विदेशनीति तथा उनके निर्णयों में राज्य की सम्प्रभुता, स्वतन्त्रता तथा सामाजिक समरसता को सदैव ध्यान में रखा गया था। सम्प्रति, रानी दुर्गावती के 500वें जन्मवर्ष में उनके ये विचार आधुनिक भारतीय लोकतन्त्र के लिए अवश्य ही प्रेरक हैं, क्योंकि जब समूचा विश्व दो गुटों में बंटा हुआ है, तो प्रजा के कल्याण हेतु ऐसे कठिन निर्णय लेने होते हैं, जो राज्य की सम्प्रभुता, अक्षुण्णता और स्वतन्त्रता को ठेस न पहुंचावे। रानी दुर्गावती ने मुगल आक्रान्ता अकबर को उसी की भाषा में प्रत्युत्तर दिया, जबकि वे मुगल सैन्य शक्ति से भली-भाँति परिचित थी। वे अपने राज्य की विदेशनीति और आन्तरिक सुरक्षा हेतु अपनी गुप्तचर संस्था के साथ नियमित रूप से बैठती थीं, जैसाकि वर्तमानकाल में किसी देश का प्रधानमन्त्री अपनी गुप्तचरसंस्था के साथ बैठक करता है और अपनी विदेशनीति व कूटनीति को कार्यान्वित करता है। इसलिए यह कहा जा सकता है कि समसामयिक सन्दर्भ में महारानी दुर्गावती की विदेशनीति विषयक विचार अतिप्रासंगिक हैं।

विख्यात शासिका दुर्गावती ने गोंडवाना राज्य के रामनगर, नयनपुर, कंजरिया, कांजीवाडा, लांजी, धूमा, कतंक, बैहर, डिंगैरी, कोतमा, गाडरवारा, बनखेडी, सोहागपुर, मैहर, गैरतगंज, भेलसा, गंजबसौदा, रायसेन, सिरौंज, भोजपाल, सिहोरा, पनानगर आदि क्षेत्रों में सुव्यस्थित जलापूर्त्ति व जलनिकास हेतु अनेक तालाब, नहर, बावली, कुओं आदि का निर्माण कराया था। तात्कालिक परिस्थिति में यह कार्य निःसन्देह प्रजाकल्याण हेतु सराहनीय प्रयास था, किन्तु सम्प्रति, जब महारानी दुर्गावती का 500वाँ जन्मदिवसवर्ष है, तो जलवायु परिवर्तन के इस काल में तत्सदृश जलापूर्त्ति व निकास व्यवस्था प्रासंगिक सी लगती है। वर्तमान जबलपुर के परिक्षेत्र में यह भी प्रसिद्ध है कि इस क्षेत्र में लोककल्याणार्थ रानी ने 52 तालाबों का निर्माण कराया था। जिससे वर्षा के जल का संरक्षण और भू-जल की आपूर्त्ति सुनिश्चित हो सके। इस समय, सकल विश्व स्वच्छ जल की उपलब्धता हेतु संघर्षरत है, जल बचाने की बातें प्रतिदिन हम सोशल मीडिया के माध्यम से देखते हैं, ऐसे में महारानी दुर्गावती के जलापूर्त्ति सम्बन्धी विचार और भारत के विविध क्षेत्रों में नहर, तालाब, कुओं आदि का निर्माण समृद्ध भारत के पुनर्निर्माण (आजादी के अमृतकाल) में निश्चित ही प्रेरक सिद्ध होंगे।

महारानी दुर्गावती ने धार्मिक समन्वय स्थापित करने हेतु भी अनेक सफल प्रयास किये थे, जिसके कारण विविध मताबलम्वियों में परस्पर गतिरोध न होते हुए समन्वय स्थापित हुआ था। महारानी दुर्गावती अपने धर्म के प्रति भी पूर्णरूपेण समर्पित रहती थीं। उन्होंने हिन्दू देवी-देवताओं के विभिन्न मन्दिरों का निर्माण कराया था और अनेक मन्दिरों में प्रभु श्रीराम, भद्रकाली, विष्णु भगवान् आदि देवताओं की प्रतिमा स्थापित कर धार्मिक सद्भावना का सन्देश दिया था। इस सम्बन्ध में प्रख्यात “महारानी दुर्गावती” नामक ग्रन्थ उल्लेखनीय है, जिसमें रानी दुर्गावती द्वारा निर्देशित बीरबल द्वारा शैक्षणिक कार्य, गोदान, अन्नदान, मन्दिरों व विद्यालयों के निमित्त भूदान आदि का वर्णन है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में, जब एक ओर कट्टरवादी ताकतें गिद्धमुख किये भारतीय संस्कृति को निहार रही हैं, तो दूसरी ओर भारतीय संस्कृति का मूलमंत्र “समन्वय और समरसता” की भावना द्वारा इनको परास्त करना अत्यावश्यक है, जोकि महारानी की राजनीति में दृष्टिगोचर होता था। क्योंकि किसी देश की महानता और उसकी समृद्धि में समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग अपेक्षित होता है और सभी के समन्वय व सहयोग से ही कोई राष्ट्र उन्नति के मार्ग पर प्रशस्त होता है।

रानी दुर्गावती मात्र अधिकारियों के द्वारा प्रदत्त जानकारी पर आश्रित होकर प्रजा को शासित नहीं करती थीं, अपितु वे अपना वेश बदलकर जनता की नब्ज टटोलती थीं। वे सामान्य प्रजा के मध्य जाकर उनकी रोजमर्रा की जिन्दगी में आने वाली चुनौतियों को प्रजा के द्वारा ही सुनती थी और उन चुनौतियों का तत्काल अथवा राजदरबार के माध्यम से निवारण किया करती थीं। जैसाकि एक शासक को अपन गुप्तचरों के माध्यम से ऐसा करना चाहिए, या स्वयं ही औचक निरीक्षण के माध्यम से सत्य का ज्ञान करना चाहिए।

नोट – लेखक भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश संगठन महामंत्री हैं।

वीरांगना रानी दुर्गावती सुशासित व समृद्ध साम्राज्य की प्रेरणास्रोत – क्रांतिदीप अलूने

वीरांगना रानी दुर्गावती महिला शासकों के भारतीय स्वर्णिम इतिहास का एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर है। रानी दुर्गावती ने 16वीं शताब्दी में गोंडवाना राज्य की शासक के रूप में अपने साहस और नेतृत्व के लिए ख्याति प्राप्त की। उनकी जन-कल्याणकारी व्यवस्था को सुशासन का एक उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता है। रानी ने एक संतुलित, न्यायपूर्ण और विकासात्मक प्रणाली के रूप में शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए गोंडवाना को एक मजबूत और समृद्ध साम्राज्य बनाया।

वीरांगना रानी दुर्गावती के शासन में गोंड संस्कृति ने देश की सांस्कृतिक विरासत को और समृद्ध किया है। उन्होंने अपनी पारंपरिक प्रथाओं से पर्यावरण के संवर्धन और संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाई है। आज़ादी के प्रति असीम प्रेम और किसी की अधीनता स्वीकार न करने की जिद और जुनून गोंड समाज की पहचान रही है। रानी दुर्गावती गोंड समुदाय के पराक्रम, भारतीय वीरता और शूरता की साक्षात् प्रतिमूर्ति थीं।

मुगल साम्राज्य की अधीनता स्वीकार न करने वाली रियासतों के लिए मुगल काल में सुरक्षित रहना बहुत कठिन माना जाता था, क्योंकि विशाल मुगल सेना के सामने युद्ध भूमि में सामना करना बहुत चुनौतीपूर्ण था। ऐसे समय में गोंडवाना साम्राज्य की संरक्षिका के रूप रानी दुर्गावती के कार्य एवं अपूर्व वीरता के साथ राज्य के विकास में किया गया अभूतपूर्व योगदान सुनहरे अक्षरों में दर्ज है। रानी दुर्गावती के कार्यों और वीरता का गुण-गान आज भी जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न बोलियों और कई भाषाओं में किया जाता है, जो भावी पीढ़ियों के लिये प्रेरणास्पद है।

रानी दुर्गावती का संघर्ष मुगलों के खिलाफ था और वे जनजातीय संस्कृति और विरासत की सुरक्षा के प्रति कृत-संकल्पित थीं। उन्होंने मुगलों के खिलाफ एक सशक्त प्रतिरोध का आधार तैयार किया, जिसने देश के दूसरे क्षेत्रों में रहने वाले राजा-महाराजा और अधीनता स्वीकार न करने वाले अनेक समूहों को मुगल सत्ता के खिलाफ लगातार लड़ने के लिए प्रेरित किया। वर्तमान जबलपुर उनके साम्राज्य का केंद्र था। रानी ने करीब 16 वर्ष तक शासन किया। उन्होंने अपने कार्य-काल में अनेक मंदिर, मठ, कुएं, बावड़ियां तथा धर्मशालाएं बनवाईं। लोक कल्याणकारी कार्यों के लिए रानी की कीर्ति दूर-दूर तक फ़ैल गई।

रानी दुर्गावती के गढ़ मंडला पर मुगल सूबेदार बाजबहादुर की बुरी नजर थी, लेकिन युद्ध में रानी दुर्गावती ने उसकी पूरी सेना का सफाया कर दिया और फिर वह कभी पलटकर नहीं आया। मुगल सेना के कई हमलों को नाकाम करने वाली रानी दुर्गावती का खौफ दिल्ली की मुगल सत्ता को भी प्रभावित करने लगा। रानी दुर्गावती को अपनी रणनीतिक योग्यता, पारम्परिक सैन्य संसाधन और सैन्य शक्ति पर इतना विश्वास था कि वे विशाल मुगल सेना से कभी विचलित नहीं हुईं। रणक्षेत्र में रानी ने मुगलों की अपेक्षा में बेहद छोटी सेना होने के बाद भी असीम वीरता का परिचय दिया। इस कारण मुगल सेना युद्ध मैदान से भाग खड़ी हुई। रानी दुर्गावती ने मुगलों के खिलाफ अपनी भूमि की रक्षा के लिए जिस अद्वितीय साहस का परिचय दिया, वह भारत की मातृशक्ति के पराक्रम, शौर्य और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

रानी दुर्गावती को भारतीय इतिहास की सर्वाधिक प्रसिद्ध महारानियों और बेहतर प्रशासकों में शुमार किया जाता है। उन्होंने जिस कुशलता से राज संभाला, उसकी प्रशस्ति इतिहासकारों ने भी की है। आईन-ए-अकबरी में अबुल फ़ज़ल ने लिखा है कि “दुर्गावती के शासनकाल में गोंडवाना इतना सुव्यवस्थित और समृद्ध था कि प्रजा लगान की अदायगी-स्वर्ण मुद्राओं और हाथियों से करती थी।”

रानी दुर्गावती ने गोंडवाना की स्थिरता, विकास तथा कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रभावी न्याय प्रणाली की स्थापना की। उन्होंने स्व-शासन को बढ़ावा देते हुए गांवों को मजबूत किया, जिससे किसान खुशहाल हुए। रानी दुर्गावती ने कृषि, व्यापार और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया। उन्होंने कृषि सुधारों और सिंचाई योजनाओं को लागू किया, जिससे खाद्य उत्पादन बढ़ा। रानी दुर्गावती ने शिक्षा और संस्कृति के विकास पर अधिक जोर दिया। उन्होंने साहित्य, कला और संगीत को प्रोत्साहित किया, जिससे गोंडवाना की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा मिला।

रानी दुर्गावती की नेतृत्व क्षमता, साहस और बलिदान, राजनैतिक समझ, सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करने के कार्य, सांस्कृतिक समृद्धि और राज्य में स्थिरता बनाये रखने की कोशिशें अतुलनीय थी। जन-कल्याण के प्रति इसी प्रतिबद्धता और मातृभूमि की सुरक्षा के संकल्प ने रानी दुर्गावती को एक महान नेतृत्वकर्ता और शासक के रूप में इतिहास में अमर बना दिया। उनका जीवन और न्यायपूर्ण शासन आज भी प्रेरणा का ऊर्जा स्रोत है।

नोट – लेखक जनसम्पर्क संचालनालय में उप संचालक हैं।

Supreme court decision: सरकार की आलोचना पर गिरफ्तारी नहीं’, पत्रकारों के अधिकारों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त संदेश

न्यायमूर्ति हृषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी की पीठ ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि एक पत्रकार की रचना को सरकार की आलोचना के रूप में देखा जाता है, लेखक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया जाना चाहिए।उत्तर प्रदेश सरकार पर जातिगत पक्षपात का आरोप लगाने वाले एक लेख के बाद गिरफ्तारी की आशंका जताने वाले लखनऊ के पत्रकार अभिषेक उपाध्याय को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की। न्यायमूर्ति हृषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी की पीठ ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि एक पत्रकार की रचना को सरकार की आलोचना के रूप में देखा जाता है, लेखक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया जाना चाहिए। उपाध्याय द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। पीठ ने कहा, “लोकतांत्रिक देशों में अपने विचार व्यक्त करने की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाता है। पत्रकारों के अधिकार संविधान के अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत सुरक्षित हैं।”

विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। मात्र पाठ्यक्रम तक सीमित रहने वालों को शिक्षक कहा जा सकता है, परंतु जो विद्यार्थी के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देते हैं, उन्हें सम्मानपूर्वक गुरु का संबोधन प्राप्त होता है। विश्वविद्यालय, विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक वातावरण, सुविधा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं, इसलिये प्रदेश के विश्वविद्यालय के कुलपति को कुलगुरु का संबोधन प्रदान किया गया है, जो भारतीय परंपरा के अनुकूल है। शैक्षणिक संस्थाओं का उत्साह से भरपूर वातावरण और दीक्षांत समारोह की गरिमा विद्यार्थियों में आत्म-विश्वास का संचार करती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कोठरीकलां जिला सीहोर में वीआईटी भोपाल यूनिवर्सिटी के 5वें वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में महिला छात्रावास ब्लॉक-2 एवं पुरूष छात्रावास ब्लॉक-6 का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में से एक है। यहां प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का प्लेसमेंट सुनिश्चित है। यहाँ भोपाल सहित अमरावती, वेल्लोर, तमिलनाडु के विश्वविद्यालय भारतीय युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता के अनुरूप है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के जननायक प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व में भारत की साख को स्थापित किया है। उनका स्वयं का नीर क्षीर जीवन देश को समर्पित है, वे एक-एक पल देश के विकास और जन-कल्याण के लिए सक्रिय हैं। प्रधानमंत्री मोदी, अद्यतन तकनीक का उपयोग करते हुए देश की युवा पीढ़ी को वैश्विक मानकों के अनुरूप कदम से कदम मिलाकर चलने में सक्षम बनाने के लक्ष्य को समर्पित हैं। उनकी मंशा और भावना के अनुरूप वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज विदेशी विद्यार्थी भी हमारी शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन के लिए आ रहे हैं। देश की युवा शक्ति भविष्य के भारत की ध्वज वाहक है। भारत में वैज्ञानिक सोच और ज्ञान परंपरा प्राचीन काल से ही पर्याप्त संपन्न रही है, इसके पर्याप्त उदाहरण हमारे प्राचीन ग्रंथो में मिलते हैं। कोविड काल की कठिन परिस्थितियों से संघर्ष में भारत ने अपनी सामर्थ्य और बौद्धिक क्षमता से संपूर्ण विश्व को परिचित कराया। जी-20, आसियान आदि सभी मंचों पर भारत ने अपनी क्षमता का परिचय दिया है। भारतीय अर्थव्यवस्था 2014 में विश्व में 11वें स्थान पर थी, जो अब चौथे स्थान पर है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अगले 5 साल में भारत विश्व की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों का आहृवान करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ ही दीक्षा अर्थात सबको जोड़कर चलते हुए, अपने परिवार-समाज और देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हुए आगे बढ़े। यह सौभाग्य की बात है कि संस्थान में अध्यनरत देश के अलग-अलग भागों के विद्यार्थियों का मध्यप्रदेश से संबंध जुड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए आशीष और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अंग वस्त्रम पहना कर स्वागत किया गया। उन्होंने एक पौधा भी लगाया। दीक्षांत समारोह के प्रारंभ में वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी की स्थापना, संचालित अकादमी गतिविधियों , विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विस्तार योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक सुदेश राय, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, वीआईटी. समूह के संस्थापक सह चांसलर डॉ. जी. विश्वनाथन तथा रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल के प्रेसिडेंट डॉ. रवि पी गांधी सहित वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में आज न्यूजीलैंड से होगा भारत का मुकाबला

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में आज भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम आज शाम दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस बीच, दोपहर को होने वाले मैच में वेस्टइंडीज का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। आकाशवाणी एफएम रेनबो चैनल आज शाम सात बजे मैच से ऑफ-ट्यूब लाइव कमेंट्री हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रसारित करेगा।

कल शारजाह में खेले गए टूर्नामेंट के दूसरे मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 31 रनों से हरा दिया। पाकिस्तान के लिए सादिया इकबाल ने तीन विकेट लिए, जबकि फातिमा सना, ओमैमा सोहेल और नशरा संधू ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 116 रन बनाए। 117 रनों के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 85 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना 30 रन के साथ शीर्ष स्कोरर रहीं। श्रीलंका के लिए कप्तान चमारी अथापथु, उदेशिका प्रबोधनी और सुगंधिका कुमारी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि कविशा दिलहारी ने एक विकेट लिया। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

इससे पहले भारतीय टीम अपने अभ्यास मैचों के दौरान अच्छी स्थिति में दिखाई दी। अभ्यास मैचों के दौरान भारत ने वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका पर प्रभावशाली जीत दर्ज की। फिलहाल, दोनों ही टीमों का शीर्ष क्रम मजबूत है, जिसमें भारत की स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा जैसी खिलाड़ी हैं, जबकि न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स और अमेलिया केर जैसी खिलाड़ी हैं।

भारत की बल्लेबाजी लाइन-अप में काफी गहराई है और दोनों टीमों के पास कुछ अच्छे गेंदबाजी विकल्प हैं, जिसमें स्पिन की भूमिका अहम हो सकती है।

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, यास्तिका भाटिया (फिटनेस के अधीन), पूजा वस्त्रकार, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल (फिटनेस के अधीन), सजाना सजीवन। यात्रा करने वाले रिजर्व: उमा छेत्री (विकेट कीपर), तनुजा कंवर, साइमा ठाकोर। गैर-यात्रा रिजर्व: राघवी बिष्ट, प्रिया मिश्रा।

सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, ईडन कार्सन, इज़ी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, फ्रान जोनास, लेघ कास्पेरेक, मेली केर, जेस केर, रोज़मेरी मैयर, मौली पेनफोल्ड, जॉर्जिया प्लिमर, हन्ना रोवे, ली ताहुहू।

बताना चाहेंगे आज शुक्रवार दोपहर को होने वाले मैच में वेस्टइंडीज का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। वहीं कल गुरुवार को शारजाह में खेले गए टूर्नामेंट के दूसरे मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 31 रनों से हरा दिया। पाकिस्तान के लिए सादिया इकबाल ने तीन विकेट लिए, जबकि फातिमा सना, ओमैमा सोहेल और नशरा संधू ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 116 रन बनाए।

117 रनों के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 85 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना 30 रन के साथ शीर्ष स्कोरर रहीं। श्रीलंका के तीन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। श्रीलंका के लिए कप्तान चमारी अथापथु, उदेशिका प्रबोधनी और सुगंधिका कुमारी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि कविशा दिलहारी ने एक विकेट लिया। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में कौटिल्य आर्थिक सम्‍मेलन को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम करीब 6:30 बजे ताज पैलेस होटल, नई दिल्ली में तीसरे कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के साथ साझेदारी में आर्थिक विकास संस्थान, 4-6 अक्टूबर, 2024 को नई दिल्ली में कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन (केईसी) के तीसरे संस्करण की मेजबानी करेगा।

इस सम्मेलन में करीब 150 राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शिक्षाविद और नीति निर्माता भारतीय अर्थव्यवस्था और वैश्विक दक्षिण की अर्थव्यवस्थाओं के सामने आने वाले कुछ सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक साथ आएंगे।

सम्मेलन में वक्ताओं में शामिल हैं, केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री, निर्मला सीतारमण (उद्घाटन सत्र); विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर (समापन सत्र); भूटान के वित्त मंत्री ल्योनपो लेके दोरजी, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा, एमेरिटस के प्रेसिडेंट मसूद अहमद, सेंटर फॉर ग्लोबल डेवलपमेंट, यूएसए; वेरा सोंगवे, अध्यक्ष, लिक्विडिटी एंड सस्टेनेबिलिटी फैसिलिटी: उच्च स्तरीय पैनल की उपा-अध्यक्ष, फाइनेंस फॉर क्लाइमेट एक्शन, यूएसए; सर सुमा चक्रवर्ती, बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अध्यक्ष, ओडीआई ग्लोबल, यूके; डॉ जैदी सत्तार, संस्थापक अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी, पॉलिसी रिसर्च इंस्टीट्यूट (पीआरआई), बांग्लादेश; ओईसीडी में फ्रांसीसी स्थायी प्रतिनिधि और फ्रांस के पूर्व मंत्री, जस्टिन यिफू लिन, डीन, इंस्टीट्यूट ऑफ न्यू स्ट्रक्चरल इकोनॉमिक्स, पिकिंग यूनिवर्सिटी, चीन; एरिक बर्गलोफ, मुख्य अर्थशास्त्री, एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी), चीन; प्रोफेसर हेइज़ो ताकेनाका, पूर्व आर्थिक और राजकोषीय नीति मंत्री; प्रोफेसर एमेरिटस, कीओ विश्वविद्यालय, जापान; एडुआर्डो पेड्रोसा, महासचिव, प्रशांत आर्थिक सहयोग परिषद, सिंगापुर; सुमन बेरी, उपाध्यक्ष, नीति आयोग, भारत; डॉ अरविंद पनगढ़िया, अध्यक्ष, भारत के 16वें वित्त आयोग; गीता विरजावन, अध्यक्ष, एंकोरा समूह; पूर्व व्यापार मंत्री, इंडोनेशिया; प्रोफेसर रॉबर्ट लॉरेंस, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और निवेश, हार्वर्ड केनेडी स्कूल, यूएसए; मार्टिन रेजर, दक्षिण एशिया के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, वर्ल्ड बैंक, यूएसए; प्रोफेसर जीन पियरे लैंडौ, एसोसिएट प्रोफेसर और शोधकर्ता, अर्थशास्त्र विभाग, साइंसेज पो (पेरिस), और हार्वर्ड केनेडी स्कूल, फ्रांस में रिसर्च फेलो; भारत सरकार के सचिव; और कई अन्य।

पिछले कुछ वर्षों में, विश्व अर्थव्यवस्था अभूतपूर्व झटकों से गुजरी है। सदी की सबसे बड़ी महामारी का सामना करने के बाद, लगातार सैन्य संघर्षों ने आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित किया है जिससे ऊर्जा और खाद्य कीमतों में वृद्धि हुई है। सामरिक बाधाएं सामने आई हैं और उससे हम फिर उबरने लगे हैं। अति-वैश्वीकरण से दुनिया “धीमी-संतुलन” में उतर गई है। राजनीतिक और राजकोषीय पुनर्संरेखण ने अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और पूंजी प्रवाह को प्रभावित किया है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, उभरते बाजारों ने बफर बनाए हैं, नीतिगत ढांचे में सुधार किया है और बफर का विवेकपूर्ण तरीके से उपयोग किया है। वर्ष 2021 से भारत स्थिर व्यापक आर्थिक वातावरण के साथ दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है। भारत द्वारा अनुभव की गई 7 प्रतिशत से अधिक की औसत वृद्धि वैश्विक औसत से दोगुनी से भी अधिक है।

इस वर्ष का सम्मेलन कई विषयों पर केंद्रित होगा, जिनमें से कुछ निम्नलिखित हैं:- अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संरचना में सुधार, हरित परिवर्तन को वित्तपोषित करना, भू-आर्थिक विखंडन और विकास के लिए निहितार्थ, भारत और मध्यम आय का टैप, नौकरियाँ और कौशल, आर्टफिशियल इन्टेलिजन्स और सार्वजनिक नीति डिजाइन, लचीलापन बनाए रखने के लिए नीतिगत सिद्धांत।

इन सत्रों में कुछ चर्चाएँ इस प्रकार होंगी कि भारतीय अर्थव्यवस्था किस प्रकार अधिक नियमित नौकरियाँ पैदा कर सकती है; किस प्रकार नियम-आधारित बहुपक्षीय प्रणाली को भू-आर्थिक विखंडन को रोकने के लिए अनुकूलित किया जाना चाहिए, तथा किस प्रकार बहुपक्षीय सहमति के माध्यम से प्रगति संभव बनाई जा सकती है; रोजगार सृजन के लिए एआई, एमएल, तथा फिनटेक में भारत के तुलनात्मक लाभ का उपयोग; भारत के वर्तमान विकास का आकलन करना तथा उन तरीकों पर विचार करना जिनसे भारत विकास को अधिकतम करके तथा नवाचार क्षमताओं को विकसित करके उत्पादकता वृद्धि को बनाए रख सकता है; वित्तीय प्रणाली को अधिक लचीला तथा कुशल बनाने के लिए आवश्यक सुधारों का अध्ययन करना; सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक दीर्घकालिक सुधारों की पहचान करना; तथा जलवायु परिवर्तन के प्रबंधन की चुनौती तथा नवीकरणीय ऊर्जा में ऊर्जा संक्रमण को प्राप्त करने पर चर्चा करना।

सम्मेलन वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच सेतु-निर्माता के रूप में भारत की बढ़ती भूमिका को प्रदर्शित करेगा। समावेशी विकास, जिम्मेदार डिजिटल प्रौद्योगिकी अपनाने तथा वैश्विक दक्षिण की आवाज़ को बढ़ाने पर भारत की प्रतिबद्धता 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की इसकी आकांक्षा को रेखांकित करती है, जिसे कई लोग ‘भारतीय युग’ कह रहे हैं। सम्मेलन में होने वाली चर्चाएं आईएमएफ और वर्ल्ड बैंक की आगामी वार्षिक बैठकों, सीओपी 29 और ब्राजील के जी-20 नेताओं के घोषणापत्र की पूर्वपीठिका के रूप में काम करेंगी।

अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में ₹140 करोड़ की लागत से नवनिर्मित पुलिस आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल गुजरात के अहमदाबाद में नवनिर्मित पुलिस आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रपटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त कार्यालय के नए भवन से सिर्फ इमारत की सुविधाएं ही नहीं बढ़ेंगी, बल्कि यहां पुलिस द्वारा नई कार्यपद्धति स्थापित करने की कोशिश भी होगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से लगभग 18000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से बने सात मंजिला पुलिस आयुक्त कार्यालय में जवानों के फिट रहने के लिए जिम, नागरिकों की सुविधा के लिए पार्किंग,सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण और सेन्ट्रलाइज्ड एसी जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक भवन न सिर्फ सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि इमारत में बना एक पुलिस म्यूज़ियम अहमदाबाद की सुरक्षा के लिए आज तक किए गए उपायों को दर्शाएगा।उन्होंने कहा कि नागरिकों की रक्षा के लिए शहीद हुए पुलिसकर्मियों की याद में एक स्मारक का निर्माण भी यहां किया गया है। साथ ही, जन सुविधा केन्द्र और एक कन्ट्रोल रूम भी बनाया गया है जो अहमदाबाद के कोने-कोने को समाहित कर पूरे शहर की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

अमित शाह ने कहा कि नए पुलिस आयुक्त कार्यालय भवन में ‘ज्वॉइंट इन्टेरोगेशन सेंटर’, ‘तेरा तुझको अर्पण’ पोर्टल का भी उद्घाटन हुआ और ‘साइबर साथी’ पुस्तक का विमोचन हुआ है। इनमें दो पहलें साइबर क्राइम से पीड़ित लोगों को जागरूक करने के लिए और उन्हें उनके गंवाए हुए पैसे वापिस दिलाने में मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि ‘ज्वॉइंट इन्टेरोगेशन सेंटर’ के तौर पर एक अन्य पहल इसीलिए की गई है ताकि दंगों, आतंकवादी हमलों और अशांति की अन्य स्थितियों में केन्द्रीय एजेंसियां और अहमदाबाद पुलिस सही और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ कर सकें।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में भारत के आंतरिक सुरक्षा परिदृश्य में काफी बड़ा बदलाव आया है। 10 वर्ष पूर्व हमारे देश में कश्मीर, नॉर्थ ईस्ट और नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में तीन हॉटस्पॉट ऐसे थे कि जहां बम धमाके होते थे तो वह न्यूज़ नहीं बनते थे। सब को नॉर्मल लगता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्त्व में इन तीनों क्षेत्रों में पिछले 10 सालों में स्थायी और सुचारू उपायों के कारण दृढ़ता और विकास के नजरिए से काम करने की वजह से तीनों हॉटस्पॉट में हिंसा में 70 प्रतिशत कमी लाने का काम हमारे पुलिस बलों ने किया है। शाह ने कहा कि देश भर की सुरक्षा एजेंसियां और राज्य की पुलिस ने साथ मिलकर कश्मीर, नॉर्थ ईस्ट और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मृत्यु दर में भी 72 प्रतिशत कमी लाने में सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि आने वाले दिनों में ‘नक्सल मुक्त भारत’ और ‘आतंकवाद मुक्त भारत’ की रचना होने जा रही है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पुलिस कल्चर में कई परिवर्तन के प्रयत्न किए हैं। उन्होंने प्रो प्रो-एक्टिव पुलिसिंग के लिए प्रो-एक्टिव, प्रिडिक्टिव और साइंटिफिक अप्रोच के कांसेप्ट को देश के सामने रखा है। शाह ने कहा कि हमने अंग्रेजों के जमाने के आपराधिक कानूनों में आमूलचूल परिवर्तन करके तीन नए आपराधिक कानून बनाए हैं, जिन्हें पूरे देश में लागू करने की शुरुआत की जा चुकी है। इन कानूनों में टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से अपराध की गुत्थी सुलझाने, अपराध रोकने, प्रोसिक्युशन जल्द पूरा करने और ज्यादा से ज्यादा अपराधियों को सजा दिलाने के लिए के प्रावधान किए गए हैं। आगामी 100 साल को ध्यान में रखते हुए कानून की परिभाषा में भावी टेक्नोलॉजी की कल्पना करके कानून की व्याख्याएं की गई हैं जिससे आने वाले 100 साल तक इन कानूनों में बदलाव करने की जरूरत नहीं रहेगी। इन्वेस्टीगेशन, प्रोसीक्युशन और अन्य न्यायिक प्रक्रिया में समय बर्बाद न हो, इसके लिए 83 जगहों पर पुलिस, वकील और न्यायाधीशों को समयसीमा में बांधने का निर्णय लिया गया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि तीनों नए कानून के अमल के बाद इसके लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्र्क्चर तैयार करने की शुरुआत की गई है, जिनके तैयार होने के बाद अगले तीन सालों में हमारी आपराधिक न्याय प्रणाली विश्व की सबसे आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली बनेगी। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के लागू होने के कारण अब तीन वर्षों के भीतर एफआईआर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक न्याय की समग्र प्रक्रिया पूरी होगी और लोगों को न्याय मिलेगा।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के अर्थतंत्र को 11वें से 5वें क्रम पर लाने का काम किया और वर्ष 2027 तक हम 5वें स्थान से निश्चित रुप से विश्व के तीसरे क्रम की अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। ऐसे समय में पुलिस अधिकारियों को हमारे देश की सुरक्षा और साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं आर्थिक अपराध रोकने के लिए मजबूत कानूनी समर्थन की जरूरत थी। तीनों नए आपराधिक कानूनों से पुलिस बलों को मजबूत समर्थन मिलेगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात पुलिस ने अपने गौरवशाली इतिहास में कई तकनीकी इनोवेशन किए हैं। ‘ई-गुजकॉप’, बॉडी वॉर्न कैमरा, ‘विश्वास’ प्रोजेक्ट जैसी कई नई पहलों से गुजरात पुलिस देश की सबसे आधुनिक पुलिस बल में अपनी पहचान बना सकी है, जो गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नार्कोटिक्स के खिलाफ गुजरात पुलिस ने जिस मुस्तैदी से अभियान शुरु किया है, पूरे देश में हर जगह इन्वेस्टीगेशन के लिए गुजरात पुलिस की मिसाल दी जाती है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के सामने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की परिकल्पना रखी है। गुजरात हमेशा से प्रगतिशील राज्य रहा है। यह वही गुजरात है, जहां 1980 और 1990 के दशक में काफी कर्फ्यु लगते थे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं और गुजरात में सुरक्षित माहौल बना है।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...