उपराष्ट्रपति ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 108वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया

माननीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 108वीं जयंती के उपलक्ष्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में भारत के दूरदर्शी नेताओं में से एक की विरासत के प्रति संकल्प को दर्शाते हुए “पंडित दीनदयाल उपाध्याय समिति उद्यान” का उद्घाटन भी किया गया।

अपने संबोधन में, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने पंडित दीनदयाल के दर्शन की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “मैं यहां आकर बेहद प्रसन्न हूं। जब मुझे निमंत्रण मिला, तो स्वाभाविक रूप से मैंने आज जो कुछ भी देखा है, उसके महत्व की कल्पना नहीं की थी। मेरे मन में केवल एक महान व्यक्ति का नाम था। आज, मुझे उनकी शिक्षाओं का सार समझ में आया।

पंडित दीनदयाल की प्रतिमा के अनावरण के सम्मानित अवसर पर विचार करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण करूंगा। खासकर उनकी जयंती पर, यह बहुत ही सौभाग्य का क्षण है।” उन्होंने नेता के दर्शन के साथ अपने जुड़ाव को याद किया, उनकी शिक्षाओं से प्रभावित होने के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “उनके आदर्श और विचार अत्यंत प्रभावशाली हैं। हमें पंडित जी के बारे में विस्तार से सीखना चाहिए और उनके दर्शन को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए।”

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय की शिक्षाओं के परिवर्तनकारी प्रभाव पर जोर देते हुए कहा, “उनका ध्यान व्यक्तिगत विकास पर था, व्यक्तियों को समाज का अभिन्न अंग बनने के लिए सशक्त बनाना।” उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति की जरूरतों को पूरा करने के महत्व पर जोर दिया, जो अंत्योदय की अवधारणा में समाहित है, जिसका उद्देश्य सबसे अधिक हाशिए पर पड़े व्यक्तियों का उत्थान करना है।

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया, छात्रों, शिक्षकों और सभी उपस्थित लोगों को अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाने की प्रधानमंत्री की पहल में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, “अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाने से गहरा जुड़ाव महसूस होता है। मैं यहां मौजूद सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे इस साठ एकड़ के परिसर में पेड़ लगाएं और कृषि संस्थानों के मार्गदर्शन में उनकी देखभाल करें।”

उन्होंने कहा, “आज, मुझे दो दूरदर्शी नेताओं की याद आ रही है, जिनका जन्मदिन एक ही दिन है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और चौधरी देवी लाल दोनों निस्वार्थ विचारक थे, जिन्होंने अपना जीवन समाज को वापस देने के लिए समर्पित कर दिया।” उन्होंने बताया कि कैसे नए संसद भवन के प्रेरणा केंद्र में चौधरी देवी लाल की प्रतिमा को देखने से गहरा जुड़ाव महसूस हुआ, जिससे उन्हें याद आया कि कैसे पूर्व-उपप्रधानमंत्री ने उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया।

उपराष्ट्रपति ने भारत की कड़ी मेहनत से प्राप्त स्वतंत्रता के महत्व के बारे में चर्चा करते हुए युवाओं से आपातकाल के दौर से सीख लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “हमें भारत की स्वतंत्रता के महत्व को पहचानना चाहिए, जिसे बहुत संघर्ष के बाद हासिल किया गया। ‘संविधान हत्या दिवस’ हमें याद दिलाता है कि कैसे एक व्यक्ति ने हमारे अधिकारों को कमजोर किया और अपने पद को सुरक्षित रखने के लिए आपातकाल लगाया, जिससे स्वतंत्रता का व्यापक हनन हुआ।”

अंत में, उपराष्ट्रपति ने युवाओं को पारंपरिक रास्तों से आगे निकलकर अवसरों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा, “असफलता से कभी न डरें, यह किसी भी प्रयास का स्वाभाविक हिस्सा है। आपके लिए अवसरों का विस्तार हो रहा है।”

उन्होंने कहा, “आज, भारत को निवेश और अवसर के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में देखा जाता है, न केवल सरकारी नौकरियों के कारण बल्कि संभावनाओं के व्यापक क्षितिज के कारण।”

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर, राजस्थान के कुलपति प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

“मेक इन इंडिया” 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक संकल्प को दर्शाता है : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेक इन इंडिया पहल के 10 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि ‘मेक इन इंडिया’ देश को विनिर्माण और नवाचार का केंद्र बनाने के लिए 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने सभी संभव तरीकों से ‘मेक इन इंडिया’ को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया “आज, ‘मेक इन इंडिया’ के 10 वर्ष पूरे हो रहे हैं। मैं उन सभी लोगों की सराहना करता हूं जो पिछले एक दशक से इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। ‘मेक इन इंडिया’ हमारे देश को विनिर्माण और नवाचार का केंद्र बनाने के लिए 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक संकल्प को दर्शाता है। यह उल्लेखनीय है कि विभिन्न क्षेत्रों में निर्यात में वृद्धि हुई है, क्षमता का निर्माण हुआ है और इस प्रकार, अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।

भारत सरकार सभी संभव तरीकों से ‘मेक इन इंडिया’ को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सुधारों में भारत की प्रगति भी जारी रहेगी। हम सब मिलकर एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी “मेक इन इंडिया” अभियान की 10 वीं वर्षगांठ पर सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने नागरिकों के जीवन में व्यापक बदलाव लाने वाले इस अभियान के सफलतम 10 वर्ष पूर्ण होने पर समस्त मध्यप्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए आभार माना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनोमी बनाते हुए वर्ष 2047 तक विकसित और शक्तिशाली भारत के संकल्प की सिद्धि में “मेक इन इंडिया अभियान” निर्णायक सिद्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वोकल फॉर लोकल के मंत्र के साथ इस अभियान ने देश की क्षमता और दक्षता में ऐतिहासिक वृद्धि करते हुए विकास और समृद्धि के नए-नए प्रतिमान गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 10 वर्ष में अपने विजन” मेक इन इंडिया” के संकल्प को साकार करके दुनिया को दिखाई दिया है कि राष्ट्र निर्माण का दृढ़ संकल्प लिया जाए तो शिक्षा,स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, रक्षा, विज्ञान, कृषि, रोजगार, डिजिटल इंडिया और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आत्मनिर्भता हासिल की जा सकती है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि “मेक इन इंडिया” अभियान ने न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है, बल्कि भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में भी स्थापित किया है। नया भारत, स्वदेशी के मूल मंत्र के साथ दुनिया की बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से गतिमान है।

 

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आई.आई.टी. दिल्ली और डी.आर.डी.ओ.मिल कर बनाएंगे हल्के वज़न वाले बुलेट प्रूफ़ जैकेट

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर ‘एबीएचईडी (एडवांस्ड बैलिस्टिक्स फॉर हाई एनर्जी डिफीट)’ के नाम से हल्की बुलेट प्रूफ जैकेट तैयार की हैं। ये जैकेट आईआईटी, दिल्ली में स्थित डीआरडीओ उद्योग अकादमिक उत्कृष्टता केंद्र (डीआईए-सीओई) में तैयार की गई हैं।

ये जैकेट पॉलिमर और स्वदेशी बोरॉन कार्बाइड सिरेमिक सामग्री से बनाई गई हैं। डिजाइन संबंधी विन्यास उच्च स्ट्रेन रेट पर विभिन्न सामग्री के अभिलक्षण पर आधारित है, जिसके बाद डीआरडीओ के सहयोग से उपयुक्त मॉडलिंग और सिमुलेशन किया जाता है।

जैकेट के लिए कवच प्लेट प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक आरएंडडी परीक्षणों पर खरी उतर चुकी हैं। ये जैकेट सर्वाधिक खतरे को झेलने में सक्षम हैं, और भारतीय सेना की संबंधित जनरल स्टाफ गुणात्मक आवश्यकता में निर्दिष्ट अधिकतम वजन सीमा से हल्की हैं। विभिन्न बीआईएस स्तरों के लिए 8.2 किलोग्राम और 9.5 किलोग्राम के न्यूनतम संभावित वजन के साथ सामने और पीछे के कवच वाले ये मॉड्यूलर-डिजाइन जैकेट 360 डिग्री सुरक्षा प्रदान करती हैं।

चयन-मानदंड मैट्रिक्स के आधार पर कुछ भारतीय उद्योगों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और मार्गदशन के लिए चुना गया था। केंद्र तीन उद्योगों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरित करने के लिए तैयार है।

इस उपलब्धि पर डीआईए-सीओई को बधाई देते हुए रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने कहा कि हल्की बुलेट प्रूफ जैकेट डीआरडीओ, अकादमिक जगत और उद्योग जगत की ओर से सफल रक्षा आरएंडडी के प्रभावकारी इकोसिस्टम की उत्कृष्ट मिसाल है।

रक्षा संबंधी अनुसंधान एवं विकास में उद्योग जगत और अकादमिक जगत को शामिल करने के लिए वर्ष 2022 में आईआईटी दिल्ली में स्थित डीआरडीओ के संयुक्त उन्नत प्रौद्योगिकी केंद्र को संशोधित करके डीआईए-सीओई का गठन किया गया था। यह उन्नत प्रौद्योगिकियों पर विभिन्न परियोजनाओं को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाता रहा है जिसमें डीआरडीओ के वैज्ञानिक, अकादमिक शोधकर्ता और उद्योग साझेदार शामिल हैं।

 

किसानों से अनेकों सुझाव हमें मिले हैं, वर्कआउट करके सुझावों को हल करने का पूरा प्रयत्न करेंगे : शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान और किसान संगठनों से संवाद के क्रम की कल दिल्ली में शुरुआत की। चौहान ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा है और किसान की सेवा हमारे लिए भगवान की पूजा है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब 100 दिन की उपलब्धियों की चर्चा मैं कर रहा था, तब यह तय किया था कि हर मंगलवार को किसान या किसान संगठनों से मिलने का क्रम प्रारंभ करूंगा क्योंकि कई बार ऑफिस मैं बैठकर समस्याएं समझ में नहीं आती हैं। जिनकी समस्याएं हैं उनसे सीधे संवाद करना, चर्चा करना और कोई विषय आए तो उसका समाधान करना यह हमारा कर्तव्य है। संवाद के दौरान कृषि मंत्रालय व भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अधिकारी भी शामिल थे।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार काम हो रहा है। कृषि जगत से जुड़ी अनेक योजनाएं पिछले 10 वर्षों में लागू की गई हैंऔर ये क्रम जारी है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में अभी तक 7 बड़ी योजनाएं मंजूर की गई हैं। इन योजनाओं पर केंद्र सरकार 15 हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा। डिजिटल कृषि मिशन के लिए 2817 करोड़ रु दिए जाएंगे और टेक्नालाजी द्वारा कृषि सुधार जारी रहेंगे। किसानों व देश हित में फैसले लिए जा रहे हैं, किसानों के साथ मिल.बैठकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास जारी है। पीएम अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा) 35 हजार करोड़ रु के साथ जारी रखना मंजूर किया है।

शिवराज सिंह ने कहा कि मैंने अलग – अलग किसान संगठनों से बातचीत आरंभ की है। लगभग 50 किसान नेताओं से भेंट की, उनके अनेकों सुझाव हमें मिले हैं, उनमें कुछ फसलों के मूल्य से संबंधित हैं और कुछ फसल बीमा योजना के बारे में हैं। कुछ सुझाव अवारा पशुओं की समस्या और उनके कारण होने वाले नुकसान के बारे में भी हैं। उन्होंने कहा कि नई फसल आने पर कौन से फैसले होने चाहिए, उसके बारे में भी अनेक सुझाव आए हैं।

उन्होंने कहा है कि अधिकारियों के साथ बैठकर सभी सुझावों पर तत्काल गंभीरतापूर्वक से वर्कआउट करेंगे और वर्कआउट करके जो हो सकता है वह करने का पूरा प्रयत्न करेंगे। किसानों की भलाई, उनके उत्थान के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। श्री चौहान ने कहा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में किसान संगठनों से चर्चा हुई है और मोदी सरकार के कई निर्णयों की किसानों ने प्रशंसा की है।

उन्होंने कहा है कि पाम ऑयल पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाकर 27.5% इफेक्टिव हो गई, बासमती से मिनिमम एक्सपोर्ट प्राइस हटाई है, प्याज के निर्यात के लिए एक्सपोर्ट ड्यूटी 40% से घटाकर 20% की गई, वैसे ही तुअर, उड़द और मसूर सरकार पूरी खरीदेगी आदि हाल ही में लिये गये कई फैसलों की किसानों ने प्रशंसा की।

चौहान ने कहा कि किसान से जो संवाद हमने प्रारंभ किया है वह सबके मन को भाया है यह संवाद लगातार जारी रहेगा। हमारे अपने किसानों से हम बात भी करेंगे और उनकी समस्याओं का ईमानदारी से समाधान करने का प्रयास भी हम करेंगे।

उन्होंने पराली प्रबंधन को लेकर कहा कि कई अनुसंधान हुए हैं, मशीनें भी बनी हैं, किसानों को पराली जलानी नहीं पड़ेगी, काट कर पराली का वेस्ट, वेस्ट नहीं वेल्थ बन जाता है। उसका भी हम बेहत्तर उपयोग करेंगे, अवेयरनेंस क्रिएट कर किसानों को कन्वेंस करने की कोशिश करेंगे।

उद्योग क्षेत्र की समस्याएं दूर कर मध्यप्रदेश को आगे ले जाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उद्योग क्षेत्र की समस्याओं को दूर कर मध्यप्रदेश को फार्मा सेक्टर सहित अन्य सेक्टर्स में आगे ले जाएंगे। उद्यमशीलता के विकास और औद्योगिक प्रगति के लिए राज्य सरकार के प्रयासों में कमी नहीं रहेगी। यह आवश्यक है कि हर हाथ को काम मिले और रोजगारपरक उद्योगों के विकास में सभी सहभागी बनें। खर्चों में कटौती के साथ आय बढ़ाने के उपाय खोजना भी जरूरी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भोपाल में फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित निवेशक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर फेडरेशन के नव-निवार्चित अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कार्यक्रम भी हुआ। कार्यक्रम में फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार की उद्योग नीतियों की अन्य देशों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशंसा की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने ऐसे उद्योगों की स्थापना पर जोर दिया है जो अधिक से अधिक रोजगार प्रदान कर सकते हैं। इससे राज्य के युवाओं को काम मिलेगा और अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। प्रदेश में संभाग स्तर की इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हो रही हैं। प्रत्येक संभाग में उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में उद्यमशीलता भी विद्यमान है। इन संभावनाओं के दोहन के प्रयास जारी रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत ने गुलामी के दौर में भी अपना स्वाभिमान नहीं खोया। आज से 105 वर्ष पूर्व स्वामी विवेकानंद ने भारत के पुनरोदय की बात कही थी। स्वतंत्रता के बाद भी भारत को गेहूं खरीदने जैसे कार्यों में संघर्ष करना होता था। कुछ प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में भारत ने अनेक कष्ट उठाए। किसी के मौन रहने से तो किसी के विदेशों में सोना गिरवी रखने के फैसले क्षोभ पैदा करते थे। गत दस वर्ष विश्व पटल पर भारत की गरिमा बढ़ाने वाले वर्ष रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था को ग्यारहवें स्थान से पांचवें स्थान पर लाने का कार्य किया है। बहुत जल्द भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। देश- विदेश में प्रत्येक भारतवंशी प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सम्मान का भाव रखता है। प्रधानमंत्री मोदी समय के साथ चलते हैं। उनकी कार्यशैली के लिए अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष आगे बढ़कर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि विभिन्न क्षेत्र के औद्योगिक संस्थानों को राज्य सरकार द्वारा पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रारंभ में फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष आर. एस. गोस्वामी का उद्योगों और राज्य सरकार के मध्य समन्वय कर सेतु की भूमिका निभाने के लिए सम्मान किया। फेडरेशन के नए अध्यक्ष दीपक शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्योगों को दी गई सुविधाओं की प्रशंसा भी वैश्विक स्तर पर होती है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय एवं औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह तथा बड़ी संख्या में फेडरेशन के पदाधिकारी और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

 

पं. दीनदयाल उपाध्यायः स्वावलंबी और समर्थ समाज निर्माण के प्रेरक – डॉ. मोहन यादव

विलक्षण व्यक्तित्व के धनी, ऋषि राजनेता, एकात्म मानव दर्शन तथा अंत्योदय के प्रणेता और हमारे मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चरणों में कोटिशः नमन।

संपूर्ण समाज, मानवता और राष्ट्र के लिये समर्पित श्रद्धेय दीनदयाल जी ने राष्ट्र निर्माण के लिये जो सूत्र दिये हैं वह भारतीय संस्कृति, परंपरा, देशज ज्ञान और एकात्म पर केंद्रित हैं। श्रद्धेय दीनदयाल जी ने जनसंघ की स्थापना से लेकर अंतिम सांस तक, अपने जीवन को यज्ञ में आहुति की तरह समर्पित किया और समग्र कल्याण का दर्शन दिया। इस दर्शन को विश्व एकात्म मानव दर्शन के रूप में जानता है।

पंडित जी मौलिक विचारक थे। उनका कहना था कि हमारी विरासत हजारों साल पुरानी है। हमें अतीत से प्रेरणा लेनी है और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। उनका मानना था, जब समाज आत्म-निर्भर होगा तभी स्वाभिमानी होगा और जब स्वाभिमानी होगा तभी स्वावलंबी होगा। वे कहते थे, हमें देशानुकूल होने के साथ युगानुकूल भी होना है।

मौलिक भारतीय चिंतन के आधार पर विकास के लिये पंडित दीनदयाल जी ने एकात्म मानव दर्शन दिया। एकात्म मानव दर्शन में व्यक्ति के सुख की समग्र परिकल्पना की गई है। इसमें शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय तथा एकात्मता का विचार है। यह दर्शन समस्त मानव के उत्थान पर केंद्रित है। इसमें सहज, सरल और सरस समाज निर्माण का मार्ग है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का सबका साथ, सबका विकास और सबका कल्याण इसी अवधारणा का प्रकटीकरण है।

पंडित दीनदयाल जी ने अपने व्याख्यानों में विकास और निर्माण का मंत्र दिया। वे कहते थे, स्वाभिमानी बनो! अपने पुरुषार्थ से स्वाभिमानी कैसे बना जाये, वह इसका भी उल्लेख करते थे। उन्होंने देश-दुनिया को चतुर्पुरुषार्थ की संकल्पना दी। ये पुरुषार्थ हैं धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष। यह चतुर्पुरुषार्थ मन, बुद्धि, आत्मा और शरीर के संतुलन से संभव हैं। इनके द्वारा ही एक आदर्श समाज और आदर्श राष्ट्र का निर्माण हो सकता है।

पहला पुरुषार्थ धर्म है जिसमें शिक्षा, संस्कार और व्यवस्था है तो दूसरे अर्थ में साधन, संपन्नता और वैभव आता है। अर्थ उपार्जन सही तरीके से हो, इसके लिये पंडित दीनदयाल जी ने मानव धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस तरह धर्मानुकूल, अर्थात उचित मार्ग से अर्थ उपार्जन करने का मार्ग प्रशस्त किया। तीसरा पुरुषार्थ है काम, जिसमें मन की समस्त कामनाएं शामिल हैं। मनुष्य को संतुलित, समयानुकुल और सकारात्मक स्वरूप में कार्य करना चाहिए। चौथा पुरुषार्थ है मोक्ष, अर्थात संतोष की परम स्थिति। यदि व्यक्ति संतोषी होगा तो वह समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार बन सकता है। इन चार पुरुषार्थों की अवधारणा के अनुसार, यदि व्यक्ति और समाज को विकास के अवसर दिये जायें तो स्वावलंबी और समर्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस समाज की परिकल्पना हमारे वेदों में की गई है। यही पंडित दीनदयाल जी की एकात्म मानव दर्शन की मूल अवधारणा है।

पंडित दीनदयाल जी की स्वावलंबी समाज निर्माण की अवधारणा को हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्वकर्मा योजना, आत्मनिर्भऱ भारत, स्टार्टअप इंडिया, वोकल फॉर लोकल, एक भारत-श्रेष्ठ भारत आदि योजनाओं के माध्यम से धरातल पर लाने को प्रयासरत हैं। इन योजनाओं ने समाज को सशक्त बनाया और हर जन की अंतरात्मा को पुरुषार्थ करने के लिये प्रेरित किया है।

अंत्योदय अर्थात समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंत्योदय के लिये जो मार्ग बताया था, वह माननीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में धरातल पर दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी गांव, गरीब, किसान, वंचित, शोषित, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिये संकल्पित हैं। देश के गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में सामाजिक सुरक्षा, मुद्रा, जनधन, उज्ज्वला, स्वच्छता मिशन, शौचालय निर्माण, दीनदयाल ग्राम ज्योति, प्रधानमंत्री आवास, जन औषधि केंद्र तथा आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है।

मुझे यह बताते हुए संतोष है कि हम समाज के सभी वर्गों की सहभागिता के साथ, सबके विकास को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रहे हैं। प्रदेश में प्रत्येक स्तर पर त्वरित पारदर्शी उत्तरदायी तथा संवेदनशील शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से हम हर जन के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिये चार मिशन, युवा शक्ति मिशन, गरीब कल्याण मिशन, किसान कल्याण मिशन और नारी सशक्तिकरण मिशन बनाकर काम करने जा रहे हैं। इससे युवा, गरीब, किसान और महिलाओं के समग्र विकास पर कार्य किया जायेगा। यह मिशन पंडित दीनदयाल जी के अंत्योदय कल्याण के लक्ष्य पूर्ति में सहभागी बनेंगे।

मध्यप्रदेश में गरीब कल्याण के लिये कई योजनाएं और कार्य अमल में लाये जा रहे हैं। इनमें इंदौर की हुकुमचंद मिल के 4 हजार 800 श्रमिक परिवारों को उनका अधिकार दिया गया है। स्वामित्व योजना के माध्यम से 23 लाख 50 हजार लोगों को भू-अधिकार पत्र वितरित किये गये हैं। मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना 2.0 के अंतर्गत 30 हजार 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को 670 करोड़ रुपये से अधिक की अनुग्रह सहायता प्रदान की गई है और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से प्रतिमाह 55 लाख 60 हजार से अधिक हितग्राहियों को पिछले एक वर्ष में लगभग 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पेंशन राशि वितरित की गई। इसी तरह तेंदूपत्ता संग्राहकों का मानदेय 3 हजार रुपये प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर चार हजार रुपये किया गया। पीएम जन-मन योजना से विशेष पिछड़ी जनजातियों को अधोसंरचना, बिजली की उपलब्धता, आहार अनुदान तथा अन्य समुचित व्यवस्था के लिये योजनाएं चलाई जा रही हैं।

पंडित दीनदयाल जी ने एकात्म मानवदर्शन और अंत्योदय से भारत राष्ट्र के कल्याण का जो मार्ग बताया, वह आकार ले रहा है। गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव आये, उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और उनका जीवन सफल हो, ऐसे हर संभव प्रयास करना श्रद्धेय पंडित दीनदयाल जी के दर्शन का मूल भाव है। भारत, वर्ष 2047 तक विश्व की महाशक्ति बनने के संकल्प के साथ प्रगति पथ पर अग्रसर है। भारत को सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के लिये हमें दीनदयाल जी के मौलिक चिंतन और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा को आत्मसात करना होगा।

हमारे पथ प्रदर्शक, मार्गदर्शक, राष्ट्र निर्माण के दृष्टा, विराट समर्पण के प्रतीक, मां भारती की सेवा में जीवनपर्यंत समर्पित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को एक बार पुनः नमन।

 

नोट – लेखक, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सर्वोच्‍च लेखा संस्‍थानों के एशियाई संगठन की 16वीं सभा का किया उद्घाटन

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल नई दिल्ली में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) द्वारा आयोजित 16 वीं एशियाई सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थान संगठन (एएसओएसएआई) के उद्घाटन सभा में भाग लिया। इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में देश के सार्वजनिक वित्त में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में कैग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह अकारण नहीं था कि भारतीय संविधान ने कैग कार्यालय को व्यापक अधिकार और पूर्ण स्वायत्तता प्रदान की है। उन्हें यह जानकर खुशी है कि सीएजी कार्यालय संविधान निर्माताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरा है। यह नैतिक आचरण के सख्त नियमों का पालन करता है जो इसके कामकाज में सर्वोच्च स्तर की ईमानदारी सुनिश्चित करता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के ऑडिट का कार्य पारंपरिक ऑडिटिंग से आगे बढ़कर जन कल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन करना है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे सभी नागरिकों को समान रूप से सेवा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी-संचालित दुनिया में, अधिक से अधिक सार्वजनिक सेवाएं प्रौद्योगिकी के उपयोग से प्रदान की जा रही हैं। इसलिए, ऑडिट को अपने निरीक्षण कार्यों को प्रभावी ढंग से करने में सक्षम होने के लिए तकनीकी विकास के साथ बने रहने की आवश्यकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज हम ऐसे महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग और भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी जैसी उभरती डिजिटल प्रौद्योगिकियां आधुनिक शासन की रीढ़ बन रही हैं। डिजिटल अर्थव्यवस्था और सेवाओं के कामकाज को सहारा देने और बढ़ाने के लिए डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) आधार के रूप में कार्य करती है। डिजिटल पहचान से लेकर ई-गवर्नेंस प्लेटफ़ॉर्म तक डीपीआई, सार्वजनिक सेवाओं और वस्तुओं को अधिक सुलभ, कुशल और समावेशी बनाने के लिए इनकी डिलीवरी में क्रांति ला सकती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में महिलाओं और समाज के कमज़ोर वर्गों की डिजिटल तकनीकों तक पहुँच कम है, डिजिटल कौशल विकसित करने के कम अवसर हैं और डिजिटल अर्थव्यवस्था में उनका प्रतिनिधित्व कम है। यह भेद-भाव न केवल आवश्यक सेवाओं तक उनकी पहुँच को सीमित करता है बल्कि असमानता को भी बढ़ाता है। यहीं पर सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थानों (एसएआई) की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। लेखा परीक्षकों के रूप में, उनकी यह सुनिश्चित करने की अनूठी ज़िम्मेदारी और अवसर है कि डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना को इस तरह से डिज़ाइन और कार्यान्वित किया जाए जो सभी के लिए समावेशी और सुलभ हो।

राष्ट्रपति ने कहा कि वित्तीय दुनिया अक्सर धुंधली लेखा प्रथाओं से घिरी रहती है। इस स्थिति में, स्वतंत्र सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थानों की भूमिका, सार्वजनिक संसाधनों का प्रबंधन कुशलतापूर्वक, प्रभावी ढंग से और पूरी ईमानदारी के साथ किया जाए यह देखना भी है । एसएआई द्वारा लेखा परीक्षा और मूल्यांकन न केवल सार्वजनिक धन की सुरक्षा करते हैं बल्कि शासन में जनता का विश्वास भी बढ़ाते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के सीएजी संस्थान का सार्वजनिक लेखा-परीक्षण का समृद्ध इतिहास रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 16वीं एएसओएसएआई सभा के मेजबान के रूप में एसएआई इंडिया के पास सभा में एकत्रित विद्वानों के विचार-विमर्श के लिए प्रस्तुत करने को बहुत कुछ होगा। उन्होंने 2024 से 2027 की अवधि के लिए एएसओएसएआई की अध्यक्षता संभालने के लिए एसएआई इंडिया को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत सीएजी के कुशल नेतृत्व में, एएसओएसएआई सदस्यों के बीच अधिक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देते हुए नई ऊंचाइयों को छुएगा।

म.प्र. की अर्थव्यवस्था को प्रतियोगी बनाने एशियाई विकास बैंक देगा पूरा सहयोग : एडीबी कंट्री डायरेक्टर मियो ओका

मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था को प्रभावी और प्रतियोगी बनाने के लिये एशियाई विकास बैंक (एडीबी) पूरा सहयोग करेगा। इंडिया रेसीडेंट मिशन का नेतृत्व कर रही एडीबी की कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने कहा कि पिछले ढाई दशकों में मध्यप्रदेश के शानदार प्रदर्शन और बढ़ती अर्थव्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए विकास के नये क्षेत्रों में प्रदेश के साथ भागीदारी को और आगे ले जायेंगे। ओका एशियाई विकास बैंक और मध्यप्रदेश विकास के क्षेत्र में परस्पर सहयोग की 25 साल की साझेदारी की वर्षगांठ पर भोपाल में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रही थी। उल्लेखनीय है कि एडीबी के वित्तीय सहयोग से विकास परियोजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करते हुए मध्यप्रदेश और एशियाई विकास बैंक की 25 सालों की सहभागिता पूरी हुई है। इस अवसर पर पिछले 25 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में एडीबी के निवेश पर केन्द्रित पुस्तिका भी लॉन्च की गई।

एडीबी और मध्यप्रदेश ने विकास के लिये परस्पर सहयोग को रेखांकित करने और भविष्य की रणनीति तय करने एक दिवसीय कार्यशाला में एडीबी और राज्य सरकार की विभिन्न परियोजनाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एडीबी की ओका ने कहा कि मध्यप्रदेश ने एडीबी के वित्तीय सहयोग का विकास परियोजनाओं को क्रियान्वन में लोकहित के लिये सकारात्मक उपयोग किया। भविष्य में इस सहयोग को जारी रखा जायेगा। सहयोग के नये क्षेत्र सामने आये हैं। एग्री-बिजनेस, स्कूली शिक्षा में गुणवत्ता सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मानव संसाधन को कौशल सम्पन्न बनाने और सामाजिक अधो-संरचना एवं प्रबंधन को मजबूत करने जैसे नये क्षेत्रों में सहयोग की आवश्यकता होगी।

मध्यप्रदेश और एडीबी की पार्टनरशिप 1999 में शुरू हुई थी। आज ऊर्जा, परिवहन, शहरी विकास, कृषि, आजीविका निर्माण, जल प्रबंधन और सिंचाई प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में एडीबी की 6 बिलियन यूएस डालर की मदद है। सड़क निर्माण एवं सुधार में 3 बिलियन यूएस डालर से 23 हजार किमी सड़कों का सुधार हुआ है। ऊर्जा क्षेत्र में 1.72 बिलियन यूएस डालर, 140 शहरों के विकास में 800 मिलियन डालर का सहयोग मिला। इससे जल आपूर्ति, सीवरेज, स्वच्छता, वर्षा जल निकासी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार में मदद मिली। इसके अलावा 1 लाख 25 हजार हेक्टेयर में सिंचाई के लिये 375 मिलियन यूएस डालर का सहयोग मिला। युवाओं को तकनीकी कौशल सम्पन्न बनाने में ग्लोबल स्किल पार्क भोपाल के लिए एडीबी ने 150 मिलियन यूएस डालर का सहयोग दिया है।

एडीबी, राज्य की अर्थ-व्यवस्था को और ज्यादा प्रतियोगी बनाने के लिए अध्ययन भी कर रहा है, जिसमें उपयुक्त नीतियों के निर्माण और निवेश बढ़ाकर इसे मजबूत बनाया जा सकता है। इस अध्ययन के आधार पर एडीबी राज्य के अधिकारियों के साथ नये क्षेत्रों में सहभागिता की संभावनाओं की तलाश करेगा।

एडीबी ने मध्यप्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में सुधार करने में भरपूर सहयोग दिया है। इससे ऊर्जा क्षमता में बढ़ोतरी हुई। इस क्षेत्र में वर्ष 2007 से ही एडीबी सहयोग कर रहा है। वर्ष 2012 में ट्रांसमिशन हानि में कमी आना शुरू हो गई थी। आज बिजली प्रदाय निर्बाध रूप से जारी है। अब एडीबी ने नवकरणीय ऊर्जा संरक्षण और उपयोग एवं जलवायु परिवर्तन के खतरों में कमी लाने ग्रीन ईकानामी को बढ़ाने में भी सहयोग के लिए कदम बढ़ाया है।

परिवहन के क्षेत्र में सड़कों के सुधार और मरम्मत में 2.16 बिलियन यूएस डालर से सड़कों का विकास हो रहा है। लोक संसाधन प्रबंधन कार्यक्रम में एडीबी की मंशा है कि राज्य के साथ 25 सालों की लंबी पार्टनरशिप के चलते प्रदेश में जो परिसम्पतियों का निर्माण हो गया है उनका संचालन आगे जारी रखने के संबंध में भी एडीबी ने सहयोग के लिये कदम बढ़ाया है। इसके अलावा भविष्य की जरूरत के अनुसार मानव संसाधन तैयार करने में भी मध्यप्रदेश को सहयोग देगा। इनमें स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और नर्सिंग प्रशिक्षण के नये क्षेत्र हैं।

कार्यशाला में केन्द्रीय आर्थिक मामलों विभाग की संयुक्त सचिव जूही मुखर्जी, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय दुबे, अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्णवाल और प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एडीबी के निलय मितास ने किया।

मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव की आज की व्यस्तताएं

मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव आज प्रातः 10 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर लालघाटी पहुंचेंगे_ और स्वर्गीय उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री जी प्रातः 11 बजे राजभवन पहुंचेंगे और मध्यप्रदेश के नव नियुक्त चीफ जस्टिस के शपथ विधि कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रातः 11.30 नरेला विधानसभा के महामाई मंडल सेमरा के-बूथ क्रमांक 138 व 134 (वार्ड 37 व 38) में आयोजित सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपरान्ह 3.20 बजे भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार को हरियाणा में तीन चुनावों सभाओं को सम्बोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री जम्मू और झारखंड में भी सभाएं कर चुके है।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...