शस्त्र पूजन के साथ मनाया जाएगा दशहरा पर्व – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ष दशहरा पर्व, शस्त्र पूजन के साथ मनाया जाएगा। सभी मंत्री अपने प्रभार के जिलों के पुलिस शस्त्रागार में शस्त्र पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं स्त्री शक्ति और सामर्थ्य को नमन के प्रतीक स्वरूप लोकमाता अहिल्या देवी की राजधानी महेश्वर में दशहरे पर शस्त्र पूजन करेंगें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी 5 अक्टूबर की मंत्रि-परिषद की बैठक दमोह जिले के संग्रामपुर में होगी। यह रानी दुर्गावती के प्रति राज्य सरकार के सम्मान का प्रकृटीकरण है बैठक का आयोजन। उल्लेखनीय है कि संग्रामपुर रानी दुर्गावती की राजधानी रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मं‍त्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में वंदे-मातरम् के गान के साथ मंत्रालय में बैठक आरंभ हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लंदन की T-4 एजुकेशन संस्था द्वारा रतलाम के विनोबा सीएम राइज़ स्कूल को विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार-2024 के नवाचार श्रेणी में शीर्ष तीन फाइनलिस्ट में शामिल होने संबंधी प्रमाण पत्र सौंपा गया। मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने यह प्रमाण पत्र सौंपा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सोयाबीन उपार्जन के लिए नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हो रही है। सभी मंत्री तथा जनप्रतिनिधि अधिक से अधिक कृषकों का नामांकन सुनिश्चित कराएं। समर्थन मूल्य पर गुणवत्ता पूर्ण सोयाबीन का उपार्जन करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि अगली रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव 27 सितंबर को सागर में होगी। इसी क्रम में रीवा, नर्मदापुरम और शहडोल में भी दिसंबर 2024 तक क्षेत्रीय इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कोलकाता में हुए रोड शो और उद्योगपतियों व निवेशकों से चर्चा के सत्र का उत्साहवर्धक प्रतिसाद मिला है। कोलकाता के रोड शो और परिचर्चा सत्र में 700 से अधिक उद्योगपतियों और निवेशकों ने सहभागिता की तथा मध्यप्रदेश में निवेश करने में रुचि दिखाई। कोलकाता के सत्र में हुई चर्चा के परिणामस्वरूप प्रदेश में लगभग 20 हजार करोड़ रूपए का निवेश संभावित है, जिससे लगभग 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। देश के 16 प्रमुख उद्योग समूह प्रदेश में इकाईयां लगाने के इच्छुक हैं। इस क्रम में बिरला समूह द्वारा बड़नगर (उज्जैन) में सीमेंट इकाई लगायी जाएगी। प्रदेश के परम्परागत उद्योगों को भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में पिछले 12 साल में प्रदेश में 14 गुना वृद्धि की है। इस दिशा में अगले दो वर्ष में 14 गुना वृद्धि की संभावना है। इसके लिए प्रदेश में निर्धारित कार्ययोजना का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्रामोन्नयन अभियान के अंतर्गत जनजातीय क्षेत्रों के 51 जिलों के 259 विकासखंडों के 500 से कम जनसंख्या वाले गांवों में आयुष्मान, एलपीजी, मोबाइल मेडिकल यूनिट, कौशल विकास, होम-स्टे, ग्रामीण विद्युतीकरण, टेलीकॉम गतिविधि जैसे कार्यों को क्रियान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास और जनकल्याण के लिए क्रियान्वित की जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों के हितग्राहियों का ग्रामीणों से प्रत्यक्ष परिचय व संवाद कराया जाए।

हर बूथ पर 100 सदस्य बनाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कल बुधवार 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पार्टी के संगठन पर्व का पहला चरण पूर्ण हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी 25 सितंबर को मध्यप्रदेश में अधिकतम सदस्यता दिवस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अलग-अलग बूथों पर पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ सदस्यता अभियान की शुरूआत करेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर कम से कम 100 नए सदस्य बनाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सदस्यता अभियान में रिकॉर्ड बनाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है और जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कल पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह प्रभारी, प्रदेश संगठन महामंत्री सहित सभी पार्टी पदाधिकारी, जनपतिनिधि और कार्यकर्ता अलग-अलग बूथों पर पहुंचेंगे और हर बूथ पर कम से कम 100 सदस्य बनाकर इतिहास रचने का कार्य करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर पहुंचकर हर बूथ पर 100 नए लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 25 सितंबर को अधिकतम सदस्यता दिवस के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल जिले की नरेला विधासभा के महामाई मंडल के बूथ क्रमांक- 138 व 134 पर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा हुजूर विधानसभा के गांधी नगर मंडल के बूथ क्रमांक-53 में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह भोपाल उत्तर विधानसभा के गुरूनानक मंडल के बूथ क्रमांक-46 पर, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक-196 पर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मल्हारगढ़ विधानसभा के मल्हारगढ़ मंडल के बूथ क्रमांक-51 एवं 52 और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला रीवा विधानसभा के बूथ क्रमांक 115 में अधिकतम सदस्यता दिवस के तहत लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद बैतूल में, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विधानसभा इंदौर क्रमांक-1 के लवकुश मंडल में और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक-204 पर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी के संगठन पर्व का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 2 सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्य बनाकर किया था। मध्यप्रदेश में 3 सितंबर को मेरे द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सदस्य बनाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। उसके बाद से यह संगठन पर्व लगातार चल रहा है और कल 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर इसका पहला चरण पूर्ण हो रहा है। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सामूहिक नेतृत्व और टीम भावना के साथ काम करते हुए अब तक मिस्ड कॉल के आधार पर 85 लाख सदस्य बनाए हैं। वहीं, 77 लाख लोग पार्टी के निर्धारित प्रपत्र को भरकर सदस्य बन चुके हैं। श्री शर्मा ने बताया कि अभियान के पहले चरण में हमारा फोकस मॉस मेंबरशिप पर रहा, लेकिन अब अगले चरण में हम अलग-अलग वर्गों, समूहों के लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद युवा, महिला व किस समुदाय के कितने लोग भाजपा सदस्य बनें, यह स्पष्ट होगा। लेकिन अभी तक जितनी सदस्यता हुई है, उसमें हर समाज वर्ग के लोग भाजपा से जुड़े हैं। विशेषकर युवा और महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है के सिद्धांत पर चलकर हर समाज वर्ग को जोड़ने का कार्य करती है। संगठन पर्व में किन्नर समुदाय ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा किसान सदस्य दिवस के दिन प्रदेश में बड़ी संख्या में किसानों को पार्टी का सदस्य बनाया है। युवा मोर्चा ने युवाओं को सदस्यता दिलाने का अभियान चलाया, जिसमें एक दिन में 10 लाख सदस्य बनाए। इससे पहले एक दिन में मध्यप्रदेश भाजपा ने 7 लाख 50 हजार सदस्य बनाए थे। मध्यप्रदेश की कुछ ऐसी विधानसभाएं भी हैं, जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं, लेकिन वहां सदस्यता में बहुत अच्छी प्रगति है। भोपाल की मध्य विधानसभा, उत्तर विधानसभा, सतना, अशोक नगर विधानसभाएं सदस्यता अभियान में टॉप 10 में शामिल हैं।

इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया, दुर्गेश केसवानी, अजय धवले उपस्थित रहे।

चुनाव आयोग ने झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. एस.एस. संधू के साथ रांची में झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव तैयारियों की विस्तृत और व्यापक समीक्षा की। झारखंड में राज्य विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को समाप्त होने वाला है और राज्य में 81 एसी (44 सामान्य; 09 एससी; 28 एसटी) के लिए चुनाव निर्धारित हैं।

23-24 सितंबर को आयोग के दो दिवसीय समीक्षा दौरे के दौरान राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों जैसे आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी, आजसू पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के प्रतिनिधि आयोग से मिलने आए। सभी राजनीतिक दलों ने लोकसभा चुनाव 2024 के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सराहना व्यक्त की।

दो दिवसीय समीक्षा के दौरान आयोग ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ समग्र चुनाव तैयारियों और कानून व्यवस्था के मामलों की समीक्षा की। आयोग ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों में एएमएफ सुनिश्चित किया जाना चाहिए। डीजीपी को सीमावर्ती राज्यों में समकक्षों के साथ नियमित समन्वय बैठकें सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। झारखंड की सीमा 5 राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से लगती है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि कानून और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का क्रियान्वयन बिना किसी पक्षपात के अक्षरशः होना चाहिए।

दूसरे दिन, जिला निर्वाचन अधिकारियों/पुलिस अधीक्षकों/मंडल आयुक्तों/महानिरीक्षकों के साथ चुनाव नियोजन और संचालन के हर पहलू पर विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग ने अपनी बैठक के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और चिंताओं की विशेष रूप से समीक्षा की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने जोर देकर कहा कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी/पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करें, निष्पक्ष आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखें ताकि समान अवसर मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला प्रशासन को मतदाताओं के लिए उत्सवपूर्ण और आरामदायक मतदान अनुभव बनाने की जरूरत है।

डीईओ को मतदाता जागरूकता और आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जोड़ने के लिए मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कहा गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि डीईओ को स्थानीय संस्कृति और तीरंदाजी और हॉकी जैसे खेलों का उपयोग करके स्वीप गतिविधियों का आयोजन करना चाहिए। स्थानीय आदिवासी लोक विषयों के साथ पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं। जागरूकता गतिविधियों के लिए स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों/प्रतीकों को शामिल किया जाना चाहिए। डीईओ को पिछले चुनावों में देखी गई शहरी उदासीनता को दूर करने के लिए बोकारो, धनबाद, रांची आदि जैसे शहरी क्षेत्रों में आउटरीच गतिविधियों को तेज करने के लिए कहा गया। सभी डीईओ और एसपी को फर्जी खबरों के लिए सोशल मीडिया की निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर उचित कानूनी कार्रवाई के साथ तुरंत जवाब देने का निर्देश दिया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी और राज्य पुलिस नोडल अधिकारी ने चुनाव की तैयारियों का विस्तृत विवरण दिया, जिसमें 1 जुलाई को अर्हता तिथि के रूप में राज्य में मतदाता सूचियों का विशेष सारांश संशोधन शामिल है। अंतिम मतदाता सूची 27 अगस्त को प्रकाशित की गई थी, जिसकी एक प्रति सभी मान्यता प्राप्त दलों को निःशुल्क प्रदान की गई थी। विवरण अनुलग्नक ए में संक्षेपित हैं। आयोग ने चुनाव के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सीईओ और एसपीएनओ के साथ कानून और व्यवस्था और बलों की आवश्यकता की विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा बैठकों के दौरान आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की बताई राह पर चल कर साकार होगी सुराज की परिकल्पना – कृष्णमोहन झा

भारतीय राजनीति के क्षितिज पर सन् 1951में भारतीय जनसंघ के रूप में एक नये राजनीतिक दल का उदय हुआ जिसके संस्थापक महान देशभक्त डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी थे। प्रतिकूल राजनीतिक परिस्थितियों में जन्मी उस नवोदित पार्टी की शैशवावस्था से ही उसके लिए अपना खून पसीना एक कर उसे एक विशाल वट वृक्ष के रूप में विकसित करने का सुनहरा स्वप्न जिन देशभक्त युवा नेताओं ने संजोया उनमें एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। विलक्षण प्रतिभाशाली, कुशाग्र बुद्धि,गहन अध्येता ,कुशल संगठक और सदैव सादा जीवन उच्च विचार की राह पर चलने वाले पंडित दयाल उपाध्याय उस समय भी कोई नया चेहरा नहीं थे। पिछले एक दशक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयं सेवक के रूप में पंडित उपाध्याय की अद्भुत संगठन क्षमता और विशिष्ट चिंतन उनकी पहचान बन चुके थे।

भारतीय जनसंघ के महासचिव और राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी के आर्थिक और राजनीतिक चिंतन को नयी दिशा प्रदान की। तत्कालीन राजनीतिक परिदृश्य में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए संघर्षरत एक नयी पार्टी के महासचिव पद और अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालना कोई आसान काम नहीं था परन्तु संकल्प शक्ति के धनी दीनदयाल उपाध्याय पार्टी में अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर भारतीय जनसंघ की सुदृढ़ नींव तैयार करने के लिए तन-मन धन से जुटे रहे । उसका ही परिणाम था कि भारतीय जनसंघ की शैशवास्था में ही उसके लिए ‘होनहार बिरवान के होत चीकने पात’ कहावत प्रयुक्त होने लगी थी। दीनदयाल उपाध्याय के विशिष्ट राजनीतिक, आर्थिक और दार्शनिक चिंतन ने उन्हें जल्द ही भारतीय राजनीति के क्षितिज पर एक देदीप्यमान नक्षत्र के रूप में स्थापित कर दिया। भारतीय जनसंघ की स्थापना के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय मात्र डेढ़ दशक ही जिए परंतु उनका वह सुनहरा स्वप्न आज साकार हो चुका है । कालांतर में भारतीय जनसंघ ने भारतीय जनता पार्टी का रूप ले लिया और आज वह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का कीर्तिमान स्थापित कर चुकी है। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के कर्मठ व्यक्तित्व और गहन चिंतन से प्रभावित होकर कहा था कि अगर भारत के पास दो दीनदयाल होते तो इस देश का राजनीतिक परिदृश्य ही अलग होता। पूर्व प्रधानमंत्री स्व पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की दृष्टि में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ज्ञान का सूर्य थे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय का व्यक्तित्व बहु-आयामी था। उन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित पांचजन्य और राष्ट्रधर्म प्रकाशनों की नींव रखी जो आज राष्ट्रवादी विचार क्रान्ति का माध्यम बन चुकी हैं। वे अनेक ग्रंथों के रचयिता थे जिनमें उनकी विद्वता स्पष्ट परिलक्षित होती है। ये ग्रंथ उनके गहन अध्ययन मनन और चिंतन के परिचायक हैं।दीनदयाल जी ने अप्रैल 1965 में मुंबई में आयोजित भारतीय जनसंघ के अधिवेशन में चार अध्यायों में अनूठे एकात्म मानव दर्शन की जो अवधारणा प्रस्तुत की थी वह उनके निधन के 6 दशक बाद भी प्रासंगिक बनी हुई है।पंडित उपाध्याय के जीवन काल में ही एकात्म मानव दर्शन की अवधारणा देश विदेश में चर्चा और जिज्ञासा का विषय बन गई थी। समय के साथ भारत सहित सभी विकासशील देशों में एकात्म मानव दर्शन की स्वीकार्यता निरंतर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार का मूल मंत्र”सबका साथ सबका विकास” पंडित उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानव दर्शन से ही प्रेरित है। एकात्म मानव दर्शन मानव मात्र और संपूर्ण सृष्टि के संबंध का दर्शन है जिसका उद्देश्य व्यक्ति और समाज की आवश्यकता को संतुलित करते हुए प्रत्येक मानव के लिए गरिमा पूर्ण जीवन सुनिश्चित करना है। यह अवधारणा प्राकृतिक संसाधनों के एकीकृत और संधारणीय उपभोग का समर्थन करती है। एकात्म मानव दर्शन में मनुष्य के अपने परिवेश के साथ संतुलित एकीकरण को प्रमुखता प्रदान की गई है।

दीनदयाल उपाध्याय मानना था कि हर सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े गरीब से गरीब व्यक्ति का कल्याण होना चाहिए। उनके इसी विचार से प्रेरित होकर केंद्र की मोदी सरकार ने दीनदयाल अंत्योदय योजना की शुरुआत की जिसका उद्देश्य कौशल विकास और अन्य उपायों के माध्यम से आजीविका के अवसरों में वृद्धि कर शहरी और ग्रामीण आबादी को समाप्त करना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेकर ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक दशक पूर्व उनके जन्म दिवस 25 सितंबर को प्रतिवर्ष देश में अंत्योदय दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह सिलसिला गत एक दशक से अनवरत रूप से जारी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के प्रति सम्मान स्वरूप केंद्र की मोदी सरकार और विभिन्न राज्यों की सरकारों ने अनेक योजनाएं प्रारंभ की हैं जो उनके द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय संबंधी विचारों से प्रेरित हैं। इसमें दो राय नहीं हो सकती कि विराट व्यक्तित्व के धनी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आर्थिक और राजनीतिक दर्शन को आचरण में उतार कर सुराज की कल्पना को साकार किया जा सकता है।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

जबलपुर नगर-निगम में भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं, बिना कमीशन के कोई काम नहीं हो रहा : जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, भोपाल मध्य के विधायक आरिफ मसूद आज जबलपुर में कांग्रेस द्वारा आयोजित नगर -निगम घेराव कार्यक्रम में शामिल हुये, जहां नेताओं ने जबलपुर में नगर-निगम, बिजली विभाग में लूट और अन्य विभागों द्वारा हो रहे व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार, नगर निगम के अधिकारियों को घेरते हुये उन्हें कटघरे में खड़ा किया।

पटवारी ने कहा कि जबलपुर नगर निगम में बिना कमीशन लिये कोई काम नहीं होता, वहीं बिजली विभाग में भी भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को बड़े-बड़े बिजली के बिल थमाये जा रहे हैं और इस भ्रष्टाचार से भाजपा नेताओं, मंत्रियों के बड़े-बड़े बंगले, फाम हाउस बन रहे हैं, बड़ी-बड़ी गाड़ियां और शान-ए-शौकत के साधन जुटाये जा रहे हैं।

पटवारी ने कहा कि हमारे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी जब जनता की आवाज सदन में उठाते हैं, जातिगत जनगणना की बात करते हैं, महिलाओं, युवाओं, किसानों के लिए न्याय की बात करते हैं तो भाजपा नेताओं द्वारा उनके बारे में अनर्गल प्रलाप करते हुये उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती हैं और मोदी जी चुपचाप बन रहते हैं। यह कैसा देश और प्रदेश चल रहा है। देश लोकतांत्रिक तरीके से चलता है, लेकिन भाजपा नेताओं, अधिकारियों-कर्मचारियों ने जबलपुर में भ्रष्टाचार की सीमा पार कर दी है। आम आदमी से लेेकर कांग्रेस पार्टी के जनप्रतिनिधियों तक से पैसा वसूली की जा रही है।

पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जबलपुर में भ्रष्टाचार किस हद तक पहुंच चुका है। लाड़ली बहना को 1200 देकर पीछे से जीजाजी को 5000 का बिल थमा देते हैं, लाड़ली बहना राशन लेने एक दिन नहीं जा पाती है तो उसे राशन देने से मना कर दिया जाता है। किसानों को 6000 रूपये बोनस, 3100 रूपये धान और 2700 रूपये गेहूं के समर्थन मूल्य की बात भाजपा ने चुनाव में कहीं थी लेकिन वह उससे मुकर गई। नगर निगम 5 साल की सड़क की गारंटी देता है लेकिन यह जगत बहादुर कैसा महापौर, जिसकी 5 महीने की गारंटी भी नहीं रहीं, वह बहादुर हीं नहीं निकला, पीछे के दरवाजे से भाग गया। पीडब्यूडी मिनिस्टर का बंगला बन रहा है 12 करोड़ खर्च हो चुके, आखिर इतनी राशि कहां से आयी? नौ महीने इस सरकार को बने हो गये लेकिन अपने घोषणा पत्र का अध्ययन अभी तक मुख्यमंत्री, मंत्रियों ने नहीं किया। यह कैसी सरकार चल रही है, यह कैसे विचार हैं कि कांग्रेस के लोगों को भाजपा में लाओं और कचरे की तरह डस्टबिन में डाल दो। मतलब भाजपा में जो गया वह डस्टबिन का कचरा हो गया। जबलपुर में जिस तरीके से भ्रष्टाचार फलफूल रहा है 50 प्रतिशत कमीशन नगर-निगम, बिजली विभाग और अन्य सरकार विभागों और ठेके में धड़ल्ले से चल रहा है और जनता को लूटा जा रहा है।

पटवारी ने कहा कि यह महावीर का, भगवान राम, कृष्ण, पैगंबर, गुरु नानक, बुद्ध और बाबा साहब अंबेडकर का देश है और सब ने एक ही बात कही कि यह देश संविधान से चलेगा, प्रेम से चलेगा, मोहब्बत से चलेगा, इस देश में मिलजुल कर भाईचारे से रहना चाहिए। लेकिन आज मोदी के राज में देश में नफरत, घृणा का माहौल बनता जा रहा है।

पटवारी ने कहा कि जबलपुर में बंधक बनाकर गैंगरेप, रीवा में बंधक बनाकर गेंगरेप, अम्बार में 9 साल की बच्ची के साथ बलात्कार, आज दतिया में 15 साल की बेटी के साथ बलात्कार, सतना में 19 साल की बेटी के साथ रेप, और अभी एक 3 साल की आदिवासी बच्ची के साथ रेप हो गया। यह प्रदेश बलात्कार, सामूहिक बलात्कार, हत्या, चोरी, डकैती में मामलों में अपराधों की राजधानी बन गया है। लाड़ली बहना, महिलाऐं और अब बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं की जो सुर्खियां अखबारों में पढ़ने को मिल रही हैं, उससे देश दुनिया में मध्यप्रदेश शर्मसार हो रहा है।

पटवारी ने कहा कि मैं ब्लाक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस का जिला अध्यक्ष, प्रदेश में युवा कांग्रेस अध्यक्ष रहा और अब आप लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी राष्ट्रीय नेतृत्व में मुझे सौंपी है। हम विपक्ष की भूमिका में हैं। हम पूरी ताकत के साथ जनता की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे। मैं प्रदेश की जनता के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दूंगा, आपके लिए खून का आखरी कतरा भी बहाना बड़े तो मैं कभी पीछे नहीं हटूंगा। कांग्रेस के साथियों से मेरा आग्रह है कि जनता की आवाज बनकर लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई लड़ों। जनता के कांग्रेस के पक्ष में विचार बनने लगे हैं लोग मोदी के भाषण नहीं अब राहुल गांधी जी के भाषण सुनने लगे है। भाजपा से लोगों का मोह भंग हो चुका है।

पटवारी ने कहा कि जबलपुर नगर निगम में व्याप्त अनिमितताओ एव बिजली विभाग की लूट के खिलाफ कांग्रेस के इस धरना प्रदर्शन में दिखाई दे रहा यह उमड़ता हुआ जनसैलाब स्पष्ट संकेत दे रहा है कि जबलपुर में भ्रष्टाचार किस हद तक पहुँच चुका है। यहीं हालत पूरे प्रदेश में व्याप्त हैं और कांग्रेस अब चुप बैठने वाली नहीं है।

मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज नहीं सुनना चाहती, बड़े-बड़े वादे किये थे चुनाव में, महिलाओं को 3000 देंगे, अभी सागर में जब मुख्यमंत्री गए थे तो कहा 5000 रूपये दूंगा। मुख्यमंत्री चुनाव जब भी चुनाव आते हैं तो आप वोटों की बोली लगाने लगने लगते हैं। आपसे कहना चाहता हूं कि यदि आप महिलाओं का सम्मान यदि करना चाहते हैं तो आपने जो 3000 का वादा किया था पहले उसे पूरा कीजिए। राहुल गांधी महिलाओं, युवाओं, किसानों की बात करते हैं, अदानी पर आरोप लगाते हैं उनकी कंपनियों पर आरोप लगाते हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी चुप रहते हैं, उस पर प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों है। जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी अपने मुद्दों से हटकर बात करती है, लोकसभा चुनाव में अयोध्या से गायब हो गई। कांग्रेस पार्टी और आम जनता ने समझा की देश संविधान से चलता है।

सिंघार ने कहा कि जबलपुर में महापौर हो, चाहे कमिश्नर हो 60 प्रतिशत कमीशन लेते हैं, तो जबलपुर का विकास कैसे होगा? जब मनमोहन की सरकार थी तो 1919 करोड रुपए आए जबलपुर के विकास के लिए लेकिन आज पूरे जबलपुर को खोखला कर दिया जबलपुर के विकास के नाम पर जिस प्रकार से घोटाले हुए, नगर निगम में जिस प्रकार से भ्रष्टाचार हो रहा है जबलपुर की जनता सब देख रहीं है। और इस भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस पार्टी जबलपुर की जनता के साथ खड़ी हुई है।

धरना-प्रदर्शन, आमसभा में पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक ओमकार मरकाम, विधायक आरिफ़ मसूद, तरुण भनोट, जिला अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, ब्लाक अध्यक्ष, मण्डलम सेक्टर के अध्यक्ष, कांग्रेस पक्ष के जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय नेतागण और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

 

रीवा की बेटी दीप्ति सिंह का अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन विंध्य के लिए गौरव का क्षण: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा की बेटी दीप्ति सिंह के मध्यप्रदेश महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयनित होने पर हार्दिक बधाई दी है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि यह उनके कठिन परिश्रम और दृढ़ निश्चय का परिणाम है, जिसके चलते आज उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि रीवा और पूरे विंध्य क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

उप मुख्यमंत्री ने दीप्ति सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने दीप्ति के परिवारजनों को भी इस गौरवपूर्ण अवसर पर शुभकामनाएं दीं और कामना की है कि वह भविष्य में और भी ऊँचाइयाँ प्राप्त करें।

 

बच्चों से संबंधित अश्लील विडियो देखना और स्टोर करना पॉक्‍सो अधिनियम का उल्लंघन : सर्वोच्च न्यायालय

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि बच्चों से संबंधित अश्लील विडियो देखना पॉक्‍सो अधिनियम का उल्लंघन है। शीर्ष अदालत ने देशभर की सभी अदालतों से कहा है कि वे किसी भी न्यायिक आदेश या फैसले में चाइल्ड पोर्नोग्राफी शब्द का प्रयोग नहीं करें। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कल यह निर्देश मद्रास उच्च न्यायालय के एक फैसले को रद्द करते हुए दिए। मद्रास उच्च न्यायालय के फैसले में कहा गया था कि बच्चों से जुड़ीं अश्लील विडियो देखना पॉक्सो अधिनियम के दायरे में नहीं आएगा।

न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला के फैसले में सुझाव दिया गया है कि चाइल्ड पोर्नोग्राफ़ी के स्थान पर न्यायालय बाल यौन शोषण और दुर्व्यवहार सामग्री (सीएसईएएम) शब्द का प्रयोग करें। सर्वोच्च न्यायालय ने यह भी कहा कि संसद को वैकल्पिक शब्द पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और इस बीच, केंद्र सरकार पॉक्सो अधिनियम में संशोधन के लिए अध्यादेश ला सकती है।

इसी वर्ष मार्च में मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली न्यायपीठ ने मद्रास उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर नोटिस जारी किया था। उच्च न्यायालय ने चेन्नई के 28 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी और आपराधिक कार्यवाही को यह कहकर रद्द कर दिया था कि निजी तौर पर बच्चों की अश्लील वीडियो देखना पॉक्सो अधिनियम के दायरे में नहीं आएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर और देवालयों में यथायोग्य प्रबंधन के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार्मिक भावनाओं और परम्पराओं के अनुरूप आने वाले नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के आयोजन के लिए समुचित प्रबंध किये जाये। प्रदेश के सभी देवालय एवं मंदिरों में यथायोग्य प्रबंधन करने जिला प्रशासन सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का दशहरा और भी आनंदमयी होगा, क्योंकि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर की स्थापना के बाद यह पहला दशहरा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्राद्ध पक्ष की समाप्ति के बाद आगामी 3 अक्टूबर से नवरात्रि का पर्व आरंभ होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीसरी बार की सरकार और हमारी सरकार के माध्यम से प्रारंभ कार्यों के साथ हम धूमधाम से नवरात्रि का पर्व मनाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह हमारा प्रयास होना चाहिए कि इन त्यौहारों को मनाने के पीछे आमजन की मूल धार्मिक भावना आहत न हो है। शक्ति स्वरूप देवी माँ हमको आशीर्वाद दें ताकि सभी सतकर्म कर अच्छे मार्ग पर चल सकें। प्रदेश में देवी लोकों में निर्माण के विविध कार्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिये। देव स्थानों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि सितम्बर माह से हिंदू परम्परा के अनुसार धार्मिक पर्वों का त्रैमास प्रारंभ हो जाएगा। गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली और क्रिसमस जैसे पर्वों के क्रमबद्ध आने से प्रदेश में धार्मिक माहौल और उत्सव का वातावरण प्रारंभ हो जाता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैहर में शारदा माँ, दतिया का पीताम्बरा पीठ, नलखेड़ा की बगलामुखी माता, उज्जैन की हरसिद्धि माता, विदिशा की चेतनपुर की माता जी सहित अन्य धार्मिक स्थान पर परिक्रमा स्थल एवं आने-जाने वाले मार्गों के मरम्मत कार्य तत्काल पूरे किये जायें। पूरा करें, मार्ग पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, पेयजल एवं पुलिस महकमा मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम करें। धार्मिक स्थलों एवं उसके आसपास भी किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्व या उनकी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यथायोग्य प्रबंधन कर इस वर्ष नवरात्रि का पर्व धूमधाम एवं भाईचारे की भावना के साथ मनाया जाए। हमारी प्राचीन एवं सनातनी परम्परा के अनुरूप हर आयोजन शांति और सद्भाव के साथ मनाए जाएंगे।

किरण राव की ‘लापता लेडीज़’ को 97वें आस्कर अवॉर्ड 2025 में श्रेष्ठ विदेशी फिल्म के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुना गया

फिल्‍म निर्माता किरण राव की कॉमेडी ड्रामा फिल्‍म लापता लेडीज़ को श्रेष्‍ठ विदेशी फिल्‍म श्रेणी में ऑस्‍कर पुरस्‍कार 2025 के लिए भारत की अधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। भारतीय फिल्‍म महासंघ ने पुष्टि की है कि असमिया निर्देशक जाहनू बरूआ के नेतृत्‍व में 13 सदस्‍यीय समिति ने आमिर खान और किरण राव द्वारा निर्मित फिल्‍म के चयन पर एकमत से निर्णय लिया। फिल्‍म लापता लेडीज़ पर ज्‍यूरी के साइटेशन में कहा गया है कि लापता लेडीज़ की दुनिया में सुपरिभाषित और सशक्‍त चरित्र भारतीय महिलाओं की विविधता का सटीक चित्रण करते हैं।

इस साल की स्लीपर हिट्स में से एक ‘लापता लेडीज’ ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि होगी। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया कमेटी ने 29 फिल्मों की सूची में से ‘लापता लेडीज’ को ऑस्कर 2025 के लिए आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना है। लापता लेडीज ने हिट हिंदी फिल्म ‘एनिमल’ एवं मलयालम की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘अट्टम’ को पछाड़कर ऑस्कर की रेस में जगह बनाई है।

फिल्म ‘लापता लेडीज’ की पिछले साल टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में पहली स्क्रीनिंग हुई थी, जहां इसे काफी सराहना मिली थी। किरण राव की यह फिल्म मार्च 2024 में सीमित स्क्रीन पर रिलीज हुई थी और दर्शकों ने इसे खूब सराहा था। 5 करोड़ से भी कम बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 25 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। इस बेहतरीन फिल्म के लिए एक्टर नितांशी गोयल, प्रतिभा रांटा, स्पर्श श्रीवास्तव, छाया कदम और रवि किशन की भी खूब तारीफ हुई है। फिल्म बनाने के लिए किरण राव के निर्देशन की भी काफी सराहना की गई।

‘लापता लेडीज’ सुपरस्टार आमिर खान द्वारा निर्मित फिल्म है। फिल्म निर्माता किरण राव फिल्म की सह-निर्माता हैं। यह आमिर खान द्वारा निर्मित चौथी फिल्म है जिसे भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक प्रविष्टि दी गई है। 2001 में रिलीज हुई लगान आमिर खान की पहली प्रोडक्शन फिल्म थी। फिल्म लगान को भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भी भेजा गया था।

पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने मध्यप्रदेश में शूट की गई फिल्म लापता लेडीज को 97वें आस्कर अवॉर्ड 2025 की फॉरेन फिल्म कैटेगरी में भारत की ओर से ऑफिशियली चुने जाने पर बधाई और शुभकामना दी है।

राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को फिल्म शूटिंग का हब बनने की दिशा में बेहतर प्रयास किए जा रहे है। इसके लिए फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो अनुमति के साथ फिल्म पॉलिसी के अंतर्गत सब्सिडी दी जा रही है।मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन की दृष्टि से बहुत ही समृद्ध और उपयुक्त राज्य है, मध्य प्रदेश में वह सब कुछ है जो फ़िल्म निर्माण के लिए आवश्यक है। मध्यप्रदेश की प्राचीन विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं के लिए श्रेष्ठ है।

ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ एप्लिकेशन का शुभारंभ किया

केंद्रीय संचार एवं उत्‍तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री (डीओएनईआर) ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कल नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में आयोजित संचार मंत्रालय और उत्‍तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय के संवाददाता सम्मेलन के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ ऐप का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री महोदय ने मीडिया को सरकार के 100 दिनों के दौरान दोनों मंत्रालयों की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी।

एक पेड़ मां के नाम’ ऐप एक अनूठा मंच है जहां उपयोगकर्ता अपनी मां के सम्मान में एक पेड़ लगा सकते हैं और उसे समर्पित कर सकते हैं। यह ऐप न केवल उपयोगकर्ताओं को पर्यावरणीय स्थिरता में योगदान करने का अवसर प्रदान करता है बल्कि अपनी मां के साथ अपने बंधन का उत्सव मनाने का एक विशेष माध्यम भी प्रदान करता है। इसके उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस के साथ, लोग आसानी से उन पेड़ों की तस्वीरें इस ऐप पर अपलोड कर सकते हैं जिन्हें वे अपनी माताओं को श्रद्धांजलि के रूप में लगा रहे हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ ऐप व्यक्तिगत संबंध के साथ पर्यावरणीय दायित्व को जोड़ता है, जो व्यक्तियों को अपनी मां के सम्मान में हरित ग्रह की दिशा में योगदान करने की अनुमति देता है।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...