ओपन और महिला श्रेणी दोनों में स्‍वर्ण पदक जीतने के लिए पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने की भारतीय दल की सराहना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 45वें शतरंज ओलंपियाड में ओपन और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए भारतीय दल की प्रशंसा की है । उन्होंने पुरुष और महिला शतरंज की टीमों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा है: 45वें #FIDE शतरंज ओलंपियाड में भारत की ऐतिहासिक विजय, हमारी शतरंज टीम ने उत्कृष्ट जीत हासिल की! भारत ने शतरंज ओलंपियाड में ओपन और महिला दोनों वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है! हमारी शानदार पुरुष और महिला शतरंज टीमों को बधाई। इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने भारत की खेल यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। मैं कामना करता हूं कि यह सफलता शतरंज प्रेमियों की कई पीढ़ियों को इस खेल में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वुडापेस्ट में हुए 45वें FIDE चेस ओलम्पियाड में भारतीय पुरूष और महिला शतरंज खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक हासिल करने पर बधाई और शुभकामनाएँ दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय खिलाड़ियों की इस दोहरी स्वर्णिम सफलता पर कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने “बेस्ट चेस नेशन इन द वर्ल्ड” की उपाधि लेकर देश को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के अथक परिश्रम, अद्वितीय प्रतिभा एवं टीम वर्क से ओलंपियाड में भारत को प्राप्त स्वर्ण पदक ने देशवासियों को आनंदित किया है। यह उपलब्धि नव प्रतिभाओं को प्रेरणा देती रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा की भारतीय खिलाड़ी भविष्य में इसी तरह सफलता के नए-नए कीर्तिमान रचते रहेंगे और देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत ने ओपन केटेगरी और विमेंस केटेगरी में गोल्ड मेडल जीते हैं। ओपन एवं विमेंस टीम में 5-5 खिलाड़ी शामिल रहे। भारतीय टीम ने 2 गोल्ड मेडल टीम केटेगरी में जीते। भारत की ओपन टीम में डी. गुकेश, अर्जुन एरिगैसी, पेंटाला हरिकृष्णा, आर. प्रागननंदा और विदित गुजराती शामिल हैं। भारत की विमेंस टीम में तानिया सचदेव, वंतिका अग्रवाल, हरिका द्रोणावल्ली, वैशाली रेशमबाबू और दिव्या देशमुख ने गोल्ड मेडल दिलाया। इंडिविजुअल केटेगरी में डी. गुकेश, अर्जुन एरिगैसी, वंतिका अग्रवाल और दिव्या देशमुख ने 4 गोल्ड मेडल हासिल किये हैं। इस तरह कुल 6 गोल्ड मेडल भारतीय खिलाड़ियों ने जीते।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में समिट ऑफ द फ्यूचर को संबोधित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि डिजिटल बुनियादी ढांचा व्‍यवधान नहीं बल्कि विश्‍व को जोड़ने वाले पुल की तरह होना चाहिए। कल रात संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा में समिट ऑफ द फ्यूचर के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक हित के लिए भारत अपना डिजिटल बुनियादी ढांचा साझा करने को तैयार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी के सुरक्षित और उत्तरदायी उपयोग के लिए संतुलित नियमन आवश्‍यक है। उन्‍होंने कहा कि इस संदर्भ में एक ऐसा वैश्विक प्रशासन जरूरी है जिसमें संप्रभुता और अखंडता पर कोई आंच न आए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मानवता की सफलता एकजुटता शक्ति में निहित है न कि किसी युद्ध भूमि में।

शांति और सुरक्षा पर खतरों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक ओर जहां आतंकवाद वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर साइबर, समुद्री और अंतरिक्ष सुरक्षा पर खतरा नए संकट के रूप में उभर रहा है। श्री मोदी ने कहा कि इन सभी मुद्दो पर वैश्विक कार्रवाई वैश्विक आकांक्षा के अनुरूप होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्‍व के भविष्‍य को लेकर विचार-विमर्श में मानव केन्द्रित दृष्टिकोण को सर्वोच्‍च प्राथमिकता देनी होगी। सतत विकास के साथ-साथ मानव कल्‍याण, खाद्य और स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा भी सु‍निश्चित करनी होगी। भारत में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने का उदाहरण दर्शाता है कि सतत विकास सफल हो सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत सफलता का यह अनुभव विकासशील और अविकसित देशों के साथ साझा करने को तैयार है।

पीएम मोदी और अन्य नेताओं ने वैश्विक विकास को आगे बढ़ाने में डिजिटल प्रौद्योगिकियों की परिवर्तनकारी क्षमता को पहचाना। विदेश मंत्रालय द्वारा परिभाषित डीपीआई में सुरक्षित, साझा डिजिटल सिस्टम शामिल हैं जो सार्वजनिक सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करते हैं। सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों द्वारा सह-निर्मित ये सिस्टम कानूनी ढांचे द्वारा शासित होते हैं, जो निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और मानवाधिकारों को बढ़ावा देते हैं।

अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने बढ़ती वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों, विशेष रूप से साइबरस्पेस, समुद्री और अंतरिक्ष क्षेत्रों को भी संबोधित किया और एक समन्वित वैश्विक कार्रवाई का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा आतंकवाद वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा बना हुआ है, साइबर, समुद्री और अंतरिक्ष जैसे संघर्ष के नए क्षेत्र भी उभर रहे हैं।

बहुपक्षीय वैश्विक संस्‍थाओं में सुधारों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन संस्‍थाओं को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए सुधार आवश्‍यक है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम के रूप में जी-20 में स्‍थाई सदस्‍य के रूप में अफ्रीकी संघ को शामिल किये जाने का उल्‍लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक पृथ्‍वी, एक परिवार, एक भविष्‍य भारत की प्रतिबद्धता है।

आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंदों के लिए संजीवनी से कम नहीं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ नागरिकों से समृद्ध राष्ट्र निर्माण के लिए प्रारंभ की गई ऐतिहासिक ” आयुष्मान भारत योजना” के सफल क्रिन्यान्वयन के 6 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत 6 वर्ष में देश के गरीब नागरिकों को बड़ी और गंभीर बीमारियों से उबरने और निरोग रहने की जो शक्ति मिली है, वो किसी संजीवनी से कम नहीं है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में लगभग 4 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। प्रदेश के एक करोड़ 8 लाख परिवारों को योजना का लाभ मिल रहा है। अब तक 45 लाख प्रकरणों में उपचार सहायता भी दी जा चुकी है। मध्यप्रदेश योजना के क्रियान्वयन में अग्रणी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश के लाखों परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को इस उपयोगी योजना का वृहद स्तर पर लाभ दिलवाया है। देश के करोड़ों हितग्राहियों को लाभान्वित कर चुकी इस योजना का लाभ अब 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी मिलेगा। आयुष्मान भारत – जन आरोग्य योजना के माध्यम से लाभान्वित होने वाले व्यक्तियों का दायरा बढ़ रहा है। अब इस महत्वपूर्ण योजना में नया आयाम जुड़ रहा है, जिसके लिए बुजुर्ग जन अपना आशीर्वाद भी प्रधानमंत्री को दे रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस योजना के संचालन से असंख्य परिवारों को बीमारियों के इलाज पर होने वाले बड़े खर्च से भी बचाया जा सका है। ऐसे लाभान्वित परिवार मोदी जी के आभारी रहेंगे। राज्य सरकार का संकल्प है कि मध्यप्रदेश में अधिक से अधिक नागरिकों को अवश्यकता होने पर योजना का लाभ प्राप्त हो।

 

 

मौजूदा राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण झारखंड पिछड़ता जा रहा – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने झारखंड विधानसभा चुनाव में सोमवार को गिरीडीह जिले की गाण्डेय और हजारीबाग जिले की बरकट्टा विधानसभा में परिवर्तन सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपके वोट से सोरेन परिवार सत्ता में आया और जनता व प्रदेश का विकास करने की बजाय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पार्टी, परिवार भ्रष्टाचार में आकंठ डूब गए और अपना विकास करने लगे। मुख्यमंत्री रहते किए गए भ्रष्टाचार के कारण हेमंत सोरेन जेल गए, जेल से छूटते ही दोबारा मुख्यमंत्री बन गए। झारखंड की भोली-भाली जनता जिस पार्टी से प्रदेश के विकास की उम्मीद लगाए बैठी है, वह प्रदेश को लूटने और भ्रष्टाचार में व्यस्त है। झारखंड की जनता रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रही है। आप भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद देकर सेवा का मौका दें, भाजपा झारखंड को विकसित प्रदेश बनाएगी। झारखंड की जनता को खुशहाली देने, समृद्ध प्रदेश बनाने के लिए यहां डबल इंजन की सरकार की जरूरत है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। आप झारखंड में भी भाजपा की सरकार बनाएं, इस प्रदेश को भाजपा विकसित प्रदेश बनाएगी। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार झारखंड के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि झारखंड की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड को समृद्ध बनाने का सपना देखा था। इस क्षेत्र को समृद्ध बनाने के लिए राज्य का गठन किया गया था, लेकिन मौजूदा राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश पिछड़ता जा रहा है। अब समय आ गया है कि इस सरकार को बदला जाए। सरकार आपके वोट से ही बदलेगी, इसलिए आप सभी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को जिताकर सरकार बनाएं। भाजपा झारखंड को आप सभी के सपनों का राज्य बनाने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनता से विकास का वादा करके सत्ता में आने वाले सोरेन परिवार ने जनता की सुध नहीं ली। विरोधी दल के नेताओं ने अपनी पत्नी को चुनाव लड़वाया और झूठ बोलकर वोट ले लिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार और सोरेन परिवार ने किसी भी गरीब जनता का भला नहीं किया। सोरेन परिवार और उनकी पार्टी अपना जेब भरने के लिए भ्रष्टाचार करते रहे। झारखंड जैसे प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण यहां की जनता को दूसरे राज्यों में मजदूरी करने जाना पड़ता है। अब समय आ गया है कि झारखंड की मौजूदा राज्य सरकार के किए गए भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी की उसे सजा दी आए और बदला लिया जाए। यह बदला तभी पूरा हो सकता है, जब आप सोरेन परिवार को सत्ता से हटाकर देश और जनता की सेवा करने वाली भारतीय जनता पार्टी को सेवा को मौका दें। इस बार झारखंड में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आने वाली है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि झारखंड में दिन-प्रतिदिन हिंदुओं की आबादी तेजी से घटती जा रही है, यह हम सबके लिए गंभीर संकेत हैं। मैं आदिवासी अंचल में खड़ा होकर पूरी जिम्मेदारी से कह रहा हूं कि 2011 की जनगणना के आंकड़े देख लीजिए, लगातार हमारी आबादी घटती जा रही है, जबकि अन्य समुदायों की आबादी बढ़ रही है। कांग्रेस के षड्यंत्रों के बाद, अब झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री जिस रास्ते पर जा रहे हैं, वह बहुत खतरनाक है। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने सपना देखा था कि यह प्रदेश अपनी प्राकृतिक संपदा के कारण भारत का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा, लेकिन दुर्भाग्यवश, यह राज्य बेईमानों के हाथों में चला गया और आज झारखंड का नाम सबसे खराब राज्यों में लिया जाता है। अब समय आ गया है कि इस सरकार को बदलकर डबल इंजन की सरकार बनाई जाए, जो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को विकास की दिशा में आगे ले जाएगी। यह हमारा संकल्प है, और इस संकल्प यात्रा के माध्यम से हम हर व्यक्ति को यह बताने आए हैं कि भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करने में विश्वास रखती है। झारखंड की जनता ने पिछले पांच सालों में झूठे वादे करने वालों को देख लिया है, और अब वक्त आ गया है कि उन्हें घर भेजा जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने 55 सालों तक केंद्र में सरकार चलाई, लेकिन कभी आदिवासियों का भला नहीं किया। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल में जनजातीय भाई-बहनों के कल्याण के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने जनजातीय समाज की बहन द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाया। यह हमारी पार्टी का आदिवासी समाज के प्रति समर्पण को दिखाता है। भाजपा सरकार आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय गौरव दिवस बनाकर आदिवासी समाज को सम्मान देने का कार्य किया है। भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है।

भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा के तहत कल भाजपा प्रदेश कार्यालय में पैरालंपिक खिलाड़ियों का करेगी सम्मान

भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। सेवा पखवाड़े के तहत कल मंगलवार को शाम 6 बजे भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में पैरालंपिक खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा भाजपा प्रदेश कार्यालय में 24 सितंबर को सेवा पखवाड़े के तहत पैरालंपिक खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। हाल ही में संपन्न हुए पैरा ओलम्पिक में शामिल खिलाड़ियों पूजा ओझा, कपिल परमार, प्राची यादव एवं रूबीना फ्रांसिस के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनका सम्मान किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा मना रही है, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।

भारतीय सेना को मजबूत करने में सैनिक स्कूल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

पूरे भारत में साझेदारी के आधार पर 100 नए सैनिक स्कूल खोलने के सरकारी दृष्टिकोण के अनुरूप रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज राजस्थान के जयपुर में सैनिक स्कूल का औपचारिक उद्घाटन किया। रक्षा मंत्रालय ने राज्य सरकारों, गैर-सरकारी संगठनों और निजी स्कूलों के सहयोग से इन 100 स्कूलों में से 45 स्कूलों को मंजूरी दे दी है। इनमें से चालीस (40) स्कूलों में पढ़ाई बाकायदा शुरू हो गई है, और सैनिक स्कूल, जयपुर उनमें से एक है।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में विश्वास व्यक्ति किया कि यह स्कूल राज्य के देशभक्त युवाओं के लिए वरदान साबित होगा क्योंकि उन्हें सशस्त्र बलों में शामिल होने और देश की सेवा करने के लिए उचित मार्गदर्शन व आवश्यक बुनियादी ढांचागत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा, “राजस्थान महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान, महाराज सूरजमल और सवाई जय सिंह जैसे शूरवीरों की भूमि है। ये वीर नायक युवा पीढ़ी के लिए सेना में शामिल होने के लिए प्रेरणा हैं। यह नया सैनिक स्कूल उन्हें अपनी मातृभूमि की सेवा करने की सटीक दिशा प्रदान करेगा।”

राजनाथ सिंह ने कहा कि पीपीपी मॉडल को आमतौर पर ‘सार्वजनिक-निजी भागीदारी’ के रूप में माना जाता है, लेकिन अब यह सहयोग अपनी मानक परिभाषा से परे हट रहा है और इसे अब ‘निजी-सार्वजनिक भागीदारी’ के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘निजी क्षेत्र अब देश की अर्थव्यवस्था में चालक की भूमिका में है, जो कृषि, विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों में व्‍यापक योगदान दे रहा है। इन नए सैनिक स्कूलों के माध्यम से निजी और सार्वजनिक क्षेत्र एकजुट होंगे तथा हमारी भावी पीढ़ियों को सर्वोत्तम शिक्षा प्रदान करेंगे।’

शिक्षा को राष्ट्र के विकास में सबसे अहम बताते हुए रक्षा मंत्री ने बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित करने की दिशा में सैनिक स्कूलों द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विशेष प्रकाश डाला जिससे कि एक मजबूत भावी पीढ़ी तैयार हो सके। उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि सैनिक स्कूल न केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उन्‍हें अनुशासन, देशभक्ति और साहस का पाठ भी पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास उन्हें राष्ट्र को आगे ले जाने के लिए प्रेरित करता है।

राजनाथ सिंह ने इस तथ्य का उल्लेख किया कि वर्तमान थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेनाध्यक्ष एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी सैनिक स्कूल, रीवा के प्रतिभाशाली विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूलों के विद्यार्थी न केवल सशस्त्र बलों में बल्कि किसी भी अन्य क्षेत्र में अपना करियर चुन सकते हैं और अपने तरीके से देश की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे कभी भी हार न मानें तथा अपने इच्छित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करते रहें।

साझेदारी मोड में 100 नए सैनिक स्कूल पूर्ववर्ती पैटर्न के तहत पहले से ही चल रहे मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों के अलावा हैं। ये नए स्कूल संबंधित शिक्षा बोर्ड से संबद्ध होने के अलावा सैनिक स्कूल सोसायटी के तत्वावधान में काम करेंगे और इसके नियम-कायदों का पालन करेंगे। ये नए स्कूल अपने नियमित संबद्ध बोर्ड पाठ्यक्रम के अलावा सैनिक स्कूल पैटर्न के छात्रों को अकादमिक प्लस पाठ्यक्रम की शिक्षा प्रदान करेंगे।

पाठ्यक्रम में मूल्य-आधारित पहल शामिल हैं जैसे कि महिला-पुरुष समानता और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर बहस, कौशल-आधारित प्रशिक्षण, पाठ्येतर कार्यकलापों, सामुदायिक सेवा, शारीरिक प्रशिक्षण, एनसीसी, पर्यटन और भ्रमण और प्रेरक वार्ता शामिल हैं। अकादमिक प्लस पाठ्यक्रम का उद्देश्य छात्रों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है ताकि उन्हें राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने वाला सदस्य बनाया जा सके।

सितंबर 2023 में सैनिक स्कूल सोसायटी, रक्षा मंत्रालय ने भवानी निकेतन पब्लिक स्कूल, जयपुर में एक नया सैनिक स्कूल खोलने के लिए भवानी निकेतन शिक्षा समिति के साथ एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।

सैनिक स्कूल, जयपुर के उद्घाटन के अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और राजस्थान सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर (सेवानिवृत्त) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के लिए नागरिकों के समग्र विकास का किया है कार्य : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि विकसित भारत के लिए स्वस्थ भारत मूलभूत कड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के लिए समस्त नागरिकों के समग्र विकास के लिए कार्य किया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कुशलता, रोजगार-स्वरोजगार के अवसर सभी क्षेत्रों में जन-हितकारी योजनाओं से सभी नागरिकों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा गया है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सिविल अस्पताल डॉ. कैलाशनाथ काटजू भोपाल में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के 6 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयुष्मान पखवाड़े का औपचारिक शुभारंभ किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक की प्रधानमंत्री मोदी चिंता करते हैं। बुजुर्ग नागरिकों ने देश के निर्माण में सहभागिता की है, उनके योगदान का सम्मान किया गया है। अब बुजुर्ग नागरिकों के इलाज का खर्चा सरकार वहन करेगी।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश के 1 करोड़ 8 लाख पात्र परिवारों के 4 करोड़ 70 लाख नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। हाल ही में, मध्य प्रदेश ने 4 करोड़ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पात्र परिवारों में 99.81 प्रतिशत का कम से कम एक आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों जैसे बैगा, भारिया और सहरिया नागरिकों के आयुष्मान कार्ड मिशन मोड में बनाए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि 22 लाख से अधिक हितग्राही इस योजना में निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार से लाभान्वित हुए हैं। राज्य में 1,000 से अधिक अस्पताल इस योजना में संबद्ध हैं। योजना में 7 हज़ार 200 करोड़ रुपये से 45 लाख पीड़ितों के उपचार का अनुमोदन किया गया हैं।

प्रदेश में आयुष्मान भारत “निरामयम्” योजना का विस्तार कर विशेष पिछड़ी जनजाति, भोपाल गैस त्रासदी पीड़ित और अन्य वंचित वर्गों को भी योजना का पात्र बनाया गया है। शीघ्र ही समस्त दुर्घटना पीड़ित को आयुष्मान योजना में शामिल किये जाने का प्रावधान किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने योजना के क्रियान्वयन में प्रयास करने वाले समस्त अधिकारियों कर्मचारियों और नागरिकों को उत्कृष्ट उपचार प्रदान करने वाले चिकित्सकीय, सहायक चिकित्सकीय स्टॉफ की सराहना की।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आयुष्मान भारत योजना के हितग्राहियों से संवाद किया और उनके अनुभव की जानकारी प्राप्त की। हितग्राही विनोद जैन ने बताया कि उनके हार्ट की बायपास सर्जरी हुई है। यह उपचार उन्हें पूर्णतया निःशुल्क प्राप्त हुआ है। हितग्राही मो. एजाज ने बताया कि विगत 11 महीनों से उनका कैंसर का इलाज चल रहा है और निःशुल्क दवायें भी उपलब्ध हो रही हैं। एक अन्य हितग्राही कमलेश परिहार जिनका बचपन में दुर्घटना से पैर कार्य नहीं कर रहा था उनका निःशुल्क इलाज चल रहा है और आज वे अपने पैरों में खड़े हो सके हैं। नंदिनी ने बताया कि बचपन में चूल्हे से जलकर उनके हाथ कार्य कर नहीं कर रहे थे, आयुष्मान योजना से आज उन्हें उन्नत उपचार प्राप्त हुआ है और प्लास्टिक सर्जरी से आज उनका हाथ कार्य कर रहा है। हितग्राहियों ने इस जनहितैषी योजना के लिए प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार माना है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आयुष्मान भारत योजना में 70 वर्ष के अधिक नागरिकों की पात्रता पर बनाई गई जागरूकता वीडियो फ़िल्म, आयुष्मान योजना जागरूकता गीत और भोपाल एवं सीहोर ज़िले में टेलीमेडिसिन के पायलट प्रोजेक्ट की जागरूकता फ़िल्म को लांच किया। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान और आभा आईडी निर्माण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के स्टॉल का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री ने उपस्थितजनों को आयुष्मान भारत योजना के प्रति जागरूकता लाकर बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।

राज्य मंत्री लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि जब एक आम व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बना तो उन्होंने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति की चिंता की। इसी सोच का परिणाम है कि आमजन को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) निरामयम के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त हुई है। कार्यक्रम को स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी और नगर निगम अध्यक्ष किशन रघुवंशी ने संबोधित किया। स्थानीय जन प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, योजना के हितग्राही उपस्थित थे।

सीईओ आयुष्मान भारत योजना डॉ. योगेश भरसाट ने बताया कि अब आयुष्मान योजना के तहत प्रतिदिन औसतन 6.5 करोड़ रुपये के 4,000 से अधिक निःशुल्क उपचार किए जा रहे हैं। 4 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाकर, 85 प्रतिशत से अधिक पात्र नागरिकों का सत्यापन कर मध्यप्रदेश देश में शीर्ष राज्यों की सूची में शामिल है। उन्होंने बताया कि 99 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड ‘आधार’ द्वारा सत्यापित हैं। आधार द्वारा सत्यापित होने से वास्तविक हितग्राही ही इस योजना का लाभ ले पाएगा। ‘पीएम जनमन’ अभियान अंतर्गत 7 लाख (77 प्रतिशत) बैगा, भारिया एवं सहरिया विशेष पिछड़ी जनजाति हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत योजना के सफल क्रियान्वयन के 6 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश में 20 से 30 सितंबर 2024 तक ‘आयुष्मान पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े में आयुष्मान भारत योजना के लाभ के प्रति जागरूकता लाने, पात्र व्यक्तियों का कार्ड बनवाने का कार्य किया जायेगा। अभियान में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर विशेष फोकस किया जायेगा। आयुष्मान पखवाड़ा में पूरे प्रदेश में जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियां भी होंगी। ‘आपके द्वार आयुष्मान’ अभियान के तहत घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये नामांकन किया जाएगा। पंचायतों और ग्राम सभाओं में सामुदायिक चर्चा और जागरूकता बैठकों का आयोजन होगा। योजना के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले अस्पतालों, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य हितधारकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे।

प्रसिद्ध अभिनेता चिरंजीवी कोनिडेला को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उत्‍कृष्‍ट अभिनेता के पुरस्कार से किया सम्मानित

पूर्व केंद्रीय पर्यटन मंत्री और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता चिरंजीवी कोनिडेला को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा भारतीय फिल्म उद्योग में उत्‍कृष्‍ट अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। हैदराबाद में एक कार्यक्रम में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एक प्रतिनिधि ने अभिनेता को प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाणपत्र में लिखा था कि भारतीय फिल्म उद्योग में उत्‍कृष्‍ट अभिनेता और नर्तक कोनिडेला चिरंजीवी उर्फ ​​​​मेगा स्टार ने 20 सितंबर 2024 को उपलब्धि हासिल की।

सम्मान के लिए सभी को धन्यवाद देते हुए चिरंजीवी ने कहा कि उन्होंने कभी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स हासिल करने की उम्मीद नहीं की थी। उन्होंने कहा कि उनके फिल्मी करियर के इन सभी वर्षों में नृत्य उनके जीवन का हिस्सा बन गया है। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान भी मंच साझा करते हुए नजर आए।

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने आगे कहा, ‘मैं उन्हें अपने बड़े भाई की तरह देखता हूं। जब चिरंजीवी गारू ने मुझे फोन किया और मुझे इस कार्यक्रम में आमंत्रित करना चाहा तो मुझे नहीं पता कि उन्होंने मुझसे क्यों बुलाया था और मैंने उनसे पहले ही कहा था कि आपको केवल ऑर्डर करना है, कोई मांग नहीं है।’ मुझे बहुत खुशी है कि चिरंजीवी को यह सम्मान दिया गया है। मुझे यह जानकर बहुत खुशी हुई और मैं इस शानदार शाम और जश्न का हिस्सा बना।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयार्क में भारतीय प्रवासियों को किया सम्बोधित, कहा- आज भारत नए अवसरों की धरती बन गई है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवासी भारतीयों को राष्‍ट्र-दूत बताते हुए कहा कि वे हमेशा देश के सबसे मजबूत ब्रांड एंबेसेडर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने बीती रात न्‍यूयॉर्क में लांग आइलैंड के नसाऊ कोलेसियम में बड़ी संख्‍या में मौजूद भारतीय समुदाय को संबोधित किया। भारत-अमरीका द्विपक्षीय संबंधों में प्रवासी भारतीयों की भूमिका की सराहना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि विश्‍व के लिए एआई का मतलब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस है लेकिन वे मानते हैं कि एआई अमरीका-भारत की भावना को भी प्रकट करता है। उन्‍होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों ने अमरीका से भारत को और भारत से अमरीका को जोड़ा है तथा उनका कौशल और प्रतिभा बेजोड़ है। प्रधानमंत्री ने अमरीका के राष्‍ट्रपति जो बाइडेन की मेजबानी के लिए उनके प्रति आभार व्‍यक्‍त किया और कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्‍मान है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अमरीका के बोस्‍टन और लॉस एंजिलिस में दो नये भारतीय वांणिज्‍य दूतावास खोलने की घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि इस विस्‍तार में अमरीका में प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता झलक मिलती है। अभी न्‍यूयॉर्क, अटलांटा, शिकागो, ह्यूस्‍टन, सैन फ्रांसिसको और सिएटल में भारत के छह वाणिज्‍य दूतावास हैं। प्रधानमंत्री ने ह्यूस्‍टन विश्‍वविद्यालय में तमिल अध्‍ययन के लिए तिरूवल्‍लुवर पीठ खोले जाने की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ऐसा देश है जहां दर्जनों भाषाओं में संवाद होता है और विश्‍व के सभी पंथ और धर्म हैं, इसके बावजूद लोग एकता के साथ आगे बढ रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि विविधता को समझना, उसे जीना और अपने रोजमर्रा के जीवन में शामिल करना भारतीय संस्‍कृति का हिस्‍सा है।

प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विकसित भारत बनाने के लिए पुष्‍प मंत्र दिया। उन्‍होंने कहा कि पुष्प के पांच स्तंभ मिलकर विकसित भारत का निर्माण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि P का मतलब प्रगतिशील भारत, U का मतलब अजेय भारत, S का मतलब आध्यात्मिक भारत, H का मतलब मानवता प्रथम भारत और P का मतलब समृद्ध भारत है।

देश में जीवंत लोकतंत्र की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में भारत ने दुनिया में सबसे बड़ा मतदान कराया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका मन और मिशन बिल्कुल साफ है और वे सुशासन और समृद्ध भारत के लिए अपना जीवन समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की सोच और दृष्टिकोण में बदलाव के कारण पिछले 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि भारत में विकास एक जन आंदोलन बन रहा है और हर नागरिक इसका भागीदार है। उन्होंने कहा कि भारत आज ‘अवसरों की भूमि’ बन चुका है और देश अब अवसरों का इंतजार नहीं करता बल्कि उन्हें बनाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि केवल दो वर्षों में भारत 5जी का नेटवर्क अमरीका के 5जी नेटवर्क से बड़ा हो गया है और भारत अब स्‍वदेशी 6जी नेटवर्क पर काम कर रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पूरी दुनिया की तुलना में हमारा कार्बन उत्सर्जन नगण्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रकृति के प्रति प्रेम की हमारी परंपरा ने हमारा मार्गदर्शन किया है और भारत, सौर और पवन ऊर्जा क्षेत्रों पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत पेरिस जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने वाला पहला जी-20 देश है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार भारत के हर घर को सौर ऊर्जा वाला घर बनाना चाहती है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के बारे में प्रधानमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने जीवनकाल में कम से कम एक पेड़ जरूर लगाए। भारत के बढ़ते कूटनीतिक कद के बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ की एक मजबूत आवाज है। उन्होंने कहा कि भारत न केवल जीडीपी उन्मुख विकास पर, बल्कि मानव उन्मुख विकास पर ध्यान दे रहा है।

पीएम ने कहा हमने मेड इन इंडिया पर काम किया, आज दुनिया हर दूसरा मोबाइल मेड इन इंडिया का है। हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल उत्पादक हैं। आज हम मोबाइल आयातक से निर्यातक बन गये हैं। अब भारत किसी के पीछे नहीं चलता है अब भारत दुनिया का नेतृत्व करता है। भारत ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्टक्चर (डीपीआई) आज पूरे दुनिया को आकर्षित कर रहा है। अनेक भारतीय डिजीलाॅकर का प्रयोग करते हैं। मेड इंडिया का डिवाइस पूरे दुनिया में बिक रहा है। 17 फीसदी जनसंख्या के साथ दुनिया की 4 फीसदी कार्बन उत्सर्जन करते हैं। यानी कार्बन उत्सर्जन में हमारी हिस्सेदारी बहुत कम है। देश में सोलर कैपिसिटी को हमने 30 गुना ज्यादा बढ़ाया है। पीएम ने आज 21 वीं सदी का भारत एजूकेशन, स्किल और इनोवेशन के दम पर आगे बढ़ रहा है। प्राचीन नालंदा युनिवर्सिटी को हमने नए अवतार में सामने लाया है। हर दिन दो नए कालेज, हर दिन एक नये ITI का निर्माण हो रहा है , भारत में अब 22 एम्स हो गए हैं।

पीएम ने कहा अब दुनिया डिजाइन इन इंडिया का जलवा देखेगी। हम ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बन रहे हैं आज जब भारत ग्लोबल प्लेटफार्म पर कुछ कहता है तो दुनिया सुनती है। आज दुनिया में कुछ होता है आज भारत सबसे पहले रिस्पांड करता है। आज भारत का प्रभाव दुनिया के हर सेक्टर में दिखेगा चाहे ग्लोबल ग्रोथ, पीस , क्लाइमेट सप्लाई चेन को स्कपीडअप करने में हो या स्किल गैप को कम करने में भारत की भूमिका अहम है। भारत की प्राथमिकता दुनिया में दबाव बनाने की नहीं अपना प्रभाव बढ़ाने की है ,हम सूरज की तरह रोशनी देने वाले लोग हैं। हम विश्व के अन्य देशों की तरह दबदबा नहीं बनाते,हम दुनिया की समृद्धि योगदान देने वाले लोग हैं। भारत जीडीपी सेंट्रिक से आगे बढ़कर मानव केंद्रित विकास को बढ़ाने वाले हैं, आजकल भारत में एक पेड़ मां के नाम का अभियान देश के कोने कोने में चल रहा है, ये हमारी जन्मदाता और धरती मां का दोनों का सम्मान है। उन्होंने कहा जल्द ही आप भारत में ओलम्पिक की मेजबानी करता हुआ देखेंगें। आज भारत स्पोर्ट्स, मनोरंजन में पूरी दुनिया का आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

पीएम ने कहा आज हर देश भारत को समझना चाहता है, 300 शिलालेख और मूर्तियां अमेरिका ने भारत को लौटाईं हैं। अभी तक अमेरिका ऐसी 500 धरोहरों को लौटा चुका है। ये भारत की विरासत का सम्मान है। हम भारत और अमेरिका की पाॅर्टनरशिप हर क्षेत्र में बढ़ा रहे हैं। मुझे आपको बताते हुए खुशी रही है हमने अमेरिका में दो नये कांसुलेट खोलने का एलान किया है।

उन्‍होंने यह भी कहा कि आज जब भारत वैश्विक मंच पर कुछ कहता है तो पूरी दुनिया उसे सुनती है। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि यह युग युद्ध का नहीं है। इसकी गंभीरता सभी समझते हैं।

इससे पहले, न्यूयॉर्क के नासाउ कोलेसियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलाकारों ने रंगारंग नृत्य और गायन प्रदर्शनों के साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान देश की विरासत और इसकी वैश्विक उपस्थिति का जश्न मनाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिससे दर्शकों को देश की सांस्कृतिक परंपराओं की व्‍यापक जानकारी मिली। 15 हजार से अधिक लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए। वहां मौजूद लोग प्रधानमंत्री के आने पर और उनके भाषण के बीच मोदी मोदी के नारे लगा रहे थे।

पीयूष गोयल ने इन्वेस्ट इंडिया के सिंगापुर कार्यालय का उद्घाटन किया

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल सिंगापुर में इन्वेस्ट इंडिया के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 4 और 5 सितंबर, 2024 को सिंगापुर की अपनी यात्रा के दौरान वहां इन्वेस्ट इंडिया कार्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी, उसी के बाद, यह कार्यालय का उद्घाटन हुआ। सिंगापुर कार्यालय इन्वेस्ट इंडिया का पहला विदेशी कार्यालय है। यह महत्वपूर्ण कदम निवेश साझेदारी को गहरा करने और वैश्विक निवेशकों के लिए भारत के साथ जुड़ना आसान बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सिंगापुर कार्यालय भारत में निवेश करने की इच्छुक उस क्षेत्र की कंपनियों के लिए एक समर्पित संपर्क केंद्र के रूप में काम करेगा, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, ‘‘सिंगापुर भारत के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है, और यह कार्यालय सिंगापुर और पूरे आसियान क्षेत्र के साथ आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के हमारे प्रयासों में एक नया अध्याय है। हम आने वाले महीनों में इन्वेस्ट इंडिया के और अधिक विदेशी कार्यालय खोलने की योजना बना रहे हैं, इसका उद्देश्य वैश्विक निवेशकों को भारत की गतिशील और बढ़ती अर्थव्यवस्था तक निर्बाध पहुंच प्रदान करना है।’’

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...