ओंकारेश्वर में एकात्मता मूर्ति की स्थापना का पहला वर्षगांठ उत्सव

संपूर्ण भारत को सांस्कृतिक रूप से एकात्मता की डोर में बांधते हुए वेदों के अद्वैत सिद्धांत को प्रकाशित करने वाले जगद्गुरू आद्य शंकराचार्य की वेदांतिक शिक्षाओं और सनातन के लिए उनके योगदान को जनव्यापी बनाने के लिए मध्यप्रदेश के आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास द्वारा ओंकारेश्वर में एकात्म धाम का निर्माण कराया जा रहा है। यह एकात्म धाम ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के किनारे स्थित मांधाता पर्वत पर विकसित किया जा रहा है। इसमें आचार्य शंकर की 108 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना ‘एकात्मता की मूर्ति’ के रूप में की गई है। शनिवार को एकात्मता मूर्ति की स्थापना ‘शंकरावतरण’ की पहली वर्षगांठ को आचार्य शंकर न्यास द्वारा ओंकारेश्वर में वैदिक यज्ञ-अनुष्ठान के साथ मनाया गया। वर्षगांठ के अवसर पर सर्वप्रथम ओंकारेश्वर मंदिर के प्रमुख पुरोहित पंडित डंकेश्वर महाराज द्वारा आद्य शंकराचार्य की प्रतिमा के समक्ष पूजन, रूद्राभिषेक व हवन कराया गया। इसके बाद आर्ट ऑफ लिविंग के बटुकों द्वारा गुरुपूजन, वेदपाठ, आचार्य शंकर विरचित स्तोत्रों का गायन कराया गया। जिसके उपरांत उपस्थित संत-महंतों द्वारा भाष्यकार भगवन आद्य शंकराचार्य की आरती की गई। इस उपलक्ष्य में ओंकारेश्वर के स्वामी नर्मदानंद जी, उत्तरकाशी के स्वामी हरिबृह्मेन्दरानंद तीर्थ जी, स्वामी प्रणवानंद सरस्वती सहित आर्ट ऑफ लिविंग के बटुक व शंकर प्रेमीजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि आद्य शंकराचार्य जब केरल से देश भ्रमण पर निकले तब वह 8 वर्ष की आयु में मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर आए थे। जहां उनका मिलन अपने गुरु गोविंदपाद के साथ हुआ था। आचार्य की गुरुभूमि की इन्हीं स्मृतियों को अविस्मरणीय बनाने के साथ ही शंकर विचार के लोकव्यापीकरण के लिए ओंकारेश्वर में बन रहे एकात्म धाम में आद्य शंकराचार्य जी की 108 फीट की ‘एकात्मता की मूर्ति’ की स्थापना की गई है।

एकात्म धाम में शंकरावतरण की वर्षगांठ पर हुए वेदपाठ के आध्यात्मिक स्वरों से ओंकारेश्वर का गगनमंडल अलौकिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। आयोजन में आचार्य शंकर प्रणीत भाष्य ग्रंथों का अखंड पारायण – ब्रह्मसूत्र, एकादश उपनिषद, एवं श्रीमद्भागवत गीता का पाठ किया गया। आर्ट ऑफ लिविंग के बटुकों द्वारा सामवेद की कौथमी शाखा व यजुर्वेद की मध्यान्दिनी शाखा का पाठ किया गया। साथ ही बटुकों द्वारा शंकर विरचित – गणेश पंचरत्नम, नर्मदाष्टकम, लिंगाष्टकम, तोटकाष्टकम, गुरु अष्टकम आदि स्तोत्रों का पाठ भी किया गया। बटुकों के स्वर से प्रणीत शंकर स्तोत्रों की रसधार में एकात्म धाम में उपस्थित हर अद्वैत प्रेमी मंत्रमुग्ध हो गया।

प्रारंभिक चरण में बीमारी के चिन्हांकन पर सहज उपचार संभव है : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि प्रारंभिक चरण में बीमारी का पता लगने से उसका उपचार संभव है, जबकि तीसरे चरण में बीमारियां घातक हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मधुमेह और अन्य बीमारियों के डायग्नोसिस के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल “रिसर्च सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ़ डायबिटीज इन इंडिया- एमपी चैप्टर” के जबलपुर में आयोजित 9वें वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जिला चिकित्सालय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “राइट टू हेल्थ” के साथ-साथ “राइट टू डायग्नोसिस” भी जरूरी है, ताकि समय पर बीमारी की पहचान हो सके और अंतिम छोर तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डॉक्टरों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया। उन्होंने डॉक्टरों से पवित्र उद्देश्य और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की और कहा कि इस सम्मेलन से जो निष्कर्ष निकलेंगे, वे समाज के लिए लाभकारी होंगे। सम्मेलन में सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा, डॉ. जयंत पांडा, डॉ. मक्कड़, डॉ. परिमल स्वामी, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव सहित देशभर के प्रमुख चिकित्सक उपस्थित थे।

“आचार्य विद्यासागर मेडिकल कॉलेज” होगा सागर मेडिकल कॉलेज का नाम: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सागर मेडिकल कॉलेज का नाम “आचार्य विद्यासागर मेडिकल कॉलेज” होगा। उन्होंने जैन धर्माम्बलम्बियों को बड़ी सौगात देते हुए कहा है कि प्रदेश में जैन कल्याण बोर्ड का गठन किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता से जैन मुनियों को उनके विहार के दौरान नगरीय क्षेत्र या ग्रामीण क्षेत्र में भवन की आवश्यकता होने पर नि:शुल्क भवन सुविधा उपलब्ध करायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास में आयोजित क्षमावाणी महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म और संस्कृति का गौरवशाली इतिहास है। देश-प्रदेश के साथ उज्जैन भी जैन धर्म को हजारों सालों से मानने वाली नगरी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अगले महिने नीमच, मंदसौर और सिवनी में मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जैन समाज के प्रति समर्पण के लिए प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का क्षमावाणी महोत्सव में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोई भी देश उन्नति, प्रगति करता है और सक्षम बनता है तो अपनी संस्कृति का दूसरों पर भी प्रभाव डालना चाहता है। हमें गर्व है कि हमारा देश हमेशा अपनी शक्ति का सदुपयोग करने की दिशा में बढ़ता है, इसमें हमारा दर्शन छुपा है। भारत शक्ति सम्पन्न बनकर अपने नागरिकों का भला करना तथा विश्व के सर्वश्रेष्ठ देशों में शामिल होना चाहता है। हमें गर्व उस समय और होता है जब इतना शक्ति सम्पन्न होकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रूस और यूक्रेन के बीच जाकर शांति का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाई है। कानून व्यवस्था, सुशासन की स्थापना करना सरकार का दायित्व है। राज्य सरकार ने सभी संभागों के अंतर्गत आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। गौशालाओं, गाय को पालने के लिए प्रोत्साहन देंगे। दूध बिक्री पर बोनस देने का निर्णय किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हजारों सालों से हमारे देश के शासकों ने “जियो और जीने दो” की परम्परा का निर्वहन किया। हमने कभी किसी देश पर हमला नहीं किया। किसी को गुलाम नहीं बनाया। यह हमारी परम्परा रही है। कदम-कदम पर हमारी संस्कृति के उदाहरण मिलते हैं। समर्थ, सक्षम और बड़ा आदमी छोटे के प्रति क्षमा का भाव रखें तो सही है। बड़ा आदमी छोटे के प्रति विन्रमता का भाव रखे तो यह वीरता को दर्शाता है। यह भगवान महावीर का दर्शन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जैन धर्म के आचार्यों ने हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया है। जैन मुनियों के माध्यम से जीवन जीने का आनंद, प्रेरणा संबल और सहारा मिलता है।

सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि क्षमा की भावना रखना बड़ी बात है। क्षमा वही कर सकता है जो क्षमतावान और शक्तिमान है। क्षमावाणी हमारी संस्कृति का बड़ा और पवित्रता का पर्व है। सम्पूर्ण जैन समाज देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका में रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव सभी समाजों और वर्गो को साथ लेकर चल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की भावना के अनुरुप सबका साथ – सबका विकास कर रहे हैं।

सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि क्षमावाणी कार्यक्रम का आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं पहल की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैन दर्शन को बढ़ावा देने का कार्य किया है। हमारी संस्कृति का संदेश का यह महत्वपूर्ण पर्व है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सभी त्यौहारों और पर्व को महत्व दे रहे हैं। पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बहुत समय के बाद क्षमावाणी कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास में आयोजित हुआ है।

कार्यक्रम में विधायक उज्जैन अनिल जैन कालूखेड़ा, निवाड़ी विधायक अनिल जैन, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, मंदसौर विधायक विपिन जैन, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा, पूर्व मंत्री जयंत मलैया, पूर्व मंत्री शरद जैन सहित जनप्रतिनिधि और जैन धर्म के अनुयायी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंगलाचरण नृत्य एवं स्वागत गीत और भजनों की प्रस्तुत हुई। क्षमावाणी पर्व से संबंधित लघु वीडियो फिल्म दिखाई गई।

भोपाल शहर को झुग्गी मुक्त करने की शीघ्र बने कार्य योजना : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल शहर को झुग्गी मुक्त करने के लिए समाधाननिकालने के हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पहले भवन तैयार करने का कार्य हो फिर झुग्गियों को खाली कराया जाये ताकि लोगों को परेशानी न हो। इस महती कार्य में जन-प्रतिनिधियों से भी समन्वय हो। झुग्गी मुक्त करने के लिए अक्टूबर तक निविदा पूरी कर कार्य शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सड़कों के स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो सड़कें अधूरी हैं, उन्हें जल्द पूरा करें। सड़कों की निविदा प्रक्रिया होने के बाद अवार्ड समय पर पारित हों। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में भोपाल के विकास संबंधी कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने भोपाल शहर को झुग्गी मुक्त करने की तैयारियों की जानकारी भी ली। कलेक्टर भोपाल ने विकास कार्यों संबंधी प्रेजेंटेशन दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल को मेट्रोपोलिटन सिटी बनाने के उद्देश्य से आगामी 25 वर्षों के प्लान को ध्यान में रखकर इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य पूरे किये जायें। भोपाल मेट्रोपोलिटन विकास प्राधिकरण के प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत रायसेन, मंडीदीप, सलामतपुर और सांची तक का क्षेत्र, राजगढ़ तथा पीलुखेड़ी क्षेत्र, बैरसिया तथा सूखी सेवनिया क्षेत्र के विकास के लिए कार्ययोजना बेहतर ढंग से तैयार की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल शहर सहित जिले के अन्य स्थानों पर फ्लाई-ओवर का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो। भोपाल में बड़े तालाब का स्वरूप प्रभावित हुए बगैर एलिवेटेड कॉरिडोर का प्लान तैयार करें। सीएम राइज स्कूलों का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पतालों के भवन निर्माण समय पर किये जाये। अृमत योजना के कार्यों को निर्धारित कार्ययोजना के तहत पूरा करें। आदमपुर बायो-सीएनजी प्लांट का कार्य और कचरे का निष्पादन आधुनिक तकनीक से पूरा हो। जिले में सीवेज, जल व तालाबों का पुनरोत्थान कार्य के लिए लगभग 1522 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिली है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकारी भवनों में सोलर ऊर्जा से बिजली उत्पादन करें। इस संबंध में अभियान चलाकर भोपाल को आदर्श बनायें। लोगों को प्रेरित किया जाएं, जिससे घरों की छतों पर सोलर पैनल अधिक संख्या में लग सकें। मेट्रो रेल परियोजना के कार्य चरणबद्ध ढंग से पूरे किये जायें। उन्होंने वंदे मेट्रो का प्लान भी तैयार करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस विभाग की आवश्यकताओं के लिए समग्र प्लान बनायें। राजधानी को विकसित करने और ट्रैफिक का प्लान भी बेहतर रूप से बनाया जाये। हाउसिंग बोर्ड, भोपाल विकास प्राधिकरण और स्मार्ट सिटी द्वारा भोपाल के विकास के लिए 25 साल का प्लान तैयार किया जाये। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि उद्योगों और रोजगार के लिए प्रभावी कार्य हो और नीति निवेश के लिए अन्य राज्यों का अध्ययन भी किया जाये।

बैठक में बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग (कोलार) का निर्माण कार्य 305 करोड़ रुपए की राशि से अक्टूबर 2024 तक पूर्ण करना है। इसका 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कलियासोत डेम से न्यू बायपास मार्ग का कार्य 49. 50 करोड़ रुपए से अक्टूबर 2024 तक पूर्ण किया जाना है, जिसका 99 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। भोपाल शहर में 42 करोड़ रूपये की लागत से भदभदा-बिलकिसगंज रोड दिसम्बर 2024 तक पूर्ण किया जाना है, जिसकी लंबाई 6 से 13 कि.मी. तक है। इस रोड का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। पिपलानी बी-सेक्टर खजूरीकलां होते हुए नया बायपास तक फोर लेन सड़क का निर्माण कार्य 25.44 करोड़ रुपए में मार्च 2025 तक पूर्ण होना है, जिसका 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसी तरह भोपाल चिकलोद मार्ग पर 11 मील चौराहे से बंगरसिया तक 2 लेन से 4 लेन करने का उन्नयन कार्य 49 करोड़ रुपए से दिसम्बर 2025 तक पूर्ण होना है, जिसका 0.50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इसी तरह सीपीए-2 विभाग के तहत एम.जी.एम. स्कूल से बायपास को जोड़ने वाले मार्ग का निर्माण 9.39 करोड़ रुपए में दिसम्बर 2025 तक पूर्ण होना है, जिसका कार्य प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने आरोग्य भारती के अखिल भारतीय प्रतिनिधि मंडल सम्मेलन को वुर्चअली किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में केरल के समान प्राकृतिक तथा अन्य वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों पर मेडिकल टूरिज्म को विकसित करने कार्य योजना बनाई जा रही है। इससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में 46 हजार 451 नए पदों को स्वीकृति प्रदान की गई है, साथ ही 800 आयुष आरोग्य मंदिरों का संचालन भी आरंभ हुआ है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज के साथ आयुर्वेदिक संस्थाओं की संख्या अभी ओर बढ़ेगी। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेडिकल या आयुर्वेदिक कॉलेज अवश्य हो और इससे आमजन को इलाज के लिए प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता न रहे। जन-जन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने, लोगों को स्वस्थ जीवन-शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने, रोग-मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में योजना‍बनाने और उनके क्रियान्वयन में राज्य सरकार, आरोग्य भारती का सहयोग व मार्गदर्शन भी प्राप्त करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में आयोजित आरोग्य भारती के अखिल भारतीय प्रतिनिधि मंडल सम्मेलन को समत्व भवन, भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, आरोग्य भारती संस्था के पदाधिकारी तथा केन्द्रीय आयुष मंत्रालय के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मंदसौर, नीमच और सिवनी में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार हो गए हैं, शीघ्र ही इनका लोकार्पण किया जाएगा। प्रदेशवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ही चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को एक करने का निर्णय लिया गया। कोविड काल में रोग से बचने के लिए आयुर्वेदिक विधियों और आयुष काढ़े के प्रभाव से सभी परिचित हैं। भारतीय चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से 5 जिलों बालाघाट, शहडोल, सागर, मुरैना और नर्मदापुरम में जल्द ही आयुर्वेद चिकित्सालय आरंभ किए जाएंगे। राज्य सरकार की आयुर्वेदिक चिकित्सालयों को प्रोत्साहित करने की योजना में समाज के लोगों द्वारा आरंभ किए गए चिकित्सालयों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा। जनजातीय क्षेत्रों में औषधीय खेती को प्रोत्साहित करने के लिए देवारण्य योजना का संचालन किया जा रहा है। औषधीय वनस्पति के प्रति जागरूकता लाने और उनकी मार्केटिंग के लिए हर साल लघु वनोपज मेले भी आयोजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वस्थ राष्ट्र के लिए स्वस्थ ग्राम, स्वस्थ ग्राम के लिए स्वस्थ परिवार और स्वस्थ परिवार के लिए स्वस्थ व्यक्ति होना आवश्यक है। यह प्रसन्नता का विषय है कि आरोग्य भारती समाज में स्वास्थ्य संरक्षण और जागरण के साथ ही शोध आधारित कार्य भी कर रही है। भारतीय परम्परा में पहला सुख निरोगी काया के सिद्धांत को मानते हुए स्वास्थ्य को ही सबसे बड़ा धन माना गया है। आरोग्य भारती संस्था द्वारा समाज में स्वस्थ जीवन-शैली अपनाते हुए रोग-मुक्त जीवन जीने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है, जो अभिनंदनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्था का वार्षिक सम्मेलन मध्यप्रदेश में करने के‍लिए आभार मानते हुए प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आरोग्य भारती की स्मारिका “आरोग्य फलदायकम्” और संस्था की पत्रिका आरोग्य संपदा के भारतीय स्वास्थ्य चिंतन पर केन्द्रित विशेषांक, आरोग्य भारती की डायरी और कैलेंडर का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योगाचार्य पंडित दामोदार लाल शर्मा को “स्व. माधवराव धाक्रस स्वस्थ जीवनशैली” पुरस्कार से सम्मानित किया। अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए। आरोग्य भारती के संरक्षक डॉ. प्रवीण भावसार, अध्यक्ष डॉ. राकेश पंडित भी उपस्थित थे।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि आने वाला कल स्वस्थ, स्वच्छ और श्रेष्ठ भारत का है। भारतीय स्वास्थ्य पद्धतियों को अपनाते हुए रोग-मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में आरोग्य भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस संस्था की सलाह पर ही देश में वैलनेस सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया आरंभ हुई। स्वतंत्रता के बाद हुई देशज चिकित्सा पद्धतियों की अनदेखी और उपेक्षा के कारण इस क्षेत्र में आए अभावों को दूर करने की दिशा में आरोग्य भारती द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय है। सम्मेलन में आरोग्य भारती के डॉ. सत्यप्रकाश बत्रा ने संस्था के उद्देश्यों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

सिंधी सांस्कृतिक गरबे में झूमेगा भोपाल का सिंधी समाज

बार कोड स्कैन होने के बाद गरबा ग्राउंड में होगी प्रतिभागियों की एंट्री

गरबे के तैयारियों को लेकर सिंधी मेला समिति ने किया बैठक का आयोजन

5, 6 ,7, 8 अक्तूबर को सुंदरवन में होगा गरबे का मुख्य आयोजन

भोपाल। इस वर्ष नवरात्र 3 अक्तूबर से प्रारंभ हो रहे है, और नवरात्रि की इस भक्ति को और भी आनंदित करने के लिए सिंधी मेला समिति हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भोपाल के सिंधी समाज के लिए संस्कृति गरबा महोत्सव 2024 में गरबा व डांडिया की धूम रहेगी। रविवार की ईदगाह हिल्स स्थित कबीर कुटिया में सिंधी मेला समिति द्वारा गरबे की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया जिसमें समिति के सदस्यों को उनके उनके कार्यों की ज़िम्मेदारी सौपी गई। इस अवसर पर सिंधी मेला समिति के अध्यक्ष मनीष दरयानी ने बताया कि माँ जगत जननी के आशीर्वाद से सिंधी मेला समिति इस संस्कृतिक गरबे को लेकर अपने 18वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस वर्ष गरबे की व्यवस्था को थोड़ा आधुनिक किया गया है, इस वर्ष प्रतिभागियों के लिए गरबी ग्राउंड में प्रवेश के लिए बार कोड को स्कैन करना अनिवार्य होगा, साथ ही गरबा स्थल पर प्रवेश करने के लिए भी आने वाले अतिथि को अपने पास को स्कैन करने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। यह आयोजन इस वर्ष दिनांक 05, 6 ,7, 8 अक्तूबर को चार दिवसीय गरबे का आयोजन भोपाल के लालघाटी स्थित सुंदरवन गार्डन में साय 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जा रहा है। साथ ही इस गरबे में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को 20 दिन का प्रशिक्षण दिनांक 15 सितंबर से भोपाल के 9 अलग अलग सेंटरो पर प्रशिक्षित कलाकारों द्वारा दिया जा रहा है जिसमें अभ्यर्थियों को गरबा के पारंपरिक नित्य की अलग अलग विधायें सिखाई जा रही है। दरयानी ने बताया कि मुख्य आयोजन के लिये राष्ट्रीय प्राप्त कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है जिनके द्वारा हिन्दी सिंधी गुजराती गीतों की प्रस्तुति दी जायेंगी, जिससे गरबे में सिंधी समाज के लोग गरबा व डांडिया करने का आनंद उठा सकेंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से सिंधी मेला समिति के समिति के संरक्षक के.एल. दलवानी, महासचिव नरेश तलरेजा, घनश्याम पंजवानी, महेश बजाज, सुनील मघवानी, मनोहर लालवानी, , दीपू वाधवानी, शकुन देवसीमा सबनानी, वंदना डुलानी, माया पंजवानी, राजू वाधवानी, राम आसुदानी, कपिल भाटिया, मोहन देवरख्यानी, मनोहर उतवानी, राजेश मेघानी, किरण वाधवानी, सहित समाज के गणमान लोग एवं बड़ी संख्या में मात्रशक्ति उपस्थित हुई।

महात्मा गांधी के देश में अब सत्याग्रह के लिए जगह नहीं : जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आउटसोर्स, अस्थाई, ग्राम पंचायत एवं अंशकालीन कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संगठन को राजधानी भोपाल में कामगार क्रांति आंदोलन अपनी मांगों के लिए किया जाना है। संगठन द्वारा आंदोलन के लिए राज्य सरकार, प्रशासन से स्थान की मांग की जा रही है, लेकिन प्रशासन आंदोलन-प्रदर्शन करने के लिए स्थान की अनुमति नहीं दे रहीं है। इससे साफ जाहिर है कि अब महात्मा गांधी के देश में सत्याग्रह के लिए भी जगह नहीं है। आउटसोर्स, अस्थाई, ग्राम पंचायत एवं अंशकालीन कर्मचारी संयुक्त मोर्चा को आंदोलन करने के लिए जगह नहीं देना राज्य सरकार का तानाशाहीपूर्ण रवैया है।

पटवारी ने कहा कि संगठन के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा द्वारा विगत 2 सितम्बर को कामगार क्रांति आंदोलन के लिए शाहजहानी पार्क, बाबा साहेब अंबेडकर बोर्ड आफिस चौराहा, रानी कमलापति स्टेशन के पास 7 नंबर बस स्टाप के पास आंदोलन के लिए स्थान चाहा गया लेकिन प्रशासन की दोहरी नीति के चलते उन्हें आंदोलन के लिए स्थान नहीं दिया गया। जबकि उक्त आंदोलन में हजारों की संख्या में ग्राम पंचायतों के चौकीदार, भृत्य, पंप आपरेटर, सफाईकर्मी, स्कूलों, छात्रावासों के अंशकालीन, अस्थाई कर्मचारी, निगम मंडल, नगरीय निकाय, सहकारिता के आउटसोर्स, अस्थाई कर्मी, शासकीय विभागों के आउटसोर्स कंप्यूटर आपरेटर, अस्पताल, मेडीकल कालेजों के वार्ड न्याय, सुरक्षाकर्मी, सहित चतुर्थ श्रेणी आउटसोर्स कर्मचारी, मंडियों, राष्ट्रीयकृत एवं सहकारी बैंकों, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, यूनिवर्सिटी, आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक, शिक्षा विभाग के व्यावसायिक प्रशिक्षकों सहित सभी शासकीय अर्द्धशासकीय विभागों के अस्थाई, आउटसोर्स कर्मचारी शामिल होने वाले थे।

पटवारी ने कहा कि इन वर्गों की स्थिति बेहद दुर्भाग्यजनक हैं, 20-20 साल से ये कर्मचारी केवल 4 से 5 हजार रूपये महीने में काम कर रहे हैं। सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स एजेंसियों के मालिक तो 21 वीं सदी के सामंत बनकर बैठे हुये हैं, जिन्हें आउटसोर्स कर्मियों की सुपरवाईजरी करने के लिए एजेंट के रूप में गुण्डे तैयार कर रखे हैं जो इनसे वसूली तो करते ही हैं उनके साथ दुर्भावनापूर्ण व्यवहार भी करते हैं, जिससे इन कर्मचारियों में हमेशा तनाव की स्थिति बनी रहती है। इतना ही नहीं सरकार ने गरीब, दलित, आदिवासी, ओबीसी और मध्यवर्गीय परिवारों से सरकारी नौकरी का अधिकार छीनकर ठेकेदारों के हवाले कर दिया है जो उन्हें तानाशाही रवैये से प्रताड़ित कर रहे हैं।

पटवारी ने कहा कि हर व्यक्ति, संगठन को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है। सरकार किसी के हक और अधिकार की मांगों को दबाने के लिए उसे रौंद नहीं सकती। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता के हक और अधिकार की आवाज उठाने के लिए विपक्ष के साथ अन्याय किया तो यह सरकार को ठीक नहीं होगा। विपक्ष सरकार के सामने जनता की बात रखने के लिए कोई भी ठोस कदम उठा सकता है।

पटवारी ने कहा कि सभी विभागों का 80 प्रतिशत निजीकरण बो चुका है, ऐसी स्थिति में सरकारी विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरी में न सुरक्षा बची है और न ही सरकार का तय न्यूनतम वेतन मिलता है, यह कर्मचारी अब तक के सबसे बडे अन्याय के शिकार हैं और न्याय के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं, जिसके तहत 22 सितंबर को भोपाल में कामगार क्रांति आंदोलन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से हजारों कर्मचारी शामिल होकर न्याय के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

पटवारी ने कहा कि मप्र में 20 साल से चतुर्थ एवं तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती नहीं हुई है, सरकार ने चपरासी, सफाईकर्मी की नौकरी तक नहीं दी गई है, अस्थाई कर्मचारी के रूप में 2-3 हजार रूपए में काम कराया जा रहा है, इन्हें सरकार का तय न्यूनतम वेतन तक नहीं मिलता, इस तरह लाखों कर्मचारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है, जिसके खिलाफ कामगार क्रांति आंदोलन में एकजुट होकर आवाज उठाई जाएगी। नौकरी में सुरक्षा और न्यूनतम 21000 रूपए वेतन की मांग को लेकर 22 सितंबर को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के नेतृत्व में चपरासी, चौकीदार की नौकरी देने में असफल भाजपा सरकार के खिलाफ कामगार क्रांति आंदोलन किया जायेगा, जिसमें प्रदेशभर से हजारों आउटसोर्स कर्मचारी शामिल होंगे।

पटवारी ने कहा कि यदि प्रशासन नीलम पार्क अथवा किसी एक स्थान पर आंदोलन की अनुमति नहीं देता है तो तब सभी कर्मचारी चिनार पार्क के सामने एकत्रित होंगे और वहां से जुलूस लेकर बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष सडक पर बैठ कर शांतिपूर्ण क्रांति आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

नौसेना कमांडरों के सम्मेलन 2024 का दूसरा संस्करण नई दिल्ली के नौसेना भवन में आयोजित किया

नौसेना कमांडरों के सम्मेलन 2024 का दूसरा संस्करण 17 से 20 सितंबर, 2024 तक नई दिल्ली के नौसेना भवन में आयोजित किया गया। इस छमाही सम्मेलन में समकालीन सुरक्षा परिप्रेक्ष्यों व नौसेना की युद्धक क्षमता को और बढ़ाने तथा अन्य सशस्त्र सेनाओं के साथ सैन्य क्रिया-कलापों में तालमेल बिठाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण विचार-विमर्श पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस सम्मेलन का लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे घटनाक्रमों की पृष्ठभूमि में हिन्द-प्रशांत क्षेत्र की भू-रणनीतिक स्थिति का प्रमुख मुद्दों व बिंदुओं के साथ गहन अध्ययन करना है। इसका उद्देश्य नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण विचार-विमर्श के माध्यम से हिंद महासागर क्षेत्र में प्राथमिक प्रतिक्रियाकर्ता एवं पसंदीदा सुरक्षा भागीदार के रूप में भारत की स्थिति को और सशक्त बनाने के लिए भविष्य का रोडमैप तैयार करना तथा आत्मनिर्भरता के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के प्रति अपनी दृढ़ वचनबद्धता व योगदान को प्रदर्शित करना था।

नई दिल्ली स्थित नए नौसेना भवन में आयोजित प्रथम सम्मेलन की शुरुआत नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी के उद्घाटन भाषण के साथ हुई। उन्होंने इस सम्मेलन को भारतीय नौसेना का सबसे महत्वपूर्ण शीर्ष स्तरीय मंच बताया, जहां पर यह सुनिश्चित करने के लिए विचार-विमर्श किये जाते हैं और समाधान ढूंढे जाते हैं कि नौसेना युद्धक परिस्थितियों से निपटने के लिए मुस्तैद, विश्वसनीय, एकजुट तथा भविष्य के लिए तैयार बल बनी रहे। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख ने समकालीन भू-रणनीतिक वातावरण में होते बदलाव के साथ-साथ उभरती हुई विघटनकारी प्रौद्योगिकियों और समुद्री क्षेत्र में विकसित हो रही तमाम रणनीतियों का उल्लेख किया। एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने लघु, मध्यम और दीर्घ अवधि में भारतीय नौसेना के लिए प्रमुख ध्यान दिए जाने वाले क्षेत्रों की चर्चा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के साथ आयुध वितरण पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के साथ ही सभी नौसैनिक मचों, उपकरणों, हथियारों और सेंसरों की युद्ध तैयारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता दोहराई। नौसेना प्रमुख ने तटरक्षक बल और अन्य समुद्री एजेंसियों के साथ घनिष्ठ संपर्क, तालमेल एवं कार्यात्मक संबंधों के माध्यम से समुद्री सुरक्षा तथा तटीय रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतर्कता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने नौसेना मुख्यालय की कमानों व कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे एक संतुलित बहुआयामी एवं सहज नेटवर्क वाले बल के रूप में विकसित होते रहें, जो हमारे राष्ट्रीय समुद्री हितों के लिए किसी भी समय, कहीं भी और किसी भी तरह कार्य करने, उनकी रक्षा करने तथा उन्हें बढ़ावा देने के लिए तैयार हो।

माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 19 सितंबर, 2024 को नौसेना कमांडरों को संबोधित किया और उनसे बातचीत की। रक्षा मंत्री ने हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारतीय नौसेना के प्रयासों की सराहना की और अदन की खाड़ी से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों की सुरक्षा में भारतीय नौसेना द्वारा निभाई गई प्रमुख भूमिका की सराहना की। उन्होंने नौसेना कमांडरों के साथ अनेक प्रणालीगत एवं रणनीतिक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए और उभरती समुद्री चुनौतियों से निपटने के लिए उच्च कौशल तैयारी तथा तत्परता बनाए रखने का उनसे आह्वान किया। माननीय रक्षा मंत्री ने अन्य सेनाओं के साथ जुड़ाव बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

रक्षा मंत्री ने कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में आयोजित टेक डेमो में भाग लिया। भारतीय नौसेना के प्रमुख अनुसंधान एवं विकास संगठन वेपन्स ऐंड इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स इंजीनियरिंग इस्टैब्लिशमेंट (डब्ल्यूईएसईई) सहित विभिन्न एजेंसियों ने स्वायत्त प्रणालियों, विषय संबंधित जागरूकता, सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो और अन्य विशिष्ट तकनीकी उपायों सहित स्वदेशी समाधानों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और अन्य वरिष्ठ सैन्य एवं असैन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

सम्मेलन के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, थल सेनाध्यक्ष और वायुसेनाध्यक्ष ने नौसेना कमांडरों के साथ बातचीत की। इस दौरान, वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रणालीगत सामरिक वातावरण के बारे में अपने आकलन साझा किए तथा राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए तत्परता के स्तर को भी रेखांकित किया। उन्होंने मौजूदा परिवेश के संदर्भ में तीनों सेनाओं के बीच सहभागिता के क्षेत्रों पर प्रकाश डाला, ताकि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों एवं अनिवार्यताओं का सामूहिक रूप से क्रियान्वयन करने के लिए सशस्त्र बलों को और अधिक एकीकृत किया जा सके।

इस सम्मेलन में प्रमुख प्रक्रिया संबंधी, सामग्री, बुनियादी ढांचे, सैन्य-संचालन और मानव संसाधन से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की गई। इसमें समसामयिक और उभरती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों तथा शमन रणनीतियों पर चर्चा भी शामिल थी।

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने गोवा में सीएलएफएमए ऑफ इंडिया की दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन किया

केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह ने गोवा में सीएलएफएमए ऑफ इंडिया की दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन किया। सीएलएफएमए ऑफ इंडिया देश में पशुधन क्षेत्र का सबसे बड़ा संगठन है। इस अवसर पर सीएलएफएमए ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुरेश देवड़ा; पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्यपालन मंत्रालय में पशुपालन आयुक्त डॉ. अभिजीत मित्रा और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के पूर्व संयुक्त सचिव ओ.पी. चौधरी भी उपस्थित थे।

अपने संबोधन में राजीव रंजन ने पशुपालन में घरेलू समाधानों को बढ़ावा देने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने असंगठित डेयरी क्षेत्र को संगठित करने और चारे की कमी को दूर करने के उद्देश्य से जारी कई योजनाओं का भी उल्लेख किया। सीएलएफएमए की पहल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की चर्चाओं से सरकार को नीति-निर्माण में मदद मिलेगी।

सुरेश देवड़ा ने भारतीय अर्थव्यवस्था में पशुधन क्षेत्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह किसानों और पशुपालन से जुड़े लोगों को रोजगार प्रदान करता है। इस उद्योग का सालाना कारोबार 12 लाख करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि अंडे, मांस, दूध और पनीर जैसे उच्च गुणवत्ता वाले पशुधन उत्पादों की दुनिया भर में मांग लगातार बढ़ रही है।

डॉ. अभिजीत मित्रा ने भारत के पशुधन क्षेत्र को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार, उद्योग और अनुसंधान संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में, सीएलएफएमए ऑफ इंडिया ने ओपी चौधरी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया।

 

एनएचआरसी ने केरल की एक चार्टर्ड अकाउंटेंट लड़की की पुणे में उसकी कंपनी में अत्यधिक कार्यभार के कारण हुई कथित मौत का स्वतः संज्ञान लिया

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है कि केरल की एक 26 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट लड़की की 20 जुलाई 2024 को महाराष्ट्र के पुणे में कथित तौर पर अर्न्स्ट एंड यंग में अत्यधिक कार्य करने के कारण मृत्यु हो गई। वह चार महीने पहले ही नौकरी पर आई थी। कथित तौर पर, मां ने नियोक्ता को एक पत्र लिखकर दावा किया है कि लंबे समय तक काम करने से उसकी बेटी के शारीरिक, भावनात्मक और मानसिक स्वास्थ्य पर भारी असर पड़ा है, हालांकि कंपनी ने इस आरोप को खारिज कर दिया है। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय मामले की जांच करवा रहा है।

आयोग ने पाया है कि मीडिया रिपोर्ट काही गई बातें यदि सत्य है तो यह कार्य के दौरान युवा नागरिकों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में गंभीर मुद्दे उठाती है, जो मानसिक तनाव, चिंता और नींद की कमी से पीड़ित हैं, जो अव्यवहारिक लक्ष्यों और समयसीमाओं को पूरा करते हुए उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं, जिसके परिणामस्वरूप उनके मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन होता है। प्रत्येक नियोक्ता का यह प्रमुख कर्तव्य है कि वह अपने कर्मचारियों को सुरक्षित, संरक्षित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करे। उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके साथ काम करने वाले सभी लोगों के साथ सम्मान और निष्पक्षता से पेश आया जाए।

आयोग ने आगे जोर देते हुए कहा है कि व्यवसायों को मानवाधिकारों के मुद्दों के लिए जवाबदेही लेनी चाहिए और वैश्विक मानवाधिकार मानकों को सुनिश्चित करते हुए नियमित रूप से अपने काम और रोजगार नीतियों और विनियमों को अपडेट और संशोधित करना चाहिए। इस मामले में युवा कर्मचारी की दर्दनाक मौत ने संकेत दिया है कि देश में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी हितधारकों द्वारा तत्काल कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

इसके अनुसार, आयोग ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय को नोटिस जारी कर मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग युवा कर्मचारी की मौत से संबंधित इस मामले में कथित तौर पर की जा रही जांच के नतीजे भी जानना चाहेगा। इसके अलावा, आयोग यह भी जानना चाहेगा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और क्या उठाए जाने का प्रस्ताव है। चार सप्ताह के भीतर जवाब मिलने की उम्मीद है।

18 सितंबर, 2024 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक लड़की की मां ने दावा किया है कि उनकी बेटी की मौत व्यापक कार्य संस्कृति को दर्शाती है, जो स्वास्थ्य की कीमत पर कड़ी मेहनत को बढ़ावा देती है। उन्होंने कथित तौर पर कहा है कि मूल्यों और मानवाधिकारों की बात करने वाली एक कंपनी अपने ही एक कर्मचारी के अंतिम संस्कार में शामिल होने से कैसे चूक सकती है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोग ने हरियाणा और तमिलनाडु राज्यों में दो बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा कार्यस्थल पर कथित अनुचित व्यवहार के बारे में मीडिया रिपोर्टों का स्वत: संज्ञान लिया था। दोनों मामले आयोग के समक्ष विचाराधीन हैं। इसके अलावा, आयोग विभिन्न मंचों पर व्यवसायों पर जोर दे रहा है कि वे स्थायी रूप से संचालन करने के लिए अपने संगठनात्मक संस्कृति में मानवाधिकार संरक्षण, सुरक्षा और संरक्षा को एकीकृत करें, तथा इन सिद्धांतों को इस तरह से नीतियां बनाने के लिए विस्तारित करें कि श्रमिकों के कल्याण के लिए एक स्वस्थ कार्य वातावरण बनाया जा सके। पिछले वर्ष आयोग ने मानवाधिकारों के बारे में विभिन्न हितधारकों, विशेषकर व्यवसाय और उद्योग को संवेदनशील बनाने के लिए ‘व्यवसायों में मानवाधिकारों और जलवायु मुद्दों के सामंजस्य’ पर एक सम्मेलन आयोजित किया था। आयोग ने व्यवसाय में मानवाधिकारों के उल्लंघन को बढ़ावा देने वाली विभिन्न प्रथाओं और कार्य करने के माहौल पर गौर करने के लिए एक ‘विशेष मॉनिटर’ भी नियुक्त किया है। आयोग ने व्यवसाय पर्यावरण और मानवाधिकारों से संबंधित मौजूदा कानूनों और विनियमों की समीक्षा करने और सुधार के उपाय सुझाने के लिए विशेष रूप से ‘व्यवसाय और मानवाधिकारों पर एक कोर समूह’ का गठन किया है। इन सूचनाओं के आधार पर, आयोग अपनी सिफारिशें तैयार करने और उन्हें केंद्र और राज्य सरकारों तथा उनकी एजेंसियों को भेजने का इरादा रखता है, ताकि व्यापार और उद्योग में मानवाधिकारों की सुरक्षा और स्वस्थ कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...