प्रसिद्ध मलयालम थिएटर और फिल्म हस्ती कवियूर पोन्नम्मा का केरल में कोच्चि के एक निजी अस्पताल में निधन

प्रसिद्ध मलयालम थिएटर और फिल्म हस्ती कवियूर पोन्नम्मा का आज शाम केरल में कोच्चि के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं। छह दशकों से अधिक लंबे फिल्म और थिएटर करियर में, कवियूर पोन्नम्मा ने 400 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। उन्हें बड़े पर्दे पर एक माँ के रूप में अभिनय के लिए याद किया जाता है।

कवियूर पोन्नम्मा ने मलयालम फिल्म उद्योग में सत्यन, प्रेम नज़ीर, ममूटी और मोहनलाल सहित कई बड़े अभिनेताओं की माँ की भूमिका निभाई। उनकी प्रसिद्ध फिल्मों में कुदुम्बिनी, निमल्यम, थिंकलाज़चा नल्ला दिवासम, किरीदम और हिज़ हाइनेस अब्दुल्ला आदि शामिल हैं। उन्होंने कुछ टीवी धारावाहिकों में भी काम किया। कवियूर पोन्नम्मा ऐसी दूसरी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री हैं जिन्‍हें चार बार केरल राज्य फिल्म पुरस्कार मिला है।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश भर में किसानों के हक में सरकार को नींद से जगाने निकाली किसान न्याय यात्रा

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर किसानों के हक और अधिकारों की मांग को लेकर सरकार को जगाने आज प्रदेश के सभी जिलों में किसान न्याय यात्रा निकाली गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी , पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह इंदौर में आयोजित किसान न्याय यात्रा में शामिल हुये। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिन्दवाड़ा, मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार-धार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह राहुल भैया-भोपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया-झाबुआ, अभा कांग्रेस के सीडब्ल्यसी मेंबर कमलेश्वर पटेल-रीवा, मप्र विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह-भिण्ड, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह-मुरैना, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह-गुना पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा-उज्जैन और पूर्व विधायक नीलाशू चतुर्वेदी-सतना जिले में आयोजित किसान न्याय यात्रा में शामिल हुये।

पटवारी ने प्रदेश के सभी जिलों में किसान न्याय यात्रा के सफल और प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं, प्रदेश के लाखों किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमनागरिको का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस यात्रा में शामिल होकर सरकार की नाक में दम करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि प्रदेश भर में किसानों के साथ किये जा रहे भेदभाव और फसल के उचित मूल्य दिये जाने और खाद-बीज-बिजली के संकट से जूझ रहे किसानों के विभिन्न मुद्दों को लेकर किसान न्याय यात्रा निकाली गई है, जिसमें जनता का प्रदेश के लाखों कांग्रेसजनों, किसानों और आमजनों का अपेक्षित सहयोग मिला है। इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, छतरपुर, टीकमगढ़, कटनी, दमोह, पन्ना, सागर, भिण्ड, मुरैना, शिवपुरी, दतिया, शाजापुर, शहडोल, अनूपपुर, अशोकनगर, झाबुआ, धार, गुना, सतना सहित प्रदेश के सभी जिलों में किसान न्याय यात्रा को भारी जनसमर्थन मिला। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश का किसान, आमजन प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी – किसान विरोधी नीतियों से त्रस्त हैं।

अक्टूबर से शुरू आधुनिक कृषि चाैपाल, वैज्ञानिकों व किसानों के बीच होगा सीधा संवाद : शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल कहा कि अक्टूबर से आधुनिक चौपाल शुरू होगी। अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू हो रही यह चौपाल प्रत्येक माह पहले मंगलवार को सुबह दूरदर्शन व आकाशवाणी पर आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से कृषि विज्ञानी सीधे किसानाें व किसान संगठनाें से संवाद करेंगे। इसमें किसानों को आधुनिक शोध और नई तकनीकों के बारें में की जानकारी दी जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के तीसरे कार्यकाल के पहले साै दिन पूरे हाेने पर आज गुरुवार को नेशनल मीडिया सेंटर में पत्रकाराें काे संबाेधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने बताया कि पर्यावरण में आए बदलावों की वजह से किसानों के सामने आई चुनौतियों को दूर करने की दिशा में प्रयास किए गए। सूखा व बाढ़ जैसी प्राकृतिक चुनौतियों से निबटने के लिए पिछले दिनों 65 फसलों की 109 प्रजातियों के बीज किसानों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। किसानों तक बीज जल्दी पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है। निजी निवेशकों को भी बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि किसानों को यूरिया की बाेरी 2366 रुपये की जगह 266 रुपये और डीएपी की बाेरी 2433 रुपये की जगह 1350 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण इसकी कीमतों को नियंत्रित करने के लिए 2625 करोड़ रुपये का पैकेज केंद्र सरकार ने दिया। केंद्रीय मंत्री ने बताया एक दिन पहले कैबिनेट ने केवल रबी की फसल के लिए 24475 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। फर्टिलाइजर की सब्सिडी के लिए पिछले साल दी गई एक लाख 94 हजार करोड़ रुपये की राशि आंवटित की गई थी। इस वर्ष भी मिलेगी, इसमें कमी नहीं आएगी।

उन्होंने बतााया कि उत्पादन की लागत को घटाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 9.5 करोड़ किसानों को 21 हजार करोड़ सीधे उनके खातों भेजे गए, जो किसान इससे छूट गए थे उनको एक विशेष अभियान चलाकर 25 लाख नए नाम इसमें जोड़े। उन्होंने कहा उत्पादन लागत को कम करने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 7 करोड़ से अधिक किसानों को इसका फायदा पहुंचा है। किसानों को खाद और बीज के लिए कम ब्याज की दरों पर लगभग 4 प्रतिशत की दर से सरकार ऋण उपलब्ध कराती है। इस बार सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए 22 हजार 6 सौ करोड़ का प्रावधन किया है।

कृषि मंत्री के मुताबिक नेशनल पेस्ट सर्विलांस सिस्टम शुरू किया गया है। किसान अपनी फसल की फोटो डाल सीधे विज्ञानियों की सलाह पर फसल में लगी बीमारियों को दूर करने के लिए दवा का उपयोग कर सकते हैं। इससे किसानों को अपनी फसल बचाने में देरी नहीं होगी। राष्ट्रीय नाशीजीवी (कीट) निगरानी प्रणाली (एनपीएसएस) लॉन्च किया गया। जिसके माध्यम से किसान को कीट की सटीक पहचान और प्रबंधन हेतु शीघ्र सलाह दी जाती है।

रतलाम का सीएम राइज स्कूल विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार के फाइनलिस्ट में

मध्यप्रदेश के रतलाम का विनोबा सीएम राइज स्कूल विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार-2024 के नवाचार श्रेणी में शीर्ष फाइनलिस्ट में शामिल हो गया है। दुनिया के अन्य शीर्ष स्कूलों के बीच रैंक में ऊपर आने के बाद अब यह स्कूल शीर्ष स्थान की दौड़ में है। लंदन स्थित टी-4 एजुकेशन संस्था ने आज शीर्ष 3 विद्यालयों की घोषणा की। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप इस अवसर पर विद्यालय पहुँचे और उत्सवी माहौल में शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हम सबके लिये अत्यंत गर्व का विषय है कि सीएम राइज विनोबा स्कूल रतलाम को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की दिशा में नवाचार श्रेणी में मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि सीएम राइज स्कूल मध्यप्रदेश सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य हमारे विद्यालयों को विश्व स्तर पर उत्कृष्टता के केन्द्रों में लाना है। ऐसे विद्यालयों का निर्माण करना है, जो नवाचारी अभ्यासों और मजबूत सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करते हैं।

स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे बच्चे 21वीं सदी के कौशल से सुसज्जित हों और सदी की चुनौतियों के समाधान के लिये तैयार हों। यह उपलब्धियाँ हमारे शिक्षकों, स्कूल लीडर्स, विद्यार्थियों और पूरे समुदाय के अद्भुत समर्पण और प्रयास को दर्शाती हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने शिक्षा विभाग, समर्पित स्कूल लीडर्स, शिक्षकों और इस अद्वितीय उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी लोगों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि रतलाम का सीएम राइज विद्यालय विश्व के विद्यालयों में शीर्ष स्थान हासिल करेगा।

उल्लेखनीय है कि इस श्रेणी में भाग लेने वाले स्कूल यूएसए, यूके, स्पेन, ब्राजील, केन्या और थाईलैण्ड जैसे देशों के भी थे। लंदन स्थित टी-4 एजुकेशन संस्था द्वारा विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार उन स्कूलों को प्रदान किये जाते हैं, जिनके स्कूल लीडर्स, शिक्षक और समुदाय ने अपने विद्यार्थियों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिये अनुकरणीय नेतृत्व और अग्रणी अभ्यासों का प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही उनके माध्यम से अपने समुदायों में सकारात्मक प्रभाव डाला है। इन स्कूलों में प्रमाणिक विशेषज्ञता और उनके कार्य दुनियाभर के हजारों अन्य स्कूलों और समुदायों को प्रेरित करते हैं। पुरस्कार के लिये इन स्कूलों का मूल्यांकन 3 चरणों वाली प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है, जो एक समीक्षा पैनल से शुरू होकर निर्णायक अकादमी के साथ समाप्त होती है। इस प्रक्रिया में वैश्विक विशेषज्ञ शामिल होते हैं। रतलाम का विनोबा सीएम राइज स्कूल वर्ष 2024 में नवाचार के लिये 10 हजार अमेरिकी डॉलर का विश्व का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार जीतने की दौड़ में शामिल है।

वर्ष 1991 में अंबेडकर नगर रतलाम की शहरी झुग्गियों में स्थापित इस स्कूल ने प्रारंभिक दिनों में कम नामांकन और उपस्थिति जैसी चुनौतियों के साथ कार्य शुरू किया। इन चुनौतियों के बावजूद प्रभावी नेतृत्व, शिक्षकों के अथक प्रयास एवं स्कूल शिक्षा विभाग की दूरदर्शी सोच एवं सहयोग के कारण और नवाचारी प्रक्रियाओं को लागू कर समुदाय के भीतर विश्वास हासिल किया। एक आनंदमय तथा रचनात्मक शिक्षण वातावरण के साथ स्कूल ने यह मुकाम हासिल किया है।

भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन गया है – सहकारिता मंत्री अमित शाह

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के शुरूआती 100 दिनों में सहकारिता मंत्रालय द्वारा की गई पहलों पर नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता की I इस अवसर पर केन्द्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह, सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे I इस दौरान अमित शाह ने 2 लाख नई प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS), प्राथमिक डेयरी और मत्स्य सहकारी समितियों के गठन एवं सुदृढ़ीकरण’ पर मार्गदर्शिका’ के साथ, श्वेत क्रांति 2.0 और ‘सहकारिता में सहकार’ (Cooperation Among Cooperatives) पर मानक संचालन प्रक्रिया का शुभारंभ किया।

राष्ट्रीय सम्मलेन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तीसरे टर्म के 100 दिनों में सहकारिता मंत्रालय ने 10 महत्त्वपूर्ण पहल की है, उनमें से आज तीन पहलों को लॉन्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से मांग की जा रही थी कि देश के 15 से अधिक क्षेत्रों में अलग-अलग प्रकार की गतिविधियों से जुड़े सहकारिता आंदोलन को समग्र अप्रोच और समान विकास की दृष्टि से देश के हर गाँव तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता मंत्रालय का गठन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगभग 70 सालों तक यह मांग सत्ता के गलियारों में इधर-उधर घूमती रही, लेकिन आखिरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने सहकारिता मंत्रालय की स्वतंत्र स्थापना का निर्णय लिया। शाह ने कहा कि उनके लिए सौभाग्य की बात है कि मोदी ने उन्हें देश का पहला सहकारिता मंत्री बनने का सम्मान दिया।

अमित शाह ने कहा कि सहकारिता वह शक्ति है जो व्यक्ति की शक्तियों को सामूहिक रूप से लाकर समाज की शक्ति के रूप में परिवर्तित कर देती है। उन्होंने कहा कि सहकारिता का मंत्र यही है कि सब साथ आएं, सबकी अच्छाइयां एकत्रित हों, किसी की कमी दिखाई नहीं दे और सभी की अच्छाइयां राष्ट्र के विकास में सहायक बनें । उन्होंने कहा कि सहकारिता के मंत्र ने कई जगह पर चमत्कारिक परिणाम दिखाए हैं, लेकिन पिछले काफी समय से हमारे देश में सहकारिता आंदोलन अप्रासंगिक बनता जा रहा था। शाह ने कहा कि बीते 70 साल में सहकारिता आंदोलन के मूल तत्व को सहेज कर सहकारिता में जो आवश्यक परिवर्तन करने थे, वह नहीं किए गए जिसके कारण कुछ राज्यों में सहकारिता काफी सफल हुई, कुछ में राज्य सरकार की दया पर निर्भर हो गई और कुछ राज्यों से लुप्त ही हो गई ।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि जब सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया तो उद्देश्य यह था कि देश के हर जिले और गाँव में सहकारिता पुनर्जीवित हो, सहकारिता के क़ानून एवं इसकी कार्य-प्रणालियों और संस्कृतियों को समय अनुकूल बनाकर नए सांचे में ढाला जाए, ताकि इससे 140 करोड़ की आबादी वाले देश में रोजगार प्रदान करने की एक नई शुरुआत हो और न केवल देश संपन्न बने, बल्कि हर व्यक्ति स्वाभिमान के साथ अपना जीवन-यापन कर पाए। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को लेकर पिछले तीन साल में काफी काम हुए, जिसके तहत अब तक 60 से अधिक नई पहल की गई है। शाह ने कहा कि पिछले 100 दिनों में जो 10 पहल की गई है, वे सभी पहल सहकारिता क्षेत्र को परिपूर्ण बनाने में बहुत बड़ा योगदान देंगी। उन्होंने कहा कि इनमें दो लाख, प्राथमिक डेयरी, मत्स्य सहकारी समितियां और PACS, इन तीनों का एक संयुक्त प्रस्ताव बनाकर हमने देशभर में भेजा था। देश की सभी राज्य सरकारों ने इसे स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि दो लाख प्राथमिक सहकारी समितियां रजिस्टर होते ही देश में एक भी पंचायत ऐसी नहीं होगी जहां PACS, डेयरी या मत्स्य सहकारी समिति ना हो। उन्होंने कहा कि ऐसा होते ही पूरे देश में सहकारिता की पहुँच हो सकेगी, जिससे तहसील और जिले की संस्थाएं बनेंगी और राज्य की संस्थाओं को भी नई ताकत और गति मिलेगी।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि पुराने समय में बने PACS बंद हो गए, लेकिन अब जो नए PACS रजिस्टर होंगे वह बंद नहीं होंगे, क्योंकि हमने PACS को 25 अलग-अलग तरह के कामों से जोड़कर इन्हें viable बनाया गया है। उन्होंने कहा कि PACS पहले कृषि के लिए शॉर्ट टर्म लोन देने का काम करते थे, लेकिन अब PACS को डेयरी, मत्स्य, गोदाम, सस्ते अनाज की दुकान, सस्ती दवाइयों की दुकान, पेट्रोल पंप, एलपीजी सिलिंडर, पानी के वितरण जैसी चीजों से जोड़ा गया है। इससे हर पंचायत में बनने वाले PACS हमारे त्रिस्तरीय सहकारी ढांचे को मजबूती देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जब PACS मजबूत होता है, PACS की संख्या बढ़ती है तो जिला सहकारी बैंक अपने आप मजबूत होते हैं, और जिला सहकारी बैंक मजबूत होने से राज्य सहकारी बैंक मजबूत होते हैं।

अमित शाह ने कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 के SoP का विमोचन किया गया है। उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 महिला स्वावलंबन और महिला सशक्तिकरण का काम करेगा। उन्होंने कहा कि दूध के उत्पादन और ख़ास कर सहकारी डेयरियों के साथ माताएं-बहनें जुड़ी हुई हैं। माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने का काम डेयरी क्षेत्र जितना और कोई नहीं कर सकता। शाह ने कहा कि कई राज्यों में ऐसे उदाहरण देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में 36 लाख बहनें डेयरी क्षेत्र से जुड़कर ₹60,000 करोड़ का व्यापार करती हैं। उन्होंने कहा कि अमूल आज पूरे विश्व में खाद्य क्षेत्र में सबसे विश्वसनीय ब्रांड बन गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से श्वेत क्रांति 2.0 महिला सशक्तिकरण करेगा, उसी तरह श्वेत क्रांति 2.0 कुपोषण के खिलाफ जंग को भी ताकत देगा। जब दूध की उपलब्धता बढ़ेगी तो उसका सबसे बड़ा फायदा गरीब और कुपोषित बच्चों को होगा। गुजरात का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मां का स्वभाव है कि अगर घर में पशुपालन हो रहा है और मां डेयरी के साथ जुड़ी है तो वह अपने बच्चे को निश्चित रूप से पहले कुपोषण से मुक्त करने का काम करेगी। शाह ने कहा कि सरकार कितने भी साल प्रयास करे, जब तक मां प्रयास नहीं करे, बच्चे को कुपोषण से नहीं निकाल सकते।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि हमारे घरों में माताएं और बहनें बहुत सारा काम करती हैं, लेकिन इसके बावजूद औपचारिक रोजगार कि दृष्टि से बेरोजगार मानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 ख़ास कर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार देने का काम करेगा। जब महिलाओं के नाम पर बैंक चेक आएगा तो उन्हें बहुत ख़ुशी मिलेगी। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के संकल्प को पशुपालन के व्यवसाय से और मजबूत होगी।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि कृषि योग्य भूमि की उर्वरता बढ़ाने का काम भी पशुपालन के माध्यम से ही होगा। उन्होंने कहा कि इन उद्देश्यों को एक साथ समाहित करते हुए श्वेत क्रांति 2.0 लॉन्च किया गया है। उन्होंने कहा कि कई लोगों को आशंका है कि इस कार्यक्रम के लिए बजट सहायता मिलेगी कि नहीं, इसलिए पशुपालन विभाग को आश्वस्त करता हूँ कि यह सरकार की सर्वाधिक प्राथमिकता वाला क्षेत्र है और इस कार्यक्रम को पूरा बजट मिलेगा।

अमित शाह ने कहा कि एक महत्त्वपूर्ण पहल ‘सहकारिता में सहकार’ के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि इसके तहत हमने गुजरात के दो जिलों पंचमहाल और बनासकांठा में प्रयोग किए। हमने सहकारिता क्षेत्र की सभी संस्थाओं के बैंक अकाउंट सहकारिता बैंक में खोलने का फैसला किया। इसके अलावा प्राथमिक सहकारी समिति और दुग्ध उत्पादक समिति के साथ जुड़ी माताओं बहनों को एक डेबिट और क्रेडिट कार्ड दिया, जिससे वे वित्तीय रूप से मजबूत हुईं । इसके तहत अब तक चार लाख से ज्यादा बैंक अकाउंट कोऑपरेटिव बैंक में खोलने का काम हुआ है और सिर्फ दो जिलों में 550 करोड़ रुपए से अधिक राशि जमा हुई। 1732 माइक्रो एटीएम खुले और 20,000 नए क्रेडिट कार्ड देने का काम हुआ। लगभग 24 लाख के डिजिटल ट्रांजेक्शन नए क्रेडिट कार्ड से हुए। उन्होंने कहा कि अब तक गुजरात में पूरी तरह इसे लागू नहीं किया गया है, लेकिन 9 लाख से अधिक अकाउंट अब तक खुले हैं और करीब 4000 करोड़ रुपए का डिपोजिट कोऑपरेटिव बैंकों में बढ़ा है। इसके तहत कुल 2600 माइक्रो एटीएम बांट दिए गए हैं। अब हम इसे राष्ट्रीय स्तर पर ले जा रहे हैं।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि हमने सुगमता के लिए तय किया है इस कार्यक्रम के लिए जिले को यूनिट बनाएंगे। जिस जिले में सहकारिता का व्यापार अच्छा है, उन जिलों में ‘सहकारिता में सहकार’ के कांसेप्ट को लॉन्च करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी जिले या तहसील पर आप अंगुली रख दें, आपको सहकारी समितियां नज़र आया जायेंगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्रालय के पास पूरे देश की हर पंचायत, हर तहसील, हर जिले और हर राज्य का डेटाबेस है, और साथ ही पूरे राष्ट्र का डेटाबेस है। इससे पता लगाया जा सकता है कि सहकारी समितियां कितनी है, किस प्रकार की है, उसका ऑडिट वर्क कैसा है। उन्होंने कहा कि कोऑपरेटिव डेटाबेस को हमने राज्य सहकारी रजिस्टर और जिलों के सहकारी रजिस्टर और हर जिला कोऑपरेटिव बैंक की ब्रांच में उपलब्ध करा दिया है।

अमित शाह ने कहा कि नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) नई डेयरियां खोलने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि एक वैज्ञानिक आयोजन हमने किया है और इसके लिए सभी प्रकार की एजेंसियां एक साथ मिलकर काम कर रही हैं।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि श्वेत क्रांति के क्षेत्र में भारत पूरी दुनिया में एक सितारा बनकर उभरा है। भारत दुनिया का सबसे ज्यादा दुग्ध उत्पादन करने वाला देश बन चुका है। पशु चारा, बीज, कृत्रिम गर्भाधान, गोबर से आर्थिक स्थिति में सुधार और पशुओं के स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि इसे और भी मजबूत कर डेयरी के जरिये अब विदेशी मुद्रा का अर्जन भी किया जा सकेगा। हम हमारे प्रोडक्ट को विश्व के बाजार में एक्सपोर्ट भी करेंगे और इसके लिए टेस्टिंग उपकरण, बल्क में मिल्क कलेक्शन और डेयरी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हुए 38 उपकरणों के स्वदेशी उत्पादन के लिए भी भारत सरकार ने एक वैज्ञानिक आयोजन किया है जो आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री हम सबके सामने रखेंगे। डेयरी से जुड़ी कोई भी मशीनरी अब हमें नीदरलैंड से या जापान से लाने की जरूरत नहीं है। इनका शत प्रतिशत उत्पादन भारत में होगा। एक प्रकार से डेयरी क्षेत्र में हम संपूर्ण आत्मनिर्भर होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़े हैं।

बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने सामूहिक प्रयास जरूरी : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आहवान किया कि बेटियों को शिक्षित तथा आत्मनिर्भर बनने के लिये प्रोत्साहित किया जाये। देश को विकसित बनाने में बेटियों का अहम योगदान रहेगा। बेटियों को शिक्षित तथा आत्मनिर्भर बनाने तथा देश के सर्वांगीण विकास के लिये सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तिकरण और आत्म-निर्भरता का उत्तम उदाहरण है। देवी अहिल्याबाई होलकर ने कुशल प्रशासन, न्याय परायणता और कल्याणकारी कार्यों में कई मानक स्थापित किये है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल इंदौर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के हीरक जयंती समारोह के अवसर पर 14वें दीक्षांत समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों को स्वर्ण तथा रजत पदक और उपाधियाँ वितरित की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने देश में असाधारण उपलब्धि हासिल की है। इसके लिये इंदौरवासियों को बधाई। उन्होंने कहा कि यह शहर देवी अहिल्याबाई होल्कर के नाम से पहचाना जाता है। इंदौर में विश्वविद्यालय भी देवी अहिल्याबाई के नाम पर स्थापित है। यह हमारे लिये गौरव का समय है, जब हम देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती मना रहे हैं। लोक माता अहिल्याबाई शिक्षा के महत्व को समझती थी। उनके पिता ने भी उस दौर में उन्हें शिक्षा दिलाई जब बालिकाओं को शिक्षा दिलाना बहुत कठिन होता था। समाज के लोग उस वक्त शिक्षा का विरोध करते थे। देवी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन महिला सशक्तिरण का उत्तम उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन और शासन काल में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिये नवीन और सफल प्रयास किये। साथ ही जनजातीय समाज की आजीविका को सुनिश्चित करने के लिये निर्णय लेकर उसे मुर्त रूप दिया और विकास के लिये अनेक महत्वपूर्ण कार्य किये।

राष्ट्रपति ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने कुशल प्रशासन, न्याय परायणता और कल्याणकारी कार्यों में कई मानक स्थापित किये है। उनका जीवन महिलाओं के सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक, शैक्षणिक सहित अनेक क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव का बेहतर उदाहरण रहा है। उन्होंने अपने आत्म-विश्वास और दृढ़-संकल्प से कठिनाइयों एवं संघर्ष के दौर में बनाये रास्ते पर आज सुगमता से चला जा रहा है। राष्ट्रपति ने एक विदेशी कवियित्री की कविता का जिक्र करते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई की ख्याति देश ही नहीं विदेश में भी थी। यह हमारे लिये गौरव की बात है। मैं लोक माता देवी अहिल्याबाई की स्मृति को सादर नमन करती हूं। उन्होंने कहा कि यह लोकमाता देवी अहिल्याबाई का ही आर्शीवाद और आदर्शों की प्रति है कि आज के दीक्षांत समारोह में सर्वाधिक पदक बेटियों ने ही प्राप्त किये है। उन्होंने पदक प्राप्त सभी बेटियों को शुभकामनाएं दी और विश्वास व्यक्त किया कि जीवन की सभी बाधाओं को दूर करते हुए स्वयं ही रास्ता बनाते हुए आगे बढ़ेगी और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करेंगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि इंदौर की ही सुमित्रा महाजन ने जनसेवा और लोकतंत्र में योगदान देने का अत्यंत प्रभावशाली उदाहरण प्रस्तुत किया। द्रौपदी मुर्मु ने शैक्षणिक संस्थानों, गुरुजनों और अभिभावकों का आहवान किया कि वे बेटियों को शिक्षित तथा आत्म-निर्भर बनने के लिये प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि भारत 2047 में सबसे विकसित और सबसे आगे रहने वाला देश बनने के लिये तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसमें बेटियों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि बेटियों को प्रोत्साहित किया जाये कि वे बड़े सपने देखें, बड़ा लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिये मेहनत से कार्य करें।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय एक ऐसा प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय है जहाँ तीन लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे है। इस विश्वविद्यालय के परिक्षेत्र में अनेक ऐसे जिले आते है जहां अनुसूचित जनजाति के लोग ज्यादा है। इसे मद्देनजर रखते हुए इस विश्वविद्यालय में ट्रायबल स्टडी सेंटर प्रारंभ किया है। यह एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमें “सबका साथ, सबका विकास एवं सबका प्रयास” का नारा दिया। देश को आगे बढ़ाने के लिये सबका सहयोग एवं सामूहिक विकास जरूरी है। सर्वांगीण विकास के लिये पिछड़ों को भी आगे लाने के लिये सरकार के साथ ही सबका सहयोग भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने नयी शिक्षा नीति लागू की है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिये सही पथ का चयन करें। इसके लिये माता-पिता, गुरुजनों और अनुभवी व्यक्तियों का सहयोग ले।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि दीक्षांत समारोह का आयोजन हम सबके लिए गर्व का विषय है। दीक्षांत समारोह माता-पिता के त्याग-तप, गुरूजनों के आशीर्वाद और विद्यार्थी जीवन के अनुशासन और परिश्रम से प्राप्त सफलता का अविस्मरणीय पल है। उन्होंने सभी मेधावी विद्यार्थियों, गुरुजनों और पालकों को हार्दिक बधाई दी और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राज्यपाल ने कहा कि देवी अहिल्या बाई में राजनीतिक, महिला सशक्तिकरण, जनसेवा और देश के धार्मिक एवं आध्यात्मिक उत्थान का जीवंत उत्साह था। विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए यह गौरव की बात है कि वे लोकमाता के रूप में विख्यात देवी अहिल्या बाई के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहे है। सैकड़ों साल बाद भी जनमानस देवी अहिल्या बाई की पूजा करता है, क्योंकि उन्होंने स्वयं को एक ऐसे उदाहरण के रूप में स्थापित किया है जिसका सब कुछ था लेकिन स्वयं के लिए कुछ भी नहीं था। देवी अहिल्याबाई वंचित वर्गों को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के प्रयास किए। उन्होंने समाज की सेवा को ईश्वर की सेवा माना था। राज्यपाल पटेल ने सभी युवाओं से आह्वान किया कि देवी अहिल्या से प्रेरणा लेते हुए प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करने में निष्ठ, ईमानदार योगदान के लिए संकल्प बद्ध हों। उन्होंने कहा कि मैं सभी विद्यार्थियों से अपेक्षा करता हूं कि वे अपने माता-पिता और आचार्यों को भगवान समान मानें और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझकर अच्छी तरह से निभाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई समाज सुधारक, न्याय प्रियता, स्वराज एवं सुशासन की पुरोधा थीं। देवी अहिल्या बाई ने अपने राज्य के बाहर जाकर लोगों के समग्र कल्याण के लिये भी अनेक काम किये हैं। उनका जीवन हमारे लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कठिन दौर में शिक्षा हासिल की। वे संघर्षों और कठिनाइयों का सामना करते हुए साहस के साथ आगे बढ़ी है। देवी अहिल्या बाई ने हिमालय की चोटी एवरेस्ट से भी ऊँचा मनोबल लेकर अपना जीवन जिया है। वह हम सब के लिए प्रेरणा का पुंज है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू की गई है। राज्य सरकार द्वारा सभी क्षेत्रों में कृत-संकल्पित होकर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बौद्धिक सम्पदा पुष्पित और पल्लवित हो रही है। हमारे प्रदेश में अपार बौद्धिक सम्पदा है, जिसका उपयोग प्रदेश के चहुँमुखी विकास के लिये कर रहे है। समारोह में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित पुस्तिका अतिथियों को भेंट की गई।

इस अवसर पर केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कुलगुरू रेणु जैन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

 

शिक्षा मंत्री ने कोटा में 68 वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गुरूवार को कोटा के महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में 68वीं राज्य स्तरीय उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का ध्वजारोहण एवं गुब्बारे छोड़कर शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं आमजन को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेल में जीत-हार होती रहती है लेकिन खेल भावना रखते हुए किसी के प्रति मन में कटुता का भाव नहीं लाएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आगे बढ़ने की ललक होती है। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों का आव्हान किया कि वे जीवन में आने वाली समस्त चुनौतियों एवं खतरों का सामना करते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने जिला स्तर पर चयनित होने के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलने पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।

शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश को पॉलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि स्टेडियम में मौजूद सभी खिलाड़ी आज यह संकल्प लेकर जाएं कि पॉलिथीन का किसी भी कीमत पर उपयोग नहीं करेंगे और अपने परिवार एवं आस-पड़ोस के लोगों को पॉलिथीन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन खाने से गौवंश की मृत्यु हो रही है। भूमि की उर्वरा शक्ति कम हो रही है। माइक्रोप्लास्टिक कण विभिन्न माध्यमों से मानव शरीर में जा रहे हैं जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो रही हैं। उन्होंने गौवंश को बचाने के लिए प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का आह्वान किया।

शिक्षा मंत्री ने इस प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग करने वाले भामाशाहों तथा आयोजकों को साधुवाद दिया। उद्घाटन कार्यक्रम कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अनिल सिंघल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कोटा के.के. शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हुए करीब 3 हजार खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट किया। शिक्षा मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने मार्चपास्ट की सलामी ली। मार्चपास्ट में जैसलमेर जिले की टीम प्रथम, केकड़ी द्वितीय एवं पाली जिले की टीम तृतीय रही। विजेता टीमों के कप्तान एवं दल प्रभारी को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि 19 से 24 सितम्बर तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 14 वर्ष तक की आयु के छात्र-छात्राओं के लिए सॉफ्टबॉल तथा 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होंगी। प्रतियोगिता में सॉफ्टबॉल खेलों का आयोजन जिले के राजकीय मल्टीपरपज स्कूल, गुमानपुरा में जबकि शतरंज खेलों का आयोजन महात्मा गांधी सीनियर सैकण्डरी स्कूल, रामपुरा में होगा।

राहुल गांधी का आचरण देशद्रोह जैसा, उनके खिलाफ कार्रवाई करे पुलिस – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अभद्र शब्दों का प्रयोग किए जाने को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन नरेंद्र मोदी के खिलाफ जिस तरह के शब्दों और भाषा का प्रयोग किया है, वह न सिर्फ संविधान का अपमान है, बल्कि देश का भी अपमान है और उनका यह कृत्य राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आता है। इसलिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। राहुल गांधी के कृत्य से पार्टी कार्यकर्ता आक्रोशित हैं और आज उनके खिलाफ पूरे प्रदेश में एफआईआर कराई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी एवं अन्य कांग्रेस नेता लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपमान कर रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को तेरी कब्र खुदेगी, नीच, मौत का सौदागर, जहरीला सांप, बिच्छू, चूहा, रावण, भस्मासुर, नालायक, जमीन में गाड देंगे, राक्षस, दुष्ट, कातिल, हिन्दू जिन्ना, जनरल डायर, मोतियाबिन्द का मरीज, जेब कतरा, काला अंग्रेज, कायर, औरंगजेब का आधुनिक अवतार, दुर्योधन, हिन्दु आतंकवादी, चोर, बोटी-बोटी काट देंगे जैसे अन्य अभद्र शब्दों का उपयोग कर प्रधानमंत्री पद का अपमान किया है। यह घृणित अपराध है, इससे प्रधानमंत्री ही नहीं बल्कि देश की 140 करोड जनता अपमानित हुई है। यह देशद्रोह की श्रेणी में आता है।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा जानबूझकर देश के संविधान और संवैधानिक पदों पर पदस्थ व्यक्तियों का अपमान राहुल गांधी की आदत बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने इसे लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखा है, जिसमें विस्तार से यह बताया है कि राहुल गांधी ने कब-कब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके माता-पिता के प्रति अभद्र भाषा और शब्दों का प्रयोग किया है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पत्र में खड़गे से पूछा गया है कि वे किस दबाव में लगातार संविधान का अपमान करने वाले राहुल गांधी को बचाते हैं, उनका महिमामंडन करते रहते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है, जब राहुल गांधी ने विदेश जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए गाली जैसे शब्दों का प्रयोग किया हो। उन्होंने कहा कि देश, संविधान, संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों पर पदस्थ व्यक्तियों का अपमान राहुल गांधी लगातार करते रहे हैं। वे भारतमाता की रक्षा करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक में शामिल वीर जवानों का अपमान करते हैं और उनसे पूछते हैं कि-इसका प्रूफ क्या है? शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी स्वयं खड़गे का भी अपमान कर चुके हैं।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सांरग, कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमासिंह जादौन, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी एवं नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी उपस्थित रहे।

स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण के लिये आगे बढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण के लिये सभी आगे बढ़ें। स्वच्छता ही देश को स्वस्थ और विकसित बना सकती है। देश का प्रत्येक व्यक्ति इस कार्य में सहयोग करे और सब मिलकर देश को विकसित राष्ट्र बनायें। मध्यप्रदेश ने शहरी और ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश के कई शहरों को सफाई के लिये श्रेष्ठ शहर घोषित किया गया है। इन्दौर निरन्तर 7वीं बार देश का स्वच्छतम शहर घोषित हुआ है। भोपाल स्वच्छतम राजधानी बनी है। राष्ट्रपति ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज उज्जैन में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने सफाई मित्रों रश्मि टांकले, किरण खोड़े, शोभा घावरी, अनिता चावरे और गोपाल खरे का सम्मान भी किया। राष्ट्रपति ने 1692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उज्जैन-इन्दौर सिक्स-लेन मार्ग का भूमि-पूजन भी किया। प्रारम्भ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और उन्हें श्रीमहाकाल लोक की प्रतिकृति प्रदान की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी भी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि अवन्तिका बाबा महाकाल की पवित्र, दिव्य एवं पावन नगरी है। गुप्तकाल भारतीय इतिहास का स्वर्ण युग रहा है और उस समय उज्जैन भारत का महत्वपूर्ण नगर था। यहां संस्कृति और सभ्यता की प्राचीन परम्परा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि आज से 2000 वर्ष पूर्व उज्जैन परिवहन व्यवस्था का उत्कृष्ट केन्द्र था। यह अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार का केन्द्र भी था। महाकवि कालिदास ने मेघदूत में उज्जयिनी की विशालता और भव्यता का अदभुत चित्रण किया है। देवलोक में जो महत्व अल्कापुरी नगरी का है, वही महत्व पृथ्वी पर उज्जैन नगरी का बताया गया है। मैं बाबा महाकाल, अवन्तिका नगरी और पवित्र शिप्रा नदी को प्रणाम करती हूँ।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि उज्जैन एवं प्रदेश में समग्र विकास के अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में आज उज्जैन में उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन मार्ग का भूमि-पूजन किया गया है। यहां विक्रम उद्योगपुरी मेडिकल डिवाइसेस पार्क बनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश में एक्सप्रेस-वे एवं एलीवेटेड कॉरिडोर बनाये जा रहे हैं। इन सभी के लिये मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयास सराहनीय हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत में स्वच्छता देशव्यापी जन-अभियान बन गया है। स्वच्छता अभियान के द्वितीय चरण में वर्ष 2025 तक हमें देश में सम्पूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल करना है। देश में खुले में शौच से पूर्णत: मुक्ति और सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट प्रबंधन में उत्कृष्ट किया जा रहा है। महात्मा गांधी के स्वच्छता के आदर्श को हमें पूरा करना है। मैंने स्वयं अपने कैरियर की शुरूआत स्वच्छता के कार्यों से की। मैं नगर परिषद में उपाध्यक्ष थी और वार्डों में जा-जाकर स्वच्छता के लिये कार्य करती थी और लोगों को जागरूक करती थी। देशवासियों में आज स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। मध्यप्रदेश के कई शहर ‘वॉटर+’, ‘ओडीएफ++’ के रूप में पुरस्कृत हुए हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि सफाईकर्मी अग्रिम पंक्ति के स्वच्छता योद्धा हैं। इन्हें आज सम्मानित कर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। हम सफाईकर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण को सुरक्षित करेंगे। देश में “मेन होल” को समाप्त कर अब “मशीन होल” बनाये जा रहे हैं। सफाईकर्मियों को लाभान्वित करने के लिये अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। मध्यप्रदेश ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मध्यप्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक नगरी उज्जैन में राष्ट्रपति के आगमन पर प्रदेशवासियों की ओर से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है आध्यात्मिक केन्द्र उज्जैन में आयोजित सफाई मित्र सम्मेलन देश में स्वच्छता केवल जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि पवित्र सेवा का संदेश प्रसारित करेगा। स्वच्छता अभियान की यह पहल सफाई मित्रों की प्रतिबद्धता के साथ स्वच्छ, स्वस्थ और आध्यात्मिक रुप से सशक्त देश के निर्माण का संदेश प्रसारित करेगी। आज का दिन हमारे समाज को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता वीरों के लिए अभूतपूर्व और अविस्मरणीय है। अपनी मेहनत और समर्पण से शहरों को साफ बनाकर हमारे जीवन को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने वाले सफाई मित्रों को पहचानना, उनका सर्मथन और सम्मान करना, समाज के हर व्यक्ति का परम कर्तव्य है। उन्होंने सफाई मित्रों को हृदय से बधाई देते हुए कहा कि सफाई का काम ईश्वर की पवित्र सेवा है। सफाई मित्र हमारे लिए वंदनीय है। राज्य सरकार सदैव सफाई मित्रों के काम को समर्थन देने के लिए हमेशा तैयार है।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्वच्छता क्रांति का सूत्रपात हुआ है, हमने सही अर्थों में स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाया है। हमारे शहर और नागरिकों ने स्वच्छता को आत्मसात करते हुए पूर्णकालिक विषय के रूप में स्थापित किया है। स्वच्छता सुविधाओं जैसे व्यक्तिगत, सामुदायिक, सार्वजनिक शौचालय बनाने और कचरा प्र-संस्करण इकाइयों के निर्माण को प्रदेश में प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास की दिशा में महत्त्वपूर्ण इंदौर-उज्जैन 6 लेन परियोजना आध्यात्मिक सांस्कृतिक केन्द्र उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को और अधिक सुगम, आसान बनाकर पर्यटन, सामाजिक और आर्थिक विकास की गति को तेज करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह दिन ऐतिहासिक होकर नई सौगात लेकर आया है। हर युग में, हर काल में जिसका अस्तित्व रहा, ऐेसी महान एवं पवित्र नदी क्षिप्रा के किनारे स्थित अवंतिका, हर काल में अपने विकास के आयामों से सदैव लोगों के उत्कर्ष की परिचायक है। कहा जाता है कि क्षिप्रा तट पर जो भी व्यक्ति आते हैं और जैसा सोचते हैं, परमात्मा उसे जीवनकाल में उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कामों से दुनिया के सबसे बडे लोकतंत्र का गौरव हासिल करने के प्रत्येक आयामों को छुआ है। विकास के सभी क्षेत्र में सफाई मित्रों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री के जन्म-दिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान, पखवाडे के रूप में मनाया जा रहा है। यह पखवाड़ा प्रधानमंत्री की स्वच्छता के प्रति लगाव की भावना को रेखांकित करता है और सफाईकर्मियों की बड़ी भूमिका का भी अहसास भी कराता है। स्वच्छताकर्मी बीमारी और जिंदगी के बीच मजबूत दीवार की तरह खड़े रहते हैं। मध्यप्रदेश, देश के सभी राज्यों में स्वच्छता के लिए दूसरे नम्बर पर आया है, यह हम सबका सौभाग्य है। साथ ही देश की सबसे स्वच्छ राजधानी का दर्जां भी प्रदेश की राजधानी भोपाल को प्राप्त हुआ है। स्वच्छता का हमारा सबसे मजबूत रिश्ता है। भारत के सबसे स्वच्छ नगरों में लगातार सात बार से प्रदेश ने इस गौरव को इंदौर के माध्यम से हासिल किया है।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि हमने निर्णय लिया है कि स्वच्छता अभियान को ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले स्वच्छताकर्मियों के योगदान के लिये उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक नगर की स्टार रैकिंग के हिसाब से स्वच्छताकर्मियों के प्रति स्टार रैंकिंग पर एक हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। उज्जैन को तीन स्टार मिले हैं, इसलिए यहां के सभी स्वच्छताकर्मियों को तीन-तीन हजार रुपए का पुरस्कार दिया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पाषाण शिल्प को महत्व देने के लिये महाकाल लोक की सभी प्रतिमाएं पाषाण की बनवाएंगे। इससे प्रदेश में पत्थर शिल्प को प्रोत्साहन मिलेगा। राजस्थान के साथ मध्यप्रदेश भी अब पत्थर शिल्प में स्थान हासिल करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कहा कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर का बडा महत्व है और महारानी अहिल्याबाई का 300वां जन्म उत्सव चल रहा है। महारानी अहिल्याबाई ने 30 साल के शासनकाल में नारी सेना, विधवा विवाह प्रोत्साहन सहित अनेक कल्याण की योजना चलाई थी। उन्होंने महिलाओं की आत्म-निर्भरता के लिए महेश्वर साड़ी का उद्योग स्थापित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु द्वारा इंदौर से उज्जैन को जोड़ने के लिए 1692 करोड़ रुपए लागत से 6 लेन सडक के निर्माण का शुभारम्भ किया गया है, इससे उज्जैन न केवल इंदौर से बल्कि पूरे देश से जुड़ेगा और आध्यात्मिक नगरी उज्जैन आने-जाने के लिए मार्ग सुलभ होगा।

समारोह में उज्जैन के विकास कार्यों को लेकर बनाई गई लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें उज्जैन में होने वाले विकास कार्यों को दर्शाया गया। समारोह का शुभारम्भ एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...