स्वच्छता की पहली पाठशाला, हमारा घर : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि स्वच्छता की शुरूआत हमारे घर से होती है। स्वच्छता की पहली पाठशाला हमारा घर ही होता है। इसलिए बच्चों को स्वच्छता के संस्कार देने की शुरूआत अपने घर से ही करना होगा। हम सबको महात्मा गांधी से सीख लेते हुए स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। राज्यपाल मंगुभाई पटेल कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल पटेल के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2024 और प्रदेश के 50 जिला चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को स्वच्छता के क्षेत्र में प्राप्त पुरस्कारों पर केंद्रित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान जन-गण-मन की धुन प्रस्तुत की गई। राज्यपाल पटेल तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

राज्यपाल पटेल तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “स्वच्छता ही सेवा” अभियान पर केंद्रित मध्यप्रदेश की फिल्म का लोकार्पण किया।कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा अभियान की रूपरेखा पर केन्द्र सरकार की लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। जिला चिकित्सालयों में आरंभ हो रहे “प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों” पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। राज्यपाल पटेल तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा प्ले कार्ड भेंट किये गये। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों का सम्मान कर प्रोत्साहन राशि और स्वच्छता किट का वितरण किया। राज्यपाल पटेल तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता सर्वेक्षण – 2023 में फाइव स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली भोपाल नगर निगम को 4 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से जारी की। यह राशि भोपाल नगर निगम के 8116 सफाई मित्रों को 5 – 5 हजार रुपये के मान से प्रोत्साहन स्वरूप दी जायेगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वी.डी. शर्मा उपस्थित थे।

राज्यपाल पटेल ने इंदौर शहर को स्वच्छता में लगातार 7 वर्ष तक सिरमौर बने रहने पर बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए इंदौर के सफाई कर्मचारियों की अथक और सतत् मेहनत की सराहना की। राज्यपालन ने स्वच्छता की आदत और स्वच्छता गतिविधियों में इंदौरवासियों की उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि जन औषधि केन्द्र गरीबों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशिष्ट पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म-दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी 50 जिला चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्रों के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। राज्यपाल पटेल ने कहा कि न्यूनतम दाम और गुणवत्तापूर्ण दवाईयों के कारण औषधि केन्द्र गरीबों के आर्थिक हित में हैं। राज्यपाल पटेल ने सभी से अपील की कि अपने आस-पास के गरीब और जरूरतमंदों को जन औषधि केन्द्र में मिलने वाली जेनेरिक, किफायती दवाईयों और आर्थिक बचत के बारे में ज्यादा से ज्यादा बताएं। उन्होंने चिकित्सकों से भी कहा कि मरीजों के इलाज के समय उन्हें प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्रों की सुविधा और लाभ के बारे में भी जरूर जानकारी दें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि जन-जन के जीवन को आसान बनाने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना ही प्रधानमंत्री मोदी को दी जाने वाली सबसे बड़ी और यादगार भेंट है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्म-दिवस पर प्रदेश के सभी 50 चिकित्सालयों में आरंभ हो रहे प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रहा है गृह प्रवेश, प्रदेश के आम आदमी के जीवन स्तर में सुधार लाएगा। सफाई मित्रों के कल्याण के लिए भी राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। आम आदमी के लिए किए जा रहे हैं यह कार्य ही प्रधानमंत्री मोदी के जन्म-दिवस की भेंट है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई मित्रों को उनके योगदान के प्रोत्साहन स्वरूप नगरीय निकायों को राशि उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में नगरीय निकायों को कचरा-मुक्त शहर-स्टार प्रमाणीकरण के आधार पर सफाई मित्रों को राशि प्रदान की जाएगी। नगरीय निकायों को रैंकिंग में जितने स्टार प्राप्त होंगे, उसमें कार्यरत सभी सफाई मित्रों को उतने हजार की राशि दी जाएगी, अर्थात्‍एक स्टार प्राप्त नगरीय निकाय के सभी सफाई मित्रों को एक-एक हजार रूपए राशि प्रदान की जाएगी, नगरीय निकाय सात स्टार तक की रैकिंग प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर प्रदेश के 1 लाख 31 हजार परिवार पीएम आवास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित आवासों में प्रवेश कर रहे हैं। प्रदेश में अब तक 36 लाख 24 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराए गए हैं। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के माध्यम से 8 लाख 5 हजार से अधिक भाई बहन लाभान्वित हुए हैं। इतनी बड़ी संख्या में आवासहीन परिवारों को बिना शुल्क के स्वयं का आवास उपलब्ध कराने की कल्पना करना और उसे साकार कर दिखाना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे दूरदर्शी और विराट व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति के लिए ही संभव है। प्रधानमंत्री मोदी चार करोड़ से अधिक व्यक्तियों को स्वयं के आवास से लाभान्वित कर चुके हैं और उनका संकल्प तीन करोड़ जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध कराने का है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज 17 सितम्बर का दिन विशेष महत्व है। विश्वकर्मा जयंती होने के साथ प्रधानमंत्री मोदी का जन्म-दिवस भी है। उनके जन्म-दिवस से ही “स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता” के विचार पर केन्द्रित स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ हो रहा है। भारतीय धर्मशास्त्रों में उल्लेखित शीतला माता, स्वच्छता की ही देवी हैं। भारतीय ज्ञान परम्परा में धर्म के माध्यम से बेहतर व्यवहार के संस्कार देने की परिपाटी रही है। भारतीय उपचार पद्धति ने ही चेचक और अन्य जटिल बीमारियों के इलाज के सूत्र प्रदान किए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किफायती दर पर दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए आरंभ किए गए जन औषधि केन्द्रों से आम आदमी को बहुत राहत मिली है। प्रदेश के शासकीय चिकित्सालयों में 300 से अधिक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल पटेल का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर ही आयुष्मान भारत के अंतर्गत 5 लाख रूपए तक के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था की गई है और अब इस सुविधा का विस्तार सभी वरिष्ठजन के लिए भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जन-सामान्य को स्वस्थ रखने और लोगों को बीमारियों से बचाने में सफाई कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है, हम सभी उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को स्वच्छता के क्षेत्र में मिली उपलब्धियां में सफाई मित्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सफाई मित्रों के कार्य की महत्ता अतुलनीय है। कोविड काल में भी सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप भोपाल को देश की स्वच्छतम राजधानी और इंदौर को 7 बार देश के स्वच्छतम नगर का अवार्ड प्राप्त हुआ।

राज्यपाल पटेल तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया। इसमें भोपाल नगर निगम के सफाई मित्र आकाश वाल्मिकी, जीवन लाल, धर्म सिंह, राजेश दामले और रश्मि को तथा ग्रामीण क्षेत्र की दीप माला, प्रीति और निखलेश, अमित कुमार व धर्मेन्द्र वाल्मिकी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी संबोधित किया। प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, सांसद आलोक शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी एवं जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट ने हासिल की सफलता : वन मंत्री रामनिवास रावत

वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत ने सेंसईपुरा फॉरेस्ट परिसर में भारत में चीता पुनर्जीवन परियोजना के सफल दो साल पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चीता प्रोजेक्ट से श्योपुर जिले को विश्वभर में पहचान मिली है। चीता प्रोजेक्ट से जुडे अधिकारियों, वन्यप्राणी विशेषज्ञों, वन्य प्राणी चिकित्सकों एवं चीता मित्रों की कड़ी मेहनत तथा क्षेत्रीय नागरिकों की जागरूकता से कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट ने सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि कोर एरिया में पदस्थ स्टॉफ को विशेष सुविधाएं देने के लिए वन विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार किया जायेगा। रामनिवास रावत ने कूनो नेशनल पार्क में 2 करोड 29 लाख रूपये की लागत से निर्मित चीता एवं वाइल्ड लाइफ अस्पताल का लोकार्पण किया।

पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ व्हीएन अम्बाडे, सदस्य एनटीसीए डॉ. जी.एस. भारद्वाज, सलाहकार चीता प्रोजेक्ट डॉ एसपी यादव, डायरेक्टर लायन प्रोजेक्ट उत्तम शर्मा, सीसीएफ ग्वालियर टीएस सुलिया, डीएफओ कूनो आर थिरूकुराल सहित जन-प्रतिनिधि, चीता मित्र तथा अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

रामनिवास रावत ने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष प्रयासों से भारत में चीता प्रोजेक्ट के माध्यम से चीतों को नया जीवन मिला है, प्रधानमंत्री मोदी के आभारी हैं। उन्होंने चीता प्रोजेक्ट के दो साल सफल पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा प्रोजेक्ट के लिए केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट को मध्यप्रदेश सरकार आगे बढ़ा रही है।

वन एवं पर्यावरण मंत्री रावत ने कहा कि अधिकारियों, वन्य विशेषज्ञों के साथ ही चीता मित्र इस प्रोजेक्ट की सफलता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। चीता मित्र प्रकृति एवं प्राणियों का संरक्षण तथा पालन कर रहे है। आज 490 के लगभग चीता मित्र इस प्रोजेक्ट से जुडकर इसे सफल बनाने के लिए कार्यरत है।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री रावत द्वारा महिला चीता मित्रो को साडी भेंटकर सम्मानित किया गया, इस दौरान चीता प्रोजेक्ट का वार्षिक प्रतिवेदन भी रिलीज किया गया। कार्यक्रम के दौरान चीता प्रोजेक्ट पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म का ट्रेलर भी लांच किया गया।

पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ व्हीएन अम्बाडे ने स्वागत में कहा कि चीता प्रोजेक्ट में कूनो नेशनल पार्क का क्षेत्रफल 1235 वर्ग किलोमीटर से बढ़ाकर 1777 वर्ग किलोमीटर किया गया है। उन्होने कहा कि आज चीता प्रोजेक्ट के तहत भारत की जमीन पर पैदा हुए 12 शावक इस प्रोजेक्ट की सफलता को दर्शाते है। चीता मित्र चेतन भारद्वाज ने भी अपने विचार एवं अनुभव सांझा किये। चीता मित्रों द्वारा साईकिल जागरूकता रैली निकाली गई। डीएफओ आर थिरूकुराल द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किये गये।

लोक स्वास्थ्य पीएचई सचिव पी. नरहरि ने 8वें इंडिया वाटर वीक 2024 में की सहभागिता

सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पी. नरहरि ने भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित 8वें इंडिया वाटर वीक 2024 में हिस्सा लिया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में सचिव नरहरी ने जल प्रबंधन, सतत विकास और स्वच्छ पेयजल उपलब्धता के विषय में अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर सचिव नरहरि ने जल संरक्षण और प्रबंधन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “हमारा विभाग जल संरक्षण की दिशा में प्रभावी कदम उठा रहा है। समाज के हर वर्ग तक स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए हमें सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।”उन्होंने विभाग की प्रमुख योजनाओं और परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी।

इंडिया वाटर वीक 2024 एक प्रमुख मंच है, जहां नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं के बीच जल प्रबंधन के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों और उपायों पर विचार-विमर्श किया जाता है।

8वां इंडिया वाटर वीक 2024 में आयोजित प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश के द्वारा भी लगाये गए स्टाल का सचिव पी. नरहरि,प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश जल निगम वी. एस. चौधरी कोलसानी एवं प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के.के. सोनगरिया ने अवलोकन किया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से इस आयोजन में की गई सहभागिता ने जल प्रबंधन के क्षेत्र में विभाग की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

शहरी गरीबों की आर्थिक मजबूती के लिये नगरीय निकाय कल्याण की भावना से काम करें : मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहरी गरीबों की आर्थिक मजबूती के लिये पीएम स्वनिधि योजना शुरू की है। प्रदेश के सभी निकाय इस अभिनव योजना के माध्यम से शहरी गरीबों के हित में कल्याण भावना से कार्य करके अपनी साख मजबूत करे। उन्होंने कहा कि इस येाजना में अच्छा प्रदर्शन करके मध्यप्रदेश ने देशभर में राज्य के नाम को गौरवान्वित किया है। नगरीय विकास मंत्री विजयवर्गीय कल भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेन्शन सेंटर में पीएम-स्वनिधि योजना के अंतर्गत PRAISE अवार्ड समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी मौजूद थे। पीएम स्वनिधि योजना में शहरी क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडर्स को तीन किस्तों में कार्यशील पूंजी ऋण की सुविधा प्रदान की जाती है। पीएम स्वनिधि योजना में डिजिटल लेन-देन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि कोरोना काल में शहरों में रहने वाले निर्धन वर्ग के व्यक्तियों ने भारी आर्थिक संकट का सामना किया था। इन दिक्कतों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना की शुरूआत की। उन्होंने अधिकारियों और बैंकर्स से अपील की कि वे संयुक्त रूप से प्रयास करके शहरी गरीबों को आर्थिक मदद पहुँचायें। मंत्री विजयवर्गीय ने इस मौके पर श्रेष्ठ कार्य करने वाले बैंकर्स और निकायों को पुरस्कृत भी किया। कार्यक्रम में भोपाल महापौर मालती राय, प्रमुख सचिव, नगरीय विकास एवं आवास नीरज मंडलोई, आयुक्त नगरीय विकास भरत यादव एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

समारोह में पीएम स्वनिधि में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले निकाय की श्रेणी में नगर निगम भोपाल और इंदौर को क्रमश: प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार मिला। एक लाख से 10 लाख तक जनसंख्या वाले निकाय की श्रेणी में नगर निगम उज्जैन को प्रथम, सतना को द्वितीय और देवास को तृतीय स्थान के लिये पुरस्कृत किया गया। एक लाख तक जनसंख्या वाले निकाय की श्रेणी में नगर पालिका सारणी को प्रथम, हरदा को द्वितीय एवं शाजापुर को तृतीय स्थान पुरस्कार मिला। इस श्रेणी में नगरपालिका मंडीदीप, शुजालपुर, बालाघाट, सेंधवा, ब्यावरा, करेली और बड़वानी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये पुरस्कृत किया गया। योजना की श्रेणी-2 “स्वनिधि से समृद्धि योजना” के अंतर्गत 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाली श्रेणी में नगर निगम जबलपुर को और एक लाख से 10 लाख तक जनसंख्या वाले निकाय की श्रेणी में नगरपालिका खरगोन और गुना को पुरस्कृत किया गया। एक लाख तक जनसंख्या निकाय की श्रेणी में रामपुर नैकिन, चुरहट और मनगवां को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये पुरस्कृत किया गया। पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत सर्वोत्तम ऋण वितरित करने वाले बैंकर्स श्रेणी में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को प्रथम, बैंक ऑफ इंडिया को द्वितीय और मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक को तृतीय स्थान के लिये पुरस्कृत किया गया।

रीवा बन रहा है विकास का मॉडल: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जिले के त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के चाकघाट में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने समारोह में 33.68 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। भारी वर्षा तथा विपरीत मौसम के कारण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को जबलपुर से वर्चुअली शामिल होकर संबोधित करते हुए कई सौगात दीं। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी भी जबलपुर से वर्चुअली समारोह में शामिल हुईं।

चाकघाट में भारी वर्षा के बीच हजारों की भीड़ को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विन्ध्य विकास की उड़ान भरने के लिए तैयार है। विन्ध्य में विकास के सभी संसाधन उपलब्ध हैं। अगले माह रीवा में होने वाली इन्वेस्टर्स मीट से विंध्य क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। इन्वेस्टर्स मीट से खनिज, पर्यटन और कृषि आधारित उद्योगों में भारी मात्रा में निवेश के साथ हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि रीवा विकास का मॉडल बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन साथ ही विधानसभा अध्यक्ष रहे स्व. श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी की जयंती है। आज भगवान विश्वकर्मा की जयंती है। इन सभी को नमन करने के लिए मैं चाकघाट आना चाह रहा था, लेकिन लगातार भारी वर्षा ने मुझे चाकघाट नहीं पहुंचने दिया। त्योंथर की जनता से जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश के सभी जिलों में जन औषधि केन्द्रों का शुभारंभ किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को मैं हृदय से धन्यवाद देता हूँ। जन औषधि केन्द्र से आम जनता को सस्ती गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिलेंगी। बहनों तथा युवाओं को स्वरोजगार का अवसर देने के लिए शीघ्र ही नई योजनाएं शुरू की जाएंगी। दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए दूध उत्पादक किसानों को बोनस भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विन्ध्य के विकास के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी। रीवा में शीघ्र ही एयरपोर्ट का शुभारंभ हो रहा है। इससे उद्योगों के विकास को गति मिलेगी। त्योंथर में पाँच एकड़ जमीन पर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। लोनी बाँध तथा इसकी नहरों के जीर्णोद्धार के लिए 507 लाख रुपए के प्राक्कलन को मंजूरी दी गई है। इससे 1656 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। त्योंथर बांई नहर लिंक परियोजना के लिए भी राशि मंजूर कर दी गई है। इससे 1400 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। त्योंथर क्षेत्र में 400 एकड़ में औद्योगिक विकास केन्द्र का निर्माण किया जाएगा। रीवा से मेरा विशेष लगाव है। मुख्यमंत्री ने आम जनता से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में पौधे लगाने की अपील की तथा आगामी त्यौहारों की शुभकामनाएं दी।

समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 9 माह के छोटे से कार्यकाल में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री ने रीवा में सिंचाई परियोजनाओं के लिए चार हजार करोड़ रुपए मंजूर किए हैं, जिससे जिले में सिंचाई की सुविधा तीन लाख एकड़ से बढ़कर नौ लाख एकड़ में हो जाएगी। रीवा एयरपोर्ट का शीघ्र ही शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से सतना जिले में भी शीघ्र ही नर्मदा नदी का पानी पहुंचेगा। चौरा घाटकी बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण के लिए टेण्डर मंजूर हो गए हैं। इसका निर्माण शीघ्र शुरू होगा।

मुख्यंमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं और धान की भांति अब दुग्ध उत्पादक किसानों को भी बोनस राशि दी जायेगी। उन्होंने कहा कि यदि रीवा में 400 एकड़ जमीन उपलब्ध‍हो जाती है तो वहां इं‍डस्ट्रियल पार्क बनाया जायेगा।

मुख्यबमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारी बारिश के दौरान लोग अपनी सुरक्षा करें, साथ ही सबकी सुरक्षा का ध्यान रखें। कोई परेशानी आती है तो जिला प्रशसान का सहयोग लें। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टू बर तक स्वच्छता पखवाड़ा चलेगा। इसमें स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। अपने संबोधन में डॉ. यादव ने बहनों के कल्या़ण व उनके जीवन की सभी कठनाईयों को दूर करने के लिए सभी संभव उपाय करने और कदम से कदम चलने के साथ युवाओं के रोजगार के लिए समुचित उपाय करने का विश्वास दिलाया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 8वें भारत जल सप्ताह का उद्घाटन किया

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में 8वें भारत जल सप्ताह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि जल संकट से जूझ रहे लोगों की संख्या को कम करने का लक्ष्य पूरी मानवता के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। सतत विकास लक्ष्यों के तहत जल और स्वच्छता प्रबंधन में सुधार के लिए स्थानीय समुदायों की भागीदारी को समर्थन देने और मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्राचीन काल से ही सभी को जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था हमारे देश की प्राथमिकता रही है। लद्दाख से लेकर केरल तक हमारे देश में जल संरक्षण और प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्थाएं मौजूद थीं। ब्रिटिश शासन के दौरान ऐसी व्यवस्थाएं धीरे-धीरे लुप्त हो गईं। हमारी व्यवस्थाएं प्रकृति के साथ सामंजस्य पर आधारित थीं। प्रकृति को नियंत्रित करने विचार के आधार पर विकसित की गई व्यवस्थाओं पर अब पूरी दुनिया में पुनर्विचार हो रहा है। जल संसाधन प्रबंधन के विभिन्न प्रकार के कई प्राचीन उदाहरण पूरे देश में आज भी उपलब्ध और प्रासंगिक हैं। हमारी प्राचीन जल प्रबंधन प्रणालियों पर शोध किया जाना चाहिए और आधुनिक संदर्भ में उनका व्यावहारिक उपयोग किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि कुएं, तालाब जैसे जलस्रोत सदियों से हमारे समाज के लिए जल बैंक की तरह रहे हैं। हम बैंक में पैसा जमा करते हैं, उसके बाद ही बैंक से पैसा निकालकर उसका उपयोग कर सकते हैं। यही बात पानी पर भी लागू होती है। लोग पहले पानी का भंडारण करेंगे, तभी वे पानी का उपयोग कर पाएंगे। जो लोग पैसे का दुरुपयोग करते हैं, वे समृद्धि से गरीबी की ओर चले जाते हैं। इसी तरह, वर्षा वाले क्षेत्रों में भी पानी की कमी देखी जाती है। जो लोग सीमित आय का समझदारी से उपयोग करते हैं, वे अपने जीवन में वित्तीय संकटों से सुरक्षित रहते हैं। इसी तरह, कम वर्षा वाले क्षेत्रों में पानी का भंडारण करने वाले गांव जल संकट से सुरक्षित रहते हैं। राजस्थान और गुजरात के कई इलाकों में ग्रामीणों ने अपने प्रयासों और जल भंडारण के प्रभावी तरीकों को अपनाकर पानी की कमी से छुटकारा पाया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पृथ्वी पर उपलब्ध कुल जल का मात्र 2.5 प्रतिशत ही मीठा जल है। उसमें से भी मात्र एक प्रतिशत ही मानव उपयोग के लिए उपलब्ध है। विश्व के जल संसाधनों में भारत की हिस्सेदारी चार प्रतिशत की है। हमारे देश में उपलब्ध जल का लगभग 80 प्रतिशत कृषि क्षेत्र में उपयोग किया जाता है। कृषि के अलावा बिजली उत्पादन, उद्योग और घरेलू जरूरतों के लिए जल की उपलब्धता आवश्यक है। जल संसाधन सीमित हैं। जल के कुशल उपयोग से ही सभी को जल की आपूर्ति संभव है।

राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2021 में सरकार ने ‘कैच द रेन – व्हेयर इट फॉल्स व्हेन इट फॉल्स’ के संदेश के साथ एक अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल प्रबंधन के अन्य महत्वपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करना है। वन संपदा बढ़ाने से जल प्रबंधन में भी मदद मिलती है। जल संरक्षण और प्रबंधन में बच्चों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे अपने परिवार और आस-पड़ोस को जागरूक कर सकते हैं और स्वयं भी पानी का समुचित उपयोग कर सकते हैं। जल शक्ति प्रयासों को एक जन आंदोलन में बदलना होगा; सभी नागरिकों को जल-योद्धा की भूमिका निभानी होगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि ‘भारत जल सप्ताह-2024’ का लक्ष्य समावेशी जल विकास और प्रबंधन है। उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए साझेदारी और सहयोग का सही माध्यम चुनने के लिए जल शक्ति मंत्रालय की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के भुवनेश्वर में महिला-केंद्रित सबसे बड़ी योजना ‘सुभद्रा’ का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ओडिशा के भुवनेश्वर में ओडिशा सरकार की प्रमुख योजना ‘सुभद्रा’ का शुभारंभ किया। यह महिला-केंद्रित सबसे बड़ी योजना है और इसके अंतर्गत 1 करोड़ से अधिक महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने 10 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में धन राशि का अंतरण भी किया। ​​प्रधानमंत्री मोदी ने 2800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया, तथा 1000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने लगभग 14 राज्यों के पीएमएवाई-जी के तहत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को सहायता की पहली किस्त जारी की, देश भर से पीएमएवाई (ग्रामीण और शहरी) के 26 लाख लाभार्थियों के लिए गृह-प्रवेश समारोह में हिस्सा लिया और पीएमएवाई (ग्रामीण और शहरी) लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपी। इसके अलावा, उन्होंने पीएमएवाई-जी के लिए अतिरिक्त परिवारों के सर्वेक्षण के लिए आवास+2024 ऐप और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) 2.0 के परिचालन दिशानिर्देश भी जारी किए। प्रधानमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए आज के कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि लोगों और भगवान जगन्नाथ की सेवा करने का अवसर तब मिलता है, जब भगवान का आशीर्वाद मिलता है।

प्रधानमंत्री ने गणेश उत्सव और आज अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जहां भगवान विश्वकर्मा के रूप में कौशल और श्रम की पूजा की जाती है। उन्होंने इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे पवित्र अवसर पर उन्हें ओडिशा की माताओं और बहनों के लिए सुभद्रा योजना शुरू करने का अवसर मिला है।

प्रधानमंत्री ने आज भगवान जगन्नाथ की धरती से देशभर में 30 लाख से अधिक परिवारों को पक्के मकान सौंपे जाने का जिक्र किया और बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 26 लाख और शहरी क्षेत्रों में 4 लाख मकान सौंपे गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आज ओडिशा में हजारों करोड़ से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके लिए ओडिशा और देश के लोगों को बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नई भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद यह उनकी पहली ओडिशा यात्रा है, जिसके शपथ ग्रहण समारोह में वे शामिल हुए थे। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर ‘डबल इंजन’ वाली सरकार बनती है, तो ओडिशा प्रगति और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि ग्रामीणों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं, मध्यम वर्गीय परिवारों से लेकर समाज के विभिन्न वर्गों के सपने अब पूरे होंगे। उन्हें खुशी है कि किए गए वादे तेजी से पूरे हो रहे हैं। अब तक पूरे किए गए वादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जगन्नाथ पुरी मंदिर के सभी चार द्वार जनता के लिए खोल दिए गए हैं और मंदिर का रत्न भंडार भी खोल दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ओडिशा के लोगों की सेवा के लिए प्रयासरत है और उन्होंने खुशी जताई कि सरकार खुद लोगों के पास जाकर उनके मुद्दों को हल करने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके लिए पूरी ओडिशा सरकार को बधाई दी और उसकी प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन विशेष है क्योंकि आज वर्तमान सरकार 100 दिन पूरे कर रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं। पिछले 100 दिनों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों के लिए 3 करोड़ पक्के घर बनाए जाएंगे, नौजवानों के लिए 2 लाख करोड़ रुपए का पीएम पैकेज घोषित किया गया है और इसके तहत निजी कंपनियों में उनकी पहली नौकरी का पहला वेतन सरकार देगी। उन्होंने यह भी बताया कि ओडिशा सहित पूरे देश में 75 हज़ार नई मेडिकल सीटें जोड़ने का भी फैसला किया गया है और 25,000 गांवों को पक्की सड़कों से जोड़े जाने की भी स्वीकृति दी गई है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जनजातीय मामलों के मंत्रालय के लिए बजट आवंटन लगभग दोगुना कर दिया गया है, लगभग 60,000 आदिवासी गांवों के विकास के लिए एक विशेष परियोजना की घोषणा की गई है, सरकारी कर्मचारियों के लिए एक नई पेंशन योजना शुरू की गई है और पेशेवरों, कारोबारियों और उद्यमियों के लिए आयकर कम किया गया है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 100 दिनों में देश में 11 लाख से ज़्यादा लखपति दीदियां बनी हैं, तिलहन और प्याज़ के किसानों के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं, भारतीय किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विदेशों में उत्पादित तेलों पर आयात शुल्क बढ़ाया गया है, निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बासमती चावल पर निर्यात शुल्क कम किया गया है, फसलों पर एमएसपी बढ़ाया गया है जिससे करोड़ों किसानों को लगभग 2 लाख करोड़ रुपए का लाभ हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “पिछले 100 दिनों में सभी के लाभ के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी देश की तरक्की तभी संभव है जब उसकी आधी आबादी यानि महिला शक्ति की भागीदारी बराबर हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उन्नति और उनका सशक्तिकरण ओडिशा के विकास की कुंजी होगी। ओडिशा की लोककथाओं का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां भगवान जगन्नाथ के साथ देवी सुभद्रा की मौजूदगी हमें महिला सशक्तिकरण के बारे में बताती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं देवी सुभद्रा के रूप में सभी माताओं, बहनों और बेटियों को नमन करता हूं।”

प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि नई भाजपा सरकार ने अपने शुरुआती फैसलों के अनुरूप ओडिशा की माताओं और बहनों को सुभद्रा योजना का उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे ओडिशा की 1 करोड़ से ज़्यादा महिलाओं को फ़ायदा होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को कुल 50,000 रुपए दिए जाएंगे जो सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना आरबीआई की डिजिटल करेंसी के पायलट प्रोजेक्ट से भी जुड़ी हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा की महिलाओं को देश में अपनी तरह की पहली डिजिटल करेंसी योजना से जुड़ने के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सुभद्रा योजना को ओडिशा की हर मां, बहन और बेटी तक पहुंचाने के लिए राज्य भर में कई यात्राओं के आयोजन की बात कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को योजना से जुड़ी हर जानकारी से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में मौजूदा सरकार के कई कार्यकर्ता भी पूरी शक्ति से इस सेवा में लगे हुए हैं और उन्होंने इस जन-जागरूकता के लिए सरकार, प्रशासन के साथ-साथ विधायकों, सांसदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री आवास योजना भारत में महिला सशक्तिकरण का प्रतिबिंब है”। उन्होंने कहा कि अब संपत्ति महिलाओं के नाम पर पंजीकृत की जा रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज देशभर के लगभग 30 लाख परिवारों ने गृह प्रवेश किया है, जबकि 15 लाख नए लाभार्थियों को आज स्वीकृति पत्र दिए गए हैं और 100 दिनों के कम समय में 10 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि अंतरण की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमने यह शुभ कार्य ओडिशा की पवित्र भूमि से किया है और इसमें बड़ी संख्या में ओडिशा के गरीब परिवार भी शामिल हैं।” उन्होंने कहा कि आज पक्के घर पाने वाले लाखों परिवारों के लिए जीवन की एक नई शुरुआत हो रही है।

प्रधानमंत्री ने आज सुबह एक आदिवासी परिवार के गृह-प्रवेश में भाग लेने के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि वे उनकी खुशी और उनके चेहरे पर दिख रही संतुष्टि को कभी नहीं भूल सकते। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह अनुभव, यह भावना मेरे पूरे जीवन के खजाने के बराबर है। गरीब, दलित, वंचित और आदिवासी समाज के जीवन में आ रहे बदलाव के परिणामस्वरूप यह खुशी मुझे और अधिक मेहनत करने की ऊर्जा देती है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि ओडिशा में वह सब कुछ मौजूद है, जो एक विकसित राज्य के लिए जरूरी है और कहा कि यहां युवा प्रतिभा, महिला शक्ति, प्राकृतिक संसाधन, उद्योगों के लिए अवसर, पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र में रहते हुए सरकार ने हमेशा ओडिशा को अपनी प्राथमिकता के तौर पर देखा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ओडिशा को केंद्र से 10 साल पहले की तुलना में तीन गुना अधिक धनराशि मिल रही है। उन्होंने उन योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी खुशी जताई जो पहले कभी नहीं हो पाईं। आयुष्मान योजना की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा के लोगों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का लाभ भी मिलेगा जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, चाहे उनकी आय कुछ भी हो। उन्होंने कहा “मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान एक वादा किया था और मोदी ने अपनी गारंटी पूरी की है।”

प्रधानमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि ओडिशा में रहने वाले दलित, वंचित और आदिवासी समुदाय गरीबी के खिलाफ अभियान के सबसे बड़े लाभार्थी हैं। चाहे आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए अलग मंत्रालय बनाना हो, आदिवासी समुदाय को उनकी जड़ों, जंगलों और जमीन पर अधिकार देना हो, आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर देना हो या फिर ओडिशा की एक आदिवासी महिला को देश का माननीय राष्ट्रपति बनाना हो, सरकार ने पहली बार ऐसे कार्य किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ओडिशा में कई आदिवासी इलाके और समूह हैं, जो कई पीढ़ियों से विकास से वंचित हैं। उन्होंने जनजातियों में सबसे पिछड़े लोगों को सहारा देने के लिए पीएम जनमन योजना के बारे में बताया और कहा कि ओडिशा में 13 ऐसी जनजातियों की पहचान की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जनमन योजना के तहत सरकार इन सभी समुदायों को विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। आदिवासी इलाकों को सिकल सेल एनीमिया से मुक्त करने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 महीनों में इस अभियान के तहत 13 लाख से अधिक लोगों की जांच की गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज भारत अभूतपूर्व तरीके से पारंपरिक कौशल के संरक्षण पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।” उन्होंने कहा कि देश में सैकड़ों-हजारों वर्षों से लोहार, कुम्हार, सुनार और मूर्तिकार जैसे लोग काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा योजना शुरू की गई थी, जिस पर सरकार 13,000 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। अब तक 20 लाख लोगों ने इस योजना के तहत पंजीकरण कराया है और उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने आधुनिक औजार खरीदने के लिए हजारों रुपए की वित्तीय सहायता और बिना गारंटी के बैंकों से कम ब्याज दर पर ऋण देने की बात भी कही। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि गरीबों के लिए स्वास्थ्य, सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा की यह गारंटी विकसित भारत की असली ताकत बनेगी।

खनिज और प्राकृतिक संपदा से भरपूर ओडिशा के लंबे समुद्र तट का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन संसाधनों को ओडिशा की ताकत बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगले 5 वर्षों में हमें ओडिशा की सड़क और रेल कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।” आज उद्घाटन की गई रेल और सड़क से जुड़ी नई परियोजनाओं के बारे में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें लांजीगढ़ रोड-अंबोदला-डोइकालू रेलवे लाइन, लक्ष्मीपुर रोड-सिंगाराम-टिकरी रेलवे लाइन, ढेंकनाल-सदाशिवपुर-हिंडोल रोड रेलवे लाइन को देश को समर्पित करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि आज जयपुर-नवरंगपुर नई रेलवे लाइन की आधारशिला रखने के साथ ही पारादीप बंदरगाह से संपर्क बढ़ाने के लिए भी काम शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं ओडिशा के युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने कहा कि पुरी से कोणार्क रेलवे लाइन और हाई-टेक ‘नमो भारत रैपिड रेल’ पर भी जल्द ही काम शुरू किया जाएगा और आधुनिक बुनियादी ढांचा ओडिशा के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आज देश ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ मना रहा है। उन्होंने असाधारण इच्छाशक्ति का परिचय देकर देश को एकजुट करने और उस समय की अत्यंत अशांत परिस्थितियों में भारत विरोधी कट्टरपंथी ताकतों पर अंकुश लगाकर हैदराबाद को आजाद कराने के सरदार पटेल के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने बल देकर कहा, “हैदराबाद मुक्ति दिवस सिर्फ एक तारीख नहीं है। यह देश की अखंडता और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों के लिए एक प्रेरणा भी है।”

भारत को पीछे धकेलने वाली चुनौतियों पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में गणेश उत्सव के महत्व पर जोर दिया और कहा कि लोकमान्य तिलक ने राष्ट्र की भावना को पुनर्जीवित करने और औपनिवेशिक शासकों की विभाजनकारी रणनीति का मुकाबला करने के लिए सार्वजनिक रूप से इसका आयोजन किया था। प्रधानमंत्री ने कहा, “गणेश उत्सव एकता और भेदभाव तथा जातिवाद से ऊपर उठने का प्रतीक बन गया है”। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव समारोहों के दौरान पूरा समाज एकजुट दिखता है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने उन लोगों को आगाह किया जो आज समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के गणेश उत्सव में शामिल होने और कर्नाटक में भगवान गणेश की मूर्ति जब्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण कुछ समूहों में पैदा हुई दुश्मनी की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समाज में जहर घोलने की यह घृणित सोच और मानसिकता देश के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने सभी से ऐसी घृणित ताकतों को आगे न बढ़ने देने का आग्रह किया।

अपने संबोधन के समापन पर प्रधानमंत्री ने ओडिशा और देश को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल करने का भरोसा जताया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास और मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी सहित अन्य गणमान्य व्‍यक्ति उपस्थित थे।

 

भारत ने चीन को हराकर पांचवीं बार जीता एशियाई हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब

भारत ने एशियाई हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। आज फाइनल मुकाबले में वर्तमान चैंपियन भारत ने मेजबान चीन को एक-शून्‍य से हराकर पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया। चौथे क्‍वार्टर में भारत की ओर से जुगराज सिंह ने शानदार गोल किया। इस ट्रर्नामेंट में भारत अपने सभी मैचों में अजेय रहा है। इस प्रतियोगिता में चीन ने रजत और पाकिस्‍तान ने दक्षिण कोरिया को हराकर कांस्‍य पदक जीता।

भारत और चीन ने टूर्नामेंट के पहले मैच में एक दूसरे का सामना किया था और भारत ने आसानी से यह मैच 3-0 से जीता था। हरमनप्रीत सिंह एंड कंपनी ने इस मैच में प्रबल दावेदार के तौर पर उतरी थी, लेकिन मेजबान टीम बिना लड़े हार मानने को तैयार नहीं थी। मैच की शुरुआत चीन द्वारा भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाने की कोशिश से हुई थी। टूर्नामेंट में इन दोनों टीमों के बीच पहले गेम में यह स्पष्ट था, जब चीन काउंटर पर भारत को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। भारत को पहला वास्तविक मौका पहले क्वार्टर की शुरुआत में मिला, जब सुखजीत ने एक शानदार शॉट लगाया, जिसे चीनी गोलकीपर ने अच्छी तरह से रोक दिया।

भारत के लिए पहला पीसी 9वें मिनट में आया और इसे चीनी डिफेंस ने अच्छी तरह से रोक दिया। भारत को एक और मौका मिला और इस बार हरमनप्रीत निशाने से काफी दूर थे। दूसरा क्वार्टर ज्यादातर समय उलझन भरा रहा क्योंकि चीन ने भारत को रोके रखा, भारत को 27वें मिनट में एक बड़ा मौका मिला जब हरमनप्रीत ने गलत तरीके से लगाए गए पीसी का पूरा फायदा उठाया, लेकिन गेंद पोस्ट से टकरा गया। इसके तुरंत बाद, भारत को शुरुआत में पेनल्टी स्ट्रोक दिया गया, लेकिन भारतीय टीम एक बार फिर इसे गोल में नहीं बदल सकी। मध्यांतर तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने डी में कई बेहतरीन हमले किए, लेकिन चीनी डिफेंस दृढ़ रहा। चीन ने कुछ पीसी हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें रोके रखा। भारत का दबाव था, लेकिन चीन ने अपना दबदबा बनाए रखा और खेल अंतिम क्वार्टर में पहुंच गया।

भारत ने दबाव बनाते हुए क्वार्टर की शुरुआत की और आखिरकार 51वें मिनट में भारतीय टीम को सफलता मिल गई। हरमनप्रीत ने डी में एक बेहतरीन मूव बनाया और जुगराज को पास दिया, जिसे जुगराज ने गेंद को गोल पोस्ट में डालने में कोई गलती नहीं की। भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली। चीन को अब सावधानी बरतनी पड़ी और भारत पर दबाव बनाने की कोशिश करनी पड़ी। उन्होंने गोल की तलाश में मैदान पर एक फ्लाइंग गोलकीपर भी लगाया। हालांकि भारतीय रक्षा काफी मजबूत थी और इसके चलते भारत ने अंततः 1-0 से जीत हासिल कर ली।

चीन को हराने के साथ ही भारत ने रिकॉर्ड पांचवीं और लगातार दूसरी बार एशियाई खिताब जीता। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और 25 गोल किए और केवल पाँच गोल खाए। भारत ने सेमीफाइनल में कोरिया को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी।

देश के विकास के लिए 100 दिनों में दी 15 लाख करोड़ की परियोजनाओं की सौगात – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के 100 दिनों के ऐतिहासिक कार्यकाल पर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2047 विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं और यह 100 दिन उसी संकल्पना को साकार करने में समर्पित रहा है। 15 लाख करोड़ की परियोजनाओं की सौगात विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिवस और कार्यकाल के 100 दिन पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और 2014 से लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री चुने गए। सार्वजनिक जीवन के ढाई दशकों से ज्यादा समय बिना रुके, बिना थके, देश की सेवा करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में उनके जन्मदिवस को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण के साथ ही भारत के ऐसे दूसरे नेता बन गए हैं, जिन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले दो कार्यकाल में दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा। भारत के प्रति दुनिया का जो विश्वास बढ़ा है, वह हम सभी देख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 120 से अधिक देशों के साथ तीसरे ‘‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ‘‘ शिखर सम्मेलन की मेजबानी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक काम किए हैं और देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री के काम और उनके व्यक्तित्व के आधार पर उनकी छवि एक ग्लोबल लीडर की बन गई है। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम करते हुए नरेंद्र मोदी ने एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। कार्यशैली और व्यक्तित्व के अनुसार प्रधानमंत्री पर महाकवि रामधारी सिंह दिनकर की ये पंक्तियां बिल्कुल सटीक बैठती हैं-

‘‘वसुधा का नेता कौन हुआ, भूखण्ड-विजेता कौन हुआ। अतुलित यश क्रेता कौन हुआ, नव-धर्म प्रणेता कौन हुआ। जिसने न कभी आराम किया, विघ्नों में रहकर नाम किया।’’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बीते 100 दिनों में अधोसंरचना के विकास के लिए 15 लाख करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देश को मिली है। इन परियोजनाओं से जहां लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं देश के विकास को भी दिशा मिलेगी। इन परियोजनाओं में से 3 लाख करोड़ की परियोजनाएं सड़कों, रेल सुविधाओं और बंदरगाहों के विकास के लिए हैं। 50600 करोड़ की लागत से आधुनिक तकनीक से युक्त सड़कें और हाईवे बनाए जाएंगे। देश को 8 नई रेल परियोजनाएं मिली हैं, जिनमें मध्यप्रदेश की इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन भी शामिल है। यह रेल परियोजना प्रदेश के आदिवासियों के विकास का पथ साबित होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश के किसानों का जीवन कैसे बेहतर बने, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागीरथी प्रयास किए हैं। किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए मोदी सरकार ने देश के 9 करोड़ 3 लाख किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के 20 हजार करोड़ रूपए जारी किए हैं। अब तक 12 करोड़ 33 लाख किसानों के बैंक खातों में 3 लाख करोड़ की राशि भेजी जा चुकी है। न्यूनतम समर्थन मूल्य के माध्यम से प्रधानमंत्री ने 12 करोड़ किसानों को 2 लाख करोड़ का लाभ पहुंचाया है। किसानों के लिए 14, 200 करोड़ की 7 प्रमुख योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है, जिसमें डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन शामिल है। नई राष्ट्रीय सहकारिता नीति की ड्राफ्ट रिपोर्ट भी तैयार हो चुकी है, जिसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी किसानों और आम लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रत्येक पंचायत में मल्टी कोऑपरेटिव सोसाइटी की व्यवस्था लागू की जाएगी। किसानों को प्याज और बासमती चावल के दाम और अच्छे मिलें, इसके लिए प्रधानमंत्री ने प्याज और बासमती चावल से न्यूनतम निर्यात मूल्य हटाने और प्याज पर निर्यात शुल्क को 40 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया है। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड का विस्तार किया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में क्रांति लाने तथा स्टार्ट-अप और रूरल इंटरप्राइजेज को सपोर्ट करने के लिए एग्रीस्योर नामक एक नया फंड लॉन्च किया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बीते 100 दिनों में प्रधानमंत्री ने हर वर्ग के हितों का ध्यान रखते हुए कदम उठाए हैं। मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए टैक्स राहत की सीमा 7 लाख तक बढ़ा दी गई है। सरकारी कर्मचारियों के लिए यूनिफाईड पेंशन स्कीम लागू की गई है। बेघर गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ नए घर स्वीकृत किए गए हैं। लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 2.50 लाख से अधिक घरों में सौर उर्जा का सिस्टम लगाया गया है। युवाओं के लिए रोजगार और कौशल को बढ़ावा देने के लिए 2 लाख करोड़ के पीएम पैकेज की गई घोषणा की गई है, इससे 5 साल में 4.1 करोड़ से अधिक युवाओं को लाभ मिलेगा। 1 करोड़ युवाओं को टॉप कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर और एकमुश्त सहायता राशि मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को संगठित कर 90 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। 11 लाख लखपति दीदीयों को प्रमाण पत्र दिए गए हैं और लखपति दीदीयों की संख्या 1 करोड़ से अधिक हो गई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन दीदियों एवं पर्यटन मित्रों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जा रहा है। पीएम जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान चलाकर 63 हजार जनजातीय गांवों का विकास किया जा रहा है। कचरा बीनने वालों को भी सफाई कर्मचारियों के साथ शामिल कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री जी ने 31 प्रतिशत बोझ वाले एंगल टैक्स को समाप्त किया है। विदेशी कंपनियों के लिए कार्पोरेट टैक्स को 40 से घटाकर 35 प्रतिशत किया गया है। मुद्रा लोन की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख कर दी गई है। इससे रेहड़ी-पटरी पर रोजगार करने वालों को आसानी से बिना ब्याज का ऋण मिलेगा। छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी के लोन देने और मशीनरी व अन्य सामान खरीदने के लिए क्रेडिट गारंटी योजना शुरू की गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गरीबों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त उपचार मिल रहा है। प्रधानमंत्री जी ने देशभर के बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर आयुष्मान भारत योजना का विस्तार किया और अब 70 वर्ष से अधिक उम्र के देश के सभी बुजुर्गों को 5 लाख रूपए के इलाज की गारंटी प्रदान की है। इस योजना से देश के 6 करोड़ वृद्ध नागरिकों को लाभ मिलेगा। देश के हेल्थकेयर सिस्टम को और प्रभावी बनाने के लिए 75 हजार नई मेडिकल सीटें बढ़ाई गईं हैं। मेडिकल कॉलेज और एम्स की संख्या भी कई गुना बढ़ गई है। इससे मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में विदेशी निर्भरता को कम करने में मदद मिलेगी। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश में विज्ञान और टेक्नालॉजी के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। चंद्रयान व मंगलयान की सफलता पर 23 अगस्त को पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री और देश के गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प था कि देश से गुलामी के सभी प्रतीकों को हटा देंगे। उन्होंने अंग्रेजों के जमाने से चली आ रही आईपीसी को हटाकर 1 जुलाई, 2023 से देश में तीन नए कानून लागू किए और भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए। संगठित आर्थिक अपराधों पर रोक के लिए संसद में नया कानून पारित कराया गया।

प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़े के रूप में मना रही है, जिसकी शुरुआत आज से ही हो गई है। इस सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 17, 18 और 19 सितंबर को प्रत्येक जिले में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जाएगा। पखवाड़े के दौरान मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता के कार्यक्रम किए जाएंगे। विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि 18 से 25 सितम्बर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आर. बालासुब्रमण्यम द्वारा लिखित पुस्तक पर केंद्रित संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा प्रदेश के पैरा ओलंपिक खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा। 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा पार्टी कार्यकर्ता खादी के वस्त्र खरीदकर बापू के बताए रास्ते पर अपने कदम बढ़ाएंगे।

पत्रकार-वार्ता के दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल, प्रदेश प्रवक्ता मिलन भार्गव एवं अजय धवले उपस्थित रहे।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के गांधीनगर में चौथे वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन एवं एक्सपो (री-इन्वेस्ट) का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल गुजरात के गांधीनगर के महात्मा मंदिर में चौथे वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन एवं एक्सपो (री-इन्वेस्ट) का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में भारत की 200 गीगावाट से अधिक स्थापित गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता की उल्लेखनीय उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की कंपनियों, स्टार्ट-अप और उद्योग जगत के प्रमुख दिग्गजों के अत्याधुनिक नवाचारों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विविधता, व्यापकता, क्षमता, संभावना और प्रदर्शन सभी अद्वितीय हैं और वैश्विक अनुप्रयोगों के लिए भारतीय समाधानों का मार्ग प्रशस्त करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का मानना है कि भारत 21वीं सदी का सर्वाधिक संभावनाओं वाला देश है।” पिछले एक महीने में भारत द्वारा आयोजित वैश्विक कार्यक्रमों को याद करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का आयोजन किया गया। दुनिया भर के लोगों ने पहले अंतर्राष्ट्रीय सौर महोत्सव, ग्लोबल सेमीकंडक्टर शिखर सम्मेलन में भाग लिया। भारत ने दूसरे एशिया-प्रशांत नागर विमानन मंत्रिस्तरीय सम्मेलन की भी मेजबानी की और आज भारत हरित ऊर्जा के सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पेरिस में निर्धारित जलवायु प्रतिबद्धताओं को प्राप्त करने वाला पहला जी-20 देश है, वह भी समय सीमा से 9 साल पहले। श्री मोदी ने 2030 तक 500 गीगावाट अक्षय ऊर्जा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के लक्ष्यों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि सरकार ने हरित परिवर्तन को जन आंदोलन में बदल दिया है। उन्होंने रूफटॉप सोलर के लिए भारत की अनूठी योजना- पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अध्ययन करने का सुझाव दिया। इसके तहत सरकार प्रत्येक परिवार के लिए रूफटॉप सोलर सेटअप के लिए धन मुहैया कराती है और स्थापना में मदद करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से भारत का हर घर बिजली उत्पादक बन जाता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 1 करोड़ 30 लाख से अधिक परिवारों ने पंजीकरण कराया है और अब तक 3.25 लाख घरों में स्थापना का काम पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि पीएम सूर्य घर योजना रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण का माध्यम बन रही है, जिससे लगभग 20 लाख रोजगार पैदा हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि सरकार का लक्ष्य इस योजना के तहत 3 लाख युवाओं को कुशल जनशक्ति के रूप में तैयार करना है। इनमें से एक लाख युवा सोलर पीवी तकनीशियन होंगे। उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने में प्रत्येक परिवार के योगदान को ध्यान में रखते हुए कहा, “प्रति 3 किलोवाट सौर बिजली का उत्पादन 50-60 टन कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन को रोकेगा।”

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सभा को संबोधित करते हुए उद्घाटन भाषण में इस बात पर जोर दिया कि किस तरह नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी स्थान प्राप्त कर रहा है। उन्होंने सभी हितधारकों से भारत के जीवंत और तेजी से बढ़ते नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश करने की अपील भी की। उन्होंने भारत में नवीकरणीय ऊर्जा की अपार संभावनाओं का दोहन करने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया।

जोशी ने री-इन्वेस्ट मीट में भाग लेने वाले राज्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, हमारे राज्य न केवल हरित भविष्य के लिए भारत के सामूहिक दृष्टिकोण पर जोर देते हैं, बल्कि अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने और उसे बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रल्हाद जोशी ने देश में स्थापित गैर-जीवाश्म बिजली क्षमता को 200 गीगावाट से अधिक करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यों और उद्योगों को भी बधाई दी। अन्य राज्यों से आग्रह किया कि वे नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की सफलता की कहानियों से सीखें और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें अपनाएं।

इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा के मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

चौथा वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन और एक्सपो (री-इन्वेस्ट) नवीकरणीय ऊर्जा निर्माण और उपयोग में भारत की शानदार प्रगति को प्रदर्शित करने के लिए तैयार है। इसमें ढाई दिन का सम्मेलन होगा, जिसमें दुनिया भर से प्रतिनिधि भाग लेंगे। उपस्थित लोग मुख्यमंत्री स्तरीय बैठक, सीईओ गोलमेज सम्मेलन और अभिनव वित्तपोषण, हरित हाइड्रोजन एवं भविष्य के ऊर्जा समाधानों पर विशेष चर्चाओं सहित एक व्यापक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस आयोजन में जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क और नॉर्वे भागीदार देशों के रूप में भाग ले रहे हैं। गुजरात मेजबान राज्य है और आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्यों के रूप में भाग ले रहे हैं।

एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है, जिसमें सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की कंपनियों, स्टार्ट-अप और उद्योग जगत के प्रमुख दिग्गजों के अत्याधुनिक नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी एक स्थायी भविष्य के लिए भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगी।

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...