संगठन पर्व देश को समृद्ध और शक्तिशाली बनाने का अभियान – डॉ. मोहन यादव

भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व पर रविवार को प्रदेश में किसान सदस्यता दिवस मनाकर किसानों को सदस्यता दिलायी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के मक्सी रोड़ स्थित वार्ड क्र. 40 के बूथ क्र 82, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं संगठन पर्व के राष्ट्रीय संयोजक विनोद तावड़े इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा के ग्राम धनखेड़ी के बूथ क्र. 162, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा धार, इंदौर ग्रामीण व महू, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री महेन्द्र कुमार पाण्डेय सांवेर, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह इंदौर के सांवेर व सीहोर जिले के आष्टा विधानसभा के जावर मंडल के बूथ क्र. 42 में किसानों व ग्रामीणों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किसान सदस्यता दिवस में शामिल होकर किसानों व ग्रामीणों को भाजपा का सदस्य बनाया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान सदस्यता दिवस पर रविवार को उज्जैन के मक्सी रोड़ स्थित वार्ड क्र. 40 के बूथ क्र 82 पर किसानों को मिस कॉल से भाजपा का सदस्य बनाते हुए कहा कि यह संगठन पर्व देश को समृद्ध और शक्तिशाली बनाने का अभियान है। सभी कार्यकर्ता हर बूथ के घर-घर पहुंचकर सदस्यता अभियान में अपना योगदान दें। हम सभी भाजपा संगठन के कार्यकर्ता हैं जो सत्ता के लिए राजनीति नहीं बल्कि सेवा के लिए राजनीति करते है। हमारी पार्टी ने आजादी के बाद प्रदेश के जिन बूथों पर चुनाव नहीं जीता है, उन बूथों को मजबूत बनाकर जीत का परचम फहराना है। पार्टी नेतृत्व ने मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसें हमें मिलकर पूरा करना है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सामाजिक सरोकारों के साथ सभी धर्म-समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष श्री विवेक जोशी, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं संगठन पर्व के राष्ट्रीय प्रभारी विनोद तावड़े ने इंदौर ग्रामीण के सांवेर विधानसभा के ग्राम धनखेड़ी के बूथ क्र. 162 में किसान सदस्यता दिवस पर खेत में कार्य कर रहे किसान भाईयों को सदस्यता दिलायी। सदस्यता दिलाते हुए तावड़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन अभियान अंक बढ़ाने का अभियान नहीं है बल्कि भारत को विकसित राष्ट्र एवं समृद्वशाली राष्ट्र बनाने के लिए है। इस महाभियान में हम जुड़ पाएं यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुझे कई युवा मिलते हैं तो कहते हैं कि आज भव्य राम मंदिर का निर्माण हमारे सामने हो गया है यह हमारे लिए गौरव की बात है। मध्यप्रदेश भाजपा का आदर्श संगठन है, यहां के कार्यकर्ताओं को जो लक्ष्य दिया जाता है उसे अवश्य पूरा करते हैं। आज संगठन पर्व चल रहा है और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता इस महाभियान में जुटा है। आप जिन लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं और उनसे भविष्य में आत्मीय रिश्ता भी रखें, उन्हें समय-समय पर याद करते रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार में मध्यप्रदेश विकसित राज्यों की पंक्ति में अग्रसर है। भाजपा सरकार की जनहितैषी योजनाओं के हितग्राही स्वयं पार्टी का सदस्य बनने के लिए आतुर हैं, हमें शहर, गली-मोहल्लों व गांवों में जाकर उन्हें भाजपा परिवार में जोड़कर इस संगठन पर्व में नया इतिहास बनाना है। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री महेन्द्र कुमार पाण्डेय, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट, पार्टी के प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय उपस्थित रही।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को संगठन पर्व के तहत किसान सदस्यता दिवस पर धार, इंदौर ग्रामीण व महू में बड़ी संख्या में किसानों को भाजपा की सदस्यता दिलाई और बुजुर्ग किसानों का सम्मान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक संबल देने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रदेश के करीब 80 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के प्रति वर्ष 6 हजार रूपए मिल रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि देकर प्रति वर्ष किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने का कार्य कर रही है। आजादी के बाद वर्षों तक देश में शासन करने वाली पार्टी ने किसानों के हितों के लिए कोई कार्य नहीं किया। 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद किसानों की समस्याओं का निराकरण तेजी से शुरू हुआ है। अब किसानों को खाद, बीज भी समय पर मिल रहा। केंद्र सरकार ने गेहूं, धान सहित अन्य दलहन व तिलहन अनाजों के समर्थन मूल्यों में बढ़ोतरी की है। मध्यप्रदेश सरकार के आग्रह पर हाल ही में केंद्र सरकार ने सोयाबीन का समर्थन मूल्य 4892 रूपए प्रति क्विंटल कर दिया है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों को खेती के लिए जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के साथ सब्सिडी पर खाद व बीज भी उपलब्ध करा रही है। किसान अन्नदाता के साथ भारत के भाग्य विधाता हैं, भाजपा किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है। इस दौरान संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा और जिला प्रभारी राय सिंह सेंधव उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। आने वाला समय भारत का रहने वाला है। इसलिए हमें जन-जन तक पहुंचकर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाना है। भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनकर हमें भारत माता की सेवा करना है। आपके क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनें, इसके लिए कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचकर संगठन पर्व को गति दें। कार्यकर्ता यह लक्ष्य लेकर चलें कि उन्हें पहले नंबर पर रहना है। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि संगठन पर्व का पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा। शेष बचे हुए हुए दस दिनों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाना है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता यह लक्ष्य निधारित कर लें कि वह प्रतिदिन हर बूथ पर 25 नए सदस्य बनाएंगे तो 25 सितंबर तक लक्ष्य से अधिक सदस्य बन जाएंगे। आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास के कार्य हुए हैं उससे देश ही नहीं विदेश में भी भारत का डंका बज रहा है। संगठन पर्व के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को तीन से चार दिन तक अपना घर छोड़कर बूथ पर प्रवास करना होगा तथा दिया गया लक्ष्य को पूर्ण करना होगा। आप सभी कार्यकर्ता ठान लें तो कोई भी लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं।

इंदौर प्रदेश और देश का गौरव, रिकॉर्ड सदस्य बनाकर जिले का गौरव और बढ़ाएं – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व के तहत महू और इंदौर एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने इंदौर में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित रते हुए कहा देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसा है। प्रधानमंत्री देश की जनता के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस छल, कपट और झूठ के साथ तुष्टिकरण की राजनीति करती है। संगठन पर्व भाजपा को उन स्थानों पर मजबूती देने का अभियान है, जहां हम कमजोर है। यह समय तुष्टिकरण करने वालों को जवाब देने का नहीं उनकी राजनीति समाप्त करने का समय है। इसलिए आप सभी लोग हर बूथ पर भाजपा को और मजबूती देने के लिए रिकॉर्ड संख्या में लोगों को भाजपा का सदस्य बनाएं। इंदौर प्रदेश देश का गौरव है। यहां इतना अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं कि यह जिला संगठन पर्व में भी देश का एक नंबर का जिला बन जाए। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि इंदौर स्वच्छता में नंबर एक है, इसे सदस्यता में भी एक नंबर पर लाना है। जिन बूथों पर भाजपा कमजोर है, वहां अधिक से अधिक सदस्य बनाकर पार्टी को और मजबूत बनाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व पार्टी संगठन को और मजबूती देने और नए लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने के लिए चल रहा है। भाजपा के साथ जुड़कर लोगों के व्यक्तित्व का निर्माण होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद बड़ी संख्या में प्रदेश और देश के युवा, महिलाएं भी बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्य बन रही हैं। पार्टी कार्यकर्ता युवाओं और महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़कर उनके व्यक्तित्व निर्माण में सहयोगी बनें। हमें गर्व होता है, कि हम उस भाजपा के कार्यकर्ता है, जो विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। महू के कार्यकर्ता अपने परिश्रम से संगठन के लक्ष्यों को पूरा करता है। संगठन पर्व में महू के कार्यकर्ता इतिहास रचेंगे। पंडित दीनदयाल जी की जन्म जयंती पर 25 सितंबर तक पार्टी के नये सदस्य बनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’’ के मूलमंत्र को लेकर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के लोगों के जीवन में खुशी लाने का कार्य कर रहे हैं। केंद्र और प्रदेश की जितनी भी लाभार्थी योजनाएं हैं, सभी समाज वर्ग को उनका समान रूप से लाभ मिल रहा है। दशकों तक देश में शासन करने वाली राजनीतिक पार्टी मुस्लिम महिलाओं के लिए तीन तलाक का कानून नहीं बना सकी। प्रधानमंत्री ने तीन तलाक का कानून बनाकर मुस्लिम समाज की महिलाओं की जिंदगी बदलने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर कलंक मिटाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। संगठन पर्व में बूथ विजय अभियान की तरह हर बूथ पर अधिक से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाकर तुष्टिकरण करने वालों की राजनीति समाप्त करने का कार्य करें। इतनी अधिक संख्या में लोगों को सदस्य बनाएं कि आगामी चुनावों में विपक्षी दलों के लोग चुनाव से पहले ही भाजपा के मुकाबले कहीं न दिखें। उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन में बदलाव लाने और देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए भाजपा जरूरी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अभी तक मध्यप्रदेश में जो सदस्यता हुई है, उसमें 35 से 40 प्रतिशत तक युवा सदस्य बने हैं। भाजपा कार्यकर्ता महिलाओं और युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी का सदस्य बनाएं। इंदौर स्वच्छता में देश और मध्यप्रदेश का गौरव है। प्रदेश और देश के गौरव इंदौर के लिए संगठन पर्व में पूर्व निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करना बहुत आसान है। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता उस लक्ष्य के लिए उससे अधिक नए लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य करें। बूथ-बूथ जाएं, घर-घर घूमें और इंदौर शहर और जिले में इतनी अधिक संख्या में भाजपा के सदस्य बनाएं कि इंदौर देश में सगठन पर्व में नंबर एक का जिला बन जाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने किसान सदस्यता दिवस पर धार और महू में बड़ी संख्या में किसानों को भाजपा की सदस्यता दिलाई और बुजुर्ग किसानों का सम्मान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रदेश के करीब 80 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के प्रति वर्ष 6 हजार रूपए मिल रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि देकर प्रति वर्ष किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने का कार्य कर रही है। आजादी के बाद वर्षों तक देश में शासन करने वाली पार्टी ने किसानों के हितों के लिए कोई कार्य नहीं किया। 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद किसानों की समस्याओं का निराकरण तेजी से शुरू हुआ है। अब किसानों को खाद, बीज भी समय पर मिल रहा। केंद्र सरकार ने गेहूं, धान सहित अन्य दलहन व तिहलन अनाजों के समर्थन मूल्यों में बढ़ोतरी की है। मध्यप्रदेश सरकार के आग्रह पर हाल ही में केंद्र सरकार ने सोयाबीन का समर्थन मूल्य 4892 रूपए प्रति क्विंटल कर दिया है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों को खेती के लिए जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के साथ सहकारी समितियों के जरिए सब्सिडी पर खाद व बीज भी उपलब्ध करा रही है। किसान अन्नदाता के साथ भारत के भाग्य विधाता हैं, इसलिए देश के विकास को और अधिक गति देने के लिए भाजपा का सदस्य बनना आवश्यक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को धार में संगठन पर्व के तहत योग केंद्र व व्यायाम शाला पहुंचकर लोगों के साथ योग व व्यायाम किया और उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद धार जिला कार्यालय में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सदस्यता दिलाने के साथ घर जाकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं को सदस्य बनाया। इसके पश्चात विष्णुदत्त शर्मा धार के ग्राम सेजवानी में खेतों में काम कर रहे किसान मोहन पवार व अन्य ग्रामीणों को भाजपा का सदस्यता बनाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में किसानों को पार्टी का सदस्य बनाया, तत्पश्चात महू विधानसभा के ग्राम गवलीपलासिया के बूथ क्रमांक 13 एवं 16 में कई किसानों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

इंदौर में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि इंदौर का भाजपा कार्यकर्ता जो तय कर लेता है, उससे कहीं अधिक कार्य करके दिखाता है। इसी तरह संगठन पर्व में भी भाजपा संगठन द्वारा इंदौर का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उससे कहीं बहुत अधिक संख्या में पार्टी के साथ लोगों को जोड़कर इतिहास बनाना है। उन्हांने कहा मैंने अनुभव किया है, जब व्यक्ति भाजपा से जुड़ता है तो उसका मन और मानस देश हित के लिए काम करने का होता है। देश के प्रति समर्पण का होता है। कांग्रेस के लोग केवल नकारात्मक, झूठ, छल और कपट की राजनीति करते हैं। देश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर देश की जनता को भरोसा है। जनता के विश्वास को आधार बनाकर संगठन पर्व के माध्यम से संगठन को सशक्त बनाने में जुट जाएं, क्योंकि भाजपा सशक्त होगी तो भारत सशक्त होगा।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन पर्व में अपनी महती भूमिका निभाए। भाजपा का हर कार्यकर्ता अपना स्वयं का एक लक्ष्य तय करे और उसे पूरा करने के लिए लोगों को पार्टी का सदस्य बनाए। पन्ना प्रमुख, बूथ अध्यक्ष से लेकर वरिष्ठ पदाधिरियों के लिए भी लक्ष्य निर्धारित हैं। भाजपा जिन बूथों, क्षेत्रों व मजरे-टोलों में कमजोर है, उनसे संपर्क करें और प्रधानमंत्री जी की गरीब कल्याण की योजनाएं बताकर उन्हें पार्टी का सदस्य बनाएं। बूथ विस्तारक अभियान ने पार्टी संगठन को मजबूती दी और मध्यप्रदेश में भाजपा को विधानसभा व लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली। इसी तरह संगठन पर्व भी पार्टी संगठन को मजबूती देने के लिए है। जितने अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे, पार्टी संगठन उतना ही मजबूत होगा। पार्टी संगठन जितना अधिक मजबूत होगा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की संकल्प को उतने ही अच्छे तरीके से पूरा कर सकेंगे। आप सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों और क्षेत्रों में सदस्यता में इतिहास बनाएं।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री महेन्द्र हार्डिया, महापौर पुष्ण्मित्र भार्गव, पूर्व मंत्री व विधायक उषा ठाकुर, जिला अध्यक्ष गौरव रणदिवे, ग्रामीण जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा, विधायक मालिनी गौड़, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, वरिष्ठ नेता सुदर्शन गुप्ता, जयपाल सिंह चावड़ा, ओपी नेमा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संगठन पर्व सदस्यता टोली के सदस्य व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

देवास जिले के 6 दर्शनार्थियों की राजस्थान के बूंदी जिले में सड़क हादसे में मृत्यु

प्रदेश के देवास जिले के 6 दर्शनार्थियों की खाटू श्याम जी के दर्शन करने जाते समय राजस्थान के बूंदी जिले में सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के 6 दर्शनार्थियों की खाटू श्याम जी के दर्शन करने जाते समय राजस्थान के बूंदी जिले में सड़क हादसे में असामयिक मृत्यु पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार परिजनों के साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि हादसे में घायलों के समुचित उपचार के लिए राज्य शासन के अधिकारी राजस्थान सरकार के संपर्क में है।

पीएम मोदी ने झारखंड के टाटानगर में छह वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, 660 करोड़ लागत की कई रेल परियोजनाओं का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए झारखंड के टाटानगर में 660 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के 32 हजार लाभार्थियों को मंजूरी पत्र भी वितरित किए। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत बाबा बैद्यनाथ, बाबा बासुकीनाथ और भगवान बिरसा मुंडा की धरती को नमन करने के साथ की। उन्होंने झारखंड में कर्म पर्व के पवित्र अवसर का भी उल्लेख किया, जिसे प्रकृति की पूजा के लिए समर्पित माना जाता है। साथ ही उन्होंने आज रांची हवाई अड्डे पर उनके लिए किए गए स्वागत की कुछ भी जानकारी भी दी, जहां एक महिला ने उन्हें कर्म पर्व का प्रतीक भेंट किया। उन्होंने कहा कि कर्म पर्व के तहत महिलाएं अपने भाइयों के सुखी जीवन की कामना करती हैं। इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज झारखंड को छह नई वंदे भारत ट्रेनों, 600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं और पीएम आवास योजना के तहत राज्य के लोगों के लिए पक्के घरों की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने इन परियोजनाओं के लिए झारखंड के लोगों और इन वंदे भारत ट्रेनों के माध्यम से कनेक्टिविटी पाने वाले अन्य राज्यों को भी बधाई दी।

उस समय को याद करते हुए, जब आधुनिक विकास केवल कुछ राज्यों तक ही सीमित था और झारखंड जैसे राज्य पीछे छूट गए थे, प्रधानमंत्री ने कहा कि, ‘सबका साथ सबका विकास’ के मंत्र ने देश की सोच और प्राथमिकताओं को बदल दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा, “देश की प्राथमिकताएं गरीब, आदिवासी, दलित, वंचित, महिलाएं, युवा और किसान हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर राज्य और हर शहर, संपर्क व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए वंदे भारत ट्रेन चाहता है। उन्होंने कुछ दिन पहले उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के लिए तीन नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के अवसर को याद किया और आज छह नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने का उल्लेख किया, जो पहले ही अपनी यात्रा शुरू कर चुकी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और व्यवसायों, पेशेवरों और छात्रों को काफी लाभ होगा। छह नई वंदे भारत ट्रेनों के चलने से सांस्कृतिक गतिविधियों में होने वाली बढ़ोत्तरी का ज़िक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और दुनिया से बड़ी संख्या में काशी आने वाले तीर्थयात्रियों को अब वाराणसी-देवघर वंदे भारत ट्रेन के शुरु होने से, देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने का भी मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और टाटानगर के औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने आज विभिन्न विकास परियोजनाओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि, ” तेज़ गति से विकास के लिए, आधुनिक रेलवे बुनियादी ढांचा बेहद जरूरी है।” उन्होंने देवघर जिले में मधुपुर बाई पास लाइन की आधारशिला रखने का उल्लेख किया, जिससे हावड़ा-दिल्ली मेनलाइन पर ट्रेनों की रुकावट से बचने में मदद मिलेगी और गिरिडीह और जसीडीह के बीच यात्रा समय को कम करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने हज़ारीबाग़ जिले में हज़ारीबाग़ टाउन कोचिंग डिपो का भी ज़िक्र किया, जो इस स्टेशन पर कोचिंग स्टॉक के रखरखाव की सुविधा में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि कुरकुरा-कानारोन लाइन के दोहरीकरण से झारखंड में रेल संपर्क को बढ़ावा मिलेगा और इस्पात उद्योगों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि केंद्र ने झारखंड की समग्र प्रगति और विकास सुनिश्चित करने के लिए निवेश बढ़ाने के साथ-साथ विकास कार्यों की गति भी बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साल के बजट में, राज्य के रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए झारखंड को 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई, जो 10 साल पहले आवंटित बजट की तुलना में 16 गुना अधिक है। उन्होंने लोगों को रेलवे बजट बढ़ाने के फायदों के बारे में भी बताया – चाहे वह नई लाइनों का विकास हो या लाइनों का विद्युतीकरण या लाइनों का दोहरीकरण या स्टेशनों में नए बुनियादी ढांचे का विकास हो, हर क्षेत्र में काम तेजी से चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड की, उन राज्यों में से एक होने के लिए सराहना की, जहां रेलवे लाइनें 100% विद्युतीकृत हैं। श्री मोदी ने खास तौर पर इस बात का ज़िक्र किया कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत झारखंड में 50 से अधिक रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधान मंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) की पहली किस्त आज शुरू की जा रही है, जिससे हजारों लाभार्थियों के लिए पक्के घर सुनिश्चित हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि पीएमएवाई-जी के साथ शौचालय, पेयजल, बिजली, गैस कनेक्शन की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की गईं है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब किसी परिवार को अपना घर मिलता है, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ जाता है। उन्होंने आगे कहा कि वे परिवार अपने वर्तमान को स्थिर करने के साथ-साथ, अपने बेहतर भविष्य के बारे में भी सोचना शुरू कर देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम आवास योजना के ज़रिए पक्के मकान के साथ-साथ झारखंड के लोगों के लिए गांवों और शहरों में हजारों नौकरियां भी पैदा हो रही हैं।

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश के ग़रीब, दलित, वंचितों और आदिवासी परिवारों को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने झारखंड सहित पूरे देश में आदिवासी समुदाय के लिए चलाई जा रही पीएम जनमन योजना के बारे में बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस योजना के माध्यम से उन जनजातियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद पिछड़ी हैं। अधिकारी खुद ऐसे परिवारों तक पहुंचते हैं और उन्हें घर, सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा की सुविधाएं प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कोशिशें, सरकार के विकसित झारखंड के संकल्प का हिस्सा हैं। संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ये संकल्प जरूर पूरे होंगे और जनता के आशीर्वाद से झारखंड के सपने भी साकार होंगे। उन्होंने झारखंड के लोगों के समक्ष अपनी विनम्र माफी मांगते हुए कहा कि वे खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर की आवाजाही बाधित होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो सके और उन्हें आज की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए करना पड़ा।

इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने 660 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं में देवघर जिले में मधुपुर बाई पास लाइन और झारखंड के हज़ारीबाग़ जिले में हज़ारीबाग़ टाउन कोचिंग डिपो की आधारशिला रखना शामिल है। कार्य पूरा होने के बाद, मधुपुर बाईपास लाइन, हावड़ा-दिल्ली मुख्य लाइन पर ट्रेनों की देरी से बचने में मदद करेगी और गिरिडीह और जसीडीह के बीच यात्रा के समय को कम करने में भी सहायक होगी। इसके साथ ही हज़ारीबाग़ टाउन कोचिंग डिपो, इस स्टेशन पर कोचिंग स्टॉक के रखरखाव की सुविधा में मदद करेगा।

प्रधानमंत्री ने कुरकुरा-कानारोन दोहरीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित किया, जो बोंडामुंडा-रांची सिंगल लाइन खंड का और रांची, मुरी और चंद्रपुरा स्टेशनों से होते हुए राउरकेला-गोमो मार्ग का हिस्सा है। यह परियोजना माल और यात्री यातायात की गतिशीलता बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगी। इसके अलावा, आम लोगों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए, चार रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) भी राष्ट्र को समर्पित किए गए।

सभी के लिए आवास, के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री ने झारखंड के 32,000 प्रधान मंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों को सहायता की पहली किस्त जारी की। प्रधानमंत्री ने 46 हजार लाभार्थियों के गृह प्रवेश समारोह में भी हिस्सा लिया।

हिंदी भाषा ने देश को एकजुट करने में अभूतपूर्व भूमिका निभाई है – केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली में राजभाषा हीरक जयंती समारोह और चतुर्थ अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को संबोधित किया। गृह मंत्री ने राजभाषा हीरक जयंती के अवसर पर विशेष रूप से तैयार किए गए ‘राजभाषा भारती’ पत्रिका के हीरक जयंती विशेषांक का लोकार्पण किया। अमित शाह ने हीरक जयंती को यादगार बनाने के लिए एक स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्के का लोकार्पण भी किया। गृह मंत्री ने राजभाषा गौरव तथा राजभाषा कीर्ति पुरस्कार भी प्रदान किए। इस अवसर पर गृह एवं सहकारिता मंत्री ने भारतीय भाषा अनुभाग का भी शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि पिछले 75 साल की यात्रा हिन्दी को राजभाषा के रूप में स्वीकार कर इसके माध्यम से देश की सभी स्थानीय भाषाओं को जोड़ते हुए अपने संस्कार, संस्कृति, भाषाओं, साहित्य, कला और व्याकरण को संरक्षित और संवर्धित करने की यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि हिंदी की 75 वर्षों की यह यात्रा अब अपने उद्देश्यों को प्राप्त करने के अंतिम पड़ाव पर खड़ी है और आज का दिन हिंदी को संपर्क, जन भाषा, तकनीक और अंतर्राष्ट्रीय भाषा बनाने का दिन है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज भारतीय भाषा अनुभाग का शुभारंभ हुआ है और हम सब जिस छोटे से बीज के बोए जाने के साक्षी बने हैं, वह आने वाले वर्षों में एक वटवृक्ष बन कर हमारी भाषाओं की सुरक्षा का केन्द्र बनेगा। भारतीय भाषा अनुभाग राजभाषा विभाग का पूरक अनुभाग बनेगा। अमित शाह ने कहा कि राजभाषा का प्रचार-प्रसार तब तक नहीं हो सकता जब तक हम अपनी सभी स्थानीय भाषाओं को मज़बूत न करें और राजभाषा का इनके साथ संवाद स्थापित न करें।

अमित शाह ने कहा कि हिंदी और स्थानीय भाषाओं के बीच कभी स्पर्धा नहीं हो सकती क्योंकि हिंदी सभी स्थानीय भाषाओं की सखी है। उन्होंने कहा कि हिंदी और स्थानीय भाषाएं एक दूसरे की पूरक हैं और इसीलिए भारतीय भाषा अनुभाग के माध्यम से हिंदी और सभी स्थानीय भाषाओं के बीच संबंध को और मज़बूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषा अनुभाग हिन्दी के किसी भी लेख, भाषण या पत्र भावानुवाद देश की सभी भाषाओं में करेगा। इसी प्रकार देश की सभी भाषाओं के साहित्य, लेख और भाषणों का अनुवाद हिंदी में होगा, जो समय की ज़रूरत है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि जो स्वराज, स्वधर्म और स्वभाषा को समाहित नहीं करता वो अपनी आने वाली पीढ़ियों को ग़ुलामी से मुक्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि स्वराज की व्याख्या में ही स्वभाषा समाहित है। उन्होंने कहा कि जो देश और जनता अपनी भाषाओं की रक्षा नहीं कर सकते वो अपने इतिहास, साहित्य तथा संस्कार से कट जाते हैं और उनकी आने वाली पीढ़ियां गुलामी की मानसिकता के साथ आगे बढ़ती हैं। शाह ने कहा कि ये बहुत ज़रूरी है कि आज़ादी के 75 वर्ष के बाद भी हम आज शिवाजी महाराज के स्वराज, स्वभाषा और स्वधर्म के सिद्धांत पर बल देकर काम करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति में मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा पर बल देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बच्चे की अभिव्यक्ति, सोचने, समझने, तर्क, विश्लेषण और निर्णय पर पहुंचने की प्रक्रिया की सबसे सुगम भाषा उसकी मातृभाषा होती है। इसी कारण से प्रधानमंत्री मोदी ने मातृभाषा में शिक्षा पर बहुत बल दिया है। गृह मंत्री ने कहा कि आज का दिन भारत की सभी भाषाओं को मज़बूत करने और राजभाषा को देश की संपर्क भाषा बनाने का दिन है जिसके माध्यम से हम अपनी भाषाओं में अपने देश का कामकाज कर सकें।

अमित शाह ने कहा कि हमारे आज़ादी के आंदोलन में भी हिंदी का बहुत बड़ा योगदान है। 1857 की क्रांति के विफल होने के पीछे एक प्रमुख कारण किसी संपर्क भाषा का न होना था। उन्होंने कहा कि हमारा देश जियोपॉलिटिकल नहीं बल्कि भूसांस्कृतिक देश है और संस्कृति हमारे देश को जोड़ने वाली एक मज़बूत कड़ी है। शाह ने कहा कि हमारे देश की एकता संस्कृति से बनी है, हमारी संस्कृति भाषाओं से जुड़ी और बनी है।जिस दिन हम अपनी भाषाओं को गंवा देंगे उस दिन देश की एकता पर बहुत बड़ा खतरा मंडराने लगेगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि चाहे डॉ. अंबेडकर हों, राजगोपालाचारी, महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, के एम मुंशी, लाला लाजपत राय, नेताजी सुभाष चंद्र बोस या फिर आचार्य कृपलानी हों, हिंदी को बढ़ावा देनेवाले हमारे नेताओं में अधिकतर गैर-हिन्दी भाषी क्षेत्रों से आते थे। इन सभी की मातृभाषा अलग थी मगर वे समझते थे कि हिंदी भाषा देश को एक करने का एक माध्यम है इसलिए उन्होंने हिंदी को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनाकर राजभाषा का स्वरूप दिया।

अमित शाह ने कहा कि हमारी भाषाओं को अगर कोई बचा सकता है तो वो केवल माताएं ही बचा सकती हैं। गृह मंत्री ने सभी अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों के साथ अपनी मातृभाषा में ही बात करें। उन्होंने कहा कि अगर हम ये करते हैं तो हमारी भाषाओं को कोई समाप्त नहीं कर सकता। हमारी भाषाएं चिरकाल तक देश और दुनिया की सेवा करती रहेगीं। शाह ने कहा कि आने वाला समय भारत की भाषाओं और सभी भाषाओं का है। उन्होंने कहा कि अब इस देश को कोई भी किसी भी प्रकार की गुलामी में नहीं रख सकता और भाषा की गुलामी में तो कभी नहीं रख सकता।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि राजभाषा विभाग ने हिंदी को लचीली और स्वीकार्य बनाने की दिशा में बहुत काम किया है। उन्होंने कहा कि हिंदी कभी दूषित नहीं हो सकती क्योंकि यह गंगा की तरह है और सभी को समाहित करने के बाद भी यह पवित्र ही रहेगी। शाह ने कहा कि कई शब्द हिंदी में नहीं हैं लेकिन अन्य स्थानीय भाषाओं में हैं और हमने उन्हें स्वीकार किया है। हिंदी जब इन शब्दों को स्वीकार करती है तो हमारी स्थानीय भाषाएं भी हिन्दी के कई शब्दों को स्वीकारती हैं। गृह मंत्री ने कहा कि हमने हिन्दी शब्द सिंधु शब्दकोष में भारत की हर भाषा के शब्दों को समाहित किया है। हमें हिंदी को स्वीकार्य, लचीली और बोलचाल की भाषा बनाना चाहिए। गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अगले 5 सालों में हिन्दी शब्द सिंधु शब्दकोष विश्व का सबसे बड़ा शब्दकोष बनेगा।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, और न्यायपालिका में हिंदी के प्रयोग की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हिंदी को संघर्ष के साथ नहीं बल्कि साहसिक स्वीकार्यता के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। शाह ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के कई निर्णयों का भी कई भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड ने आज मेडिकल शिक्षा को संपूर्ण पाठ्यक्रम हिंदी में तैयार कर लिया है। भारत की लगभग 13 भाषाओं में इंजीनियरिंग का पाठ्यक्रम तैयार होने का काम जारी है और आने वाले दिनों में हिन्दी ही निश्चित रूप से अनुसंधान की भाषा भी बनेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हिंदी की स्वीकार्यता बढ़ाने का हमारा रोडमैप आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने दुनिया के बड़े से बड़े मंच पर विश्वास और गौरव के साथ हिंदी में अपना संबोधन देकर हिंदी की स्वीकृति को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को हिंदी में संबोधित किया था तब पूरी दुनिया अचंभित रह गई थी। शाह ने कहा कि आज हिंदी संयुक्त राष्ट्र की भाषा बन चुकी है और 10 से अधिक देशों की द्वितीय भाषा भी बन चुकी है। हिंदी अब अंतर्राष्ट्रीय भाषा बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

अमित शाह ने कहा कि भारत की भाषाएं हिंदी से ही मजबूत हो सकती है और हिंदी भी भारतीय भाषाओं से ही मजबूत हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज गृह मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में एक भी फाइल और पत्र व्यवहार हिंदी में होता है। गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि भाषा अभिव्यक्ति है और जब अपनी भाषा मे अभिव्यक्ति तभी वह मुखर होती है।

महिला कांग्रेस स्थापना दिवस पर, महिला कांग्रेस की वेबसाइड होगी लान्च

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की समन्वयक मप्र प्रभारी सुनीता गावंडे और मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा, साहस और स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में देश-दुनिया में अपनी पहचान रखने वाली अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का रविवार को 40 वां स्थापना दिवस मनाया जायेगा। यह स्थापना दिवस मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस हर्ष और उल्लास के साथ मनाएगी। साथ ही इस दिन महिला कांग्रेस संगठन की नई वेबसाइट लान्च की जायेगी और महिला कांग्रेस द्वारा सदस्यता अभियान की भी शुरुआत होगी।

सुनीता गावंडे और विभा पटेल ने कहा कि महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस के सुअवसर पर महिला कांग्रेस नेत्रियों द्वारा नारी न्याय और महिला सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया जाएगा। यह महिला कांग्रेस की वचनबद्धता है। अभा महिला कांग्रेस के निर्देश पर प्रत्येक राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश, सहित महिला कांग्रेस मुख्यालयों से लेकर सभी जिला एवं ब्लाक अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा 40 वां स्थापना दिवस मनाएंगे।

विभा पटेल ने बताया कि स्थापना दिवस पर महिला कांग्रेस द्वारा सदस्यता अभियान की शुरुआत की जायेगी। यह सदस्यता अभियान पूरी तरह से ऑनलाइन रहेगा। 15 सितंबर के ही दिन राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की वेबसाइट की भी शुरुआत होगी। इस वेबसाइट के माध्यम से हर वर्ग की महिलाएँ 5 साल तक के लिए महिला कांग्रेस की सदस्य बन सकती हैं।

विभा पटेल ने बताया कि मात्र 100 रुपये की ऑनलाइन फ़ीस जमा कराते ही हर महिला सदस्य को एक सदस्यता सर्टिफिकेट (रसीद) भी उसी समय ऑनलाइन प्राप्त होगी। सदस्यता अभियान के प्रचार प्रसार के लिए पोस्टर, पमफ़्लेट, बैनर, सोशल मीडिया जैसे साधनों का भरपूर इस्तेमाल करेंगे। इस अभियान को सफल बनाने केंद्रीय स्तर पर एक पर्यवेक्षक के रूप में सुनीता गावंडे जी भी हमारे साथ हैं।

विभा पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश महिला की तमाम पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला एवं ब्लाक की पदाधिकारी, सदस्य महिलाओं के खिलाफ भेदभाव को दूर करने और महिलाओं के अधिकारों को बनाए रखने और आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराएगी।

विभा पटेल ने कहा कि इस मौके पर संविधान का (106वां) संशोधन अधिनियम जो महिलाओं के प्रति भाजपा के विश्वासघात का प्रतीक है। इस संशोधन अधिनियम में कुटिल प्रावधान हैं, जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों के आरक्षण को 2029 के बाद ही लागू होंगे। महिला कांग्रेस इन कुटिल प्रावधानों को हटाने और संशोधन अधिनियम को तुरंत लागू करने की मांग करेगी।

विभा पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की मांग है कि उच्चपदों पर अधिकतम महिलाओं को नियुक्ति मिले। महिलाओं के वेतन में भेदभाव को रोकने के लिए ‘समान काम, समान वेतन’ का सिद्धांत लागू किया जाए। महिला कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 और घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 जैसे महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए बनाए गए कानूनों को सख्ती से लागू किया जाए। महिला कांग्रेस की मांग है कि वर्ष 2025 से महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की आधी (50 प्रतिशत) नौकरियां आरक्षित की जाए। इसके अलावा मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस महिलाओं को उनके अधिकारों को लेकर शिक्षित करेगी और उनके कानूनी अधिकार दिलाने में सहयोग करेगी।

प्रदेश में 29 लाख से अधिक लोग पार्टी की विचारधारा से जुड़ चुके हैं – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व के तहत शनिवार को सैलाना, रतलाम, झाबुआ और धार में कार्यकर्ताओं की बैठक और सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता की ताकत ही चुनावों में जीत की राह को आसान करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को देश के एक करोड़ युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान किया है। 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए युवा भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करें। संगठन शक्ति, बूथ स्तर कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम के साथ शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में लहार विधानसभा और छिंदवाड़ा लोकसभा का चुनाव जीते हैं। अब सैलाना विधानसभा जीतना है। सैलाना को जीतने के लिए कार्यकर्ता इस विधानसभा के निर्धारित 64 हजार के लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं। प्रदेश में शनिवार की सुबह तक 29 लाख से अधिक लोग पार्टी के सदस्य बन चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने घरों व दुकानों पर संपर्क कर संगठन पर्व के स्टीकर चिपकाएं एवं पार्टी की सदस्यता दिलायी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व के तहत पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा और हमें डेढ़ करोड़ से ज्यादा सदस्यों के लक्ष्य को पार कर मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड कायम करना है। प्रदेश में अभी तक 29 लाख से ज्यादा लोग पार्टी की सदस्यता ले चुके हैं, और हम टारगेट के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। 15 सितंबर को पूरे प्रदेश में किसान सदस्यता दिवस मनाया जाएगा और बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सदस्य बनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष किसान मोर्चा, कोऑपरेटिव कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्र के हर बूथ पर सदस्य बनाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सैलाना विधानसभा में 64 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य हमें हासिल करना होगा। पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र मेरा बूथ सबसे मजबूत को आगे रखकर सदस्यता अभियान में तेजी से लोगों को सदस्य बनाना होगा। सैलाना के सभी 256 बूथों में से हर बूथ पर 250 से ज्यादा सदस्य बनाने के लक्ष्य से आगे निकलना होगा। 2028 के विधानसभा चुनाव में सैलाना में इस बार वैसी ही जीत हासिल करेंगे जैसे छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव और लहार विधानसभा चुनाव के दौरान की गई थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रत्याशी नहीं कार्यकर्ता बूथ-बूथ पर चुनाव लड़कर जीत दिलाता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी को किसी परिवार ने नहीं बनाया, बल्कि सामूहिक नेतृत्व के साथ पार्टी हमेशा आगे बढ़ती रही है और बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। मोदी की सरकार ने किसी के साथ कोई योजना में भेदभाव नहीं किया। मुस्लिमों को भी योजनाओं का उतना ही लाभ मिल रहा है जितना अन्य वर्गों को। प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक और कश्मीर में धारा 370 को समाप्त कर इतिहास रचा है। भारत का मान-सम्मान दुनिया में बढ़ रहा है और भारत की तरफ लोग आशा भरी निगाहों से अब देखते हैं,पहले ऐसा नहीं होता था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रदेश सरकार में कई योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग का उत्थान किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ही लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी योजनाएं लाकर बेटियों को न सिर्फ सम्मान किया, बल्कि वह इज्जत के साथ अपना जीवनयापन कर सकें इसकी भी चिंता की। आज एक करोड़ 29 लाख से ज्यादा लाड़ली बहनों को 1250 रुपए हर महीने सीधे खातों में पहुंच रहा है और 45 लाख से ज्यादा बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ मिल रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रतलाम प्रबुद्धजन सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन पर्व सदस्यता अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक दल है और सदस्यता अभियान उसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अंग है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ते हैं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि आज बड़ी संख्या में व्यापारी, वकील, चार्टर्ड एकाउंटेंट्स, डॉक्टर्स, बुद्धिजीवी आदि इस कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं। इसके लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। रतलाम में संगठन पर्व कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी और वरिष्ठ नेता कन्हैयालाल मौर्य को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के एक करोड़ युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान का ही असर है कि मध्यप्रदेश में अभी तक जो नए सदस्य बने हैं, उनमें 40 प्रतिशत युवक-युवती हैं। मैं भी युवाओं का आह्वान करता हूं कि देश की राजनीति में आकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राजनीति में आएं। आज भारत का युवा देश के साथ विदेशों की बड़ी कंपनियों का नेतृत्व कर रहा है। प्रधानमंत्री ऐसे युवाओं को देश के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया है। आज जो 18 से 25 वर्ष के युवा हैं वे 2047 के भारत का नेतृत्व करने वाले हैं। इसलिए नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए आप सभी युवा भाजपा के संगठन पर्व के तहत भाजपा परिवार का सदस्य बनें और देश को विश्व गुरू बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सैलाना, रतलाम, झाबुआ और धार में प्रबुद्धजनों, व्यापारियों, डॉक्टर, अधिवक्ता और सीए सहित बड़ी संख्या में युवाओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सैलाना व रतलाम में गली-मोहल्लों में जाकर लोगों के घर व दुकान में संपर्क कर संगठन पर्व के पोस्टर चिपकाए और लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया। साथ ही प्रबुद्धजनों एवं बूथ अध्यक्षों का सम्मान भी किया।

इस अवसर प्रदेश शासन के मंत्री चेतन काश्यप, निर्मला भूरिया, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया, अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भांवर, इंदौर संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

राजभाषा हिंदी के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव – हिंदी दिवस पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने स्मारक डाक टिकट जारी किया

भारत ने कल हिंदी दिवस मनाया, जो हिंदी भाषा को देश की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। राजभाषा की हीरक जयंती के रूप में मनाए जाने वाला यह अवसर, 1949 में इस दिन 14 सितंबर को संविधान सभा द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय की याद दिलाता है, जब देवनागरी लिपि में हिंदी भाषा को भारत संघ की आधिकारिक भाषा के रूप में नामित किया गया था।

गृह मंत्रालय के तहत राजभाषा विभाग ने 1975 में अपनी स्थापना के बाद से आधिकारिक मामलों में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस महत्वपूर्ण मील के पत्थर का सम्मान करते हुए केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य समारोह में हिंदी के आधिकारिक भाषा के रूप में 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक डाक टिकट जारी किया।

इस अवसर पर केंद्रीय संचार एवं उत्तरी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा, “आज हिंदी भाषा के भारत की राजभाषा बनने के 75 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक स्मारक डाक टिकट जारी किया है। यह टिकट भारत की संस्कृति और इतिहास को आगे बढ़ाने में हिंदी भाषा के योगदान के उत्सव का प्रतीक है और यह एक नए और विकसित भारत के निर्माण में इसकी भूमिका पर भी प्रकाश डालता है। मुझे विश्वास है कि यह टिकट हमें देश और दुनिया भर में एकता और शांति सुनिश्चित करने में ‘हिंदी’ के महत्व के बारे में याद दिलाता रहेगा। जय हिंद!”

डाक विभाग का यह स्मारक डाक टिकट देश को एकजुट करने और विविध भाषाई समुदायों की सेवा करने में हिंदी की स्थायी भूमिका को श्रद्धांजलि है। यह पिछले 75 वर्षों में देश के प्रशासनिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में हिंदी की महत्वपूर्ण यात्रा का जश्न मनाता है।

मातृ भाषा में अध्ययन को प्रोत्साहित करेगी मध्यप्रदेश सरकार – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रोत्साहन के लिए संकल्पबद्ध है। मध्यप्रदेश प्रमुख हिंदी भाषी राज्य है। मध्यप्रदेश से न सिर्फ डॉक्टर, इंजीनियर हिंदी में शिक्षा ग्रहण कर आगे बढ़ रहे हैं बल्कि अन्य पाठ्यक्रमों के हिंदी में अध्ययन की सुविधा भी दी सकती है। आगे चलकर एमबीए और अन्य पाठ्यक्रमों में भी अध्ययन करके विद्यार्थी कॅरियर का निर्माण कर सकते हैं। हिंदी बोलने वाले हिंदी का गौरव बढ़ाते हैं। मध्यप्रदेश सरकार विद्यार्थियों को मातृ भाषा के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल हिंदी दिवस पर संस्कृति विभाग द्वारा रवीन्द्र भवन में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी भाषा सम्मान अलंकरण समारोह में हिंदी-सेवियों को सम्मानित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हिंदी दिवस के अवसर पर भाषा से संबंधित पुनर्रावलोकन भी जरूरी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हिंदी की यात्रा उद्गम अवधी से शुरू हुए। अनेक कठिनाइयों के बाद भी हिंदी की विकास यात्रा सुगमता से आगे बढ़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रभाषा दोनों उद्देश्यों के लिए कार्य करने वाले अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरूषों का स्मरण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि कई गैर हिंदी भाषी भी हिंदी के प्रबल समर्थक रहे हैं। अनुकूल समय में प्रतिकूलता से नई आशा रूपी किरणें निकलती हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब अंग्रेजों और अंग्रेजियत का बोलबाला था, देश के हिंदी प्रेमी विद्वानों और महापुरूषों के सूर्य प्रकाश की रश्मियां हमें जोड़ रही थीं। उस दौर में अंग्रेजियत को नकारना भी एक मुश्किल कार्य था लेकिन राष्ट्र प्रेमियों और हिंदी प्रेमियों ने स्वतंत्रता दिलवाने के साथ ही अपनी भाषा की अस्मिता के लिए भी प्रयास किए। उन्होंने राष्ट्रभाषा का गौरव बढ़ाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस सिलसिले में माधवराव सप्रे और भारतेंदु हरिश्चंद्र से लेकर प्रख्यात लेखक प्रेमचंद जी और हजारी प्रसाद द्विवेदी के साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और सुभाष चंद्र बोस को भी याद किया जो देश के लिए आजादी के आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाते हुए हिंदी के प्रबल समर्थक के रूप में कार्य करते रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में संबोधन से हिन्दी का गौरव बढ़ा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब भी अवसर होता है, विदेशों में भी हिंदी का उपयोग करते हैं। मध्यप्रदेश के हिंदी भाषी राज्य होने के कारण प्रदेशवासी जब अन्य प्रदेशों में हिंदी बोलते हैं तो सभी भाषा की शुद्धता और उच्चारण से प्रभावित होते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये सभी उदाहरण हिन्दी भाषा का गौरव बढ़ाते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज मध्य प्रदेश सरकार द्वारा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए दो बहनों जो कनाडा और श्रीलंका की हैं, उन्हें सम्मानित किया गया है। इन्होंने हिंदी के पक्ष में महत्वपूर्ण कार्य किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्कृति विभाग को नियमित रूप से प्रतिवर्ष यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि आज हिंदी में अनेक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता देते हैं। संस्कृति विभाग सदैव हिंदी को बढ़ावा देने का कार्य करता है।

हिंदी सेवा के लिए सम्मानित श्रीलंका की अतिला कोतलावल ने कहा कि वे इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए मध्यप्रदेश सरकार की आभारी रहेंगी। बीते 24 वर्ष से हिंदी का प्रचार-प्रसार करते हुए कई बार विशिष्ट व्यक्तियों के लिए दुभाषिये के कार्य करने का अवसर भी मिला। अतिला ने कहा कि हिंदी ने उन्हें वैश्विक बना दिया है। वे सभी से यही कहना चाहती है कि हिंदी भाषा को अपनाएं, अंग्रेजी के पीछे न भागें। अतिला ने भोपाल आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक साफ-सुथरा और सुंदर शहर है।

समारोह में हिंदी सेवा के लिए सम्मानित डॉ. हंसा दीप टोरंटो (कनाडा) ने कहा कि भारत मेरी जन्मभूमि है, जिसे मैं स्वर्ग जैसा मानती हूँ। आज मध्यप्रदेश सरकार द्वारा म.प्र. (झाबुआ) की बेटी को जो मान-सम्मान मिला है, उसके लिए धन्यवाद ज्ञापित करती हूँ। डॉ. हंसा ने कहा‍कि हिंदी ने वैश्विक पटल पर यात्रा जारी रखी है। मध्यप्रदेश सरकार की पहचान हिंदी में कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने वाले राज्यों में है। आज इस बात की खुशी है कि मेरे लेखन और अनुवाद कार्य को सम्मान मिला है।

संस्कृति विभाग वर्ष 2022 और वर्ष 2023 के लिए 5-5 लाख रूपये की राशि का राष्ट्रीय पुरस्कार एक संस्था और नौ हिंदी सेवियों को कुल 10 पुरस्कार प्रदान किए गए। राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान के लिए डिजिटल इंडिया भाषिनी संस्थान, नई दिल्ली और अमकेश्वर मिश्रा (क्रिस्प/जनसंपर्क विभाग), राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान से डॉ. हंसा दीप (कनाडा) और डॉ. अनुराग शर्मा (अमेरिका), राष्ट्रीय फादर कॉमिल बुल्के सम्मान से अतिला कोतलावल (श्रीलंका) और दागमार मारकोवा, चेक गणराज्य को सम्मानित किया गया। दागमार की अनुपस्थिति में सुषमा शर्मा ने पुरस्कार ग्रहण किया। राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान से डॉ. कृष्ण कुमार मुम्बई और देवेन्द्र मेवाड़ी नई दिल्ली को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान से डॉ. दामोदर खड़से पुणे और डॉ. मनमोहन सहगल पटियाला को सम्मानित किया गया। प्रांरभ में प्रमुख सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विनय उपाध्याय ने किया। संस्कृति संचालक एन.पी. नामदेव ने सम्मानित विभूतियों का परिचय पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सदस्य रघुनंदन शर्मा, साहित्य अकादमी मध्यप्रदेश के निदेशक डॉ. विकास दवे, विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी उपस्थित थे।

 

राज्यपाल को ध्वज दिवस पर लगाए गए ध्वज

राज्यपाल मंगुभाई पटेल को ध्वज दिवस पर समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी ने राजभवन पहुंचकर ध्वज लगाये। राज्यपाल पटेल ने संस्थाओं को दिव्यांगजन पुनर्वास कार्य के लिये सहयोग राशि के चेक भेंट किये।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल से ध्वज दिवस पर नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड भोपाल और द ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन भोपाल के पदाधिकारियों ने राजभवन पहुंच कर भेंट की। राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और ध्वज लगाया।

इस अवसर पर नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड भोपाल के अध्यक्ष एम.एस. खान और द ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन भोपाल के अध्यक्ष नासिर हुसैन और संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...