संघ प्रमुख ने दिया धर्म की व्यापक अवधारणा पर जोर – कृष्णमोहन झा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विद्वान सरसंघचालक मोहन भागवत ने धर्म को लेकर अपने विचारों को विभिन्न अवसरों पर इतनी साफगोई और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत किया है कि आप उनमें असहमति की कोई गुंजाइश नहीं खोज सकते। हाल में ही उन्होंने मिलिंद पराड़कर द्वारा लिखित एक शोध पूर्ण ग्रंथ ‘ तंजावरचे मराठे ‘ के विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से धर्म को जिस तरह परिभाषित किया उससे समारोह में मौजूद श्रोता मंत्रमुग्ध हुए बिना नहीं रह सके। भागवत ने कहा कि धर्म का अर्थ केवल पूजा पाठ नहीं है बल्कि धर्म तो एक व्यापक अवधारणा है जिसमें सत्य, करुणा और तपश्चर्या ( समर्पण) सम्मिलित हैं। अपने भाषण में भागवत ने हिंदू शब्द को एक विशेषण बताया जो विविधताओं को स्वीकार करने का प्रतीक है। यह वसुधैव कुटुम्बकं के विचार को आगे बढ़ाने के लिए आया। भागवत ने कहा कि धर्म सृष्टि के आरंभ में था और सदैव उसकी आवश्यकता रहेगी। कुछ तत्व हैं जो वैश्विक मंच पर भारत के उदय से भयभीत हैं। वे नहीं चाहते कि भारत आगे बढ़े इसलिए इसके मार्ग में बाधा खड़ी कर रहे हैं परन्तु उनसे डरने की जरूरत नहीं है। छत्रपति शिवाजी महाराज के समय में भी यही स्थिति थी तब धर्म की शक्ति का प्रयोग करके उन ताकतों से निपटा गया था।

मोहन भागवत ने अपनी बात को और स्पष्ट करते हुए कहा कि अतीत में भारत पर बाहरी आक्रमण बड़े पैमाने पर होते थे इसलिए लोग सतर्क रहते थे परन्तु अब ये आक्रमण विभिन्न रूपों में हो रहे हैं। भागवत ने भगवान राम के हाथों ताड़का वध और भगवान कृष्ण के द्वारा पूतना वध की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पूतना मौसी बनकर कृष्ण को स्तन पान कराने आई थी परन्तु कृष्ण ने उसका अंत कर दिया।

संघ प्रमुख ने कहा कि जिन लोगों को इस बात से डर लगता है कि भारत की प्रगति से उनके कारोबार बंद हो जाएंगे ऐसे तत्व भारत की प्रगति के मार्ग में बाधाएं पैदा करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से हमले कर रहे हैं चाहे वे शारीरिक हों तो अदृश्य लेकिन उनसे डरने की जरूरत नहीं है। उनके प्रयास सफल नहीं होंगे। शिवाजी के समय में भी यही स्थिति थी।जब भारत के उत्थान की कोई उम्मीद नहीं थी
‌
संघ प्रमुख ने जीवनी शक्ति को राष्ट्र का आधार बताते हुए कहा कि यह धर्म पर आधारित है जो सदैव रहेगा। संघ प्रमुख ने भारत को बहुत भाग्यशाली और धन्य देश बताते हुए कहा कि महापुरुषों और संतों के आशीर्वाद से अमर हुआ है। इसीलिए थोड़ा बहुत भटकने के बाद यह पटरी पर आ गया है । यह ईश्वरीय वरदान हमें विशेष उद्देश्य के लिए मिला है क्योंकि ईश्वर ने हमें बहुत जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए विस्तृत योजना बनायें : प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री और धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों को जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के विस्तार को देखते हुए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना विकास और पानी की व्यवस्था को लेकर मास्टर प्लॉन में पर्याप्त प्रावधान किये जाने के लिये भी कहा है। प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय कल धार में जिलाधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में मौजूद केन्द्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों से जिले के दान-दाताओं से पहल कर सुकन्या समृद्धि योजना में गरीब बालिकाओं के जीवन निर्वाह की जिम्मेदारी लेने के लिये भी कहा। बैठक में विधायक कालू सिंह ठाकुर, हीरालाल अलावा, प्रताप ग्रेवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा भी मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने निर्देश दिये कि मान परियोजना में पीने के पानी की उपलब्धता रहे। उन्होंने कारम डेम के कार्य को नियत समय में पूरा करने के लिये कहा। विजयवर्गीय ने अधिकारियों से कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजना में भी जिले का प्रदर्शन श्रेष्ठ रहे, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने जिला अस्पताल समेत समस्त स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किये जाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि जिले में “एक पेड़ माँ के नाम’’ कार्यक्रम में अब तक 4 लाख 10 हजार पौधे लगाये जा चुके हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि सक्षम आँगनवाड़ी के लिये केन्द्र सरकार द्वारा एक लाख रुपये की राशि दी जायेगी। इससे आँगनवाड़ी में पोषण वाटिका, वाटर हॉर्वेस्टिंग और भवन निर्माण का कार्य किया जायेगा। इस योजना में 850 आँगनवाड़ी में काम चल रहा है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने पीथमपुर में गंदे पानी के व्यवस्थापन समेत अन्य योजनाओें की प्रगति की जानकारी दी।

 

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने ‘रंगीन मछली’ ऐप लॉन्च किया

केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह ने कल भुवनेश्वर स्थित भाकृअनुप-केंद्रीय मीठाजल जीवपालन अनुसंधान संस्थान (भाकृअनुप-सीफा) में “रंगीन मछली” मोबाइल ऐप लॉन्च किया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के सहयोग से भाकृअनुप-सीफा द्वारा विकसित यह ऐप सजावटी मत्स्यपालन क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाया गया है, जो शौकीनों, एक्वेरियम शॉप मालिकों और मछली पालकों के लिए महत्वपूर्ण ज्ञान संसाधन प्रदान करता है। इस कार्यक्रम में मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

अपने संबोधन के दौरान राजीव रंजन सिंह ने सजावटी मत्स्यपालन क्षेत्र के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि मंत्रालय इसके विकास पर जोर दे रहा है, रोजगार पैदा करने और अर्थव्यवस्था में योगदान देने के लिए इस क्षेत्र की क्षमता को पहचान रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एक्वेरियम के शौक को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

“रंगीन मछली” ऐप आठ भारतीय भाषाओं में लोकप्रिय सजावटी मछली प्रजातियों पर बहुभाषी जानकारी प्रदान करता है, जिससे यह व्यापक दर्शकों के लिए सुलभ हो जाता है। चाहे शौकिया लोग मछली की देखभाल पर मार्गदर्शन चाहते हों या किसान अपनी नस्लों में विविधता लाना चाहते हों, ऐप देखभाल, प्रजनन और रखरखाव के तरीकों पर व्यापक विवरण प्रदान करता है। इसकी प्रमुख विशेषताओं में से एक “एक्वेरियम शॉप्स ढूँढें” टूल है, जो उपयोगकर्ताओं को दुकान मालिकों द्वारा अपडेट की गई एक गतिशील निर्देशिका के माध्यम से आस-पास की एक्वेरियम की दुकानों का पता लगाने, स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा देने और उपयोगकर्ताओं को सजावटी मछली और एक्वेरियम से संबंधित उत्पादों के लिए विश्वसनीय स्रोतों से जोड़ने की अनुमति देता है। इसके अलावा, ऐप में सजावटी मछली उद्योग में नए लोगों और पेशेवरों दोनों के लिए शैक्षिक मॉड्यूल शामिल हैं। “एक्वेरियम केयर की मूल बातें” मॉड्यूल, एक्वेरियम के प्रकार, मछलियाँ, जल निस्पंदन, प्रकाश व्यवस्था, भोजन, दिन-प्रतिदिन के रखरखाव जैसे आवश्यक विषयों को शामिल करता है, जबकि “सजावटी जलीय कृषि” मॉड्यूल विभिन्न सजावटी मछलियों के प्रजनन, पालन पर ध्यान केंद्रित करता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहोरीबंद में 1011.05 करोड़ रूपये की लागत की उदवहन माइक्रो सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम अपने 14 वर्ष के वनवास के दौरान बहोरीबंद की पावन भूमि से होकर चित्रकूट गए थे। यह श्रीराम की तपोस्थली है। इस क्षेत्र की जनता को पिछले 40 वर्षों से जिस योजना का इंतज़ार था, वह आज पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को कटनी जिले के बहोरीबंद में 1011.05 करोड़ रूपये की लागत की बहोरीबंद उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्यों के शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहोरीबंद परियोजना से कटनी जिले की 4 तहसीलों के 151 गांव की 32 हजार हेक्टयर ज़मीन सिंचित होगी। इससे हर खेत के लिए जल की हर बूँद का कृषक स्प्रिंकलर, ड्रिप आदि पद्धति से उपयोग कर सकेंगे। नहर बनाने के लिए ज़मीन का प्रयोग नहीं किया जाएगा सीधे ही पानी खेत के लिए उपलब्ध हो सकेगा। परियोजना से कटनी के नागरिकों को पेयजल आपूर्ति के प्रयास भी किये जाएगें। मुख्यमंत्री ने कटनी जिले में विकास के लिये 55 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहोरीबंद सिंचाई परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “ड्राप मोर क्रॉप” अर्थात पानी की बूंद-बूंद का उपयोग कर अधिकतम उत्पादन लेने के किये गए आहवान पर क्रियान्वित होगी। इसमें भूमि बचाव एवं जल बचाव के उद्धेश्य के साथ खेतों में पानी पहुंचाया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज बहोरीबंद की जनता होली और दिवाली एक साथ मना रही है। बारिश में भी कटनी के लोगों मे असीम उत्साह देखकर उनका हृदय प्रफुल्लित हो गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर चित्रकूट धाम को भव्य और दिव्य बनाया जाएगा। गोपाल कृष्ण के नाम पर प्रदेश की सभी नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम में भगवत गीता के 18 अध्यायों पर केन्द्रित गीता भवन बनाये जायेंगे। साथ ही हर विकासखण्ड में वृंदावन के समान आदर्श गांव बनाया जाएगा। बहोरीबंद को 15 वार्ड जोड़कर नगर परिषद बनाया जाएगा। जिले के गाताखेड़ा, जुझारी, जमुनिया, सिहरिया, बेजनाला, जमुन्हाई में जलाशय बनाने के साथ बहोरीबंद जलाशय का पुनरुद्धार करने और बहोरीबंद के प्राचीन तीर्थ रूपनाथ, तिगवा, बिलहरी, वसुधा जल-प्रपात,केन नदी के उदगम स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहोरीबंद मे “हरिबाबा हरिदास” के नाम पर धर्मशाला बनाई जायेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। उन्होंने श्रीमदभागवत गीता का संस्कृत से हिंदी अनुवाद करने वाली बालिका सुश्री श्रद्धांजलि शुक्ला “अंजन” को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में बहोरीबंद की जनता की ओर से रजत मुकुट भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर आजीविका मिशन के महिला समूहों, ई-गवर्नेंस, कृषि, वन, महिला बाल विकास एवं उद्योग विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

जिले के प्रभारी तथा स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जिले की जनता के कल्याण व विकास के लिए वे प्रदेश सरकार के साथ एक सेतु के रूप में कार्य कर रहें है। इसके लिये वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमारी सरकार ने प्रदेश के कल्याण के लिए पिछले आठ माह में बड़े-बड़े फैसले लिए है। सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि कटनी के कल्याण के लिए आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। कटनी जिले के 151 गाँव की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली 1011.5 करोड़ की लागत की सिंचाई परियोजना का कार्य मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज शुरू किया है। इस परियोजना की मांग क्षेत्र की जनता लगातार कई वर्षों से कर रही थी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन अंतर्गत भी हर घर पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। परियोजना से सिंचाई के साथ पेयजल की सुविधा भी क्षेत्र के लोगों को मिलेंगी। उन्होंने कहा कि विकास के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार हर नागरिक को सहज सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रणय प्रशांत पांडेय, विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, संदीप जायसवाल, धीरेन्द्र बहादुर सिंह सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान, जनसमुदाय एवं लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।

कटनी जिले की चार तहसीलों क्रमशः बहोरीबंद, स्लीमनाबाद, रीठी एवं कटनी के 151 गांवों के लोगों को 1011.05 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली बहोरीबंद उद्वहन सिंचाईं परियोजना की सौगात मिलने पर क्षेत्र की जनता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए आभार जताया है। स्थानीय किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस बड़ी सौगात से किसानों के घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आयेगी। कटनी जिले के सिंचित भू-क्षेत्र में बढ़ोत्तरी होगी। किसानों के असिंचित खेतों में इस परियोजना से पानी पहुंचेगा और किसान समृध्दि की नई इबारत लिखेंगे। स्थानीय बाकल निवासी कृषक सुखदेव पटेल और कृषक सुमेर ने पठार क्षेत्र के लिए उद्वहन सिंचाईं परियोजना को क्षेत्र की तस्वीर और किसानों की तक़दीर बदलने वाला कदम बताया है।

वहीं स्लीमनाबाद के वार्ड क्रमांक तीन के निवासी किसान पंडित सुखदेव प्रसाद दुबे ने उद्वहन सिंचाईं परियोजना को क्षेत्रवासियों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दी गई अनुपम सौगात बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के सिंचित भू-क्षेत्र में वृद्धि होगी। इससे यहां के किसान खुश हैं। किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए मुख्यमंत्री का बहुत-बहुत अभिनंदन और आभार। ग्राम कुआं निवासी किसान अमित साहू और राम सुन्दर गुप्ता ने भी पठार क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई की सौगात देने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है।

इस परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति 1011.05 करोड़ रूपये की है। इससे कटनी जिले की बहोरीबंद तहसील के 151 ग्रामों के कृषकों की 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी, जिससे बहोरीबंद तहसील के 86 ग्रामों की 18800 हेक्टेयर, स्लीमनाबाद तहसील के 43 गांवों की 9345 हेक्टेयर, रीठी तहसील के 17 गांवों की 2500 हेक्टेयर और कटनी तहसील के 5 गांवों की 1355 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचिंत हो सकेगी। इस परियोजना में बरगी बांध की दांई तट मुख्य नहर की आर.डी. 102.50 किलोमीटर ग्राम भनपुरा तहसील ढीमरखेड़ा से 128.50 एम.सी.एम 12.39 क्यूमेक्स जल उद्वहन कर 151 ग्रामों में सिचाई का लाभ मिलेगा। इससे भूमिगत पाईप नहर प्रणाली से 2.5 हेक्टेयर चक तक 23 मीटर दवाब युक्त जल उपलब्ध कराया जायेगा। इससे कृषकों द्वारा स्प्रिंकलर, ड्रिप लगाकर सिंचाई की जा सकेगी। इस पद्धति की खासियत यह होगी कि कृषकों को कम पानी में अधिक सिंचाई का लाभ एवं उत्पादन मिलेगा।

 

कार्यकर्ता उस बीज की तरह है जो समय आने पर वटवृक्ष बन जाता है – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरूवार को कटनी जिले के अरिंदम होटल में मुड़वारा विधानसभा के बूथ स्तरीय संगठन पर्व को संबोधित कर लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलायी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रित दल है। भाजपा के अंदर पहले लोकतांत्रिक प्रक्रिया से सदस्यता अभियान चलता है और फिर लोकतांत्रिक तरीके से संगठन का निर्माण होता है। कार्यकर्ता उस बीज की तरह है जो मुट्ठी में बंद हो जाता है, लेकिन समय आने पर वटवृक्ष बनकर लोगों को छांव देता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व के बूथ स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। आप सभी कार्यकर्ता चुनावों की तरह संगठन पर्व में इतिहास बनाने अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने में जुट जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. मनीष गट्टानी को सदस्यता दिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संगठन पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत व परिश्रम से भाजपा ने पिछले चुनावों में इतिहास बनाने का कार्य किया है। संगठन पर्व में भी इसी तरह मेहनत कर लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर इतिहास बनाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र और मध्यप्रदेश की सरकार लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। आज ही बहोरीबंद में करीब 1100 करोड़ की सिंचाई परियोजना की आधारशिला रखी है। यह परियोजना बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के गांवों में सिंचाई के लिए नर्मदा जल पहुंचाने के लिए शुरू की गई है। इस परियोजना से 151 गांवों की 32 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि नर्मदा जल से सिंचित होगी, जिससे बहोरीबंद तहसील के 86 गांव, स्लीमनाबाद तहसील के 43 गांव, रीठी तहसील के 17 और कटनी के पांच गांव लाभान्वित होंगे। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने आंदोलन किया और अपना बलिदान दे दिया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जैसे ही पूर्ण बहुमत की सरकार बनी जम्मू-कश्मीर से धारा 370, 35-ए हटाकर कलंक मिटाने का कार्य किया है। स्व. अटल बिहारी वाजपेई जी को याद करते हुए मुख्यंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी कोर समिति, इकाई का गठन और हमारे कार्यकर्ता के महत्व को लेकर स्व. अटल बिहारी वाजपेई ने कहा था कि “ये दायित्व तो बदलते रहेंगे’’। अटलजी ने पांच-पांच प्रधानमंत्रियों के साथ 50 साल तक विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित है। जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हों, उस पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए कोई लक्ष्य बड़ा नहीं हो सकता। आप सभी भाजपा कार्यकर्ता हर लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम हैं। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि संगठन पर्व को भी चुनाव की तरह लें और घर-घर संपर्क कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मध्यप्रदेश भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएं और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाएं। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, हम सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन पर्व में भी इतिहास रचने का कार्य करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता टोली बनाकर गांव-गांव, गली, माहेल्ले और मजरे-टोलों में जाएं और देश को मजबूत बनाने, भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लोगों को भाजपा का सदस्य बनाएं।

संगठन पर्व कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा कटनी के गणेश चौक स्थित विघ्नहर्ता भगवान गणेशजी के मंदिर में पूजन-अर्चन कर यहां विरातिज भव्य गणेश प्रतिका की आरती की।

संगठन पर्व कार्यक्रम में कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, विधायक संदीप जायसवाल, धीरेन्द सिंह, महापौर प्रीति सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पीताम्बर टोपनानी, रामरत्न पायल, शशांक श्रीवास्तव व संगठन पर्व जिला प्रभारी संजय साहू सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कलेक्टर मिशन मोड में कार्य करें : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि कलेक्टर्स आम जनता के हितों को केन्द्र में रखकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। इन योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए मिशन मोड पर जुट कर काम करें। प्रशासन के कार्यों से जनता के मन में शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास का भाव उत्पन्न हो।

मुख्यमंत्री ने आज राजधानी रायपुर में लगातार 8 घंटों तक चली कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में ये दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। लंच ब्रेक को छोड़कर मुख्यमंत्री लगातार बैठक में उपस्थित रहे। कॉन्फ्रेंस में अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, बसवराजु एस., राहुल भगत तथा सभी संबंधित विभागों के सचिव सहित सभी संभागों के आयुक्त, सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायतों के सीईओ और नगर निगमों के आयुक्त भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे कार्यों की सराहना होगी और कार्य में लापरवाही बरतने पर कड़ा रूख भी अपनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टरों के परफार्मेंस की नियमित अंतराल पर समीक्षा की जाएगी और जिलों की रैंकिंग तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी जिम्मेदारी आपको सौंपी गई है उसकी मॉनिटरिंग की जाती है। फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन और जिला प्रशासन के कार्यों पर हमारी नजर रहती है। जिले में होनी वाली घटनाओं पर जिला प्रशासन कितनी तत्परता से काम करता है, यह भी देखा जाता है। कलेक्टरों की पहली जिम्मेदारी दंडाधिकारी के रूप में कानून व्यवस्था बनाए रखने की है। विभिन्न संगठनों के साथ संवाद के दौरान यदि असंतोष की कोई बात सामने आती है, तो उसका समाधान स्थानीय स्तर पर किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में गुरूवार को जनदर्शन आयोजित किया जाता है। इसमें अनेक ऐसी छोटी-छोटी समस्याएं आती हैं जिनका समाधान तहसील और जिला स्तर पर किया जा सकता है। कलेक्टर यह सुनिश्चित करें कि रायपुर में होने वाले जनदर्शन में ऐसी समस्याएं ही आएं जिनका समाधान जिला स्तर पर नहीं हो सकता है। जिलों में आम जनता की समस्या के समाधान के लिए कलेक्टर जनदर्शन का कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जाए। नागरिकों तक शासन की योजनाओं की सुगम पहुंच से शासन की छवि बनती है। कलेक्टर यह भी सुनिश्चित करें कि भूमिहीन परिवारों को जाति प्रमाण पत्र बनाने में दिक्कत न आए। प्राथमिकता के साथ इन परिवारों का जाति प्रमाण पत्र बनाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना का क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों की पीड़ा को मैंने करीब से महसूस किया है। पीएम जनमन योजना इन जनजातियों के लिए आशा की नई किरण है। इसका क्रियान्वयन पूरी गंभीरता से करते हुए योजनाओं का हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के बीच जाकर मैं स्वयं पीएम जनमन योजना के क्रियान्वयन का निरीक्षण करूंगा। प्रधानमंत्री जी ने हाल ही में आयोजित कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रदेश में 8 लाख 46 हजार आवासों की स्वीकृति दी है। जिससे गरीब परिवारों के स्वयं के घर का सपना अब पूरा होगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पहली बार पैरेंट्स टीचर मीटिंग और जनभागीदारी से न्योता भोज की पहल की गई है। स्थानीय भाषा में बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की गई है। शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ स्कूलों की इमारत की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। स्कूलों में बच्चों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों का निराकरण समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ हो। राजस्व मामलों को हल करने में अमला जितनी तत्परता दिखायेगा, सरकार की छवि भी उतनी ही अच्छी बनेगी। हम जितना तकनीकी नवाचार को बढ़ाएंगे, राजस्व संबंधी भ्रष्टाचार उतना ही घटेगा। डिजिटल क्राप सर्वे, भू नक्शे की जियो-रिफ्रेंसिंग आदि के माध्यम से इस क्षेत्र में पारदर्शिता आयेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के माध्यम से अधिकतम रोजगार के अवसर सृजित हों। जल संचय के कार्यों को बढ़ावा दिया जाए। छत्तीसगढ़ में तालाबों की सुन्दर परंपरा रही है। नये तालाब बनाए जाएं, इससे जल स्तर बेहतर होगा, खेती-किसानी के लिए पानी मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रारंभ की गई अमृत सरोवर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। बस्तर, सरगुजा और मैदानी क्षेत्रों के ऐसे गांव जो मानसून में कट जाते हैं, उन क्षेत्रों के लिए सड़कों का प्रस्ताव बनाकर शीघ्र भेजें।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो, निजी अस्पतालों में भी मरीजों का आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने में कोई दिक्कत न आए। पीएम जनऔषधि केन्द्र प्राइम लोकेशन पर हो, यहां दवाईयों की पर्याप्त उपलब्धता हो। प्रदेश की बड़ी आबादी शासकीय अस्पतालों पर निर्भर हैं, इसकी व्यवस्था दुरूस्त हो। हेल्थ बजट का उचित उपयोग हो और बुनियादी स्वास्थ्य अधोसंरचनाएं तैयार करने में जीवन दीप समितियों और डीएमएफ की राशि का उपयोग किया जाए। डेंगू और मलेरिया को लेकर सतत अभियान चलाया जाए। सिकल सेल के मरीजों को चिन्हांकन और इलाज की समुचित व्यवस्था हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंकों में तकनीकी वजहों से कुछ हितग्राहियों को महतारी वंदन योजना की राशि मिलने में दिक्कत आती है, इस पर कलेक्टर नजर रखें। कुपोषण दूर करने के लिए सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। दलहन-तिलहन और मिलेट्स का रकबा बढ़ाया जाए। उद्यानिकी, पशुपालन और मछलीपालन के माध्यम से किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में काम हो। शहरी क्षेत्रों में अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के क्रियान्वयन, पेयजल, सीवरेज सिस्टम साफ-सफाई के काम पर पूरा फोकस रखें। शहरों में आबादी तेजी से शिफ्ट हो रही है। यहां नागरिक सुविधाओं को नये सिरे से तैयार किया जाए। वनाधिकार पत्रों के आवेदनों पर तेजी से काम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा पीडीएस का माडल पूरे देश ने अपनाया है। धान खरीदी से लेकर भंडारण, मिलिंग से उपभोक्ताओं को पीडीएस दुकानों में राशन की उपलब्धता तक हर स्तर पर बारीक मानिटरिंग जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुशासन एवं अभिसरण विभाग बनाया गया है। आम आदमी की शिकायतों को हल करने का जितना बेहतर तंत्र हम बना सकेंगे, उससे ही शासन की छवि बनेगी। मुख्यमंत्री जनदर्शन में आये सभी आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। जिले में उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं के अनुसार स्किल डेवलपमेंट के लिए कार्य हों। नियोक्ताओं तक स्किल लेबर की पहुंच सुनिश्चित करें। समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन में किसी तरह की दिक्कत न हो, यह भी सुनिश्चित करें। जल जीवन मिशन के कार्यों की मानिटरिंग करते रहें। यदि किसी तरह की दिक्कत आ रही हो तो इसकी जानकारी दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वंचित तबके के जीवन का आधार पेंशन की राशि होती है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर यह सुनिश्चित करें कि हितग्राहियों को समय पर पेंशन का भुगतान हो। उन्होंने कहा कि निराश्रित निधि में 400 करोड़ रूपए की राशि उपलब्ध है। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष स्कूल और अस्पताल के निर्माण की कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रस्तुत करें। नशामुक्ति आज राष्ट्रीय समस्या बन चुकी है। प्रत्येक जिले में नशामुक्ति केन्द्र की स्थापना कर विशेष अभियान चलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित और संवेदनशील जिलों की खेल प्रतिभाओं को दुनिया से जोड़ने के लिए बस्तर ओलंपिक 2024 का आयोजन किया जा रहा है। दिव्यांग और आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी इसमें खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी का लंबी बीमारी के बाद निधन

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 72 वर्षीय वरिष्‍ठ नेता ने आज नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्‍स में अंतिम सांस ली। उन्‍हें पिछले महीने की 19 तारीख को इलाज के लिए ऐम्‍स में भर्ती कराया गया था। मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी ने एक बयान में कहा है कि सीताराम येचुरी का पार्थिव शरीर शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच जनता के दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए नई दिल्‍ली स्थित पार्टी मुख्‍यालय में रखा जाएगा। इसके बाद सीताराम येचुरी के पार्थिव शरीर को उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार चिकित्सा अनुसंधान के लिए एम्‍स को दान कर दिया जाएगा।

सीताराम येचुरी के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दुख प्रकट किया है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी के देहांत पर शोक व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पर शोक संदेश में राष्‍ट्रपति ने कहा कि सीताराम येचुरी, एक छात्र नेता और बाद में राष्‍ट्रीय राजनीति और सांसद के रूप में एक प्रबल आवाज थे। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सीताराम येचुरी समर्पित विचारक होते हुए भी सभी दलो में उनके मित्र पाये जाते थे। उन्‍होंने सीताराम येचुरी के परिवार और उनके सगे-सबंधियों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शोक संदेश में कहा कि सीताराम येचुरी का पांच दशकों का करियर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सीताराम येचुरी सार्वजनिक सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की एक समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्व संसद सदस्य सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया। एक्स पर एक भावपूर्ण संदेश में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा “सीताराम येचुरी के निधन से दुखी हूँ। वे वामपंथ के एक अग्रणी प्रकाश स्तंभ थे और पूरे राजनीतिक परिदृश्य में अपनी संपर्क-क्षमता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने एक प्रभावी सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद सीताराम येचुरी के निधन पर दुख जताया है। शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सीताराम येचुरी का निधन राजनीतिक क्षेत्र के लिए क्षति है। उन्होंने सीताराम येचुरी के परिवार के सदस्यों और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान उन्हें इस कठिन समय को सहने की शक्ति दे।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि सीताराम येचुरी देश की गहरी समझ रखने वाले भारत के विचार के संरक्षक थे।

राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भी सीताराम येचुरी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सीताराम येचुरी की दशकों की समर्पित सार्वजनिक सेवा और राष्ट्र के प्रति उनके अपार योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वह एक विनम्र नेता थे, जिन्‍हें अडिग राजनीतिक विचारधारा के साथ व्यक्तिगत संबंधों को साधने में महारथ हासिल थी। उन्होंने कहा कि एक उत्कृष्ट सांसद और बुद्धिजीवी के रूप में सीताराम येचुरी ने आदर्शवाद और व्यावहारिकता के साथ देश के लोगों की सेवा की।

पार्टी महासचिव डी. राजा ने कहा कि सीताराम येचुरी समकालीन समय में वाम और कम्युनिस्ट आंदोलन के सबसे उत्कृष्ट नेताओं में से एक थे।

 

अतिवर्षा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारी-कर्मचारी अवकाश पर नहीं जाए – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 30 सितम्बर तक वर्षा की संभावना है। अतिवर्षा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारी-कर्मचारी छुट्टी पर नहीं जाएं। अतिवर्षा के बावजूद भी जनजीवन सामान्य रहे, इसके लिए समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतते हुए बचाव के कार्य किए जाएं। लोगों के जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जनहानि के लिए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार माना जाएगा। अतिवर्षा और बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षा व सुविधा प्रदान करने के लिए राहत शिविर लगाएं और इसमें सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी सहयोग लिया जाएं। बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का आँकलन और पशु हानि की जानकारी भी यथाशीघ्र लेना आरंभ किया जाए। राहत राशि के वितरण में विलंब न हो, बाढ़ और अतिवृष्टि से पीड़ितों को राहत के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है। राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, दवाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में अति वर्षा से निर्मित स्थिति और बचाव के लिए समत्व भवन में ली गई आपात बैठक में उक्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलों की स्थिति की समीक्षा की। वी.सी. में समस्त संभागीय आयुक्त, आईजी, कमिश्नर आफ पुलिस, जिला कलेक्टर, एसपी जुडें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि वर्षा का चक्र बदलने के कारण सितंबर माह में जितनी वर्ष होनी चाहिए उससे अधिक हो रही है। निचली बस्तियों में रहने वालों को समय रहते सतर्क किया जाए और आवश्यकता अनुसार उन्हें राहत शिविरों में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन रपटों और पुलों पर पानी है, वहाँ तत्काल आवश्यक सावधानी व सतर्कता बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अति वर्षा के प्रभाव से हुई जनहानि और पशु हानि की स्थिति में राहत उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी कलेक्टरों को जनहानि की स्थिति में चार-चार लाख रुपए की सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा कर कलेक्टरों को तत्काल राशि परिजन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जहां पर भी बाढ़ के पानी में लोग फंसे हैं उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने की तत्काल व्यवस्था की जाए। पुराने जीर्ण-शीर्ण भवनों को चिन्हित कर सुरक्षात्मक व्यवस्था की जाए और आवश्यकता होने पर निवासियों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। समत्व भवन में हुई बैठक में मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना सहित, प्रमुख सचिव, जल संसाधन, गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण विभाग, नगरीय विकास एवं आवास, राजस्व, लोक स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गुना, दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, राजगढ़, टीकमगढ़ के कलेक्टर से जिले में अति वर्षा और बाढ़ संबंधी जानकारी प्राप्त की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अवगत कराया गया कि दतिया जिले के भांडेर के निकट पोहुच नदी में 18 लोग फंसे हैं, डबरा में भी लोगों के पानी में फंसे होने की सूचना है। मुरैना में पेड़ के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मृत्यु और तीन लोगों के घायल होने का समाचार है। बैठक में बताया गया कि बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए झांसी, बरेली और गोरखपुर से हेलीकॉप्टरों को रवाना किया जा रहा है। टीकमगढ़ में बचाव व राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम बुला ली गई है। ग्वालियर चंबल क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम बोट व अन्य बचाव सामग्री के साथ सक्रिय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में आगामी दिनों में वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए बाढ़ की पूर्व सूचना और प्रचार-प्रसार की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने आवश्यक वस्तुओं के पर्याप्त भंडारण के निर्देश दिए।

बैठक में बताया कि प्रदेश में 11 सितम्बर तक 991.9 मिली मीटर वर्षा हो चुकी है यह औसत से 14 प्रतिशत अधिक है। प्रदेश के 12 जिलों राजगढ़, खरगोन, भोपाल, सिवनी, मंडला, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, बड़वानी, शिवपुरी, सिंगरौली, नीमच, अलीराजपुर, ग्वालियर और गुना में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। आगामी 2 दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। इसके बाद वर्षा में कमी की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर कला, आगर-मालवा, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और राजगढ़ में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के 54 में से 31 बांधों के गेट खुले हैं। विभिन्न जिलों में राहत शिविर संचालित हैं।

बैठक में नदियों, बांधों और जलाशयों के जल स्तर पर लगातार नजर रखने, बचाव के लिए आवश्यक सामग्री, राहत शिविरों की उचित व्यवस्था, जिन शालाओं के भवन जीर्ण-शीर्ण हैं, उन्हें चिन्हित करते हुए बच्चों की पढ़ाई की वैकल्पिक व्यवस्था करने, गणेश पंडालों तथा अन्य सामाजिक, धार्मिक और भीड़ भरे आयोजनों में इलेक्ट्रिक सेफ्टी सुनिश्चित करने, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, पर्याप्त दवाओं की आपूर्ति बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। आगामी दिनों में भी वर्षा की संभावना को देखते हुए अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, नाव, गोताखोरों, चिकित्सा दल, साफ-सफाई, बचाव दल की व्यवस्था करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के लिए भी जिले के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया।

 

पैरालंपिक तीरंदाजी चैंपियन शीतल देवी और राकेश कुमार भारत निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय आइकन

पैरालंपिक तीरंदाजी चैंपियन शीतल देवी और राकेश कुमार ने दिव्यांगजनों (पीडब्ल्यूडी) के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में देश भर में मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए आयोग ने टीम बनाई है। नई दिल्ली में निर्वाचन सदन में कल आयोजित एक कार्यक्रम में, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. सुखबीर सिंह संधू के साथ अर्जुन पुरस्कार विजेता और भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के राष्ट्रीय दिव्यांगजन आइकन, शीतल देवी और उनके मिश्रित युगल टीम के साथी राकेश कुमार को पेरिस ग्रीष्मकालीन पैरालिंपिक 2024 खेलों में तीरंदाजी में कांस्य पदक जीतने में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर, आयोग ने प्रसिद्ध पैरालिंपियन राकेश कुमार को दिव्यांगजनों के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के राष्ट्रीय आइकन के रूप में घोषित किया।

शीतल देवी, उनकी मां शक्ति देवी और प्रशिक्षक अभिलाषा चौधरी और कुलदीप कुमार का आज निर्वाचन सदन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

आयोग ने सुलभ और समावेशी चुनावों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर बल देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवा भावी मतदाता के रूप में, शीतल देवी युवाओं और दिव्यांगों दोनों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करती हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अपने खेल की तरह, जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले तीरंदाज भी चुनाव प्रक्रिया में, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए टीम बनाएंगे। चैंपियंस के साहस और दृढ़ संकल्प की प्रशंसा करते हुए, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ने कहा कि जब समानता और समता के सिद्धांतों को बरकरार रखा जाता है, तो दिव्यांगता को एक बाधा के रूप में नहीं देखा जाता है, बल्कि चुनौतियों पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त ताकत विकसित करने के अवसर के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में शीतल देवी युवाओं और दिव्यांगों के लिए एक प्रेरणा हैं, जो उन्हें खेलों में शामिल होने और लोकतंत्र के पर्व में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पैरालंपियनों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यात्रा दिव्यांगों के लिए एक प्रेरणा है और भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के राष्ट्रीय आइकन बनने से मतदाताओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने में सहायता मिलेगी।

निर्वाचन आयुक्त डॉ. एसएस संधू ने चैंपियंस के समर्पण और दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की और उन्हें कई लोगों, विशेष रूप से युवाओं और दिव्यांगों के लिए एक रोल मॉडल बने रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

समारोह के दौरान, शीतल देवी और राकेश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के छोटे शहरों से लेकर पेरिस पैरालिंपिक में भाग लेने और पदक जीतने तक की अपनी असाधारण यात्रा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी कहानियाँ एथलीटों द्वारा प्रदर्शित दृढ़ता और दृढ़ संकल्प से भरी हुई थीं।

इस वर्ष 16 मार्च को लोकसभा 2024 के आम चुनावों की घोषणा से ठीक पहले शीतल देवी को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) का राष्ट्रीय आइकन घोषित किया गया था। केवल वर्ष की उम्र में शीतल देवी भारत की सबसे कम उम्र की पैरालंपिक पदक विजेता बन गईं। उनकी उपलब्धियों में वर्ष 2023 एशियाई पैरा खेलों में व्यक्तिगत और मिश्रित टीम दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक, 2023 विश्व तीरंदाजी पैरा चैम्पियनशिप में एक रजत पदक और एशियाई पैरा चैम्पियनशिप में कई प्रशंसाएं शामिल हैं।

राकेश कुमार, जिन्हें आज दिव्यांगों के लिए राष्ट्रीय आइकन घोषित किया गया, ने टोक्यो और पेरिस में पैरालंपिक स्पर्धाओं में तीरंदाजी में दो बार देश का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने 2023 विश्व तीरंदाजी पैरा चैम्पियनशिप और एशियाई पैरा गेम्स 2022-23 में मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने एशियाई पैरा गेम्स 2022-23 में व्यक्तिगत और पुरुष टीम में रजत पदक भी जीता।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की तीन उम्‍मीदवारों की एक और सूची जारी

भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए तीन उम्‍मीदवारों की एक और सूची जारी की है। पार्टी ने सिरसा विधानसभा सीट से रोहताश जांगडा और महेन्‍द्रगढ़ से कंवर सिंह यादव को उम्‍मीदवार बनाया है। सतीश फगना फरीदाबाद एनआईटी सीट से भाजपा उम्‍मीदवार होंगे। इन उम्‍मीदवारों के नामों को भाजपा की केन्‍द्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दी।

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए चालीस उम्‍मीदवारों की तीसरी सूची जारी की है। पार्टी सांसद रंदीप सिंह सूरजेवाला के पुत्र आदित्‍य सुरजेवाला को कैथल विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्‍मीदवारा घोषित किया गया है। पंचकुला से चन्‍द्रमोहन कांग्रेस के प्रत्‍याशी होंगे। निर्मल सिंह को अंबाला सि‍टी और राम निवास राडा को हिसार विधानसभा सीट पर पार्टी का उम्‍मीदवार बनाया गया है। प्रदीप नरवाल बवानी खेड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस ने जम्‍मू-कश्‍मीर में विधानसभा चुनाव के लिए भी पांच उम्‍मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने बारामूला सीट पर मीर इकबाल को, बांदीपोरा से निज़ामुद्दीन भट्ट और अखनूर सीट पर अशोक भगत को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी की केन्‍द्रीय चुनाव समिति ने उम्‍मीदवारों के नामों को मंजूरी दी।

आम आदमी पार्टी ने आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी 6वीं सूची की घोषणा कर दी है। इस सूची में 19 उम्मीदवार शामिल हैं। पार्टी ने पंचकुला सीट से प्रेम गर्ग को मैदान में उतारा है, जबकि कमल बिस्ला फतेहाबाद सीट से चुनाव लड़ेंगे। केतन शर्मा को अंबाला सिटी सीट से और धनराज कुंडू को दादरी सीट से पार्टी उम्मीदवार घोषित किया गया है।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...