महाराष्ट्र और कर्नाटक के बाद मध्यप्रदेश के एमएसपी पर सोयाबीन खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी : शिवराज सिंह चौहान

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि और किसान कल्याण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों की सेवा हमारे लिए भगवान की पूजा है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले दिनों मध्य प्रदेश के किसान सोयाबीन की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम दामों पर बिक्री को लेकर चिंतित थे, पहले हमने महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे राज्यों को न्यूनतम समर्थन मूल्य – एमएसपी पर सोयाबीन की खरीद करने की अनुमति दी थी।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने अपने संदेश में सोयाबीन को एमएसपी पर खरीदने की बात कही। उसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कैबिनेट में सोयाबीन को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का प्रस्ताव पेश किया। केंद्र सरकार को राज्य सरकार का कलरात में ही एमएसपी पर सोयाबीन ख़रीदने का प्रस्ताव मिला।

चौहान ने कहा कि जैसे ही मध्य प्रदेश सरकार का सोयाबीन को एमएसपी पर खरीदने का प्रस्ताव मिला, उस प्रस्ताव को हमने सुबह स्वीकृति दे दी है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के किसान चिंता ना करें, सोयाबीन एमएसपी की जो दरें हैं, उस पर ही सोयाबीन खरीदी जायेगी, किसान के पसीने की पूरी कीमत दी जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों के हित में कृत-संकल्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने हमेशा किसानों की चिंता की है। इस अनुक्रम में केन्द्र सरकार द्वारा राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान करते हुए सोयाबीन का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 4892 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रदेश के किसान सोयाबीन के मूल्य को लेकर काफी चिंतित थे। राज्य सरकार द्वारा सोयबीन के निर्धारित समर्थन मूल्य में वृद्धि के लिए केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृति दी गई है।

राज्य सरकार ने किसानों के हित में लिए गए इस निर्णय के लिए केन्द्र सरकार का प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों की दशा और दिशा में परिवर्तन आएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रस्ताव को केन्द्र सरकार ने स्वीकार करते हुए किसानों के हित में मध्यप्रदेश को समर्थन मूल्य पर खरीफ 2024-25 के लिये सोयाबीन उपार्जन की अनुमति प्रदान कर दी है। राज्य में पहली बार समर्थन मूल्य पर सोयाबीन का उपार्जन होगा।

सोयाबीन उपार्जन की तारीख जल्द ही तय की जायेगी। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित तारीख से सोयाबीन का उपार्जन 90 दिनों तक किया जाएगा। पंजीकृत किसानों से ही समर्थन मूल्य पर सोयाबीन का उपार्जन होगा। उपार्जन भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (NAFED) और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) द्वारा किया जायेगा। सोयाबीन का उपार्जन निर्धारित मानकों (FAQ) के आधार पर किया जायेगा। उपार्जन के तीन दिन में किसानों के खाते में भुगतान होगा।

 

महाराष्ट्र में लाखों भक्तों ने 5 दिवसीय उत्‍सव के साथ गणपति प्रतिमाओं को विसर्जित किया, अनंत चतुर्दशी के दिन होता है अंतिम विसर्जन

महाराष्ट्र में कल लाखों भक्तों ने 5 दिवसीय उत्‍सव के साथ गणपति प्रतिमाओं को विसर्जित किया। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन के आवास पर पर्यावरण के अनुकूल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा को राजभवन में ही विसर्जित किया गया।

मुंबई में 5 दिनों के गणेश महोत्सव के बाद 38 हजार से ज्यादा गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। जिनमें से 37 हजार से ज्यादा घरेलू और 1 हजार से ज्यादा सार्वजनिक गणेश मंडलों की प्रतिमाएं थीं। बृहन्मुंबई नगर निगम ने विसर्जन के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्‍ध करवाई। महाराष्ट्र में गणेश उत्सव 10 दिनों तक चलता है और अंतिम विसर्जन अनंत चतुर्दशी के दिन होता है।

कल महाराष्ट्र में गणपति उत्सव और गौरी पूजन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। ऐसा माना जाता है कि देवी गौरी, जिन्हें पार्वती के नाम से भी जाना जाता है, भगवान गणेश से मिलने के लिए घरों में जाती हैं। यह दिन विवाहित महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होता है, जो गौरी पूजन मनाने के लिए अपने मायके लौटती हैं।

 

हमारी थोड़ी सी समझदारी और सावधानी हमें साइबर अपराधियों से बचा सकती है : अमिताभ बच्चन

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न को आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्रालय देश में सुरक्षित साइबर स्पेस निर्माण के लिए कृत संकल्प है। एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) ने इस दिशा में अनेक कदम उठाए हैं। गृह मंत्री ने एक साइबर-सुरक्षित भारत के निर्माण के मिशन को गति प्रदान करने में प्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन के सक्रिय योगदान के लिए उनका आभार प्रकट किया।

मेगा स्टार अमिताभ बच्चन ने अपने एक वीडियो संदेश में कहा कि देश और दुनिया में बढ़ रहा साइबर अपराध चिंता का विषय है। गृह मंत्रालय का भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र इसके नियंत्रण की दिशा में कार्य कर रहा है। बच्चन ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आग्रह पर वे इस अभियान से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि हम सब साथ मिलकर देश को इस समस्या से मुक्त कराएं। हमारी थोड़ी सी समझदारी और सावधानी हमें साइबर अपराधियों से बचा सकती है।

दरअसल गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (Cyber Fraud Mitigation Centre) के चार प्रमुख साइबर प्लेटफॉर्म्स का शुभारंभ किया। इस प्लेटफॉर्म ने एक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। देश के 72 से अधिक टीवी चैनल्स, 190 रेडियो एफएम चैनल्स, सिनेमाघरों और कई अन्य प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से इस अभियान को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

नई दिल्ली में इस भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के प्रथम स्थापना दिवस समारोह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी न्यूनीकरण केंद्र (I4C)के साथ बैंक, वित्तीय संस्थान, टेलीकॉम कंपनी, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर और पुलिस को एक ही मंच पर लाकर इस केन्द्र का विचार रखा गया है। इस दौरान उन्हाेंने कहा कि आने वाले दिनों में यह साइबर अपराध की रोकथाम का एक प्रमुख प्लेटफॉर्म बनेगा।

 

राष्ट्रपति मुर्मु ने उत्कृष्ट नर्सिंग कर्मियों को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार 2024 किए प्रदान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल बुधवार को राष्ट्रपति भवन में नर्सिंग पेशेवरों को वर्ष 2024 के लिए राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कार में एक प्रशस्ति पत्र और 1 लाख की पुरस्कार राशि दी जाती है। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ मंत्री जेपी नड्डा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आभार जताया। दरअसल राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार की स्थापना स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने उत्कृष्ट नर्सिंग कर्मियों द्वारा प्रदान की गई सराहनीय सेवाओं को मान्यता देने और सम्मानित करने के लिए की थी।

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटेंगल पुरस्कार 15 विशिष्ट नर्सों और एएनएम (ANM) को प्रदान किए हैं। इन नर्स और मिडवाइव्स का राष्ट्र के स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। महामारी, जलवायु परिवर्तन, और संघर्ष जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना कर रहे विश्व में नर्स सबसे आगे हैं, जो इन मुद्दों को सरलता से सुलझाने और स्वास्थ्य प्रणाली को सहारा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने साेशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर फोटो साझा करते हुए कहा कि राष्ट्र के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए समर्पित नर्सिंग कर्मियों को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार 2024 प्रदान करने के लिए धन्यवाद। यह सम्मान आपको सार्वजनिक सेवा में सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कर्मियों के अथक प्रयास अनगिनत लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमारी नर्सें वास्तव में हमारे स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की रीढ़ हैं। आपके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद।

आपको बता दें फ्लोरेंस नाइटिंगेल को व्यापक रूप से आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक माना जाता है। उनका जन्म 12 मई, 1820 को फ्लोरेंस, इटली में हुआ था नर्सिंग क्षेत्र में उनके योगदान के सम्मान में, उनके जन्मदिन यानी 12 मई को हर साल अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। क्रीमियन युद्ध (1853-1856) के दौरान उनके कार्य ने स्वास्थ्य देखभाल प्रथाओं में क्रांतिकारी बदलाव किया और महिलाओं के लिए एक सम्मानित पेशे के रूप में प्रशिक्षित नर्सिंग की नींव रखी। नाइटिंगेल ने सैन्य अस्पतालों में स्वच्छता और सफाई को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किए, जिससे घायल सैनिकों की मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई। उन्होंने स्वच्छता, उचित पोषण और दयालु देखभाल के महत्व पर जोर दिया, जिससे नर्सिंग अभ्यास के लिए नए मानक स्थापित हुए।

भागवत कथा महोत्सव में शामिल हुए विधायक भगवानदास सबनानी

मां पाताल भैरवी समिति द्वारा श्रीभागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 6 सितंबर से 12 सितंबर तक चलने वाली भागवत कथा में चित्रकूट धाम के कथा वाचक व्यास श्री श्री 108 सुरेश महाराज के श्रीमुख से भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कथा स्थल पर पहुंचकर व्यास पीठ के दर्शन कर पुष्पांजलि अर्पित कि, कथावाचक व्यास का स्वागत किया। सबनानी ने कहा कि कथा के माध्यम से मनुष्य का मन पवित्र होता है ईश्वर भक्ति करने से मनुष्य सत्य कर्म करता है जिससे उसके जीवन में शांति और सुख दोनों का ही आगमन होता है। इस अवसर पर में सभी के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं की सभी की सुख समृद्धि वृद्धि हो। समिति के रूप सिंह यादव ने बताया कि मां पाताल भैरवी कोटरा सुल्तानाबाद में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का शुभ लाभ ले रहे हैं।

त्यौहारों पर रहें मुस्तैद, सुदृढ़ रखें कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था : डीजीपी

मध्यप्रदेश में गणेश उत्सव, डोल ग्यारस, ईद मिलादुन्नबी, अनंत चतुर्दशी आदि पर्वों पर शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे, इसके दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि त्यौहारों पर शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए गंभीरता से योजना तैयार करें। अपने क्षेत्रों की सतत् निगरानी करते रहें। बैठक में समस्त एडीजी/आईजी, भोपाल एवं इंदौर के पुलिस कमिश्नर, रेंज डीआईजी एवं समस्त पुलिस अधीक्षक व उपायुक्त शामिल हुए। इस बैठक में एडीजी (इंटेलिजेंस) जयदीप प्रसाद सहित अन्य उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहे।

डीजीपी सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में आगामी पर्वों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए हमें तैयार रहना है। त्यौहारों में नागरिक उत्साहपूर्वक सम्मिलित हो रहे हैं, जिसके दृष्टिगत पुलिस की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हों, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समस्त जिलों को अतिरिक्त बल उपलब्ध करा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक पूरे बल की गहन समीक्षा कर सभी संवेदनशील तथा उपयुक्त स्थलों पर पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करें। ग्राम/नगर रक्षा समिति का सहयोग लें। उन्होंने कहा कि जिला एवं थाना स्तर के अलावा आवश्यकतानुसार बीट्स, मोहल्ला पर भी शांति समिति की बैठक आयोजित करें। बीट स्तर की इंटेलीजेंस को अत्यधिक सक्रिय रखें।

डीजीपी सक्सेना ने कहा कि त्यौहारों के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि महिलाओं के साथ कोई अभद्रता की घटना ना हो। महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। गणेशोत्सव के दौरान महिलाओं के घर पहुंचने तक पुलिस मुस्तैदी से तैनात रहे। पंडालों में तथा जुलूस मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। सुनसान क्षेत्रों में पुलिस गश्त होती रहे।

डीजीपी सक्सेना ने कहा कि असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए सजग रहें। विशेष तौर पर अवैध शराब कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। लाइसेंसी शराब दुकानें शासन के निर्धारित समय पर खुलें एवं बंद हों, यह अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। वहीं डीजे पर आपत्तिजनक गाने ना बजाए जाएं, इसके लिए डीजे संचालकों को निर्देशित करें। असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखें और उन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। अन्य विभागों से भी समन्वय बनाकर रखें। नागरिकों को समझाइश दें कि बिजली के खंभों, तारों आदि से दूर रहें। प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान घाटों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। पंचायतों, नगरीय निकायों, स्वास्थ्य विभाग से भी समन्वय करें। आपदा प्रबंधन के लिए गोताखोर और नौका दलों के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसी तरह गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से समन्वय कर उन्हें वॉलंटियर्स बनाएं। ईद मिलादुन्नबी पर निकलने वाले जुलूसों में भी वॉलंटियर्स तैनात कराएं। निर्धारित मार्ग से जुड़ने वाले रास्तों पर भी निगरानी रखी जाए।

डीजीपी सक्सेना ने कहा कि विगत वर्षों में जिन स्थानों पर सांप्रदायिक घटनाएं एवं विवाद की स्थिति बनीं हैं, उन सभी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर उनकी निगरानी की जाए। विशेषकर शरारती तत्वों और उपद्रव फैलाने वाले लोगों की पहचान पहले ही कर ली जाए। शोभायात्रा और विसर्जन यात्रा के मार्गों को चिह्नांकित कर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करें। इस दौरान वीडियोग्राफी और ड्रोन का भी प्रयोग करें।

डीजीपी सक्सेना ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द का वातावरण बना रहे इसके लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मुस्तैदी से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग24*7 करें और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करें।किसी भी अफवाह का तत्काल खंडन कर आमजन को तथ्यों के साथ सही जानकारी देना सुनिश्चित करें।

एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) जयदीप प्रसाद ने कहा कि सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों तथा प्रभावशाली व्यक्तियों से सतत् सम्पर्क रखें। फोर्स का डिप्लायमेंट उचित प्रकार से करें। विसर्जन के समय विशेष सतर्कता बरतें पहले से निर्धारित किए गए व्यक्ति ही विसर्जन करें। असामाजिक लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

गर्भवती महिला को एक ही दिन में 5 बार एंबुलेंस की सेवाएं बड़े भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है – कांग्रेस

जय अम्बे इमरजेंसी सर्विसेज को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आरोप लगाया है। और कहा मध्यप्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में जय अम्बे इमरजेंसी सर्विसेज (जेएईएस) का किराये पर एंबुलेंस लगाने का अनुबंध वर्ष 2021 में हुआ, जिसके तहत 14 अप्रेल, 2022 से (जेएईएस) द्वारा एम्बुलेंस सर्विसेज की सुविधाएं चालू की गई। अनुबंध अनुसार एनएचएम में विभिन्न प्रकार की जो गाडियां (जेएईएस) को संचालन हेतु प्रदाय की गई, उनमें लगभग 23 एएलएस (एडवांस लाईफ सपोर्ट) गाडियां, लगभग 319 बीएलएस गाडियां, जननी एम्बुलेस 60 टाईप बी के अतिरिक्ति (जेएईएस) द्वारा खरीद कर लगाई गई गाडिया निम्नानुसार है, जिसमें लगभग 144 एएलएस गाडिया, लगभग 516 बीएलएस (बेसिक लाईफ सपोर्ट) गाडिया, लगभग 990 टाईप बी जननी एम्बुलेंस के अतिरिक्त 104 हेल्प लाईन (15 सीटर) भी (जेएईएस) द्वारा मध्यप्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन गाडियां संचालित हो रही है।

एनएचएम द्वारा निष्पादित अनुबंध के अनुसार प्रति किलोमीटर के अनुसार भुगतान की जाने वाली राशि में सभी तरह के खर्चे व संसाधन शामिल है। जिसमें गाडियों का रोड टेक्स, रजिस्ट्रेशन, ड्यूटी टोल टेक्स, दवाईयां, मेडिकल इक्युमेंट सामग्री इत्यादि भी अनुबंध के अनुसार शामिल है। एनएचएम से हुये अनुबंध की शर्तों अनुसार (जेएईएस) द्वारा किसी भी प्रकार की जानकारी छुपाना अथवा लिखित में सूचित कर अनुमति ना लेना अपने आप में भ्रष्ट आचरण की परिधि में आएगा एवं अनुबंध अनुसार कार्यवाही किया जाना निर्धारित किया गया।

क्या अनुबंध अनुसार जेएईएस द्वारा एनएचएम को लिखित में सूचित कर अनुमति मांगी गई थी कि उनके द्वारा लगाए गए समस्त एम्बुलेंस का रजिस्टेªशन एवं रोड टैक्स आदि का छत्तीसगढ़ राज्य में भुगतान कर गाडियां मध्यप्रदेश में संचालित की जा सकेगी। यदि ऐसा हुआ है तो मध्यप्रदेश राज्य को लगभग 30 से 40 करोड़ के राजस्व की हानि हुई है, क्योंकि (जेएईएस) द्वारा समस्त एम्बुलेंस छत्तीसगढ़ में पंजीयन कराकर छत्तीसगढ़ नंबर प्लेट के साथ मध्यप्रदेश में संचालित की जा रही हैं, जो अनुबंध अनुसार मध्यप्रदेश सरकार के साथ बड़ा आपराधिक कृत्य प्रतीत होता है। परिवहन विभाग के दिशानिर्देशानुसार एक राज्य का वाहन बिना ट्रांसफर कराये दूसरे राज्य में छह माह से अधिक की अवधि तक चलना वर्जित है। जबकि मध्यप्रदेश में जेएइएस द्वारा अनुबंध दिनांक से लेकर आज भी लगभग 1950 एम्बुलेंस छत्तीसगढ़ नंबर प्लेट की चलाई जा रही है जो कि एक जांच का विषय है।

इस संबंध में हमारे द्वारा परिवहन विभाग के प्रमुख अधिकारी को लिखित में शिकायत की गई थी जिसके बाद भी आज दिनांक तक किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं हुई। आज भी जेएईएस द्वारा छत्तीसगढ की नंबर प्लेट लगाकर मध्यप्रदेश में एम्बुलेंस चलाई जा रही है। क्या परिवहन विभाग ने (जेएईएस) को किसी भी प्रकार का नोटिस दिया या कार्यवाही की गई, यदि नहीं तो क्यों नहीं की गई?

सूचना के अधिकार से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर वित्तीय वर्ष 2023-24 की प्राप्त जानकारी अनुसार 10 माह में अप्रेल 2023 से जनवरी 2024 तक कुल 10 माह में लगभग 325 करोड़ रूपयों का एनएचएम द्वारा जेएईएस को भुगतान किया गया है, जो कि अपने आप में एक जांच का विषय है। एनएचएम द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी अनुसार हमारे द्वारा रेण्डम चार माह के जेएईएस द्वारा दिए गए बिलों के आधार पर जो भुगतान एनएचएम द्वारा किया गया उसके
आधार पर निम्न जानकारी प्राप्त हुई है:- वर्ष 2023 जून माह में लगभग 1 करोड़ 60 लाख किलोमीटर की एम्बुलेंस की रनिंग दिखाई गई । जिनके एवज में एनएचएम द्वारा जेएइएस को 30 करोड़ 50 लाख का भुगतान किया गया । इसी प्रकार वर्ष 2023 अक्टूबर माह में लगभग 1 करोड़ 73 लाख किलोमीटर एम्बुलेंस चलाई जाना बताई गई जिसके एवज में एनएचएम द्वारा जेएइएस को लगभग 35 करोड़ का भुगतान किया गया । इसी प्रकार वर्ष 2023 दिसम्बर माह में लगभग 1 करोड़ 96 लाख किलोमीटर एम्बुलेंस चलाई जाना बताई गई जिसके एवज में एनएचएम द्वारा जेएइएस को लगभग 38 करोड़ का भुगतान किया गया।

इसी प्रकार जनवरी माह 2024 को लगभग 1 करोड़ 88 लाख किलोमीटर से अधिक एम्बुलेंस चलाई जाना बताई गई जिसके एवज में एनएचएम द्वारा जेएइएस को लगभग 35 करोड़ 50 लाख से अधिक का भुगतान किया गया। लगभग 10 माह में 325 करोड़ रूपये का भुगतान एनएचएम द्वारा जेएइएस को किया गया है जो कि अपने आप में बड़ा भ्रष्टाचार होने के साथ एक जांच का विषय है।

इसी आधार पर वित्तीय वर्ष 23-24 में 12 माह का संभावित भुगतान लगभग 375 करोड़ से 400 करोड़ एनएचएम द्वारा जेएइएस को किया जा प्रतीत होता है। अनुबंध अनुसार जेएइएस को एनएचएम में वार्षिक परियोजना लागत 5 प्रतिशत बतौर परफारमेंस गारंटी एनएचएम में जमा करना थी जेएइएस द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए लगभग 11.35 करोड़ (वार्षिक परियोजना लागत 225 करोड़ मानते हुए) जमा की गई। जबकि जेएइएस द्वारा 225 करोड़ व 400 करोड के अंतर की राशि बतौर परफारमेंस ग्यारंटी जमा की गई जो कि लगभग 9 करोड़ रूपये के लगभग होती है, जानकारी अनुसार यह राशि जमा नहीं की गई है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से सूचना के अधिकार से प्राप्त जानकारी अनुसार विदिशा जिले में जो मरीजों को भर्ती किया गया, उनके नामों में दिनांक 1.1.2023 को पांच बार एक ही नाम की (मीना) महिला का नाम गभर्वती पंजीयन में उल्लेखित है एवं जिस नंबर से एम्बुलेंस को कॉल करके बुलाया गया उसका नाम अंकित नहीं दर्शाया गया है। ऐसे एक नहीं कई मामले सामने आ रहे हैं। सिर्फ विदिशा जिले में जेएईएस एम्बुलेंस द्वारा लगभग प्रतिदिन 160 से 200 व्यक्तियों के नाम दर्ज है, जिसमें 80 प्रतिशत से ज्यादा गभर्वती महिलाओं के पंजीयन दर्ज होना दर्शाया गया है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जय अम्बे एमरजेंसी सर्विसेज (जेएईएस) को किलोमीटर के आधार पर भुगतान किया जा रहा है, जेएइएस द्वारा लगभग 1950 एम्बुलेंस प्रदेश भर में संचालित की जा रही है, प्रतिदिन लगभग 38 एम्बुलेंस हर जिले में औसतन संचालित हो रही है, बिल भगुतान के अनुमान पर जेएइएस द्वारा एम्बुंलेस की रनिंग औसतन 300 किलोमीटर प्रतिदिन का आंकलन सामने आ रहा है। (जैसा कि प्राप्त जानकारी अनुसार मध्यप्रदेश में एक माह में 1 करोड़ 75 लाख से 2 करोड़ किलोमीटर तक एम्बुलेंस चलाई जा रही है।)

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस समस्त विभागों/प्रकोष्ठों के प्रभारी जे.पी. धनोपिया और प्रवक्ताद्वय भूपेन्द्र गुप्ता और रवि सक्सेना भी उपस्थित थे।

‘छोटा सा कार्टून कहता है बड़ी बात’ : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्टून वॉच कार्टून फेस्टिवल-2024 में हुए शामिल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2024 में शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्टून फेस्टिवल-2024 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कार्टून एक ऐसी कला जिसके द्वारा बहुत थोड़ी जगह में पूरी बात को स्पष्टता के साथ मनोरंजक और व्यंगात्मक ढंग से व्यक्त किया जाता है। छोटा सा कार्टून बड़ी बात कहता है। कभी-कभी सम्पादकीय में जिस बात को आधे पेज में लिखा जाता है, उसे सिर्फ एक कार्टून के माध्यम से व्यक्त कर दिया जाता है ।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्टून फेस्टिवल में इंदौर के कार्टूनिस्ट इस्माइल लहरी को कार्टून क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने कार्टून फेस्टिवल में संत तुलसीदास के दोहों पर आधारित कार्टून पुस्तक ‘तुलसी सुगन्ध’ का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस कार्टून फेस्टिवल में शामिल होना मेरे लिए बहुत आनन्द का विषय है। यह बहुत खुशी की बात है कि कार्टून वॉच परिवार लगातार 28 वर्षों से कार्टून के क्षेत्र में कार्य को कर रहा है। त्रयम्बक शर्मा कार्टून की पूरी मैगज़ीन निकाल रहे हैं, जो कि बहुत बड़ी बात है। इसके लिए मैं कार्टून वॉच परिवार को बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा कि कार्टून वॉच मैगज़ीन के 28 साल की सतत यात्रा रही है। कार्टून एक ऐसा माध्यम जो समाज को आईना दिखाता है। कार्टून कभी गुदगुदाता है तो कभी ऐसी कड़वी दवाई की तरह होता है, जिसका परिणाम अच्छा होता है। कार्टूनिस्ट देश की परिस्थिति को कलम से अभिव्यक्त करता है। वह समाज को नई दिशा देता है । कार्टून और एनिमेशन समाज के सभी वर्गों को प्रभावित करते हैं।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कार्टूनिस्ट त्रयम्बक शर्मा ने कार्टून की विधा को जिंदा रखा है। वे कार्यक्रम के जरिये नई पीढ़ी तक कार्टून को पहुंचा रहे हैं ।

इस मौके पर कार्टून विधा से जुड़े डॉ के सी पन्त और मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, डॉ हिमांशु द्विवेदी, इस्माइल लहरी, कार्टून वॉच के सम्पादक त्रयम्बक शर्मा सहित कई कार्टूनिस्ट और साहित्य-कला क्षेत्र से गणमान्य-जन उपस्थित रहे।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली लौटे पेरिस पैरालंपिक 2024 के भारतीय दल को सम्मानित किया

केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे के साथ कल भारतीय पैरालंपिक दल के शेष सदस्यों के नई दिल्ली लौटने पर उन्‍हें सम्मानित किया। दोनों मंत्रियों ने पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलों में खिलाडि़यों की बेमिसाल उपलब्धियों का गुणगान करते हुए उनको हार्दिक बधाई दी।

डॉ. मनसुख मांडविया ने खिलाडि़यों को संबोधित करते हुए बताया कि उनकी उप‍लब्यिों से पूरे देश ने गर्व और प्रसन्‍नता महसूस की है। उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया कि भारत सरकार खिलाडि़यों और प्रशिक्षकों की पूरी तरह से सहायता करना जारी रखेगी और यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी कि वे अपनी उच्चतम क्षमता तक पहुंचें। उन्होंने खिलाडि़यों को भविष्य के पैरालिंपिक के लिए दृढ़ निश्‍चय की भावना और पक्‍के इरादे के साथ तैयारी करने के लिए भी प्रेरित किया।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि पेरिस पैरालिंपिक में 84 प्रतिभागियों में से 50 को लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (टीओपीएस) के माध्यम से सहायता प्रदान की गई, जबकि अन्य प्रतिभागी खेलो इंडिया कार्यक्रम, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) या अन्य सरकारी सहायता पहलों के लाभार्थी थे।

हाल के वर्षों में भारत के प्रदर्शन पर गौर करते हुए उन्होंने देश की महत्वपूर्ण प्रगति को रेखांकित दिया, जो पैरालंपिक खेलों में जीते गए पदकों की संख्या में परिलक्षित होती है। उन्होंने गर्व के साथ इस बात का उल्लेख किया कि भारत ने पेरिस 2024 पैरालिंपिक में 29 पदक हासिल किए, जबकि टोक्यो 2020 पैरालिंपिक में 19 पदक हासिल किए थे, जो महत्वपूर्ण प्रगति है।

डॉ. मांडविया ने भारत की अब तक की सबसे अधिक दोहरी पोडियम फिनिश सहित पेरिस 2024 पैरालिंपिक में हासिल कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को भी रेखांकित किया, जिनमें पांच ऐसी फिनिश शामिल हैं। उन्होंने पैरालिंपिक के संस्करणों में निरंतर पदक जीतने वाले 11 खिलाडि़यों द्वारा लगातार दर्शाये गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की। इसके अतिरिक्त, 12 नवोदित खिलाडि़यों ने अपने पहले पैरालिंपिक पदक जीतकर प्रभावशाली छाप छोड़ी। इस आयोजन में एक विश्व रिकॉर्ड और चार पैरालिंपिक रिकॉर्ड सहित पांच नए रिकॉर्ड भी स्थापित हुए।

पैरा-खिलाडि़यों की सहायता के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाते हुए डॉ. मांडविया ने बताया कि पैरा-खिलाडि़यों और उनके निजी प्रशिक्षकों की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सहायक कर्मचारियों का आवंटन मानक 30 प्रतिशत की सीमा को पार कर 100 प्रतिशत से अधिक हो गया है।

उन्होंने गर्व के साथ यह भी घोषणा की कि पेरिस 2024 पैरालिंपिक में भारतीय खिलाडि़यों की ऐतिहासिक भागीदारी देखी गई, जिसमें 46 खिलाडि़यों ने पहली बार भाग लिया और रिकॉर्ड संख्या में 32 भारतीय महिला खिलाडि़यों ने खेलों में भाग लिया।

आज उपस्थित 17 पदक विजेताओं में: पैरा खिलाड़ी – स्वर्ण पदक विजेता: नवदीप, धरमबीर, सुमित अंतिल, प्रवीण कुमार; रजत पदक विजेता: योगेश कथुनिया, निषाद कुमार, शरद कुमार, अजीत सिंह, सचिन खिलाड़ी; कांस्य पदक विजेता: प्रीति पाल, मरियप्पन, होकाटो सेमा, सुंदर सिंह गुर्जर और सिमरन शर्मा। पैरा-तीरंदाजी – हरविंदर सिंह (स्वर्ण) और शीतल देवी (कांस्य) और पैरा-जूडो से कपिल परमार (कांस्य) शामिल रहे।

गरीबों का हर तरह से उत्थान मोदी सरकार का परम लक्ष्य – केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह

केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल शाम दिल्ली में राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमशेदपुर (झारखंड) में 15 सितंबर को महत्वाकांक्षी पीएम आवास योजना के लाखों लाभार्थियों को 2,745 करोड़ रु. की किस्त जारी करेंगे, साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 में सभी लक्षित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्रों का वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता होगी, वहीं लाखों लोग आनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे, जिन्हें कार्यक्रम की तैयारी के लिए शिवराज सिंह चौहान ने दिशा-निर्देश दिए, वहीं राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों ने योजना के कार्यक्रम में पूर्ण सहभागिता का संकल्प जताया। बैठक में शिवराज सिंह ने कहा कि देश के हमारे गरीब भाइयों-बहनों का हर तरह से उत्थान मोदी सरकार का परम लक्ष्य, जिसकी प्राप्ति की दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना एक अहम कदम है। यह योजना काफी सफलता के साथ आगे बढ़ी है। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में ग्रामीण विकास मंत्रालय ने लक्ष्य हासिल किया है, साथ ही योजना की सफलता व ग्रामीण घरों की आवश्यकता को महसूस करते हुए योजना का विस्तार किया गया है और गरीब वर्ग के लिए गले 5 वर्षों में 2 करोड़ अतिरिक्त आवासों का निर्माण मोदी सरकार करेगी। प्रधानमंत्री का संकल्प हैं कि हर गरीब का अपना घर हो।

केंद्रीय मंत्री शिवराज ने कहा कि मार्च 2024 तक 2.95 करोड़ आवासों के निर्माण का लक्ष्य था, जिसमें से लगभग सभी घर स्वीकृत किए जा चुके हैं, 2.65 करोड़ घर पूर्ण भी हो चुके हैं। चौहान ने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान अब तक में पूर्ण किए गए घरों वाले 26 लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश प्रधानमंत्री के मुख्य आतिथ्य में 15 सितंबर को होगा, साथ ही इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी पीएमएवाई-जी लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे। आने वाले अगले 5 वर्षों में 2 करोड़ अतिरिक्त आवासों का निर्माण किया जाएगा। 2 करोड़ नए घर 3.06 लाख करोड़ रु. से ज्यादा लागत से बनाए जाएंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कोई भी पात्र परिवार इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसलिए योजना के नियमों को सरल करते हुए संशोधित कर दिया गया है। एक्सक्लूशन क्राइटेरिया जैसे मोटर चालित दोपहिया और मछली पकड़ने वाली नाव, रेफ्रीजिरेटर, लैंडलाइन फ़ोन को हटा दिया गया है। इसके अलावा, परिवार के किसी सदस्य की मासिक आय की सीमा को 10 हजार रु. से बढ़ाकर 15 हजार रु. कर दिया गया है। साथ ही, भूमि के मालिकाना हक से संबंधित एक्सक्लूशन क्राइटेरिया का भी सरलीकरण किया गया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने सभी राज्यों के विचारों एवं सभी सहभागियों से परामर्श करके निर्णय लिया है कि ग़ैर ज़रूरी शर्तों को हटाया जाएं, जिससे सभी के लिए आवास के उद्देश्य को सच मायने में साकार किया जा सके।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि ग्रामीण भारत के उत्थान की दिशा में ग्रामीण विकास मंत्रालय का लक्ष्य केवल आवास देना ही नहीं, बल्कि आवास के साथ मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत लाभार्थियों को MGNREGA के तहत अपने घर बनाने के लिए 90-95 दिनों की मजदूरी का भी लाभ दिया जाता है एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं जैसे स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, और सौभाग्य योजना से समन्वय कर आवासों में शौचालय, रसोई गैस और बिजली की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना से समन्वय करके लाभार्थियों को सोलर रूफ टॉप का कनेक्शन देकर उनके बिजली बिल को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इस योजना के तहत बनने वाला हर घर एक संपूर्ण आवास है, एक सुविधा संपन्न आवास। सही मायने में यह योजना, ग़रीबी मुक्त गांव एवं विकसित भारत की आधारशिला साबित होगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय किसी भी तरह की सहायता एवं समस्या निदान के लिए सतत प्रयासरत एवं उपलब्ध है, जिससे राज्य बिना विलंब किए कार्यों को सफलतापूर्वक संपादित कर सके। उन्होंने इस योजना में सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...