जीएसटी परिषद ने कैंसर की दवाओं पर जीएसटी दर 12% से घटाकर 5% करने का निर्णय लिया

केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में नई दिल्ली में 54वीं जीएसटी परिषद की बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, गोवा और मेघालय के मुख्यमंत्री; अरुणाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री; राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (विधानसभा वाले) के वित्त मंत्रियों और वित्त मंत्रालय और राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

परिषद ने कैंसर की दवाओं पर जीएसटी की दर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी है। चुनिंदा नमकीन पर जीएसटी 18 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी किया गया। इस मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि कैंसर की दवाओं पर जीएसटी दर कम करने के निर्णय का उद्देश्य कैंसर के उपचार की लागत कम करना है।

वित्त मंत्री ने कहा कि दरों को युक्तिसंगत बनाने पर गठित मंत्री समूह (जीओएम) और रियल एस्टेट पर गठित जीओएम ने अपनी स्थिति रिपोर्ट को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग और कैसीनो पर स्थिति प्रस्तुत की गई है। उन्होंने कहा कि 6 महीनों में ऑनलाइन गेमिंग से राजस्व 412 फीसदी बढ़कर 6909 करोड़ रुपये हो गया है।

वित्त मंत्री सीतारमण ने सुषमा स्वराज भवन में जीएसटी परिषद की 54वीं बैठक के बाद संबोधित करते हुए यह बात कही। वित्त मंत्री ने कहा कि जीएसटी परिषद ने कैंसर की दवाओं पर जीएसटी की दर को 12 फीसदी से घटाकर पांच फीसदी किया है, जबकि नमकीन पर जीएसटी 18 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी करने की सिफारिश की गई है। उन्‍होंने कहा कि अब केंद्र और राज्य से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटीज और रिसर्च सेंटर को ग्रांट लेने पर जीएसटी नहीं चुकाना होगा।

वित्त मंत्री ने आगे कहा कि परिषद की बैठक में दो नए मंत्रियों का समूह (जीओएम) गठित किया गया है। इसमें एक जीएमओ चिकित्सा और स्वास्थ्य बीमा पर गठित किया गया है। ये जीओएम बिहार के उप-मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दर युक्तिकरण जीओएम होगा लेकिन इस सीमित उद्देश्य के लिए नए सदस्यों को जोड़ा जाएगा। उन्‍होंने कहा कि हमने उनसे कहा है कि वे इस मामले को देखेंगे और अक्टूबर 2024 के अंत तक एक रिपोर्ट लेकर आएंगे। नवंबर में होने वाली जीएसटी परिषद इस रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लेगी जो कि जीओएम से आएगी।

उन्होंने कहा कि मार्च 2026 के बाद आने वाले क्षतिपूर्ति उपकर के मुद्दे पर विचार करने के लिए भी मंत्री समूह का गठन किया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि आईजीएसटी (एकीकृत जीएसटी) पर अतिरिक्त सचिव (राजस्व) की अध्यक्षता में सचिवों की एक समिति बनाई जाएगी। इसमें वर्तमान में असंतुलन की स्थिति है। यह राज्यों से राशि वापस लेने के तरीकों पर गौर करेगी।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी दिग्विजय की धूर्त मानसिकता को दर्शाता है – डॉ. कैलाश जाटव

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने मंगलवार को पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने हमारे प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के संबंध में जो अमर्यादित टिप्पणी की है, उनकी धूर्त मानसिकता को दर्शाता है। उनकी इस टिप्पणी को लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। इसके विरोध में हमने सोमवार को पूरे प्रदेश में दिग्विजय सिंह का पुतला दहन किया था। दिग्विजय सिंह वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। अनुसूचित जाति मोर्चा ने कल जो विरोध किया था, वह सीमित था लेकिन अगर दिग्विजय सिंह नहीं सुधरते हैं तो मोर्चा प्रदेश की सभी 26892 दलित बस्तियों में जाकर उनका पुतला दहन तथा विरोध प्रदर्शन करेगा और उन्होंने जो बातें कही हैं, उन्हें घर-घर तक पहुंचाएगा। डॉ. जाटव ने मांग की कि दिग्विजय सिंह अपने अभद्र शब्दों के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से माफी मांगें, नहीं तो अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश की हर दलित बस्ती में विरोध करेगा।

भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि कांग्रेस नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस समय अपनी उम्र के आखिरी पड़ाव पर हैं, लेकिन इस उम्र में भी उनके दिमाग में नए-नए फितूर चलते रहते हैं। दिग्विजय सिंह राजनीति में अप्रासांगिक हो चुके हैं और हाशिए पर आ चुके हैं। ऐसे में वे समय-समय पर अपने तरीके से प्रसिद्धि प्राप्त करने के लिए और चर्चा में बने रहने के लिए कुछ भी बयान देते रहते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने जो बयान दिया है, वह उनकी धूर्त मानसिकता को दर्शाता है।

डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने एक बयान दिया है कि देश में सरकारी नौकरियों में मुसलमानों की बहुत कमी है और इसके लिए अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग का जो आरक्षण है, वह दोषी है। जाटव ने कहा कि देश में आजादी के बाद लगभग 65 वर्षों तक कांग्रेस की ही सरकारें रहीं, लेकिन सभी जानते हैं कि कांग्रेस ने दलितों के लिए कुछ नहीं किया। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति का जो कोटा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने तय किया था, उस कोटे का क्या हुआ?

जाटव ने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति और जनजाति के साथ तो अन्याय किया ही, मुस्लिमों के साथ भी ऐसा ही किया। कांग्रेस वोट के लिए उनका इस्तेमाल करती रही, लेकिन उनकी भलाई के लिए कुछ नहीं किया। उनकी शिक्षा, आर्थिक विकास, मानसिक विकास की तरफ कांग्रेस ने कभी ध्यान नहीं दिया। दिग्विजयसिंह यह बताएं कि कांग्रेस की सरकारों के समय सरकारी नौकरियों में कितने मुसलमानों को भर्ती किया गया, कितने मुसलमानों को आरक्षण दिया गया? मुसलमानों के हित में क्या काम किए गए? मुस्लिम बस्तियों में न शिक्षा के प्रयास किए गए और न ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के लिए कोई काम हुए। डॉ. जाटव ने कहा कि देश में जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, अनुसूचित जाति, जनजाति और मुस्लिमों को बिना भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रही है और भाजपा के शासन में मुसलमानों के लिए जो काम किए गए हैं, वो बीते 70 सालों में नहीं हुए थे।

इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी, राजपाल सिंह सिसोदिया एवं अजा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी इंजी. सूरज खरे उपस्थित रहे।

मेडिकल कॉलेज सागर में सीटों की वृद्धि से बुंदेलखण्ड के छात्रों को होगा लाभ : खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत

मेडिकल कॉलेज सागर में पीजी और यूजी सीटों में बढ़ोतरी को मंगलवार को कैबिनेट द्वारा मंजूरी प्रदान कर दी गई। साथ ही मेडिकल कॉलेज सागर में पीजी एवं यूजी सीट की वृद्धि हेतु जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में हस्तांतरित करने की भी मंजूरी दी गई। कैबिनेट में पारित हुए इस निर्णय की जानकारी देते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया कि सागर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस दाखिले के लिए 125 सीटें वर्तमान में हैं, जिसे बढ़ाकर 250 करने की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा सागर मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में पीजी कोर्स में एडमिशन के लिए 60 सीटें उपलब्ध हैं, जिसे बढ़ाकर 98 किया जा रहा है।

गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया कि राज्य शासन ने बुन्देलखण्ड मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि के लिए लगभग 200 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। खाद्य मंत्री राजपूत ने बताया कि मेडिकल कॉलेज सागर में पीजी और यूजी सीट में सीट वृद्धि के लिए आवश्यक मानव संसाधन जैसे चिकित्सा संवर्ग के अधिकारी, गैर चिकित्सा संवर्ग के अधिकारी, रिसर्च स्टॉफ आदि की भी व्यवस्था की जा रही है।

मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस एवं पीजी की सीटों में वृद्धि के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन की शर्तों के अनुसार 900 बेड का अस्पताल आवश्यक है। वर्तमान में बुन्देलखण्ड मेडिकल कॉलेज सागर में 750 बेड का अस्पताल है और इसी से लगे हुए जिला चिकित्सालय में 300 बेड उपलब्ध हैं। इसलिए जिला अस्पताल को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में हस्तांतरित करने से मेडिकल कमीशन की शर्त पूरी हो जायेगी। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में 100 बेड का मेटरनिटी अस्पताल का निर्माण भी चल रहा है। राजपूत ने बताया कि इस प्रयास के बाद मेडिकल कॉलेज सागर में कुल 1150 बेड का अस्पताल उपलब्ध हो जायेगा।

सागर के बुन्देलखण्ड अस्पताल में पीजी और एमबीबीएस सीटों में बढ़ोतरी को सरकार द्वारा कैबिनेट से मंजूरी प्रदान करने पर राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पूरी कैबिनेट का आभार जताते हुए कहा कि बुन्देलखण्ड मेडिकल कॉलेज में सीटों की वृद्धि से सागर तथा सम्पूर्ण बुन्देलखण्ड क्षेत्र के मेडिकल छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सहृदयता पर आभार व्यक्त करने हुए खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से आने वाले समय में सागर सहित सम्पूर्ण बुन्देलखण्ड क्षेत्र में विकास और बदलाव की एक नई तस्वीर उभरकर सामने आयेगी।

भारत 25 से 30 नवंबर तक नई दिल्‍ली में वैश्विक सहकारी सम्‍मेलन का आयोजन करेगा

अंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन (ICA) महासभा और वैश्विक सहकारी सम्मेलन 2024 का आयोजन 25 नवंबर से 30 नवंबर, 2024 तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में किया जाएगा। वैश्विक सहकारी आंदोलन के लिए प्रमुख निकाय, अंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन (ICA) के 130 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा कि ICA महासभा और वैश्विक सहकारी सम्मेलन का आयोजन भारत द्वारा किया जा रहा है। कल नई दिल्ली में केंद्रीय सहकारिता सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी, ICA के महानिदेशक हेरोन डगलस और इफको लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. यू.एस. अवस्थी द्वारा एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन कार्यक्रमों का विवरण दिया गया।

इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है “Cooperatives Build Prosperity for All”, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण ‘सहकार से समृद्धि’ के अनुरूप है। सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष – 2025 का आधिकारिक शुभारंभ भी होगा। इस कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष – 2025 पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। सम्मेलन में भारतीय गांवों की थीम पर बने ‘हाट’ में भारतीय सहकारिता के उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भारत में सहकारिता के आंदोलन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया। डॉ. भूटानी ने कहा कि सहकारी समितियों के वैश्विक संख्या का एक-चौथाई हिस्सा भारत में है, चाहे, सदस्यों की दृष्टि से या समितियों की संख्या की दृष्टि से हो । उन्होंने बताया कि भारतीय सहकारी क्षेत्र ने सहकारी आंदोलन के विकास और वृद्धि के लिए सहकारिता मंत्रालय की 54 नई पहलों के शुभारंभ के साथ राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में अधिक योगदान प्राप्त करते हुए नई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। डॉ. भूटानी ने कहा कि भारतीय सहकारी प्रणाली में सबसे बड़ा परिवर्तन पैक्स मॉडल उपनियमों का कार्यान्वयन था । डॉ. भूटानी ने कहा कि चाहे वह पैक्स का कम्प्यूटरीकरण हो या सहकारिता क्षेत्र में तीन नई सहकारी समितियों का गठन, जैसे राष्ट्रीय सहकारी जैविक लिमिटेड (NCOL), राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड (NCEL) और भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) या अन्य पहल, इन सबने भारत को वैश्विक सहकारिता आंदोलन में सबसे आगे रखा है और भारत सबसे तेजी से बढ़ते सहकारी क्षेत्रों में से एक बन गया है। डॉ. भूटानी ने कहा कि नई दिल्ली में इस अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के आयोजन से “सहकार से समृद्धि” का विचार अब पूरे विश्व में फैलेगा।

ICA के महानिदेशक हेरोन डगलस ने आयोजित होने जा रहे सम्मेलन के भारत में होने के महत्व पर जोर देकर कहा कि भारत ICA का संस्थापक सदस्य रहा है। सहकारिता मंत्रालय और इफको तथा अन्य सहकारी समितियों की भूमिकाओं पर प्रकाश डालते हुए श्री डगलस ने कहा कि भारत वैश्विक सहकारी आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने इफको को एक महत्वपूर्ण भागीदार बताया, जिसकी रैंकिंग लगातार तीन वर्षों से विश्व सहकारी मॉनिटर में नंबर 1 है। डगलस ने कहा कि दुनिया में लगभग 3 मिलियन सहकारी समितियां हैं, जिनमें संयुक्त राष्ट्र के लगभग सभी सदस्य देशों के एक अरब से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि scalability of sustainability के संदर्भ में, सहकारी आंदोलन सभी में सबसे अधिक sustainable और टिकाऊ मॉडल साबित होता है। 200 वर्षों के ट्रैक रिकॉर्ड में इसने मानवता के आठवें हिस्से से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई है और वर्तमान में देश में सहकारी समितियों की संख्या और उनके विस्तार की संभावनाओं के मामले में भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है। हेरोन डगलस ने कहा कि दुनिया एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां दुनिया का संकटों की एक श्रृंखला से सामना हो सकता है। जलवायु संकट, जैव विविधता संकट और कई अन्य। उन्होंने कहा कि सहकारिता के मॉडल के माध्यम से हम अपनी सारी समस्याओं का समाधान पा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता के सिद्धांतों के माध्यम से, लोकतांत्रिक रूप से उद्यमों को अपने सदस्यों के बीच उचित मूल्य वितरण के साथ, लिंग, जातीयता, देश, उम्र की परवाह किए बिना हर भागीदार के लिए खुलापन, और सहकारी समितियों के बीच सहयोग की मूल्य प्रणाली, समुदायों का ख्याल रखते हुए, दुनिया अपनी मौजूदा समस्याओं का समाधान पा सकती है।

इफको लिमिटेड के एमडी डॉ. यू.एस. अवस्थी ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में इफको की सहायक कंपनी IFFDC पिछले वर्षों में कार्बन क्रेडिट अर्जित करने वाले अग्रणी फर्मों में से एक रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय सहकारिता आंदोलन हमेशा से ही पर्यावरण की रक्षा के लिए सांस्कृतिक रूप से प्रेरित रहा है और भारतीय सहकारिता आंदोलन की इसी विरासत को जारी रखते हुए यह आयोजन कार्बन न्यूट्रल होगा। डॉ. अवस्थी ने कहा कि संभावित कार्बन उत्सर्जन की भरपाई के लिए दस हजार पीपल के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने पीपल के वृक्षारोपण की संख्या बढ़ाने में केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह की भूमिका पर जोर दिया। डॉ. अवस्थी ने बताया कि कार्बन न्यूट्रैलिटी हासिल करने के लिए लगभग 4000 पेड़ लगाने की जरूरत है, लेकिन सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सभी की भलाई के लिए 10,000 पेड़ लगाने पर जोर दिया और वह भी पीपल के पेड़ जो अच्छे कार्बन अवशोषक हैं।

इस कार्यक्रम में भूटान के माननीय प्रधानमंत्री, संयुक्त राष्ट्र आर्थिक परिषद (यूएन ईसीओएसओसी) के अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन के अध्यक्ष, संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि, आईसीए सदस्य, भारतीय सहकारी आंदोलन के प्रमुख तथा 100 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 1500 प्रतिष्ठित अतिथियों के भाग लेने की उम्मीद है।

देश में एमपॉक्स के पहले मामले की पुष्टि, मरीज की हालत स्थिर, लोगों को तत्काल कोई खतरा नहीं

पहले संदिग्ध माने गए एमपॉक्स (मंकीपॉक्स) मरीज को यात्रा-संबंधी संक्रमण के रूप में सत्यापित किया गया है। प्रयोगशाला परीक्षण में मरीज में पश्चिम अफ़्रीकी क्लैड 2 एमपॉक्स वायरस की पुष्टि हुई है। यह मामला एक अलग मामला है जो जुलाई 2022 के बाद से भारत में रिपोर्ट किए गए पहले के 30 मामलों के जैसा ही है और यह वर्तमान सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (डब्ल्यूएचओ द्वारा रिपोर्ट किया गया) का हिस्सा नहीं है जो एमपॉक्स क्लैड 1 के बारे में है।

इस युवा पुरुष ने हाल ही में एमपॉक्स प्रभावित देश की यात्रा की थी। वर्तमान में उसे एक निर्दिष्ट देखभाल पृथकवास सुविधा में रखा गया है। मरीज की हालत स्थिर है और उसे कोई भी गंभीर बीमारी या सह-रुग्णता नहीं है।

यह मामला पहले के जोखिम आकलन के अनुरूप है और मरीज का स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया जा रहा है। स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए, संपर्कों का पता लगाने और निगरानी सहित सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय लागू किए गए हैं। इस समय लोगों के लिए किसी खतरे का कोई संकेत नहीं है।

दरअसल, पहले संदिग्ध माने गए एमपॉक्स मरीज को यात्रा-संबंधी संक्रमण के रूप में सत्यापित किया गया है। लैब परीक्षण में मरीज में पश्चिम अफ्रीकी क्लैड 2 एमपॉक्स वायरस की पुष्टि हुई है। यह मामला एक अलग मामला है जो जुलाई 2022 के बाद से भारत में रिपोर्ट किए गए पहले के 30 मामलों के जैसा ही है और यह वर्तमान सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (डब्ल्यूएचओ द्वारा रिपोर्ट किया गया) का हिस्सा नहीं है जो एमपॉक्स क्लैड 1 के बारे में है।

जानकारी के मुताबिक इस युवा ने हाल ही में एमपॉक्स प्रभावित देश की यात्रा की थी। वर्तमान में उसे एक निर्दिष्ट देखभाल आइसोलेशन सुविधा में रखा गया है। मरीज की हालत स्थिर है और उसे कोई भी गंभीर बीमारी नहीं है। यह मामला पहले के जोखिम आकलन के अनुरूप है और मरीज का स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया जा रहा है। स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए, संपर्कों का पता लगाने और निगरानी सहित सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय लागू किए गए हैं। इस समय लोगों के लिए किसी खतरे का कोई संकेत नहीं है।

एम्स एसओपी के अनुसार मंकीपॉक्स एक वायरल बीमारी है, जिसमें चेचक के रोगियों जैसे लक्षण देखे जाते हैं। हालांकि ये नैदानिक रूप से कम गंभीर है। इस रोग के इलाज के लिए एम्स के आपातकालीन विभाग में ऐसे मामलों से निपटने के लिए आवश्यक कदमों का उल्लेख किया गया है। प्रोटोकॉल के अनुसार आगमन पर बुखार, दाने या पुष्टि किए गए मंकीपॉक्स मामलों के संपर्क के इतिहास वाले रोगियों को तत्काल मूल्यांकन के लिए चिह्नित किया जाना चाहिए। मंकी पॉक्स के लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, पीठ दर्द, सूजन लिम्फ नोड्स, ठंड लगना, थकावट और विशेषता त्वचा के घाव शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंकी पॉक्स के मरीजों के इलाज के लिए सफदरजंग, लेडी हार्डिंग और राम मनोहर लोहिया अस्पताल को नोडल अस्पताल बनाया गया है। इन अस्पतालों में पांच पांच बेड मंकी पॉक्स के लिए चिह्नित किए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद-बिन-मोहम्मद-बिन-जायद-अल-नाहयान से बातचीत की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बातचीत की। दोनों नेताओं ने बहुआयामी भारत-संयुक्‍त अरब अमीरात-यूएई संबंधों के बीच नए उभरते क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने के अवसरों पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने भारत-संयुक्त अरब अमीरात मैत्री को बढ़ाने के लिए शेख खालिद के जुनून की सराहना की। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, “अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का स्वागत करते हुए खुशी हुई। हमने कई मुद्दों पर सार्थक बातचीत की। भारत-संयुक्त अरब अमीरात मैत्री को मजबूत करने के लिए उनका जुनून साफ ​​दिखाई देता है।”

इस बातचीत में पांच समझौतों पर हस्‍ताक्षर हुए हैं। इनमें बाराकाह परमाणु संयंत्र के संचालन और देखरेख के संबंध में अमीरात न्‍यूक्लियर एनर्जी कंपनी और न्‍यूक्लियर पॉवर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमि‍टेड के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर शामिल हैं। इस दौरान अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी और इंडिया ऑयल कॉर्पोरेशन के बीच दीर्घ कालीन प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को लेकर समझौता हुआ। क्राउन प्रिंस ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले, कल शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के रूप में अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। वह आज मुम्‍बई में एक बिजनेस फोरम में भाग लेंगे। भारत और यूएई के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, निवेश, संपर्क, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्रों में साझेदारी और मजबूत हुई है। क्राउन प्रिंस की यात्रा से भारत-यूएई द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे तथा नए उभरते क्षेत्रों में साझेदारी की नई संभावनाएं पैदा होंगी। वर्ष 2022-23 में भारत-यूएई व्यापार 85 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। जो कि यूएई को चीन और अमरीका के बाद भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्‍यापारिक साझेदार बनाता है।

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में टीएल बैठक संपन्न, अतिक्रमण हटाने का अभियान जल्द शुरू होगा

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अधिकतम मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित करें। खासतौर पर 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए,अगले दो दिनों में राजस्व अधिकारी इनका निपटारा करने पर विशेष ध्यान देंगे। इसके साथ उन्होंने राजस्व अभियान में प्राप्त प्रगति को जारी रखने के निर्देश दिये।

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने निर्देश दिये कि अगले 15 दिवस स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा जिसके अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी नगर निगम एवं जिला पंचायत विस्तृत कार्य योजना तैयार कर तत्काल प्रस्तुत करें। साथ ही एक डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटी का गठन किया जाएगा। जिसके अंतर्गत जिले में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मास मूवेंट में चलाया जाएगा।

अतिक्रमण हटाने का वृहद अभियान बरसात के बाद कलेक्टर ने कहा कि बरसात के बाद भोपाल जिले में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर अतिक्रमण का चिन्हांकन करने और अगले 7 दिनों में विस्तृत योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य भोपाल को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाना है।

विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान बैठक के दौरान कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति अद्यतन रखें। इसके साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत लगाए गए पौधों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए ताकि थर्ड पार्टी ऑडिट हो सके। जिले में स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया ताकि शासन की योजनाओं का लाभ जनता तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस महामहिम शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने आज राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति भवन में संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व की तीसरी पीढ़ी का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है, जो उच्च स्तरीय जुड़ाव की एक लंबी परंपरा को जारी रखती है जो संयुक्त अरब अमीरात के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप है।

राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण पिछले एक दशक में हमारे ऐतिहासिक लेकिन दूरदर्शी द्विपक्षीय संबंधों में बदलाव आया है। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि क्राउन प्रिंस की यात्रा के दौरान, हमने सहयोग के नए क्षेत्रों में कई समझौतों के माध्यम से इस साझेदारी का और विस्तार किया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में 35 लाख से अधिक भारतीय नागरिक रहते हैं, जिससे लोगों का आपसी संबंध इस रिश्ते का आधार बनता है। उन्होंने उनके कल्याण को सुनिश्चित करने, विशेष रूप से कोविड महामारी के कठिन समय के दौरान की गई विशेष देखभाल के लिए यूएई नेतृत्व की सराहना की।

दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात में एक समन्वित एवं बहुसांस्कृतिक विरासत वाले समाज हैं, और महात्मा गांधी एवं महामहिम शेख जायद द्वारा दिखाए गए शांति, सहिष्णुता और सद्भाव का मार्ग हमारे राष्ट्रीय चरित्र में गहराई से समाहित है।

राष्ट्रपति ने महिलाओं की अमीरात समाज के सभी पहलुओं में उच्च भागीदारी और योगदान को लेकर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हमारे दोनों देशों ने प्रदर्शित किया है कि “महिलाओं के नेतृत्व वाला विकास” समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए अधिक प्रभावी परिणाम दे सकता है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को सर्वसम्मति से पुनः संसदीय राजभाषा समिति का अध्यक्ष चुना गया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को सर्वसम्मति से पुनः संसदीय राजभाषा समिति का अध्यक्ष चुन लिया गया है। नई सरकार के गठन के पश्चात, संसदीय राजभाषा समिति के पुनर्गठन के लिए आज नई दिल्ली में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री को समिति का अध्यक्ष चुना गया। वर्ष 2019 से 2024 के दौरान भी अमित शाह समिति के अध्यक्ष थे। गृह मंत्री ने सर्वसम्मति से पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर संसदीय राजभाषा समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने सम्बोधन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्षों से हम राजभाषा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं, लेकिन विगत 10 वर्षों में इसके तरीके में थोड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि के एम मुंशी और एन जी आयंगर ने बहुत सारे लोगों से विचार-विमर्श करके ये तय किया था कि हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकार करने और इसे सरकारी कामकाज में आगे बढ़ाने के क्रम में किसी भी स्थानीय भाषा के साथ हिंदी की स्पर्धा न हो।

अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद विगत 10 वर्षों में समिति ने लगातार यह प्रयास किया है कि हिंदी सभी स्थानीय भाषाओं की सहेली बने और इसकी किसी से कोई स्पर्धा न हो। उन्होंने कहा कि हमें इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि किसी भी स्थानीय भाषा के बोलने वालों के मन में हीनभावना न आए और हिंदी सामान्य रूप से सर्वसम्मति व सहमति से कामकाज की भाषा के रूप में स्वीकृत हो।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज़ादी के 75 वर्षों के बाद ये बहुत ज़रूरी है कि देश का शासन देश की भाषा में चले और हमने इसके लिए कई प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि हमने शब्दकोष का निर्माण किया और शिक्षा विभाग को साथ लेकर भारत की स्थानीय भाषाओं से हज़ारों शब्द हिंदी में जोड़ने का काम किया। कई ऐसे शब्द थे जिनका पर्याय हिंदी में उपलब्ध नहीं था, हमने अन्य भाषाओं से अनेक शब्दों को स्वीकार कर न सिर्फ हिंदी को समृद्ध किया और इसे लचीली बनाया बल्कि उस भाषा और हिंदी के बीच के रिश्ते को भी मज़बूत करने का काम किया है।

अमित शाह ने कहा कि राजभाषा विभाग इस प्रकार का सॉफ्टवेयर बना रहा है जिससे आठवी अनुसूची की सभी भाषाओं का अपने आप तकनीकी आधार पर अनुवाद हो जाए। इस कार्य के पूरा हो जाने पर हमारे कामकाज में हिंदी की बहुत तेज़ गति से स्वीकृति और विकास होगा। उन्होंने कहा कि विगत 5 साल में हमने बहुत परिश्रम कर समिति के प्रतिवेदन के तीन बड़े खंड राष्ट्रपति जी को दिए हैं, जो पहले कभी नहीं हुआ है। गृह मंत्री ने कहा कि हमें इस गति को बरकरार रखना है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकार और स्वीकृति हमारे काम के दो मूल आधार होने चाहिएं। उन्होंने कहा कि हमें एक ऐसे लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ना है जिससे 2047 में स्वतंत्रता दिवस पर गौरव के साथ हमारे देश का संपूर्ण संचालन भारत की भाषाओं में हो। उन्होंने कहा कि हमें 1000 साल पुरानी हिंदी भाषा को एक लंबे समय तक नया आयुष्य देना, स्वीकृत बनाना और स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा हमारे सामने छोड़े गए कार्य को पूरा करने का प्रयास करना है।

गृह मंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस, लोकमान्य तिलक, महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय, राजगोपालाचारी, केएम मुंशी और सरदार पटेल आदि में से कोई भी हिंदी भाषी क्षेत्र से नहीं आते थे, लेकिन इन सभी ने इस बात को महसूस किया था कि हमारे देश की एक ऐसी भाषा होनी चाहिए जो एक राज्य और दूसरे राज्य के बीच संवाद का काम करे। इसीलिए प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा लाई गई नई शिक्षा नीति में हमने इस बात पर जोर दिया है कि बच्चे की प्राथमिक शिक्षा उसकी मातृभाषा में होनी चाहिए। जब बच्चा अपनी मातृभाषा को सीख लेता है तब वह देश की कई भाषाओं के साथ जुड़ जाता है।

अमित शाह ने कहा कि मुंशी-आयंगार समिति के तहत एक बात तय की गई थी कि हर 5 साल में एक भाषा कमीशन बनेगा जो भाषाई विविधता पर विचार करेगा, लेकिन इसे भुला दिया गया । उन्होंने कहा कि यह समिति अगले 5 साल में हमारी भाषाई विविधता को बरकरार रखेगी और हमारे बीच हिंदी की स्वीकार्यता को बढ़ाने का काम करेगी। गृह मंत्री ने कहा कि हिंदी अब एक प्रकार से रोज़गार, तकनीक के साथ जुड़ गई है और नए युग की सभी तकनीकों को हिंदी भाषा से युक्त करने के लिए भारत सरकार भी विशेष प्रयास कर रही है। नई शिक्षा नीति में सभी मातृभाषाओं को महत्व देने का संकल्प लिया गया है उसे ये समिति बहुत आगे बढ़ाएगी। अमित शाह ने कहा कि हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकृति मिलने के बाद यह 75वां वर्ष है और इस उपलक्ष्य में दिल्ली के भारत मंडपम में एक बहुत बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। संसदीय राजभाषा समिति का गठन राजभाषा अधिनियम, 1963 की धारा 4 के उपबंधों के अंतर्गत वर्ष 1976 में किया गया था। समिति में 30 संसद सदस्य होते हैं जिसमें 20 लोक सभा और 10 राज्य सभा सदस्य होते हैं।

बैठक में संसदीय राजभाषा समिति के लिए मनोनीत किए गए राज्यसभा और लोकसभा सांसदों के साथ राजभाषा विभाग की सचिव, अंशुली आर्या के नेतृत्व में राजभाषा विभाग के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। संसदीय समिति के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष और केन्‍द्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने लोगों से बीजेपी की सदस्‍यता ग्रहण करने की अपील की

तेलंगाना के भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष और केन्‍द्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने देश की संस्‍कृति और अखंडता को बनाए रखने के लिए लोगों से भारतीय जनता पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण करने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस महीने की दो तारीख को भाजपा के राष्‍ट्र व्यापी सदस्‍यता अभियान की शुरूआत की थी।

हैदराबाद में औपचारिक रूप से कल से शुरू हुए सदस्‍यता अभियान में रेड्डी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि वे भाजपा में कम से कम सौ लोगों को भाजपा में शामिल करें। रेड्डी ने भी जारी किये गये फोन नंबर पर मिस्‍डकॉल देकर सदस्‍यता ग्रहण की।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों से जुड़े लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाने का आग्रह किया। लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश करने का हवाला देते हुए भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य और अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष डॉ के लक्ष्मण ने विपक्ष के दावे को झूठा साबित किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार, लोकसभा में अल्प बहुमत प्राप्त होते हुए बड़े निर्णय नहीं ले सकती।

भाजपा उपाध्यक्ष और महबूबनगर से सांसद, डी.के. अरुणा ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने कभी सत्ता की लालसा नहीं की। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के विकास के लिए राज्‍य में भाजपा की सरकार बनना आवश्‍यक है।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...