मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज खालवा में करेंगे जनजातीय विद्यार्थियों को सम्मानित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खण्डवा जिले के खालवा में जनजातीय वर्ग के होनहार विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा प्रोत्साहन एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव राज्य सरकार की विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित होकर विदेश से पढ़ाई पूरी कर लौटे विद्यार्थियों सहित उच्च शिक्षा के लिये विदेश जाने वाले चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह भी उपस्थित रहेंगे।

राज्य सरकार की विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना की प्रारंभ तिथि से अब तक कुल 70 विद्यार्थी विदेश अध्ययन के लिये चयनित किये जा चुके हैं। इन विद्यार्थियों में से 5 विद्यार्थियों का खालवा समारोह में सम्मान किया जायेगा। इसमें भोपाल जिले के सौरभ सिंह (चयन वर्ष 2018-19) एवं इन्दौर जिले के लोकेश पड्गिल (चयन वर्ष 2021-22) का सम्मान किया जायेगा। ये दोनों विद्यार्थी विदेश में पढ़ाई पूरी कर वापस आ चुके हैं। सौरभ सिंह ने बिजनेस ऑफ होटल मैनेजमेंट स्कूल, स्विट्जरलैण्ड से एमबीए ग्लोबल मार्केटिंग का एक वर्षीय कोर्स पूरा कर लिया है। लोकेश पड्गिल ने यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्रेथक्लाईड, ग्लासगो, यूनाईटेड किंगडम (यूके) से एमएससी मार्केंटिंग का एक वर्षीय कोर्स किया है। पढ़ाई पूरी कर दोनों विद्यार्थी स्वदेश लौट चुके हैं। इसी प्रकार इंदौर जिले के दो विद्यार्थी भरत चौपड़ा एवं लारेन्स डेविड को भी मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। इन दोनों छात्रों का इसी वर्ष विदेश अध्ययन के लिए चयन हुआ है।

जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के विशेष प्रयासों से विदेश अध्ययन के लिये लंदन जाने वाले होनहार विद्यार्थी आशाराम पालवी को भी सम्मानित किया जायेगा। खंडवा जिले के गारबेडी गांव के आशाराम का इसी वर्ष विदेश अध्ययन के लिये चयन हुआ है। बेहद विषम परिस्थितियों से निकलकर अपनी पढ़ाई जारी रखने वाले आशाराम को राज्य सरकार ने छात्रवृत्ति के रूप में 35 लाख रूपये मंजूर किये हैं। आशाराम अब लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ लाईस्टर में जियोग्राफिकल इर्न्फोमेशन साईंस में एमएससी पाठ्यक्रम की पढ़ाई पूरी करेंगे। आशाराम अपने गांव का ऐसा पहला विद्यार्थी है, जो विदेश जाकर पढ़ाई करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बैतूल जिले के असाड़ी गांव के जनजातीय युवक बंटी वाड़िवा को भी विशेष रूप से सम्मानित करेंगे। करीब 27 साल के बंटी वाड़िवा ने केबीसी-16 में अपनी कुशाग्र बुद्धि से कई सवालों के सही जवाब दिये और 50 लाख रूपये जीते हैं। बंटी अपने गांव में जनजातीय आश्रम की प्रायमरी कक्षा के विद्यार्थियों को पढ़ाकर समाज सेवा कार्यों से भी जुड़े हैं।

 

संगठन पर्व में मध्यप्रदेश मॉडल बने इसकी चिंता एक-एक कार्यकर्ता को करनी होगी – अजय जामवाल

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को ग्वालियर में संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश का सबसे बड़ी राजनैतिक दल है, जिसे इंडी गठबंधन कभी परास्त नहीं कर सकता है। भाजपा के सैनिकों में सभी को परास्त करने की ताकत है। संगठन पर्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अन्य राज्यों के लिए मध्यप्रदेश मॉडल बने इसके लिए जिलों को जो लक्ष्य दिया गया है, उसको पूरा करने का प्रयास करें। बूथों को जो लक्ष्य दिए गए हैं वह पहले सप्ताह में पूरा हो जाए, इसकी चिंता सबको करनी होगी। मुझे विश्वास है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से मध्यप्रदेश सदस्यता का नया इतिहास रचेगा।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता मैदान में उतरें और लक्ष्य प्राप्त कर इतिहास बनाएं। इस समय देश-प्रदेश में वातावरण हमारे अनुकूल और उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि स्व. अटलजी ने कहा था कि भाजपा कोई दल नहीं है, एक विचार है, एक आंदोलन है। हमारा ध्येय राष्ट्र का निर्माण और जनकल्याण है। हम भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए काम करते हैं। हम एकात्म मानववाद के लिए संकल्पित और पंच निष्ठाओं के प्रति समर्पित हैं। जामवाल ने कहा कि देश में 1500 से अधिक राजनैतिक दल हैं, लेकिन भाजपा उन सभी से अलग है। इसलिए जब आप लोगों को सदस्य बनाने जाएं, तो उन्हें हमारा गौरवशाली इतिहास बताएं। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता संगठन पर्व को लेकर जुट जाएं और आपको जो लक्ष्य दिया गया है उसे पहले सप्ताह में ही पूरा करने का प्रयास करें। भाजपा का ही वह कार्यकर्ता है जो दिए गए किसी भी तरह के लक्ष्य को समय पर पूरा करता है। इसलिए आप अभी से कार्ययोजना बनाकर संगठन पर्व में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाएं।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि समाज में हर तरह के लोग रहते हैं, जिनकी समाज में बड़ी भूमिका रहती है। इसलिए पद्मश्री, पद्म विभूषण, पद्म भूषण, चिकित्सक एवं प्रोफेसर जैसे समाज के प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली लोगों और मलीन बस्तियों में भी पार्टी का सदस्य बनाकर पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करें। हमें सोशल मीडिया के माध्यम से सदस्यता अभियान का प्रचार प्रसार भी करना है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश चतुर्वेदी एवं संभाग प्रभारी विजय दुबे मंचासीन थे। बैठक में प्रदेश मंत्री केशव भदौरिया सहित संभाग के जिलाध्यक्ष एवं जिला सदस्यता प्रभारी उपस्थित रहे।

विष्णुदत्त शर्मा शहीद के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम संस्कार में हुए शामिल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा के ग्राम हरदुआ निवासी सेना के जवान प्रदीप पटेल के शहीद होने पर उनके निवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं शहीद के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिवार को ढांढस बंधाया। अंतिम संस्कार में कटनी जिले के प्रभारी मंत्री रावउदय प्रताप सिंह, प्रदेश शासन के मंत्री लखन पटेल, पूर्व मंत्री व विधायक संजय पाठक, विधायक प्रणव प्रभात पाण्डे, धीरेन्द्र बहादुर सिंह, जिलाध्यक्ष दीपक टंडन, पूर्व महापौर पीतांबर टोपनानी उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 24 वर्षीय प्रदीप पटेल कटनी जिले के हरदुआ गांव के बेटे ही नहीं मध्यप्रदेश के लाड़ले वीर सपूत थे। उनके निधन से हम सब व पूरा देश और मध्यप्रदेश स्तब्ध है। यह घटना दुःखद है, लेकिन हमें अपने देश और देश की सेना पर गर्व है और हमेशा रहेगा। शहीद वीर सपूत प्रदीप पटेल के साथ पूरी भारतीय जनता पार्टी और मध्यप्रदेश की सरकार खड़ी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि घर के इकलौते बेटे के शहीद होने से हम सब दुखी हैं, लेकिन शहीद के परिवार को मध्यप्रदेश सरकार सभी शासकीय सुविधाएं देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक करोड़ रूपए की सम्मान निधि देने की घोषणा की है। इसके साथ शहीद के परिवार को मिलने वाली अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएँ दी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि गणेश चतुर्थी भी सामाजिक समरसता, भाईचारे, एकता के वातावरण को मजबूत करने तथा उल्लास और आनंद का अवसर है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आहवान किया कि पर्यावरण-संरक्षण का ध्यान रखते हुए मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा की स्थापना करें। जबलपुर शहर में डेढ़ हजार से अधिक स्थानों पर आकर्षक रूप से सजाए पंडालों में छोटे से लेकर विशाल इको फ्रेंडली प्रतिमाएं विराजित की जा रही हैं। आगरमालवा जिले के गणेश मंदिरों पर सुबह से भीड़ देखी जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विराजे भगवान श्रीगणेश

भारतीय जनता पाटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में गणेश चतुर्थी के अवसर पर शनिवार को भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। भाजपा प्रदेश कार्यालय में विगत कई वर्षों से भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ भगवान श्रीगणेश जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीगणेश जी सभी का मंगल करें और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख समृद्धि लाएं। कार्यालय परिसर में गणेश जी की प्रतिमा स्थापना के उपरांत आरती की गई एवं प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवादास सबनानी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेंद्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष सुमीत पचौरी सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना के पूर्व प्लेटिनम प्लाजा न्यू मार्केट पहुंचकर भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा लेकर अपने निवास पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर स्थापना की।

हरविंदर सिंह पेरिस पैरालंपिक तीरंदाजी में भारत के पहले स्वर्ण पदक विजेता

हरियाणा के कैथल में 25 फरवरी, 1991 को जन्मे हरविंदर सिंह ने पेरिस 2024 पैरालंपिक में तीरंदाजी में पहले स्वर्ण पदक विजेता बनकर इतिहास रच दिया है। पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन स्पर्धा में हरविंदर ने फाइनल में पोलैंड के लुकास सिसजेक को हराया। उन्होंने सीधे सेटों में मैच जीता और चार बार लक्ष्य के केंद्र पर निशाना साधा। प्रतिष्ठित इनवैलिड्स स्थल पर मौजूद दर्शकों ने तालियाँ बजाकर हरविंदर सिंह के सटीक निशानों पर उनका उत्साहवर्धन किया।

हरविंदर का जन्म हरियाणा के अजीत नगर गांव में हुआ और यहीं से खेल जगत में उनका सफर भी शुरु हुआ। मात्र डेढ़ वर्ष की आयु में ही उन्हें डेंगू हो गया और उपचार के दुष्प्रभावों के कारण उनके पैरों में स्थायी दिव्यांगता आ गई। शुरुआत में असफलता के बावजूद, हरविंदर को लंदन 2012 पैरालंपिक प्रतिस्पर्धाएं देखने के बाद तीरंदाजी के प्रति अपने जुनून का आभास हुआ। उन्होंने साल 2017 में पैरा तीरंदाजी विश्व चैम्पियनशिप में अपना अंतर्राष्ट्रीय पदार्पण किया, जिसमें वे 7वें स्थान पर रहे।

उनको पहली बड़ी सफलता 2018 में मिली जब उन्होंने जकार्ता एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण पदक जीता और भारत के शीर्ष पैरा-तीरंदाजों में अपनी जगह पक्की की।कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान हरविंदर के पिता ने अपने खेत को तीरंदाजी रेंज में बदला जिससे उन्हें प्रशिक्षण जारी रखने के लिए आवश्यक स्थान और सहायता मिली।

पेरिस में हरविंदर की सफलता न केवल उनकी एक व्यक्तिगत उपलब्धि थी, बल्कि तीरंदाजी के खेल में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर भी थी। टोक्यो 2020 पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद हरविंदर ने अपने पदक का रंग बदलने का संकल्प लिया! यह स्वर्ण पदक हरविंदर के तीरंदाजी करियर में एक और बड़ा कदम है, इससे पहले उन्होंने 2022 में एशियाई पैरा खेलों में कांस्य पदक और 2023 एशियाई पैरा चैंपियनशिप में पुरुष टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था।

तीरंदाजी में हरविंदर की उपलब्धियां उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के पूरक हैं। वह वर्तमान में पंजाब विश्वविद्यालय, पटियाला में अर्थशास्त्र में पीएचडी की तैयारी कर रहे हैं। यह मैदान के अंदर और बाहर उनके समर्पण को दर्शाता है।

हरविंदर की सफलता को सरकार की प्रमुख पहलों से समर्थन मिला है जिसमें उपकरण, प्रशिक्षण और प्रतियोगिता व्यय के लिए वित्तीय सहायता शामिल हैं। वह सोनीपत स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) केंद्र में प्रशिक्षण लेते रहे हैं, जहां उन्हें भोजन और आवास सहित पूरी सहायता दी गई है। वह टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) के भी लाभार्थी हैं, जो उन्हें प्रतियोगिताओं के दौरान अपनी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान करती है ।

पेरिस 2024 पैरालंपिक में हरविंदर सिंह की ऐतिहासिक जीत भारतीय पैरा-तीरंदाजी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। तीरंदाजी में साधारण शुरुआत से भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता का मुकाम हासिल करने वाले हरविंदर देश भर के महत्वाकांक्षी एथलीटों के लिए भी प्रेरक उदाहरण बन गए हैं ।

राष्ट्रहित में देह समर्पित करने से बेहतर सौभाग्य कुछ नहीं – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिक्किम के पाक्योंग में शहीद हुए मध्यप्रदेश के कटनी जिले के ग्राम हरदुआ निवासी मां भारती के वीर सपूत प्रदीप पटेल की पार्थिव देह को आज खजुराहो एयरपोर्ट पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद पटेल के गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम बिदाई दी गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्र की सेवा में समर्पित शहीद प्रदीप पटेल के अद्वितीय योगदान एवं समर्पण के लिए यह देश उनका सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद पटेल के माता-पिता को राज्य शासन की ओर से एक करोड़ रूपए की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। शहीद पटेल अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, उनकी बड़ी बहन का विवाह हो चुका है और परिवार में सिर्फ माता-पिता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में राष्ट्रहित में अपनी देह समर्पित करने से बेहतर सौभाग्य कुछ नहीं होता। जन्म-मृत्यु के क्रम में देश पर शहीद होने वालों को विशेष सम्मान के साथ देखा जाता है। राज्य सरकार इस कष्ट के समय में, पीड़ा और आघात की स्थिति से गुजर रहे शहीद के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के वीर सपूत पटेल पटेल सेना के साथियों के साथ 700 मीटर गहरी खाई में गिरे। दुर्घटना में दुर्भाग्यवश सभी का देवलोक गमन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में दिवंगत उनके सभी साथियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर उपस्थित पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक छतरपुर ललिता यादव एवं विधायक महाराजपुर कामाख्या प्रताप सिंह सहित जन-प्रतिनिधि अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्य कांग्रेस प्रमुख उदय भान को होडल से मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस में शामिल हुईं पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से टिकट मिला है। राज्य में पूर्व मंत्री गीता भुक्कल झज्जर से चुनाव लड़ेंगी। मौजूदा विधायक चिरंजीव राव को फिर से रेवाड़ी से टिकट दिया गया है। हरियाणा विधानसभा की सभी 90 सीटों के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होगा।

 

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पटना के IGIMS परिसर में नेत्र अस्पताल और नए भवन का किया उद्घाटन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कल शुक्रवार को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) पटना के परिसर में 188 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आंखों के अस्पताल और नए भवन का उद्घाटन किया। जेपी नड्डा ने आईजीआईएमएस में स्वास्थ्य उपकेंद्र (एचएससी), अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (एचडब्ल्यूसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत कुल 850 करोड़ रुपये की लागत की कई स्वास्थ्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मंत्री मंगल पांडे और विजय कुमार चौधरी की भी मौजूद रहे। इसका निर्माण करीब 188 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह संस्थान ट्रॉमा सेंटर की सुविधा वाला पूर्वी भारत का सबसे बड़ा नेत्र अस्पताल है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि 1990 से 2005 और 2005 से अब तक की यात्रा कैसी रही? आपको अमावस्या और पूर्णिमा का फर्क पता चल रहा होगा। उन्होंने कहा कि प्रिवेंटिव मेडिसीन से प्रोमोटिव हेल्थकेयर पर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार लगातार काम कर रही है। आईजीआईएमएस बिहार की ही नहीं, बल्कि ओडिशा, बंगाल और नेपाल की सेवा कर रहा है।

आज केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पटना के आईजीआईएमएस में आंख अस्पताल के उद्धाटन मौके पर कहा, “जब मैं 2019 में स्वास्थ्य मंत्री था, तो मैंने आखिरी आधारशिला यहीं नेत्र रोग विभाग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में रखी थी। एक बार फिर मंत्री बनने के बाद, पहला उद्घाटन मैं यहां IGIMS में कर रहा हूं, यह मुझे सौभाग्य मिल रहा है।”

उन्होंने कहा कि पीएमसीएच की कहानी आपको मालूम होगी। वर्ष 1980 और 1990 के दशक में पीएमसीएच की क्या हालत थी, यह आप जानते हैं। जब नीतीश कुमार आए तो पीएमसीएच की हालत सुधारी। आज पीएमसीएच 5462 बेड के साथ दुनिया का दूसरा बड़ा अस्पताल बन रहा है। जेपी नड्डा ने कहा कि वर्ष 2005 तक आईजीआईएमएस का क्या हाल था और 2005 के बाद अब तक इस अस्पताल ने विकास की कैसी छलांग लगाई है। आप जब इसके विकास पर ध्यान देंगे तो राजग सरकार के मील का पत्थर देंगे। पहले स्वास्थ्य का मतलब होता था कि मरीज बीमार हो तो उसका इलाज करो। अब स्वास्थ्य का मतलब है कि मरीज को बीमार ही नहीं होने देना। स्वास्थ्य विभाग जन्म से लेकर 16 साल तक आपको 26 इंजेक्शन लगाता है, ताकि आप स्वस्थ रह सकें।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने कहा कि प्रिवेंटिव मेडिसीन से प्रोमोटिव हेल्थकेयर पर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार लगातार काम कर रही है। आईजीआईएमएस बिहार की ही नहीं, बल्कि ओडिशा, बंगाल और नेपाल की सेवा कर रहा है। इस इंस्टीट्यूट में 11 मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर बना है। वर्ल्ड क्लास इलाज की सुविधा इस नेत्र अस्पताल में है। जेपी नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दरभंगा एम्स के लिए जमीन उपलब्ध करवाई। कल मैं उस जमीन को देखने जाऊंगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा की जमीन थोड़ी नीची है और बिहार सरकार ने इसकी भराई की जिम्मेदारी भी उठाई है। हम इसे और ऊंचा करते हुए बनाएंगे।

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार आने को आतुर हैं। वह दरभंगा में एम्स का जल्द से जल्द शिलान्यास करना चाहते हैं ताकि मिथिलांचल समेत पूरे बिहार के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब हमारी सरकार 2005 में आई थी तब स्वास्थ्य क्षेत्र की हालत बहुत खराब थी। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, दवा और अन्य सुविधाओं की कमी थी। 2006 से अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवा देने की शुरुआत की गई। पहले की सरकार क्या करती थी?… मुझसे दो बार गलती हुई कि मैं उनके साथ चला गया। हमारा एनडीए शुरू से रिश्ता था, 1995 से। बीच में कभी दो बार गलती हुई, मैं ‘इधर-उधर’ हुआ लेकिन अब नहीं होगा।

उल्लेखनीय है केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा शुक्रवार को बिहार के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान जेपी नड्डा पटना, मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा और भागलपुर में कई स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

2030 तक तकनीकी वस्त्रों के लिए 10 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य को पार करने का विश्वास: केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह

विश्वास है कि भारत का तकनीकी वस्त्र उद्योग 2030 के लिए निर्धारित 10 अरब डॉलर के लक्ष्य को पार कर जाएगा। यह बात केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कल नई दिल्ली में ‘विकसित भारत- सतत वृद्धि और विकास के लिए तकनीकी वस्त्र’ नामक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन-सह-प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान कही।

केंद्रीय मंत्री ने वैश्विक और घरेलू दोनों स्तरों पर जीवन के सभी क्षेत्रों में मानव निर्मित फाइबर और तकनीकी वस्त्रों की बढ़ती खपत और महत्व पर जोर दिया। गिरिराज सिंह ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन का सार-संग्रह भी लॉन्च किया और एनटीटीएम के तहत 11 अनुमोदित स्टार्ट-अप को पुष्टिकरण प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार भारत के तकनीकी वस्त्र उद्योग के विकास के लिए पूरी तरह से समर्पित है और उसने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन, एमएमएफ फैब्रिक, परिधान और तकनीकी वस्त्र के लिए पीएलआई योजना शुरू करने जैसे कई कदम उठाए हैं।

एनटीटीएम मिशन के तहत की गई प्रमुख पहलों पर प्रकाश डालते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कार्बन फाइबर के विकास और तकनीकी वस्त्रों के विभिन्न क्षेत्रों के तहत स्टार्ट-अप को समर्थन सहित 156 अनुसंधान परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में मेडिटेक, विशेष रूप से स्वच्छता उत्पादों की क्षमता पर जोर दिया।

उन्होंने उच्च-प्रदर्शन फाइबर के विकास में स्थानीय उद्योग, सरकार और हितधारकों की क्षमता पर विश्वास प्रदर्शित किया, जिसका एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल और निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अनुप्रयोग है। अपने भाषण का समापन करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने वैश्विक लीडर और तकनीकी वस्त्रों का सबसे बड़ा निर्माता और बाजार बनने के लिए सरकार के पूर्ण समर्थन को दोहराया। गिरिराज सिंह ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन का सार-संग्रह भी लॉन्च किया और एनटीटीएम के तहत 11 अनुमोदित स्टार्ट-अप को पुष्टिकरण प्रमाणपत्र भी प्रदान किए।

वस्त्र मंत्रालय द्वारा अपनी प्रमुख योजना राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) और इंडियन टेक्निकल टेक्सटाइल एसोसिएशन (आईटीटीए) के सहयोग से द अशोक होटल – नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था।

केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री, पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि देश तकनीकी वस्त्र सहित सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कई राज्य सरकारों ने तकनीकी वस्त्र उद्योग में एफडीआई सहित निवेश को बढ़ावा देने के लिए पहल की है और अन्य राज्यों से भी ऐसा करने का आग्रह किया है।

सचिव, वस्त्र मंत्रालय, रचना शाह ने विकसित भारत में तकनीकी वस्त्रों की भूमिका पर जोर दिया। तकनीकी वस्त्रों में बड़े बाजार के अवसर पर प्रकाश डालते हुए, सचिव ने कहा कि तकनीकी वस्त्रों का वैश्विक व्यापार लगभग 300 अरब डॉलर का है, जबकि भारत के घरेलू बाजार का आकार 2.6 अरब डॉलर के निर्यात के साथ 25 अरब डॉलर है। राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के बारे में बात करते हुए उन्होंने उल्लेख किया कि मिशन के तहत मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों और अंतरविभागीय सहयोग को लागू करने पर उच्च ध्यान दिया जा रहा है।

डॉ. एस सोमनाथ ने एयरोस्पेस के क्षेत्र में कंपोजिट और उच्च प्रदर्शन वाले फाइबर के महत्व और भारत में इन उत्पादों की व्यावसायिक उत्पादन सुविधाओं की कमी पर प्रकाश डाला, जिसके कारण उच्च आयात निर्भरता होती है। उन्होंने उद्योग और हितधारकों से इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश करने का आग्रह किया, जिसमें न केवल स्थानीय मांग को पूरा करने के लिए बल्कि बड़े वैश्विक बाजार का लाभ उठाने के लिए जटिल मशीनरी का विकास भी शामिल है।

एनटीटीएम के संयुक्त सचिव और मिशन समन्वयक, राजीव सक्सेना ने एनटीटीएम के छह दिशानिर्देशों के तहत प्रदान की जा रही नीतिगत पहल और सहायता का अवलोकन प्रदान किया। उन्होंने मिशन में अब तक हुई प्रगति को भी साझा किया, जिसमें अग्निरोधी फर्नीचर कपड़ों पर क्यूसीओ सहित 57 तकनीकी वस्त्र वस्तुओं के लिए गुणवत्ता नियंत्रण आदेश जारी करना, तकनीकी वस्त्रों के दायरे में 37 नए एचएसएन कोड शामिल करना शामिल है।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा, वस्त्र मंत्रालय की सचिव रचना शाह और इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. एस सोमनाथ ने भाग लिया। सम्मेलन के पहले दिन रोजगार, नवाचार, सामाजिक प्रभाव और तकनीकी वस्त्र उद्योग की भविष्य की दिशा के क्षेत्र पर 4 पैनल चर्चाएं शामिल थीं। पैनल चर्चा में सरकारी प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के नेताओं, अनुसंधान संगठनों के प्रतिनिधियों और स्टार्ट-अप संस्थापकों की भागीदारी देखी गई।

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...