महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल मुंबई में महाराष्ट्र विधान परिषद के शताब्दी वर्ष समारोह में अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र विधान परिषद ने अपनी स्थापना के समय से ही राज्य के लोगों की आशाओं एवं आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति करने के अवसर दिये हैं। महाराष्ट्र विधान परिषद ने सदैव एक उत्तरदायी उच्च सदन की भूमिका निभाई है। राष्ट्रपति ने परिषद के सभी वर्तमान और पूर्व सदस्यों के योगदान की सराहना की। उन्होंने दोनों सदनों के उन सदस्यों को भी बधाई दी, जिन्हें उनके असाधारण योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया है।

माननीय राष्ट्रपति ने कहा कि महाराष्ट्र विधान परिषद ने स्वस्थ चर्चा एवं संवाद की परंपरा को स्थापित करके लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही परिषद के सदस्यों ने जन कल्याण के लिए भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। राष्ट्रपति ने बताया कि महाराष्ट्र विधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष वी.एस. पेज ने रोजगार गारंटी योजना की परिकल्पना की थी। कालांतर में उसी योजना के समान ही एक प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर ‘मनरेगा’ के रूप में प्रस्तुत किया गया।

राष्ट्रपति ने कहा कि संसद में राज्य सभा और विधान सभाओं में विधान परिषदों को वरिष्ठों का सदन कहा जाता है, जहां पर दो सदन होते हैं। इन सदनों में न्यूनतम आयु सीमा अधिक होने के साथ-साथ वरिष्ठ सदन में अधिक अनुभवी सदस्यों का प्रतिनिधित्व अक्सर देखा जाता है। ऐसे अनुभव वाले सदस्यों ने कई शानदार उदाहरण पेश किए हैं और संसदीय प्रणाली तथा विधानमंडल की कार्य संस्कृति को समृद्ध किया है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि महाराष्ट्र विधान परिषद इस परंपरा को और सशक्त बनाएगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि महाराष्ट्र संपूर्ण राष्ट्र के सामने सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रगति के उदाहरण प्रस्तुत करता रहा है। वर्ष 2023-24 के आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, राज्य सकल घरेलू उत्पाद के मामले में महाराष्ट्र देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विधानमंडल के सदस्यों, राज्य सरकार और महाराष्ट्र की जनता की प्रशंसा की। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि महाराष्ट्र की विकास यात्रा तीव्र गति से आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने प्रदेश की जनता के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

4 हजार करोड़ रूपये से अधिक राशि की दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा नीमच जिले की जावद-नीमच दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना लागत राशि 4 हजार 197 करोड़ 58 लाख रूपये, सैंच्य क्षेत्र 1 लाख 8 हजार 600 हेक्टेयर की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत परियोजना से नीमच जिले की नीमच तहसील के 253 गाँव की 59700 हेक्टेयर एवं जावद तहसील के 212 गाँवों की 48900 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

मंत्रि-परिषद द्वारा विद्युत एवं नवीकरणीय उर्जा के उपकरणों के विनिर्माण क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र मोहासा-बाबई जिला नर्मदापुरम में पॉवर एवं रिन्युबल एनर्जी इक्यूपमेंट मेन्युफेक्चरिंग जोन की स्थापना एवं संचालन के लिए औद्यानिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के अधीनस्थ संस्था एमपी इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड भोपाल को अधिकृत करने की स्वीकृति दी। मेन्युफेक्चरिंग जोन की स्थापना के लिए राज्य शासन की अंश राशि 93 करोड 50 लाख रूपये में से 40% राशि अर्थात राशि 37 करोड़ 40 लाख रूपये समायोजन के बाद शेष 60% राशि 56 करोड़ 10 लाख रूपये की प्रतिपूर्ति विभागीय बजट अंतर्गत प्राप्त राशि से किए जाने का अनुमोदन किया गया।

निर्णय अनुसार पॉवर एवं रिन्युबल एनर्जी इक्यूपमेंट मेन्युफेक्चरिंग जोन में स्थापित होने वाली इकाइयों को प्रचलित उद्योग संवर्धन नीति 2014 यथा संशोधित के अतिरिक्त अन्य सुविधाएँ दी जायेंगी। विद्युत एवं नवीकरणीय उर्जा के उपकरणों के विनिर्माण क्षेत्र में विद्युत दर राशि रुपये 4.36 प्रति यूनिट प्रथम 05 वर्ष तक और इसके बाद 3 प्रतिशत की दर से प्रतिवर्ष वृद्धि का अनुमोदन एवं मध्यप्रदेश नियामक आयोग द्वारा स्वीकृत विद्युत दर के अंतर की राशि की प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा किये जाने, इकाइयों को विद्युत संयोजन दिनांक से 05 वर्षों के लिए विद्युत शुल्क की प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा किये जानें, विद्युत एवं नवीकरणीय उर्जा के उपकरणों के विनिर्माण क्षेत्र में जल दर राशि रुपये 25 प्रति किलोलीटर प्रथम 05 वर्ष तक तत्पश्चात् 3 प्रतिशत की दर से प्रतिवर्ष वृद्धि का अनुमोदन किया गया। पार्क में स्थापित होने वाली इकाइयों को भूमि संबंधी दस्तावेजों के लिखत प्रभार्य स्टाम्प ड्यूटी एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति किए जाने का अनुमोदन किया गया। प्रस्तावित पार्क में इकाईयों को भूमि आवंटन हेतु स्वीकृति का अनुमोदन किया गया। विकास शुल्क 35 वर्ष तक बिना कोई वृद्धि के वार्षिक दर 20 रूपये प्रति वर्ग मीटर किये जाने का अनुमोदन किया गया। भूमि प्रब्याजी रुपये 1 टोकन राशि पर भूमि आवंटित करने लीज रेंट वार्षिक दर एक रूपये प्रति वर्ग मीटर लिये जाने का अनुमोदन किया गया। प्रस्तावित पार्क में इकाईयों के भू-आवंटन हेतु प्रमुख सचिव, म.प्र. शासन औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन की अध्यक्षता में समिति के गठन का अनुमोदन किया गया।

मंत्रि-परिषद द्वारा औद्योगिक क्षेत्र सीतापुर (द्वितीय चरण), जिला मुरैना में मेगा लेदर, फुटवेयर एण्ड एसेसरीज़ क्लस्टर डेव्हलपमेंट पार्क की स्थापना के लिए राज्य शासन की अंश राशि 111 करोड़ 4 लाख रूपये का बजट/वित्तीय अंश उपलब्ध करने की स्वीकृति दी गई। भारत सरकार को प्रेषित प्रस्ताव, औद्योगिक क्षेत्र सीतापुर (द्वितीय चरण), जिला मुरैना में कुल क्षेत्रफल 161.7 एकड़ पर मेगा लेदर, फुटवेयर एण्ड एसेसरीज क्लस्टर की स्थापना का अनुमोदन किया गया।

प्रस्तावित क्लस्टर में मान्य गतिविधियों अंतर्गत लेदर फुटवेयर, बैग्स, बैल्ट, जैकेट, गारमेंट, लेदर एसेसरीज़ जैसे कि वॉच स्ट्रैप, नॉन-लेदर फुटवेयर एवं लेदर से संबंधित अन्य विनिर्मित/तैयार उत्पाद, मेगा लेदर, फुटवेयर एण्ड एसेसरीज़ क्लस्टर डेव्हलपमेंट क्लस्टर, जिला-मुरैना में निवेशकों को भूमि के विकास शुल्क, भूमि प्रब्याजी तथा लीज रेंट में दिये जाने वाली छूट के वित्तीय भार की प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा किये जाने का अनुमोदन किया गया। प्रस्तावित क्लस्टर में इकाइयों को भू-आवंटन के लिए प्रमुख सचिव, म.प्र. शासन औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग की अध्यक्षता में समिति के गठन का अनुमोदन किया गया।

 

बॉलीवुड के जानेमाने अभिनेता शक्ति कपूर का आज जन्मदिन

बॉलीवुड के जानेमाने अभिनेता शक्ति कपूर आज 72 वर्ष के हो गये। शक्ति कपूर का जन्म 03 सितंबर 1952 को हुआ था। शक्ति कपूर ने स्नातक की पढ़ाई दिल्ली के मशहूर किरोरीमल कॉलेज से पूरी की। मिडिल क्लास फैमिली में जन्में शक्ति कपूर का फिल्मी सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। इसके बावजूद भी उन्होंने 700 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीते हैं। शक्ति कपूर ने इंडस्ट्री में नेगेटिव से लेकर कॉमेडी तक कई बेहतरीन रोल कर अपने दम पर पहचान बनाई है। उन्होंने ज्यादातर फिल्मों में विलेन का किरदार ही निभाए हैं, लेकिन शक्ति कपूर फिल्मों में अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए भी दुनिया भर में मशहूर हैं। दर्शकों उनका मस्तीभरा अंदाज बहुत पसंद आता है। 1980 और 1990 के दशक में शक्ति कपूर ने अभिनेता असरानी और कादर खान के साथ 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है।

शक्ति कपूर के 72वें जन्मदिन पर उनकी बेटी और अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने अपने ‘पसंदीदा पुरुष’ के लिए एक भावनात्मक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने अपने ‘बापू’ के लिए प्यार दिखाया है। श्रद्धा कपूर ने अपने पिता शक्ति कपूर के जन्मदिन पर इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारा पोस्ट शेयर किया है। फोटो को शेयर करते हुए श्रद्धा कपूर ने स्त्री स्टाइल में पिता को बर्थडे विश किया है। एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, “आज मेरे पसंदीदा पुरुष का जन्मदिन है। हैप्पी बर्थडे बापू। वो स्त्री है, वो कुछ भी कर सकती है क्योंकि उसके पापा का हाथ हर दम उसके ऊपर है। लव यू बापू।” इस पर करिश्मा कपूर ने कमेंट किया “जन्मदिन मुबारक हो शक्ति जी”। वरुण धवन ने लिखा, “शक्स फ्रेश दिख रहे हैं।” श्रद्धा ने वरुण को जवाब देते हुए कहा, “वह एक बिगस्टेप्पा ट्रेंडसेट्टा (पारिवारिक ट्रेंडसेटर) हैं।”

गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित करने से खत्म हो जाएंगे वास्तु दोष

गणेश चतुर्थी का पर्व हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस बार सात सितम्बर को गणेश चतुर्थी है। गणेश चतुर्थी का त्योहार भक्तों के बीच धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। गणेश चतुर्थी का त्योहार भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में देशभर में बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है।

भगवान गणेश को घर-घर में स्थापित किया जाता है। कहते हैं कि गणपति सभी विघ्नों को हरते हैं और बल और बुद्धि प्रदान करते हैं। गणपति को घर में सही जगह पर स्थापित करना चाहिए। गणेश चतुर्थी पर गणेश जी को नौ, दस या 11 दिन के लिए घर में मंदिर से अलग स्थापित किया जाता है।

हिंदू धर्म में भगवान गणेश सबसे पहले पूजे जाने वाले देवता हैं। यानी किसी भी तरह का शुभ कार्य या कोई मांगलिक या धार्मिक अनुष्ठान करने में सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा-आराधना विधि विधान के साथ की जाती है तब ही अन्य तरह की पूजा आरंभ होती है।

ऐसी मान्यता है कि भगवान गणेश की पूजा करने पर सभी प्रकार के कार्य बिना बाधा के सफल होते हैं और भक्तों की हर तरह की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। गणपति की पूजा करने पर सभी तरह के संकटों से मुक्ति मिल जाती है।

गणपति को हमेशा पूर्व दिशा में स्थापित करना चाहिए। ध्यान रहे कि इनका मुंह दक्षिण दिशा की तरफ नहीं होना चाहिए। घर में एक से अधिक गणपति की मूर्ति न रखें। कुछ लोग घर के बाहर भी गणपति की मूर्ति लगाते हैं, ऐसे में इस बात का ध्यान रखें कि गणपति का मुंह घर के अंदर की तरफ देख रहा हो।

जानकारों के अनुसार अगर आप अपने ऑफिस डेस्क पर भगवान गणेश की मूर्ति स्थपित करने की सोच रहे है तो इसे काफी शुभ बताया गया है। कोशिश करें कि आप जिस मूर्ति को स्थापित कर रहे हैं वह सफेद रंग की हो। केवल यहीं नहीं, आपको इस बात का भी ख्याल रखना चाहिए कि यह मूर्ति खड़ी अवस्था में हो और इसका मुख दक्षिण दिशा की तरफ न हो। अगर आप अपने घर पर भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित करना चाहते हैं तो ऐसे में सफ़ेद रंग की मूर्ति को सबसे शुभ माना जाता है। आप अगर चाहें तो सिंदूरी रंग की मूर्ति भी स्थापित कर सकते हैं। अगर आप बच्चों के पढ़ाई करने वाले कमरे में मूर्ति स्थापित करना चाहते हैं तो इसके लिए पीले या फिर हरे रंग की मूर्ति को सबसे शुभ बताया गया है। आप इस मूर्ति को बच्चों के स्टडी टेबल पर रख सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का निधन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का निधन हो गया है। उनकी उम्र 95 साल की थी। पिता के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के लिए रवाना हो गए है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिताजी पूनमचंद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिताजी पूनमचन्द यादव का निधन अत्यंत दुखद है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पिता का साया सिर से उठना एक पुत्र पर उसके जीवन का सबसे बड़ा वज्रपात होता है। इस खालीपन को कभी भरा नहीं जा सकता। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस दुःख की घडी में उनके परिजनों को वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 95 वर्षीय पूज्य पिताजी पूनमचंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पिता पूनम चंद यादव के निधन पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गहन शोक व्यक्त किया है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि पिता जीवन में एक वट वृक्ष की तरह होता है जिसकी छाया सदैव उसकी संततियों को संबल प्रदान करती है। उन्होंने स्वर्गीय पूनमचंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान देने और कष्ट की इस घड़ी में परिवार जन को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

सभी शैक्षणिक संस्‍थानों को बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना चाहिए – राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज महाराष्ट्र के पुणे में सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) के 21वें दीक्षांत समारोह में भाग लिया। छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि आज वे इतने सक्षम हो गए हैं कि वे अपने व्यक्तित्व और ज्ञान से देश-विदेश में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। वे नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग के माध्यम से प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा, कानून, सामाजिक विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने छात्रों से देश के विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों की संस्कृति और उनकी वर्तमान जरूरतों को समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस ज्ञान के आधार पर उन्हें ऐसे सॉफ्टवेयर, स्वास्थ्य सेवा उत्पाद और विपणन रणनीति बनानी चाहिए, जो खासकर वंचित वर्गों के साथ-साथ सभी के विकास में मदद करें और सतत विकास को भी बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि स्टार्ट-अप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहल भी उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने में मदद करेंगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि सिम्बायोसिस इंटरनेशनल में पढ़ने वाले लगभग 33000 विद्यार्थियों में लड़के और लड़कियों की संख्या लगभग बराबर है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की प्रगति न केवल नागरिकों के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह देश के विकास का एक महत्वपूर्ण मानक भी है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि सिम्बायोसिस डीम्ड यूनिवर्सिटी लैंगिक समानता को प्राथमिकता दे रही है और लड़कियों की शिक्षा के लिए उचित माहौल और सुविधाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने सभी शैक्षणिक संस्थानों से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनके लिए सुरक्षित और सहायक वातावरण बनाने का आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने ‘सिम्बायोसिस आरोग्य धाम’ की स्थापना की सराहना की, जो चिकित्सा सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि सिम्बायोसिस डीम्ड यूनिवर्सिटी परिसर के आसपास के गांवों में मोबाइल फैमिली हेल्थ क्लीनिक चला रही है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नवीनतम तकनीक के ज्ञान के साथ-साथ मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करना सभी शैक्षणिक संस्थानों का उद्देश्य होना चाहिए।

राष्ट्रपति ने सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों, संकाय सदस्यों और पूर्व छात्रों से शिक्षा प्रणाली में शोध कार्य को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्षों के शोध से नए आविष्कार होते हैं और चुनौतियों के नए समाधान मिलते हैं। भारत के शोधार्थी देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की समस्याओं का समाधान ढूंढ सकते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी शोध को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि विश्वविद्यालय में जल संसाधन प्रबंधन, स्टेम सेल, नैनोसाइंस और जलवायु परिवर्तन समेत कई विषयों पर बहु-विषयक शोध केंद्र काम कर रहे हैं।

राष्ट्रपति ने छात्रों को हर कार्य में उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छात्रों ने एक कहावत जरूर सुनी होगी – उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करो, सफलता अपने आप आपके पीछे आ जाएगी। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि कुछ लोग अधिक पैसा, बड़ा घर, बड़ी कार और अन्य चीजों की उपलब्धता को ही सफलता की निशानी मान लेते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे सफलता का सही अर्थ समझेंगे और ऐसा काम करेंगे जिससे दूसरों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

मध्यप्रदेश को नंबर एक राज्य बनाने लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं – डॉ. मोहन यादव

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मंत्रिमंडल के सदस्यों को मिस्डकॉल के माध्यम से (रेफरल कोड 1सी7डी4डी) सदस्यता दिलाकर मध्यप्रदेश में संगठन पर्व का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सदस्य बनने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने उनका मुंह मीठा कराया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में ढोल-ढमाकों के साथ आतिशबाजी कर उत्सव मनाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रमार्ग पर चलने वाले एक-एक व्यक्ति को भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनाएं। जब भाजपा कार्यकर्ता लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने के लिए घर-घर संपर्क करें तो भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताएं और उन्हें एहसास दिलाएं कि भाजपा सरकार गरीबों के आंसू पोछने का कार्य कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व सत्ता के लिए नहीं, परिवार विस्तार व देश निर्माण का अभियान है। आपके सदस्य बनने से गरीबों के कल्याण वाली सरकार बनेगी। भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा और लोकसभा चुनाव में विजय के इतिहास की तरह सदस्यता में भी इतिहास बनाएंगे। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में हमारी संस्कृति सुरक्षित है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धरती तो क्या चांद पर भी तिरंगा लहरा दिया और सूरज पर लहराने की तैयारी है। इस दौरान वर्ष 1952 में जनसंघ के गठन से लेकर 2024 की भारतीय जनता पार्टी के यात्रा वृतांत को एक लघु फिल्म के जरिए प्रदर्शित किया गया। मंच पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा, राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे एवं अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य मंचासीन थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री, सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया एवं आभार प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन पर्व के तहत जब घर-घर संपर्क कर लोगांं को सदस्य बनाने जाएं तो यह जरूर बताएं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार गरीबों के आंसू को पोंछने के लिए तैयार खड़ी है। सरकार की व्यवस्था में सुव्यवस्था लहराती है, इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर प्रदेश से 62 हजार माइक उतारे गए हैं। विकास की अवधारणा पर कार्य करते हुए प्रदेश के सभी 55 जिलों में नई शिक्षा नीति के तहत प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज की स्थापना की गई। 1977 में नर्मदा जल को लेकर जो समझौता हुआ उसे वर्षों तक क्रियान्वित नहीं किया गया। वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, उसके बाद नर्मदा जल का उपयोग कर प्रदेश के मालवा-निमाडं आंचल को हराभरा करने के लिए कार्य किया गया। सदस्य बनाते समय प्रदेश की जनता को भाजपा कार्यकर्ता यह जरूर बताएं कि सालों तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने बुंदेलखंड को हरा भरा करने के लिए कोई कार्य नहीं किया, बुंदेलखंड पैकेज के नाम पर करोड़ों की बंदरबाट जरूर की। लेकिन नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने, उसके बाद बुंदेलखंड को हरा-भरा करने के लिए 45 हजार करोड़ की केन-बेतवा लिंक परियोजना को मंजूरी प्रदान की। इस परियोजना के 12 हजार करोड़ के टेंडर भी मध्यप्रदेश सरकार जारी कर चुकी है। इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री ने 45 हजार करोड़ उत्तर प्रदेश को भी दिए हैं। इसी तरह ग्वालियर-चंबल अंचल के सूखे के क्षेत्र को हराभरा बनाने के लिए चंबल-पार्वती-काली सिंध परियोजना के लिए 70 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस परियोजना से प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल को पीने और सिंचाई के लिए पानी की भरपूर व्यवस्था होगी। यह परियोजनाएं पहले भी आ सकती थीं, लेकिन कांग्रेस सरकारों ने जनता की भलाई के लिए कार्य ही नहीं किया। अगर वर्षों पहले यह परियोजनाएं आ जाती तों बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल अंचल की दिशा और दशा ही आज अलग होती।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बड़े लोग अपने उपयोग के लिए अपने घरों में हेलीकॉप्टर रखते हैं, लेकिन मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने गरीबों के घर तक हेलीकॉप्टर की सुविधा पहुंचाने का कार्य किया है। सदस्य बनाते समय भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश की जनता को बताएं कि भाजपा की सरकार गरीबों के लिए कार्य करने वाली सरकार है। हमारी सरकार ने हर अस्पताल में एंबुलेंस की व्यवस्था की है। भगवान न करे किसी के साथ कोई अनहोनी हो, लेकिन अगर ऐसा हो जाता है तो हर अस्पताल में शव वाहन की व्यवस्था भी की है। मरीजों को दूसरे जिलों के अस्पतालों में पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर सुविधा भी चल रही है। छल, प्रपंच और झूठ की राजनीति करने वाले लोगों को जवाब देने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पंचनिष्ठा के साथ सबको गले लगाएं और मध्यप्रदेश के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस तरह आप सभी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में अपने अथक मेहनत से इतिहास बनाया है, उसी तरह लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर फिर इतिहास बनाएं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश की एकता और अखंडता पर प्रहार को रोकने के लिए पहले जनसंघ फिर भारतीय जनता पार्टी का गठन किया गया। देश की एकता और अखंडता के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दे दिया। आजादी के बाद संविधान में जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगाने का प्रावधान कर दिया गया, जिसका विरोध करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दे दिया। भारतीय जनता पार्टी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से खड़ी हुई और पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार से चल रही है। हमें गर्व है कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसे वटवृक्ष बनाने में पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की त्याग एवं तपस्या जुड़ी है। भाजपा की स्थापना के समय अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि अगर हमारी बहुमत की सरकार आई तो हम कश्मीर से धारा 370 हटा देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो कश्मीर से धारा-370 को खत्म कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आज आप कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम की बदौलत जब कोई व्यक्ति सदस्य बनता है तो संगठन का तंत्र मजबूत होता है और वैभव का चित्र बनता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कहा था कि मेरी सरकार, गरीब, बेसहारा, महिला, युवा, किसानों की सरकार होगी। आज मोदी सरकार उसी आधार पर चल रही है और सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को साकार किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन पर्व में मध्यप्रदेश के लिए निर्धारित डेढ़ के सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त कर हर लक्ष्य को प्राप्त करने के इतिहास को फिर दोहराएंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से ही प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है। आपके सदस्य बनने से गरीबों के कल्याण की सरकार बनेगी। आप सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ताकत देने के लिए सदस्य बनें। भारत के मान-सम्मान और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं। भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व केवल आंकड़ों को बढ़ाने और सत्ता सुख भोगने के लिए नहीं हैं, बल्कि जनता का दुख-दर्द दूर करने के साथ-साथ देश का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए है। जब हमारी केवल दो सीटें थी तब सत्ताधारी दलों ने हमारा मजाक उड़ाया था, तब अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था जितना मजाक उड़ाना है उड़ा लीजिए, लेकिन एक दिन वक्त बदलेगा, सूरज निकलेगा, अंधेरा छटेगा और कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है। चाइना में कुछ साल पहले कम्युनिष्ट पार्टी के 9 करोड़ सदस्य थे, लेकिन 2019 में हमारी पार्टी के 18 करोड़ सदस्य बन गए। इस बार संगठन पर्व का जो टारगेट प्रदेश में डेढ़ करोड़ का है उसे हम कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत जरूर पूरा करेंगे। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय कहते थे कि जो हमारा परंपरागत विरोधी है वह हमारा मतदाता बने और हमारा जो मतदाता बना है वह भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बने। जो भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता बनेगा तो वह भारत माता को परम वैभव पर पहुंचायेगा। आपके मोहल्ले, क्षेत्र, विधानसभा, वार्ड में प्रत्येक घर में सदस्यता अभियान चलाकर भाजपा की सदस्यता दिलाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मध्यप्रदेश में 2 करोड़ 24 लाख लोगों ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि आप सभी कार्यकर्ता भाजपा को वोट देने वाले सभी लोगों को इस संगठन पर्व के तहत सदस्य बनाएं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की झूठ और छल-कपट की राजनीति नहीं चलने देना है। उसके पीछे प्रत्येक बूथ पर सजग प्रहरी बनकर खडे रहना है। हमारे बूथ का कार्यकर्ता काम करता है तो छल कपट की राजनीति मध्यप्रदेश में नहीं चलती है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक बूथ पर 41 लाख कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी है। यह सिर्फ भीड़ नहीं है, यह 41 लाख कार्यकर्ता वह हैं जो अपने बूथ को जीतने की रणनीति बनाते हैं। यही कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री अमित शाह की रणनीति पर काम करके बूथ को मजबूत बनाते हैं। करोडों कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अभियान में इतिहास बनाने का काम करेंगे।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि कई बार सोचने में आता है कि अगर जनसंघ न होता तो गोवा का क्या होता? नोआखाली का क्या होता? दोआब का क्या होता? एक भारत, श्रेष्ठ भारत का क्या होता? पहले जनसंघ और फिर भारतीय जनता पार्टी ने हमारे देश को श्रेष्ठ और सुरक्षित बनाए रखने के लगातार प्रयास किए। आज हम पूरी आजादी के साथ अपने धर्म और संस्कृति का पालन कर रहे हैं, देश में जो वातावरण है, रामलला का मंदिर बन गया है, भव्य महाकाल महालोक बना है, बाबा विश्वनाथ का कॉरिडोर बना है, ये सब भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी के नेतृत्व के कारण ही संभव हो सका है। हमने धरती तो क्या, चांद पर तिरंगा लहरा दिया है और सूरज पर लहराने की तैयारी है। आज भारत माता का जयकारा और वंदे मातरम् भारत ही नहीं सारी दुनिया में गूंज रहे हैं।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कैसा होता है, कभी इस बारे में विचार किया है? साथियां, आज अमेरिका और इजराइल के बाद भारत दुनिया का तीसरा देश है, जो अपने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारता है। आप अगर एक अद्भुत भारत बनाना चाहते हैं, दिव्य भारत, शक्तिशाली भारत, आर्थिक महाशक्ति भारत, संकल्पशाली भारत देखना चाहते हैं, तो सदस्यता अभियान आपके लिए एक अवसर है। आप अगर मध्यप्रदेश को, भारत को और जमीन से आसमान तक भगवा देखना चाहते हैं, तो ये आपके लिए अवसर है, क्योंकि भारत की संस्कृति भगवा और कमल के फूल में निवास करती है। डॉ. सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान राष्ट्र के पुनर्निर्माण में योगदान देगा। इसलिए आप अगर स्वयं को भारत माता की संतान मानते हैं, तो गर्व के साथ सदस्यता अभियान में जुट जाएं। नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सपनों का मध्यप्रदेश बनाने के लिए ये संकल्प लेकर मैदान में उतरें कि हम जन-जन तक पहुंचेंगे और नए सदस्य बनाकर संगठन को बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री माखन सिंह चौहान, प्रदेश शासन के मंत्री करण सिंह वर्मा, संपतिया उइके, तुलसी सिलावट, ऐंदल सिंह कंसाना, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, नारायण सिंह कुशवाह, नागर सिंह चौहान, प्रद्युम्न सिंह तोमर, चेतन्य काश्यप, इंदर सिंह परमार, रामनिवास रावत, कृष्णा गौर, धर्मेन्द्र लोधी, दिलीप जायसवाल, गौतम टेटवाल, लखन पटेल, नारायण पंवार, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागरी, दिलीप अहिरवार, राधा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, हरिशंकर खटीक, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, शैलेन्द्र शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

पांचवे दिन पदक तालिका में 15वें स्‍थान पर पहुंचा भारत, सुमित अंतिल और नितेश को गोल्ड, निथ्या श्री सिवन को ब्रॉन्ज

पेरिस पैरालंपिक 2024 के पांचवे दिन भारत पदक तालिका में 15वें स्‍थान पर पहुंच गया है। सुमित अंतिल ने भाला फेंक प्रतिस्पर्धा में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखा है। अंतिल ने अपने दूसरे प्रयास में 70.59 मीटर भाला फेंक कर नया रिकार्ड भी बनाया। बैडमिंटन में नितेश कुमार ने पुरुष सिंगल्स एसएल-3 श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। सुहास यतिराज ने पुरुष सिंगल्स एसएल-4 श्रेणी में रजत पदक जीता। सुहास अपना अंतिम मैच में गत चैंपियन लुकास मजूर से सीधे सेट में 9-21, 13-21 से हार गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। महिला सिंगल्स एसयू-5 में तुलसीमथी मुरुगेसन ने भी फाइनल में चीन की किउ ज़िया यांग से हारने के बाद रजत पदक जीता। मनीषा रामदास ने डेनमार्क की कैथरीन रोसेनग्रेन को हराकर महिला एकल एसयू-5 वर्ग में कांस्य पदक जीता। नित्या श्रे सिवन ने भी महिला सिंगल्स एसएच-6 श्रेणी में कांस्य पदक जीता। तीरंदाजी मिक्स्ड टीम कंपाउंड इवेंट में शीतल देवी और राकेश कुमार को कांस्य पदक मिला।इससे पहले, योगेश कथूनिया ने पुरुषों के डिस्कस थ्रो एफ-56 वर्ग के फाइनल में रजत पदक जीतकर भारत को पांचवें दिन का पहला पदक दिलाया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है। आज निशानेबाज अवनी लेखरा दूसरे स्वर्ण के लिए खेलेंगी। वहीं, मरियप्पन थंगावेलु से भी पुरुषों की ऊंची कूद टी-63 फाइनल में पदक लाने की उम्‍मीद है।

पेरिस में चल रहे पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का विजय अभियान जारी है। पैरा खिलाड़ियों ने विदेशी सरजमीं पर देश का नाम रौशन करते हुए अब तक भारत की झोली में तीन गोल्ड, पांच सिल्वर और सात ब्रॉन्ज मेडल जीता है। देर रात सुमित अंतिल ने मेन्स जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। सुमित ने अपने दूसरे प्रयास में 70.59 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। सुमित अंतिल का ये थ्रो पैरालंपिक गेम्स के इतिहास (F64 वर्ग) का बेस्ट थ्रो रहा।

इससे पहले नितेश कुमार ने भी सोमवार को पेरिस के ला चैपल एरेना में आयोजित पेरिस 2024 पैरालंपिक के पैरा-बैडमिंटन पुरुष एकल एसएल3 स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। पहले वरीय भारतीय खिलाड़ी ने स्वर्ण पदक मैच में ग्रेट ब्रिटेन के दूसरे वरीय डेनियल बेथेल को 21-14, 18-21, 23-21 से हराकर भारत को मौजूदा पैरालंपिक का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।

नितेश और डेनियल ने गेम 1 की शुरुआत एसएल 3 श्रेणी की लंबी रैलियों के साथ की और मध्य चरण तक कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, भारतीय शटलर ने गति पकड़ ली और 21-14 से जीत हासिल की। दूसरे सेट में डैनियल ने वापसी की और कड़े मुकाबले में नितेश को 21-18 से हराकर मैच को तीसरे सेट में ले गए।
निर्णायक गेम में 19-16 की बढ़त के साथ नितेश लगभग स्वर्ण के करीब पहुंच गए, लेकिन डेनियल ने जोरदार संघर्ष किया, हालांकि नितेश ने धैर्य का प्रदर्शन करते हुए 23-21 से सेट के साथ मैच और स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया।

एसएल3 श्रेणी में ऐसे खिलाड़ी शामिल होते हैं जिनके एक या दोनों अंगों में मध्यम रूप से प्रतिबंधित गतिविधि होती है या अंगों की अनुपस्थिति होती है। खेल आधी-चौड़ाई वाले कोर्ट में खेला जाता है जिसमें खेले जाने वाले शॉट्स पर कोई प्रतिबंध नहीं होता है।

उधर भारत की निथ्या श्री सिवन ने देर रात इंडोनेशिया की रीना मार्लिना को 21-14, 21-6 से हराकर महिलाओं की एसएच6 श्रेणी में कांस्य पदक जीता। पिछले पदक समारोह के बाद तकनीकी समस्याओं के कारण लगभग एक घंटे तक प्रतीक्षा करने के बाद 19 वर्षीय भारतीय ने इंडोनेशियाई पैरा शटलर को मात्र 23 मिनट में हरा दिया। इस पदक के साथ, भारत ने टोक्यो में बैडमिंटन में मिले अपने चार पदकों की संख्या को पार कर लिया।

एसएच6 श्रेणी वर्ग में छोटे कद के एथलीट शामिल होते हैं जो खड़े होकर प्रतिस्पर्धा करते हैं। मैच के बाद तमिलनाडु की उत्साहित पैरा शटलर ने कहा, “मैं अपनी भावनाओं को व्यक्त करने में असमर्थ हूं। यह मेरा सबसे अच्छा क्षण होगा। मैंने उसके (रीना) खिलाफ 9-10 बार खेला है, लेकिन उसे कभी नहीं हराया है। मैं अपने पिछले अनुभव के कारण जब मैं आगे थी, तब भी खुद से कह रही थी कि ध्यान केंद्रित रखूं और इसे आसान न लूं। मैंने खुद को मानसिक रूप से तैयार किया कि जल्दी जश्न न मनाऊं।”

बता दें कि निथ्या ने चीन के हांग्जो में आयोजित 2022 एशियाई पैरा खेलों में दो कांस्य पदक जीते। मई 2022 में, एशियाई युवा पैरा खेलों के विजेता ने मनामा में पहली बहरीन पैरा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता। दिसंबर 2022 में, उन्होंने लीमा में पेरू पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में विश्व रजत पदक विजेता को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार को जमानत दी

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कल स्वाति मालीवाल मारपीट मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार को जमानत दे दी। न्‍यायालय ने कहा कि बिभव कुमार लगभग 100 दिन से जेल में हैं। उन्हें जमानत पर रिहा करने से मामले की जांच पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि दिल्ली पुलिस पहले ही निचली अदालत ने चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आदेश दिया कि बिभव कुमार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के निजी सचिव के पद पर बहाल नहीं किया जाएगा और मुख्यमंत्री कार्यालय में कोई आधिकारिक कार्यभार भी नहीं दिया जाएगा। न्‍यायालय ने कहा कि जब तक सभी निजी गवाहों की जांच नहीं हो जाती, बिभव कुमार मुख्यमंत्री आवास नहीं जाएंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ब्रुनेई और सिंगापुर की तीन दिवसीय यात्रा पर हुए रवाना

पीएम मोदी ब्रुनेई और सिंगापुर की ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हुए। भारत के लिए ब्रुनेई यात्रा खास होने जा रही है क्योंकि यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी और यह दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।

पीएम मोदी ने यात्रा प्रारंभ करने से पहले एक्स हैंडल पर लिखा है, ” भारत-ब्रुनेई दारुस्सलाम राजनयिक संबंधों के गौरवशाली 40 वर्ष पूरे। मैं ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोलकिया से मिलने के लिए उत्सुक हूं। साथ ही सिंगापुर और भारत प्रमुख क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने के इच्छुक हैं।”

पीएम मोदी आज से ब्रुनेई और सिंगापुर की तीन दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। पीएम के विदेश रवाना होने की पूर्व संध्या पर विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) जयदीप मजूमदार ने नई दिल्ली में बताया कि ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोलकिया के निमंत्रण पर तीन और चार सितंबर को ब्रुनेई की यात्रा पर होंगे। उन्होंने कहा कि यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ब्रुनेई की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।

पीएम मोदी ब्रुनेई के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे और ब्रुनेई के साथ सहयोग के नए क्षेत्रों के अवसर भी तलाशेंगे। भारत, ब्रुनेई के साथ मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध साझा करता है और इसमें रक्षा, व्यापार और निवेश, ऊर्जा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ब्रुनेई भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और हिंद-प्रशांत के लिए उसके दृष्टिकोण में एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

पीएम मोदी अपने दौरे के दूसरे चरण में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के निमंत्रण पर चार और पांच सितंबर को सिंगापुर की यात्रा करेंगे। दोनों नेता भारत-सिंगापुर रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे। सिंगापुर आसियान में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और यह प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रमुख स्रोत है।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...