आधुनिक तकनीक से रजिस्ट्री के साथ नामांतरण करने का काम देश में सबसे पहले म.प्र. ने किया शुरू : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नागरिकों की सुविधा के लिये प्रांतव्यापी चलाए गये राजस्व महाअभियान के 2 चरण कारगर सिद्ध हुए हैं। जमीन संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य के साथ चलाए गए राजस्व महाअभियानों में 80 लाख राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण करने का काम देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश ने शुरू किया है।

डॉ. यादव ने नागरिकों को उत्तम सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम को बधाई दी। उन्होंने उन सभी नागरिकों को भी बधाई दी है, जिनके लंबित मामलों का निराकरण हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश्सरकार जनसेवा और आम जन की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिये 18 जुलाई से 31 अगस्त तक संचालित राजस्व महाअभियान 2.0 में नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती और नक्शा तरमीम के 49 लाख 15 हजार 311 मामले निराकृत हुए। साथ ही 88 लाख से अधिक ई-केववायसी पूरी की जा चुकी हैं। इससे पहले राजस्व महाअभियान 1.0 में 30 लाख से अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया था।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राजस्व-महाअभियान का पहला चरण 15 जनवरी से 15 मार्च 2024 तक जारी रहा। इस दौरान 30 लाख से ज्यादा राजस्व प्रकरणों का निराकरण हुआ। पहले चरण के राजस्व महाभियान की सफलता एवं जनता की सराहना मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दूसरे चरण का राजस्व महाभियान शुरू करने के निर्देश दिये। यह अभियान 18 जुलाई से 31 अगस्त 2024 तक चला। इसमें राजस्व न्यायालयों में समय-सीमा पर लम्बित नामांतरण, बँटवारा, अभिलेख दुरुस्ती के प्रकरणों का 100 प्रतिशत निराकरण किया गया। साथ ही नक़्शे पर तरमीम उठाना और खसरे की समग्र आधार से लिंकिंग का कार्य किया गया। महाअभियान में स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि के सर्वेक्षण का कार्य, फार्मर रजिस्ट्री का क्रियान्वयन और पीएम किसान में सभी हितग्राहियों को शामिल करने का कार्य भी किया गया। राज्य, संभाग, जिला और तहसील स्तर पर प्रतिदिन प्रकरणों के निराकरण की सतत मॉनिटरिंग राजस्व महाभियान डैशबोर्ड के माध्यम से की गई। राजस्व महाअभियान 2.0 में 49 लाख से अधिक प्रकरणों का निराकरण एवं 88 लाख अधिक ई-केवायसी पूर्ण की गई।

आलीराजपुर, उज्जैन, उमरिया, खरगौन, गुना, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, झाबुआ, टीकमगढ़, डिंडोरी, दतिया, दमोह, देवास, नर्मदापुरम, निवाडी, नीमच, पन्ना, पांढुर्णा, बड़वानी, बालाघाट बुरहानपुर, बैतूल, भिण्ड, भोपाल, मंडला, मऊगंज, मन्दसौर, मुरैना, मैहर, रतलाम, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, शहडोल, श्योपुर, सतना जिलों में लंबित नामांतरण प्रकरणों का 100% निराकरण किया गया है। शेष जिलों में 99% से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया है। इस प्रकार कुल 99.98% लंबित नामांतरण प्रकरणों का निराकरण राजस्व महाभियान 2.0 में किया गया है।

बंटवारा लंबित बंटवारा प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समस्त जिलों द्वारा किया गया है। अभिलेख दुरुस्ती लंबित अभिलेख दुरुस्ती प्रकरणों का भी शत-प्रतिशत निराकरण समस्त जिलों द्वारा किया गया है। इसी प्रकार बुरहानपुर, खंडवा, पांढुर्णा, सिवनी, बैतूल, झाबुआ जिलों में लंबित नक्शा तरमीम के 50% से अधिक प्रकरणों निराकरण किया गया है।

एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने वायु सेना के उप प्रमुख का पदभार संभाला

एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने कल वायु मुख्यालय (वायु भवन) में भारतीय वायु सेना के उप वायु सेना प्रमुख (डीसीएएस) का पदभार संभाला। अपनी नई नियुक्ति का पदभार ग्रहण करने के बाद, एयर मार्शल ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करके सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र रहे, एयर मार्शल तेजिंदर को 13 जून, 1987 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू शाखा में नियुक्त किया गया था। वह 4500 घंटे से अधिक की उड़ान अनुभव के साथ श्रेणी ‘ए’ योग्य फ्लाइंग प्रशिक्षक हैं तथा रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज एवं राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने एक फाइटर स्क्वाड्रन, एक रडार स्टेशन, एक प्रमुख फाइटर बेस की कमान संभाली है और वह जम्मू एवं कश्मीर के एयर ऑफिसर कमांडिंग थे। उनकी विभिन्न स्टाफ नियुक्तियों में कमांड मुख्यालय में ऑपरेशनल स्टाफ, वायु सेना मुख्यालय में एयर कमोडोर (कार्मिक अधिकारी -1), एकीकृत रक्षा स्टाफ के उप सहायक प्रमुख, मुख्यालय आईडीएस में वित्तीय (योजना), एयर कमोडोर (एयरोस्पेस सुरक्षा), वायु सेना मुख्यालय में एयर स्टाफ ऑपरेशन्स (अफेन्सिव) एवं एसीएएस ऑपरेशन्स (स्ट्रेटेजी) शामिल हैं। अपनी वर्तमान नियुक्ति से पहले, वह मेघालय के शिलांग स्थित भारतीय वायुसेना के पूर्वी वायु कमान मुख्यालय में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर थे।

उनकी सराहनीय सेवाओं को मान्यता प्रदान करते हुए, उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्वारा 2007 में वायु सेना पदक और 2022 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने मनाया 7वां स्थापना दिवस: वित्तीय समावेशन के प्रति निष्ठा को मजबूत करना

देश भर में वित्तीय समावेशन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाला इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) गर्व के साथ अपना 7वां स्थापना दिवस (आईपीपीबी दिवस) मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में देश भर में इसकी शुरुआत की थी। स्थापना के बाद से, आईपीपीबी वंचित और बैंकिंग सेवाओं से दूर रहे परिवारों को उनके घर तक सुलभ, सस्ती और भरोसेमंद डिजिटल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करके भारत के वित्तीय परिदृश्य को बदलने में सबसे आगे रहा है।

आईपीपीबी ने पिछले सात वर्षों के दौरान इंडिया पोस्ट के 1,61,000 से अधिक डाकघरों और 1,90,000 डाक कर्मचारियों के व्यापक नेटवर्क का लाभ उठाते हुए वित्तीय समावेशन की खाई को पाटने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। आईपीपीबी के अभिनव दृष्टिकोण ने यह सुनिश्चित किया है कि देश भर में लाखों लोगों की, विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में, आवश्यक बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच हो जिससे घर तक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराने के साथ हर घर को सशक्त बनाकर राष्ट्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान दिया जा सके।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की प्रमुख उपलब्धियां – 9.88 करोड़ से ज़्यादा ग्राहक खाते खुलवाए। 12 लाख से ज़्यादा व्यापारियों को जोड़ा। विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) में 45,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की राशि सफलतापूर्वक वितरित की।7.10 करोड़ से ज़्यादा ग्राहकों के आधार कार्ड के साथ मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा प्रदान की। 20 लाख से ज़्यादा पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र सेवाएं प्रदान की।

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, “हम भारत के वंचित समुदायों को सशक्त बनाने के सात साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं, ऐसे में हमें आईपीपीबी के अब तक के असर पर गर्व है। हमारा मिशन अटल है – भारत के हर घर तक बैंकिंग को पहुंचाना, खास तौर पर देश के सबसे दूर-दराज़ के इलाकों में, जिसमें उत्तर-पूर्व भी शामिल है। हम नए जोश और नवाचार के साथ वित्तीय समावेशन की दिशा में अपनी यात्रा जारी रखने के लिए तत्पर हैं।”

अपने 7वें स्थापना दिवस के अवसर पर, आईपीपीबी अपने ग्राहकों की उभरती जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी पहुंच बढ़ाने और अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। डिजिटल नवाचार पर ध्यान केंद्रित करते हुए आईपीपीबी का लक्ष्य प्रत्येक भारतीय के लिए बैंकिंग को और सरल बनाना है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वित्तीय समावेशन की दिशा में कोई भी पीछे न रह जाए।

इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के बारे में – इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की स्थापना डाक विभाग, संचार मंत्रालय के तहत भारत सरकार के स्वामित्व वाली 100 प्रतिशत इक्विटी के साथ की गई है। इसे 01 सितंबर, 2018 को शुरू किया गया था। इस बैंक की स्थापना भारत में आम आदमी के लिए सबसे सुलभ, किफायती और भरोसेमंद बैंक बनाने के दृष्टिकोण से की गई है। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का मूल उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं से वंचित और कम बैंकिंग सेवाएं लेने वाले लोगों की बाधाओं को दूर करना और 1,61,000 से अधिक डाकघरों (ग्रामीण क्षेत्रों में 1,43,000) और 190,000 से अधिक डाक कर्मचारियों वाले डाक नेटवर्क का लाभ उठाते हुए अंतिम छोर तक पहुंचना है।

आईपीपीबी की पहुंच और इसका संचालन मॉडल इंडिया स्टैक के प्रमुख स्तंभों पर आधारित है – सीबीएस-एकीकृत स्मार्टफोन और बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से ग्राहकों के घर तक सरल और सुरक्षित तरीके से कागज रहित, नकदी रहित और उपस्थिति रहित बैंकिंग को सक्षम करना। किफायती नवाचार का लाभ उठाते हुए और आम जनता के लिए बैंकिंग को सरल बनाने पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हुए, यह 13 भाषाओं में उपलब्ध सहज इंटरफेस के माध्यम से सरल और किफायती बैंकिंग समाधान प्रदान करता है।

यह बैंक कम नकदी वाली अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और डिजिटल इंडिया के विजन में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत तब समृद्ध होगा जब प्रत्येक नागरिक को वित्तीय रूप से सुरक्षित और सशक्त बनने का समान अवसर मिलेगा। हमारा आदर्श वाक्य है – प्रत्येक ग्राहक महत्वपूर्ण है, प्रत्येक लेनदेन महत्वपूर्ण है और प्रत्येक जमा मूल्यवान है।

लंबित मामलों को कम करना, न्‍यायपालिका के लिए एक बडी चुनौती- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल नई दिल्ली में भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जिला न्यायपालिका सम्मेलन के समापन सत्र में भाग लिया। उन्होंने इस अवसर पर सर्वोच्च न्यायालय के ध्वज और प्रतीक चिन्ह का अनावरण भी किया। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि अपनी स्थापना के बाद से ही भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की न्यायिक प्रणाली के सजग प्रहरी के रूप में अपना अमूल्य योगदान दिया है। सर्वोच्च न्यायालय के कारण भारतीय न्यायशास्त्र का स्थान बहुत सम्मानजनक रहा है। उन्होंने भारतीय न्यायपालिका से जुड़े सभी वर्तमान और पूर्व लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर सर्वोच्च न्यायालय ने अनेक कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिनसे लोगों का हमारी न्यायिक प्रणाली के प्रति विश्वास और लगाव बढ़ा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि न्याय के प्रति आस्था और श्रद्धा की भावना हमारी परंपरा का हिस्सा रही है। उन्होंने पिछले अवसर पर अपने संबोधन का उल्लेख करते हुए दोहराया कि लोग देश के प्रत्येक न्यायाधीश को भगवान मानते हैं। हमारे देश के प्रत्येक न्यायाधीश और न्यायिक अधिकारी का नैतिक दायित्व है कि वे धर्म, सत्य और न्याय का सम्मान करें। जिला स्तर पर यह नैतिक दायित्व न्यायपालिका का प्रकाश स्तंभ है। जिला स्तर की अदालतें करोड़ों नागरिकों के मन में न्यायपालिका की छवि निर्धारित करती हैं। इसलिए जिला अदालतों के माध्यम से लोगों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कम खर्च पर न्याय दिलाना ही हमारी न्यायपालिका की सफलता का आधार है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में जिला स्तर पर न्यायपालिका की अवसंरचना, सुविधाओं, प्रशिक्षण और मानव संसाधनों की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। लेकिन, इन सभी क्षेत्रों में अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्हें विश्वास है कि सुधार के सभी आयामों पर तेजी से प्रगति जारी रहेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि लंबित मामलों की संख्या न्यायपालिका के सामने एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने 32 वर्षों से अधिक समय तक लंबित मामलों के गंभीर मुद्दे पर विचार करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विशेष लोक अदालत सप्ताह जैसे कार्यक्रमों का अधिक आवृत्ति के साथ आयोजन किया जाना चाहिए। इससे लंबित मामलों से निपटने में मदद मिलेगी। सभी हितधारकों को इस समस्या को प्राथमिकता देकर इसका समाधान निकालना होगा। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि इस सम्मेलन के एक सत्र में मुकदमों के प्रबंधन से संबंधित कई पहलुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन चर्चाओं से व्यावहारिक परिणाम सामने आएंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा संविधान पंचायतों और नगरपालिकाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर विधायी और कार्यकारी निकायों की शक्ति और जिम्मेदारियों का प्रावधान करता है। उन्होंने पूछा कि क्या हम स्थानीय स्तर पर इनके समतुल्य न्याय प्रणाली के बारे में सोच सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषा और स्थानीय परिस्थितियों में न्याय प्रदान करने की व्यवस्था करने से न्याय को हर किसी के घर तक पहुंचाने के आदर्श को प्राप्त करने में मदद मिल सकती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी न्यायपालिका के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनके समाधान के लिए सभी हितधारकों द्वारा समन्वित प्रयासों की आवश्यकता होगी। उदाहरण के लिए, साक्ष्य और गवाहों से संबंधित मुद्दों का समाधान खोजने के लिए न्यायपालिका, सरकार और पुलिस प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि जब दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध में अदालती फैसले एक पीढ़ी बीत जाने के बाद आते हैं, तो आम आदमी को लगता है कि न्यायिक प्रक्रिया में संवेदनशीलता का अभाव है। उन्होंने कहा कि यह हमारे सामाजिक जीवन का एक दुखद पहलू है कि कुछ मामलों में, साधन संपन्न लोग अपराध करने के बाद भी बेखौफ और खुलेआम घूमते रहते हैं। जो लोग अपराधों के पीड़ित होते हैं, वे इस डर में जीते हैं जैसे उन गरीबों ने ही कोई अपराध किया हो।

राष्ट्रपति ने कहा कि गांवों के गरीब लोग अदालत जाने से डरते हैं। वे बहुत मजबूरी में ही अदालत की न्याय प्रक्रिया में भागीदार बनते हैं। कई बार वे चुपचाप अन्याय सह लेते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि न्याय के लिए लड़ना उनके जीवन को और अधिक कष्टमय बना सकता है। उनके लिए गांव से दूर एक बार के लिए भी न्यायालय जाना, मानसिक और आर्थिक दबाव का कारण बन जाता है। ऐसे में कई लोग यह कल्पना भी नहीं कर सकते कि स्थगन की संस्कृति के कारण गरीब लोगों को कितना दर्द सहन करना पड़ता है। इस स्थिति को बदलने के लिए हर संभव उपाय किए जाने चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि जेल में बंद महिलाओं के बच्चों के सामने पूरा जीवन शेष होता है। हमारी प्राथमिकता उनके स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों का आकलन और सुधार करने से जुड़ी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किशोर अपराधी भी अपने जीवन के शुरुआती चरण में होते हैं। उनकी सोच और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय करना, उन्हें जीवन जीने के लिए उपयोगी कौशल प्रदान करना और उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करना भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुई कि सर्वोच्च न्यायालय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधान को पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू करने का आदेश दिया है। इसके तहत पहली बार जेल में बंद और निर्धारित अधिकतम कारावास अवधि का एक तिहाई हिस्सा काट चुके लोगों को जमानत पर रिहा करने का प्रावधान है। उन्होंने विश्वास जताया कि आपराधिक न्याय की नई प्रणाली को इस तत्परता से लागू करके हमारी न्यायपालिका न्याय के एक नए युग की शुरुआत करेगी।

लोकमाता देवी अहिल्याबाई के आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिये होंगे लगातार कार्यक्रम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई के आदर्शों, सिद्धांतों, व्यक्तित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिये राज्य शासन द्वारा समिति का गठन किया जायेगा। इस समिति के माध्यम से लगातार कार्यक्रम होंगे। समिति गठन के संबंध में शीघ्र ही आदेश जारी किये जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई हम सबकी आदर्श और प्रेरणा स्त्रोत है। उन्होंने जनहितैषी और ममतामयी विशेष शासन व्यवस्था से देश में विशेष पहचान स्थापित की है। वे सनातन धर्म की बड़ी संवाहक रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में पुण्य सलिला देवी अहिल्याबाई होलकर की 229 वीं पुण्यतिथि पर आयोजित गुणीजन सम्मान, पुरस्कार वितरण एवं पुण्य स्मरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों में काम करने वाले श्रीयुत श्रीकांत वासुदेव को गुणीजन सम्मान प्रदान किया। अहिल्या उत्सव के दौरान एक माह तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये। डॉ. यादव ने अहिल्या उत्सव पर आयोजित माँ अहिल्याबाई होलकर की पालकी यात्रा का पूजन किया और उन्होंने बड़ी श्रद्धा के साथ पालकी को अपने कांधों पर थामकर यात्रा की शुरूआत की। उन्होंने माँ अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इतिहास में इंदौर का विशेष स्थान रहा है। यहां देवी अहिल्याबाई होलकर जैसी न्यायप्रिय, कुशल संगठक, कुशल प्रबंधक, संघर्षशील, धर्मप्रिय एवं उद्दतभाव वाली ममतामयी शासक रही हैं। उन्होंने अपनी शासन व्यवस्था से देश में विशेष पहचान कायम की है और भगवान शिव को आराध्य मानकर साथ में रखकर और शासन व्यवस्था चलायी। उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण और जल-संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में किये गये कार्य आज भी हमारे लिए प्रेरणा के स्त्रोत है। उन्होंने सम्पूर्ण राष्ट्र में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यों को बढ़ावा दिया है। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व, आदर्श और सिद्धांत हमारे लिये प्रेरणास्पद है। उनके आदर्शों, सिद्धांतों, व्यक्तित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिये राज्य शासन द्वारा समिति का गठन किया जा रहा है।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि पुण्य सलिला देवी अहिल्याबाई होलकर ने जल-संरक्षण के क्षेत्र में हमें नई दिशा दिखायी है। उनके इन कार्यों से प्रेरणा लेकर हमने इंदौर जिले में अभियान चलाकर जन-भागीदारी से 200 से अधिक तालाबों का गहरीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई का उत्सव समाज का उत्सव है। इस उत्सव में समाज के हर वर्ग, हर जाति, हर धर्म, हर आयु वर्ग के लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं। माँ अहिल्याबाई के पुण्य प्रताप का लाभ इंदौर को हमेशा मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि उनके बताये मार्गों और सिद्धांतों पर चलकर हम सब इंदौर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

अहिल्या उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक डागा ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, शिव गंगा अभियान के प्रमुख महेश शर्मा, यशवंतराव होलकर (तृतीय) सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

गुना के हनुमान टेकरी मंदिर के आभूषण ले जाने वाले अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रूपए का इनाम

गुना के सुप्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर से हनुमानजी के आभूषण चुराने वाले 6 अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना ने 30 हजार रूपए का नगद इनाम घोषित किया है। जो भी व्यक्ति विधि संगत तरीके से इन आरोपियों को गिरफ्तार कराने में मदद करेंगे, उन्हें यह इनाम प्रदान किया जायेगा।

ज्ञात हो गत 24 – 25 अगस्त की मध्य रात्रि में आधा दर्जन अज्ञात असमाजिक तत्वों द्वारा गुना के सुप्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर के चौकीदार को बाँधकर हनुमानजी की मूर्ति से चाँदी का मुकुट, चाँदी का पर्वत, चाँदी का छत्र, चाँदी के दो गदा, चाँदी के आठ कड़े, चाँदी की दो माला, एक जोड़ी चाँदी की चरण पादुका, चाँदी का एक हृदय भूषण तथा सिद्धबाबा मंदिर से चाँदी का ‍त्रिपुण्ड, दुर्गा माता का चाँदी का मुकुट व दान पात्र में रखी गई धनराशि की डकैती की गई थी। इन आरोपियों ने मंदिर के चौकीदार को बांधकर इस वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही चौकीदार शिशुपाल यादव का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए थे।

इन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना गुना में डकैती व अन्य आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक गुना द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था। अपराध की गंभीरता को देखते हुए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक सक्सेना ने गिरफ्तारी का इनाम बढ़ाकर 30 हजार रूपए कर दिया है।

आईएटीओ के 39वें वार्षिक सम्मेलन के समापन अवसर पर बोले मंत्री लोधी – मध्यप्रदेश में पर्यटकों को होता है आध्यात्मिकता और आलोकिकता का अनुभव

भोपाल में आयोजित आईएटीओ (इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स) के तीन दिवसीय 39वें वार्षिक सम्मेलन के समापन अवसर पर प्रदेश सरकार के संस्कृति, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि हिंदुस्तान के दिल मध्य प्रदेश ने सदैव “अतिथि देवो भव” की परंपरा को संजोकर रखा है, प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण मध्यप्रदेश सदियों से समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, शिल्प-कला, आध्यात्मिक दर्शनीय स्थल एवं विविध वन्यजीवों के लिए दुनिया भर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है।

मंत्री लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटकों को आध्यात्मिकता और आलोकिकता का अनुभव होता है, उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि साल 2023 में 11 करोड़ 23 लाख से अधिक पर्यटक मध्य प्रदेश आए आगे उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ स्वच्छता भी महत्वपूर्ण विषय है हमें गर्व है कि हमारा इंदौर लगातार सातवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर है, झीलों की नगरी भोपाल देश का पांचवां सबसे स्वच्छ शहर है। मंत्री लोधी ने सम्मेलन में शामिल हुए सभी डेलीगेट्स से मध्यप्रदेश भ्रमण करने का आग्रह किया और कहा कि आप अपने अच्छे अनुभव से अन्य पर्यटकों को भी अवगत कराएं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रेसिडेंट आईएटीओ राजीव मेहरा, वाईज प्रेसिडेंट आइएटीओ रवि गोसाईं, सुनील मिश्रा, महेंद्र प्रताप सिंह, प्रबंध संचालक पर्यटन विकास निगम इलैया राजा, एमडी पर्यटन बोर्ड विदिशा मुखर्जी समेत देशभर से पधारे डेलीगेट्स उपस्थित रहे।

झांकी – पंडाल में अस्थाई कनेक्शन लेकर ही साज- सज्जा करें

गणेशोत्सव त्यौहार तथा अन्य त्यौहारों में पंडालों को अस्थायी कनेक्शन देने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने माकूल प्रबंध किए हैं। कंपनी ने धार्मिक उत्सव समितियों और बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक पण्डालों एवं झॉंकियों में बिजली साज-सज्जा,नियमानुसार ऑनलाइन अस्थाई कनेक्शन लेकर ही करें।

बिजली कंपनी के पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रपत्र में सही, संयोजित विद्युत भार को दर्शाते हुए अस्थायी कनेक्शन हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करें। लायसेंसी विद्युत ठेकेदार की टेस्ट रिपोर्ट आवेदन में संलग्न करें एवं वायरिंग इत्यादि लायसेंसधारी विद्युत ठेकेदार से ही करवाएं।

आवेदन में दर्शाए अनुसार विद्युत भार के अनुरूप सुरक्षा निधि एवं अनुमानित विद्युत उपभोग की राशि अग्रिम जमा कराकर बिजली कंपनी से अस्थाई कनेक्शन की रसीद अवश्य लें। रसीद की लेमीनेटेड प्रति अनिवार्य रूप से पंडाल/झॉंकी के सामने लगाएं। आवेदित विद्युत भार से अधिक भार का उपयोग विद्युत साज-सज्जा के लिए न करें। विद्युत कनेक्शन मीटरीकृत होगा एवं विद्युत देयक की बिलिंग नियमानुसार अस्थायी कनेक्शन हेतु लागू घरेलू दर पर की जाएगी।

झांकियों के निर्माण एवं विद्युत साज-सज्जा में सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अनधिकृत तरीके से विद्युत का उपयोग न करें। अधिक जानकारी के लिए कंपनी के टोल फ्री नंबर पर भी कॉल कर सकते हैं अधिक भार से ट्रांसफार्मर के जलने की संभावना तथा दुर्घटना की आशंका। पारेषण एव वितरण प्रणाली पर विपरीत असर होने से अंधेरे की संभावना। अनधिकृत विद्युत उपयोग करने पर इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 के तहत उपयोगकर्ता एवं जिस विद्युत ठेकेदार से कार्य कराया गया है, उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही। अनधिकृत विद्युत उपयोग की दशा में संबंधित विद्युत ठेकेदार के लायसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही।

भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व कल से प्रारंभ, राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर होंगे कार्यक्रम

भारतीय जनता पार्टी का देशव्यापी संगठन पर्व कल सोमवार से प्रारंभ होने जा रहा है। संगठन पर्व के अंतर्गत कल सोमवार को सायं 5 बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। इसी के साथ देशव्यापी संगठन पर्व का शुभारंभ होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारीगण कल भाजपा प्रदेश कार्यालय में सायं 5 बजे संगठन पर्व शुभारंभ कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को देखेंगे।

सिंधी मेला समिति द्वारा आयोजित कुकिंग कॉप्टिशन पुरस्कार वितरण समारोह

सिंधी मेला समिति द्वारा आयोजित
कुकिंग कॉप्टिशन पुरस्कार वितरण समारोह

भोपाल। सिंधी मेला समिति द्वारा पिछले दिनों आयोजित कुकिंग कॉप्टिशन में भाग लेनी वाली महिलाओं के लिए रविवार को मानस भवन में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन आयोजित किया गया था। जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवान दास सबनानी शामिल हुए। साथ ही श्रीमती अमिता श्रीवास्तव ( दिल्ली दरबार) दिनेश नेहा इदनानी (निर्देशक फन रीजेसी) मुख्य अतिथि एवं प्रभदीप सिह ( भोपाल फ़ूड लवर्स) मुद्रा केसवानी ( फ़ूड ब्लागर) को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ सिंधी समाज के अराध्य भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया गया। उसके बाद कुकिंग कॉप्टिशन में भाग लेने वाली सभी महिलाओं अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सबनानी ने उपस्थित

सभी महिला प्रतिभागियों की सहारहना करते हुए कहा कि आप सभी मात्रशक्ति बधाई के पात्र है, इस कुकिंग कॉप्टिशन करने का मुख्य उद्देश्य अपनी युवा पीढ़ी को अपने खाने से रूबरू करवाना है, अपनी भाषा, संस्कृति, को बचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम सिंधी समाज में लगातार आयोजित होने चाहिए। यह समारोह पूर्ण रूप से महिलाओं को समर्पित रहा है साथ ही इस कुकिंग कंपीटिशन प्रतिस्पर्धा में लगभग 600 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया था। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता का आयोजन भोपाल के 21 सेंटरो के साथ नर्मदापुरम सहित विदिशा, गंजबसोदा में भी आयोजित किया गया था। इस अवसर पर प्रमुख रूप से समिति के अध्यक्ष मनीष दरयानी महासचिव नरेश तलरेजा. के. एल. दलवानी, किशोर तनवानी, हरीश नागदेव, हरकिशन निहालानी, महेश बजाज सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...