संगठन पर्व हमारे लिए पार्टी का सबसे बड़ा त्योहार, इसे ऐतिहासिक बनायें – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले के मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक एवं मिसरोद मंडल के बूथ क्रमांक 302 की संगठन पर्व बूथ कार्यशाला को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक को प्रदेश कार्यालय में सम्बोधित करते हुए कहा कि पार्टी का संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। हमें प्राणप्रण से जुटकर सदस्यता के लिए पार्टी ने जो लक्ष्य तय किया है उसे हासिल करना है। सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि कमजोरी को मजबूती में बदलने का अवसर है। वहीं बूथ की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांगेस ने आजादी के बाद से ही देश की एकता और अखंडता को खंडित करने का कार्य किया। प्रधानमंत्री गरीबों का जीवन संवार रहे हैं, उन्हें मजबूती देने के लिए रिकॉर्ड संख्या में सदस्य बनाएं। मोर्चा-प्रकोष्ठों की बैठक को प्रदेश महामंत्री, प्रदेश सदस्यता प्रभारी व विधायक भगवानदास सबनानी, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी सम्बोधित किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। समय कम है हमें मेहनत ज्यादा करनी है। मोर्चा प्रकोष्ठ हमारी ताकत है। हमें हर बूथ पर 200 से अधिक नए सदस्य जोड़ना है और इस काम में हर मोर्चे की भूमिका होगी। मोर्चा और प्रकोष्ठ योजनाएं बनाकर कार्य प्रारंभ करें सफलता अवश्य मिलेगी। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भोपाल में कुछ विधानसभा सीटें ऐसे लोगों के हाथ में है जो दिन भर देशद्रोही ताकत के साथ खड़ी रहती है। हमें इन विधानसभाओं के बूथों पर अधिक फोकस करना है। उन्होंने कहा कि हमारे मोर्चे और प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बनाने का माध्यम हैं। सदस्यता अभियान में भोपाल के कार्यकर्ता अपनी-अपनी भूमिका निभाकर लक्ष्य हासिल करने में जुट जाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में कांग्रेस ने झूठ और छल-कपट की राजनीति है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब के इलाज चिंता की। ट्रिपल तलाक का कानून बनाकर मुस्लिम समाज की महिलाओं को नरक से झुटकारा दिलाने का कार्य किया। गरीबों को प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज और मकान दिया है। हमें अल्पसख्यकों के पास जाकर उन्हे पार्टी से जोड़ना है। झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता को झोपड़ी में रहने वाले को भी सदस्य बनाना है। पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था हमारा परंपरागत विरोधी है, उन्हें भी मतदाता बनाना है, जो मतदाता बन गये हैं, उन्हें सदस्य बनना है। उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि जिन क्षेत्रों में हम कमजोर हैं, उनमें मजबूती प्रदान करने के लिए है। देश में आज भी कई ताकतें विद्वेष फैला रही हैं। इन ताकतों पर प्रहार करने के लिए भाजपा का शक्तिशाली होना जरूरी है। इसलिए सदस्यता अभियान में पार्टी का विस्तार कर पार्टी की ताकत बढ़ाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भोपाल में गोविंदपुरा विधानसभा के मिसरोद मंडल के बूथ क्रमांक 302 की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश के आजाद होने के तुरंत बाद से ही देश की एकता और अखंडता को खंडित करने का कार्य किया है। स्व. जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने और उन्होंने जम्मू-कश्मीर राज्य को अलग स्वायत्तता प्रदान करने का प्रावधान संविधान में करा दिया, जिससे जम्मू-कश्मीर का झंडा अलग, प्रधानमंत्री अलग हो गया। तब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की और एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेगा का नारा देते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन किया और बलिदान दिया। जनसंघ ही आगे चलकर वर्ष 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी बनी। आप सभी गर्व करें कि उस पार्टी के सदस्य हैं, जिनके नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दे दिया। आप लोगों की मेहनत से स्पष्ट बहुमत की केंद्र में सरकार बनी तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटा दिया। अब कश्मीर के लालचौक पर 24 घंटे शान से तिरंगा लहरा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों का जीवन संवारने के लिए कार्य कर रहे हैं। वे एक गरीब के घर में पैदा हुए, इसलिए उन्हें गरीबों का दुःख और दर्द अच्छे से पता है। प्रधानमंत्री बनते ही नरेन्द्र मोदी ने गरीबों को पक्की छत देने के लिए पीएम आवास योजना शुरू की। गांव-गांव पक्की सड़क और स्वच्छ पेय जल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन लागू किया। कोरोना संक्रमण काल आया तो प्रधानमंत्री ने देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने की योजना चलाई, जो आज भी चल रही है। गरीबों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान योजना लागू करके देश के हर गरीब को 5 लाख रूपए के मुफ्त इलाज की गारंटी पदान की। जो गरीब पक्के मकान से वंचित रह गए हैं, उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही नरेन्द्र मोदी ने 3 करोड़ पक्के मकान बनाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। जो देश की आम जनता, महिला, गरीब, युवा, किसान की जिंदगी को संवार रहे हैं, ऐसे इसलिए कर पा रहे हैं, क्योंकि आप सभी कार्यकर्ताओं ने मजबूत संगठन के साथ प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय दिलाई है। प्रधानमंत्री के हाथ को और मजबूती देने के लिए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर प्रधानमंत्री मोदी को और ताकतवर बनाने का कार्य करें।

मध्यप्रदेश में पर्यटन क्रांति लाएगा आईएटीओ – उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनेगा। देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए तीन क्रांतियां जरूरी है। पहली हरित क्रांति, दूसरी औद्योगिक क्रांति और तीसरी पर्यटन क्रांति है। देश और मध्यप्रदेश में पर्यटन क्रांति को लाने में आईएटीओ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उप मुख्यमंत्री शुक्ल आईएटीओ के 39वें अधिवेशन के समापन समारोह को होटल ताज में संबोधित कर रहें थे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार बहुत जरूरी है। आईएटीओ के सदस्य इस अधिवेशन के माध्यम से मध्यप्रदेश के पर्यटन को करीब से जानेंगे और पर्यटकों को इसकी जानकारी देंगे। इससे निकट भविष्य में मध्यप्रदेश में विदेशी पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा होगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आईएटीओ के सदस्य टूर और ट्रैवल ऑपरेटर से विदेशी पर्यटकों के बीच मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों का प्रचार करने और मध्यप्रदेश आने के लिए प्रेरित करने का आग्रह भी किया।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पर्यटन की दृष्टि से देश में अग्रणी राज्य बनेगा। मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के आईएटीओ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री लोधी ने आईएटीओ सदस्यों को मध्यप्रदेश की पर्यटन संबंधी विशेषताओं और पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने के शासन के प्रयासों की जानकारी दी। मंत्री लोधी ने कहा कि कन्वेंशन के बाद सभी आईएटीओ सदस्यों को FAM टूर के माध्यम से मध्यप्रदेश का भ्रमण कराया जायेगा। सभी सदस्य मध्यप्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध संस्कृति को करीब से जान पायेंगे। मंत्री लोधी ने सभी आईएटीओ सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में मध्यप्रदेश में आमंत्रित करने का आग्रह किया।

आईएटीओ अध्यक्ष राजीव मेहरा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने आईएटीओ सदस्यों की तरफ से मध्यप्रदेश में अधिक संख्या में पर्यटकों को लाने का भरोसा भी दिया। आईएटीओ अध्यक्ष राजीव मेहरा ने उप मुख्यमंत्री शुक्ल और राज्यमंत्री लोधी को सम्मान स्वरूप भगवान कृष्ण की प्रतिमा भेंट की।

आईएटीओ के मध्यप्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आईएटीओ ने पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राज्यों और संस्थाओं को सम्मानित किया। इसमें मध्यप्रदेश को बेस्ट प्रोमोशनल पब्लिकेशन बाय स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी ने ग्रहण किया।

कायर्क्रम के समापन अवसर पर प्रख्यात स्टैंड अप कॉमेडियम सुंगधा मिश्रा ने परफॉर्म किया और अपनी मिमिक्री स्टाइल से कॉन्फ्रेंस हॉल में मौजूद लोगों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम इलैयाराजा टी, आईएटीओ उपाध्यक्ष रवि गोसाई सहित आईएटीओ के सदस्य उपस्थित रहें।

अधिवेशन के तीसरे दिन की शुरुआत ‘रन फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म’ से हुई। वीआईपी रोड से शुरू हुई 5 किमी दौड़ को प्रबंध संचालक, पर्यटन विकास निगम इलैयाराज टी एवं टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक (एएमडी) बिदिशा मुखर्जी ने हरी झंडी दिखाई। देशभर से आए IATO के 500 से ज्यादा सदस्यों ने दौड़ में भाग लेकर पर्यावरण अनुकूल पर्यटन का संदेश दिया। दौड़ का समापन इंपीरियल सेगवे से होते हुए गौहर महल पर हुआ। इस दौरान उन्हें भोपाल के प्राकृतिक सौंदर्य और विरासत का मिश्रण देखने का मिला।

मध्यप्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, गौरवशाली इतिहास, वैभवशाली संस्कृति, विविध वन्यजीवन से दुनियाभर के पर्यटकों को अवगत कराने के लिए पोस्ट इवेंट फेम टूर संचालित किये जा रहे हैं। आईएटीओ के सदस्य को इंदौर, उज्जैन, भोपाल, रीवा, पचमढ़ी, भोजपुर, भीमबेटका, सांची, धार इत्यादि पर्यटन गंतव्यों में ले जाकर पर्यटन स्थलों की विशेषताओं और पर्यटन सुविधाओं से अवगत कराया जायेगा। कुल 10 फैम टूर में 350 से अधिक आईएटीओ सदस्य शामिल हो रहे हैं।

अधिवेशन के अंतिम दिन के पहले सेशन में ‘पर्यटन और आतिथ्य उद्योग में तालमेल’ पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान भारत में निजी क्षेत्र में पर्यटन और आतिथ्य उद्योग के शीर्ष निकाय का नेतृत्व करने वाले विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को संयुक्त क्षेत्रों की पहचान करके, सहयोग करने और नेटवर्किंग करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस सत्र में पद्मश्री अजीत बजाज, फेथ संस्था के वाइस चेयरमैन अमरेश तिवारी, TAAI की प्रेसिडेंट ज्योति मयाल ने अपने विचार रखे।

मध्यप्रदेश की उन्नति के लिए समर्पित हैं डॉ. मोहन यादव : आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज

आचार्य 108 प्रज्ञा सागर महाराज ने मध्यप्रदेश में जन-कल्याण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना की है। आज राजस्थान के झालरापाटन में अपने 52 वें जन्म दिवस और 36 वें चातुर्मास कार्यक्रम में जैन मुनि प्रज्ञा सागर महाराज ने कहा कि मध्यप्रदेश की उन्नति के लिए समर्पित और ऊर्जावान मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. यादव ने अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आशीर्वाद भी दिया।

आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेरे 50 वें और 51 वें जन्म दिवस पर उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में पधारे थे। आज वे मुख्यमंत्री के रूप में आए हैं। निश्चित ही उनका यह भाव प्रभावित करता है। उन्होंने मेरी जन्म वर्षगांठ के अवसर पर निरंतर तीन वर्ष आकर हैट्रिक बनाई है। इस चातुर्मास कार्यक्रम और महोत्सव को उन्होंने बहुमुखी बना दिया है। महोत्सव में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने उपस्थित होकर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संतों का आर्शीवाद पूँजी की तरह है। हमारे देश में संतों और धर्माचार्यों का स्थान सर्वोच्च है। सम्पूर्ण समाज संतों से मार्गदर्शन प्राप्त करता है। हमारे संतों ने सनातन संस्कृति को निरंतर कायम रखा है। किसी मनुष्य ने स्वर्ग नहीं देखा लेकिन संतों का सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त होना जीवन को धन्य करने और स्वर्गिक आनंद की अनुभूमि प्राप्त करने जैसा है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि काल के प्रवाह में यूनान,रोम और कई देशों का अस्तित्व और सभ्यता खत्म हो गई क्योंकि उन देशों में संत परम्परा नहीं थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का चातुर्मास कार्यक्रम समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज को स्मृति चिन्ह प्रदान किया एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजस्थान और मध्यप्रदेश के अनेक स्थानों के धर्म प्रेमी नागरिक उपस्थित थे। महोत्सव में श्रद्धालुओं के साथ ही सांस्कृतिक दल के सदस्यों ने भजनों के साथ नृत्य कार्यक्रम उल्लास के साथ प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर आचार्य के निर्देशन में हुए मंदिरों के जीर्णोद्धार से संबंधित छायाचित्रों के दो एलबमों का लोकार्पण भी किया।

 

कमर्शियल गैस सिलेंडर 39 रुपये हुआ महंगा, नई दरें आज से लागू

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 39 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरें रविवार से लागू हो गई हैं।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक राष्‍ट्रीय राजधानी नई दिल्‍ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस की कीमत 39 रुपये बढ़कर अब 1691.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गयी है, जो पहले 1652.50 रुपये में मिल रहा था। हालांकि थोड़ी राहत की बात यह है कि ऑयल कंपनियों ने 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब नई दरें भी सामने आ गई हैं।

वहीं, कोलकाता में इसका दाम बढ़ कर 1802.50 रुपये हो गया है, जो पहले 1764.50 रुपये था। इसी तरह मुंबई में कमर्शियल गैस की कीमत बढ़ कर 1605 रुपये से 1644 रुपये हो गयी है। इसके अलावा चेन्नई में ये सिलेंडर 1855 रुपये का मिल रहा है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह 803 रुपये और मुंबई में 802.50 रुपये का मिल रहा है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव तारीख में बदलाव, 1 अक्टूबर के बजाय अब पांच को वोटिंग, नतीजे 8 अक्टूबर को

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख चुनाव आयोग ने बदल दी है। 90 सीटों पर चुनाव 1 अक्टूबर की जगह अब 5 अक्टूबर को होंगे। इसके अलावा परिणाम 8 अक्टूबर को आएंगे। आयोग ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के भी नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित करने का ऐलान किया है। पहले दोनों राज्यों के नतीजे 4 अक्टूबर को आने वाले थे।

चुनाव आयोग ने कहा कि राजस्थान की ऑल इंडिया बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हमसे तारीख बदलने की मांग की थी। उनका कहना था कि कई पीढ़ियों से पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के कई परिवार गुरु जम्भेश्वर की याद में बीकानेर जिले में ‘असोज’ महीने की अमावस्या के दौरान पैतृक गांव मुकाम में सालाना उत्सव में भाग लेते हैं।

इस साल यह उत्सव 2 अक्टूबर को पड़ रहा है। इसके चलते सिरसा, फतेहाबाद और हिसार के हजारों बिश्नोई परिवार मतदान के दिन राजस्थान की यात्रा करेंगे, जिससे वे 1 अक्टूबर को वोट नहीं डाल पाएंगे।

आपको बता दें कि बिश्नोई समाज का करीब 11 विधानसभा क्षेत्रों में असर है जिसमें भिवानी, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में बिश्नोई बाहुल्य गांव हैं। जिनमें करीब डेढ़ लाख वोट है। इसमें आदमपुर, उकलाना, नलवा, हिसार, बरवाला, फतेहाबाद, टोहाना, सिरसा, डबवाली, ऐलनाबाद, लोहारू विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने चुनाव आयोग को लेटर लिखकर कहा था कि 28 और 29 सितंबर को शनिवार-रविवार है। 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी, जबकि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और 3 अक्टूबर को अग्रसेन जयंती की छुट्टी है। इतनी लंबी छुट्टियों में वोटर बाहर घूमने निकल जाएंगे। इससे वोटिंग कम हो सकती है।

बड़ौली ने लेटर में यह भी बताया कि 2 अक्टूबर को राजस्थान में मुकाम धाम में आसोज का मेला शुरू होगा। यह बिश्नोई समाज का बड़ा धार्मिक कार्यक्रम है। इस मेले में राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली से लोग पहुंचते हैं। हरियाणा में बिश्नोई समाज की जनसंख्या अधिक है। इसका असर भी वोटिंग पर हो सकता है।

INLD के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला INLD महासचिव अभय सिंह चौटाला ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर 1 अक्टूबर को होने वाले मतदान की तारीख को आगे बढ़ाने की BJP की मांग का समर्थन किया था। उन्होंने लेटर में लिखा, चूंकि लोग आमतौर पर वीकेंड पर छुट्टियों पर जाते हैं, इसलिए यह निश्चित रूप से मतदान को प्रभावित करेगा।

अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त को लेटर लिखकर चुनाव की डेट बदलने की मांग की थी। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुडिया ने कहा कि एक अक्टूबर को राजस्थान के बीकानेर में बड़े मेले का आयोजन होगा। इसमें बिश्नोई समाज के काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में चुनाव की तारीख बदली जाए।

राजस्थान के बीकानेर में मुकाम धाम स्थित है, जहां आसोज अमावस्या पर मेला लगता है। बता दें कि इस बार आसोज अमावस्या एक अक्टूबर को रात 9:39 बजे शुरू होगी और 3 अक्टूबर को 12:18 बजे समाप्त होगी।

एनएचपीसी लिमिटेड को ‘नवरत्न’ कंपनी का दर्जा मिला

राष्ट्रीय जल विद्युत निगम लिमिटेड (एनएचपीसी) को भारत सरकार द्वारा ‘नवरत्न’ कंपनी का प्रतिष्ठित दर्जा प्रदान किया गया है। सार्वजनिक उद्यम विभाग (वित्त मंत्रालय) द्वारा 30 अगस्त, 2024 को जारी किए गए एक आदेश के अनुसार, एनएचपीसी को ‘नवरत्न’ कंपनी घोषित किया गया है, जिससे इसे ज्यादा परिचालनीय और वित्तीय स्वायत्तता मिल गई है।

एनएचपीसी के सीएमडी आर.के. चौधरी ने कहा, “यह एनएचपीसी परिवार के लिए वास्तव में एक ऐतिहासिक क्षण है और साथ ही यह हमारी उल्लेखनीय वित्तीय और परिचालनीय उपलब्धियों को मान्यता देना है।” उन्होंने एनएचपीसी परिवार की ओर से विद्युत मंत्रालय के प्रति उनके एनएचपीसी पर अटूट विश्वास और उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया, जिसके फलस्वरूप भारत सरकार द्वारा एनएचपीसी को ‘नवरत्न’ का दर्जा प्रदान किया गया है। चौधरी ने यह भी कहा कि, “एनएचपीसी भारतीय विद्युत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी रही है और इसमें देश की जलविद्युत क्षमता का दोहन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम एक पूर्ण हरित विद्युत कंपनी हैं, जिसने पवन और सौर ऊर्जा विकल्पों में भी विविधता लाई है।”

‘नवरत्न’ का दर्जा मिलने से एनएचपीसी को कई अहम फायदे होंगे। इससे निर्णय लेने में तेजी आएगी, कार्यकुशलता बढ़ेगी और कर्मचारी सशक्त होंगे। इससे प्रमुख पूंजीगत व्यय और निवेश योजनाओं को समर्थन मिलेगा, विकास को गति मिलेगी, बाजार पहुंच का विस्तार होगा तथा दीर्घकालिक लाभ हासिल होंगे। एनएचपीसी के पास संयुक्त उद्यम और विदेशी कार्यालय स्थापित करने, नए बाजारों तक पहुंचने और स्थानीय विशेषज्ञता का लाभ उठाने के लिए बढ़ी हुई शक्तियां होंगी। इसके अलावा, यह तकनीकी गठबंधनों को आगे बढ़ाकर और बाजार में अपनी स्थिति को मजबूत करके नवाचार को बढ़ावा देगा। यह विलय और अधिग्रहण को सुगम बनाएगा, जिससे विकास और बाजार की हिस्सेदारी में बढ़ोतरी होगी।

वर्तमान में, एनएचपीसी की कुल स्थापित क्षमता 7144.20 मेगावाट है और कंपनी वर्तमान में कुल 10442.70 मेगावाट क्षमता की परियोजनाओं के निर्माण में लगी हुई है। इनमें 2000 मेगावाट क्षमता की सुबनसिरी लोअर परियोजना (असम/अरुणाचल प्रदेश) और 2880 मेगावाट क्षमता की दिबांग बहुउद्देश्यीय परियोजना (अरुणाचल प्रदेश) शामिल हैं। वर्तमान में, एनएचपीसी 50000 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली परियोजनाओं पर काम कर रही है, जो विकास के विभिन्न चरणों में हैं। एनएचपीसी 2032 तक 23000 मेगावाट और 2047 तक 50000 मेगावाट की स्थापित क्षमता हासिल करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

 

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने 7वें राष्ट्रीय पोषण माह 2024 का शुभारंभ किया

गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर से कल 7वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। देश भर में पोषण संबंधी जागरूकता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने पर केंद्रित इस कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल, गुजरात सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री भानुबेन बाबरिया, भारत सरकार और गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

दिन की शुरुआत सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक “एक पेड़ मां के नाम” के तहत राष्ट्रव्यापी पौधारोपण अभियान से हुई। केंद्रीय मंत्री ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस अभियान का नेतृत्व किया और गांधीनगर के एक आंगनवाड़ी केंद्र में फलदार पौधे लगाए, जो पोषण और पर्यावरणीय स्थिरता के महत्व का प्रतीक हैं।

मुख्य कार्यक्रम महात्मा मंदिर में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने प्रमुख भाषण दिया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्‍होंने देश के विकास की संवृद्धि हेतु मजबूत और स्वस्थ मानव संसाधन के निर्माण में पोषण के महत्व पर जोर दिया।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में बच्चों और किशोरों का बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने और जीवन चक्र दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करके कुपोषण की समस्‍या से निपटने पर जोर दिया। उन्होंने चार स्तंभों – सुशासन, अभिसरण, क्षमता निर्माण, सामुदायिक भागीदारी और स्वामित्व पर जोर दिया, जिन पर पोषण 2.0 की सफलता निर्भर है।

अनिल मलिक, सचिव, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया तथा आहार में विविधता को बढ़ावा देने और दैनिक आहार में स्थानीय रूप से उगाए जाने वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के महत्व के बारे में चर्चा की।

गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को ‘न्‍यूट्री बास्‍केट’ प्रदान की गईं तथा शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार किया गया। गणमान्य व्यक्तियों द्वारा वहली डिक्री योजना, विधवा पेंशन योजना, विधवा पुनर्विवाह सहायता योजना और महिला स्वालंबन योजना आदि सहित विभिन्न योजनाओं की लाभार्थियों को उनकी संबंधित योजना के तहत विशेष लाभ प्रदान किए गए।

आयोजन स्थल पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसमें पोषण ट्रैकर, पोषण भी पढ़ाई भी और राज्य की ओर से शुरू की गई पोषण और महिला सुरक्षा से संबंधित अन्य पहलों जैसे ‘वांगी प्रदर्शन’, 181 हेल्पलाइन आदि को प्रदर्शित किया गया।

स्तनपान और पूरक आहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित विविध क्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रस्‍तुतियों और नाटकों ने पोषण के महत्व को और अधिक रेखांकित किया। 7वां राष्ट्रीय पोषण माह 2024 – एनीमिया, विकास निगरानी, पूरक आहार, पोषण भी पढ़ाई भी, बेहतर शासन के लिए प्रौद्योगिकी और एक पेड़ मां के नाम विषयों पर केंद्रित होगा।

प्रधानमंत्री के ‘सुपोषित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “पोषण माह एक राष्ट्रव्यापी उत्सव बन रहा है और जन आंदोलन का रूप ले रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अपने मिशन पोषण 2.0 के माध्यम से देश भर में बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं में कुपोषण की समस्‍या से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है।” महीने भर चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य कुपोषण से निपटने के प्रयासों में और तेजी लाना तथा देश भर में समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।

 

टीम इंडिया फ्रांस में विश्व कौशल प्रतियोगिता 2024 में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार

भारत फ्रांस के लियोन में विश्व कौशल प्रतियोगिता 2024 में अपनी युवा प्रतिभा दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस प्रतियोगिता में 60 प्रतिभागी 61 कौशल प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिसमें 70 देशों के प्रतिस्पर्धी शामिल होंगे। विश्व कौशल प्रतियोगिता एक द्विवार्षिक कौशल आयोजन है, जिसे आम तौर पर अंतर्राष्ट्रीय कौशल आयोजनों का ओलंपिक खेल माना जाता है।

52 से अधिक विश्व कौशल विशेषज्ञ, 100 से अधिक उद्योग और शैक्षणिक साझेदारों के सहयोग के साथ, भारतीय दल को प्रशिक्षण और तैयार करने में शामिल हुए हैं, जो विश्व कौशल प्रतियोगिता लियोन में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे बड़े समूह में से एक है।

यह प्रतियोगिता निर्माण, विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी और रचनात्मक कला सहित विभिन्न क्षेत्रों के कौशल में उत्कृष्टता प्रदर्शित करती है। प्रतियोगी, आम तौर पर 23 वर्ष से कम उम्र के, कठोर परीक्षण में शामिल होते हैं और ऐसे कार्यों को पूरा करते हैं जो समकालीन उद्योग मानकों को प्रतिबिंबित करते हैं। पहली बार, अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षकों को देश में आमंत्रित किया गया और प्रतियोगियों को अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन और कठोर प्रशिक्षण के लिए स्विट्जरलैंड के साथ दक्षिण कोरिया, जापान, ऑस्ट्रिया, थाईलैंड और दुबई जैसे देशों में भी भेजा गया।

विश्व कौशल प्रतियोगिता लियोन 2024 में भारत की भागीदारी पर टिप्पणी करते हुए, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के सचिव, श्री अतुल कुमार तिवारी ने कहा, “विश्व कौशल प्रतियोगिता 2024 में भारत की भागीदारी विश्वस्तरीय प्रतिभाओं के पोषण के लिए हमारे देश की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। हमारे युवा प्रतिस्पर्धी, विश्व कौशल विशेषज्ञों द्वारा कठोरता से प्रशिक्षित और उद्योग एवं शैक्षणिक भागीदारों द्वारा समर्थित, वैश्विक मंच पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए अच्छी तरह से तैयार हैं। यह यात्रा न केवल उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाती है, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय कौशल इकोसिस्टम में भारत के बढ़ते कद को भी प्रदर्शित करती है। वे लियोन में इस प्रतिष्ठित मंच पर कदम रख रहे हैं, हम बेहद गर्व और आत्मविश्वास के साथ उनके पीछे खड़े हैं, यह जानते हुए कि वे देश को गौरवान्वित करेंगे।”

भारतीय दल 1 सितंबर को दिल्ली पहुंचेगा और अंतिम चरण का प्रशिक्षण लेगा। प्रशिक्षण में योग सत्र, मानसिक शक्ति में सुधार के लिए मनोवैज्ञानिक परीक्षण, पोषण संबंधी परामर्श एवं मार्गदर्शन सम्मिलित हैं।

प्रतियोगिता के राष्ट्रीय संस्करण में 900 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित, भारत कौशल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के समापन पर, इस मंच ने पारंपरिक शिल्प से लेकर आधुनिक प्रौद्योगिकियों तक कौशल का प्रदर्शन किया।

ये भागीदार 6 सितंबर को लियोन के लिए रवाना होंगे। उनके लिए कौशल भवन में 3 सितंबर को विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां उनकी औपचारिक पोशाक का अनावरण किया जाएगा। भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री, जयंत चौधरी इन विजेताओं को फ्रांस में विश्व कौशल प्रतियोगिता 2024 के लिए रवाना करेंगे।

2022 संस्करण में, भारत ने 56 से अधिक प्रतियोगियों के साथ इस आयोजन में सबसे अधिक संख्या में भागीदारी की थी, जिनमें से 11 महिलाएं थीं और 12 प्रतियोगी आईटीआई से क्वालीफाई हुए थे। इसके साथ ही, भारत इस आयोजन में 11वें स्थान पर रहा। राष्ट्र को दो रजत पदक और तीन कांस्य पदक के साथ 13 उत्कृष्टता पदक प्राप्त हुए। देश ने वर्ष 2007 में भाग लेना शुरू किया और प्रतियोगिता में लगातार प्रगति देखी है। वर्ष 2017 में, भारत ने 19 पदक जीते और 2019 में इस सफलता के साथ 14वें स्थान पर रहा।

इस वैश्विक कौशल कार्यक्रम के लिए प्रतियोगियों का चयन मई 2024 में नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित भारत कौशल राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2024 के दौरान किया गया था। क्षेत्रीय प्रतियोगिता में 2.5 लाख से अधिक प्रतियोगियों के पंजीकरण हुए, जिनकी पहले दौर में एसआईडीएच के माध्यम से डिजिटल रूप से प्री-स्क्रीनिंग की गई थी। भागीदारी बढ़ाने के लिए साक्षात उपस्थिति और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से 200 से अधिक कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

भारत कौशल राष्ट्रीय प्रतियोगिता कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) की एक पहल है। यह कौशल प्रतियोगिताओं के लिए एक राष्ट्रीय मंच के रूप में कार्य करता है, जिसका उद्देश्य विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान करना और उनका पोषण करना है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मणिपुर विश्वविद्यालय के साथ मिलकर ‘भारत में मानवाधिकारों पर एक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम’ आयोजित किया

मणिपुर विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सहयोग से ‘भारत में मानवाधिकारों पर एक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम’ सफलतापूर्वक संपन्न किया। मणिपुर विश्वविद्यालय के कोर्ट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक कानूनी विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, मानवाधिकार रक्षकों और छात्रों ने हिस्सा लिया।

इस कार्यक्रम का समापन एनएचआरसी के महासचिव भरत लाल के भाषण के साथ हुआ। अपने संबोधन में लाल ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और संविधान में निहित राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांतों के सही अर्थ के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों को न्याय प्राप्त करने के लिए उपलब्ध संवैधानिक और कानूनी उपायों, विशेष रूप से न्याय प्राप्त करने के लिए अनुच्छेद 32, पर भी बात की। लाल ने नागरिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक-आर्थिक अधिकारों को बनाए रखने में सरकार की जिम्मेदारी को एक बार फिर दोहराया।

महासचिव महोदय ने संविधान में निहित लोगों के बीच बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया और न्याय प्राप्त करने के लिए हिंसा के बजाय, संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों पर भरोसा करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मानवाधिकारों का पालन एक आंतरिक प्रतिबद्धता होनी चाहिए, न कि बाहरी रूप से थोपा गया कर्तव्य।

लाल ने इस बात पर जोर दिया कि प्रस्तावना, जो कि संविधान की आत्मा है, इसमें समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल आदर्श समाहित हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंसा का कोई भी रूप मूल रूप से मानवाधिकारों का उल्लंघन है और इस बात पर प्रकाश डाला कि युद्ध, आतंकवाद और हिंसा मानव जीवन एवं सम्मान के लिए सबसे बड़े खतरों में से हैं। अपने संबोधन में, लाल ने छात्रों और शिक्षकों दोनों से सभी लोगों के मानवाधिकारों के लिए शांति एवं सम्मान को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने का आग्रह करते हुए, इस बात पर जोर दिया कि ये प्रयास युवा पीढ़ी के लिए समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए जरूरी हैं।

उन्होंने गुवाहाटी में एनएचआरसी के हाल ही में आयोजित शिविर पर भी प्रकाश डाला, जहां मणिपुर में कथित मानवाधिकार उल्लंघन के 25 मामलों का समाधान किया गया। श्री लाल ने सभी के लिए मानवाधिकारों की रक्षा और उन्हें बढ़ावा देने के लिए एनएचआरसी की प्रतिबद्धता की एक बार फिर पुष्टि की और यह सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक संकल्प और निरंतर प्रयासों का आह्वान किया, ताकि मानवाधिकारों का सम्मान करना जीवन का एक तरीका बन जाए। उन्होंने जीवन को बेहतर बनाने और सभी के लिए सम्मान सुनिश्चित करने हेतु भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए अपने भाषण का समापन किया।

इस कार्यक्रम में मानवाधिकारों के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करने वाले आठ प्रमुख सत्र शामिल थे। इस कार्यक्रम में कानूनी विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन, पूर्व डीन प्रो. रमेशचंद्र बोरपात्रगोहेन ने मानवाधिकार सिद्धांतों और प्रथाओं के विहंगावलोकन के साथ सत्रों की शुरुआत की, उसके बाद धनमाजुरी विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. एन. प्रमोद सिंह ने भारत में मानवाधिकार संस्थानों की भूमिका पर चर्चा की। माननीय न्यायमूर्ति केएच नोबिन सिंह ने मानवाधिकार और आपराधिक न्याय प्रणाली के मध्य कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में बताया, जबकि कैशम प्रदीपकुमार, माननीय अध्यक्ष एमसीपीसीआर ने मणिपुर में बाल अधिकार संबंधी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। विमेन एक्शन फॉर डेवलपमेंट की सचिव सोबिता मंगसताबम ने लैंगिक न्याय में गैर-सरकारी संगठनों की भूमिका पर प्रकाश डाला और मणिपुर के मानवाधिकार कानून नेटवर्क के निदेशक मेइहोबाम राकेश ने गिरफ्तारी और नजरबंदी पर संवैधानिक सुरक्षा उपायों पर विचार किया।

यह कार्यक्रम उत्तर-पूर्व में मानवाधिकार शिक्षा और इसकी हिमायत को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें मानवाधिकारों के सम्मान एवं समझ को बढ़ावा देने के लिए एनएचआरसी की निरंतर प्रतिबद्धता है। एनएचआरसी मानवाधिकारों की रक्षा और बढ़ावा देने तथा प्रत्येक मनुष्य के साथ सम्मान और गरिमा के साथ व्यवहार करने हेतु, जीवन के एक तरीके के रूप में, केंद्र और विभिन्न राज्य सरकारों, उनके अर्ध-सरकारी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों, मानवाधिकार रक्षकों, विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के साथ भागीदारी में नए उत्साह के साथ काम करना जारी रखे हुए है।

पर्यटन क्षेत्र में 40 हजार से अधिक महिलाओं को किया जा रहा प्रशिक्षित- प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला

प्रदेश में भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों को प्रबंधित करने और शांति की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए 50 नए ऑफबीट डेस्टिनेशन विकसित किए जा रहे है। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार उत्पन्न करने और समुदाय की महिलाओं को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में पर्यटन क्षेत्र में 40 हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रमुख सचिव शुक्ला होटल ताज में इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के 39वें अधिवेशन के दूसरे दिन के पहले सत्र में ‘रिसर्जेंट इंडिया इनबाउंड – चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल के बीच भारत को फिर से स्थापित करने की रणनीति’ विषय पर व्यावसायिक सत्र को संबोधित कर रहें थे। सत्र में विशेष सचिव पर्यटन उत्तर प्रदेश ईशा प्रिया, एबरक्रॉम्बी एंड केंट के एमडी विक्रम मधोक ने भी संबोधित किया। सत्र का संचालन अरविंद सिंह केन्द्रीय सचिव (सेवानिवृत्त) ने किया।

प्रमुख सचिव शुक्ला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के लिए एक बेंचमार्क स्थापित करने की आवश्यकता है और पहले दिन से ही कोई समझौता नहीं होना चाहिए। इनबाउंड पर्यटन के लिए सही पारिस्थितिकी-तंत्र बनाने के लिए काम किया जा रहा हैं। अन्य विभागों से समन्वय से संसाधनों को एकत्र कर उनका उपयोग पर्यटन विकास के लिए बुनियादी ढाँचा बनाने में करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश की विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया ने कहा कि उत्तरप्रदेश, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और इसे मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए अनुकूल बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने उत्तरप्रदेश के बौद्ध सर्किट, थीम, वेस्ट-टू-वेल्थ पार्क, महाकुंभ मेला आदि पर्यटन गंतव्यों के विकास और सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही उत्तरप्रदेश पर्यटन नीति 2022 के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश

एबरक्रॉम्बी एंड केंट के एमडी विक्रम मधोक ने उन बाजारों में जाने की आवश्यकता जताई, जहां हमारी कमी है। उन्होंने कहा, ‘महामारी के बाद, आज हम जहां हैं, वहां कुछ बाजारों से कारोबार अच्छा चल रहा है। हमें उन क्षेत्रों में भी जाना होगा जहां यह कम है। उन्होंने विदेशों के नक्शे कदम पर चलने की आवश्यकता भी जताई, जहां होमस्टे का उपयोग कर भीड़ का सूक्ष्म प्रबंधन किया जा रहा है।

सम्मेलन के दौरान मध्यप्रदेश पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक सुश्री बिदिशा मुखर्जी ने अधिवेशन के लिये भोपाल आए ट्रेवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स सहित विभिन्न हितधारकों को मध्यप्रदेश में आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, प्राचीन इतिहास, संरक्षित धरोहरें, वन्य-जीवों में विविधता और वन्य क्षेत्र दुनियाभर से पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रदेश को महिला पर्यटकों खासकर एकल महिला पर्यटकों हेतु अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाई जा रही है। पर्यटन क्षेत्र के 8 सेक्टर के 48 जॉब रोल्स में महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व के स्थलों की जानकारी भी दी।

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...