सुप्रीम कोर्ट ने बाघ संरक्षण के लिये केन्द्र के प्रयासों की सराहना की

सुप्रीम कोर्ट ने गत दिवस बाघ संरक्षण के लिये किये गये प्रयासों और सफलता के लिये केन्द्र सरकार की सराहना करते हुए इस बात पर संतोष जाहिर किया है कि विश्व के 75 प्रतिशत बाघ भारत में हैं। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजीव खन्ना और पी वी संजय कुमार की बैंच ने गत शुक्रवार को केन्द्र सरकार की की सराहना करते हुए इसे “अच्छा कार्य” बताया है। उल्लेखनीय है कि देश में बाघों की संख्या वर्ष 2014 में 2226 से बढ़कर अब 3682 हो गई है। इसमें मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में बाघों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

मध्यप्रदेश के लिए सबसे खुशी की बात यह है कि यहां टाइगर रिजर्व के बाहर भी बाघों की संख्या बढ़ रही है। मध्यप्रदेश में बाघों की आबादी 526 से बढ़कर 785 पहुंच हो गई है। यह देश में सर्वाधिक है। प्रदेश में चार-पांच सालों में 259 बाघ बढ़े हैं। बाघों की पुनर्स्थापना का काम एक अत्यंत कठिन काम था, जो मध्यप्रदेश ने दिन-रात की मेहनत से कर दिखाया।

बाघों की गणना हर 4 साल में एक बार होती है। वर्ष 2006 से बाघों की संख्या का आंकड़ा देखें तो वर्ष 2010 में बाघों की संख्या 257 तक हो गई थी। इसे बढ़ाने के लिए बाघों के उच्च स्तरीय संरक्षण और संवदेनशील प्रयास जरूरी थे।

मानव और वन्यप्राणी संघर्ष के प्रभावी प्रबंधन के लिए 16 रीजनल रेस्क्यू स्क्वाड और हर जिले में जिला स्तरीय रेस्क्यू स्क्वाड बनाए गए। वन्यप्राणी अपराधों की जांच के लिए वन्यप्राणी अपराध की खोज में विशेषज्ञ 16 श्वान दलों का गठन किया गया। राज्य स्तरीय स्ट्राइक फोर्स ने पिछले आठ वर्षों में वन्यप्राणी अपराध करने वाले 550 अपराधियों को 14 राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।

संरक्षित क्षेत्र के बाहर वन्यप्राणी प्रबंधन के लिए बजट की व्यवस्था की गई। वन्य प्राणी पर्यटन से होने वाली आय की स्थानीय समुदाय के साथ साझेदारी की गई। इन सब प्रयासों के चलते बाघ संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिली।

मध्यप्रदेश के बाघ प्रदेश बनने के चार मुख्य कारण है। पहला गांवो का वैज्ञानिक विस्थापन। वर्ष 2010 से 2022 तक टाइगर रिजर्व में बसे छोटे-छोटे 200 गांव को विस्थापित किया गया। सर्वाधिक 75 गांव सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से बाहर किए गए। दूसरा है ट्रांसलोकेशन। कान्हा के बारहसिंगा, बायसन और वाइल्ड बोर का ट्रांसलोकेशन कर दूसरे टाइगर रिजर्व में उन्हें बसाया गया। इससे बाघ के लिए भोजन आधार बढ़ा। तीसरा है हैबिटेट विकास। जंगल के बीच में जो गांव और खेत खाली हुए वहां घास के मैदान और तालाब विकसित किए गए जिससे शाकाहारी जानवरो की संख्या बढ़ी और बाघ के लिए आहार भी उपलब्ध हुआ। सुरक्षा व्यवस्था में अभूतपूर्व बदलाव हुआ। पन्ना टाईगर रिज़र्व में ड्रोन से सर्वेक्षण और निगरानी रखी गई। वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल कर अवैध शिकार को पूरी तरह से रोका गया। क्राइम इन्वेस्टीगेशन और पेट्रोलिंग में तकनीकी का इस्तेमाल बढ़ाया गया। इसका सबसे अच्छा उदाहरण पन्ना टाइगर रिजर्व है जिसका अपना ड्रोन स्क्वाड है। हर महीने इसके संचालन की मासिक कार्ययोजना तैयार की जाती है। इससे वन्य जीवों की लोकेशन खोजने, उनके बचाव करने, जंगल की आग का स्रोत पता लगाने और उसके प्रभाव की तत्काल जानकारी जुटाने, संभावित मानव और पशु संघर्ष के खतरे को टालने, वन्य जीव संरक्षण कानून का पालन करने में मदद मिल रही है।

वन्यजीव सुरक्षा के कारण तेंदुओं की संख्या में भी मध्यप्रदेश देश में सबसे आगे है। देश में 12 हजार 852 तेंदुए हैं। अकेले मध्यप्रदेश में यह संख्या 4100 से ज्यादा है। देश में तेंदुओं की आबादी औसतन 60% बढ़ी है जबकि प्रदेश में यह 80% है। देश में तेंदुओं की संख्या का 25% अकेले मध्यप्रदेश में है।

मध्यप्रदेश में 526 बाघों की सबसे अधिक संख्या है। इसके बाद कर्नाटक में 524 बाघों की संख्या 442 बाघों के साथ उत्तराखंड तीसरे नंबर पर था। प्रदेश में बाघों की संख्या बढ़ाने में राष्ट्रीय उदयानों के बेहतर प्रबंधन की मुख्य भूमिका है। राज्य शासन की सहायता से 50 से अधिक गाँवों का विस्थापन किया जाकर बहुत बड़ा भू-भाग जैविक दबाव से मुक्त कराया गया है। संरक्षित क्षेत्रों से गाँवों के विस्थापन के फलस्वरूप वन्य-प्राणियों के रहवास क्षेत्र का विस्तार हुआ है।

कान्हा, पेंच, और कूनो पालपुर के कोर क्षेत्र से सभी गाँवों को विस्थापित किया जा चुका है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का 90 प्रतिशत से अधिक कोर क्षेत्र भी जैविक दबाव से मुक्त हो चुका है। मध्यप्रदेश ने टाइगर राज्य का दर्जा हासिल करने के साथ ही राष्ट्रीय उद्यानों और संरक्षित क्षेत्रों के प्रभावी प्रबंधन में भी देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। सतपुडा टाइगर रिजर्व को यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल किया गया है।

भारत सरकार की टाइगर रिज़र्व के प्रबंधन की प्रभावशीलता मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार पेंच टाइगर रिजर्व ने देश में सर्वोच्च रैंक हासिल की है। बांधवगढ़, कान्हा, संजय और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व को सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन वाले टाइगर रिजर्व माना गया है। इन राष्ट्रीय उद्यानों में अनुपम प्रबंधन योजनाओं और नवाचारी तरीकों को अपनाया गया है।

 

पेरिस पैरालम्पिक 2024 (फ्रांस) में खेल अकादमी की शूटिंग खिलाड़ी रूबीना फ्रांसिस ने कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

28 अगस्त से 08 सितम्बर 2024 तक पैरालम्पिक गेम्स का आयोजन पेरिस (फ्रांस) में किया गया। दिनांक 31.08.2024 को खेल अकादमी की खिलाड़ी रूबीना फ्रांसिस ने वूमेंस 10एम. एअर पिस्टल एसएच-1 इवेंट में कांस्य पदक अर्जित कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया। पेरिस में आयोजित पैरालिम्पक गेम्स में वूमेंस 10एम. एअर पिस्टल एसएच-1 इवेंट मे ईरान की जवानमार्दी एस. 236.8 अंको के साथ स्वर्ण पदक, तुर्की की ओज्गन ए. 231.1 अंको के साथ रजत और भारत की रूबीना फ्रांसिस 211.1 अंको के साथ कांस्य पदक अर्जित किया।

जबलपुर निवासी रूबीना फ्रांसिस वर्ष 2015 में राज्य खेल अकादमी से जुड़ी थी। यह रूबीना का दूसरा ओलम्पिक है, इससे पूर्व टोक्यो ओलम्पिक में पदक से वंचित हो गई थी। रूबीना ने लगातार वर्ष 2017 एवं 18 में 02 बार जूनियर रिकार्ड बनाया है और 01 बार वर्ष 2018 फ्रांस में वर्ल्ड रिकार्ड की बराबरी की थी। रूबीना फ्रांसिस ने 10 अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक 03 स्वर्ण, 02 रजत और 01 कांस्य सहित कुल 06 पदक अर्जित किये हैं। वही राष्ट्रीय स्तर पर भी 13 स्वर्ण, 03 रजत और 01 कांस्य सहित 17 पदक अर्जित कर प्रदेश का गौरव बढाया है।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बधाई देते हुये खिलाड़ी रूबीना फ्रांसिस के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुये बताया रूबीना ने पैरालम्पिक में पदक जीतकर इतिहास रचा है। रूबीना प्रदेश के लिए नई रोल मॉडल बन गई है। विपरीत परिस्थितियों में पदक अर्जित कर रूबीना ने प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है। रूबीना की इस उपलब्धि पर अपर मुख्य सचिव खेल स्मिता भारद्वाज और संचालक खेल ने भी रूबीना के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर बधाई दी है।

 

बिंदु जुनेजा द्वारा मध्यप्रदेश उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में ओड़िसी नृत्य की प्रस्तुति

मध्यप्रदेश भवन में आयोजित ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ की सांस्कृतिक संध्या में कल बिंदु जुनेजा और उनकी शिष्या कल्याणी फागरे ने ओड़िसी नृत्य की प्रस्तुति दी। नृत्य प्रस्तुति मंगलाचरण से आरंभ हुई जिसमे देवी के नौ रूपों का चित्रण किया गया, मंगलाचरण की समाप्ति गंधर्व-गीत से हुई। इसके पश्चात नर्मदा स्तुति और राग शंकराभरणम् पल्लवी की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ से हुआ। मध्यप्रदेश भवन में 30 अगस्त से 2 सितंबर, 2024 के बीच आयोजित हो रहे ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम हो रहा है।

बिन्दु जुनेजा ओडिसी की विख्यात नृत्यांगना हैं। उन्होंने गुरुमा माधवी मुदगल और गुरु केलुचरण महापात्र से ओडिसी की शिक्षा ली है। वे भोपाल में “पर्ण” नाम की एक अकादमी भी चलाती हैं, जिसमें वो बच्चों को ओडिसी नृत्य की शिक्षा देती हैं। इनके द्वारा देश के साथ-साथ, विदेशों में भी मंच प्रस्तुतियां दी जा चुकी है।

सुप्रीम कोर्ट की 75वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – सर्वोच्च न्यायालय ने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में जिला न्यायपालिका के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने भारत के सर्वोच्च न्यायालय की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया। भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में जिला न्यायपालिका से संबंधित विषयों जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन, सभी के लिए समावेशी न्यायालय, न्यायिक सुरक्षा और न्यायिक कल्याण, केस प्रबंधन और न्यायिक प्रशिक्षण पर विचार-विमर्श और चर्चा करने के लिए पांच कार्य सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत कुछ दिन पूर्व राजस्थान उच्च न्यायालय के हीरक जयंती समारोह को याद करते हुए की और भारत के सर्वोच्च न्यायालय के 75वें वर्ष समारोह के हिस्से के रूप में आज आयोजित जिला न्यायपालिका के राष्ट्रीय सम्मेलन में उपस्थित होने के लिए आभार प्रकट किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रेखांकित किया कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय की 75 वर्षों की यात्रा केवल एक संस्था से जुड़ी हुई नहीं है, बल्कि यह भारत के संविधान, उसके मूल्यों और एक लोकतंत्र के रूप में भारत के विकास की यात्रा भी है। प्रधानमंत्री ने विकास की इस यात्रा में संविधान निर्माताओं और संपूर्ण न्यायिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत के उन करोड़ों नागरिकों की भूमिका का भी उल्लेख किया, जिन्होंने इस न्यायिक प्रणाली की जिम्मेदारी सौंपी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत के लोगों ने कभी भी भारत के सर्वोच्च न्यायालय या न्यायपालिका के प्रति अविश्वास व्यक्त नहीं किया।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय की स्थापना के 75 वर्षों की यात्रा लोकतंत्र की जननी के रूप में भारत के गौरव को बढ़ाती है। यह सत्य मेव जयते, नानृतम के सांस्कृतिक उद्घोष को सुदृढ़तापूर्वक प्रस्तुत करती है। यह देखते हुए कि देश ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं और संविधान के 75 वर्ष पूरे होने वाले हैं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह अवसर गर्व और प्रेरणा से ओत-प्रोत है। उन्होंने इस अवसर पर न्यायिक व्यवस्था के सभी समुदायों और भारत के नागरिकों को बधाई दी और जिला न्यायपालिका के राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी मान्यगणों को अपनी शुभकामनाएं भी दी।

प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया, “न्यायपालिका को हमारे लोकतंत्र का संरक्षक माना जाता है।” प्रधानमंत्री मोदी ने इसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए इस दिशा में अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वाहन करने के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि न्यायपालिका ने आजादी के बाद से ही न्यायिक भावना की प्रतिष्ठा को संभालकर रखा है और आपातकाल के कठिन समय में भी संविधान की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए न्यायपालिका की प्रशंसा की। उन्होंने आगे कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने मूल अधिकारों पर हमलों से भी सुरक्षा की और जब भी राष्ट्रीय सुरक्षा का सवाल उठा, न्यायपालिका ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत की एकता और अखंडता की रक्षा की। इन सभी उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने न्यायपालिका के सभी प्रतिष्ठित मान्यगणों को इन यादगार 75 वर्षों के लिए बधाई दी।

न्याय की सुविधा के विस्तार के लिए पिछले 10 वर्षों में किए गए प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने मिशन स्तर पर अदालतों के आधुनिकीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया और सर्वोच्च न्यायालय और न्यायपालिका के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिला न्यायपालिका के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन इसका एक और उदाहरण है और उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय और गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा ‘अखिल भारतीय जिला न्यायालय न्यायाधीश सम्मेलन’ के आयोजन का उल्लेख किया। सुगम न्याय प्रणाली के लिए ऐसे आयोजनों के महत्व को ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी दो दिनों में चर्चा किए जाने वाले विषयों पर प्रकाश डाला और लंबित मामलों के प्रबंधन, मानव संसाधन और कानूनी समुदाय में सुधार के उदाहरण दिए। प्रधानमंत्री मोदी ने हर्ष जताया कि आगामी दो दिनों में न्यायिक व्यवस्था पर एक सत्र भी आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “व्यक्तिगत स्वास्थ्य सामाजिक कल्याण की मूलभूत आवश्यकता है। इससे हमें अपनी कार्य संस्कृति में स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने में सहायता मिलेगी।”

प्रधानमंत्री ने बलपूर्वक कहा, “विकसित भारत, नया भारत – आज की आजादी के अमृत काल में 140 करोड़ नागरिकों की इच्छा और सपना है।” उन्होंने कहा कि नए भारत का विचार चिंतन और दृढ़ संकल्प वाला आधुनिक भारत है। प्रधानमंत्री मोदी ने रेखांकित किया कि न्यायपालिका इस विजन का एक मजबूत स्तंभ है और विशेष रूप से जिला न्यायपालिका हमारी भारतीय न्यायिक प्रणाली का आधार है। उन्होंने कहा कि जिला न्यायपालिका देश के आम नागरिक के लिए न्याय का प्रथम संपर्क बिंदु है। इसलिए, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह सर्वोच्च प्राथमिकता है कि न्याय के प्राथमिक केंद्र हर तरह से सक्षम और आधुनिक हों। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सम्मेलन और चर्चाएँ देश की अपेक्षाओं को पूरा करने में सहायक होंगी।

प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री मोदी ने रेखांकित किया कि आम नागरिकों का जीवन स्तर, जो सुगमतापूर्वक जीवन यापन से निर्धारित होता है, यह किसी भी देश के लिए विकास का सबसे सार्थक पैरामीटर है। उन्होंने कहा कि न्याय तक सरल और आसान पहुंच जीवन जीने में आसानी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव हो सकता है जब जिला न्यायालय आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्रौद्योगिकी से पूर्ण हों। जिला न्यायालयों में लगभग 4.5 करोड़ मामलों के लंबित होने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि न्याय में इस देरी को खत्म करने के लिए पिछले एक दशक में कई स्तरों पर कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि न्यायिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए देश ने लगभग 8,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 25 वर्षों में न्यायिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च की गई धनराशि का 75 प्रतिशत पिछले 10 वर्षों में ही हुआ है। उन्होंने कहा, “इन 10 वर्षों में जिला न्यायपालिका के लिए 7.5 हजार से अधिक कोर्ट कक्ष और 11 हजार आवासीय इकाइयां का निर्माण किया गया है।

“ई-कोर्ट के महत्व को रेखांकित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि प्रौद्योगिकी के उपयोग द्वारा न केवल न्यायिक प्रक्रियाओं को गतिमान किया गया है, बल्कि वकीलों से लेकर शिकायतकर्ताओं तक सभी की समस्याओं का निवारण भी किया गया है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि देश में अदालतों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है और सुप्रीम कोर्ट की ई-कमेटी इन सभी प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ई-कोर्ट परियोजना के तीसरे चरण को वर्ष 2023 में मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भारत एक एकीकृत प्रौद्योगिकी मंच बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमता और ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन जैसी उभरती हुई तकनीकें शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि ऐसे तकनीकी मंच लंबित मामलों का विश्लेषण करने और भविष्य के मामलों को समझने में भी सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी द्वारा पुलिस, फोरेंसिक, जेल और अदालत जैसे विभिन्न विभागों के कार्य एकीकृत और गतिमान होंगे। श्री मोदी ने कहा, “हम एक ऐसी न्याय प्रणाली की ओर बढ़ रहे हैं जो पूरी तरह से भविष्य के लिए तैयार होगी।

“प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र की प्रगतिशील यात्रा में इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्रौद्योगिकी प्रगति के साथ-साथ नीतियों और कानूनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, देश ने आजादी के 70 वर्षों में पहली बार कानूनी इन्फ्रास्ट्रक्चर में इतने बड़े और महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। भारतीय न्याय संहिता के रूप में नई भारतीय न्यायिक प्रणाली का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन कानूनों की भावना ‘नागरिक पहले, सम्मान पहले और न्याय पहले’ है। उन्होंने बताया कि भारत के आपराधिक कानून शासकों और गुलामों की औपनिवेशिक मानसिकता की जंजीरों से मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने राजद्रोह जैसे औपनिवेशिक युग के कानून को निरस्त करने का उदाहरण दिया। नागरिकों को दंडित करने के बजाय उनकी रक्षा करने के लिए न्याय संहिता के परोक्ष विचार पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के लिए सख्त कानूनों के कार्यान्वयन और पहली बार छोटे अपराधों के लिए सजा के रूप में सामुदायिक सेवा के प्रावधानों का उल्लेख किया। श्री मोदी ने भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में भी चर्चा की और कहा कि नए कानूनों के तहत इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल रिकॉर्ड को सबूत के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता का भी उल्लेख किया और कहा कि न्यायपालिका पर लंबित मामलों का बोझ कम करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मोड में समन भेजने की व्यवस्था लागू है। प्रधानमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के मार्गदर्शन में जिला न्यायपालिका को इस नई प्रणाली में प्रशिक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह भी किया। उन्होंने न्यायाधीशों और वकील सहयोगियों को भी इस अभियान का हिस्सा बनने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, “इस नई प्रणाली को जनता तक पहुँचाने में हमारे वकीलों और बार एसोसिएशनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।”

इस ज्वलंत विषय की ओर उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और बच्चों की सुरक्षा आज समाज में गंभीर चिंता का विषय है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि देश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई सख्त कानून बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में सरकार ने फास्ट-ट्रैक विशेष अदालतें स्थापित करने की योजना बनाई थी। उन्होंने आगे बताया कि फास्ट-ट्रैक विशेष अदालतों के तहत महत्वपूर्ण गवाहों के लिए बयान केंद्र का प्रावधान है। उन्होंने फास्ट-ट्रैक विशेष अदालतों के तहत जिला निगरानी समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया, जिसमें जिला न्यायाधीश, जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आपराधिक न्याय प्रणाली के विभिन्न पहलुओं के बीच समन्वय स्थापित करने में समिति की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। श्री मोदी ने इन समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न के खिलाफ मामलों में जितनी जल्दी फैसले होंगे, आधी आबादी को उतनी ही अधिक सुरक्षा का आश्वासन मिलेगा।

संबोधन का समापन करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन चर्चाओं से देश के लिए महत्वपूर्ण समाधान प्राप्त और ‘सभी को न्याय’ के रास्ते मिलेंगे।

इस अवसर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी. वाई. चंद्रचूड़, सर्वोच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति बी. आर. गवई, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, भारत के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमानी, सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कपिल सिब्बल और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

बुंदेलखंड अंचल में बढ़ेगी समृद्धि – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी 27 सितम्बर को सागर में हो रही रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और दुनिया की सबसे बड़ी नदी जोड़ो “केन-बेतवा’’ लिंक परियोजना बुंदेलखंड को समृद्ध बनाने का कार्य करेगी। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव किसी एक जिले या संभाग में ही प्रगति का माध्यम नहीं बल्कि निकटवर्ती अंचल को सम्पन्न और समृद्ध बनाने का विशेष उपक्रम है। इससे क्षेत्र विकास के विविध आयाम हासिल करेगा। बुंदेलखंड की वीरता और शौर्य से पहचान बनी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज जनजातीय संग्रहालय में अंतर्राष्ट्रीय बुंदेली समागम – 2024 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड अंचल की विभिन्न प्रतिभाओं का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में अभिनेता मुकेश तिवारी ने बॉलीवुड संवाद, सुमित ओरछा ने बुंदेली महिमा संवाद और बुंदेलखंड के आंचलिक लोक गायक चंद्रभान वासुदेव ने गायन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंद्रभान वासुदेव को बुंदेली गीत की शानदार प्रस्तुति के लिए 31 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और बुंदेलखंड एवं महाकौशल अंचल में शौर्य की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती ने अनेक युद्ध लड़े और जीते। सीमित संसाधनों में उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। राष्ट्र के लिये वे अपने प्राणों का बलिदान देकर अमर हो गईं। महाराजा छत्रसाल सहित बुंदेलखंड के अन्य योद्धा भी हर युग में पराक्रम के अनूठे उदाहरण प्रस्तुत करते रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की गौरवशाली विरासत है। बुंदेली भाषा की मिठास और सांस्कृतिक परम्पराओं की सुरभि देश-विदेश को महका रही है। मध्यप्रदेश सरकार बुंदेलखंड अंचल के विकास और मान-सम्मान को बढ़ाने के लिए प्रत्येक आवश्यक कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में देश-विदेश से विभिन्न उद्योग-व्यवसाय क्षेत्रों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि आएंगे। प्रदेश के विभिन्न अंचलों के प्रतिनिधि भी कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। इस नाते यह कॉन्क्लेव रीजनल न होकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आईटी सेक्टर और टेस्कटाइल सेक्टर में “युवाओं और बहनों को रोजगार के लिए विशेष प्रोत्साहन’’ की नीति लागू की गई है। ऐसी औद्योगिक इकाइयां निरंतर कार्य करें और इनसे युवाओं और महिलाओं को रोजगार मिलता रहे, इस दृष्टि से राज्य सरकार पूर्ण सहयोग करेगी। स्वास्थ्य, खनिज और पर्यटन क्षेत्र में भी नई औद्योगिक इकाइयां प्रारंभ होंगी।

कार्यक्रम को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी संबोधित किया। संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, भोपाल महापौर मालती राय, नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पूर्व मंत्री मुकेश नायक, नेहा बग्गा, अन्य जनप्रतिनिधि, मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव ए.पी, सिंह, पंचायत वेब सीरिज की अभिनेत्री पूजा सिंह (रिंकी) एवं अन्य कलाकार उपस्थित थे। प्रारंभ में बुंदेली बौछार की ओर से श्री सचिन चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

 

विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु जातियों के लोगों को मिलेगा विकास का पूरा लाभ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को हिन्दी भवन में भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के वार्ड 24 के बूथ क्रमांक 111 की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हम सभी कार्यकर्ता पांच निष्ठाओं के आधार पर सदस्य बनते हैं और सदस्य बनाते भी हैं। इन पंच निष्ठाओं में सबसे महत्वपूर्ण है लोकतंत्र की भावना। भारतीय जनता पार्टी इसे करके दिखाती है। देश में लगभग 1500 और दुनिया में अनेक राजनीतिक दल हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही आंतरिक चुनाव से पहले सदस्यता की प्रक्रिया होती है और इस प्रक्रिया के उपरांत ही बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक चुनाव होते हैं। लोकतंत्र की यह भावना ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है। इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता सभी मतदाताओं को पार्टी का संकल्प लेकर मैदान में उतरें, सभी कार्यकर्ताओं को मैं सदस्यता अभियान के लिए शुभकामनाएं देता हूं। कार्यशाला को सदस्यता अभियान के प्रभारी, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी एवं जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। कार्यशाला के पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बूथ समिति के सभी सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री निवास पर भोजन किया। आज प्रदेश भर में बूथों की संगठन पर्व कार्यशाला संपन्न हुईं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी ने मुझसे पूछा था कि भाजपा और विरोधी दल की लीडरशिप में क्या अंतर है? मैंने उन्हें बताया कि हमारे विरोधी दल में आज भी पहली या दूसरी पीढ़ी के नेता कामकाज देख रहे हैं और 80 से ऊपर की उम्र में भी नेता बने हुए हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी में नए और युवा कार्यकर्ता को ज्यादा महत्व दिया जाता है। युवाओं को अधिक से अधिक जिम्मेदारी दी जाती है। हमारे यहां पार्टी के नेतृत्व और कामकाज को बड़ी सहजता के साथ एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को हस्तांतरण की व्यवस्था है। इसीलिए आज भारतीय जनता पार्टी में चौथी पीढ़ी के कार्यकर्ता पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम राष्ट्रवादी विचारों के लोग हैं। हमारी पंच निष्ठाओं में से पहली निष्ठा राष्ट्रवादी विचारों की है। हम राष्ट्रवाद की केवल बात नहीं करते, बल्कि उसे साकार करके दिखाते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि दुर्भाग्य से आजादी के बाद कांग्रेस की केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगा दी, जिससे कश्मीर का झंडा देश से अलग हो गया। वहां का संविधान अलग हो गया । हमारे नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी उस समय केंद्र सरकार में मंत्री थे। उन्होंने कहा कि एक देश में दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे। उन्होंने मंत्री पद को छोड़कर धारा 370 के विरोध में आंदोलन किया और जेल में ही उनकी रहस्यमय तरीके से मृत्यु हो गई। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे नेता ने भले ही अपनी शहादत दे दी, लेकिन उन्होंने इस बात को स्थापित कर दिया कि जनसंघ हो या भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, वह करके दिखाती है। देश के लिए अगर जान देने की जरूरत है, तो भारतीय जनता पार्टी के लोग पीछे नहीं हटते।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि भाजपा के हम सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान में प्राणप्रण से जुटकर अधिक से अधिक सदस्य बनाना है, क्योंकि देश को ताकतवार बनाने के लिए यह अत्यंत जरूरी है कि भारतीय जनता पार्टी की शक्ति बढ़ाई जाए। इसलिए अपने परिवार के सदस्यों को भाजपा से जोड़ें, बूथ स्तर पर जो मतदाता पार्टी के सदस्य नहीं बने हैं, उन्हें भी पार्टी से जोड़ें। सबनानी ने कहा कि हमारे नेतृत्व ने तय किया है कि मध्यप्रदेश के सभी 64871 बूथों पर हम सदस्यता अभियान चलाएंगे और डेढ़ करोड़ से अधिक नए सदस्य बनाएंगे। इसके लिए हमें बूथ स्तर तक पहुंचना होगा। अगर हमने प्रत्येक बूथ पर हमने 251 सदस्य बना लिए, तो प्रदेश के सारे बूथ मिलाकर हम अपना लक्ष्य हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यता के मामले में किसी कार्यकर्ता को भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा में प्रत्येक 6 वर्ष बाद सदस्यता का रिन्युअल होता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सदस्यता लेनी है, साथ ही समाज के हर क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को भी पार्टी से जोड़ना है। सबनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सदस्यता लेने के उपरांत प्रदेश में सदस्यता अभियान शुरू होगा, जो पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान बूथ अध्यक्ष धनराज गाडे़ एवं बूथ महामंत्री देशराज मिश्रा मंचासीन रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी देश के सबसे बड़े बंदरगाह की आधारशिला, कहा- इस पोर्ट पर पूरी दुनिया की नजर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल महाराष्ट्र के पालघर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।परियोजनाओं में लगभग 76,000 करोड़ रुपये की लागत से वाढवण बंदरगाह की आधारशिला रखना और लगभग 1,560 करोड़ रुपये की 218 मत्स्य पालन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 360 करोड़ रुपये की लागत से वेसल कम्युनिकेशन और सपोर्ट सिस्टम का राष्ट्रीय शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने मछली पकड़ने के बंदरगाहों के विकास, उन्नयन और आधुनिकीकरण, मछली लैंडिंग केंद्रों और मछली बाजारों के निर्माण सहित महत्वपूर्ण मत्स्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। उन्होंने मछुआरों के लाभार्थियों को ट्रांसपोंडर सेट और किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत संत सेनाजी महाराज को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि देकर की। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दिल की बात कही और वर्ष 2013 के उस समय को याद किया जब उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए नामांकित किया गया था और छत्रपति शिवाजी महाराज की समाधि के सामने प्रार्थना करने के लिए सबसे पहले रायगढ़ किले का दौरा करने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उसी ‘भक्ति भाव’ का आशीर्वाद मिला जिसके साथ उन्होंने अपने गुरु का सम्मान किया और देश की सेवा के लिए नई यात्रा शुरू की। सिंधुदुर्ग में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि शिवाजी महाराज केवल एक नाम, पूज्य राजा या महान व्यक्तित्व नहीं बल्कि एक भगवान हैं। उन्होंने शिवाजी महाराज के चरणों में झुककर विनम्र क्षमायाचना की और कहा कि उनकी परवरिश और उनकी संस्कृति उन्हें उन लोगों से अलग बनाती है जो भूमि के महान पुत्र वीर सावरकर का अपमान करने और राष्ट्रवाद की भावना को कुचलने का इरादा रखते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “महाराष्ट्र के लोगों को वीर सावरकर का अपमान करने वालों से सावधान रहना चाहिए और इसके लिए उन्हें कोई पश्चाताप नहीं होना चाहिए।” प्रधानमंत्री मोदी ने रेखांकित किया कि महाराष्ट्र का दौरा करने के बाद उन्होंने जो पहला काम किया वह अपने भगवान छत्रपति शिवाजी महाराज से माफी मांगना था। उन्होंने शिवाजी महाराज की पूजा करने वाले सभी लोगों से माफ़ी भी मांगी।

राज्य और देश की विकास यात्रा के लिए इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में महाराष्ट्र के विकास के लिए बड़े कदम उठाए हैं क्योंकि “एक विकसित महाराष्ट्र एक विकसित भारत के संकल्प का सबसे महत्वपूर्ण तत्व है।” राज्य के ऐतिहासिक समुद्री व्यापार का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य में तटीय निकटता के कारण विकास की क्षमता और संसाधन हैं, जिसमें भविष्य के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, “वाढवण बंदरगाह देश का सबसे बड़ा कंटेनर बंदरगाह होगा और दुनिया के गहरे पानी के बंदरगाहों में गिना जाएगा। यह महाराष्ट्र और भारत के लिए व्यापार और औद्योगिक विकास का केंद्र बन जाएगा।” प्रधानमंत्री ने वाढवण बंदरगाह परियोजना के लिए पालघर, महाराष्ट्र और पूरे देश के लोगों को बधाई दी।

दिघी पोर्ट औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के सरकार के हालिया फैसले का स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह महाराष्ट्र के लोगों के लिए दोहरी खुशी का अवसर है। उन्होंने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज के साम्राज्य की राजधानी रायगढ़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिघी बंदरगाह महाराष्ट्र की पहचान और छत्रपति शिवाजी महाराज के सपनों का प्रतीक बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन और इको-रिसॉर्ट को प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे मछुआरा समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि आज पूरे देश में मछुआरों से जुड़ी 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है और 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया है। उन्होंने वाढवण बंदरगाह, दिघी बंदरगाह औद्योगिक क्षेत्र के विकास और मत्स्य पालन के लिए कई योजनाओं का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सभी विकास कार्य माता महालक्ष्मी देवी, माता जीवदानी और भगवान तुंगारेश्वर के आशीर्वाद से संभव हुए हैं।

भारत के स्वर्ण युग का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब भारत अपनी समुद्री क्षमताओं के कारण सबसे मजबूत और समृद्ध देशों में गिना जाता था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र के लोग इस क्षमता से अच्छी तरह वाकिफ हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज ने देश के विकास के लिए अपनी नीतियों और मजबूत फैसलों से भारत की समुद्री क्षमताओं को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।” प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां तक ​​कि पूरी ईस्ट इंडिया कंपनी भी दरिया सारंग कान्होजी यागंती के सामने नहीं टिक सकी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछली सरकारें भारत के समृद्ध अतीत पर ध्यान देने में विफल रहीं। प्रधानमंत्री ने कहा, “अब यह भारत नया भारत है। नया भारत इतिहास से सबक लेता है और अपने सामर्थ्य को पहचानता है, अपने गौरव को पहचानता है।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नया भारत गुलामी की बेड़ियों के हर निशान को पीछे छोड़ते हुए समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर में नए मील के पत्थर लगा रहा है।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि पिछले दशक में भारत के तट पर विकास में अभूतपूर्व तेजी आई है। उन्होंने भारत में बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, जलमार्ग विकसित करने और जहाज निर्माण को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का उदाहरण दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस दिशा में लाखों करोड़ रुपये का निवेश किया गया है”, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि इसके परिणाम भारत में अधिकांश बंदरगाहों की दोगुनी हैंडलिंग क्षमता, निजी निवेश में वृद्धि और जहाजों के पारगमन समय में उल्लेखनीय कमी के माध्यम से देखे जा सकते हैं। प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि इससे लागत कम होने से उद्योगों और व्यापारियों को लाभ हुआ है, जबकि युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “नाविकों के लिए सुविधाएं भी बढ़ी हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज पूरी दुनिया वाढवण बंदरगाह की ओर देख रही है”, उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि दुनिया में बहुत कम बंदरगाह वाढवण बंदरगाह की 20 मीटर की गहराई की बराबरी कर सकते हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि रेलवे और राजमार्ग संपर्क के कारण बंदरगाह पूरे क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य को बदल देगा। उन्होंने उल्लेख किया कि समर्पित वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर से इसकी कनेक्टिविटी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से निकटता के कारण यह नए व्यवसायों और गोदामों के अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र से पूरे वर्ष कार्गो का आना-जाना रहेगा, जिससे महाराष्ट्र के लोगों को लाभ होगा।”

प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ कार्यक्रमों के माध्यम से महाराष्ट्र द्वारा प्राप्त लाभों पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र का विकास मेरे लिए एक बड़ी प्राथमिकता है।” भारत की प्रगति में महाराष्ट्र की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री ने विकास को रोकने की कोशिश करने वालों के प्रयासों पर खेद व्यक्त किया।

वाढवण बंदरगाह परियोजना को लगभग 60 वर्षों तक रोकने के लिए पिछली सरकार के प्रयासों पर अफसोस व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को समुद्री व्यापार के लिए एक नए और उन्नत बंदरगाह की आवश्यकता थी, लेकिन इस दिशा में वर्ष 2016 तक काम शुरू नहीं हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फडणवीस के सत्ता में आने पर इस परियोजना को गंभीरता से लिया गया और वर्ष 2020 तक पालघर में एक बंदरगाह बनाने का निर्णय लिया गया। हालांकि, सरकार बदलने के कारण परियोजना फिर से 2.5 साल के लिए रुक गई। प्रधानमंत्री ने बताया कि अकेले इस परियोजना में कई लाख करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है और यहां करीब 12 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ने देने के लिए पिछली सरकारों पर भी सवाल उठाया।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि जब समुद्र से संबंधित अवसरों की बात आती है तो भारत का मछुआरा समुदाय सबसे महत्वपूर्ण भागीदार है। प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों के साथ अपनी बातचीत का स्मरण करते हुए, प्रधानमंत्री ने सरकारी योजनाओं और सेवा की भावना के कारण पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र में बदलाव पर प्रकाश डाला। यह बताते हुए कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक देश है, प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 में देश में 80 लाख टन मछली का उत्पादन होता था, जबकि आज 170 लाख टन मछली का उत्पादन होता है। उन्होंने कहा, “केवल 10 वर्षों में मछली उत्पादन दोगुना हो गया है।” उन्होंने भारत के बढ़ते समुद्री खाद्य निर्यात के बारे में भी बताया और दस वर्ष पहले के 20 हजार करोड़ रुपये से भी कम की तुलना में आज 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक के झींगा निर्यात का उदाहरण दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “झींगा निर्यात भी आज दोगुना से अधिक हो गया है”, उन्होंने इसकी सफलता का श्रेय नीली क्रांति योजना को दिया, जिसने लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा करने में सहायता की है।

मत्स्य पालन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहन देने के सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने पीएम मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत हजारों महिलाओं की सहायता करने का उल्लेख किया। उन्होंने उन्नत प्रौद्योगिकियों और उपग्रहों के बारे में बात की और आज वेसल कम्युनिकेशन सिस्टम के शुरू होने का उल्लेख किया जो मछुआरा समुदाय के लिए एक आशीर्वाद बन जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि सरकार मछुआरों द्वारा अपने परिवारों, नाव मालिकों, मत्स्य पालन विभाग और तट रक्षकों के साथ निर्बाध संपर्क स्थापित करने के लिए उपयोग किए जाने वाले जहाजों पर 1 लाख ट्रांसपोंडर स्थापित करने की योजना बना रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे मछुआरों को आपातकाल, चक्रवात या किसी भी अप्रिय घटना के समय उपग्रहों की सहायता से संवाद करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया, “किसी भी आपात स्थिति के दौरान लोगों की जान बचाना सरकार की प्राथमिकता है।”

प्रधानमंत्री ने बताया कि मछुआरों के जहाजों की सुरक्षित वापसी के लिए 110 से अधिक मछली पकड़ने वाले बंदरगाह और लैंडिंग केंद्र बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कोल्ड चेन, प्रसंस्करण सुविधाओं, नावों के लिए ऋण योजनाओं और पीएम मत्स्य सम्पदा योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार तटीय गांवों के विकास पर अधिक ध्यान दे रही है जबकि मछुआरों के सरकारी संगठनों को भी मजबूत किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हमेशा पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए काम किया है और वंचितों को अवसर दिए हैं, जबकि पिछली सरकारों द्वारा बनाई गई नीतियों ने मछुआरों और आदिवासी समुदाय को हमेशा हाशिये पर रखा है, देश के इतने बड़े आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए एक भी विभाग नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह हमारी सरकार है जिसने मछुआरों और आदिवासी समुदायों दोनों के लिए अलग-अलग मंत्रालय बनाए हैं। आज, उपेक्षित आदिवासी क्षेत्र पीएम जनमन योजना का लाभ उठा रहे हैं और हमारे आदिवासी और मछुआरे समुदाय हमारे देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दे रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने महिला नेतृत्व वाले विकास दृष्टिकोण के लिए राज्य सरकार की प्रशंसा की और कहा कि महाराष्ट्र देश के लिए महिला सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। महाराष्ट्र में कई उच्च पदों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री ने राज्य के इतिहास में पहली बार मुख्य सचिव के रूप में राज्य प्रशासन का मार्गदर्शन कर रही सुजाता सौनिक, राज्य पुलिस बल का नेतृत्व कर रही पुलिस महानिदेशक रश्मी शुक्ला का उल्लेख किया। शोमिता बिस्वास राज्य के वन बल के प्रमुख के रूप में नेतृत्व कर रही हैं और सुवर्णा केवले राज्य के कानून विभाग के प्रमुख के रूप में दायित्व संभाल रही हैं। उन्होंने राज्य के प्रधान महालेखाकार के रूप में कार्यभार संभालने वाली जया भगत, मुंबई में सीमा शुल्क विभाग का नेतृत्व करने वाली प्राची स्वरूप और मुंबई मेट्रो के प्रबंध निदेशक के रूप में अश्विनी भिडे का भी उल्लेख किया। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महाराष्ट्र में महिलाओं का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र स्वास्थ्य विश्वविद्यालय की कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. माधुरी कानिटकर और महाराष्ट्र के कौशल विश्वविद्यालय के पहले कुलपति डॉ. अपूर्वा पालकर का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “इन महिलाओं की सफलताएँ इस बात का प्रमाण हैं कि 21वीं सदी की महिला शक्ति समाज को एक नई दिशा देने के लिए तैयार है।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह महिला शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी नींव है।

प्रधानमंत्री ने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि यह सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की मान्यता के साथ काम करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि महाराष्ट्र के लोगों के सहयोग से राज्य विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।

महाराष्ट्र के राज्यपाल, सी पी राधाकृष्णन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री, देवेन्द्र फडणवीस और अजीत पवार, केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री, सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय मत्स्य पालन, पशु पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह भी इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा उपस्थित थे।

पेरिस पैरालिम्‍पिक में अवनी लेखरा के स्‍वर्ण पदक के साथ ही भारतीय दल ने एक रजत और दो कांस्‍य पदक भी जीते

भारतीय पैरालिंपियन निशानेबाज अवनि लेखरा के घर पर जश्न मनाया जा रहा है। पेरिस पैरालंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पैरालंपिक निशानेबाज मोना अग्रवाल के पति रवींद्र अग्रवाल ने मीडिया से कहा, “मोना ने कांस्य पदक जीता है यह जानकर हम बहुत खुश हैं। उनकी कामयाबी के पीछे सबसे बड़ा हाथ उनकी खुद की मेहनत का है। जितनी मेहनत मोना ने की है उसके बारे में हर व्यक्ति सोचना भी मुनासिब नहीं समझता।” भारतीय पैरा एथलीट प्रीति पाल ने कहा कि मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि मैंने कांस्य पदक जीत लिया है।

वहीं दूसरी ओर शूटर मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। इसके अलावा भारत की युवा पैरा एथलीट प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 मीटर (टी35) दौड़ स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। प्रधानमंत्री ने कांस्य पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाज मोना अग्रवाल को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, “मोना अग्रवाल को पेरिस पैरालंपिक 2024 में आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि उनके समर्पण और उत्कृष्टता के लिए प्रयास को दर्शाती है। भारत को मोना पर गर्व है।” इसके अलावा प्रधानमंत्री ने भारतीय एथलीट प्रीति पाल को भी कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल शुक्रवार को पेरिस पैरालिंपिक में आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर अवनि लेखरा को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने शूटर मोना अग्रवाल और एथलीट प्रीति पाल को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अवनि लेखरा ने इतिहास भी रच दिया है, क्योंकि वह 3 पैरालिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया, “भारत ने पैरालिंपिक 2024 में पदकों का खाता खोला! आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में प्रतिष्ठित स्वर्ण जीतने के लिए अवनि लेखरा को बधाई। उन्होंने इतिहास भी रच दिया है, क्योंकि वह 3 पैरालिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट हैं! उनका समर्पण भारत को गौरवान्वित करता है।”

कॉन कॉर्ड कंट्री इंटरनेशनल प्रतियोगिता जयपुर 2024

27 से 29 अगस्त 2024 तक कॉन कॉर्ड कंट्री इंटरनेश्नल प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर (उत्तरप्रदेश) में किया गया।प्रतियोगिता में म.प्र. राज्य घुडसवारी अकादमी के खिलाड़ियों ने 1 रजत और 2 कांस्य सहित 3 पदक अर्जित किये हैं।

पदकों का विवरण इस प्रकार है:- राजू सिंह ने मावालियन घोडे़ पर सवारी करते हुये एफईआई इवेंटिंग सीसी-2 (शॉर्ट) – 38.2 अंको के साथ रजत पदक, राजू सिंह ने माताकाली घोडे़ पर सवारी करते हुये एफईआई इवेंटिंग सीसी-2 (शॉर्ट) – 45.7 अंकों के साथ कांस्य पदक, भोलू परमार ने लक घोडे़ पर सवारी करते हुये एफईआई इवेंटिंग सीसी-1 (इंट्रो) 30.4 अंको के साथ कांस्य पदक।

खेल अकादमी के पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बधाई दी है। पदक विजेता खिलाड़ी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक केप्टन भागीरथ के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत है।

खेलों में अमेरिका-चीन से कदमताल करना है तो भारतीयों को अपना माइंडसेट बदलना होगा : मंत्री विश्वास कैलाश सारंग

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को प्रगति मैदान, नई दिल्ली में स्पोर्ट इंडिया कॉन्फ्रेंस के 12वें संस्करण में स्पोर्ट इंडिया एक्सपो का शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस का आयोजन फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) ने स्पोर्ट इंडिया फाउंडेशन और इंडियन एक्जीबिशन सर्विसेज के सहयोग से किया गया, जिसमें देशभर के खेल और शारीरिक शिक्षा क्षेत्र के अग्रणी विशेषज्ञ और नेताओं ने भारत में खेलों के भविष्य पर विचार-विमर्श किया।

मंत्री सारंग ने कहा कि जब ओलंपिक या अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता होती है तो हम सभी पदकों की तुलना अमेरिका एवं चीन से करने लगते हैं। यह स्वाभाविक भी है। मानव की यह प्रकृति भी है। तुलनात्मक अध्ययन करना, यह होना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें सोचना भी पड़ेगा कि क्या देशवासियों में खेलों को केरियर के रूप में अपनाने की अवधारणा है, उस माइंडसेट में बदलाव आया है। वर्तमान में हमारे बच्चे खेल में केरियर बनाने को लेकर कुछ सकारात्मक बदलाव तो हुआ है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ जनसंख्या वाले देश मे खेल जुनून बन जाना चाहिए। मध्यप्रदेश की सरकार हो या केंद्र की एनडीए की सरकार, खेलों के प्रति युवाओं में माहौल व संसाधन सुविधा उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। स्वामी विवेकानंद के ध्येय वाक्य पढ़ाई के साथ खेल भी मन-मस्तिष्क को उर्वरक बनाने के लिए जरूरी है, इसे अपना कर आगे बढ़े तो भारत भी पदकों की तालिका में अमेरिका व चीन को मात देने की सामर्थ्य रखता है।

मंत्री सांरग ने कहा कि खेलों का यह अमृत काल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल के क्षेत्र में फिट इंडिया से लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाए गए हैं। इसका उद्देश्य है, युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता लाना जिससे हम खेल के क्षेत्र में महाशक्ति बन सके। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में किसी समय केवल 2 करोड़ रुपये खेल का बजट हुआ करता था। आज 700 करोड़ रुपये है। लोगों में खेलों के प्रति जागरूकता लाने सरकारी स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। बच्चों के हाथ में मोबाइल देने की बजाय उन्हें खेल की कोई सामग्री देकर आसपास के खेल मैदाने में भेजने के लिए संवेदनशील होना पड़ेगा। जब तक खेल के प्रति आस्था नहीं होगी, परिणाम सकारात्मक नहीं आएंगे। सरकार अपने स्तर पर रिसर्च-रिफॉर्म कर रही है। जो भी खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे आ रहे हैं वह परफॉर्म कर देश का सम्मान भी बढ़ा रहे हैं।

मंत्री सारंग ने स्पोर्ट्स इंडिया पुरस्कार समारोह में खेल कोचिंग, शिक्षण, प्रशासन और प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संगठनों को सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि यह पुरस्कार भारत के खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संगठनों को प्रदान किया जाता है।

सम्मेलन में सभी ने खेल प्रशासन, नीति-निर्माण और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेल कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों और अवसरों पर अपने विचार साझा किए।

सम्मेलन में खेल और युवा सेवा मंत्री, मिजोरम लालनघिंगलोवा हमार, रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक, बदलापुर, जौनपुर, उत्तर प्रदेश सरकार; डॉ. ए.के. बंसल, हॉकी में द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता; और आईपीएस अमित सिन्हा, एडीजी, विशेष प्रमुख सचिव (खेल) उत्तराखंड और पैनलिस्ट भी शामिल हुए।

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...