विश्व के सबसे बड़े रक्षाबंधन महोत्सव का समापन

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग को इसबार 1 लाख 82 हज़ार 529 बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए नवीन कीर्तिमान स्थापित किया है। गुरुवार को रक्षाबंधन महोत्सव के अंतिम दिन नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 69,41 एवं 58 में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में बहनें मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधने पहुंची। वहीं खेल दिवस के अवसर पर टीटी नगर स्टेडियम में भी बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों ने भी रक्षा सूत्र बांधे।

मंत्री सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले वर्ष 1 लाख 42 हज़ार से अधिक बहनों ने राखी बांधी थी। वहीं इस वर्ष यह संख्या और बढ़ गई। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि हर वर्ष नरेला परिवार की लाखों बहनों का स्नेह प्राप्त होता है। बहनों का यह प्रेम हर बार भावुक कर देता है। मंत्री सारंग ने मंच से ही नतमस्तक होकर बहनों का आभार व्यक्त किया।

नरेला रक्षाबंधन उत्सव के अंतिम दिन बहनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी बहनें अपने भैया विश्वास सारंग को रक्षासूत्र बांधने के लिये बड़ी उत्साहित थीं। मंत्री सारंग के कार्यक्रम स्थल पहुँचते ही सभी बहनों ने उन पर पुष्प वर्षा कर उनका स्नेहिल स्वागत किया। सारंग ने सभी बहनों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया एवं आभार प्रकट किया। रक्षाबंधन महोत्सव के पूर्व नरेला विधानसभा के सभी 17 वार्डों के 338 बूथों में महोत्सव में भाग लेने वाली 1 लाख से अधिक बहनों का पंजीयन कराया गया था। वहीं आस पास के क्षेत्रों से भी बहनों ने ऑफ लाइन और ऑन लाइन पंजीयन करवाए थे।

 

कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय 01 एकड़ भूमि में “मातृ वन” स्थापित करेगा : शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज #एक_पेड़_माँ_के_नाम #Plant4Mother अभियान के तहत भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) कैंपस पूसा में पौधारोपण किया। चौहान ने बताया कि मंत्रालय लगभग 1 एकड़ भूमि में “मातृ वन” स्थापित करेगा। कार्यक्रम में राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, सचिव डेयर एवं महानिदेशक आईसीएआर डॉ. हिमांशु पाठक, कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के लगभग 200 अधिकारी/कर्मचारी और स्कूली छात्र भी उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देशभर में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (डीएएंडएफडब्ल्यू) के सभी अधीनस्थ कार्यालय, आईसीएआर संस्थान, सीएयू, केवीके और एसएयू भी अपने-अपने स्थानों पर इसी तरह का वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। चौहान ने यह भी बताया कि आज कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत 800 से अधिक संस्थानों ने भाग लिया और उम्मीद है कि कार्यक्रम के दौरान 3000-4000 पौधे लगाए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वैश्विक अभियान #एक_पेड़_माँ_के_नाम #Plant4Mother का शुभारंभ किया था और प्रधानमंत्री के संकल्प को सुनिश्चित करने के लिए आज हमारे मंत्रालयों ने जन आंदोलन के रूप में #एक_पेड़_माँ_के_नाम #Plant4Mother अभियान की शुरुआत की है। चौहान ने इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों/कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान में भाग लें और वृक्षारोपण करके अपनी माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान प्रकट करें।

वैश्विक अभियान के हिस्से के रूप में, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय यह सुनिश्चित करने के प्रयास कर रहा है कि सितंबर 2024 तक देशभर में 80 करोड़ पौधे और मार्च 2025 तक 140 करोड़ पौधे लगाए जाएं। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 20 जून 2024 को असोला भाटी वन्यजीव अभयारण्य में वृक्षारोपण गतिविधि शुरू की, जिसमें व्यक्तियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पेड़ लगाए। पेड़ लगाने से सरकार द्वारा शुरू किए गए मिशन लाइफ (Mission LiFE) के उद्देश्य को भी पूरा किया जाता है जो पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवन शैली का एक जन आंदोलन है। कृषि में, पेड़ उगाना टिकाऊ खेती को प्राप्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। पेड़ मिट्टी, पानी की गुणवत्ता में सुधार करके और जैव विविधता को बढ़ाकर कृषि उत्पादकता में सुधार करने में मदद करते हैं। पेड़ किसानों को लकड़ी और गैर-लकड़ी उत्पादों से अतिरिक्त आय का स्रोत भी प्रदान करते हैं। अभियान में भूमि क्षरण और मरुस्थलीकरण को रोकने और उलटने की अपार क्षमता है।

 

मप्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार में क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों की महत्वपूर्ण भूमिका – कृष्णमोहन झा

डॉ मोहन यादव के पास मुख्यमंत्री पद की बागडोर आने के बाद महाकाल की नगरी उज्जैन से क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों की जिस श्रृंखला का शुभारंभ हुआ उसकी तीसरी कड़ी के रूप में गत दिवस ग्वालियर में संपन्न क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन ने सफलता के नये आयाम स्थापित किए। राजमाता विजया राजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण आयोजन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में क्षेत्रीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जा रहे क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों के परिणामों प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार निर्माण की नई संभावनाओं को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार निवेशकों और उद्योगपतियों के भरोसे की कसौटी पर खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक ओर उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश में अपनी गतिविधियों को विस्तार देने की अपील की वहीं दूसरी ओर युवाओं को राज्य में उद्यम प्रारंभ करने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। मुख्यमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए उनकी सरकार द्वारा लागू की गई नीतियों और व्यवस्थाओं को उद्योगपतियों और निवेशकों का भरोसा जीतने में सफलता मिली है। क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों की इस श्रृंखला की अगली दो कड़ियों के रूप में अगले माहों में रीवा और सागर में क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों के आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

ग्वालियर में संपन्न इस क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन को अत्यंत सफल माना जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार के निमंत्रण पर सम्मेलन में पधारे उद्योगपतियों से राज्य में निवेश करने के लिए 8000 करोड़ के प्रस्ताव मिले जिनमें अदाणी का 3500 करोड़ का निवेश प्रस्ताव शामिल है। इसके अतिरिक्त रिलायंस की राज्य में नवीकरणीय गैस और संपीडित बायो गैस परियोजनाओं में निवेश करने की योजना है। मध्यप्रदेश में स्थापित होने वाले उद्योगों में लगभग 35000 युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन होने के बाद डॉ मोहन यादव ने राज्य के द्रुतगामी औद्योगिक विकास का जो संकल्प व्यक्त किया था उसकी पूर्ति के लिए उन्होंने पिछले आठ माहों में प्रभावी कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री की इच्छा शक्ति और अथक परिश्रम ने इसमें सोने में सुगंध की कहावत को चरितार्थ कर दी है। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों देश के शीर्ष उद्योगपतियों से जो बैठकें की हैं उसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।यह इस बात का भी परिचायक है कि उद्योगपतियों का भरोसा जीतने में मुख्यमंत्री को निरंतर सफलता मिल रही है। उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में संपन्न क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों में शिरकत करने पहुंचे उद्योगपतियों ने मध्यप्रदेश में प्रचुर मात्रा में नये औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को बलवती बना दिया है।

मुख्यमंत्री का मानना है कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मध्यप्रदेश भौगोलिक दृष्टि से औद्योगिक निवेश के लिए पूरी तरह अनुकूल है। यहां बेहतर रोड और रेल कनेक्टिविटी के साथ ही पर्याप्त कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हैं। विगत दिनों देवास में आयोजित अखिल भारतीय उद्योग सम्मेलन में उन्होंने देश के बड़े उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश में निवेश करने के लिए यहां उन्हें हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के औद्योगिक में महिला शक्ति के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि औद्योगिक जगत में महिला शक्ति ने अपने परिश्रम से नयी दिशा प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने इस सम्मेलन में मौजूद सभी उद्योगपतियों से अनुरोध किया कि वे कम से कम पांच युवाओं को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षित करें।
‌‌
मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंचों से इस बात को बार बार दुहराया है कि उनकी सरकार मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास दर के मामले में देश के सभी राज्यों में अग्रणी स्थान पर लाने के लिए काम कर रही हैं और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों में उसे निरंतर सफलता मिल रही है ।मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल पर मध्यप्रदेश में एक सुखद औद्योगिक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से राज्य में रीजनल इंडस्ट्रियल कान्क्लेव का सिलसिला प्रारंभ हो चुका है। उज्जैन और जबलपुर में हुए कान्क्लेव बेहद सफल रहे हैं और अब हाल में ही ग्वालियर में संपन्न कान्क्लेव भी बेहद सफल रही है। अगली कान्क्लेव के लिए रीवा का चयन किया गया है जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। में भी इसमें दो राय नहीं हो सकती कि भोपाल में अगले साल फरवरी में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की पृष्ठभूमि तैयार करने में इन सभी रीजनल इंडस्ट्रियल कान्क्लेव की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्ष 2025 को मध्यप्रदेश में उद्योग वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश के इतिहास में किसी वर्ष को उद्योग वर्ष के रूप में मनाए जाने का संभवतः यह पहला अवसर होगा । मोहन यादव सरकार की यह योजना राज्य में नये औद्योगिक वातावरण के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगी। मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति में तेजी लाने की मंशा से ही राज्य के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने गत जुलाई में विधानसभा में पेश बजट में उद्योग क्षेत्र के 4190 करोड़ रुपए की राशि आवंटित करने का प्रस्ताव रखा था। यह राशि राज्य के पिछले वर्ष के बजट में इसी मद में आवंटित राशि से लगभग 40 प्रतिशत अधिक है।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) ने नई दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में 54वां स्थापना दिवस मनाया

केन्द्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो (BPR&D) ने कल नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में अपना 54वां स्थापना दिवस मनाया। केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर आसूचना ब्यूरो के निदेशक श्री तपन कुमार डेका, केंद्रीय पुलिस संगठनों (CPOs) और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के प्रमुखों के साथ-साथ गृह मंत्रालय और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने “नए आपराधिक कानून-नागरिक केंद्रित सुधार” विषय पर डॉ. आनंदस्वरूप गुप्ता स्मृति व्याख्यान दिया। स्मृति व्याख्यान देते हुए गृह सचिव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए ‘पंच प्रण’ को ध्यान में रखते हुए उपनिवेशवाद की बेड़ियों को तोड़ने और अपराध की विकसित प्रकृति से निपटने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए समकालीन और प्रासंगिक न्यायप्रणाली की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। गृह सचिव ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में लाए गए नए आपराधिक कानून पीड़ित-केंद्रित हैं और इन कानूनों का उद्देश्य सजा नहीं बल्कि न्याय देना है।

केंद्रीय गृह सचिव ने नये आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं और विभिन्न नए प्रावधानों, विशेष रूप से नागरिक अनुकूल प्रावधानों, जैसे कि जीरो FIR और e-FIR पर प्रकाश डाला। उन्होंने सजा के रूप में सामुदायिक सेवा की शुरूआत और पहली बार अपराध करने वालों के प्रति उदार व्यवहार जैसे प्रावधानों पर भी ध्यानाकर्षण किया। गृह सचिव ने कहा कि नए कानूनों में संगठित अपराध और आतंकवाद को परिभाषित करने की शुरूआत हुई है, नए दंडों को परिभाषित किया गया है, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों से निपटने पर जोर दिया गया है और साक्ष्य संग्रह तथा उनकी जांच के प्रति अधिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण जैसे कई नए प्रावधान भी पेश किए गए हैं। श्री मोहन ने कहा कि इन कानूनों से फोरेंसिक का अधिक उपयोग, जांच प्रक्रिया डिजिटलीकरण, न्यायिक प्रक्रिया की समयसीमा निर्धारित करने के साथ ही पारदर्शिता, जवाबदेही और समय पर निवारण के लिए विभिन्न प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।

गोविंद मोहन ने कहा कि भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रभावी पुलिसिंग, प्रभावी कानून एवं व्यवस्था तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस आधुनिकीकरण एवं उन्नयन में BPR&D की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ब्यूरो को बधाई देते हुए केन्द्रीय गृह सचिव ने संगठन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह एकमात्र केन्द्रीय पुलिस संगठन है जो अनुसंधान, आधुनिकीकरण, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के जरिए पुलिसिंग में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए भारतीय पुलिस के थिंक टैंक के रूप में अपनी भूमिका निभाते हुए अन्य सभी पुलिस संगठनों और राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों को जोड़ता है। उन्होंने BPR&D द्वारा खासकर नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन के लिए प्रशिक्षण और प्रचार के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की, जिसके परिणामस्वरूप आपराधिक न्याय प्रणाली में 9 लाख से अधिक हितधारकों को प्रशिक्षण मिला है।

इस अवसर पर केन्द्रीय गृह सचिव ने नए आपराधिक कानूनों पर BPR&D के प्रमुख प्रकाशन इंडियन पुलिस जर्नल के विशेष संस्करण का विमोचन किया। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों पर दूरदर्शन द्वारा निर्मित एक डॉक्यूमेंट्री भी जारी की।

कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह सचिव ने वर्ष 2023 और 2024 के लिए विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (PSM) और सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (MSM) प्राप्त करने वालों को भी सम्मानित किया।

इस अवसर पर BPR&D के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने संगठन के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा उप सलाहकार पंकज कुमार सिंह; सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, आरपीएफ, एनएचआरसी, एनटीआरओ के महानिदेशक; एनआईए के निदेशक; एनसीआरबी के निदेशक; दिल्ली पुलिस के आयुक्त; गृह मंत्रालय के महानिदेशक (पुरस्कार); BPR&D के पूर्व महानिदेशक सहित अन्य उपस्थित थे।

जम्‍मू-कश्‍मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के अधिसूचना जारी, तीन चरणों में होना है मतदान

जम्मू-कश्मीर में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव की अधिसूचना आज जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 5 सितंबर होगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 सितंबर को की जाएगी।

इस चरण में गांदरबल, श्रीनगर, बडगाम, राजौरी, पुंछ और रियासी जिलों के 26 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा। नामांकन दर्ज करने की अंतिम तिथि 5 सितंबर है और अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 सितंबर है। मतदान 25 सितम्बर को होगा।

परिसीमन के बाद विधानसभा खंडों की संख्या 83 से बढ़ाकर 90 कर दी गई है। 90 विधानसभा सीट के लिए तीन चरणों में मतदान होगा। 24, 26 और 40 विधानसभा खंडों में मतदान 18 और 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होगी। मतगणना चार अक्टूबर को होगी।

वहीं केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में 24 विधानसभा क्षेत्रों में 18 सितंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए कल नामांकन पत्रों की जांच की गई। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 279 उम्मीदवारों में से 244 उम्मीदवारों का नामांकन वैध पाया गया। 35 उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को रद्द कर दिया गया। कश्मीर घाटी में 23 और जम्मू संभाग में 12 नामांकन पत्रों को रद्द कर दिया गया। चुनाव अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार कल दोपहर तीन बजे से पहले संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालय से अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।

पैरालंपिक खेलों का फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुआ शानदार आगाज, 84 भारतीय पैरा-एथलीट करेंगे प्रतिस्‍पर्धा

पैरालंपिक खेलों का कल फ्रांस की राजधानी पेरिस में शानदार आगाज हुआ। फ्रांस के राष्‍ट्रपति इम्‍मानुएल मैक्रों ने पेरिस में एक रंगारंग समारोह के दौरान खेलों की शुरूआत की घोषणा की। एक सौ 67 देशों का प्रतिनिधित्‍व करने वाले कुल चार हजार चार सौ पैरालिंपिक खिलाडियों ने चैंप्‍स एलिसीज से प्लेस डे ला कॉनकॉर्ड तक मार्च किया। भारतीय दल का नेतृत्‍व तोक्‍यो 2020 के स्‍वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाडी सुमित अंतिल और विश्‍व रिकॉर्ड धारक टेबिल टेनिस खिलाडी भाग्‍यश्री जाधव ने किया। खेलों के इस संस्‍करण में कुल 84 भारतीय पैरा-एथलीट प्रतिस्‍पर्धा करेंगे। पैरालिंपिक खेलों के इतिहास में भारत के खिलाडियों का यह अबतक का सबसे बडा दल है। भारत कुल 22 खेलों में से 12 खेलों में स्‍पर्धा करेगा।

कृष्‍णा नागर बैडमिंटन में पुरूषों के सिंगल्‍स खिताब के लिए खेलेंगे। जबकि अवनि लेखरा और मनीष नरवाल निशानेबाजी में निशाना साधेंगे। आज से भारतीय खिलाडी तीरंदाजी, साइक्लिंग, ताइक्‍वांडो, तैराकी और टेबिल टेनिस में प्रतिस्‍पर्धा करेंगे। एथलेटिक्‍स स्‍पर्धा की शुरूआत कल से होगी। इसमें 38 भारतीय एथलीट भागीदारी करेंगे। लोगों की नजरें भाला फेंक खिलाडी सुमित अंतिल और टेबिल टेनिस खिलाडी भाविना पटेल पर होंगी। पेरिस पैरालिंपिक्‍स समापन समारोह के साथ 9 सितंबर को संपन्‍न होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल पेरिस पैरालिंपिक 2024 में भाग लेने वाले भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं। एथलीटों के साहस और दृढ़ संकल्प की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय उनकी सफलता के लिए उत्‍साहित हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया “140 करोड़ भारतीय पेरिस #पैरालिंपिक 2024 में भाग लेने वाले हमारे दल को शुभकामनाएं देते हैं। प्रत्येक एथलीट का साहस और दृढ़ संकल्प पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हर कोई उनकी सफलता के लिए उत्साहित है।

राष्‍ट्रीय खेल दिवस आज

भारत आज यानी 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मना रहा है। हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। यूं तो भारत में खेलों को लेकर रुचि शुरू से ही रही है तथा देश के कोने – कोने से खेल जगत में प्रतिभाएं उभरकर सामने आती रही हैं परंतु पिछले कुछ वर्षों में भारतीय खेल जगत ने एक ऐतिहासिक सफर तय किया है जिसने खेलों के प्रति भारत का नजरिया तथा भारतीय खिलाड़ियों के प्रति दुनिया का नजरिया बदल दिया है। 2014 के बाद से भारत में केंद्र सरकार की तरफ से खेलों को लेकर एक सकारात्मक नजरिया देखने को मिल रहा हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार लगातार पिछले 10 वर्षो से खेल के क्षेत्र में उन्नति के प्रयास कर रही हैं। इस दौरान भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के तमाम खेल आयोजनों में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। भारतीय खेल जगत की इस ऐतिहासिक यात्रा पर नजर डाली जाए तो एक बात साफतौर पर देखी जा सकती है कि बीते दस वर्षों में भारत सरकार ने रिफॉर्म किया, भारतीय खिलाड़ियों ने परफॉर्म किया और भारतीय खेल का पूरा सिस्टम ट्रांसफॉर्म हो गया। प्रत्‍येक वर्ष 29 अगस्‍त को मनाया जाने वाला राष्‍ट्रीय खेल दिवस भारतीय हॉकी में मेजर ध्‍यानचंद की विरासत के सम्‍मान और शारीरिक गतिविधियों तथा खेल के महत्‍व को दर्शाता है।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉक्‍टर मनसुख मांडविया ने राष्‍ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों को कम से कम एक घंटा खेल को समर्पित करने का आह्वान किया है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का सपना भारत को एक फिट राष्‍ट्र बनाने का है। प्रधानमंत्री मोदी का नारा है- खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया। मांड़विया ने सभी नागरिकों को आज राष्‍ट्रव्‍यापी उत्‍सव में भागीदारी करने का आग्रह किया।

राष्‍ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर केन्‍द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आज सुबह मेजर ध्‍यानचंद नेशनल स्‍टेडियम में मेजर ध्‍यानचंद की प्रतिमा पर पुष्‍पांजलि अर्पित की।

केन्‍द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नीतिन गड़करी ने मेजर ध्‍यानचंद की जयंती पर उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्‍होंने राष्‍ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं भी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने बीते दस वर्षों में खेल जगत के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए जिनमें से एक महत्वपूर्ण कार्य भारत में खेलों के लिए बजट में वृद्धि करना है। वर्ष 2014-15 में जहां खेल के लिए 772 करोड़ रूपये का बजट था वहीं 2024-25 में लगभग 2360 करोड़ रूपये हो गया है। 2019-20 से 2024-25 तक भारत में खेलों को प्रोत्साहन देने की दृष्टि से 11954 करोड़ रूपये से भी अधिक की राशि आवंटित की गई जिसमें से 30 जून 2024 तक 9623 करोड़ रूपये से भी अधिक की धनराशि खर्च की जा चुकी है। वर्ष 2019-20 में खेलो इंडिया के लिए 575.52 करोड़ रूपये, 2020-21 में 338.06 करोड़ रूपये, 2021-22 में 764.29 करोड़ रूपये, 2022-23 में 596.39 करोड़ रूपये एवं 2023-24 में 872.20 करोड़ रूपये आवंटित किए गए। सरकार ने बजट 2024-25 में खेलो इंडिया के लिए 900 करोड़ रूपये के आवंटन का प्रस्ताव रखा है।

भारत सरकार के खेल मंत्रालय ने 5 अगस्त 2024 तक देशभर में विभिन्न श्रेणियों में 343 खेल बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को स्वीकृत किया है जो देश में खेलों के विकास में महत्वपूर्ण सरकारी कदम है। भारत सरकार के खेल मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला स्वायत्त निकाय भारतीय खेल प्राधिकरण देशभर में 187 खेल प्रशिक्षण सुविधाएं संचालित करता है जिसमें 24 राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, 69 साई प्रशिक्षण केंद्र, 26 विस्तार केंद्र और 68 अन्य केंद्र शामिल हैं। ये सुविधाएँ देश भर के एथलीटों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण प्रदान करती हैं। इसके अतिरिक्त, खेलो इंडिया योजना के तहत, मंत्रालय ने देश भर में 1059 खेलो इंडिया केंद्र, 32 खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र और 302 मान्यता प्राप्त अकादमियाँ अधिसूचित की हैं।

निवेशकों को राज्य सरकार सभी सुविधाएं और आधारभूत अधोसंरचना उपलब्ध करायेगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों से मध्यप्रदेश में निवेश करने का आग्रह करते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी सुविधाएं और आधारभूत अधोसंरचना उपलब्ध करायेगी। किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जायेगी। डॉ. यादव ने कहा कि निवेशकों के सुझाव पर नीति में भी परिवर्तन किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री कल ग्वालियर में रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव में उद्योगपतियों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सर्वाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित हैं। निवेश के माध्यम से हर युवा को रोजगार मिले इस उददेश्य से संभाग स्तर पर जाकर कॉन्क्लेव आयोजित किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उद्योगपतियों से चर्चा में कहा कि मध्य प्रदेश में यदि विदेशी निवेश आ रहा है तो सौभाग्य की बात है। सभी प्रकार से सरकार का सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से एसेंचर आईटी के एमडी मनोज चतुर्वेदी ने मुलाकात की और उनसे मध्य प्रदेश में निवेश के संबंध में चर्चा की। मार्बल विनाइल के पंकज चावला ने ऑटोमेटिक इंटीरियर के संबंध में चर्चा की। एलिक्सर इंडस्ट्री ने फर्नीचर और रसायन के क्षेत्र में इन्वेस्ट करने की इच्छा जाहिर की।

इसी प्रकार प्रॉपर लाइट इंडस्ट्री खास संस्करण उद्योग में लाना चाह रही है। मुख्यमंत्री ने कोऑपरेटिव सेक्टर को भी बढ़ावा देने की बात करते हुए कहा कि प्रदेश के साथ संभागों में कोऑपरेटिव सेक्टर को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होने निवेशकों से सहयोग की अपेक्षा की। उन्होने पशुधन को बढ़ाने, उनके चारे की विशेष व्यवस्था करने के लिए धनराशि जुटाने की चर्चा की जिससे कि दुग्ध उत्पादन में बढ़ोतरी हो। रिलायंस इंडस्ट्री ने बंजर पड़ी जमीन पर चारा उगाने रिसर्च डिपार्टमेंट स्थापित करने की कार्य योजना रखी। ग्वालियर के 800 एकड़ क्षेत्र में घास लगाकर इससे गैस बनाने की प्रक्रिया के लिए बायोकैमिकल इंडस्ट्री के साथ पहले रिसर्च डिपार्टमेंट स्थापित करने की बात। प्लेग्रो इंडस्ट्रीज के अंकुर गुप्ता ने खिलौने और फर्नीचर के लिए पॉलिसी बनाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद दिया, इंदौर व उज्जैन क्षेत्र में खिलौना उद्योग लगाने की इच्छा जताई।

जमुना इंडस्ट्री ऑटोमोबाइल क्षेत्र के कार्यकारी निदेशक कोहली ने स्प्रिंग और सस्पेंशन बनाने के लिये निवेश की इच्छा जाहिर करते हुए पीथमपुर के पास जमीन अलॉट करने की बात रखी।

इस प्रकार 18 से अधिक उद्योगपतियों ने लगभग 5000 करोड़ रूपये का इन्वेस्टमेंट करने के संबंध में अपनी बात रखी। ग्वालियर मुरैना में भी लगभग 3000 करोड़ से अधिक के प्रस्ताव इन उद्योगपति ने दिए हैं।

हाई राइड समूह के एम डी अनुज अग्रवाल ने बताया की मेक इन इण्डिया मुहिम के तहत रु. 2500 करोड के निवेश से 2 गीगा वाट क्षमता का सौर उर्जा सेल विनिर्माण इकाई तथा सिवनी में 300 केएलपीडी क्षमता का इथेनॉल प्लांट स्थापित किये जाने की योजना है।

जमना ऑटो के सुरेंद्र पाल ने औ‌द्योगिक क्षेत्र मालनपुर, जिला भिंड में 42 एकड़ क्षेत्रफल पर रुपये 300 करोड़ के अधिक के निवेश से प्लांट संचालित है, जिसमें 1100 से अधिक व्यक्ति कार्यरत है। मार्बल ग्रुप द्वारा प्रदेश में लगभग 50 से 60 एकड भूमि पर ऑटोमोटिव इंटीरियर फर्निशिंग, वाटर प्रूफिंग तथा जियोमेमब्रेन्स के निर्माण हेतु 4 ज्वांइट वेंचर इकाईयां स्थापित किये जाने की योजना है। इन इकाईयों में रुपये 620 करोड का निवेश तथा 2800 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रस्तावित है।

ओ एफ बी कंपनी की रुपये 350 करोड़ की लागत के साथ टेक्सटाइल, बैग निर्माण सम्बन्धी इकाई स्थापना की योजना है। प्राइम गोल्ड कंपनी की ग्वालियर जिले में स्थापित स्टील निर्माण इकाई के विस्तार में रुपये 250 करोड का अतिरिक्त निवेश की योजना है जिससे अतिरिक्त 200 से 300 व्यक्तियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। करीब 2000 एकड भूमि क्षेत्रफल पर जिला मुरैना में बायो एनर्जी सेक्टर संबंधी कंप्रेस्ड बायो गैस इकाई स्थापित किये जाने की योजना है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महिलाओं के खिलाफ हाल ही में हुए अपराधों पर लेख लिख कर चिंता व्यक्त की

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि कोलकाता में एक डॉक्‍टर के साथ जघन्‍य दुष्‍कर्म और उसकी हत्‍या की घटना से पूरा देश सदमे में है और समय आ गया है कि सब लोग मिलकर कहे कि अब और बर्दाश्‍त नहीं होगा। उन्‍होंने कहा कि हाल में महिलाओं के खिलाफ जिस तरह से अपराध बढ़े हैं, उनसे हमें आत्‍म मंथन करने की जरूरत है कि इस बुराई की जड़ों का पता लगाया जाए। राष्‍ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया मंच पर साझा किए गए एक बयान में यह बात कही। उन्‍होंने कहा कि इस घटना की जानकारी मिलने पर वे निराश और स्‍तब्‍ध हैं। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सबसे दु:खद तथ्‍य है कि यह केवल एक अकेली घटना नहीं है, बल्कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की श्रृंखला की एक कड़ी है। उन्‍होंने कहा कि कोलकाता में जब छात्र, डॉक्‍टर और लोग इस घटना पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तो अपराधी कहीं और ही निडर घूम रहे थे। राष्‍ट्रपति ने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अत्‍याचारों में छोटी-छो‍टी बालिकाएं भी हैं और कोई भी सभ्‍य समाज बहनों और बेटियों को इस प्रकार के अत्‍याचारों का शिकार बनने को बर्दाश्‍त नहीं कर सकता।

उन्‍होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से देशभर में रोष व्‍याप्‍त होना स्‍वाभाविक है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि अब समय आ गया है कि हमें एक समाज के तौर पर अपने आप से कुछ कठिन प्रश्‍न पूछने होंगे। उन्‍होंने कहा कि हमारे संविधान ने महिलाओं समेत सभी नागरिकों को उस समय समानता प्रदान की, जब दुनिया के अनेक हिस्‍सों में यह केवल आदर्श मात्र था। राष्‍ट्रपति ने कहा कि सरकार को यह समानता सुनिश्चित करने के लिए संस्‍थान बनाने होंगे और कई कार्यक्रम और अभियान आरंभ करने होंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि नागरिक समाज आगे आया और इस संबंध में राज्य के प्रयासों में सहायता की। उन्होंने कहा कि समाज के सभी क्षेत्रों में दूरदर्शी नेताओं ने लैंगिक समानता पर जोर दिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आखिरकार, वे असाधारण, साहसी महिलाएं ही थीं, जिन्होंने अपनी कम भाग्यशाली बहनों के लिए इस सामाजिक क्रांति से लाभ उठाना संभव बनाया। वह महिला सशक्तिकरण की गाथा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के पीछे कुछ लोगों द्वारा महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करना ही है। ऐसे लोगों के मन में यह बात गहराई तक बैठी हुई है। राष्ट्रपति ने कहा कि दुर्भाग्‍य से भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में यही स्थिति है। उन्होंने कहा कि हरेक जगह महिलाओं पर अत्‍याचार का स्‍वरूप एक ही है, भले उसकी जघन्‍यता कहीं कम और कहीं अधिक है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि इस मानसिकता का मुकाबला करना राज्य और समाज दोनों का काम है। उन्होंने कहा कि भारत में पिछले कुछ वर्षों में दोनों ने गलत रवैये को बदलने के लिए कड़ा संघर्ष किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि कानून रहे हैं और सामाजिक अभियान चल रहे हैं फिर भी, कुछ ऐसा है जो रास्ते में आता रहता है और देश को पीड़ा देता रहता है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दिल्ली के निर्भया कांड को याद करते हुए कहा कि दिसंबर 2012 में देशवासियों का उस क्रूरता से सामना हुआ था, जब एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई थी। देश में इस घटना से सदमा और गुस्सा था। लोगों ने यह ठान लिया था कि किसी और निर्भया का यही हश्र नहीं होने देंगे। सरकार ने योजनाएं बनाईं और रणनीतियाँ तैयार कीं और इन कदमों से कुछ हद तक फर्क पड़ा। उन्होंने कहा कि फिर भी, यह कार्य तब तक अधूरा है जब तक कोई भी महिला उस वातावरण में असुरक्षित महसूस करती है जहां वह रहती है या काम करती है। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में उस त्रासदी के बाद से बारह वर्षों में, समान प्रकृति की अनगिनत त्रासदियाँ हुई हैं, हालाँकि केवल कुछ ने ही देशव्यापी ध्यान आकर्षित किया। इन्हें भी जल्द ही भुला दिया गया। उन्होंने पूछा कि क्या देशवासियों ने सबक ले लिया है? जैसे-जैसे सामाजिक विरोध कम हुआ, ये घटनाएं सामाजिक स्मृति के गहरे और दुर्गम गर्त में दब गईं, जिन्हें केवल तभी याद किया जाता है जब कोई अन्य जघन्य अपराध होता है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भूलने की यह सामूहिक बीमारी बहुत ही अप्रिय है।

राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह देश के लोगों का दायित्‍व है कि वे अपनी बेटियों को भय से मुक्‍त करने के रास्‍ते की सभी बाधाओं को दूर करें।

234 नए शहरों में 730 निजी FM रेडियो शुरू करने की मंजूरी, मातृभाषा में स्थानीय सामग्री को बढ़ावा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने निजी एफएम रेडियो चरण-3 नीति के अंतर्गत 234 नए शहरों में 730 चैनलों के लिए 784.87 करोड़ रुपये के अनुमानित आरक्षित मूल्य के साथ तीसरे बैच की आरोही (बढ़ती हुई बोली) ई-नीलामी करवाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

शहरों/कस्बों की राज्यवार सूची और नई नीलामी के लिए स्वीकृत निजी एफएम चैनलों की संख्या अनुलग्नक के रूप में यहां संलग्न है।

केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को छोड़कर एफएम चैनल के वार्षिक लाइसेंस शुल्क (एएलएफ) के रूप में सकल राजस्व का 4 प्रतिशत लेने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। ये 234 नए शहरों/कस्बों के लिए लागू होगा।

234 नए शहरों/कस्बों में निजी एफएम रेडियो की शुरुआत से उन शहरों/कस्बों में एफएम रेडियो की अधूरी मांग पूरी होगी, जो अभी भी निजी एफएम रेडियो प्रसारण से अछूते हैं और मातृभाषा में नए/स्थानीय कंटेंट पेश करेंगे।

इससे नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे, स्थानीय बोली और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल को बढ़ावा मिलेगा। अनुमोदित किए गए ऐसे कई शहर/कस्बे आकांक्षी जिलों और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में हैं। इन क्षेत्रों में निजी एफएम रेडियो की स्थापना से इन क्षेत्रों में सरकारी पहुंच और सुदृढ़ होगी।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...