महिलाओं के हक और अधिकारों की मांगों को लेकर महिला कांग्रेस का नारी न्याय आंदोलन

मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा कल राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर नारी न्याय आंदोलन के तहत प्रदेश स्तरीय आयोजन रखा गया। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में नारी न्याय आंदोलन के माध्यम से आर्थिक, सामाजिक और यौन उत्पीड़न जैसी विभिन्न समस्याओं, महिला आरक्षण, जातिगत जनगणना, महिलाओं के साथ अपराधों के बढ़ते मामले, बेलगाम महंगाई, चौपट स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे तमाम मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन एवं राज्यपाल महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। महिला कांग्रेस द्वारा ज्ञापन सौंपने रोशनपुरा से आगे बढ़ने से रोकने के लिए लगाए गए बेरिकेड्स पर चढ़कर महिलाओं ने सरकार विरोधी नारे लगाये और बेरिकेट्स पर से छलांग लगाते हुए महिलाएं राजभवन की तरफ दौड़ बढ़ी, इस दौरान महिला पुलिस अफसरों के साथ तीखी तकरार, झूमाझटकी, धक्का-मुक्की के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। यह देखकर महिला कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला। वहीं घोषणा के मुताबिक महिलाओं ने राजभवन तक पैदल मार्च किया। इसके कारण पुलिस को महिलाओं को पकड़ने के लिए काफी मशक्कत करना पड़ी।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा कि महिलाओं के अधिकार और हकों के लिए महिला आरक्षण व्यवस्था लागू होनी चाहिए। जब तक आरक्षण व्यवस्था लागू नहीं होगी, महिलाओं को अधिकार नहीं मिलेंगे।

पूर्व मंत्री सज्ज्न सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं में भय और असुरक्षा का माहौल है। महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्म, दुराचार की घटनाएं रोज सामने आ रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्री इन घटनाओं पर मौन हैं।

पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि प्रदेश भर में कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा नारी न्याय आंदोलन के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के लिए जागरूक किया जायेगा, यह आंदोलन सरकार को नींद से जगाने के लिए जिला और ब्लाक में भी किया जायेगा।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए मजबूत कानून बनाकर उसे पूरी तरह लागू किया जाये। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार, अनाचार और दुष्कर्म की घटनाओं का ग्राफ दिन-पर-दिन बढ़ता जा रहा हैं। महिला आरक्षण अधिनियम को तुरंत लागू कर 33 फीसदी आरक्षण केवल पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को दिया जाना चाहिए। सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय की खातिर जातिगत जनगणना शीघ्र करायी जाए। महिलाओं के जीवनयापन के लिए आर्थिक सशक्तिकरण किया जाये।

विभा पटेल ने कहा कि आर्थिक स्थिति से कमजोर महिलाओं और लाड़ली बहनों सक्षम बनाने के लिए नारी न्याय के तहत हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपया अथवा हर महीने 8500 रूपए की आर्थिक सहायता शीघ्र प्रारंभ की जाये। महिलाओं के प्रति भेदभाव समाप्त कर ‘समान काम-समान वेतन’ का सिद्धांत लागू किया जाए। अत्याचार, दुराचार, दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने और अपराधियों में भय का माहौल बने इसके लिए कठोर कानून बनाया जाए। पेंशन से वंचित परित्यक्ता महिलाओं-युवतियों, कल्याणी, निराश्रित वृद्व महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन शीघ्र प्रांरभ की जाये, लाड़ली बहना योजना में काटे गये नामों को शीघ्र जोड़ा जाये, स्मार्ट मीटर योजना बंद की जाये और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के वेतन/ मानदेय में केंद्र सरकार का योगदान दो गुना किया जाए।

विभा पटेल ने कहा कि अभा महिला कांग्रेस के आव्हान पर आज राजधानी भोपाल में प्रदेश स्तरीय नारी न्याय आंदोलन कर महिलाओं के अधिकारों की मांग की गई। आगामी समय में यह आंदोलन जिला स्तर पर किया जायेगा।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता अरूण श्रीवास्तव, विधायक आरिफ मसूद, विधायक सेना पटेल, प्रवीण सक्सेना, राजकुमार पटेल, दीपचंद यादव, शबिस्ता जकी ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल, प्रवक्ता रोशनी यादव, महिला कांग्रेस की पदाधिकारीगण राजलक्ष्मी नायक, शीतल मालवीय, किरण अहिरवार, संतोष कंसाना, महक राणा, लता देवरे, रत्ना पांडे, यशोदा पांडे, राशिदा मुस्तफा, कुसुम पाल, प्रतिभा विक्टर, सकुन राणा, गुड्डी जाटव, रमा सिंह वैस सहित प्रदेश भर से आयी महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और हजारों की संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “पशु सेवा रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पशु सेवा रथ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद भारत सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति मनोज तोमर और अभय चौधरी उपस्थित थे।

इस रथ को नगर निगम सभापति मनोज तोमर द्वारा अपनी मौलिक निधि से 13 लाख 75 हजार से क्रय किया गया है। यह रथ ऐसे पशुओं को उठाकर लायेगा जो वाहनों की चपेट में आने के कारण घायल हो जाते हैं। साथ ही बीमारी के कारण भी अपने पैरों पर खड़े होने में असमर्थ होते हैं, जिन्हें उपचार की आवश्यकता होती है। रथ द्वारा घायल एवं बीमार पशुओं को उपचार के लिए गौशाला तक लाया जा सकेगा। नागरिक अपने आसपास बीमार एवं घायल पशु की सूचना फोन नंबर 0751-438358 एवं मोबाइल नंबर 9644408123 पर दे सकते हैं।

मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने में पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाएं – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को ग्वालियर में पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के महाराजपुरा शक्ति केंद्र में संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा रही है। भारतीय जनता पार्टी देश की एक मात्र राजनीतिक पार्टी है, जिसके अंदर भी लोकतंत्र है। भाजपा के अंदर चुनाव प्रक्रिया से संगठन का निर्माण होता है। देश के आजाद होने के बाद एक ही व्यक्ति प्रधानमंत्री और कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों पद पद बैठे थे। पार्टी संगठन ने संगठन पर्व के तहत मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता संगठन पर्व के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपनी महती भूमिका निभाएं। इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा का संगठन की दृष्टि से संगठन पर्व चल रहा है। पहले राष्ट्रीय स्तर पर, फिर प्रदेश स्तर पर और जिला स्तर पर कार्यशालाएं हुई हैं। अब शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यशालाएं हो रही हैं। 31 अगस्त को देश भर के साथ प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
भारत की सेना सबसे सशक्त और अनुशासित है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का भाजपा कार्यकर्ता अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जाना जाता है। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता संगठन पर्व में भागीदार बनें और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर इसे भी ऐतिहासिक बनाएं। भारत की सेना विश्व की सबसे ताकतवर सेनाओं में शामिल है। हमारे देश की सेना सबसे सशक्त और अनुशासित सेना है। संयुक्त राष्ट्र संघ भी कई देशों मे शांति स्थापित करने के लिए सेनाएं भेजता है, वहां भी भारत की सेनाएं उत्कृष्ट कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। किसी भी देश को चलाने में लोकतंत्र की सबसे बड़ी भूमिका होती है। भारतीय जनता पार्टी देश के लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा रही है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनसंघ ने अपना अस्तित्व तक समाप्त कर लिया। बाद में जनसंघ भारतीय जनता पार्टी बनी। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में चार जतियां बताई हैं, गरीब, युवा, महिला और किसान। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इन चारों जातियों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार रोजगार के अधिक से अधिक अवसर पैदा करने के लिए निवेश को बढ़ावा दे रही है। उज्जैन, जबलपुर के बाद आज ग्वालियर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य संभागों में भी रोजगार को बढ़ाने के लिए कार्य किया जाएगा। मैं 3 सितंबर को संगठन पर्व के तहत पार्टी की सदस्यता लूंगा। आप सभी अपने-अपने बूथों पर घर-घर संपर्क कर लोगों को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कल्याण के कार्यों और उपलब्धियां जनता को बताएं और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाएं।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री रामनिवास रावत, सांसद भारत सिंह कुशवाहा, पार्टी के प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया एवं जिला अध्यक्ष अभय चौधरी मंचासीन रहे।

सकारात्मक सोच से उद्योगों के विकास का समन्वित प्रयास: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल नीतियों और वातावरण के साथ प्रशासनिक स्तर पर भी स्वागत व अभिनंदन का भाव रहेगा। प्रदेश में सकारात्मक सोच के साथ औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। ग्वालियर आरआईसी में 8 हजार करोड़ रूपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे 35 हजार से अधिक रोजगार के नवीन अवसर प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर 1586 करोड़ रूपए की लागत से प्रदेश में 47 नई औद्योगिक इकाइयों का सिंगल क्लिक से भूमिपूजन और लोकार्पण किया। यह कॉन्क्लेव विरासत, इतिहास और उद्योग की थीम पर केन्द्रित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीजनल कॉन्क्लेव मात्र कहने के लिये रीजनल हैं, हकीकत में यह कॉन्क्लेव राज्य स्तरीय है। इन औद्योगिक इकाइयों के प्रांरभ होने से स्पंदन पूरे प्रदेश में होना है। मंच पर 5 औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए। इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल जिले के 8 जिला स्तरीय इंडस्ट्री फेसिलिटेशन सेंटर का शुभारंभ किया गया। ये केन्द्र ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, दतिया, गुना और अशोकनगर में आज से ही प्रांरभ हो गए हैं। कॉन्क्लेव में मेक्सिको, जाम्बिया के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर में निजी क्षेत्र में बड़ा चिकित्सालय भी खोला जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कॉन्क्लेव के आयोजन के पीछे यह भाव भी है कि उद्योगपति प्रदेश की विशेषताओं को आकर स्वयं देखें और मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापना का निर्णय लें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज ग्वालियर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अन्य अतिथियों के साथ इस वर्ष की तृतीय रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का ग्वालियर में दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि विश्वविद्यालय परिसर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र के उद्योग विकास की संभावनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अनुकूलता से उद्यमशीलता का विकास और तीव्र गति से संभव है। उद्योग और निवेश की दृष्टि से ग्वालियर प्रमुख केंद्र रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने इंदौर की हुकुमचंद मिल के श्रमिकों को मुआवजा राशि दिलवाने का कार्य किया गया है। यह कार्य अनेक वर्ष से लंबित था। रुग्ण औद्योगिक इकाइयों की समस्याएं भी हल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब ऐसे अन्य मामलों के लिए जरूरी निर्णय लिए जाएंगे। जे.सी. मिल ग्वालियर की समस्या भी हुकुमचंद मिल की तर्ज पर हल की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें सुशासन कर्म और धर्म के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर चिकित्सा और हेल्थ सेक्टर में ग्वालियर में एक निजी क्षेत्र का बड़ा अस्पताल प्रारंभ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र में 4 नये औद्योगिक पार्क खोले जाने की घोषणा की। इसमें गुना के चेनपुरा में 333 हेक्टेयर, ग्वालियर जिले के मोहना में 210 हेक्टेयर, मुरैना के मवई में 210 हेक्टेयर और शिवपुरी के गुरावल में 30.64 हेक्टेयर में औद्योगिक पार्क विकसित किये जायेंगे। साथ ही मुरैना जिले के औद्योगिक क्षेत्र सीतापुर में पुलिस चौकी और औद्योगिक क्षेत्र बामोर में फायर स्टेशन की स्थापना की जायेगी।

केन्द्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में उद्योग की अलख जगाने का कार्य किया है। इस अंचल के प्रत्येक नागरिक के दिल में उन्होंने स्थान बना लिया है। ग्वालियर अंचल में अधोसंरचना और निवेश की शुरुआत वर्षों पहले की गई। वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की क्षमताओं के अनुकूल प्रदेश को राष्ट्रीय पटल पर लाने का कार्य किया है। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की पहल करने वाले वे पहले मुख्यमंत्री हैं। सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में 6 माह की अवधि में एक लाख 84 हजार करोड़ रूपए का निवेश आना सामान्य बात नहीं है। निश्चित ही ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की तस्वीर नए-नए उद्योगों के आने से बदल जाएगी। सिंधिया ने विभिन्न सेक्टर में उद्योगों के विकास की संभावना पर भी प्रकाश डाला।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत 10 वर्ष में भारत की साख में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि हुई है। विकास में समग्रता को अपनाया गया है। भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था है, अब तीसरी अर्थव्यवस्था बने इस संकल्प से कार्य हो रहा है। विधाससभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर की पावन धरा पर इस कॉन्क्लेव का आयोजन महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में संतुलित और समग्र विकास के लिए प्राण-पण से जुटे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी क्षेत्रों में कार्य आवश्यक होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गांव, गरीब, नारी, किसान सभी की चिंता कर रहे हैं। इसके साथ ही वे उद्योग और व्यवसाय के विकास के लिए भी चिंतित हैं। मध्यप्रदेश सरकार रोजगार और अर्थव्यवस्था मजबूत बनाने की चुनौती को स्वीकार कर निरंतर कर रही है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश में औद्योगीकरण के लक्ष्य से कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। प्रत्येक जिले में युवाओं को उद्यमी बनाया जा रहा है। वर्तमान में पारदर्शी प्रक्रिया लागू की गई है। मध्यप्रदेश उद्योगों को सर्वाधिक अनुदान देने वाला प्रदेश है। प्रदेश में लघु उद्यमियों को प्रोत्साहन राशि उनके खातों में अंतरित की गई है।

अडानी समूह के करण अडानी ने कहा कि ग्वालियर में यह कॉन्क्लेव आर्थिक प्रगति को बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अनेक क्षेत्रों में नए उद्योग आ रहे हैं। अडानी ग्रुप प्रदेश में गुना और शिवपुरी में दो नई औद्योगिक इकाइयां प्रारंभ करेगा। शिवपुरी में 2500 करोड़ रूपए की लागत से रक्षा क्षेत्र में, गुना में 500 करोड़ रूपए की लागत से सीमेंट ग्राइडिंग यूनिट और बदरवास में जैकेट निर्माण इकाई शुरू की जाएगी। बदरवास इकाई से महिलाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। यह निर्मित जैकेटविश्व के कोने-कोने तक जाएगी।

रिलायंस समूह के उपाध्यक्ष विवेक तनेजा ने कहा कि मध्यप्रदेश में समूह द्वारा बायो गैस और एनर्जी जनरेशन क्षेत्र में निवेश का विचार है। ट्रोपोलाइट के एमडी पुनीत डॉवर ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश प्रस्ताव की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल से बेंगलुरू से लेकर ग्वालियर तक हुई इन्वेस्टर्स समिट और इंडस्ट्री कॉन्क्लेव को रोजगार वृद्धि में सहायक बताया। उद्योगपतियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है। डॉवर ने गत 50 वर्ष के उद्योग क्षेत्र के अपने अनुभवों की भी चर्चा की। डॉवर ने 100 करोड़ के निवेश मंतव्य की जानकारी दी जिससे करीब 500 महिलाओं को रोजगार मिलेगा।

प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बतायाकि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में 121 बैठकें की हैं। भोपाल में आगामी 7-8 फरवरी 2025 को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी की जा रही है। प्रदेश में निवेश आ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछले दिनों में विभिन्न 51 औद्योगिक इकाइयों का वर्चुअल शुभारंभ किया हैं। इससे लगभग 8300 व्यक्तियों के लिए रोजगार सृजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर, ग्वालियर, चंबल के उद्योगपतियों से चर्चा की है। प्रमुख सचिव श्री सिंह ने उद्योग हितैषी नीतियों संशोधित श्रम नीतियों और ग्वालियर, चंबल संभागों में उद्योगों की प्रगति की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रमुख सचिव पर्यटन शिवशेखर शुक्ला ने पर्यटन क्षेत्र में विकास की संभावनाओं पर प्रेजेंटेशन दिया। बताया गया कि प्रदेश में यूनेस्को की 14 हेरिटेज साइट हैं, जिसमें 3 स्थायी सूची में है। आध्यात्मिक पर्यटन क्षेत्र में, जल संरचनाओं में नर्मदा और अन्य स्थान, वन्य जीव अभयारण्य, राष्ट्रीय उद्यान पर्यटकों के लिए आकर्षण के केन्द्र हैं। राज्य सरकार इन स्थानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 20 प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियों से जुड़े स्थानों का विकास भी किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में 2023 में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, जिसका अर्थव्यवस्था पर भी अच्छा प्रभाव देखने को मिला है। प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने पर्यटन उद्योग के लिए दी जा रही रियायतों और प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 100 करोड़ से अधिक के अल्ट्रा मेगा प्रोजेक्ट्स पर 30 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। कूनो, चंदेरी, हनुवंतिया, मांडव, गांधीसागर को महत्वपूर्ण पर्यटन केन्द्र बनाया जा रहा है। ओंकारेश्वर और उज्जैन में पर्यटन सुविधाओं में निरंतर वृद्धि की जा रही हैं।

प्रमुख सचिव खनिज संजय शुक्ला ने कोयला, लाइम स्टोन, कॉपर एवं अन्य खनिजों के क्षेत्र में प्रदेश की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत वर्ष से 119 मिलियन टन से बढ़कर 159 मिलियन टन वार्षिक कोयला उत्पादन हो रहा है। मध्यप्रदेश डायमंड, कॉपर, मैंगनीज में प्रथम स्थान पर है। ग्वालियर अंचल में भी खनिज क्षेत्र में संभावनाएं हैं। प्रदेश में देश के कुल सीमेंट उत्पादन का छठवां हिस्सा मध्यप्रदेश में उत्पादित होता है। कोयले में मध्यप्रदेश देश में चौथे स्थान पर है। प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश की नीतियां एवं संसाधन उद्योग हितैषी हैं। मध्यप्रदेश, देश के मध्य में होने से श्रेष्ठ लॉजिस्टिक और परिवहन सुविधाएं भी हैं। निरंतर निर्माण होने से सीमेंट की खपत बढ़ रही है। देश के प्रमुख सीमेंट उत्पादक मध्यप्रदेश में इकाइयां लगा चुके हैं। नए निवेश भी हो रहे हैं। घरों में बहुरंगी स्टोन प्रयोग में लाए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश से ऐसे स्टोन अन्य राज्यों में जा रहे हैं।

प्रमुख सचिव सूचना प्रौद्योगिकी संजय दुबे ने प्रेजेंटेशन में बताया कि मध्यप्रदेश की प्रगति गत दशक में 11 प्रतिशत रही, जबकि आईटी क्षेत्र में प्रगति 43 प्रतिशत रही। मध्यप्रदेश में काम के साथ विकास के अवसर भी मिलते हैं। प्रदेश में डाटा सेंटर के लिए अनुकूल वातावरण है। प्रदेश के 15 में से 7 आईटी पार्क शासन के माध्यम से चल रहे हैं। आईटी सेक्टर मात्र एक सेक्टर नहीं बल्कि अन्य सेक्टर्स के विकास में सहयोगी है। शासन से प्रोत्साहन स्वरूप इन्टेन्सिव और अन्य लाभ आईटी क्षेत्र में निवेश पर दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में डेवलपर्स को भी इन्टेन्सिव दिया जा रहा है। स्टार्ट-अप को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कारण दिल्ली और नोएडा के स्थान पर निवेश मध्यप्रदेश में आ रहा है। ग्वालियर से 7 हाइ-वे निकलते हैं। इस क्षेत्र में ग्वालियर को प्रमुख केन्द्र बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 47 नवीन उद्योग इकाइयों का शुभारंभ, भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनसे 4752 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। कुल 1586 करोड़ रूपए निवेश किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र के छह स्थानों पर इन इकाइयों के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों से चर्चा की और नई औद्योगिक इकाइयों के लिए बधाई दी। मालनपुर भिंड में प्रारंभ नए उद्योगों के लिए केन्द्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मक्सी (शाजापुर) में प्रारंभ इकाइयों के लिए भी बधाई दी। इसी तरह नीमच, धार, पांर्ढुना जिलों स्थानों पर भी औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण और भूमिपूजन सम्पन्न हुआ।

रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 120 औद्योगिक इकाइयों को 268 एकड़ भूमि आवंटित कर आशय-पत्र जारी किये गये। इसमें 1680 करोड़ से अधिक का पूँजी निवेश होगा एवं 6600 लोगों को रोजगार मिलेगा। एमएसएमई विभाग अंतर्गत 19 इकाईयों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किये गये, जिसमें 265 करोड़ से अधिक का पूँजी निवेश एवं लगभग एक हजार व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतीक स्वरूप 5 इकाइयों को भूमि आवंटन के आशय-पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने जय विलास प्रवेश द्वार का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण भी किया।

शुभारंभ सत्र में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, सूक्ष्म, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, लोक निर्माण मंत्री राकेश शुक्ला, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी, सांसद संध्या राय, सांसद भी भारत सिंह कुशवाह, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल, उपस्थित थे।

मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराएं- उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रभार ज़िले शहडोल में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ज़िला कार्य समिति की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि उमरिया से शहडोल मार्ग और रीवा से शहडोल मार्ग के निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराएं उन्होंने कार्य में विलंब पर नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने अक्टूबर माह तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होनें कहा कि निर्माण कार्य की वजह से गतिरोध न हो साथ ही सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रावधान किए जायें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि शहडोल मेडिकल कालेज एवं जिला चिकित्सालय में मरीजों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया होना चाहिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय शहडोल में मरीजों की आवश्यकतानुसार 500 बेड की सुविधा के लिए प्रस्ताव शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मेडिकल कालेज शहडोल में प्रदाय की जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की और कहा कि हर घर नल से शुद्ध जल प्रदाय सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने स्कूलों तक पहुँच मार्गों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण कराएं। अतिवर्षा के कारण हुए नुकसान का सर्वें कराएं तथा मुआवजे की राशि समय में लोगों को मिले यह सुनिश्चित करें। शहडोल नगर में सीवरेज कार्य अधूरा होने के कारण लोगों की काफी समस्याएं संज्ञान में आयी हैं। सीवरेज के कार्य को गुणवत्ता से पूर्ण कराएं, जिससे नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सीएम राइज स्कूल का कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, विधायक जैतपुर एवं पूर्व मंत्री जयसिंह मरावी, विधायक जयसिंहनगर मनीषा सिंह, विधायक ब्यौहारी शरद कोल, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमन शुक्ल, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में पीएम जन-मन कार्ड का विमोचन किया। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय शहडोल के परिसर से पीएम जनमन आई ई सी कैंपन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम जन-मन (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) के तहत विशेष पिछड़ी हुई जनजातियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से प्रदाय की जा रही सुविधाओं में सबको पक्का घर, हर-घर नल से जल, गाँव-गाँव तक सड़क, बिजली, शिक्षा, कौशल विकास, मोबाइल मेडिकल यूनिट, सबको पोषण, उन्नत आजीविका जैसी अन्य योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।

 

 

संगठन पर्व हमारे लिए पार्टी का सबसे बड़ा त्योहार है – डॉ.मोहन यादव

भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व को लेकर बुधवार को प्रदेश कार्यालय में मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पार्टी का संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। हमें प्राणप्रण से जुटकर सदस्यता के लिए पार्टी ने जो लक्ष्य तय किया है उसे हासिल करना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि कमजोरी को मजबूती में बदलने का अवसर है। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन पर्व के लिए हर मोर्चा और प्रकोष्ठ अपनी योजना बनाए तथा अपने-अपने लक्ष्य तय करें। प्रदेश के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि हमने चुनावों में नया इतिहास रचा है। सदस्यता अभियान नई सदस्यता के मामले में भी नया इतिहास रचने का अवसर है। प्रदेश सगंठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हर बूथ पर 200 से ज्यादा सदस्यों को सदस्यता दिलाने के लिए हर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को जुटना होगा।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। हमें गर्व है कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी हमारी है। हम सामूहिक रूप से एक साथ मिलकर पार्टी के संगठन पर्व के अभियान को सार्थक करेंगे। हम हमेशा दो दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े हैं। देश की संस्कृति और लोकतंत्र की निष्ठा के दृष्टिकोण ने हमें सबसे अलग खड़ा किया है। जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक हमने लोकतंत्र को जिंदा रखा है। कांग्रेस ने हमेशा झूठ और चालाकियां की हैं। कांग्रेस संविधान के नाम पर देश को गुमराह करने का काम कर रही हैं। महात्मा गांधी ने कहा था आजादी के बाद कांग्रेस को राजनीतिक यात्रा नहीं करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसे नहीं माना और आज भी कांग्रेस सुधरने का नाम नहीं ले रही है।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 सालों में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है। अभी हाल ही में यूक्रेन-रूस से बातचीत कर शांति वार्ता की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। दुनिया भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। य़ह कोई छोटी-मोटी बात नहीं है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जहां विकास नहीं हुआ हो और विकास ने रफ्तार नहीं पकड़ी हो। सदस्यता अभियान में हमें इस अनुकूलता का लाभ लेना चाहिए।

बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमने 163 सीटें हासिल की और लोकसभा चुनाव में 29 में से 29 सीटें जीतकर इतिहास रचा। इन चुनावों में हमारे मोर्चों और प्रकोष्ठ ने यह चरितार्थ कर दिया कि ’संगठन तंत्र की ताकत ही वैभव का चित्र सजाती है’। उन्होंने कहा कि हमारे मोर्चे और प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बनाने के माध्यम हैं। मध्यप्रदेश स्व. कुशाभाऊ ठाकरे , राजमाता सिंधिया , सुंदरलाल पटवा , कैलाश जोशी और प्यारेलाल खंडेलवाल जैसे कार्यकर्ताओं का प्रदेश है। यहां प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत और उसका चेहरा है। सदस्यता अभियान में अगर हर कार्यकर्ता अपनी-अपनी भूमिका का निर्वाह करे, तो 1.5 करोड़ नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य बहुत आसानी से हासिल किया जा सकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमें हर बूथ पर 200 नए सदस्य जोड़ना है और इस काम में हर मोर्चे की भूमिका होनी चाहिए। इसके लिए हर मोर्चा और प्रकोष्ठ एडवांस प्लानिंग करें और ठीक तरीके से योजनाएं बनाएं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारे 25 हजार जनप्रतिनिधि हैं और सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्र में काम करना है। अनेक बूथों पर हम अधिक सशक्त नहीं हैं। जहां हमें इतने नए सदस्यों को जोड़ना है कि हर बूथ पर कमल खिले। हर समाज और वर्ग के लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। हमें उन तक पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में बने रहने के लिए कश्मीर में धारा 370 लगाई, जिसके विरोध में हमारे नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर जनसंघ की नींव रखी। उन्होंने धारा 370 हटाये जाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। स्व. अटलजी की सरकार भाजपा का पूर्ण बहुमत न होने के कारण 370 नहीं हटा सकी, लेकिन मोदी जी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार ने धारा 370 हटा दी। देश ने नक्सलवाद और आतंकवाद का तांडव देखा है। जनता भ्रष्टाचार और हर तरह के आतंकवाद से मुक्त हो तथा सामाजिक समरसता की स्थापना हो, भाजपा इसी के लिए बनी है। उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि जिन क्षेत्रों में हम कमजोर हैं, उनमें मजबूती प्रदान करने के लिए है। देश में आज भी कई ताकतें विद्वेष फैला रही हैं। इन ताकतों पर प्रहार करने के लिए भाजपा का शक्तिशाली होना जरूरी है। इसलिए सदस्यता अभियान में पार्टी का विस्तार कर पार्टी की ताकत बढ़ाएं।

बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी हमारी मां है और वास्तव में हमारी पार्टी हम सभी की मां है। हम आज जो भी हैं, वो भाजपा के कारण हैं। उन्होंने कहा कि भारत उस समय विश्व गुरु था, जब भारत पर भारत के ही लोगों का शासन था। आज देश के 57 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा का परचम फहरा रहा है। ये प्रधानमंत्री मोदी का प्रभाव ही है कि विदेशी आक्रांता हमारी जिस धरोहर को लूटकर ले गए थे, उसमें से ऐतिहासिक महत्व की 65 मूर्तियों और 105 कलाकृतियों को वापस लाया जा चुका है। दुनिया के 14 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया है। दुनिया आज हर समस्या का समाधान भारत और प्रधानमंत्री मोदी में देख रही है और कोविड संकट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के लोगों को बचाने के अलावा सारी दुनिया को दवाएं और वैक्सीन देकर इसे साबित किया है। लेकिन ये सब अगर संभव हुआ है, तो आप जैसे कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के 80 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ ले रही हैं। बाबा साहेब अंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों का विकास आजादी के बाद पहली बार मोदी सरकार ने किया है और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भी मोदी सरकार के कार्यकाल में हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार पिछड़ा वर्ग आयोग की स्थापना की और अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए। मध्यप्रदेश में सभी उपचार पद्धतियों के लाखों डॉक्टर हैं। बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी हैं और झुग्गी-झोपड़ियों में निवास करने वाले लोग लोकतंत्र में सक्रिय योगदान देते हैं। इसलिए पार्टी का हर मोर्चा और प्रकोष्ठ सदस्यता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपने लक्ष्य तय करें।

बैठक को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन देश में नंबर एक है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हमने नया इतिहास बनाया है। सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ पार्टी की बड़ी ताकत हैं और उनका काम हम दोनों चुनावों में देख चुके हैं। हमारा सदस्यता अभियान जिसे हम संगठन पर्व के रूप में मनाते हैं, नई सदस्यता के मामले में भी इतिहास रचने का एक अवसर है। इसलिए आप सभी हर बूथ पर 200 सदस्य जोड़ने का संकल्प लेकर जाएं और लक्ष्य हासिल करें। उपाध्याय ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद एक नए युग का प्रारंभ हुआ है। 5 अगस्त, 2019 को कश्मीर से धारा 370 और 35 ए हटा दी गईं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण से 500 वर्षों का संघर्ष समाप्त हुआ। तीन तलाक और नागरिकता संशोधन जैसे कानून बने। भारत को दुनिया की पांचवे अर्थव्यवस्था से तीसरे स्थान पर लाने का लक्ष्य है। उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है। भारत फिर से विश्व गुरु बने और हमारा तिरंगा दुनिया में आगे बढ़े, इस दृष्टि से भी हमारा संगठन पर्व अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उपाध्याय ने कहा कि भाजपा का इतिहास गौरवशाली रहा है और अपनी कार्यपद्धति के कारण भाजपा अन्य दलों से अलग है। भाजपा की वैचारिक यात्रा और राजनीतिक यात्रा के बारे में कार्यकर्ताओं को ज्ञान होना आवश्यक है, तभी वे इसकी जानकारी अन्य लोगों को दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें देश की संस्कृति से लगाव है, इसलिए हम भाजपा हैं। हमें स्वदेशी से और देश को आगे ले जाने वाली विचारधारा से लगाव है, इसलिए हम भाजपा हैं। हम सर्वसमावेशी और विश्वबंधुत्व की भावना रखने वाले दल हैं। 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के साथ ही हमें वैचारिक अधिष्ठान मिला। हमने अपने सिद्धांत तय किए और हमारी पंच निष्ठाओं में लोकतंत्र जीवंत है। हम सर्वस्पर्शी, सर्व समावेशी और मूल्य आधारित राजनीति पर विश्वास करते हैं। चाहे एक वोट से अटल जी की सरकार का गिरना हो, या फिर आपातकाल के बाद जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हो, हमने यह दिखाया है कि हमारे लिए दल से बड़ा देश है।

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन ने प्रदेश में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हर बूथ पर हमें पूरी शिद्दत के साथ काम करके 200 से ज्यादा सदस्य बनाना है। हमारा बूथ मजबूत होगा तो हमारी पार्टी मजबूत होगी और हम विधानसभा और लोकसभा की तरह बड़ी जीत हासिल करेंगे। लोकसभा चुनाव में करीब 15 हजार बूथों पर हम कमजोर रहे, इसलिए उन पर ज्यादा फोकस करना हर पदाधिकारी के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की भी जिम्मेदारी रहेगी। हमारी सदस्यता जितनी ज्यादा होगी उतनी ही हमारी जीत सुनिश्चित होती जाएगी। हितानंद ने कहा प्रदेश संगठन को पार्टी में नवाचार करने और हमेशा अव्वल करने के तौर पर जाना जाता है। मुझे विश्वास है कि हर कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ एक बार फिर लक्ष्य से ज्यादा सदस्यता दिलाकर देशभर में रिकॉर्ड बनाएगा।

भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने बैठक में जानकारी देते हुए कहा कि प्रधाममंत्री नरेंद्र मोदी 2 सितंबर और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा 3 सितंबर को सदस्यता ग्रहण करेंगे। उसके बाद जिला, मंडल स्तर पर सदस्यता कार्यक्रम चलेगा। सभी को अपने-अपने क्षेत्र के लिए सदस्यता अभियान के लिए जो लक्ष्य दिया गया है उस दिशा में काम करके आगे बढ़ना होगा। सदस्यता अभियान का पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा उसके बीच में ही इसकी समीक्षा भी की जाएगी। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री, प्रदेश सदस्यता प्रभारी व विधायक भगवानदास सबनानी एवं आभार मध्यप्रदेश शासन की मंत्री प्रतिमा बागरी ने माना। इस दौरान मंच पर प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, हरिशंकर खटीक, सरतेंदु तिवारी एवं सांसद व प्रदेश प्रवक्ता सुमेर सिंह सोलंकी उपस्थित रहे।

पीआईबी और सीबीसी भोपाल द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भोजपुर मंदिर प्रांगण में पौधारोपण

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विश्व प्रसिद्ध भोजपुर मंदिर प्रांगण में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में पीआईबी, भोपाल एवं सीबीसी, भोपाल और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाए।

इस अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के निदेशक डॉ. मनोज कुर्मी भी उपस्थित थे। उन्होंने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इसके पश्चात् डॉ. मनोज कुर्मी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाकर मैं बहुत प्रसन्न हूं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा रखने में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा। डॉ. मनोज कुर्मी ने कहा कि मेरा मानना है कि सभी देशवासियों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए और अपनी मां और धरती मां के सम्मान एक एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि हमें पौधे लगाने के साथ इन पौधों की देखरेख भी समुचित तरीके से करना चाहिए ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।

अभियान के तहत सीबीसी भोपाल के क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी समीर वर्मा, पीआईबी, भोपाल के प्रशासनिक अधिकारी रमेश चन्द्र सामल, पंकज, दीपक गिरी और अंकिता पटेल ने भी पौधारोपण किया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पेड़ पौधे के संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर 40 से अधिक पौधे लगाए गए।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस 2024 पर पर्यावरण संरक्षण के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की थी और प्रत्येक नागरिक से इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया था।

भोपाल में 3 दिवसीय IATO राष्ट्रीय सम्मेलन 30 अगस्त से, मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे शुभारंभ

इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) का 39वां राष्ट्रीय सम्मेलन भोपाल में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 30 अगस्त को सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। होटल ताज लेकफ्रंट में 30 अगस्त से 2 सितम्बर 2024 तक चलने वाले सम्मेलन में देश के एक हजार से ज्यादा टूर ऑपरेटर, ट्रेवल एजेंटस्, होटलियर्स सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

”रीसर्जेंट इंडिया इनबाउंड” थीम पर होने वाले इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वर्तमान पर्यटक आकषर्णों के बारे में जागरूकता को बढ़ाना और IATO के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अनुभव आधारित पर्यटन और ऑफ-बीट गंतव्यों को प्रचारित करना है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में प्रदेश में कुल 112.1 मिलियन पर्यटक आये थे जबकि 2022 में यह संख्या 34.1 मिलियन थी। मध्यप्रदेश में वर्तमान में आध्यामिक और धार्मिक पर्यटन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) राज्य के पर्यटन आकर्षणों को प्रचारित करने और आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर केन्द्रित नये पर्यटन सर्किट विकसित करने का मंच प्रदान करेगा। सम्मेलन के दौरान 12 FAM टूर संचालित किये जायेंगे, जिसमें टूर ऑपरेटर्स को प्रदेश के विभिन्न पर्यटन गंतव्यों का भ्रमण कराया जायेगा। साथ ही एक सितम्बर को वीआईपी रोड से “रन फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म” आयोजित की जायेगी।

नर्मदापुरम, बालाघाट, सागर, शुजालपुर और डिंडोरी में नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोले जाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खजुराहो में योग संस्थान की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से निरंतर सम्पर्क स्थापित कर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नर्मदापुरम, बालाघाट, सागर, शुजालपुर और डिंडोरी में नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोले जाएंगे। आयुर्वेदिक महाविद्यालयों की स्थापना में निजी क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए कार्य योजना बनाई जाए। जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में प्राथमिकता से आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोले जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय में आयुष विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में आयुष, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री इंदर सिंह परमार, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉराजेश राजौरा तथा विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोविड के बाद आयुर्वेद का महत्व अत्यधिक बढ़ गया है। विभाग में पैरा मेडिकल के पाठ्यक्रम बढ़ाए जाएं। इसमें उपचार और रोजगार के अवसर अधिक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान प्रारंभ करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।

बैठक में बताया गया कि विभाग में 332 पैरामेडिकल संवर्ग में कर्मचारियों की नियुक्ति प्रदान की गई है। 14 यूनानी चिकित्सा अधिकारी एवं 36 होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। लोक सेवा आयोग से चयनित 543 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी के पदों की पूर्ति की कार्यवाही जारी है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष में 533 संविदा सीएएमओ की पदस्थापना की गई है। आयुष शिक्षा के अंतर्गत सत्र 2023-24 में आयुर्वेद के दो नवीन विषय (स्त्री रोग प्रसूति तंत्र- उज्जैन एवं भोपाल महाविद्यालय तथा पंचकर्म -उज्जैन महाविद्यालय) में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। प्रदेश के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, भोपाल के सुदृढ़ीकरण के लिए 1999.86 लाख के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए। शासकीय स्वशासी यूनानी महाविद्यालय, भोपाल में 180 बिस्तरीय बालिका छात्रावास का संचालन किया जा रहा है। पिछले वर्ष ओपीडी/आईपीडी में एक करोड़ 37 लाख रोगियों का इलाज, 2500 रोगियों की शल्य चिकित्सा की गई। योगा वैलनेस केंद्र में 9 हजार 600 सत्रों का आयोजन किया गया।

 

बिहार के नालंदा में गुरु पद्मसंभव के जीवन पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आज से होगा आरंभ

अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ बिहार के नालंदा में नव नालंदा महाविहार के सहयोग से गुरु पद्मसंभव के जीवन और उनके जीवंत विरासत पर 28 और 29 अगस्त, 2024 को दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगा। गुरु रिनपोछे नाम से भी प्रसिद्ध गुरु पद्मसंभव आठवीं शताब्दी में प्राचीन भारत में रहते थे। बुद्ध धम्म में आज सबसे सम्मानित लोगों में से एक गुरु पद्मसंभव को हिमालय क्षेत्र में बुद्ध धम्म के प्रसार का श्रेय दिया जाता है।

बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। लुंबिनी डेवलपमेंट ट्रस्ट, नेपाल के उपाध्यक्ष परम श्रद्धेय खेनपो चिमेद और रॉयल भूटान मंदिर, सेंट्रल मोनास्टिक बॉडी, भूटान के सचिव/मुख्य भिक्षु खेनपो उगयेन नामग्याल सम्मेलन में सम्मानित अतिथि होंगे। दूसरे बुद्ध के रूप में माने जाने वाले गुरु पद्मसंभव को गुरु रिनपोछे भी कहा जाता है, वे हिमालय के प्रसिद्ध ऋषि रहे जो प्राचीन भारत में आठवीं शताब्दी में रहते थे।

इस सम्मेलन के प्रमुख विषयों में उनका जीवन और शिक्षाएं, हिमालय भर में उनकी यात्राएं और, सबसे खास, वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता शामिल होगी। गुरु पदमसंभव योगिक और तांत्रिक प्रथाओं से लेकर ध्यान, कला, संगीत, नृत्य, जादू, लोककथाओं और धार्मिक शिक्षाओं तक संस्कृति के कई पहलुओं के एकीकरण का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। सम्मेलन में पांडुलिपियों, अवशेषों, चित्रों और स्मारकों के माध्यम से उनकी धम्म विरासत का जश्न मनाने का एक ठोस प्रयास किया जाएगा।

बुद्ध धम्म के मूल सिद्धांतों को फैलाने का प्रयास करते हुए गुरु पदमसंभव ने एक स्थान की विशिष्टताओं और लोगों की संवेदनाओं को समझा। इस प्रकार, उन्होंने अपनी शिक्षाओं को स्थानीय मुहावरे और संस्कृति में ढाला, जिससे आस्था को आत्मसात करना बहुत आसान हो गया। उनके जीवन और समय को याद करते हुए, सम्मेलन में भगवान बुद्ध के उत्कृष्ट संदेश को प्रसारित करने के लिए स्थानीय प्रतीकों और यहां तक ​​कि अनुष्ठानों को माध्यम के रूप में उपयोग कर विभिन्न संस्कृतियों और धार्मिक परंपराओं के साथ उनके तालमेल बिठाने का जो दृष्टिकोण था, उसकी अंतर्दृष्टि मिलने की उम्मीद है।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...