मप्र में न्यायिक शक्तियों का हो रहा है दुरूपयोग : जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के संयुक्त नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधि मंडल आज पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चर्चा करने पुलिस मुख्यालय पहुंचा। जहां पटवारी, सिंघार ने पुलिस महानिदेशक से प्रदेश में घटित हो रही घटनाओं एवं सरकार में बैठे भाजपा नेताओं को सहयोग करने और स्वार्थपूर्ति के उद्देश्य से भाजपा के एजेंट बनकर काम कर रहे पुलिस, कर्मचारियों, अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की।

पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में पुलिस महकमा, कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा कानून प्रक्रिया और नियमों का उल्लंघन करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। छतरपुर, भिंड और उज्जैन की घटनाएं इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने छतरपुर की घटना को लेकर कहा कि यह राजनैतिक, सामाजिक घटना नहीं, बल्कि संवैधानिक प्रावधानों के विरूद्व घटना है।

पटवारी ने कहा कि उज्जैन में जायसवाल का मकान गिरा दिया, भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर, सागर में मकानों को गिराया गया। इतना ही नहीं संविधान की स्थापित न्याय प्रक्रिया को नजरअंदाज करके भाजपा नेताओं के इशारें पर प्रशासन द्वारा पूरे प्रदेश में अन्य राजनैतिक दलों से जुड़े एवं अन्य सामान्य व्यक्तियों के मकान तोडे़ जा रहे हैं। जिससे प्रदेश में बुलडोजर प्रवृति आ गई है एवं दहशत फैलाकर काम किया जा रहा है। जिससे यह संदेश जनता के बीच जा रहा है कि सरकारी अमला संविधान और न्याय प्रक्रिया को नहीं मानता, अदालतों के आदेशों के बावजूद कानून और संविधान की परंपरा को नहीं मानते, जो कि स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है।

पटवारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन और कर्मचारी अधिकारी अपनी आदत को सुधारे, अपराधियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया का पालन कर काम करे, प्रशासन को अपना काम न्याय पालिका और संविधान के अरूपम करना चाहिए। कर्मचारी सर्विस रूल के नियमों का पालन करें, शांति के नाम पर दहशत फैलाना अच्छे राज्य की प्रक्रिया नहीं है।

पटवारी ने कहा कि कानून को दरकिनार कर प्रदेश में जितनी भी घटनाएं हो रही हैं कांग्रेस पार्टी उन घटनाओं के खिलाफ विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करते हुये संविधान के अनुरूप कार्यकर जनता के अधिकारों की रक्षा की मांग करने न्यायालय की शरण लेगी।

सिंघार ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को दरकिनार कर निर्दोषों, कांग्रेसजनों के मकान तोड़ने सहित प्रदेश में लगातार हो रही विभिन्न घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार में व्याप्त लचर कानून व्यवस्था के विरोध में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग में शिकायत और उच्चतम न्यायालय में याचिका प्रस्तुत कर कार्यवाही की मांग की जायेगी। प्रदेश में व्याप्त लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ विपक्ष जनता की आवाज को पूरी दमदारी से उठायेगा।

मुलाकात के दौरान मप्र विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, जे.पी. धनोपिया, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, राजलक्ष्मी नायक, अभिनव बरोलिया, अवनीश बुंदेला, जितेन्द्र पाल सिंह राजा, गुड्डू चौहान सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

फास्टैग में नहीं खत्म होगा बैलेंस, आरबीआई के इस नियम से अब टोल प्लाजा पर नहीं रुकेगी गाड़ी

फास्टैग में बैलेंस कम होने के झंझट को अब पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। आरबीआई ने फास्टैग में बैलेंस के नियमों में बदलाव किया है। इस नए नियम की वजह से अब बैलेंस कम होने के कारण टोल प्लाजा पर गाड़ियों के रुकने की आशंका खत्म हो जाएगी और गाड़ियां फर्राटे से टोल प्लाजा को पार कर जाएंगी।

आरबीआई की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक केंद्रीय बैंक ने फास्टैग और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) को ई-मैंडेट फ्रेमवर्क में शामिल कर लिया है। ऐसा हो जाने से इन दोनों पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स में निर्धारित लिमिट से पैसा कम होते ही ग्राहक के बैंक अकाउंट से जरूरत के मुताबिक पैसा खुद इन पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स में आ जाएगा‌। इसका एक फायदा ये भी होगा कि अब ग्राहकों को बार-बार अपने फास्टैग को रिचार्ज नहीं करना पड़ेगा। इस तरह से फास्टैग रिचार्ज करने का झंझट पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। आपको बता दें कि ई-मैंडेट फ्रेमवर्क को 2019 में तैयार किया गया था। इस फ्रेमवर्क को तैयार करने का मूल उद्देश्य ग्राहकों को उनके खाते से होने वाली पैसे की निकासी की जानकारी देकर उनके हितों की रक्षा करना था।

आरबीआई के मुताबिक फास्टैग और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के तहत पेमेंट की कोई पहले से निर्धारित या तय समय सीमा नहीं होती है। ऐसे में इन दोनों को ई-मैंडेट फ्रेमवर्क में शामिल कर लेने से बिना किसी निश्चित तय समय सीमा के पैसे खाते से निकल कर खुद ही इन पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स में क्रेडिट हो जाएंगे। इसके लिए ग्राहकों को प्री-डेबिट नोटिफिकेशन देने की भी जरूरत नहीं होगी। इसके पहले ग्राहकों को अपने खाते से पैसे डेबिट करने के लिए कम से कम 24 घंटा पहले प्री-डेबिट नोटिफिकेशन भेजना पड़ता था।

बता दें कि आरबीआई ने 5 से 7 जून को हुई मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी की बैठक में ही फास्टैग और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड को ई-मैंडेट फ्रेमवर्क में शामिल करने की घोषणा की थी। इसके तहत रिकरिंग पेमेंट्स को भी शामिल करने की बात कही गई थी। इस संबंध में भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से कहा गया है कि देश में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड और फास्टैग जैसे पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स का चलन लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इन पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स के उपयोग को और सुविधाजनक बनाने की कोशिश लगातार चल रही है। पहले फास्टैग या नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के वॉलेट में पैसे जमा करना पड़ता था लेकिन वॉलेट में पैसे कम हो जाने पर ग्राहकों को पेमेंट करने में परेशानी होती थी। इसलिए अब नई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे फास्टैग और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड ई-मैंडेट फ्रेमवर्क के जरिए जरूरत पड़ने पर खुद ही ग्राहकों के खाते के जरिए रिचार्ज हो जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने एम बी बी एस डॉक्टरों के पंजीकरण के लिए नई दिल्ली में राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर पोर्टल का लोकार्पण किया

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल की उपस्थिति में और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव की वर्चुअल उपस्थिति में कल भारत में पंजीकरण के लिए पात्र सभी एमबीबीएस डॉक्टरों के पंजीकरण के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर (एनएमआर) पोर्टल का उद्घाटन किया।

राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर (एनएमआर) एनएमसी अधिनियम, 2019 की धारा 31 के तहत अनिवार्य है, जिसमें कहा गया है कि एनएमसी का एथिक्स और मेडिकल रजिस्ट्रेशन बोर्ड (ईएमआरबी) इलेक्ट्रॉनिक रूप में एक लाइसेंस प्राप्त मेडिकल प्रैक्टिशनर के नाम, पता और सभी मान्यता प्राप्त योग्यताओं का एक राष्ट्रीय रजिस्टर बनाए रखेगा। एनएमआर भारत में सभी एलोपैथिक (एमबीबीएस) पंजीकृत डॉक्टरों के लिए एक व्यापक और डायनेमिक डेटाबेस होगा। एनएमआर की विशिष्टता यह है कि यह डॉक्टरों की आधार आईडी से जुड़ा हुआ है जो व्यक्ति की प्रामाणिकता सुनिश्चित करता है।

कार्यक्रम में बोलते हुए, नड्डा ने एनएमसी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) की “उनकी कड़ी मेहनत और राष्ट्रीय स्वास्थ्य रजिस्टर लाने के लिए सराहना की, जो भारत में सभी एलोपैथिक (एमबीबीएस) पंजीकृत डॉक्टरों के लिए एक व्यापक और डायनेमिक डेटाबेस होगा।” उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण भारत को डिजिटल रूप से मजबूत बनाना है और यह तब हो सकता है जब स्वास्थ्य ईकोसिस्टम भी डिजिटल रूप से मजबूत हो। राष्ट्रीय स्वास्थ्य रजिस्टर इस दिशा में एक बहुप्रतीक्षित कदम है जो डिजिटल स्वास्थ्य देखभाल ईकोसिस्टम को मजबूत करेगा और सुनिश्चित करेगा भारत के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जाएगी।” उन्होंने आगे कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया में निरंतर सुधार के साथ राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर को उन्नत और मजबूत किया जाएगा।

राज्य चिकित्सा परिषदों (एसएमसी) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए, नड्डा ने कहा कि “राज्य चिकित्सा परिषदें राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर के विकास और रखरखाव और पंजीकरण प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने में प्रमुख हितधारक हैं।” उन्होंने एसएमसी से “उनकी सक्रिय भागीदारी और पंजीकरण प्रक्रिया को तेज़ करने” का आग्रह किया क्योंकि उनके “प्रमाणीकरण के प्रयास और गति एनएमआर की सफलता में एक महत्वपूर्ण कारक होगी”। उन्होंने आगे कहा कि “हम पैरामेडिक्स और अन्य स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों के लिए एक समान रजिस्टर लॉन्च करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।”

एनएमआर के लॉन्च को “एक महत्वपूर्ण अवसर” बताते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि “राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर की आवश्यकता बहुत लंबे समय से महसूस की जा रही है। एनएमआर महत्वपूर्ण है क्योंकि देश भर के डॉक्टरों का प्रामाणिक डेटा महत्वपूर्ण है। आज तक डॉक्टरों का डेटा बिखरे हुए रूप में है, जिसमें संशोधन और अपग्रेडेश की आवश्यकता है, और एनएमआर पोर्टल यह सुनिश्चित करेगा। आसान पंजीकरण प्रक्रिया प्रामाणिक डेटा के रखरखाव को सुनिश्चित करेगी। जानकारी की यह प्रामाणिकता बहुत मायने रखती है क्योंकि भारत एक विशाल डिजिटल स्वास्थ्य ईकोसिस्टम बनाना चाहता है और डॉक्टरों की डिजिटल रजिस्ट्री बनाना उसके लिए एक महत्वपूर्ण स्तंभ होगा।

एनएमआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि एनएमआर पोर्टल देश में डॉक्टरों पर डायनेमिक, प्रामाणिक और समेकित डेटा सुनिश्चित करेगा। पोर्टल पर त्वरित और आसान पंजीकरण प्रक्रिया से डेटा को समय पर अपडेट करने में सुविधा होगी। इससे चिकित्सा पेशेवरों में पारदर्शिता और गुणवत्ता आएगी और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में लोगों का विश्वास सुनिश्चित होगा, क्योंकि उन्हें पारदर्शी तरीके से सत्यापित जानकारी मिलेगी। सरकार प्रधानमंत्री के “सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन” के दृष्टिकोण के तहत काम कर रही है, और एनएमआर का शुभारंभ लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है।

कार्यक्रम में बोलते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि “आज तक, व्यापक डेटा का अभाव था जो देश में डॉक्टरों की कुल संख्या, देश छोड़ने वाले डॉक्टरों की संख्या जैसे पहलुओं की विस्तृत और समग्र तस्वीर प्रदान कर सके। जिन्होंने प्रैक्टिस करने का अपना लाइसेंस खो दिया है, या उन डॉक्टरों की संख्या और विवरण जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। एनएमआर के लॉन्च से इसके 13 लाख से अधिक डॉक्टरों के डेटा का प्रावधान सुनिश्चित हो जाएगा।” श्री चंद्रा ने आगे कहा कि “एनएमआर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत हेल्थकेयर प्रोफेशनल रजिस्ट्री का एक हिस्सा होगा और इसमें चिकित्सा पेशेवरों के सभी विवरण शामिल होंगे।”

डॉ. बी.एन. गंगाधर, अध्यक्ष, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, एल.एस. चांगसन, अतिरिक्त सचिव और सीईओ (एनएचए), डॉ. बी. श्रीनिवास, डीडीजी (एमई) और सचिव, चिकित्सा आयोग, वी. हेकाली झिमोमी, अतिरिक्त सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, पुष्पेंद्र राजपूत, संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, किरण गोपाल वास्का, संयुक्त सचिव, आईडी एवं एमडी (एबीडीएम), राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, डॉ. विजय ओझा, अध्यक्ष, पीएमईबी, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग , डॉ. बी. श्रीनिवास, डीडीजी (एमई) और सचिव, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, डॉ. विजया लक्ष्मी नाग, सदस्य, ईएमआरबी, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में राज्य चिकित्सा परिषदों के प्रतिनिधि भी वर्चुअली शामिल हुए।

एनएमआर भारत में सभी एलोपैथिक (एमबीबीएस) पंजीकृत डॉक्टरों के लिए एक व्यापक डायनेमिक डेटाबेस होगा। एनएमआर की विशिष्टता यह है कि यह डॉक्टरों की आधार आईडी से जुड़ा हुआ है जो व्यक्ति की प्रामाणिकता सुनिश्चित करता है। एनएमआर में पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया एक बहुत ही सरल ऑनलाइन प्रक्रिया है और सभी मेडिकल कॉलेज/संस्थान (राष्ट्रीय महत्व के संस्थान (आईएनआई) आदि , एसएमसी पोर्टल पर आपस में जुड़े हुए हैं। कुछ डेटा जनता को दिखाई देगा और अन्य केवल राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी), राज्य चिकित्सा परिषदों (एसएमसी), राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) और मेडिकल में नैतिकता और चिकित्सा पंजीकरण बोर्ड (ईएमआरबी), मेडिकल संस्थान (आईएनआई आदि सहित) और पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर (आरएमपी) को आवश्यकताओं के अनुसार दिखाई देगा।

पंजीकरण और योग्यता प्रमाण-पत्र जैसे अतिरिक्त विवरण पोर्टल के माध्यम से मैन्युअल रूप से दर्ज और जमा किए जा सकते हैं। इसके बाद, आवेदन स्वचालित रूप से सत्यापन के लिए संबंधित राज्य चिकित्सा परिषद को भेज दिया जाता है। इसके बाद एसएमसी आवेदन को आगे की समीक्षा के लिए संबंधित कॉलेज या संस्थान को भेज देगी। राज्य चिकित्सा परिषद द्वारा सफल सत्यापन के बाद, आवेदन राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग को भेजा जाता है। एनएमसी सत्यापन के बाद, एक यूनीक एनएमआर आईडी जारी की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान, डॉक्टर हेल्थकेयर प्रोवाइडर रजिस्ट्री में शामिल होने का विकल्प चुन सकते हैं जो उन्हें व्यापक डिजिटल हेल्थकेयर ईकोसिस्टम से जोड़ेगा।

इस पोर्टल के माध्यम से, एसएमसी और शैक्षणिक संस्थानों सहित सभी हितधारक एक ही मंच से लॉग इन कर सकते हैं और आवेदनों को सत्यापित कर सकते हैं। एनएमआर पोर्टल विभिन्न प्रकार की सुविधाएँ प्रदान करता है, जिसमें अतिरिक्त योग्यताएँ जोड़ने, अनुप्रयोगों को ट्रैक करने, लाइसेंस निलंबित करने और एनएमआर आईडी कार्ड और डिजिटल डॉक्टर प्रमाणपत्र जारी करने की क्षमता शामिल है। एनएचए एनएमआर के विकास के लिए आगे सहायता प्रदान करेगा, जिसमें भविष्य में पोर्टल का उन्नत संस्करण जारी करना भी शामिल है। इसमें अगले सॉफ़्टवेयर के साथ सीधा एकीकरण, सतत चिकित्सा शिक्षा और क्रेडिट पॉइंट शामिल होंगे।

सभी एमबीबीएस डॉक्टर जो पहले से ही भारतीय मेडिकल रजिस्टर (आईएमआर) पर पंजीकृत हैं, उन्हें एनएमसी के एनएमआर पर फिर से पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण शुरू करने के लिए, डॉक्टर को डिग्री (एमबीबीएस) प्रमाणपत्र, राज्य मेडिकल काउंसिल/मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया का पंजीकरण प्रमाण पत्र, जहां डॉक्टर ने पहली बार पंजीकरण कराया था, की एक डिजिटल प्रति तैयार रखनी होगी। प्रक्रिया शुरू करने के लिए डॉक्टर के पास आधार नंबर भी तैयार होना चाहिए।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राजस्थान के उदयपुर में जीएसटी भवन का किया उद्घाटन

केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने कल राजस्थान के उदयपुर में केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के तहत सीजीएसटी, उदयपुर आयुक्तालय के एक आधिकारिक परिसर, जीएसटी भवन का उद्घाटन किया।

लोकसभा सांसद मन्ना लाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, सीबीआईसी के अध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल, सीबीआईसी के सदस्य शशांक प्रिय, सीबीआईसी के सदस्य राजीव तलवार, सीबीआईसी के सदस्य सुरजीत भुजबल, सीजीएसटी जयपुर जोन के मुख्य आयुक्त महेंद्र रंगा, सीबीआईसी के वरिष्ठ अधिकारी और सीजीएसटी उदयपुर आयुक्तालय और जयपुर जोन के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने मुख्य भाषण में, उदयपुर आयुक्तालय के आर्थिक महत्व को स्वीकार करते हुए कहा कि यह एक ऐसे केंद्र में संचालित होता है जहां जस्ता, सीसा, चांदी, सीमेंट, उर्वरक और टायर जैसी वस्तुओं का उत्पादन होता है। उन्होंने कोविड-19 महामारी द्वारा उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद निर्धारित बजट के भीतर और समयानुसार महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा किए जाने की सराहना की।

सीतारमण ने करदाताओं के लिए सुविधाएं और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त कार्यस्थल उपलब्ध करने में गुणवत्ता और दूरदर्शिता के प्रति परियोजना के पालन पर प्रकाश डाला और परियोजना के प्रबंधन के साथ-साथ बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की तैयारी में अधिकारियों और एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की। केंद्रीय वित्त मंत्री ने जीएसटी क्षेत्रों और आयुक्तालयों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने के लिए 2019 से सरकार की प्रतिबद्धता के बारे में बताया।

सीतारमण ने सकारात्मक संवाद के माध्यम से समाधानों को समन्वित करने के लिए व्यापार और कर विभाग के अधिकारियों के बीच नियमित बातचीत को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने जीएसटी से संबंधित शिकायतों के त्वरित निवारण का आग्रह किया और आगे सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान के लिए क्षेत्रवार आउटरीच कार्यक्रमों की सिफारिश की। केंद्रीय वित्त मंत्री ने अंतिम उपाय के रूप में कड़े उपायों के साथ जीएसटी कानून के सहज कार्यान्वयन की वकालत की।

केंद्रीय वित्त मंत्री ने सीमा शुल्क संचालन के लिए एक हैंडहेल्ड डिवाइस आइसटेब 2.0 भी लॉन्च किया। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि यह तत्क्षण जांच रिपोर्ट अपलोड करने और कार्गो की त्वरित निकासी में मदद करेगा।

इससे पहले अपने स्वागत भाषण में सीबीआईसी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि सीजीएसटी उदयपुर भवन आधुनिक, ऊर्जा कुशल और भारत सरकार के हरित भवनों के मानदंडों के अनुरूप है।

यह परिसर उदयपुर के सबसे पसंदीदा स्थानों में से एक पर स्थित है। यह परियोजना प्रमुख जिलों से उदयपुर आयुक्तालय के बीच कनेक्टिविटी प्रदान करने वाले मार्गो पर स्थित है। इससे जीएसटी करदाताओं के लिए यहां पहुंचना काफी आसान है। यह उदयपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 2.5 किमी और बस स्टैंड से 3.5 किमी की दूरी पर स्थित है।

एफ.एस.एस.ए.आई. ने दूध और डेयरी उत्पादों की सभी पैकेजिंग से A1 और A2 दावे हटाने का आदेश दिया

नई दिल्ली : शनिवार, अगस्त 24, 2024/ भारतीय खाद्य संरक्षा और मानक प्राधिकरण-एफ.एस.एस.ए.आई. ने खाद्य उत्‍पाद से जुड़े संचालकों को दूध और दूध से बने उत्पादों की सभी पैकेजिंग से ए-वन और ए-टू के बारे में सभी दावे तत्‍काल हटाने का निर्देश दिया है। यह आदेश ई-कॉमर्स प्‍लेटफार्म पर खाद्य उत्‍पाद से जुड़े संचालकों पर भी लागू होगा। प्राधिकरण के संज्ञान में आया है कि खाद्य उत्‍पाद से जुड़े संचालक ए-वन और ए-टू के वर्गीकरण के अंतर्गत दूध और घी, मक्‍खन और दही जैसे दूध से बनने वाले उत्‍पादों की बिक्री कर रहे हैं। प्राधिकरण ने कहा है कि दूध में ए-वन और ए-टू का वर्गीकरण आवश्‍यक रूप से प्रोटीन के संबंध में होना चाहिए। इसलिए दूध वसा उत्‍पादों के संबंध में ए-टू का दावा भ्रामक है और ये प्रावधानों के अनुरूप नहीं है।

राजनाथ सिंह ने पेंटागन में अमेरिकी रक्षा सचिव के साथ की द्विपक्षीय चर्चा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कल रात वाशिंगटन डी.सी. में पेंटागन में अमरीका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत और अमरीका के बीच रक्षा सहयोग, औद्योगिक सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और अन्‍य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर व्‍यापक रूप से चर्चा की। बैठक के दौरान श्री सिंह ने पिछले वर्ष अपनाए गए भारत, अमरीका रक्षा औद्योगिक सहयोग रोड मैप में चिन्हित क्षेत्रों में भारत में दोनों देशों द्वारा मिलकर तैयार किया जाने वाले रक्षा उत्‍पादों को रेखांकित किया। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने भारत और अमरीका के बीच सुरक्षा आपूर्ति व्‍यवस्‍था समझौते पर प्रसन्नता व्‍यक्‍त की। वाशिंगटन डी.सी. में 22 अगस्‍त को हुए इस समझौते के अंतर्गत दोनों देशों के रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को एक साथ काम करने को प्रोत्साहन मिलेगा, साथ ही आपूर्ति श्रृंखला में लचीलापन बढ़ेगा।

एक वक्‍तव्‍य में रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और अमरीका ने दोनों देशों में संपर्क अधिकारियों की तैनाती से जुड़े समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर करने का भी स्‍वागत किया है। इस समझौते के तहत भारत, अमरीका के फ्लोरिडा में विशेष संचालन कमान मुख्‍यालय में अपना पहला संपर्क अधिकारी तैनात करेगा। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने क्‍वाड की पहल हिंद-प्रशांत क्षेत्र जागरूकता कार्यक्रम में हुई प्रगति और हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए भारत के प्रयासों की सराहना की। दोनों देशों ने संयुक्‍त समुद्री बलों में जारी भारत की भागीदारी का भी स्‍वागत किया और कहा कि भारत वर्ष 2025 में संयुक्‍त समुद्री बल के मुख्‍यालय में अपने नौसैनिकों की तैनाती करेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमरीका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने दोनों देशों के बीच रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के पारिस्थितिकी तंत्र की स्‍थापना के प्रयासों की भी सराहना की।

 

यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा- संघर्षग्रस्त क्षेत्र में शांति लाने में भारत की भूमिका अहम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर ज़ेलेंस्की से मरिंस्की पैलेस में द्विपक्षीय वार्ता के लिए मुलाकात की। पीएम मोदी पैलेस पहुंचने पर ज़ेलेंस्की से गर्मजोशी से गले मिले और पैलेस में मौजूद विभिन्न यूक्रेनी प्रतिनिधियों से हाथ भी मिलाया। पीएम मोदी के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर, एनएस अजीत डोभाल और अन्य लोग भी थे। प्रधानमंत्री मोदी और यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कीव के मरिंस्की पैलेस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की और दोनों देशों के बीच सहमति पत्रों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर ज़ेलेंस्की को चिकित्सा सहायता का BHISHM क्यूब सौंपा।

राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ बैठक के दौरान पीएम मोदी ने एक मित्र के रूप में ज़ेलेंस्की को आश्वस्त किया। और कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मानवीय दृष्टिकोण से जो भी जरूरत होगी, उसके लिए भारत हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा और दो कदम आगे रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान कभी भी रणभूमि में नहीं होता है। समाधान केवल बातचीत, संवाद और कूटनीति के माध्यम से होता है और हमें बिना समय बर्बाद किए उस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। दोनों पक्षों को एक साथ बैठना चाहिए और इस संकट से बाहर आने के रास्ते तलाशने होंगे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति से बातचीत के वक्त प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज मैं यूक्रेन में 140 करोड़ भारतीयों की भावनाएं लेकर आया हूं, 140 करोड़ भारतीयों की भावनाएं मानवता से प्रेरित हैं, आज मैं यूक्रेन की धरती पर शांति का संदेश लेकर आया हूं।” उन्होंने कहा, “हमने जो दूसरा रास्ता चुना है, वह युद्ध से दूर रहना है, हम बहुत दृढ़ता से युद्ध से दूर रहे हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम तटस्थ नहीं थे, हम पहले दिन से ही पक्षकार रहे हैं और हमारा पक्ष है शांति, हम बुद्ध की भूमि से आते हैं, जहां युद्ध के लिए कोई जगह नहीं है, हम महात्मा गांधी की भूमि से आते हैं जिन्होंने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया।”

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूक्रेन के संबंधों के लिए बहुत ऐतिहासिक दिन है, भारत का कोई प्रधानमंत्री पहली बार यूक्रेन आया है जो अपने आप में एक ऐतिहासिक घटना है। हम यूक्रेन में शांति, सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से कहा कि जब युद्ध के शुरुआती दिन थे, तब आपने भारतीय नागरिकों और छात्रों को निकालने में मदद की थी। मैं संकट के इस समय में आपकी मदद के लिए आपका आभार व्यक्त करता हूं। दुनिया अच्छी तरह जानती है कि युद्ध के दौरान हमने दो भूमिकाएं निभाई थीं। पहली भूमिका मानवीय दृष्टिकोण की थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने ज़ेलेंस्की से कहा कि आप और यूक्रेन के लोग भी जानते हैं कि भारत का शांति प्रयासों में सक्रिय योगदान रहा है और आप भी जानते हैं कि हमारा दृष्टिकोण लोगों पर केंद्रित रहा है। मैं आपको और पूरे विश्व समुदाय को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि यह भारत की प्रतिबद्धता है और हम मानते हैं कि संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है और हम इसका समर्थन करते हैं। कुछ समय पहले, जब मैं इसके समर्थन में राष्ट्रपति पुतिन से मिला था, तो मैंने उनसे कहा था कि यह युद्ध का समय नहीं है। पिछले दिनों, जब मैं एक बैठक के लिए रूस गया था, तो मैंने वहां भी स्पष्ट शब्दों में कहा था कि किसी भी समस्या का समाधान कभी भी रणभूमि में नहीं होता है। समाधान केवल बातचीत, संवाद और कूटनीति के माध्यम से होता है और हमें बिना समय बर्बाद किए उस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। दोनों पक्षों को एक साथ बैठना चाहिए और इस संकट से बाहर आने के रास्ते तलाशने होंगे।

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्‍की ने कहा है कि भारत, यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष समाप्‍त करने में वैश्विक राजनयिक प्रयासों के तहत महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जेलेंस्‍की का यह बयान प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की यूक्रेन की पहली यात्रा के बाद आया है। यूक्रेन के राष्‍ट्रपति ने भारत की मेजबानी में ग्लोबल साउथ देशों के दूसरे यूक्रेन शांति शिखर सम्‍मेलन के आयोजन का भी प्रस्‍ताव दिया। पहला यूक्रेन शांति शिखर सम्‍मेलन जून में स्विट्जरलैंड में आयोजित किया गया था। इसमें 90 से अधिक देशों और वैश्विक संस्‍थानों ने भाग लिया था। भारत ने कहा कि वो यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी पक्षों के साथ बातचीत करता रहेगा। 9 घंटे की यूक्रेन की इस यात्रा से लगभग छह सप्‍ताह पहले ही प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के साथ भी शिखर वार्ता की थी। प्रधानमंत्री ने देशों की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के सम्‍मान के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। जेलेंस्‍की ने कहा कि भारत यूक्रेन की राष्‍ट्रीय अखंडता और संप्रभुता का समर्थन करता है और ये महत्वपूर्ण है कि विश्‍व में प्रत्‍येक व्‍यक्ति को संयुक्‍त राष्‍ट्र के चार्टर का समान रूप से सम्‍मान करना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि यूक्रेन दौरा ऐतिहासिक था। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह दोनों देशों की मित्रता को बढाने के उद्देश्य से आये हैं। उन्‍होंने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ सार्थक बातचीत हुई। भारत का दृढ़ विश्वास है कि शांति हमेशा बनी रहनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने यूक्रेन की सरकार और लोगों को उनके आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन यात्रा के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि पीएम मोदी ने यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर ज़ेलेंस्की को भारत आने का निमंत्रण दिया है। जयशंकर ने यूक्रेन को भारत द्वारा दी गई मानवीय सहायता के बारे में भी बात की। रूस-यूक्रेन युद्ध पर प्रधानमंत्री मोदी के संदेश पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि भारत का मानना ​​है कि दोनों पक्षों को समाधान खोजने के लिए एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए।

यूक्रेन की राजधानी कीव में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एस जयशंकर ने कहा, “1992 में राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से यह पहली बार है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन की यात्रा पर आए है और ऐसे अवसर पर इस तरह का निमंत्रण देना स्वाभाविक है, जैसा उन्होंने इस मामले में किया।इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि अपनी सुविधा के अनुसार राष्ट्रपति जेलेंस्की भारत का दौरा करेंगे।”

विदेश मंत्री जयशंकर ने यूक्रेन को भारत द्वारा प्रदान की गई मानवीय सहायता के बारे में भी बात की और कहा, “अतीत में, हम यूक्रेन को मानवीय सहायता प्रदान करते रहे हैं, और मुझे लगता है कि, अब तक यूक्रेन को 17 खेपें पहुंचाई गई हैं, जो मुख्य रूप से चिकित्सा संबंधी हैं।”

उन्होंने मीडिया को बताया कि भारत ने यूक्रेन को चिकित्सा सहायता के भीष्म (BHISHM) क्यूब सौंपे। इनमें चिकित्सा सहायता उपकरण हैं जो बहुत प्रभावी, कॉम्पैक्ट और कई तरीकों से इस्तेमाल किए जा सकने वाले हैं। कुल 22 टन वजन वाले ये क्यूब आज सौंपे गए।

वहीं, रूस-यूक्रेन युद्ध पर प्रधानमंत्री मोदी के संदेश पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि भारत का मानना ​​है कि दोनों पक्षों को समाधान खोजने के लिए एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए।

भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की प्रगति असाधारण – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लिया। 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा की सतह पर ‘विक्रम’ लैंडर के सफलतापूर्वक उतरने की याद में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने ‘रोबोटिक्स चैलेंज’ और ‘भारतीय अंतरिक्ष हैकाथॉन’ के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि इसरो ने अपने शुरुआती दिनों से ही शानदार यात्रा की है। इसरो ने अंतरिक्ष क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके साथ ही इसरो ने देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अपना अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने उन समर्पित वैज्ञानिकों की सराहना की जिन्होंने न्यूनतम संसाधनों का उपयोग करके भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ अंतरिक्ष कार्यक्रमों में शामिल किया है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि हमारा देश अंतरिक्ष विज्ञान में निरंतर प्रगति करेगा और हम उत्कृष्टता के नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की प्रगति असाधारण है। चाहे सीमित संसाधनों के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया गया मंगल मिशन हो या एक साथ सौ से अधिक उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण, हमने इस क्षेत्र में कई प्रभावशाली उपलब्धियां हासिल की हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण ने मानव क्षमताओं को बढ़ाया है और हमारी कल्पना को साकार किया है लेकिन अंतरिक्ष अन्वेषण एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। अंतरिक्ष अन्वेषण के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए किए गए शोध से विज्ञान के विकास में तेजी आती है और मानव जीवन में सुधार होता है। अंतरिक्ष क्षेत्र में विकास से स्वास्थ्य और चिकित्सा, परिवहन, सुरक्षा, ऊर्जा, पर्यावरण और सूचना प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों को लाभ मिला है।

राष्ट्रपति ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोले जाने से स्टार्ट-अप की संख्या में बहुत तेजी से वृद्धि हुई है। इससे न केवल अंतरिक्ष अनुसंधान में प्रगति हुई है, बल्कि हमारे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने के नए अवसर भी मिले हैं। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि कुछ महीने पहले ही एक भारतीय कंपनी ने सिंगल-पीस 3डी प्रिंटेड सेमी-क्रायोजेनिक इंजन से चलने वाले रॉकेट को सफलतापूर्वक लॉन्च किया, जो इस तरह की पहली उपलब्धि थी।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमें भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहना होगा। अंतरिक्ष में कचरा अंतरिक्ष मिशनों के लिए समस्याएँ पैदा कर सकता है। उन्होंने ‘सुरक्षित और सतत संचालन प्रबंधन के लिए इसरो प्रणाली’ सुविधा की सराहना की, जिसका संचालन अंतरिक्ष अनुसंधान गतिविधियों की निरंतर प्रगति सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। उन्हें यह जानकर भी अत्यंत प्रसन्नता हुई कि भारत वर्ष 2030 तक अपने सभी अंतरिक्ष मिशनों को कचरा-मुक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘स्त्री 2’ ने पार किया 300 करोड़ का आंकड़ा

श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म ‘स्त्री 2’ ने धमाकेदार ओपनिंग के साथ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दिया है। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन कई रिकॉर्ड तोड़े और अब पांचवें दिन भी दमदार कमाई जारी है। पहले हफ्ते सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों में जगह बनाने के बाद अब इस फिल्म ने एक और करिश्मा यह किया है कि फिल्म ने 350 करोड़ रुपये की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं।

फिल्म ‘स्त्री 2’ ने बीते शुक्रवार को बंपर कमाई करते हुए अपने कलेक्शन में 19.30 करोड़ रुपये जोड़े हैं। इस तरह से फिल्म ने अब तक 327.10 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ने 350 करोड़ रुपये की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। इस फिल्म की कमाई को देखकर अंदाज लगाया जा सकता है कि दो सप्ताह में 400 करोड़ रुपये का भी आंकड़ा पार हो जाएगा। पेड प्रिव्यू के जरिए इस फिल्म ने 8.35 करोड़ रुपये कमाए थे। ‘स्त्री 2’ ने गुरुवार को भारत में पहले दिन 60.3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म ने पहले दिन जबरदस्त कमाई की और 2023 में ‘एनिमल’ और ‘पठान’ की पहले दिन की कमाई को पीछे छोड़ दिया। दूसरे दिन इस फिल्म ने 31.4 करोड़ रुपये कमाए। तीसरे दिन यह फिल्म 43.85 करोड़ रुपये का कारोबार करने में सफल रही। चौथे दिन 55 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

फिल्म में श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बनर्जी और पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में हैं। ‘स्त्री’ 2018 में रिलीज हुई थी, छह साल बाद ‘स्त्री 2’ रिलीज हुई और फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। । इसका निर्देशन अमर कौशिक ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार और तमन्ना भाटिया ने विशिष्ट भूमिकाएं निभाकर खूब वाहवाही लूटी है।

भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने क्रिकेट से लिया संन्यास

भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी तीनों प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर एक वीडियो संदेश में धवन ने कहा कि वे क्रिकेट की अनगिनत यादें अपने साथ ले जा रहे हैं। उन्होंने फैंस के प्‍यार और समर्थन के लिए आभार व्‍यक्‍त किया। अपने शानदार करियर में धवन ने सभी प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन वनडे उनका पसंदीदा प्रारुप था। 167 मैचों में, बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने शानदार प्रदर्शन किया और 44.1 की औसत से 6,793 रन बनाए, जिसमें 17 शतक और 39 अर्द्धशतक शामिल हैं। धवन ने भारत के लिए अपना आखिरी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच दिसम्‍बर 2022 में बांग्‍लादेश के साथ खेला था। धवन ने 2010 से 2022 तक 34 टेस्‍ट, 167 एकदिवसीय और 68 ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। धवन ने बताया कि वे घरेलू क्रिकेट से भी सन्‍यास ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत के लिए खेलना हमेशा से मेरा सपना था और मुझे इसे जीने का मौका मिला। मैं इसके लिए बहुत से लोगों का शुक्रगुजार हूं। सबसे पहले, मेरा परिवार, मेरे बचपन के कोच और फिर मेरी टीम जिसके साथ मैंने इतने सालों तक खेला। मुझे एक नया परिवार, शोहरत और प्यार मिला। लेकिन कहा जाता है कि आगे बढ़ने के लिए आपको पन्ने पलटने की जरूरत होती है।”

उन्होंने कहा, “मैं अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं। अपने क्रिकेट के सफर को अलविदा कहते हुए, मेरे दिल में शांति है। मैंने अपने देश के लिए बहुत खेला है। मैं खुद से यही कहता हूं कि आपको अपने देश के लिए दोबारा नहीं खेलने पर दुखी होने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुश रहें कि आपको ऐसा करने का मौका मिला।”

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...